मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।
Showing posts with label सन्तोष सुपेकर. Show all posts
Showing posts with label सन्तोष सुपेकर. Show all posts

Nov 5, 2026

लघुकथाः आर्द्रता

- सन्तोष सुपेकर

बहुत समय से लगातार तेज गति से चल रही ट्रेन शाम चार-पाँच बजे के आसपास एक छोटे से स्टेशन पर देर तक रुक गई तो यात्रियों ने राहत सी महसूस की। हमारे कोच के कुछ यात्री तो खिड़की-दरवाजों से बाहर झाँकने लगे तो कुछ बाहर खड़े होकर धूम्रपान, तंबाकू, मोबाइल फोन, पानी भरने आदि में व्यस्त हो गए। बाहर घने बादल छाए हुए थे और आसपास ढेर सारे हरे-भरे पेड़ होने के कारण मौसम बड़ा सुहावना प्रतीत हो रहा था। ‘तू समझती क्या है अपने आपको?’ अचानक हमारी तरफ आती जोरदार- गरजदार आवाज सुनाई दी तो सब चौंककर उस दिशा में देखने लगे, एक छोटी सी बंद छतरी हाथ में लिए एक आदमी साथ चल रही एक औरत (जो कि उसकी पत्नी थी) को बुरी तरह डाँटता-फटकारता ट्रेन की दिशा में चला आ रहा था, ‘पहले तेरे भाई ने मेरा मजाक उड़ाया तब तूने उसका साथ दिया। अभी परसों तेरी भाभी ने मेरी इंसल्ट की, तब भी तू चुप रही। ध्यान रखना, मैं उनकी भी अक्ल ठिकाने लगा दूँगा और तेरी भी…’ उसका गुस्सा इतना बढ़ता जा रहा था लगा जैसे कुछ देर में औरत को पीटने लगेगा। औरत जार-जार रोती हुई तेज कदमों से पति के साथ-साथ चलती जा रही थी।

जैसे स्वादिष्ट पकवान खाते हुए मुँह में कोई कंकड़ आ गया हो, गरजती-बरसती वह आवाज सुनकर और ऐसा माहौल देखकर इतने खूबसूरत मौसम में भी हम देखने वालों के मुँह कड़वे हो आए। तभी जोरदार बारिश चालू हो गई। बाहर खड़े यात्री अचकचाकर कोच के अंदर आने लगे। कोच के खिड़की-दरवाजों के काँच गिराए जाने लगे। उसी समय बाहर का दृश्य देखकर हमारे हालिया तल्खी से भरे चेहरे सामान्य हो गए, होंठों पर मुस्कान आ गई।

सब उँगली उठाकर एक-दूजे को बाहर का दृश्य दिखाने लगे।

हमने देखा कि बारिश चालू होते ही लड़ते-झगड़ते, औरत को मारने पर उतारू, उस आदमी ने छतरी खोलकर औरत के सिर पर तान दी थी और खुद पूरी तरह भीगता हुआ उसके साथ-साथ चल रहा था। हालाँकि उसका डाँटना-फटकारना एवं औरत का रोना-धोना अब भी जारी था, लगातार...।

सम्पर्कः  31, सुदामा नगर, आगर रोड़, उज्जैन, मो. 942481609

Feb 1, 2026

लघुकथाः उन सुनहरे दिनों की तरह

 - सन्तोष सुपेकर

“चलो, ओके मुकेश भैया” -चाय की दुकान के मालिक कमलेश सेठ का स्वर उसे बहुत पीड़ा दे गया, “पहुँचो कहीं और। कोई और काम देख लेना अब। ओके?”

  “जी सेठ जी, राम राम।”

आज  रोड के उस पार की विशाल  बहुमंज़िला इमारत,  जिसमें अनेक दफ्तर, दुकानें थीं, गिरा दी गई  थीं और  इसी  कारण  बन्द हो गई उसकी चाय की दुकान भी, जहाँ वह  पिछले चार सालों से  नौकर था और दिन भर चाय के गिलास भर- भरकर, ग्लास स्टैंड में रखकर, सामने की  इस बड़ी इमारत में चक्कर लगाता रहता था।

  और इतने वर्षों में चाय के भरे अधभरे गिलासों वाला स्टैंड ले- लेकर  कई– कई बार इस व्यस्त रोड को पार करना, इमारत की चारों मंज़िलें  बार- बार चढ़ना उतरना उसे कभी भारी नहीं पड़ा।

“और आज सब खत्म हो गया!” ख्यालों से निकलकर  खाली हाथ  वह बाहर आया और रोड क्रॉस करने लगा ।

“अरे?  ये क्या?” रोड उसे आज पहली बार बहुत ज्यादा व्यस्त लग रहा था और चाहते हुए भी वह रोड पार नहीं कर पा रहा था। ” कोई जुलूस– उलूस निकला है क्या  इधर से?” सोचता हुआ वह बार- बार  रोड के बीच जाने लगता और बार- बार घबराकर  पीछे हट जाता ।

ऐसा करते हुए काफी देर हो गई  थी उसे और अब तो आते जाते लोग  भी उसे  मूर्ख समझ घूरने लगे थे ।

  “ये क्या हो रहा है आज? क्या किया जाए अब? ” परेशान- सा वह सोच ही रहा था कि तभी कुछ सूझा उसे, और उसने गर्दन हिलाई, “ओह हाँ, ये ठीक रहेगा!” फिर  उसने अपने सीधे हाथ को  नब्बे डिग्री मोड़ा और महसूस किया कि उसके हाथ में ग्लास स्टैंड है, जिसमें  कुछ भरे, कुछ खाली चाय के गिलास  रखे है। हाथ पर  कुछ  वजन- सा महसूस होते ही  एकाएक उसे, व्यस्त  सड़क खाली- सी दिखाई देने लगी और फिर हाथ मोड़कर , बड़े आराम से वह  सड़क पार कर गया... , पिछले सुनहरे दिनों की तरह।■

