Jan 1, 2026
प्रेरकः पेन्सिल का संदेश
Dec 3, 2025
प्रेरकः डगलस बेडर से मिलिए - लोग फेल क्यों होते हैं ?
![]() |
| सितंबर 1945 में अपने नकली पैर को उठाकर विमान में प्रवेश करते डगलस बेडर |
डगलस रॉयल एयर फ़ोर्स में पायलट था। 1931 में हवा में अपने विमान को गुलाटियाँ खिलाते वक्त वह क्रेश हो गया। उसके दोनों पैर कट गए। एक घुटने के ऊपर, दूसरा घुटने के नीचे।
जब उसकी हालत में सुधार हो रहा था, तब उसे एक लड़की से प्यार हो गया। उसने उससे विवाह कर लिया।
पूरी तरह से ठीक हो जाने पर उसने नकली पैर लगाकर फ़्लाइंट टेस्ट पास कर दिखाए, लेकिन उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध फ़ोर्स से रिटायर कर दिया गया।
1939 में द्वितीय विश्व युद्ध की शुरुआत के बाद उसे फ़ोर्स में दोबारा बतौर पायलट शामिल कर लिया गया। वह इतिहास में पहला पायलट बना जिसने दोनों नकली पैरों के सहारे लड़ाकू विमान उड़ाए। अगले वर्ष उसने विरोधियों के 26 विमान मार गिराए।
1941 में उसे फ़्रांस में मजबूरन उतरना पड़ा और जर्मन सैनिकों ने उसे पकड़ लिया।
वह ठीक से चल-फिर भी नहीं पाता था लेकिन उसने जर्मनों के चंगुल से बच निकल भागने के कई प्रयास किए। अंततः 1945 में युद्ध की समाप्ति पर अमेरिकी फौज ने उसे आजाद कराया।
डगलस ने तब तक विमान उड़ाना जारी रखा, जब तक उसकी सेहत ने इजाज़त दी। उसे डिसेबल्ड समुदाय के प्रति सेवाओं के लिए नाइट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
तो यह सवाल उठा है कि
लोग फेल क्यों होते हैं?
- लोग फेल तब होते हैं जब वे प्रयास करना छोड़ देते हैं।
- जिस आदमी के पैर कट गए थे, उसने विमान उड़ाए; क्योंकि वह प्रयास करता रहा।
- जिस आदमी के पैर कट गए थे, उसने शत्रु की कैद से भाग निकलने की तरकीबें कीं; क्योंकि वह प्रयास करता रहा।
- हम उसकी कहानी को हमेशा याद करते रहेंगे; क्योंकि वह प्रयास करता रहा।
- लोग तब फेल हो जाते हैं जब वे प्रयास करना छोड़ देते हैं।
( हिन्दी ज़ेन से)
Nov 2, 2025
प्रेरकः क्रोध का उपचार कैसे करें?
हमारे भीतर क्रोध तब उपजता है, जब हम स्वयं से तथा क्रोध उपजानेवाले दीर्घकालिक और तात्कालिक कारणों से अनभिज्ञ होते हैं। इस अनभिज्ञता के कारण ही क्रोध जैसे अप्रिय मनोभाव का उदय होता है। लालसा, अभिमान, उत्तेजना, ईर्ष्या और संदेह भी क्रोध का मूल हैं। चूँकि क्रोध हमारे भीतर ही जन्म लेता है; इसलिए हम ही इसके प्राथमिक कारक हैं। अन्य व्यक्ति तथा परिवेश आदि सदैव गौण होते हैं। प्रकृति के प्रलयंकारी विप्लव यथा भूकंप अथवा बाढ़ आदि द्वारा घटित विनाश एवं हानि का आकलन करना हमारे लिए कठिन नहीं है और उन्हें हम किंचित सहनशीलता से स्वीकार भी कर लेते हैं; लेकिन जब कोई व्यक्ति हमें क्षति पहुँचाता है , तो हमारा धैर्य चुक जाता है। हमें इस पर विचार करना चाहिए कि जिस प्रकार भूकंप अथवा बाढ़ आदि के सुनिश्चित कारण होते हैं, उसी प्रकार हमारे भीतर क्रोध भड़कानेवाले व्यक्ति के भीतर भी हमें क्रुद्ध करने के लिए दीर्घकालिक एवं तात्कालिक कारण मौजूद होते हैं। ठीक वही कारक हमारे भीतर भी अवस्थित हो सकते हैं।
उदाहरण के लिए, यह संभव है कि हमसे दुर्व्यवहार करने वाले व्यक्ति के साथ एक दिन पहले किसी ने बुरा बर्ताव किया हो या उसके पिता ने उसपर बचपन में क्रूरता बरती हो। ये घटनाएँ उसके भीतर क्रोध उपजाने वाले तात्कालिक या सुषुप्त कारक हो सकतीं हैं। यदि हम इन कारणों या कारकों को अंतर्दृष्टि के साथ और बोधपूर्वक समझने लगेंगे तो क्रोध से मुक्ति सहज हो जाएगी। इसका अर्थ यह नहीं है कि हमारे ऊपर घातक प्रहार करने वाले व्यक्ति को यूँ ही जाने दिया जाए, उसे अनुशासित करना अति आवश्यक है ; लेकिन इसके पहले यह ज़रूरी है कि हम अपने भीतर से नकारात्मकता को बाहर निकाल फेंकें। किसी व्यक्ति की सहायता करने अथवा उसे सही मार्ग पर लाने के लिए हमारे भीतर करुणा होनी चाहिए। जब तक हम अन्य व्यक्तियों के दुःख की समानुभूति नहीं करेंगे, तब तक हम इस योग्य नहीं बन सकते कि उसे दुःख और भ्रान्ति के दलदल से बाहर निकाल सकें। क्रोध के उपचार के लिए इन बिन्दुओं पर भी मनन करना उपयोगी होगा:
किसी कष्टदायक परिस्थिति का सामना करने पर हमारे भीतर प्रतिरोध की भावना जन्म लेती है और हमारा क्रोध बढ़ने लगता है। हमारे क्रोध की अभिव्यक्ति सामनेवाले व्यक्ति के भीतर खलबली मचाती है और वह अपनी पीड़ा से मुक्ति पाने के लिए फिर कुछ ऐसा कहता या करता है, जिससे हमारा क्रोध उग्र हो जाता है। यह एक चक्र की भांति है। इसलिए यह कहा जाता है कि ऐसी दशा में उस परिस्थिति से बाहर निकाल जाना ही सबसे उचित उपाय है; लेकिन ऐसे भी कुछ अवसर हो सकते हैं, जब यह उपाय कारगर न हो। यह और कुछ नहीं; बल्कि पलायन ही है।
हमारे अंगों की भांति ही क्रोध भी हमारी काया का ही एक भाग है। अंतस् में क्रोध उपजने पर हम इससे यह नहीं कह सकते- “दूर चले जाओ, क्रोध! मैं तुम्हें नहीं चाहता!” जब हमारे पेट में दर्द होता है तब हम यह नहीं कहते - “दूर हट जाओ, पेट! मत दुखो!” इसके उलट हम उसका उपचार करते हैं। ऐसा ही हमें क्रोध के साथ भी करना होता है। क्रोध और घृणा की उपस्थिति प्रेम और स्वीकरण के अभाव की द्योतक नहीं होती। प्रेम सदैव भीतर रहता है। उसकी खोज करनी पड़ती है।
क्रोध उपजने की दशा में कुछ सँभलें और अपने ग्रहणबोध का अवलोकन करें। यह कुछ कठिन है पर साधने पर सध जाता है। हम सभी बहुधा ही अनुभूतियों के संग्रहण में तत्परता दिखाते हैं और अनुचित भावनाओं को प्रश्रय देते हैं , जबकि हमारे भीतर करुणा और शांति का इतना विराट संचय होना चाहिए कि हम अपने विरोधियों से भी प्रेम कर सकें।
जब आपको किसी व्यक्ति पर क्रोध आये तो यह नहीं दर्शाएँ कि आप क्रुद्ध नहीं हैं। यह भी नहीं दिखाएँ कि आपको बिलकुल पीड़ा नहीं हुई है। यदि सामनेवाला व्यक्ति आपका प्रिय है, तो आपको उसे यह जताना चाहिए कि आपको उसके वचनों या कर्मों से दुःख पहुँचा है। उसे यह प्रेमपूर्वक बताएँ।
प्रारंभ में आप यह समझ नहीं पाएँगे कि आपके भीतर क्रोध कैसे उपजता है और यह भरसक प्रयत्न करने के बाद भी क्यों नहीं गलता। यदि आप अपने मनोभावों के प्रति जागरूक बनें और क्षण-प्रतिक्षण सजग एवं सचेत रहने का अभ्यास करेंगे, तो आप क्रोध की प्रकृति को पहचान जाएँगे और इससे छुटकारा पाना सरल हो जाएगा।
किसी भी व्यक्ति में क्रुद्ध होने के संस्कार अल्पवय में पड़ते हैं। इसका संबंध दिन-प्रतिदिन घटनेवाली घटनाओं से है। यदि आप भेदभाव किये बिना स्वयं की देखभाल करेंगे और मन में नकारात्मकता को हावी नहीं होने देंगे, तो आपकी सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होगी। गीता में कहा गया है - “भुने बीजों में कामना का अंकुर नहीं फूट सकता”, इस बात को मैं क्रोध पर भी लागू करता हूँ।
क्रोध और हताशा का प्रवाह बहुधा बहा ले जाता है, फिर भी मानव मन के किन्हीं कोटरों में प्रेम और क्षमा बची रह जातीं हैं। क्रोध प्रत्येक प्राणी को आता है पर मनुष्यों में यह योग्यता है कि वे दूसरे व्यक्ति से सार्थक संवाद स्थापित कर सकते हैं। हम मनुष्य क्षमाशील हैं। हम करुणावश अपना सर्वस्व भी न्योछावर करने की शक्ति व संकल्प रखते हैं। हम केवल क्रोध एवं दुःख का समुच्चय नहीं हैं। अपने क्रोध का अवसान करने शांति प्राप्त कर सकते हैं। केवल क्रोध को दूर करने के प्रयोजन के लिए ही नहीं; बल्कि स्वयं के भीतर उतरकर देखने के अभ्यास के फलस्वरूप हम अन्य मनोविकारों से भी छुटकारा पा सकते हैं। हम क्रोध के बीज को अंकुरण की प्रतीक्षा करते भी देख सकते हैं। वास्तविकता का भान होने पर हम यह जान जाते हैं कि क्रोध का मूल कारण हमारे भीतर ही निहित होता है और वह व्यक्ति निमित्त मात्र है, जिसपर क्रोध किया जा रहा है। वह हमारे क्रोध का पात्र नहीं है। क्रोध हमारे भीतर है; अतः हम ही उसका पात्र हैं।
यदि आपके घर में आग लग जाए, तो आप सबसे पहले क्या करेंगे? आप आग बुझाने का जतन करेंगे या आग लगानेवाले व्यक्ति-वस्तु की खोज करेंगे? उस घड़ी में यदि आप आग लगने के कारणों का अनुसंधान करने लगेंगे, तो आपका घर जलकर ख़ाक हो जाएगा। ऐसे में सर्वप्रथम आग बुझाना ही श्रेयस्कर है। अतः क्रोध की अवस्था में आपका अन्य व्यक्ति से वाद-विवाद जारी रखना उचित नहीं होता।
क्रोध आने की दशा में पानी पी लेना, सौ तक की गिनती गिनना, मुस्कुराना, या उस स्थान से दूर हट जाना समस्या का समाधान नहीं है। यह एक प्रकार का दमन ही है इसलिए मैं ऐसे उपायों का समर्थन नहीं करता। क्रोध एक आतंरिक समस्या है और इसका कोई बाहरी समाधान नहीं है।
तिक न्यात हंह की एक पुस्तक से एक कथा उद्घृत करना चाहूँगा:
एक धर्मावलम्बी महिला अमिताभ बुद्ध की नियमित आराधना करती थी। दिन में तीन बार घंटी बजाकर- ‘नमो अमिताभ बुद्ध’ मन्त्र का एक घंटा जप करना उसकी दिनचर्या में शामिल था। मन्त्र का एक हज़ार जप करने पर वह पुनः घंटी बजाती। यह आराधना करते उसे दस वर्ष हो रहे थे; पर उसके व्यक्तित्व में कोई परिवर्तन नहीं आया। उसके भीतर क्रोध और अहंकार भरपूर था और वह लोगों पर चिल्लाती रहती थी।
उस महिला का मित्र उसे सबक सिखाना चाहता था। एक दिन महिला जब अगरबत्तियाँ जलाकर और तीन बार घंटी बजाकर ‘नमो अमिताभ बुद्ध’ मन्त्र का जप करने के लिए तैयार हुई तब उसके मित्र ने दरवाज़े पर आकर कहा, “श्रीमती नगुयेन, श्रीमती नगुयेन!” यह सुनकर महिला को बहुत गुस्सा आया; क्योंकि वह जप करनेवाली ही थी। वह मित्र दरवाजे पर खड़ा रहा और उसका नाम पुकारता रहा। महिला ने सोचा, मुझे अपने क्रोध पर विजय पानी है, मैं उसके पुकारने पर ध्यान ही नहीं दूँगी। वह ‘नमो अमिताभ बुद्ध’ का जप करने लगी।
वह व्यक्ति दरवाजे पर खड़ा था और बार-बार उसे पुकार रहा था, दूसरी ओर महिला का क्रोध बढ़ता जा रहा था। वह क्रोध से लड़ रही थी। उसके मन में आया, क्या मुझे जप रोककर उठ जाना चाहिए? लेकिन उसने जप करना जारी रखा। भीतर क्रोध की आग धधकती जा रही थी और बाहर जप चल रहा था, ‘नमो अमिताभ बुद्ध’। उसका मित्र उसकी दशा भाँप रहा था; इसलिए वह दरवाज़े पर खड़ा पुकारता रहा, “श्रीमती नगुयेन, श्रीमती नगुयेन!”
