मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 1, 2025

दो लघुकथाएँ

 राममूरत ‘राही’ 

1. पराया खून 

"बेटा अशोक! मैं ये क्या सुन रही हूँ, तुम बहू को तलाक देने का सोच रहे हो?" 

यशोदा देवी अपने बेटे के दफ्तर जाने के बाद से ही अपने कमरे में पड़ी हुई हैं।"

"माँ! शादी को दस साल हो गए हैं। अभी तक हमारी कोई सन्तान नहीं हुई है। मैंने अपना और उसका चेकअप करवाया था। डॉक्टर ने मुझमें नहीं उसमें खराबी बताई है कि वह कभी भी माँ नहीं बन सकती है।"

"लेकिन-वेकिन कुछ नहीं माँ! मैं उसका इलाज़ करवाते-करवाते थक गया हूँ। मैं उससे तलाक लेना चाहता हूँ। हमें अपना वंश आगे बढ़ाना है।" अशोक ने माँ की बात बीच में काटते हुए कहा।

"बेटा! मेरा कहा मान, बरखा को तू तलाक मत दे। हम अपना वंश आगे बढ़ाने के लिए अनाथाश्रम से एक बच्चा गोद ले लेंगे।"

"नहीं माँ! मुझे अपना ही खून चाहिए पराया नहीं।"

यशोदा देवी ने दीवार पर लगी अशोक की बचपन की तस्वीर पर हाथ फेरते हुए कहा-" बेटा! अगर तेरे पापा भी, तेरे जैसा ही सोचते, तो तू आज इस घर में नहीं होता।

2.चलते-फिरते कार्यालय 

"कुली भैया, पटना एक्सप्रेस किस प्लेटफार्म पर आएगी?" मातादीन से एक महिला ने पूछा।
"दो नम्बर पर।"
"अंकल, यहाँ से लखनऊ के लिए अभी कोई ट्रेन है क्या?" एक युवक ने पूछा।
"हाँ है। एक घंटे बाद।"
"साबरमती एक्सप्रेस कितना लेट चल रही है?" एक बुज़ुर्ग ने पूछा।
"दो घंटे।"
दोपहर के तीन बज रहे थे। सुबह से अभी तक मातादीन की बोहनी नहीं हुई थी। यात्री ट्रॉली बैग घसीटकर ख़ुद ले जा रहे थे। ऊपर से यात्रियों के बार-बार सवालों के जवाब देते-देते वह तंग आ चुका था, फिर कुछ बड़बड़ाते हुए स्टेशन मास्टर के कार्यालय की ओर चल दिया।
"साहब, मुझे आप पूछताछ कार्यालय में नौकरी लगवा दीजिए।" मातादीन ने स्टेशन मास्टर के पास पहुँचकर कहा।
"क्या बात है मातादीन भाई, आज तुम ऐसा क्यों बोल रहे हो?" स्टेशन मास्टर ने मुस्कुराते हुए पूछा।
"साहब, आप तो जानते ही हैं, जब से रेलवे स्टेशन पर लिफ़्ट, एस्केलेटर की सुविधा शुरू हुई है और पहिये वाले सूटकेस आए हैं, तब से हम कुलियों की कमाई बहुत कम हो गई है। भूखे मरने की नौबत आ गई है।"
"वह तो मैं भी जानता हूँ। अभी तो तुम सिर्फ़ यह बताओ कि नौकरी की बात क्यों कर रहे हो?" स्टेशन मास्टर ने बीच में बात काटते हुए पूछा।
"साहब, वही बता रहा हूँ। अब हम कुली चलते-फिरते पूछताछ कार्यालय भर बनकर रह गए हैं। यात्री हम से सामान नहीं उठवाते हैं, बस पूछताछ करते रहते हैं।" इतना कहते-कहते मातादीन की आँखें भर आईं और फिर वह आँसू पोंछता हुआ कार्यालय से बाहर निकल गया।

दो लघुकथाएँः

- सुधा भार्गव
1.सुहाग की निशानी

“बाबा, झुक- झुककर क्या देख रहे हो? कहीं कमर में दर्द न हो जाए!”