सम्पर्कः  31, सुदामा नगर, आगर रोड़, उज्जैन, मो. 942481609

Jul 1, 2025

दो लघुकथाएँः

 - सन्तोष सुपेकर

1. उसके मरने के बाद

“क्या हुआ? ये हल्ला  कैसा है?” मोहल्ले में घुसते हुए मैंने भीड़ लगी देखी, तो  आशंकित होकर पड़ोसी अनूप से पूछा।

  “आपको नहीं पता?” वह धीरे से बोला, “बी ब्लॉक वाले  शशधर जी की लड़की मर गयी! जवान लड़की!”

    “शशधर जी की लड़की?”  कुछ याद करता हुआ बोला मैं, “वो  न…नम्रता! पर  कैसे?”

“पता नहीं, बता रहे हैं कि घूमने गयी थी नैनीताल । वहाँ होटल में गलती से एसिड की बोतल पी ली।”

“एसिड की बोतल!  होटल में एसिड की बोतल कौन लाया होगा?”

  “पता नहीं।” दूसरे पड़ोसी अमन बोले, “अरे, मुझे तो लगता है, सुसाइड किया होगा।”

“पता नहीं, पर मुझे तो लगता है, किसी ने मारा होगा। आजकल लीव- इन.. बहुत चल रहा है।”

“पता नहीं क्या हुआ,; पर हो सकता है पहले कोई मोलस्टेशन, टॉर्चर की घटना हुई हो, फिर किसी ने मार दिया हो।”

   “क्लीयर पता तो नहीं, पर हो सकता है- मारा कहीं और हो, बॉडी वहाँ डम्प की हो….. “क्राइम पेट्रोल सीरियल का एक नियमित दर्शक बोला।

और इस तरह बातों का कलाइडॉस्कोप  घूमता रहा।

  “पता नहीं, सही बात क्या है? “मैंने भी सबकी तरह बात के आगे ‘पता नहीं’ जोड़ते हुए धीरे से कहा, “लेकिन एक तथ्य तो पता है- कोई जवान लड़की जब अचानक मर जाती है, तो उसकी मृत्यु के अनेक कारणों के जन्म होने लगते है।”

2.  फुलस्टॉप

टीवी सीरियल के सेट पर सीरियल की नायिका नेहा , आज बहुत तनाव में थी, मेकअप रूम में  उसे घबराहट  सी होने लगी थी। सेट पर भी वह  बेचैनी से बार बार अपने नाखून चबा रही थी , पसीना पोंछ रही थी, टीम के सदस्यों से अनमनेपन से बात कर रही थी, चोर नज़रों से चारों ओर देख रही थी।

आज के शॉट में उसे सीरियल के नायक, अजय को थप्पड़ मारने थे। मीडिया में उसके और अजय के बारे में चल रही तरह -तरह  की अफवाहों से वह व्यथित थी।  कल पति की  कही बात उसके कानों में गूँज रही थी , मनीष ने कहा था कि वह जानता है कि जो  बातें  बाहर चल रही हैं वो वास्तविक नहीं है पर आज वाला शॉट वास्तविक होना चाहिए, तभी वह मानेगा कि नेहा के मन में अजय के लिए 'कुछ' नहीं है। आज  सेट पर  मनीष भी साथ आया था और शायद उसकी हर गतिविधि नोट कर रहा था।

मन मे उथल- पुथल मचा रही उलझनों को आखिर नेहा ने विराम दे ही दिया। कड़ा फैसला लेते हुए उसने शॉट के मुताबिक सीरियल के नायक को कसकर, पूरी ताकत से दो थप्पड़ मारे। एक ही बार मे शॉट ओके हो गया।

देखकर सारा शूटिंग स्टाफ हक्का बक्का रह गया, सिवाय नेहा के पति के।

नेहा को दुख था कि उसके थप्पड़ों से हतप्रभ,  नायक अजय लड़खड़ा गया ,पर खुश भी थी कि उसका रिश्ता सँभल गया था।

सम्पर्कः  31, सुदामा नगर, आगर रोड़, उज्जैन, मो. 942481609

Mar 1, 2025

लघुकथाः हम बेटियाँ हैं न!

- सन्तोष सुपेकर

 बारह वर्षीया निकिता और दस वर्षीया अमिता घर में अकेली थीं। उनका पाँच वर्षीय इकलौता भाई, माता–पिता के साथ किसी विवाह समारोह में गया हुआ था। दोनों बहनें बैठकर, घर के पुराने फोटो एलबम देख रही थीं।

"ये देखो दीदी, भैया का जन्म के बाद का पहला फोटो, ये उसका फर्स्ट बर्थ डे का फोटो, पीछे हम दोनों भी खड़े हैं।"

"और ये देख, भैया का पहली बार चलते हुए, नहाते हुए, खिलौनों से खेलते हुए, खाना खाते हुए, कितने सारे फोटो हैं। भैया कितना प्यारा लग रहा है न!"

"पर दीदी, भैया के इतने सारे फोटो एलबम में हैं, हमारे तो बस, दो–चार ही फोटो हैं, ऐसा क्यों?" एक तरफा व्यवहार देखकर नन्ही अमिता ख़ुद को रोक न सकी।

"हम बेटियाँ हैं न!" बड़ी ने समझाया।