महिला और अधिक बर्दाश्त नहीं कर सकी। उसने अपने घंटी और आसनी फेंक दी, भड़ाम से दरवाजा खोला और मित्र से चीखती हुई बोली, “तुम ऐसा क्यों कर रहे थे? बार-बार मेरा नाम लेने की क्या ज़रूरत थी?
उसका मित्र मुस्कुराता हुआ बोला, “मैंने सिर्फ दस मिनट ही तुम्हारा नाम लिया और तुम इतना क्रोधित हो गईं! ज़रा सोचो, दस साल से तुम बुद्ध का नाम ले रही हो, वे कितना क्रोधित हो गए होंगे।?” (हिन्दी जेन से)
Sep 1, 2025
स्वास्थ्यः अचानक ही चौथे स्टेज का कैंसर कैसे हो जाता है?
- निशांत
इस वर्ष अप्रैल में मैंने अपने प्रिय मौसेरे भाई को कैंसर के हाथों खो दिया।
अन्नू भैया मुझसे लगभग 7–8 साल बड़े थे। 1980–90 के दौरान मुझे उनके साथ समय बिताना बोहुत अच्छा लगता था; क्योंकि हम दोनों के पास ही इफरात समय था और उनके पास साइकिल होती थी। बाद में उनके पास लूना या टीवीएस एक्सएल जैसी कोई मोपेड आ गई। मैं उनके साथ शहर के दूरदराज के बाजारों में जाता था। हम गन्ने का रस पीते थे। चार आने में मिलने वाले पान खाते थे। भोपाल की सेंट्रल लाइब्रेरी में बैठे रहते थे। वे बहुत बेफिक्री के दिन थे।
अन्नू भैया को शुरु से ही रेडियो और टेपरिकॉर्डर वगैरह सुधारना अच्छा लगता था। हमारे पास बाबा आदम के जमाने का रेडियो था, जिसके अंदर वाल्व जैसी चीज़ें धीरे-धीरे जलती थीं। उसके पार्ट्स मिलना बहुत कठिन था। मुझे याद है कि उसके पार्ट्स और एंटीना वगैरह के लिए हम दोनों ने न जाने कितनी दुकानों की खाक छानी। पतंग उड़ाना, साइकिल चलाना और मूँछ वाले बल्बों को जोड़कर सर्किट (सीरीज़) बनाना मैंने उनसे ही सीखा था।
बाद में अन्नू भैया की नौकरी रेलवे में लग गई। उनकी शादी हुई और एक बेटा भी हुआ जो अभी इंजीनियरिंग कर रहा है।
अन्नू भैया को 2017 की शुरुआत से ही सर दर्द होता रहा। वे बहुत मोटे काँच का चश्मा लगाते थे; इसलिए उन्होंने सोचा कि 50 की उम्र के बाद नज़र कमज़ोर होने के कारण सर दुखता होगा। वे इसे कई महीने तक नज़र अंदाज करते रहे। 2017 के अंत में उन्हें तेज दर्द हुआ और वे बेहोश हो गए। उनकी MRI कराई गई, जिससे पता चला कि उनके ब्रेन में ट्यूमर था।
उन्हें आनन - फानन में मुंबई लेकर गए जहाँ ऑपरेशन किया गया। भोपाल लौटने पर कैंसर अस्पताल में उनकी रेडियोथैरेपी और कीमोथैरेपी शुरू कर दी गई ताकि कैंसर पलटकर नहीं आ जाए।
कुछ महीने शांति से बीते (यह 2018 के बीच की बात है); लेकिन उनकी हालत दोबारा बिगड़ने लगी। हाथ-पैरों का काँपना, बोलने और खाने में कठिनाई और इस जैसे ही दूसरे लक्षण। MRI से पता चला कि कैंसर दोबारा आ गया था। फिर मुंबई का एक दौरा और दूसरा आपरेशन। रेडियोथैरेपी और कीमोथैरेपी के दूसरे राउंड शुरु हो गए।
पैसा पानी की तरह बहा जा रहा था। वे सरकारी कर्मचारी थे; लेकिन सरकारी तरीके से इलाज कराने में देरी होती; इसलिए परिवार ने सीधे ही प्राइवेट इलाज करवाना सही समझा। पत्नी और बेटे के साथ हवाई जहाज से आना जाना और कई-कई सप्ताह तक मुंबई में रुककर कैंसर का इलाज करवाना बहुत अधिक खर्चीला है। कई परिवार आर्थिक रूप से तबाह हो जाते हैं।
पिछले साल दीवाली के आसपास मुझे पता चला कि अन्नू भैया को Glioblastoma multiforme (GBM) नामक ग्रेड-4 कैंसर था। मैं इस बारे में कुछ नहीं जानता था; इसलिए मैंने इंटरनेट पर सर्च किया। यह पढ़ते ही मेरे पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई कि यह सबसे खतरनाक किस्म का ब्रेन कैंसर था और इससे प्रभावित व्यक्ति के 2 या 3 साल से अधिक जीवित रहने की कोई संभावना नहीं थी। इसके बारे में मेरे सामने इतना सारा डेटा था कि मैंने बड़े बुझे दिल से यह मान लिया था कि हम एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे थे। कैंसर की गिरफ्त में अन्नू भैया को 2 साल हो चुके थे और हम यह भी नहीं जानते थे कि डायगनोसिस से कितना समय पहले कैंसर ने उनके ब्रेन में जगह बनाई।
पिछले साल दीवाली के बाद अन्नू भैया की हालत बिगड़ती गई। उनका चलना-फिरना भी बंद हो गया। मुंबई ले जाने पर डॉक्टरों ने कह दिया कि अब कोई ऑपरेशन नहीं किया जा सकता; क्योंकि कैंसर ब्रेन में बुरी तरह से फैल चुका था।
भोपाल वापसी पर वे बीच-बीच में अस्पताल में भर्ती होते रहे। अब शरीर में भयंकर तरह से झकझोरने वाले दौरे आने लगे थे। दिमाग पूरे शरीर पर से नियंत्रण खोता जा रहा था। एक मन कहता था कि अभी भी कोई चमत्कार हो सकता है; लेकिन दूसरा मन कहता था कि अब गिनती के ही दिन बचे हैं।
इस साल मार्च में अन्नू भैया अस्पताल में भर्ती हुए और कोमा में चले गए। वे पूरे एक महीने कोमा में पड़े रहे और डॉक्टरों ने कई बार परिवार से लाइफ सपोर्ट हटाने के बारे में कहा; लेकिन यह निर्णय लेने की किसी को भी हिम्मत नहीं हुई। अंततः 2 अप्रैल को लाइफ सपोर्ट हटा दिया गया और खेल खतम हो गया।
अन्नू भैया तो खैर प्रौढ़ हो चले थे। कैंसर अस्पताल में बहुत से नवयुवक और छोटे बच्चे देखने को मिले जो ग्रेड-4 लेवल के कैंसर से ग्रस्त थे और उनके बचने की कोई उम्मीद नहीं थी।
आमतौर पर आखिरी स्टेज के कैंसर के लक्षणों को नज़र अंदाज करना बहुत कठिन है लेकिन कैंसर इतना जटिल रोग है कि यह भीतर-ही-भीतर व्यक्ति को खाता रहता है और किसी को पता ही नहीं चल पाता। कभी-कभी कैंसर के कोई लक्षण मौजूद नहीं होते और कभी-कभी बहुत मामूली लक्षण मौजूद होने पर भी व्यक्ति इस गफलत में रहता है कि उसे इतनी गंभीर बीमारी नहीं हो सकती। लोग अपने परिवार, बच्चों, नौकरी, मनोरंजन में इतने रमे रहते हैं कि कैंसर जैसे किसी रोग के होने का बुरा खयाल भी लोगों के मन में नहीं आता।
बहुत से कैंसर वाकई लक्षणहीन होते हैं। कई बार लोगों को पता ही नहीं होता कि किसी खास लक्षण का संबंध कैंसर से भी हो सकता है। लोग अपने शरीर में कुछ अजीब-सा अनुभव करते हैं लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लेते। कई बार लोगों के डॉक्टर भी इतनी दूर का नहीं सोच पाते और रोग कुछ सप्ताह में ही प्राणघातक हो जाता है।
इसके अलावा कैंसर के कुछ प्रकार भयंकर उग्रता से बढ़ते हैं और उनपर उपचार की किसी विधि का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। बहुत से मामलों में गरीबी या आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण अच्छा इलाज नहीं मिलना भी शीघ्र मृत्यु होने का बड़ा कारण होता है। कुछ खास तरह के कैंसर शरीर के भीतर कई सालों तक पनपते रहते हैं, जैसे अंडाशय का या आंतों का कैंसर। इन्हें साइलेंट किलर कहते हैं। इनके ट्यूमर को कभी-कभी डिटेक्ट होने लायक आकार तक बढ़ने में 10 साल तक लग जाते हैं।
कुल मिलाकर, कैंसर रोग की गंभीरता और जटिलता को मुझ जैसे बहुतेरे लोग तभी समझ पाते हैं जब उनका कोई प्रियजन इसकी चपेट में आकर गुम हो जाता है और कुछ महीनों के भीतर ही कोई खुशहाल परिवार बर्बाद हो जाता है।
और जब हममें से किसी के प्रियजन को यह रोग हो जाता है तब उन कुछ हफ्तों या महीनों के दौरान बहुत सी दूसरी चीज़ें हमारे लिए अर्थ खो बैठती हैं – ये वे दो कौड़ी की चीज़ें हैं जिनपर हम अपनी बेशकीमती ज़िंदगी का दारोमदार डाल देते हैं। हमें दुनिया भर की तुच्छ बातों और चीज़ों के सतहीपन का इल्म होने लगता है। हम यह परवाह नहीं करते कि बिल्डिंग के बाहर किसने हमारी पार्किंग की जगह हथिया ली या किसने हमारे पौधों से फूल तोड़ लिए। हम साल-दर-साल हर दिन नींद से जागने पर अपने प्रियजनों को और अपने पसंदीदा टीवी शो को देखना चाहते हैं। (हिन्दी ज़ेन से) ■
