उदंती.com को आपका सहयोग निरंतर मिल रहा है। कृपया उदंती की रचनाओँ पर अपनी टिप्पणी पोस्ट करके हमें प्रोत्साहित करें। आपकी मौलिक रचनाओं का स्वागत है। धन्यवाद।

Feb 21, 2013

उदंती.com-फरवरी 2013

मासिक पत्रिका - फरवरी 2013

हिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो चटकाय।
टूटे से फिर ना जुड़े, जुड़े गाँठ पड़ जाय।।
                                      - रहीम



बहुत कठिन है डगर पनघट की...


बहुत कठिन है डगर पनघट की...
      -डॉ. रत्ना वर्मा
प्यार की कोई भाषा नहीं होती, कोई परिभाषा नहीं होती, न इसे किसी देश-काल से बाँधा जा सकता न किसी बंधन में। प्यार एक अनुभूति है, एक अहसास है, जिसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है। दिल के इस रिश्ते में ऐसी ऊर्जा है, ऐसी ताकत है कि प्यार करने वाले बड़ी से बड़ी मुसीबत का सामना करके भी उसे हासिल करना चाहते हैं । तभी तो कहा गया है, 'बहुत कठिन है डगर पनघट की  जो सुख देता है ; तो दु:ख भी कम नहीं देता। इतिहास के पन्नों को पलट कर देखें तो प्यार की ऐसी मिसालें मिलेंगी ,जिसके बारे में आज के प्यार करने वाले सोच भी नहीं सकते। चाहे वह मीरा का कृष्ण के प्रति अलौकिक प्रेम हो, चाहे राधा का कृष्ण के प्रति समर्पण, शीरीं-फरहाद, हीर-राझा, लैला-मज़नू, सोहिनी-महिवाल जैसे प्रेम करने वालों ने प्रेम को ही भगवान माना और उसकी पूजा की। उन्होंने प्रेम में ही जीवन का सत्य तलाशा और अमर हो गए। यदि कुछ विशेष शब्दों में बाँधे बगैर प्यार के मायने बताने का प्रयास करें ,तो कह सकते है कि प्यार ऐसा जीवनदायी अमृत है ; जो इन्सान को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी ताकत देता है , साथ ही हिंसा, क्रूरता और तनाव से दूर रखते हुए जीवन को खूबसूरती से जीना सिखाता है।
लेकिन उन वैज्ञानिकों को कैसे बताएँ कि भले ही वे गॉड पार्टिकल को खोज लेने का दावा कर लें, पर प्यार के अहसास को समझ पाना आज भी उनके लिए रहस्य है। लेकिन फिर भी वैज्ञानिक यह जानने में बरसों से लगे हुए हैं कि आखिर दो लोगों के बीच होने वाले इस अलौकिक प्यार के पीछे कौन- सा रसायन काम करता है। अन्य खोजों की तरह वे प्यार के रहस्य के भेद को भी जान लेना चाहते है, पर अफ़सोस उनके लिए इस रहस्य की गुत्थी को सुलझाना आसान नहीं है ; क्योंकि प्यार करने वालों ने प्यार के बल पर यह जाना है कि प्यार का दूसरा नाम है विश्वास। प्यार करने वाले एक-दूसरे पर जितना विश्वास करेंगे प्यार की मिठास उतनी ही बढ़ेगी।
वैज्ञानिकों ने अपने शोध से प्यार करने वालों के व्यवहार को देखकर इतना अवश्य जान लिया है कि मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्यार जरूरी है। जिनके सच्चे मित्र होते है, जो सच्चा प्यार करते हैं, वे दूसरो की तुलना में अधिक सफल होते हैं और अधिक जीते हैं । चिकित्सा विज्ञान ने प्यार करने वालों का अध्ययन करके यह पाया है कि पहली नज़र में प्यार के लिए जिम्मेदार शरीर की कुछ रासायनिक क्रियाएँ है। अनुसंधान कर्ताओं ने मानव नसिका में एक विशिष्ट इंद्रिय का पता लगाया है; जिसके अनुसार प्यार करने वालों के अंदर एक रासायनिक क्रिया होती है। अभी तक यह मान्यता थी कि सिर्फ महिलाओं में छठी इंद्रिय होती है जबकि अनुसंधान बताता है कि यह छठी इंद्रिय स्त्री-पुरुष दोनों में समान रूप से पायी जाई है। जो नाक में मौजूद होती है। खैर वैज्ञानिक चाहे जो कर लें, प्यार की गहराई को नापना अभी बाकी है।