“क्या बताऊँ बेटा, तेरी दादी का एक बिछुआ  न जाने कहाँ गुम हो गया । दो दिन से ढूँढ रहा हूँ मगर आँखों की नजर ऐसी कमजोर हो गई है कि अगर पड़ा  भी होगा तो दिखाई न देगा।”

“दादी तो बहुत साल से घिसा हुआ बिछुआ पहन रही थी ।  जाने दो... दूसरा आ जाएगा।”

“माँ, शाम को तैयार रहना । बाजार जाकर दादी के लिए बिछुए ले आएँगे।” पोते ने कुछ ज्यादा ही ज़ोर से  कहा । 

“तू किस चक्कर में पड़ गया ! आजकल कोई बिछुआ पहनता है ! इतनी शानदार कॉलोनी में हम रहते हैं- ये दक़ियानूसी बातें यहाँ नहीं चलती। कोई सुनेगा तो हँसेगा।” 

“बहू, मेरी  पत्नी आजकल की नहीं , पुराने समय की है । उसका मन नहीं मानता।”

 “इन फालतू की चीजों में खर्च करने को मेरे पास पैसा नहीं है !”

“तुम खरीद लो - पैसे मैं  दे दूँगा।”

“कह तो ऐसे रहे हो,  जैसे पैसों का पहाड़ लगा हो। घर के खर्चे के लिए तो फूटी कौड़ी नहीं निकलती।” बहू की आवाज में तीखापन था।

 “ओह माँ बस भी करो। वे दिन तो जरा याद करो, जब बाबा मेरे पर कितना खर्च करते थे।” वह खिन्न हो ऑफिस चला गया।

दादी फूट पड़ी-“बहू  से कहकर क्यों अपनी इज्जत छोटी की। एक अँगूठे  में पहनूँ या दोनों  में - क्या फरक पड़ता है । सच्चा सुहाग तो  मेरे सामने बैठा है।”

2. मान का पान  
उसकी एक बात हो तो कहूँ! चलो कल का ही किस्सा सुना देती हूँ। बात कुछ ऐसी है कि मैं 2 महीने से अपने बेटे के यहाँ अमेरिका आई हुई हूँ । मेरे दोनों भाई तो 15 दिन पहले ही  यहाँ आ गए थे।  अपनी बेटी के यहाँ ठहरे हुए हैं ।एक हफ़्ते बाद भारत जाने वाले भी हैं। मैंने सोचा कुछ समान अपने भतीजों के लिए भी भेज दूँ। पर मुसीबत ! न तो अकेली ख़रीदारी को जा सकती हूँ न ही उसका कैश पेमेंट कर सकती हूँ। पेमेंट ऑनलाइन बहू ही करती है।
अब उससे कहना तो पड़ता ही।
भूमिका बाँधते हुए  अपने मन की बात कहने एक दिन बैठ ही गई- “बहू , यह तो ठीक है मेरी मनपसंद का सब सामान खरीद कर ले आती हो। मुझे तो फ्री में माल मिल जाता है; लेकिन कुछ सामान भतीजे- भतीजी के लिए  खरीदकर अपने भाइयों के साथ इंडिया भेजना चाहती हूँ।”
“ठीक है । बताइए …आप क्या-क्या भेजना चाहती हैं। मैं खरीद करके ले आऊँगी या आप मेरे साथ मॉल चलिएगा।”
“यह तो ठीक है; लेकिन यह सामान तो मैं अपने भाइयों को भेजना चाहती हूँ न; इसलिए इसका पेमेंट मैं करूँगी।”
“क्या फर्क पड़ता है मम्मी जी, मैं करूँ या आप करो । सब एक ही तो पैसा  है। मैं तो अलग-अलग समझती ही नहीं।”
मैं हैरानी की दलदल में फँस गई। मुँह से  निकल गया … “ऐसे संस्कार ! तुमने  पाएँ कहाँ से!”
“आपसे।” उसने हँसते हुए कहा।
“मुझसे !”
“हाँ मम्मी जी, आपको याद है पिछली बार आपने  अपने गहनों की  एक संदूकची दी थी और कहा था… इसे  अपने लॉकर में रख दो और इन्हें खूब पहनो। जब मेरी इच्छा होगी, तो मैं लेकर पहन लूँगी।’
कुछ दिन पहले  भी तो नया घर खरीदने की खुशी में आपने हमें जो उपहार दिया था, वह अपने हाथों से न देकर जेठ जी के हाथों से दिलवाया था। जब आप छोटे को इतना मान देती हैं, तो हम आपको  क्यों ना मान दें।”