प्रेरकः अच्छे पॉइंट्स
सौ साल से भी पहले सं. रा. अमेरिका के महान उद्योगपति जॉन डी. रॉकफ़ेलर के स्वामित्व में स्टैंडर्ड ऑइल कंपनी विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक थी। एक दिन कंपनी में काम करनेवाले एक कर्मचारी ने एक गलत निर्णय ले लिया, जिसके परिणामस्वरूप कंपनी को 20 लाख डॉलर का घाटा हो गया। उन्नीसवीं शताब्दी के अंतिम वर्षों में यह बहुत बड़ी रकम थी।
एडवर्ड बेडफ़ोर्ड इस कंपनी में पार्टनर थे। वे रॉकफ़ेलर से मिलने के लिए गए. रॉकफ़ेलर के ऑफ़िस में दाखिल होने पर उन्होंने देखा कि रॉकफ़ेलर टेबल पर झुके हुए एक पेपर पर कुछ लिखने में व्यस्त थे। बेडफ़ोर्ड को देखने पर रॉकफ़ेलर ने उनसे कहा, “तुम्हें कंपनी को हुए नुकसान के बारे में तो पता ही होगा? मैं भी इसी बारे में सोच रहा था, इसीलिए मैं उस कर्मचारी से मिलकर बात करने से पहले कुछ नोट्स बना रहा हूँ।”
बेडफ़ोर्ड ने टेबल पर रखे पेपर पर एक निगाह डाली, जिसपर रॉकफ़ेलर नें नोट्स लिखे थे। पेपर के सबसे ऊपर शीर्षक लिखा था, “मिस्टर … के पक्ष में पॉइंट्स” इसके नीचे उस कर्मचारी के गुणों की लंबी लिस्ट थी और यह भी लिखा था कि पहले तीन मौकों पर उसके द्वारा लिए गए निर्णयों से कंपनी को हालिया नुकसान से भी कई गुना लाभ हुआ था।
बेडफ़ोर्ड ने बाद में कहा, “यह सबक मैं कभी नहीं भूल सकता। बाद में कभी जब मुझे किसी व्यक्ति की गलती पर भरपूर क्रोध करने का अवसर मिला, तो मैंने कुछ देर भलीभांति सोचविचार के उसकी सारी अच्छी बातों की ओर ध्यान दिया। इसका परिणाम हर बार यही हुआ कि उसकी अच्छाइयों की लिस्ट बनाते-बनाते मुझे सारी चीजें स्पष्ट दिखने लगीं और मेरा क्रोध कम हो गया। इस आदत ने न जाने कितनी ही बार मुझे किसी भी एक्ज़ीक्यूटिव द्वारा की जाने वाली सबसे बड़ी गलती करने से बचा लिया, ये गलती है ‘अपना आपा खोना’। ( हिन्दी जे़न से) ■
Jul 1, 2025
प्रेरकः जीवन का सौंदर्य
हर दिन, हर समय… दिव्य सौंदर्य हमें घेरे हुए है।
क्या आप इसका अनुभव कर पाते हैं? क्या यह आपको छू भी पाता है?
हममें से बहुतेरे तो दिन-रात की आपाधापी में इसका अंशमात्र भी देख नहीं पाते। उगते हुए सूरज की अद्भुत लालिमा, बच्चे की मनभावन खिलखिलाहट, चाय के पतीले से उठती हुई महक, दफ्तर में या सड़क में किसी परिचित की कुछ कहती हुई-सी झलक, ये सभी सुंदर लम्हे हैं।
जब हम सौंदर्य पर विचार करते हैं तो ज्यादातर लोगों में मानस में खूबसूरत वादियाँ और सागरतट, फ़िल्मी तारिका, महान पेंटिंग या अन्य किसी भौतिक वस्तु की छवि उभर आती है। मैं जब इस बारे में गहराई से सोचता हूँ, तो मुझे लगता है कि जीवन में मुझे वे वस्तुएँ या विचार सर्वाधिक सुंदर प्रतीत होते हैं, जो इन्द्रियातीत हैं- अर्थात् जिन्हें मैं छूकर, या चखकर, यहाँ तक कि देखकर भी अनुभव नहीं कर सकता।
वे अनुभव अदृश्य हैं फिर भी मेरे मन- मस्तिष्क पर वे सबसे गहरी छाप छोड़ जाते हैं। मुझे यह भी लगता है कि वे प्रयोजनहीन नहीं हैं। उनके मूल में भी ईश्वरीय विचार या योजना है। ईश्वर ने उनकी रचना की पर उन्हें हमारी इन्द्रियों की परिधि से बाहर रख दिया; ताकि हम उन्हें औसत और उथली बातों के साथ मिलाने की गलती नहीं करें।
हमें वास्तविक प्रसन्नता और सौंदर्य का बोध कराने वाले वे अदृश्य या अमूर्त प्रत्यय कौन से हैं? वे सहज सुलभ होते हुए भी हाथ क्यों नहीं आते? इसमें कैसा रहस्य है?
ऐसे पाँच प्रत्ययों का मैंने चुनाव किया है जो किसी विशेष क्रम में नहीं हैं।
1- ध्वनि/संगीत
मुझे आपके बारे में नहीं पता पर मेरे लिए संगीत कला की सबसे गतिशील विधा है। ऐसे कई गीत हैं जो मुझे किसी दूसरी दुनिया में ले जाते हैं और मेरे भीतर वैसा भाव जगा देते हैं जो शायद साधकों को समाधिस्थ होने पर ही मिलता होगा।
संगीत में अद्भुत शक्ति है और यह हमारे विचारों को ही नहीं बल्कि विश्व को भी प्रभावित करती है। एक अपुष्ट जानकारी के अनुसार- हम लय और ताल पर इसलिए थिरकते हैं; क्योंकि हमारे मन के किसी कोने में माता के गर्भ में महीनों तक सुनाई देती उसकी दिल की धड़कन गूँजती रहती है। ये बड़ी अजीब बात है पर यह सही न भी हो, तो मैं इसपर विश्वास कर लूँगा।
“यदि मैं भौतिकविद् नहीं होता तो संभवतः संगीतकार बनता। मैं अक्सर स्वरलहरियों में सोचता हूँ। मेरे दिवास्वप्न संगीत से अनुप्राणित रहते हैं। मुझे लगता है कि मानव जीवन एक सरगम की भांति है। संगीत मेरे लिए मनोरंजन का सबसे बड़ा माध्यम है” – अलबर्ट आइंस्टीन
संगीत की अनुपस्थिति में साधारण ध्वनियाँ भी मुझे उससे कमतर नहीं लगतीं। बादलों का गर्जन हो या बच्चे की किलकारी, टपरे पर बारिश की बूँदें हों या पत्तों की सरसराहट – साधारण ध्वनियाँ भी मन को प्रफुल्लित करती हैं। सारी ध्वनियाँ और संगीत अदृश्य है,; पर मन को एक ओर हर्षित करता है तो दूसरी ओर विषाद को बढ़ा भी सकता है।
आपको कौन सी ध्वनियाँ और संगीत सबसे अधिक प्रभावित करतीं हैं? आपका सबसे प्रिय गीत कौन सा है? क्या कहा, मेरे प्रिय गीत के बारे में पूछ रहे हैं? पचास के दशक की फिल्म ‘पतिता’ का तलत महमूद द्वारा गया गया गीत ‘हैं सबसे मधुर वो गीत, जिन्हें हम दर्द के सुर में गाते हैं’ मेरा सर्वप्रिय गीत है। पिछले तीस सालों से कोई ऐसा महीना नहीं गुज़रा होगा, जब मैंने यह गीत नहीं सुना या गुनगुनाया। यह तो रही मेरी बात। हो सकता है आप मेरी पसंद से इत्तेफाक न रखें। आदमी-आदमी की बात है।
2- निस्तब्धता/मौन
देखिये, पहले तो मैंने संगीत की बात छेड़ी थी और अब एकदम से चुप्पी पर आ गया। पर यह तो आप जानते ही हैं कि एक सुरीली ध्वनि के पीछे दस या सौ कोलाहलपूर्ण या बेसुरी आवाजें होतीं हैं। मुझे फर्श की टाइलें काटने वाली आरी की आवाज़ या गाड़ियों के रिवर्स हॉर्न बहुत बुरे लगते हैं। आपको भी कुछ आवाजें बहुत खिझाती होंगी।
ऐसी कर्कश ध्वनियों से तो अच्छा है कि कुछ समय के लिए पूर्ण शांति हो, सन्नाटा हो। यही मौन में होता है। जब कहीं से कोई आवाज़ नहीं आती तो निस्तब्धता छा जाती है। पिन-ड्रॉप सायलेंस! आजकल का संगीत भी एक तरह के शोरगुल से कुछ कम नहीं है! सबसे अच्छा अपना सुन्न बटा सन्नाटा; पर मौन अपने आप में एक बड़ी साधना भी है, अनुशासन पर्व है। जैसे हर गैजेट या मशीन में आजकल रीसेट का बटन होता है वैसा ही मौन का बटन मैंने आजमा कर देखा हुआ है। इस बटन को दबाते ही भीतर शांति छा जाती है। थोड़ी कोशिश करके देखें, तो कोलाहल में भी मौन को साध सकते हैं। किसी हल्ला-हू पार्टी में कॉफी या कोल्ड-ड्रिंक का ग्लास थामकर एक कोने में दुबक जाएँ और यह बटन दबा दें। फिर देखें लोग आपको शांत और संयमित देखकर कैसे खुन्नस खाएँगे। उपद्रवियों की जले जान तो आपका बढ़े मान।
किसी ने कहा है- “Silense is Golden” – बड़ी गहरी बात है भाई! इसके कई मतलब हैं। कुछ कहकर किसी अप्रिय स्थिति में पड़ने से बेहतर लोग इसी पर अमल करना पसंद करते हैं।