प्यार के बारे में इतनी बातें करने के पीछे यह ऋतुराज वसंत है। जिसे प्यार के मौसम के नाम से भी जाना जाता है। आधुनिक समाज इसी मौसम में 14 फरवरी को वेलेंटाइन-डे मना कर अपने प्रेम का इज़हार कर रहा है। परन्तु हम यह क्यों भूल जाते हैं कि भारतवर्ष में तो वंसत के आगमन के साथ ही मदनोत्सव मनाने की प्राचीन पंरपरा रही है। फागुन के आगमन होते ही चैत्र माह तक गीत-संगीत, नृत्य और रंगों की बौछार के साथ यह पर्व कई रूपों में मनाया जाता था। कालिदास के मालविकाग्निमित्रं और हर्ष देव की रत्नावली में मदनदेव की पूजा का उल्लेख है । मदनदेव की पूजा के बाद ही अशोक के फूल खिला देने का अनुष्ठान होता था, जिसमें  एक सुन्दरी नुपूर पहनकर अपने बाएँ पैर से अशोक वृक्ष पर आघात करती थी । पैरों के कोमल आघात से अशोक वृक्ष प्रफुल्लित हो उठता था और फूल खिल उठते थे। आज न मदनदेव की पूजा होती है,न कोई सुंदरी अशोक वृक्ष पर आघात करती है, लेकिन इसका यह मतलब तो नहीं कि फूल नहीं खिलते प्रेम नहीं होता। यह जरूर है कि आज प्रेम को समझने और प्रेम करने के मायने बदल गये है। प्रेम एक दिन का त्योहार हो गया है।
वेलेंटाइन-डे इसी बदलते रूप का एक अंग है। अब जमाना उपहारों के जरिये प्यार का इज़हार करने का है। वेलेंटाइन-डे तो जैसे अपने प्रिय को उपहार देने का दिन ही बन गया है। पहले जब आम बौराते थे, टेसू के फूल खिलने लगते थे, कोयल कुहुकने लगती थी और खेतों में पीले-पीले सरसों के फूल अपनी छटा बिखेरते थे , तो प्रेमी दिलों की धड़कनें अपने आप समझ जाती थीं कि ऋतुराज वसंत ने दस्तक दे दी है और प्रिय से मिलने की घड़ी आ गई है। लेकिन आज अपने दिल की बात प्रिय तक पहुँचाने के लिए बाज़ार एक बहुत बड़ा माध्यम बन गया है। आज का दिन नाच- गानों, पार्टी और उपहारों के आदान-प्रदान तक सीमित होकर रह गया है। इस दिन बाजार लाल गुलाब, तरह तरह के चॉकलेट और उपहारों से पट जाता है। मजबूरी भी है मॉल संस्कृति में इज़हार करने के लिए और कुछ होता भी तो नहीं।
दिल की भावनाओं को व्यक्त करने के लिए आज लोग चाहे जिस भी माध्यम का सहारा लें ,पर प्रेम हमेशा ही पवित्र समर्पण, त्याग और विश्वास का प्रतीक होता है। प्रेम प्रतिदान माँगने का नाम नहीं।यदि यह सब नहीं है तो समझिए वह प्यार नहीं है।  जीवन की इस भागमभाग में मानव के पास अपने विषय में सोचने का भी वक्त नहीं है। ऐसे में यदि हम एक दिन को भी प्रेम के नाम पर समर्पित करते है तो हमारे लिए यह सौ दिन के बराबर होगा। चाहे वह वेलेंटाइन-डे हो या वंसतोत्सव ,जरूरत प्रेम को समर्पित इन दिनों को,सही मायने में समझने की है,मन-प्राण से जीने की और कोमल अहसास को जीवित रखने की।