किताबेंः सैनिक पत्नियों की डायरी- महत्त्वपूर्ण अभिलेख

 - रश्मि विभा त्रिपाठी

सैनिक पत्नियों की डायरी: वंदना यादव, पृष्ठ: 190, मूल्य: 350 रुपये (पेपरबैक), ISBN: 978-93-5562-382-9, प्रथम संस्करण: 2024, प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन प्रा. लि. 4/19 आसफ अली रोड, नई दिल्ली-110002

‘सैनिक पत्नियों की डायरी’ भारतीय सेना का जीवन, सैन्य जीवन की जटिलताओं, संघर्षों और साहस को सामने लाते हुए पति के साथ और पति के सीमा पर रहते हुए, दोनों प्रकार की परिस्थितियों में संचालित सैनिक- पत्नी के जीवन का एक महत्त्वपूर्ण अभिलेख है।

पुस्तक में ‘डायरी- लेखन’ भारतीय सेना की सामाजिक, सांस्कृतिक संरचना को रेखांकित करते हुए यह बताता है कि अपने सैनिक पति के साथ आगामी खतरों और जीवन के उतार-चढ़ाव का सामना करते हुए अपने बच्चों को शिक्षित और सशक्त बनाने का कर्तव्य निभाती ये सैनिक पत्नियाँ देश के लिए कैसे अपने व्यक्तिगत स्वत्व का बलिदान करती हैं। पति की पहचान के पीछे रहकर अदृश्य बलिदान करने वाली ये सैनिक पत्नियाँ, जो ‘मेमसाहब’ के रूप में जानी जाती हैं, असल में सैनिकों की असली ताकत हैं। इस डायरी में एक सैनिक से विवाह के बाद शुरू हुए सैनिक पत्नी के जीवन के नए सफ़र, सैन्य परिवार का नए सदस्यों के प्रति व्यवहार, सैन्य संस्कृति और सैन्य परिवेश में समायोजन की चुनौतियों के अनुभव हैं। यह डायरी सैनिक जीवन की सामाजिक संरचना और उसमें सैनिक पत्नी की महत्त्वपूर्ण भूमिका दर्शाती है, जो सेना की सभी सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी करती है। इन सैनिक पत्नियों ने सैनिक पति की जगह-जगह पोस्टिंग, बार-बार स्थानांतरण से परिवार की प्रभावित दिनचर्या, बच्चों की परवरिश, पढ़ाई, नए स्कूल में दाखिले के बीच न केवल अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी कर शैक्षिक, सामाजिक, साहित्यिक क्षेत्र में अपना योगदान दिया; बल्कि विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों की भिन्न-भिन्न भाषा, संस्कृति, जलवायु- विविधता, खान-पान, रहन-सहन, और शिक्षा प्रणाली की बाधाओं के बीच अपने जीवन को तटस्थता से जीते हुए अपने सैनिक पति का कर्तव्यपथ प्रशस्त किया।

सैनिक पत्नी साहित्यकार शशि पाधा विवाहित जीवन में पहली बार ‘अपने घर’ आईं- “मोटे खद्दर का बना हुआ एक बड़ा- सा कमरा... दीवारें, छत, खिड़कियाँ सभी मोटे हरे रंग के कपड़े से बनी थीं। टेंट के बीचों-बीच एक मोटा- सा बाँस था, जिसने इसकी छत को थाम रखा था। सामने एक लोहे की मेज पर कैरोसिन लैंप जल रहा था। कैंटीन से लाई गई लकड़ी की पेटियों को ताजा अखबारों की परत से ढककर एक मेजपोश बिछाकर एक बड़ा- सा देखने वाला शीशा रख दिया गया था।  फर्नीचर के नाम पर दो चारपाइयाँ थीं। अलका पंत की डायरी बताती है कि जब पति पहली बार अकेला छोड़कर जाते हैं, तो कैसा डर होता है और जब उनके पति को (श्रीलंका में लिट्टे के खिलाफ शांति अभियान चलाने वाली सैन्य टुकड़ी के तहत श्रीलंका भेजा जाता है, तो देश के प्रति कर्तव्य निभाने को भेजती सैनिक पत्नी को गर्भधारण की स्थिति में पति की अनुपस्थिति कितनी प्रभावित करती है और सुरक्षा का मुद्दा भी।

ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद बढ़ी हिंसा के माहौल में रहना और असम की पोस्टिंग के दौरान बच्चों के साथ ट्रेन से जाते हुए ट्रेन में उग्रवादियों द्वारा किए गए बम विस्फोट की घटना यह दिखाती है कि कैसे एक सैनिक व्यक्तिगत, पारिवारिक संकट और कर्तव्यों के बीच संतुलन बनाकर देश- रक्षा को प्राथमिकता देता है। सैनिकों के शहीद होने, शहीदों की पत्नियों के दुख और अपंग सैनिकों के संघर्ष के बीच इस सैनिक पत्नी ने दृढ़तापूर्वक अपने परिवार की सेवा की; ताकि पति अपना कर्तव्य निभाते हुए देश- सेवा कर सकें। एक साथी की शहादत पर सभी सैनिक परिवारों का प्रभावित होना सेना की सामूहिक एकता को दर्शाता है, जहाँ सभी महिलाएँ, बच्चे मिलकर उस दुःखद परिस्थिति का सामना करते हैं।

सिविलियन अंबरीन जैदी ने यह जानते हुए भी एक फौजी को अपना जीवनसाथी चुना कि वे देश सेवा के चलते हमेशा साथ नहीं रह पाएँगे, हफ्तों- महीनों तक आपस में बात नहीं होगी। गर्भधारण के समय नियमित चैकअप के दौरान डॉक्टर को जब शिशु की हार्टबीट नहीं मिली, तो वे एक सीनियर ऑफिसर की पत्नी के बताने पर मिलिटेंसी के चरम में भी अकेले ही सिविलियन डॉक्टर के पास चली गईं। छत्तीसगढ़ में तैनात उनके पति को माओवादियों से मौत की धमकी मिली, तो पहले वे डरीं; लेकिन फिर सामान्य हो गईं। सैनिक पत्नियाँ संस्था से सम्बन्धित सेवाएँ देने के साथ- साथ अपना कॅरियर बनाएँ, आर्थिक रूप से स्वतंत्र हों, उन्होंने इस दिशा में प्रयास किए। अंबरीन जैदी को वीर नारियों के अधिकारों के प्रति काम करने हेतु वर्ष 2023 में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है।

स्वतंत्र पत्रकार अनीता आर विशाल की डायरी बताती है कि पति ड्यूटी पर तैनात थे और उन्हें 102 डिग्री बुखार था। जानकारी मिलते ही उनके पति के सीनियर ऑफिसर रात को उनकी जगह जाकर रुके और उनको देखभाल के लिए घर भेजा। उनका हाल जानने आई अन्य अधिकारियों की पत्नियों का कहना- “आख़िर यहाँ हम ही एक परिवार हैं। अगर हम आपस में एक दूसरे का ख़याल नहीं रखेंगे, तो कौन रखेगा!” और चंचल पंत की डिलीवरी के दौरान हुए ऑपरेशन में खून की जरूरत पड़ने पर 30 अधिकारियों का उन्हें खून देने पहुँचना, सेना की एकजुटता और परिवार भाव का प्रतीक है। कारगिल युद्ध के दौरान पूर्णिमा सहारन को उनके पति ने चिट्ठी में बैंक खातों का सारा विवरण भेजते हुए लिखा कि यदि युद्ध के मैदान से वापस न आए, तो वे जीवन में इसके लिए तैयार रहें, यहाँ तक कि अपना जीवनसाथी चुन लें, जो उनके बेटे को हृदय से अपनाए। इस तरह की कल्पना तक से मन सिहर जाता है, ऐसी स्थिति में इन सैनिक पत्नियों ने कैसे धैर्य रखा होगा?

शशि पाधा जी ने अपने सैनिक जीवन में शहादत और मृत्यु को पास से ही नहीं देखा, बल्कि शहीद के परिवार को यह दुःखद समाचार देने की भी सबसे कठिन जिम्मेदारी निभाई और शहीद का अस्थि- कलश अपनी गोद में रखकर अंतिम विदाई के लिए पलटन तक लेकर आईं। श्रीलंका में लिट्टे के साथ अभियान में शहीद हुए कैप्टन हरपाल और कैप्टन सतीश का अस्थि कलश लेने वे सैनिक पत्नी दीपा के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पहुँचीं और उनके अस्थि- कलश को लेकर अपनी पलटन आईं, जहाँ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