एक और बात भी है – अब व्यस्तता दिनभर की नहीं रह गई है। शोरगुल और कोलाहल का सामना तड़के ही होने लगा है और सोने के लिए लेटने तक मेंटल स्टैटिक जारी रहती है। इससे बचने का एक ही उपाय है कि टीवी और किवाड़ को बंद करें और लोगों को लगने दें कि आप वाकई भूतिया महल में ही रहते हैं।
3-गंध/ सुगंध
भगवान ने नाक सिर्फ साँस लेने या ऊँची रखने के लिए ही नहीं दी है! साँस लेने के लिए तो मुँह भी काफी है। पर नाक न हो, तो तपती धरती पर बारिश की पहली फुहारों से उठती सोंधी महक और लिफ्ट में किसी अकड़ू आत्ममुग्धा के बदन से आती परफ्यूम की महक का जायका कैसे कर पाते? वैसे इनके अलावा भी बहुत- सी सुगंध हैं, जो दिल को लुभा लेती हैं! मुझे हवन के समय घर में भर जाने वाली सुगंध बहुत भाती है। एक ओर ये सुगंध मन में शांति और दिव्यता भरती है, वहीं दूसरी ओर दूसरी सुगंध भी हैं, जिन्हें पकड़ते ही दिल से आह निकलती है और मैं बुदबुदा उठता हूँ ‘हाय, मार डाला!’खुशबुओं से जुड़ा हुआ एक और महत्त्वपूर्ण पहलू यह है कि कभी-कभी उनका एहसास होते ही अतीत की कोई धुँधली सी स्मृति जाग उठती है। ऐसी खुशबू बहुत ही यादगार-से लम्हों को बिसरने से पहले ही जिंदा कर देती है। वैसे, ऐसा ही कुछ बदबू के में भी कहा जा सकता है।
मैं निजी ज़िंदगी में किसी सुगंधित प्रोडक्ट का उपयोग नहीं करता। कोई डियो या परफ्यूम नहीं लगाता। सुगंधित साबुन से स्नान भी नहीं करता। पाउडर भी नहीं लगाता। बहुत से लोग हद से ज्यादा सुगंध का उपयोग करते हैं, जो अरुचिकर लगता है; लेकिन जीवन सुगंध से रिक्त नहीं होना चाहिए, इसीलिए मुझे बदल-बदलकर सुगंधित अगरबत्तियाँ लगाने का चस्का है। इससे सुगंध भी बनी रहती है और पत्नी इस भ्रम में भी रहती है कि मैं बहुत भक्ति-भावना से ओतप्रोत हूँ।
4- संतुष्टि/शांति
जीवन में संतुष्टि और शांति का कोई विकल्प नहीं है। इन्हें ध्वनि या सुगंध की तरह महसूस भी नहीं किया जा सकता। केवल अंतरात्मा ही इनकी उपस्थिति की गवाही दे सकती है। इन्हें न तो खरीदा जा सकता है और न ही किसी से उधार ले सकते हैं। इन्हें अर्जित करने के मार्ग सबके लिए भिन्न-भिन्न हैं। ज्यादातर लोग ज़िंदगी में सब कुछ पा लेना चाहते हैं सबसे ज्यादा, और सबसे पहले। उन्हें इसकी बहुत जरूरत है। मुझे लगता है कि बड़ी-बड़ी बातों में इन्हें तलाश करना अपना समय और ऊर्जा नष्ट करना ही है।
जीवन में संतुष्टि और शांति पाने के लिए बुद्ध या गाँधी या कोई मसीहा बनने की जरूरत नहीं है। छोटे-छोटे पलों में भी परिपूर्णता से अपने सभी ज़रूरी कामों को पूरा करते रहना मेरे लिए इन्हें पाने का उपाय है। अपने दैनिक कार्यों को पूरा करना ही नहीं; बल्कि और भी कई चीज़ें करना, जैसे बच्चों को सैर पर ले जाना, किसी पड़ोसी की मदद कर देना, सेल्समैन को पानी के लिए पूछना भी कुछ ऐसे काम हैं, जिन्हें नहीं करने पर कोई नुकसान नहीं होता; पर इन्हें करने पर मिलने वाला आत्मिक संतोष असली पूँजी है।
आपके अनुसार वास्तविक संतुष्टि और शांति किसमें निहित है?
संभव है इन्हें अर्जित करने के सूत्र आपके सामने ही बिखरे हों पर आप उन्हें देख नहीं पा रहे हों।
5- प्रेम
प्रेम दुनिया में सबसे सुंदर और सबसे कीमती है। यही हमें इस दुनिया में लाता है और हम इसी के सहारे यहाँ बने रहते हैं। जीवन को सतत गतिमान रखने के लिए आवश्यक ऊर्जा प्रेम से ही मिलती है। गौर करें तो हमारा दिन-रात का खटना और ज्यादा कमाने के फेर में पड़े रहने के पीछे भी प्रेम की भावना ही है हालांकि जिनके लिए हम यह सब करते हैं उन्हें प्यार के दो मीठे बोल ज्यादा ख़ुशी देंगे। प्यार के बारे में और क्या लिखूँ…
आप किससे प्रेम करते हैं? आप प्रेम बाँटते हैं या इसकी खोज में हैं?
प्यार की राह में केवल एक ही चीज़ आती है, और वह है हमारा अहंकार। ज़माना बदल गया है और अब लोग निस्वार्थ भाव से आचरण नहीं करते। हमारा विश्वास इस बात से उठ गया है कि बहुत- सी अच्छी चीज़ें बाँटने से ही बढ़ती हैं। इस बारे में आपका क्या ख़याल है?
इस लिस्ट में आप और क्या इजाफा कर सकते हैं? आप जीवन का वास्तविक सौंदर्य किन वस्तुओं या विचारों में देखते हैं? (हिन्दी ज़ेन से)
Apr 1, 2025
प्रेरकः खाना खा लिया? तो अपने बर्तन भी धो लो!
खाना खा लिया? तो अपने बर्तन भी धो लो!
एक प्रसिद्ध ज़ेन कथा में वर्णित है कि:-
एक नए बौद्ध साधक ने अपने गुरु से पूछा – “मैं हाल में ही मठ में शामिल हुआ हूँ. कृपया मुझे कोई शिक्षा दें.”
जोशु ने उससे पूछा – “क्या तुमने अपनी खिचड़ी खा ली है?”
नए साधक ने कहा – “जी”.
जोशु बोले – “तो अपने बर्तन भी धो लो”.
कहते हैं कि इतना सुनते ही साधक को बोधि प्राप्त हो गयी.
मुझे क्षमा करें पर मैं इस कथा को नहीं समझा सकता क्योंकि मैं स्वयं इसे नहीं समझ पाया हूँ. यही तो जापानी ज़ेन कथाओं की विशेषता या कमजोरी है. खैर, मैं इस कथा से ही अपनी बात आगे बढाऊँगा.
अब आप बताएं. क्या आपने अपना खाना खा लिया है? यदि हाँ, तो आप भी अपने बर्तन धो लीजिये.
खाना खाते समय मैं अक्सर यह सोचता हूँ, और-तो-और, दूसरे काम करते समय भी मैं इस बात पर विचार करता हूँ – “खाना खा लिया? तो बर्तन भी धो लो!”
इस बात में असीम सरलता और गहराई है. इसका सार यह है कि ‘जीवन के उद्देश्य और इसके रहस्यों को समझने के प्रयास में अपना सर मत खपाओ… बस जिये जाओ’. अपने बर्तन धो लो. धोने की इस प्रक्रिया में ही तुम्हें वह सब मिलेगा जो तुम पाना चाहते हो.
मुझे इसमें सत्य के दर्शन होते हैं. वैसे तो मुझे वास्तव में अपने बर्तन धोने के अवसर कम ही मिलते हैं पर ऐसा करते समय मैं इसे पूरी तल्लीनता और सजगता से करता हूँ. इस काम में कुछ भी खर्च नहीं होता पर असीम संतोष मिलता है.
नहाने से पहले मैं हाथों से अपने कपड़े धोता हूँ. उन्हें निचोड़ने के बाद सुखाने के लिए तार पर टांग देता हूँ. कपड़े बदलते वक़्त मैं मैले कपड़ों को धोये जाने के लिए नियत स्थान पर रख देता हूँ. किचन में जब कभी कुछ बनाता हूँ तो डब्बों को यथास्थान रखने के बाद प्लेटफ़ॉर्म पर साफ़-सफाई कर देता हूँ. मैं इसमें परफेक्ट होने का दावा नहीं करता पर प्रयास तो कर ही सकता हूँ न.
अपना काम हो जाने के बाद इन चीज़ों को करने का सम्बन्ध केवल स्वच्छता और व्यवस्था बनाये रखने से ही नहीं है. इन्हें करने में सचेतनता और सजगता है, कर्म किये जाने की भावना का मनन है, और हड़बड़ी में अगले काम में रत हो जाने की बजाय वर्तमान के क्षणों में बने रहने का बोध है.
तो आप भी अपने बर्तन धो लीजिये. होशपूर्वक और उल्लास के साथ। (हिन्दी ज़ेन से)
Mar 1, 2025
प्रेरकः क्या लोगों को आपकी कमी खलेगी?
अल्फ्रेड नोबेल ने जब डायनामाइट की खोज की थी, तब उन्हें पता नहीं था कि खदानों और निर्माणकार्य में उपयोग के लिए खोजी गई विध्वंसक शक्ति का उपयोग युद्घ और हिंसक प्रयोजनों में होने लगेगा। अपनी मृत्यु का समाचार पढ़कर नोबेल के मन में पहला विचार यही आया – “क्या मैं जीवित हूँ? ‘मौत का सौदागर ‘अल्फ्रेड नोबेल’… क्या दुनिया मेरी मृत्यु के बाद मुझे यही कहकर याद रखेगी?”
उस दिन के बाद से नोबेल ने अपने सभी काम छोड़कर विश्व-शांति के प्रसार के लिए प्रयत्न आरम्भ कर दिए।
स्वयं को अल्फ्रेड नोबेल के स्थान पर रखकर देखें और सोचें:
* आपकी धरोहर क्या है?