लोक- संस्कृति

हिन्दी लोक गीतों में बसंत
 कोयलिया बोले डारि-डारि
सुरेश चन्द्र शर्मा
'लोकगीतमन की सहज और सुन्दर अभिव्यक्ति है। सच तो यह है कि 'लोकगीतलोकमन की धड़कन और अनुगूँज है। लोक कवि लोक सौन्दर्य का व्याख्याता होता है। लोकगीतों में लोकांचल की छाप दिखाई देती है। सोहर, नकटा ,गारी, लचारी, फाग, चैता, उठान, कजरी आदि विविध नामों से हम लोकगीतों  की सत्ता को स्वीकार करते हैं। फाग अथवा वासन्ती  लोकगीतों का अपने में एक विशिष्ट स्थान है। भारतीय जनमानस में उत्सव का बड़ा प्रभाव है। ग्रामीण जीवन में उत्सव के प्रति काफी मोहन भाव दिखाई पड़ता है। भारतीय लोक जीवन के विविध स्वरूपों में होली के रंग बिखरे पड़े हैं। लोकगीतों और लोक नृत्यों में होली के रंग अपनी निराली छटा में परिलक्षित होते हैं। ब्रज के किसी गाँव में कदम्ब की छाँव में बैठी भोली राधा जब सखियों के साथ गाती है- मत मारै दृगन की चोट रसिया होरी में , मेरे लग जाएगी  तो गाँव के रसियों के स्वर भी जवाब में कहते हैं- होरी रे रसिया, बरजोरी रे रसिया, आज बिरज में होरी रे रसिया।गाँव की गोरियाँ, रसियों से होरी खेलने की मनुहार पर ध्यान नहीं देती  तो वे कह ही उठते हैं- होरी में लाज न कर गोरी ठीक ही कहा गया है- होली में काहे की लाज? राधा और कृष्ण भी तो जी भरकर रंगों की मन भावन फुहारों में होली खेले थे।
'वसन्तएक जीवन्त कविता और प्राणवान् साकार प्रतिमा है। वसन्त हृदयों का मिलनोत्सव है। वसन्त काल में समूची सृष्टि  ही पुलकित हो जाती है। जीवन में नवजीवन का संचार होता है। फूलों की खुशबू से दिशाएँ गमक उठती हैं। मीलों से सरसों की पीतिमा मन को मोह लेती है। आम के बौर की भीनी गन्ध से वातावरण महक उठता है, किशोरी मंजरियाँ भी फूटने लगती हैं और कलियाँ भी यौवन-भार से बोझिल होकर चटक पड़ती हैं। यह वसन्त, महामिलन का सन्देश लेकर आता है। यह अपनी सुरम्यता से जड़-चेतन को अभिभूत कर देता है।
हिन्दी लोक गीतों में वसन्त का बड़ा ही महत्त्व है। लोकगीत  लोकमन की सहज और मोहक प्रस्तुति है। लोक रचनाकार अपनी हुलस एवं पुलक को लोकगीतों के माध्यम से व्यक्त  करता है। वसन्त से जुड़े लोकगीतों में प्राकृतिक सौन्दर्य की प्रमुखता होती है। इस ॠतु की सबसे बड़ी  विशेषता यही होती है कि उसमें वसुन्धरा नववधू की भाँति कोमल लगती है। वह अनेक रंगों के पुष्पों से अपना शृंगार करती है। कोयल का कोमल कण्ठ वातावरण में अमृत घोल देता है। ऐसा प्रतीत होता है मानो नववधू के आगमन पर मधुर शहनाई बज उठी हो-
नीक लागे फगुनई बयार
कोयलिया बोले डारि-डारि
अमिया की बगिया में सोहे बउरवा
दुलहा के माथे  पर सोहे सेहरवा
भुइयाँ नाचे ला मनवा हमार कोइलिया