ऐसी विकट परिस्थितियों का सामना करने के लिए आखिर इन सैनिक पत्नियों में बल कहाँ से आता है, जो अनगिन कठिनाइयों और दर्दनाक अनुभवों के बावजूद मजबूती और साहस के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं? निःसंदेह यह इनकी देश सर्वोपरि की भावना है, जो साहस और सहनशक्ति के दम पर पति के सीमा पर रहते हुए ये बच्चों के साथ कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना करती हैं। समर्पण और शौर्य की मिसाल ये सैनिक पत्नियाँ केवल परिवार का समर्थन ही नहीं करतीं’ बल्कि इनका मानसिक और भावनात्मक सहयोग सैनिक पति की कार्य- क्षमता बढ़ाता है, जिससे वे देश के प्रति अपने कर्तव्य को बेहतर ढंग से निभाते हुए सरहद की निगरानी करते हैं और जिसकी वजह से हम सिविलियन अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं।

सम्पादिका स्वयं एक सैनिक पत्नी हैं, इस दृष्टिकोण से भी यह पुस्तक महत्त्वपूर्ण है। यह सैनिक समाज की उन वास्तविकताओं को, जिन्हें हमारा समाज आमतौर पर नजरअंदाज करता है, सामने लाते हुए भारतीय सेना के जीवन को बगैर किसी पूर्वाग्रह के यथावत समझाने में सहायक है।

जीवन दर्शनः भूलने का विज्ञान- छिपा हुआ वरदान

  - विजय जोशी 

- पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक, भेल, भोपाल (म. प्र.)

   उपरोक्त शीर्षक कुछ अटपटा सा लगता है। पर इसका भी निहितार्थ है। सतही तौर पर इस कथन से सहमत नहीं हुआ जा सकता, किंतु उचित परिप्रेक्ष्य में देखें तो सब समझ में आ जाएगा। तो आइए देखें इसका सकारात्मक पहलू।
    दिल और दिमाग मनुष्य को ईश्वर की अद्भुत देन है। दिल जहाँ हमारे संवेदना समायुक्त पहलू को संवारता है, वहीं मस्तिष्क तौल मोल कर उचित निर्णय में सहायक होता है। मस्तिष्क में सारी जानकारी सीमा रहित संग्रहित होती है। यह तो हुआ सुखद पक्ष, लेकिन अति मात्रा में संग्रहित डेटा उसे बोझिल करने का सबब भी बनता है। इसके निराकरण हेतु हमें भूलने की सुविधा उपलब्ध है।
कई बार हम उस व्यक्ति का नाम भूल जाते हैं जिससे हम कुछ दिन पहले मिले थे। स्मृति अनुभूति की आधारशिला है, जो हमें स्मृति को संग्रहीत कर पुनः प्राप्त करने की अनुमति देती है। फिर भी स्मृति के पार्श्व में एक बेहद आकर्षक अवयव भी छुपा है : भूल जाना।
  जिस तरह बेतरतीब कार्य प्रणाली से सफलता संदिग्ध हो जाती है, उसी तर्ज पर आँकड़ों से बोझिल अप्रासंगिक जानकारी मस्तिष्क की गति को कुंद कर देता है। इनके हटने पर ही सब कुछ सुव्यवस्थित होकर नई जानकारी की जगह बनाई जा सकती है।
 वास्तविक प्रसंग : न भूल पाने का दर्द कैसा होता है यह मुझे ज्ञात  हुआ  एक पूर्व वरिष्ठतम पद से सेवानिवृत्त हुए उच्च अधिकारी से जिनकी याददाश्त अद्भुत थी। सब कुछ संग्रहित, लेकिन दुर्भाग्य यह कि जैसे ही कोई व्यक्ति उनके समक्ष किसी कार्य से उपस्थित होता था उनके मानस पटल पर उस व्यक्ति का विगत का पूरा इतिहास स्वयमेव उपस्थित हो उचित निर्णय लेने के मार्ग में अवरोध बनकर आ खड़ा होता था। नीतिगत सापेक्ष (Objective) निर्णय पर  व्यक्तिगत जानकारी के परिप्रेक्ष्य में विषय परक (Subjective) दुविधा का असमंजस। सोचिए कितनी दुविधा और सोच का संकट। 
   सभी आयु समूहों में भूलने का एक मुख्य कारण ध्यान न देना भी है। जानकारी को विश्लेषित कर बनाए रखने की हमारी क्षमता हमारी मानसिकता पर भी निर्भर करती है। जब हम किसी विशेष उत्तेजना या कार्य पर अपना ध्यान केंद्रित करने में विफल होते हैं, तो उससे जुड़ी जानकारी स्मृति में ठीक से उभर नहीं पाती है, जिससे भूलने की स्थिति पैदा हो जाती है। उदाहरण के लिये यदि आप किसी परिचित मार्ग पर चले हैं और आपको स्थलों को पार करने या कुछ निश्चित मोड़ों को याद नहीं कर पा रहे हैं, तो यह संभवतः इसलिए है क्योंकि आपका ध्यान कहीं और था। नकारात्मक विचार या दर्दनाक घटनाएँ अपनी भावनात्मक प्रबलता के कारण स्मृति से मिटने का विरोध कर सकती हैं, जिससे आगे बढ़ने के प्रयासों के बावजूद भूलना चुनौतीपूर्ण हो जाता है
 भूलना अक्सर स्मृति की विफलता के रूप में भी देखा जाता है, जो कतई सही नहीं है। वास्तव में जिस तरह मृत शाखाओं को काटने से एक पेड़ को पनपने में मदद मिलती है, उसी तरह भूलने से हमारी स्मृति प्रणाली अवांछित जानकारी को त्यागने और बदलती  मांगों के अनुरूप ढलने में सक्षम होती है। अगली बार जब आप खुद को किसी जानकारी को याद करने में असमर्थ पाएँ तो उपरोक्त तथ्यों को याद रखें। 
    निष्कर्ष : इसे ही कहा जाता है भूलने का विज्ञान : छिपा हुआ वरदान, जो आपको मानसिक रूप से सक्रिय, सचेत और स्वस्थ रखता है। 