* आप कैसे व्यक्ति के रूप में याद किया जाना पसंद करेंगे?
* क्या लोग आपके बारे में अच्छी बातें करेंगे?
* क्या लोग आपको मृत्यु के बाद भी प्रेम और आदर देंगे?
* क्या लोगों को आपकी कमी खलेगी? (हिन्दी ज़ेन से)
Feb 1, 2025
प्रेरकः तीन कौवों की परीक्षा
जब छोटे कौवे उड़ने लायक हो जाते हैं तो बड़े कौवे यह जानने के लिए उनकी परीक्षा लेते हैं कि वे झुंड का हिस्सा बनने योग्य हैं या नहीं।
ऐसे ही तीन छोटे कौवों कि परीक्षा का दिन आ गया. झुंड के सरदार ने पहले छोटे कौवे से पूछा – “मुझे बताओ, दुनिया में सबसे ज्यादा खतरनाक चीज़ क्या है?”
पहले छोटे कौवे ने तुंरत ही उत्तर दिया – “तीर सबसे खतरनाक होता है। ” उत्तर सुनकर सभी कौवों ने उसके अनुमोदन में सर हिलाया।
सरदार फिर उड़कर पेड़ की दूसरी शाखा तक गया, जहाँ दूसरा छोटा कौवा बैठा था। सरदार ने उससे भी वही प्रश्न किया. दूसरे छोटे कौवे ने एक पल को सोचा और फिर उत्तर दिया – “बेजोड़ शिकारी सबसे खतरनाक होता है; क्योंकि तीर तो शिकारी ही चलाते हैं। एक कुशल और बेजोड़ शिकारी के तीर से बचना नामुमकिन है।”
सरदार ने इस उत्तर के लिए दूसरे छोटे कौवे की प्रशंसा की और बाकि कौवों ने भी उत्तर के समर्थन में हुंकारी भरी।
अब सरदार तीसरे छोटे कौवे के पास गया, जो पेड़ की अन्य शाखा पर बैठा था। सरदार ने उससे भी वही प्रश्न किया। तीसरे छोटे कौवे ने बहुत देर तक गंभीरता पूर्वक प्रश्न का उत्तर सोचा, फिर उसने अपना उत्तर दिया – “अनाड़ी शिकारी सबसे खतरनाक होता है।”
सरदार और सभी कौवों को तीसरे छोटे कौवे का उत्तर बहुत अजीब लगा। सरदार ने तीसरे छोटे कौवे से पूछा – “तुमने ऐसा उत्तर क्यों दिया?”
तीसरे छोटे कौवे ने कहा – “सभी तीर खतरनाक होते हैं और कुशल शिकारियों के तीर से बचना मुश्किल होता है; क्योंकि उनका निशाना सटीक होता है, लेकिन ज़रा- सा दायें या बाएँ होकर उनके तीर से बचा जा सकता है। इसके विपरीत, अनाड़ी शिकारी के तीर का कुछ भरोसा नहीं होता कि वह कहाँ जाकर लगेगा।”
तीसरे छोटे कौवे के उत्तर का स्पष्टीकरण सुनकर सभी बहुत खुश हुए और सबने कहा कि यही श्रेष्ठ उत्तर है। सरदार को यह अहसास हो गया कि वह लम्बे समय तक अपनी गद्दी पर कायम नहीं रह पाएगा। झुंड ने तीसरे छोटे कौवे के गुणों को पहचान लिया था। (हिन्दी ज़ेन से)
Apr 1, 2024
. लोककथाः इतना महँगा नाश्ता
एक बहुत बड़े मुल्क का सुलतान कहीं दूर की यात्रा पर एक गाँव से गुज़रा। रास्ते में वह एक बहुत मामूली चायघर में नाश्ता करने के लिए रुक गया। उसने खाने में आमलेट की फरमाइश की।
चायघर के मालिक ने बहुत सलीके से उसे चायघर के मामूली बर्तनों में आमलेट परोसा। मालिक ने टूटे-फूटे टेबल कुर्सी और मैले बिछावन के लिए सुलतान से माफ़ी माँगी और कहा – “मुझे बेहद अफ़सोस है हुज़ूर-ए-आला कि यह मामूली चायघर आपकी इससे बेहतर खातिरदारी नहीं कर सकता”।
“कोई बात नहीं” – सुलतान ने उसे दिलासा दी और पूछा – “आमलेट के कितने पैसे हुए?”
“आपके लिए सुलतान इसकी कीमत है सिर्फ सोने की हज़ार अशर्फियाँ” – चायघर के मालिक ने कहा।
“क्या!” – सुलतान ने हैरत से कहा – “क्या यहाँ अंडे इतने महँगे मिलते हैं? या फिर यहाँ अंडे मिलते ही नहीं हैं क्या?”
“नहीं हुज़ूर-ए-आला, अंडे तो यहाँ खूब मिलते हैं” – मालिक ने कहा – “लेकिन आप जैसे सुलतान कभी नहीं मिलते”। ■
(यह मध्य-पूर्व की लोक कथा है) हिन्दी ज़ेन से
Apr 1, 2022
प्रेरकः लाल फूल वाला पेड़
बहुत पुरानी बात है। किसी राज्य में लोग लाल फूल वाले एक पेड़ की बात किया करते थे; लेकिन किसी ने भी कभी उस पेड़ को नहीं देखा था। उस राज्य में चार राजकुमार भाई थे। उन सभी ने उस पेड़ को ढूँढ निकालने का निश्चय किया। प्रत्येक राजकुमार चाहता था कि सबसे पहले पेड़ को वही ढूँढ निकाले।
सबसे बड़े राजकुमार ने अपने रथ के सारथी से कहा कि वह रथ को गहरे घने जंगल में ले चले, जहाँ उस पेड़ के मिलने की उसे उम्मीद थी। वह पतझड़ का मौसम था। बहुत प्रयास करने के बाद वह एक अनजान से दिखनेवाले पेड़ के पास पहुँचा। उस पेड़ पर एक भी पत्ता या फूल नहीं था। पेड़ बिलकुल मनहूस झाड़ जैसा लग रहा था। राजकुमार यह नहीं समझ पाया कि लोग उसे लाल फूल वाला पेड़ क्यों कहते हैं। वह चुपचाप वापस आ गया।
वसंत के मौसम में दूसरा राजकुमार उस पेड़ को ढूँढने में सफल हो गया। उस समय वह अद्वितीय लाल फूलों से लदा हुआ था।
गर्मी के मौसम में तीसरा राजकुमार उस पेड़ तक पहुँच गया। तब तक पेड़ के सारे फूल झड़ चुके थे और वह दूसरे पेड़ों की ही तरह साधारण पेड़ लग रहा था। तीसरा राजकुमार भी मन मसोसकर वापस आ गया।
वर्षा ऋतु की समाप्ति के बाद चौथा और सबसे छोटा राजकुमार जंगल में गया और उसने भी लाल फूल वाले पेड़ को ढूँढ निकाला। पेड़ पर बहुत छोटी-छोटी कलियाँ लगने लगी थीं।
महल वापस आने पर वह ख़ुशी से फूला नहीं समा रहा था। “मैंने लाल फूल वाला पेड़ खोज लिया! मैंने लाल फूल वाला पेड़ खोज लिया!” – यह चिल्लाता हुआ वह महल में उस स्थान पर पहुँचा, जहाँ उसके अन्य भाई खेल रहे थे।
“मैंने भी उस पेड़ को ढूँढ निकला” – बड़े राजकुमार ने कहा – “उसमें पेड़ जैसा कुछ नहीं है। वह सर्वथा नग्न और निर्जीव प्रतीत होता है।”
“ऐसा कैसे हो सकता है!?” – दूसरा राजकुमार बोल उठा – “उस पेड़ पर तो सबसे सुन्दर और अनूठे लाल फूल लगते हैं! इसीलिए तो उसे लाल फूल वाला पेड़ कहा जाता है!”
तीसरा राजकुमार बोला – “कैसे लाल फूल!? उसमें कोई फूल नहीं लगते। वह अन्य पेड़ों की भाँति एक साधारण पेड़ ही है। लाल फूल वाला पेड़ संभवतः होता ही नहीं है।”
उन सबकी बातें सुनकर चौथा और सबसे छोटा राजकुमार बोला – “मैंने तो उस पेड़ को अपनी आँखों से देखा है! वह निर्जीव पेड़ नहीं है। उसमें सिर्फ कलियाँ या पत्ते भी नहीं लगते। उसमें केवल सुन्दर लाल फूल ही लगते हैं।”
पास खड़े राजा ने उन सबकी बहस सुनी और उनको चुप कराया। फिर राजा ने कहा – “बच्चों, तुम सबने एक ही पेड़ को देखा है, लेकिन सबने वर्ष के अलग-अलग मौसम में उसे देखा है।” ( हिन्दी ज़ेन)
Feb 1, 2022
प्रेरक- धरती पर पैर धरो धीरे
- निशांत
(वसंत ऋतु में) “जरा धीरे चलो मेरे भाई, धरती मैया पेट से है” – उत्तर अमेरिकी की आदिवासी उक्ति
अपने लोक जीवन और पारंपरिक ज्ञान से हम बहुत कुछ सीख सकते हैं। पृथ्वी माता के प्रति सम्मान की अनेक कथाएँ भारतीय मानस में जीवित हैं। हजारों सालों तक भारत के आदिवासी सिर्फ इसलिए पिछड़े रह गए; क्योंकि धरती माता के शरीर पर लोहे के हल और कुदाल चलाना उन्हें स्वीकार नहीं था। अपने मतलब भर की लकड़ी वे जंगल से लेते थे, जिसका उपयोग केवल जलावन के लिए होता था। अभी भी बहुतेरी आदिवासी संस्कृतियाँ अपने झोपड़ों में लकड़ी के दरवाजे-खिड़कियाँ नहीं लगातीं। कोई क्या चुरा के ले जाएगा?