लोक कवि बड़ी ही पैनी  दृष्टि रखता  है। वह सौन्दर्य का पारखी और चितेरा भी होता है। प्रकृति  के हर परिवर्तन को  वह देखता रहता है और उसी  रूप  में उसका चित्रण भी  करता है। वसन्त में भावुक मन आनन्द से थिरक उठता है और ऐसी रस भरी ऋतु में वह पुष्पाभरणों से गोरी को सजाने की इन्द्रधनुषी  कल्पनाएँ करता है। इस ऋतु में चारों ओर पकी फसल का सौन्दर्य और मन्द-मन्द मदमाती हवा लोगों को आनन्दित कर देती है। समय बीतने के साथ वसन्त रूपी नायक और अधिक मनमोहक लगता है तभी तो लोक कवि इस रूप में कीर्तिगान करता है-
लेके सिनेमवा पहुँचल पहुनवाँ
गोरिया के जाए के बारे गवनवाँ
खूब कर ले सिंगार पटार कोयलिया
वसन्तकाल में चहुँ ओर  नैसर्गिक सौन्दर्य छाया रहता है। मानव-मन सौन्दर्य- प्रेमी और उत्सव -प्रेमी होता है। वसन्त ऋतु में होलिकोत्सव की अपनी निराली छटा होती है। संयोग और वियोग की बाँसुरी ब्रज के गाँवों की गलियों में आज भी तरंगित होती है। यहाँ के लोक जीवन में राधा-कृष्ण अपने अमिट  रूप में समाहित हैं। ब्रज के लोक गीतों में राधा-कृष्ण के इसी रागमय स्वरूप का मोहक चित्रण हुआ है। केसर का रंग, गुलाल की महक, पग के नूपुर-जहाँ संयोगिनियों को प्रफुल्लित करते हैं, वहीं ऐसे अवसरों पर वियोगिनियों के मन पर दु:ख के बादल भी छा जाते हैं। पिया बिन काहे का वसन्त और किस बात की होली! मन की होली तन-बदन में आग लगा जाती है। वह बार-बार अपने मन से कहती है- अरे यह काहे को फागुन मास आ लगा है। मैं तो पिया के बिना जल रही हूँ-
'कुमकुम चीर रंगौ उमंगयौ,पिचकारी भरी-भरी खेलत होरी,
लाल गुलाल की धूलि उड़ै, मनौ  रंग भरी रस से सर बौरी।
फागुन के दिन श्याम बिना अब कैसे जिएँ बृषभानु किसोरी
व्याकुल बाल धरै नहीं धीर, इतै जरै आप उतै जरै होरी।
राधा और कृष्ण की इस होली ने बृज के करील -कुंजो को पार कर सम्पूर्ण देश को अपने रंगों में रँगा है। चाहे इस देश का काव्य हो या चित्रकला, संगीत हो या मूर्तिकला, सभी में राधा और कृष्ण की होली जी भरकर उभरी है। ब्रज के लोक गीतों में भी राधा और कृष्ण ने जीभरकर होली खेली है नन्द गाँव की सँकरी खोरों से निकलकर कृष्ण होली खेलने आए तो उधर राधा के मन में भी हलचल मच गई। वह भी चल दी प्रीत की गैल पर, लेकिन जब कृष्ण ने राधा को देखा तो  राधा की भी कृष्ण  पर नज़र पर गई। ब्रजश्वरी राधा बेसुध होकर कृष्ण पर गुलाल फेंकने लगी। गुलाल की मूठ, कृष्ण पर मूठ बनकर लगी  और वे खो गए एक-दूसरे में -
' वे नन्दगाँव तै आये इत उत,
आई सुता वह कौनहूँ ग्वाल की
त्यौ पद्माकर होत जुए-जुरी,
दोऊन फाग रची इक ख्याल की।
दीठि परी इनकी उनपै, उनकी इनपै,
परी मूठ उताल की
दीठि से दीठि लगी इनके,
उनकै लगी मूठि-सी मूठि गुलाल की।