Feb 1, 2025

उदंती.com, फरवरी- 2025

वर्ष- 17, अंक- 7

प्रेम कभी पराजित नहीं होता। आज अथवा कल अथवा युगों बाद सत्य और प्रेम की विजय होगी। प्रेम और सत्य सदा ही विजयी हुए हैं। घृणा या अत्याचार प्रेम को कभी भी समाप्त नहीं कर सकते। जिस प्रेम को घृणा अथवा दुख दबा दे, वह सच्चा प्रेम नहीं हो सकता।    -स्वामी विवेकानन्द

 अनकहीः संगम में आस्था का जनसैलाब... - डॉ. रत्ना वर्मा

 आलेखः नक्सलियों से कब मुक्त होगा छत्तीसगढ़ - प्रमोद भार्गव

 खान-पानः चाय का शौकीन भारत - डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

 यात्रा वृत्तांत: सत्य के मार्ग पर - विनोद साव

 प्रेरकः तीन कौवों की परीक्षा

 आलेखः राष्ट्रीयता की अलख जगाने वाले पं. सोहनलाल द्विवेदी - आकांक्षा द्विवेदी

 कविताः आया वसंत आया वसंत - सोहनलाल द्विवेदी

 विज्ञानः कीट है या फूल है?

 निबंधः वृद्धावस्था - पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी

कविताः लिखती भी क्या - डॉ. कविता भट्ट 'शैलपुत्री'

प्रकृतिः वनों की बहाली केवल वृक्षारोपण से संभव नहीं 

लघुकथाः श्रम बनाम शर्म - ट्विंकल तोमर सिंह

स्वास्थ्यः कितना सेहतमंद है बोतलबंद पानी - सुदर्शन सोलंकी

दोहेः नेकी कर... - डॉ. उपमा शर्मा

व्यंग्यः बड़ा सोचने पर कोई जीएसटी नहीं लगता - जवाहर चौधरी

बाल कविताः प्यारे मामा - प्रियंका गुप्ता

कहानीः मैं कठपुतली नहीं - अर्चना राय

कविताः बसंत की आहट - नन्दा पाण्डेय

लघुकथाः 1. युग मार्ग, 2. जीवन-अजीवन - अशोक भाटिया

लघुकथाः प्रेम - अन्तरा करवड़े

किताबेंः मानसिक द्वंद्व को उकेरती कहानियाँ - डॉ मोनिका शर्मा

कविताः 1. एक सच के लिए, 2. हवा - मधु बी. जोशी

जीवन दर्शनः विचार से विजय - विजय जोशी