आजकल कार्बन फुटप्रिंट की बहुत चर्चा होती है। इसका सम्बन्ध ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन से है। इसके बारे में मैंने अभी विस्तार से नहीं पढ़ा है। बस इतना जानता हूँ कि आधुनिकता और विकास की अंधी दौड़ में धरती को रौंदनेवाले पैर उसे स्थाई क्षति पहुँचा रहे हैं। जितना अधिक विकास, उतना अधिक कार्बन उत्सर्जन। जितना अधिक कार्बन उत्सर्जन, उतना ही बड़ा कार्बन फुटप्रिंट। अमेरिकियों और यूरोपियों के कार्बन फुटप्रिंट भारतीयों और अफ्रीकियों के कार्बन फुटप्रिंट की तुलना में न केवल कई गुने बड़े हैं; बल्कि धरती को गहरे तक चोटिल करते हैं।
धरती की रक्षा करने का केवल एक ही उपाय है। उसपर कम भार डालो। उसे मत रौंदो।
पिछले सौ सालों में ज्यादा से ज्यादा प्राप्त करने और संचय करने की होड़ में हम बहुत कुछ भूलते जा रहे हैं। हमारी संस्कृतियों ने हमें हमेशा यह सिखाया कि जितना हम पाते हैं, उससे ज्यादा लौटाने की हमारे ऊपर नैतिक जिम्मेदारी स्वतः बनती है। धरती को गहरे तक खोदकर उससे बहुमूल्य रत्न, धातुएँ, और अयस्क निकाले जा चुके हैं। नदियाँ नगरों के सीवेज और रसायनों से भरी हुई हैं। जंगलों से पेड़ और प्राणी नदारद हो रहे हैं। प्राकृतिक दृश्यों को मनमाफिक रूप दे दिया गया है। कहते हैं कि आज धरती से जितना लिया जा रहा है उसके लिए भविष्य में एक धरती कम पड़ेगी।
इन मसलों पर इतना कुछ लिखा-पढ़ा जा रहा है कि इससे किसी को अनभिज्ञता नहीं है। हमें समस्याओं की जानकारी है लेकिन प्रत्यक्ष उपायों को हम नज़रंदाज़ कर रहे हैं। कचरे को रिसाइकल करना, इलेक्ट्रिक कार खरीदना या साईकिल चलाना ज़रूरी लेकिन फैशनेबल विकल्प हैं। इनसे ज्यादा भी बहुत कुछ किया जा सकता है।
मितव्ययता और अपरिग्रह कुछ-कुछ एक जैसे सिद्धांत प्रतीत होते हैं। मितव्ययता याने अपने खर्चे कम करना। अपरिग्रह याने अपनी ज़रूरतें कम करना। मुझे अपरिग्रह का विचार भाता है। यह जैन दर्शन का एक रत्न है। देखिये भगवान् महावीर ने इस विषय पर क्या कहा है:-
“चित्तमंतमचित्तं वा परिगिज्झ किसामवि।
अन्नं वा अणुजाणाइ एव्रं दुक्खाण मुच्चइ॥”
अर्थात् जो आदमी खुद सजीव या निर्जीव चीजों का संग्रह करता है, दूसरों से ऐसा संग्रह कराता है या दूसरों को ऐसा संग्रह करने की सम्मति देता है, उसका दुःख से कभी भी छुटकारा नहीं हो सकता। और…
“जहा लाहो तहा लोहो लाहा लोहो पवड्ढई।
दोमासकयं कज्जं कोडीए वि न निट्ठियं॥”
ज्यों-ज्यों लाभ होता है, त्यों-त्यों लोभ भी बढ़ता है। ‘जिमि प्रति लाभ लोभ अधिकाई।’ पहले केवल दो मासा सोने की जरूरत थी, बाद में वह बढ़ते-बढ़ते करोड़ों तक पहुँच गई, फिर भी पूरी न पड़ी!
अपरिग्रह का अर्थ अभाव में जीने से नहीं है. इच्छाओं में कमी होने से उपभोग एवं उपयोग में भी कमी आती है। जिसके परिणामस्वरूप संसाधनों का दोहन और उनपर निर्भरता कम होती जाती है। इसका प्रभाव हमारे पर्यावरण और वातावरण पर भी पड़ता है। गाँव-देहात की हवा यूँ ही शुद्ध तो नहीं होती! वहाँ विकास के चरण नहीं पड़े तो विकास के दुष्परिणामों से भी वे दूर हैं।
अपरिग्रह या मिनिमलिज्म का दर्शन सरल और स्थाई है। रिसाइकलिंग का अपना महत्त्व है; लेकिन अपरिग्रह का पालन करने पर उसकी ज़रुरत भी नहीं पड़ती. पर्यावरण या वातावरण को नुकसान पहुँचाए बिना भी बहुत से पदार्थों का निर्माण और उपयोग किया जा सकता है लेकिन समझदारी इसी में है कि ज़रूरतें ही कम कर दी जाए। ऐसा करने के बहुत से तरीके संभव हैं और उनमें से कुछेक पर यहाँ बिंदुवार चर्चा की जाएगी।
* सीमित खरीददारी – अधिक से अधिक उपभोग की लालसा के फलस्वरूप बहुतेरी वस्तुओं का निर्माण किया जाता है, जिन्हें हम खरीदते हैं। कम खरीदने की आदत विकसित करना
* अन्न का निरादर न करें – अमेरिका जैसे देश में लोगों को कम खाने की नसीहत दी जाती है, जो अपने देश में बेमानी है। इसके बावजूद हमारे यहाँ बड़े पैमाने पर अन्न की बर्बादी होती रहती है। सरकारी नीतियों के कारण होनेवाली बर्बादी की बहुत चर्चा होती है पर घरों और पार्टियों में बर्बाद किये जाने वाले अन्न की भी सीमा नहीं है। अन्न के उत्पादन में बहुत बड़ी मात्रा में संसाधनों और मानव श्रम की खपत होती है। मैं अक्सर ही रेस्टौरेंट्स और पार्टियों में लोगों को खाने से भरी हुई प्लेटें कचरे के डिब्बे में डालते देखता हूँ। यह बहुत दुखदायी है।
* शाकाहार अपनाएँ – अन्न उपजाने की तुलना में मांस के उत्पादन में ऊर्जा कई गुना अधिक प्रयुक्त होती है। शाकाहार अपनाने के अपने बहुत से आधार और फायदे हैं।
* पैकेजिंग कम करें – आजकल चीज़ों को लपेटने और पैक करने में अंधाधुंध सामग्री का उपयोग किया जाता है। किसी भी सामान को खरीदने से पहले इसपर विचार करना तो संभव नहीं है; लेकिन ऐसे प्रयास किए जा सकते हैं कि कंपनियों को हलकी पैकेजिंग के लिए प्रेरित किया जा सके. कंपनियों को पैकेजिंग वापस लेकर कुछ उपहार देने का विकल्प रखना चाहिए।
* गाड़ी कम – पैदल ज्यादा – साइकिल चलाए हुए आपको कितना समय हो गया? शायद आपके पास साइकिल न हो। मेरे पास भी नहीं है; लेकिन मैं कभी-कभार यूँ ही किसी की साइकिल माँगकर ज़रा दूर तक चला लेता हूँ। पब्लिक ट्रांसपोर्ट की दशा बेहतर हो, तो मैं उसे अपनाने में गुरेज़ न करूँ। पैदल खूब चलता हूँ। बाइक पूल या कार पूल भी अच्छी चीज़ है। सबसे बढ़िया तो है, घर में बैठना और मज़े से बच्चों के साथ खेलना, पढ़ना, टी वी देखना, ब्लॉग चैक करना।
* घर कितना भी बड़ा हो, उसमें बेतहाशा खरीदकर बाहरी हुई चीज़ें देखना नहीं सुहाता। जितनी ज्यादा चीज़ें, उतना ज्यादा कबाड़. व्यवस्थित रखने का खर्चा और भारी-भरकम बिल अलग से। छोटा घर – संसाधनों की कम बर्बादी। बिजली-पानी की कम खपत।
ये सब तो कुछ उदाहरण और उपाय हैं। असली चीज़ तो है मानसिकता और मनोवृत्ति में परिवर्तन लाना। सभी करें तो कितना अच्छा हो। जीवन की गुणवत्ता के पैमाने पर हमारा देश बहुतेरे विकसित देशों से पीछे है। कहा जाता है कि हमारे नागरिकों में सिविक सेन्स भी नहीं है और आदेशों का उल्लंघन करना हमारी फितरत है। कुछ बातें सही हैं पर दोष-दर्शन से क्या होगा। पहल तो सभी को करनी ही पड़ेगी। आखिर हमारे भविष्य का सवाल है।
इस आलेख की प्रेरणा मिली थी जहाँ से मिली हैं उस पोस्ट में दिए गए कुछ बिन्दुओं को यहाँ पुनःप्रस्तुत कर रहा हूँ क्योंकि वे सामयिक हैं और इस आलेख की प्रकृति के अनुरूप भी हैं।
छोटे-छोटे कदम ही हमारी पृथ्वी माँ को बचा सकेंगे। यह हमारी जिम्मेवारी है कि यह काम सुचारु रूप से हो। क्योंकि किसी ने सच कहा है कि-
‘We have not inherited this planet from our parents. But have merely borrowed it from our children’
यह पृथ्वी हमें अपने पूर्वजों से नहीं मिली है। यह हमारे पास वशंजों की धरोहर है।
यह हमारी जिम्मेवारी है कि हम वशंजों की धरोहर, उन्हें ठीक प्रकार से उन्हें वापस दे सकें। क्या आप जानना चाहते हैं कि आप इसमें किस तरह से सहयोग कर सकते हैं। बहुत कुछ – देखिए आप क्या कर सकते हैं:1. आप समान ऐसे पैकेटों में खरीदिए जो फिर से प्रयोग हो सकें और उन्हें बार बार प्रयोग करें।
2. शॉपिंग पर अपना बैग ले जाएँ।
3. पेपर को बेकार न करें। दोनों तरफ प्रयोग करें।
4. हो सके तो, लिफाफों को फाड़कर, अन्दर की तरफ सादी जगह को, लिखने के लिये प्रयोग करें।
5. सारे बेकार कागजों को पुनर्चक्रण (recycling) के लिए इकट्ठा करें।
6. प्लास्टिक के पैकेटों का कम प्रयोग करें। सब्जी, फल या मांस को सुरक्षित रखने के लिये प्लास्टिक की जरूरत नहीं।
7. उन उत्पादनों को लें, जो हर बार पुनः फिर से भरने वाले पैकटों में मिलते हों। यदि आपकी प्रिय वस्तु ऐसे पैकेटों में न आती हो, तो कम्पनी को इस तरह के पैकेटों में बेचने के लिये लिखें।
8. खाने की वस्तुओं को हवा-बन्द बर्तनों में रखें। उन्हें चिपकती हुई प्लास्टिक में रखने की जरूरत नहीं।
9. पेट्रोल बचाएँ, प्रदूषण कम करें।
10. अपने सहयोगियों और पड़ोसियों के साथ कार पूल कर प्रयोग करने का प्रयत्न करें।
11. बिना बात बिजली का प्रयोग न करें – बत्ती की जरूरत न हो, तो बन्द कर दें।
12. पेड़ों, जंगलों के कटने को रोके। इनके कटने के खिलाफ लोगों को जागरूक करें।
13. पुनरावर्तित (recycled) वस्तुओं का प्रयोग करें।
14. ऐसे बिजली के उपकरण प्रयोग करें, जो कम बिजली खर्च करते हों। इस समय इस तरह के नये तकनीक पर बने बल्ब आ रहें हैं। उनका प्रयोग करें।
15. पर्यावरण-मित्रवत् उत्पादकों (environment friendly products) का प्रयोग करें।
आप इन पन्द्रह बिन्दुओं में से, कितने बिन्दुओं का पालन करते हैं। मैं इसमें सब तो नहीं, पर अधिकतर का पालन करता हूँ। (हिन्दी जे़न से)
Dec 1, 2021
प्रेरक- संयम और अनुशासन का अनूठा प्रयोग
1972 में विकासात्मक मनोवैज्ञानिक वॉल्टर मिशेल ने बिना किसी सोच-विचार या प्रेरणा के अचानक ही एक ऐसा अनूठा प्रयोग किया जो मनोविज्ञान के क्षेत्र में पिछली शताब्दी का सबसे प्रसिद्ध प्रयोग बन गया।
मिशेल ने पाँच से दस
वर्ष की अवस्था के कई बच्चों को एक कमरे में एकत्र किया और उन सभी को एक-एक चॉकलेट
दी। फिर उन्होंने उन बच्चों से कहा कि वे थोड़ी देर के लिए बाहर जा रहे हैं लेकिन
उनके वापस आने तक जो बच्चा चॉकलेट नहीं खाएगा उसे वे लौटकर दो चॉकलेटें और देंगे।
कमरे के बाहर जाने के
बाद उन्होंने छुप कर उन बच्चों की हरकतों का जायजा लिया। वे यह जानना चाहते थे कि
क्या वे बच्चे और अधिक बड़े पुरस्कार के लिए अपने लालच पर नियंत्रण रख सकेंगे या
वे अपने लालच के वशीभूत होकर किसी व्यक्ति द्वारा निगरानी नहीं किए जाने पर अपनी चॉकलेट
खा लेंगे?