 वासन्ती किरणें जब फागुनी बयार के साथ यौवन का संस्पर्श करती हैं, तब प्रकृति का सौन्दर्य अपने चरमोत्कर्ष पर होता है और रूपसियों के यौवन तथा सौन्दर्य की लालिमा हृदयों को  रससिक्त कर देती हैं। शिशिर से दुखी नायिका जब वसन्त में अपने नायक को प्राप्त करती है, तो उसकी तपस्या का फल उसे मिल जाता है -
रंगइबै हम चुनरी यहीं फागुन माँ, फागुन मास पिया घर अइलन
हमरे सेजिया के फूल मुसकइलन, मगन तन-मन री यहि फागुन माँ
नायिका की प्रसन्नता की सीमा नहीं रहती और आम के बाग में कोयल का मधुर स्वर सोने में सुगन्ध का काम करता है। पुरवाई का मन्द-मन्द झोंका नायिका के मिलन और उससे उत्पन्न भावों को और अधिक प्रभावित करता है। वह हर्षित होकर कहती है-
सखी आयल मधुमास अँगनवाँ,
साँच भैल जिनगी के सपनवाँ
छपावे पच लुगरी यही फागुन माँ
इस प्रकार हम देखते हैं कि वसन्त नर-नारी की मधुर भावनाओं का पूरक और प्रेरक दोनों है। महुआरी और अमराई की हरीतिमा और सुन्दरता  के मध्य वसन्त के कौतुक को देखकर मन पुरानी स्मृतियों में खो जाता है। महुआ की डालियों पर गदराए हुए कूँच मन को बरबस लुभा लेते हैं। लोकरस  में पगा मेरा अन्तर्मन थिरकने लगता है और होंठों से एक रसीला गीत छलक पड़ता है-
बसन्ती झुर-झुर झुरके बयार
बयरिया झूमे हर घर द्वार
नए-नए कोंपल में नया-नया फूल खिलल
बाग बगीचा में रस के फुहार मिलल
रस-भीनी आइल बहार। बसन्ती...
भोरवै में हँसि-हँसि के हमके जगावै
गूँ-गूँ भँवरवा कै गितिया सुनावै
चिरई भी गावै मल्हार। बसन्ती...
महुअल की डारिन पै कूँच गदरइलै
कौनो वियोगिन को पिया घर अइले
पिहकत पपीहा बार-बार
बसन्ती झुर-झुर झुरके बयार।
बसन्त यदि किसी के लिए सुखदायी है तो किसी के लिए दुखदायी भी है। नायिका का नायक यदि कहीं दूर हो तो विलगाव की घड़ी असह्य बन जाती है। सच ही कहा गया है कि पति-वियोग स्त्री के लिए अभिशाप  के समान होता है ऐसे में वह नायक के विदेश जाने पर उपालम्भ देती है। उसका उपालम्भ देना उचित है। बसन्त अपने मनमोहक कौतुक से विरहिणी के मदन-कलश को छलकाने लगता है। छलकाव की इस स्थिति में उसका इस प्रकार का कथन सर्वथा सत्य ही प्रतीत होता है-
छलकत गगरिया मोर निरमोहिया
छलकत गगरिया मोर
रहि-रहि चन्दनिया चन्दा के निहारे
धई-धई अँचरवा के छोर
पनघट पपीहा पिउ-पिउ पुकारे
पियवा गइल कौनी ओर निरमोहिया
छलकत गगरिया मोर...
वसन्त जड़-चेतन सभी को अभिभूत कर देता है। वन-पाखी भी प्रेमराग गाने लगते हैं। सच तो यह है कि फाग के रागों से छलकती हुई मादकता जड़-चेतन को रागमय बना देती है और रसिक हृदय को भारतीयता का स्नेहिल एवं सौन्दर्ययुक्त सौरभ भी प्रदान प्रदान करती है। वसन्त-मिलन का सन्देश  ही लेकर नहीं आता ,वरन् दो विलग हुए दिलों को जोड़ता भी है। नर-नारी ही नहीं, पशु-पक्षी भी इस काल में कामासक्त होकर प्रणयालाप करते हैं। प्रणयराग की मधुर रागिनी छेड़ते हैं, तभी तो लोक रचनाकर को इस प्रकार लिखना ही पड़ा-