मिशेल ने यह देखा कि उस
समूह के लगभग एक तिहाई बच्चों ने उनके कमरे से बाहर जाते ही फौरन अपनी चॉकलेट खा
ली। दूसरे एक तिहाई बच्चों ने कुछ समय तक मिशेल के वापस आने का इंतजार किया लेकिन
वे अपने लालच पर नियंत्रण नहीं रख सके और उन्होंने भी अपनी चॉकलेट खा ली। बाकी बचे
रह गए लगभग एक तिहाई बच्चों ने पूरे 15 मिनट तक
मिशेल के लौटने की प्रतीक्षा की। निस्संदेह उन छोटे बच्चों के लिए तो ये 15
मिनट अनंतकाल जितने लंबे थे क्योंकि चॉकलेट उनके हाथ में थी या उनके
सामने रखी हुई थी फिर भी वे उसे खाने के लोभ पर काबू कर पाए।
उस दौर में
मनोवैज्ञानिकों का यह मानना था कि संकल्प शक्ति प्रत्येक व्यक्ति में जन्मजात होती
है और इसमें जीवन भर कोई परिवर्तन नहीं होता। लेकिन इस मामले ने यह साबित कर दिया
कि संकल्प शक्ति किसी परिस्थिति या परीक्षण का परिणाम भी हो सकती है। इस प्रयोग के
द्वारा मिशेल बच्चों की उम्र और संकल्प शक्ति के बीच का संबंध भी जांचना चाहते थे।
वे यह जानना चाहते थे कि क्या अधिक उम्र के बच्चे अपने लालच पर नियंत्रण अधिक
कुशलता से रख सकते हैं?
एक प्रकार से यह प्रयोग
विकासात्मक मनोविज्ञान का अध्ययन था। यह उनके व्यक्तित्व का आकलन नहीं था, लेकिन इस प्रयोग ने यह दर्शा दिया कि जो बच्चे उम्र में अपेक्षाकृत बड़े
थे वे अधिक देर तक अपने लोभ पर नियंत्रण रखने में सफल हो सके। मिशेल की यह रिसर्च
अनेक जर्नलों में प्रकाशित हुई लेकिन समय के साथ लोगों ने इसे भुला। दिया इस
प्रयोग के बाद मिशेल और बच्चे भी अपनी-अपनी राह पर चले गए। चॉकलेट का यह प्रयोग
सफल तो था लेकिन लोगों ने इसे एक अनूठे प्रयोग से अधिक कुछ नहीं समझा।
लेकिन इस प्रयोग के 20 साल बाद मिशेल के मन में एक नया विचार आया और उन्होंने इस प्रयोग को
दोबारा नई दृष्टि से देखा। फिर उनके निष्कर्षों ने मनोवैज्ञानिक जगत को हिलाकर रख
दिया।
असल में इस प्रयोग में
शामिल एक बच्ची मिशेल की ही पुत्री थी जो उस दौरान 5 साल की
थी। इस प्रयोग में शामिल बाकी दूसरे बच्चे भी उसके ही स्कूल में और कई तो उसकी ही
क्लास में पढ़ते थे और उसके दोस्त थे।
जैसे-जैसे साल गुजरते
गए मिशेल की पुत्री और उसके सभी दोस्त भी बड़े होते गए और मिशेल ने इस बात का
अनुभव किया कि वे बच्चे जिन्होंने प्रयोग में अपने लोभ पर किसी भी प्रकार का
नियंत्रण नहीं दिखाया था, वे अपनी पढ़ाई-लिखाई में पिछड़
रहे थे और उनके अंक बहुत कम आते थे। दूसरी और वे बच्चे जिन्होंने अत्यधिक संयम का
प्रदर्शन किया था और जो लालच के फेर में नहीं पड़े थे वे हमेशा अपने शिक्षकों की
आँख का तारा बने रहे। उन्होंने अपनी क्लास में हमेशा टॉप किया और उन्हें बहुत ही
प्रसिद्ध कॉलेजों में एडमिशन मिला।
जब मिशेल ने यह देखा तो
उन्होंने और अधिक गहराई से उन बच्चों की ट्रैकिंग करने का निश्चित किया और यह
देखने का प्रयास किया कि वे सभी बच्चे किस प्रकार के वयस्क व्यक्तियों के रूप में
पनपे। मिशेल ने जो फॉलो-अप किया उसके परिणाम इतने चमत्कारिक थे कि उनका प्रयोग अभी
भी एक प्रकार से जारी है और अत्यधिक प्रसिद्ध हो चुका है।
अपने लालच पर नियंत्रण
करके संयम प्रदर्शित करने की उन बच्चों की क्षमता ने उन्हें आगे जाकर अकादमिक
शिक्षा में अव्वल बनाया और वे जीवन के लगभग हर क्षेत्र में सफल रहे। उन्हें सबसे
अच्छी नौकरियाँ मिली। समाज में भी उनकी प्रतिष्ठा स्थापित हुई।
इस प्रयोग ने यह भी
दर्शाया कि मनोवैज्ञानिक लगभग एक शताब्दी तक व्यर्थ के मसलों में उलझे रहे। वास्तव
में IQ
की अवधारणा की उत्पत्ति ही इस उद्देश्य से हुई थी लेकिन उसमें घोर
असफलता मिली और बुद्धि को जाँचने के लिए तैयार किए गए अन्य प्रयोग और उपाय भी
दोषपूर्ण सिद्ध हुए। मिशेल इस मामले में बहुत सौभाग्यशाली रहे कि उनके हाथ अनायास
ही एक कुंजी लग गई।
हमारी पीढ़ियाँ क्रमिक
रूप से आत्मसम्मान को आत्मानुशासन पर वरीयता देती आई हैं। मुझे यह लगता है कि हम
इस नीति की बड़ी कीमत चुका रहे हैं।
हम उस दौर में हैं जहाँ
संकल्पशक्ति को समाज में अधिक महत्तवपूर्ण नहीं समझा जाता। आप अपने आसपास उन लोगों
को देखिए जिनका वजन खतरनाक स्थिति तक पहुँच चुका है और ऐसा होने का बहुत बड़ा कारण
यह है कि उनका स्वयं पर नियंत्रण नहीं है। हम लोगों का फोकस दिनोंदिन कम होता जा
रहा है। हम किसी भी एक चीज पर ध्यान अधिक देर तक नहीं दे पाते। लोग स्वयं को विश्व
का केंद्र मानने लगे हैं। उनमें नारसीसिज़्म, एंजाइटी,
और डिप्रेशन जैसे मनोविकार पहले से कहीं अधिक देखे जा रहे हैं।
किसी भी व्यक्ति के
जीवन में सबसे मूल्यवान स्किल वे हैं जो आत्मानुशासन और स्वयं को स्वस्थ रखने से
जुड़ी आदतों को विकसित करते हैं। यदि आप दूसरों से अधिक स्वस्थ होना चाहते हैं, अधिक सफल होना चाहते हैं, या अपने जीवन पर अधिक
नियंत्रण करना चाहते हैं तो केवल आत्मानुशासन ही इस मामले में आपकी सहायता कर सकता
है।
स्वयं पर कठोर नियंत्रण
और किसी भी प्रलोभन के आगे नहीं झुकना ही सबसे अच्छी नीति है। आलस के मारे पाँच
मिनट अधिक सो लेने या स्वाद के वशीभूत होकर थोड़ी अधिक मिठाई खा लेने जैसे प्रलोभन
बहुत छोटे उदाहरण हैं लेकिन जीवन पर व्यापक प्रभाव डालते हैं। (हिन्दी ज़ेन से)
Nov 1, 2021
स्वास्थ्यः क्या कारण है कि कुछ लोग बहुत कम बीमार पड़ते हैं
आपको आश्चर्य होता होगा कि आपके परिजनों या मित्रों में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कभी बीमार नहीं पड़ते। जब दूसरे लोग बदलते मौसम की गड़बड़ियों जैसे जुकाम, वायरल, पेट की गड़बड़ या आँखों की बीमारी से परेशान दिखते हैं तब भी ये लोग भले-चंगे बने रहते हैं। क्या कारण है कि कुछ लोग बहुत कम बीमार पड़ते हैं जबकि कुछ लोग हमेशा किसी-न-किसी स्वास्थ्य समस्या से ग्रस्त दिखते हैं?