मोरवा के ठोरवा मोरिनिया सिखावे,
भरि-भरि ठोखा के लेल
भँवरा लुभाइल कमलनी अँगवा ,
कइसन सनेहिया क जोर निरमोहिया
छलकत गगरिया
कोयल  की 'कूकऔर  पपीहा की 'पी कहाँकी आवाज नायिकाओं के तन-मान को रसमय बना देती है। आम्रबौर  की भीनी गमक एवं महुआ के कूँचों की मदिर रस छलकाती गन्ध वातावरण में एक अजीब प्रकार का नशा घोल देती है।  महुआरी के कूँचों से मदन-रस नायिका को भी सराबोर कर देता है और उसके अधरों से यह लोकगीत छलक ही पड़ता है-
महुआ के कुँचवा मदन-रस टपके
बहै पुरवइया सजोर निरमोहिया
छलकत गगरिया मोर
विभिन्न लोक सस्कृतियों के प्रदेश  हरियाणा में फागुनी संवेदना का सुखद अहसास वहाँ के लोकगीतो से स्पष्ट मिलता है। फागुनी मस्ती में यवक युवतियाँ  झूम उठते हैं। ललनाओं का नूर दो गुना बढ़ जाता है। गाँव-गाँव, गली-गली फागुन के गीत गूँज उठते हैं। इस मस्ती को उजागर करता एक लोकगीत बड़ा ही हृदयस्पर्शी है -
कच्ची अम्बली गदराई सामण में
बूढ़ी री लुगाई मस्ताई फागण में
कहियो री उस ससुर मेरे नै
बिन घाली ले ज्या फागण मै
कहियो री उस बहुए म्हारी नै
चार बरस डट ज्या पीहर मै
कहियो री उस जेठ मेरे नै
बिन घाली ले ज्या फागण मै
लोक-जीवन से अविच्छिन्न रूप से जुड़े  हुए इन गीतों के द्वारा  हास -परिहास एवं आन्तरिक भावनाओं को व्यक्त करने के अवसर मिलते हैं। बिहार अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है । बिहार के विभिन्न अंचलों के लोक गीतों में होली के रंग अपनी विषिष्ट पहचान रखते हैं। मिथिला की खुशबू से समाहित यह वासन्ती गीत मन को गुदगुदाता है-
ब्रज के बसइया कन्हैया गोआला
रंग भरी मारै पिचकारी
मध्यप्रदेश के बुन्देलखण्ड में लोक कवि इसुरी की फागें इतनी प्रचलित हैं कि परिवार का प्रत्येक सदस्य  इन्हें  मस्ती में गाता है। इनकी फागों में नायक के नख-शिख का वर्णन तथा रमणी के नयनों और उससे निकले बाणों का वर्णन बड़ी सूक्ष्मदर्शिता से किया गया है -
ऐसे अलबेले नयना मुख से कात बने ना
तामे परे साऊ छिदू जावे, अगल-बगल बरके ना
लागत चोट निसाने ऊपर, पंछी पड़त बचे ना
जियरा लेत पराए ईसुर जे निरई किसके ना
पूर्वांचल की अपनी अलग ही मनमोहक संस्कृति है । पुरवा हवा तो नायिकाओं को जीने नहीं देती-बसन्त में। बहती हुई पुरवाई उसकी विरह-वेदना को और भी अधिक बल प्रदान करती है -
सखी फागुन का अजब बहार है
अँचरवा फहरल करे
साँझ-सकारे घर के दुआरे
भीतर-बाहर अरू पिछवारे
कोइलिया गावै मल्हार... अँचरवा...
वसन्त के अवसर पर देश के विविध अंचलों में गाए जाने वाले ये लोकगीत हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज जबकि शहरी
जीवन में वासन्ती रंग फीके पड़ते जा रहे हैं, ऐसे में लोकगीतों को सहेजकर रखना नितान्त आवश्यक है।

दो ग़ज़लें



- गिरीश पंकज
दस व्यंग्य संग्रह और पांच उपन्यासों के लेखक गिरीश पंकज वैसे तो मूलत: व्यंग्यकार के रूप में ही पहचाने जाते हैं लेकिन बहुत कम लोग इस तथ्य से परिचित हैं कि वे ग़ज़लें भी कहते हैं। गत वर्ष उनका दूसरा ग़ज़ल संग्रह यादों में रहता है कोई प्रकाशित हुआ है-
ढाई आखर

1
प्यार की भाषा रहे मनुहार की भाषा,
सच कहें तो है यही संसार की भाषा।

नफ़रतों के वार से दुनिया नहीं बचनी,
चाहिए हमको सदा इक प्यार की भाषा।

जीतने का हौसला लेकर चले हैं हम,
व्यर्थ क्यों बोलें हमेशा हार की भाषा।

प्यार से जिनसे मिलो निकले सयाने वे,
हमसे ही कहने लगे व्यापार की भाषा।

प्यार में इनकार तो पहला कदम-सा है,
बाद में हो जाए वो इकरार की भाषा।

जोड़ दे गर दो दिलों को है सही अलफ़ाज़,
तोड़ दे रिश्ते तो है बेकार की भाषा।

तोड़कर के जो सभी सीमाएँ बढ़ती हैं,
दरअसल है प्यार ही व्यवहार की भाषा।

ग्रंथ कितने ही पढ़े हैं ,डिगरियाँ पाईं,
ढाई आखर में छिपी थी सार की भाषा।

हमको आखिर क्यों मिले सम्मान सरकारी,
बोलता 'पंकजकहाँ सरकार की भाषा।
----------
प्यार ही जीतेगा

2
हमको वह विश्वास जिताया करता है,
अक्सर जो भीतर से आया करता है।

पत्थर की मूरत तो पत्थर है बिलकुल,
ईश्वर का अहसास बचाया करता है।

मैंने दोनों से यारी अब कर ली है,
दु:ख आता है, सुख भी आया करता है।

जख्म मिले हैं अपनों से मिलते ही हैं,
वक्त हमारे घाव मिटाया करता है।

अहसानों से दबा हुआ है बेचारा,
उफ़ वो कितने बोझ उठाया करता है।

उन पर ज्यादा यकीं नहीं करना अच्छा,
हमको हर सपना भरमाया करता है।

वह मेरा दुश्मन है लेकिन प्यारा है,
मेरे ही गीतों का गाया करता है।

इक दिन इस दुनिया में प्यार ही जीतेगा,
रोज़ मुझे यह स्वप्न लुभाया करता है।

 'पंकजइक राजा है अपनी दुनिया का,
सद्भावों को रोज लुटाया करता है।
संपर्क: 26, सेकेंड फ्लोर, एकात्म परिसर, रायपुर (छ.ग.) 492001, मोबाइल- 9425212720, E-mail: girishpankaj1@gmail.com