मैं इस पोस्ट में आपको ऐसे
उपायों के बारे में बताऊँगी जो अच्छे स्वास्थ्य का आधार हैं तथा इनका पालन करने से
शरीर रोगों का मुकाबला करने में सक्षम बना रहता है और व्याधियां आसानी से अपनी
गिरफ्त में नहीं लेतीं। इनमें से कुछ तो बहुत सरल-सहज हैं जबकि कुछ को विस्तृत
रिसर्च में पाया गया है-
अच्छा आराम –
स्वस्थ रहने के लिए यह ज़रूरी है कि शरीर को पर्याप्त आराम दिया जाए। यदि आप रात-रात भर काम-काज या मनोरंजन के लिए खुद को जगाए रखते हैं तो आपका इम्यून सिस्टम प्रभावी तरीके से काम नहीं करता। रात को दस बजे तक सोने की आदत डालने तथा कम्प्यूटर स्क्रीन आदि की रोशनी से दूर रहने से शरीर में मेलेटोनिन की वृद्धि होती है जो इम्यून सिस्टम को सुदृढ़ करता है।
आहार में पोषक तत्वों का समावेश –
आहार में उत्तम गुणवत्ता के
भोज्य पदार्थ तथा विटामिन C और ज़िंक प्रदान करनेवाले
सब्जियों-फलों के समावेश से स्वास्थ्य का संरक्षण होता है। इसी के साथ ही भोजन में
चीनी तथा नमक को कम करना भी ज़रूरी है। रिफ़ाइंड चीनी के प्रयोग से इम्यून सिस्टम
सुस्त पड़ जाता है। अच्छे स्वास्थ्य के धारक सामान्यतः चाय-कॉफी, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, कैंडी-चॉकलेट और आइसक्रीम से
परहेज करते हैं जिससे उनका शरीर सशक्त बना रहता है।
किसी भी तरह का तनाव शरीर को
कमज़ोर करता है। रिसर्च से पता चला है कि सतत तनाव में रहनेवालों का स्वास्थ्य
खराब होने की संभावना बहुत बढ़ जाती है। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहनेवाले व्यक्ति
अपने तनाव पर लगाम लगाने का प्रयास करते हैं। मालिश से शरीर को अनेक लाभ होते हैं।
इससे ब्लड-प्रेशर और एंज़ाइटी कम होती है जिससे व्यक्ति को राहत का अनुभव होता है।
योग तथा एक्यूप्रेशर से भी इम्यून सिस्टम सशक्त बनता है। एक्यूप्रेशर में शरीर के
किसी खास बिंदु जैसे थायमस ग्रंथि पर संतुलित दबाव डालने से इम्यून तथा लिंफेटिक
सिस्टम की कार्यप्रणाली में सुधार होता है।
शीतल स्नान –
बहुत से लोग ठंडे पाने से नहाने
के विचार से ही भयभीत हो जाते हैं, लेकिन रिसर्च से यह पता चला है कि
शीतकाल में भी ठंडे पानी से नहाने से श्वेत रक्त कणिकाओं की सक्रियता बढ़ जाती है
जिससे शरीर हानिकारक जीवाणुओं तथा रोगाणुओं के विरुद्ध लड़ने में अतिरिक्त सक्षम
हो जाता है। अनेक देशों में स्वास्थ्य के प्रति सजग लोग हर मौसम में ठंडे पानी से
ही नहाते हैं।
सकारात्मकता –
सकारात्मक के उजले पक्ष को कम
करके मत आंकिए। सकारात्मक रवैया रखनेवाले व्यक्तियों को आंतरिक प्रेरणा और ऊर्जा
की कमी नहीं पड़ती। नकारात्मकता से घिरते ही शरीर और मन हर चीज से लड़ने की ताकत
खो देता है। जीवन के उजले पक्षों को देखने और उनके प्रति कृतज्ञ रहनेवाले व्यक्ति
तनावग्रस्त नहीं रहते और तनावजन्य व्याधियों से दूर रहते हैं। सकारात्मकता को
बढ़ाने का सबसे सरल उपाय यह है कि आप किसी भी घटना या व्यक्ति के उजले पक्षों पर
भी नज़र डालें और बुरी बातों से सीख लेते हुए आगे बढ़ें। किसी भी रूप में कटुता
तथा वैरभाव से दूर रहें। जीवन के विविध पक्षों के लिए आभारी रहने के बारे में लिखी
इस अंग्रेजी
पोस्ट को भी देखिए।
आशा है कि आप ऊपर बताए गए
उपायों को ध्यान में रखेंगे, उनका अनुसरण करेंगे और अपने
स्वास्थ्य को परिपूर्ण बनाए रखने के लिए भरसक प्रयास करेंगे। याद रखें, तंदरुस्ती हज़ार नियामत है।
Oct 3, 2021
प्रेरक- गांधी जयंतीः सादगी और मितव्ययता के पाँच पाठ
गांधीजी के जीवन और दर्शन में मितव्ययता और अपरिग्रह के सर्वश्रेष्ठ सूत्रों का सार मिलता है। उन्होंने अपने जीवन के हर पक्ष में सादगी और मितव्ययता को अपनाया और इन्हीं के कारण उनका जीवन एक अनुकरणीय उदाहरण है।
गांधीजी के जैसा जीवन
जीनेवाला और कोई व्यक्ति दोबारा न होगा। अपनी मृत्यु के समय वे उसी दरिद्रनारायण
की प्रतिमूर्ति थे जिनके श्रेय के लिए उन्होंने अपने शरीर को भी ढँकना उचित न
जाना। उनके जीवन प्रसंग युगों-युगों तक सभी को प्रेरणा देते रहेंगे।
अपने अंतिम दिनों में
गांधीजी के पास कुल जमा दस-बारह वस्तुएँ ही रह गईं थीं जो उनके निजी उपयोग में आती
थीं। ये थीं उनका चश्मा, घड़ी, चप्पलें, लाठी
और खाने के बर्तन। अपना घर और फ़ार्म आदि वे बहुत पहले ही लोक को अर्पित कर चुके
थे।
“सांसारिक
वस्तुओं के उपभोग और स्वामित्व से कौन दूर रह सकता है? लेकिन जीवन का रहस्य इसमें है कि उनकी कमी कभी न खले” –
महात्मा गांधी
यह तो हम जानते ही हैं कि
गांधीजी का जन्म धनाढ्य परिवार में हुआ था और उन्हें वे सभी सुख-सुविधाएँ मिलीं जो
आज भी अधिकांश भारतीयों को दुर्लभ हैं। उन दिनों क़ानून की पढ़ाई के लिए लन्दन जाने
में कई सप्ताह लग जाते थे। बचपन में धन-संपत्ति के बीच पले-बढ़े युवा मोहनदास ने
जीवन के हर मोड़ पर सबक सीखे और अंततः स्वयं को व्यय और अर्जन के जंजाल से मुक्त
कर दिया। जिस अवस्था में युवाओं को नित-नूतनता आकर्षित करती है उसमें उन्होंने
कठोरतापूर्वक न केवल स्वयं को बल्कि अपने सानिध्य में आनेवाले हर व्यक्ति को सादगी
पूर्ण जीवन जीने में प्रवृत्त किया। इसके महत्त्वपूर्ण सूत्र ये थे:
1.
कम संचित करें
– अपने पहनने के दो जोड़ी कपड़ों और बनाने-खाने के बर्तनों के
अलावा उन्होंने किसी चीज़ की चाह नहीं की। उन्हें प्रतिदिन कई उपहार मिलते थे
जिन्हें वे दूसरों को दे देते थे या उनकी नीलामी कर देते थे। हमारे लिए आज यह संभव
नहीं है कि हम भी अपनी आवश्यकताओं को इतना कम कर लें। एक बार मैंने उन चीज़ों की
सूची बनाने का सोचा जिनके बिना मेरा जीना दुश्वार हो जायेगा और सूची में
चालीस-पचास आइटम आ गए। फिर भी, कम
वस्तुओं का संचय ही संतुष्टिकारक होता है। आवश्यकता से अधिक वस्तुओं को ऐसे
व्यक्तियों को दे देना चाहिए जिन्हें उसकी आवश्यकता है या जो उन्हें खरीद नहीं
सकते।
आप भी 100 वस्तुओं का चैलेन्ज लेकर देखें कि क्या आप 100 से कम या 50 से
भी कम वस्तुओं से अपना काम चला सकते हैं?
हम सभी अपने संचय को
बढ़ाने और उसे व्यवस्थित रखने में बहुत सी ऊर्जा और बहुत सारा समय लगाते हैं। कम
वस्तुओं को रखने और उनकी देखभाल करने से जीवन सरल और सहज हो जाता है।
2.
सादा भोजन करें – गांधीजी को कभी भी मोटापे के डर ने नहीं सताया। वे अपना
शाकाहारी भोजन स्वयं उगाते और बनाते थे। धातु के एक ही पात्र में वे भोजन करते थे।
इस प्रकार भोजन संतुलित मात्रा में ग्रहण कर लिया जाता है। भोजन के पहले और बाद
में वे प्रार्थना भी करते थे।
आज के समय में खुद अपने
हाथों से करघा चलाकर सूत कातकर कपड़ा बुनना अप्रासंगिक हो चला है। वैसे भी, करघा चलाकर वस्त्र बुनना प्रतीकात्मक अधिक था, आज यह व्यावहारिक नहीं है। जो भी हो, सादे-सरल वस्त्रों में जो गरिमा है वह दिखावटी और तड़क-भड़क
वाले डिजायनर कपड़ों में नहीं है।
4.
तनावमुक्त जीवन जियें – गांधीजी को कभी किसी ने तनावग्रस्त नहीं देखा। कई अवसरों पर
वे विषादग्रस्त और व्यथित ज़रूर हुए लेकिन दुःख के क्षणों में उन्होंने आत्ममंथन
और प्रार्थना का ही सहारा लिया।
गांधीजी वैश्विक स्तर के
नेता थे भले ही वे किसी राजनैतिक पद पर कभी नहीं रहे। करोड़ों व्यक्ति आज भी उन्हें
पूजते हैं और उनके प्रति असीम श्रद्धा रखते हैं। अपने सरल जीवन में उन्होंने किसी
भटकाव या वचनबद्धता को नहीं आने दिया। बच्चों के साथ समय बिताने के लिए वे अपनी
राजनैतिक बैठकें भी निरस्त कर दिया करते थे।
गांधीजी के आसपास हर समय
उपस्थित रहनेवाले लोग उनकी हर ज़रुरत और सुविधा का ध्यान रखते थे लेकिन उन्होंने
हमेशा अपने हाथों से ही सभी काम करने को तरजीह दी। आत्मनिर्भरता उनके लिए बहुत
महत्त्वपूर्ण सद्गुण था।
आप भी जीवन को गंभीरता से
लें पर इसका भी ध्यान रखें कि जीवन-यापन के कार्य और रोज़मर्रा की प्रतिबद्धताएँ सुखी और संतोषी जीवन का विकल्प नहीं हैं।
सरल-सहज जीवन जीने की
योग्यता ने गांधीजी को सदैव महत्तर उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए गतिमान रखा।
जनता और विश्व के प्रति उनकी प्रतिबद्धताएं उनकी प्राथमिकता थीं।
गांधीजी जैसा न तो कोई
दोबारा कभी होगा और न ही कोई हो सकता है। हम सिर्फ इतना ही कर सकते हैं कि उनके
जीवन का कुछ अनुकरण करने का प्रयास करें ताकि हमारा जीवन भी शांति और संतुष्टि से
युक्त हो जाये।
“धन-दौलत
की बहुतायत हो तो इसका परित्याग करके परिजनों को बेघर कर देने का कोई औचित्य नहीं
है। महत्वपूर्ण केवल यह है कि इन सांसारिक विषयों से आसक्ति न हो” – महात्मा
गांधी।
अपने जीवन में सरलता को
उतार कर देखें। आप पाएँगे कि आपके लिए समय और ऊर्जा में बढ़ोतरी हो रही है। इससे
आपको अवसर मिलेगा कि आप परिपूर्ण और प्रेरणास्पद जीवन जी सकें।
(हिन्दी ज़ेन से-
अरविन्द देवलिया की अतिथि पोस्ट का अनुवाद)

















