मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 2, 2025

प्रेरकः क्रोध का उपचार कैसे करें?

  - निशांत

हमारे भीतर क्रोध तब उपजता है, जब हम स्वयं से तथा क्रोध उपजानेवाले दीर्घकालिक और तात्कालिक कारणों से अनभिज्ञ होते हैं। इस अनभिज्ञता के कारण ही क्रोध जैसे अप्रिय मनोभाव का उदय होता है। लालसा, अभिमान, उत्तेजना, ईर्ष्या और संदेह भी क्रोध का मूल हैं। चूँकि क्रोध हमारे भीतर ही जन्म लेता है; इसलिए हम ही इसके प्राथमिक कारक हैं। अन्य व्यक्ति तथा परिवेश आदि सदैव गौण होते हैं। प्रकृति के प्रलयंकारी विप्लव यथा भूकंप अथवा बाढ़ आदि द्वारा घटित विनाश एवं हानि का आकलन करना हमारे लिए कठिन नहीं है और उन्हें हम किंचित सहनशीलता से स्वीकार भी कर लेते हैं; लेकिन जब कोई व्यक्ति हमें क्षति पहुँचाता है , तो हमारा धैर्य चुक जाता है। हमें इस पर विचार करना चाहिए कि जिस प्रकार भूकंप अथवा बाढ़ आदि के सुनिश्चित कारण होते हैं, उसी प्रकार हमारे भीतर क्रोध भड़कानेवाले व्यक्ति के भीतर भी हमें क्रुद्ध करने के लिए दीर्घकालिक एवं तात्कालिक कारण मौजूद होते हैं। ठीक वही कारक हमारे भीतर भी अवस्थित हो सकते हैं।

उदाहरण के लिए, यह संभव है कि हमसे दुर्व्यवहार करने वाले व्यक्ति के साथ एक दिन पहले किसी ने बुरा बर्ताव किया हो या उसके पिता ने उसपर बचपन में क्रूरता बरती हो। ये घटनाएँ उसके भीतर क्रोध उपजाने वाले तात्कालिक या सुषुप्त कारक हो सकतीं हैं। यदि हम इन कारणों या कारकों को अंतर्दृष्टि के साथ और बोधपूर्वक समझने लगेंगे तो क्रोध से मुक्ति सहज हो जाएगी। इसका अर्थ यह नहीं है कि हमारे ऊपर घातक प्रहार करने वाले व्यक्ति को यूँ ही जाने दिया जाए, उसे अनुशासित करना अति आवश्यक है ; लेकिन इसके पहले यह ज़रूरी है कि हम अपने भीतर से नकारात्मकता को बाहर निकाल फेंकें। किसी व्यक्ति की सहायता करने अथवा उसे सही मार्ग पर लाने के लिए हमारे भीतर करुणा होनी चाहिए। जब तक हम अन्य व्यक्तियों के दुःख की समानुभूति नहीं करेंगे, तब तक हम इस योग्य नहीं बन सकते कि उसे दुःख और भ्रान्ति के दलदल से बाहर निकाल सकें। क्रोध के उपचार के लिए इन बिन्दुओं पर भी मनन करना उपयोगी होगा:

किसी कष्टदायक परिस्थिति का सामना करने पर हमारे भीतर प्रतिरोध की भावना जन्म लेती है और हमारा क्रोध बढ़ने लगता है। हमारे क्रोध की अभिव्यक्ति सामनेवाले व्यक्ति के भीतर खलबली मचाती है और वह अपनी पीड़ा से मुक्ति पाने के लिए फिर कुछ ऐसा कहता या करता है, जिससे हमारा क्रोध उग्र हो जाता है। यह एक चक्र की भांति है। इसलिए यह कहा जाता है कि ऐसी दशा में उस परिस्थिति से बाहर निकाल जाना ही सबसे उचित उपाय है; लेकिन ऐसे भी कुछ अवसर हो सकते हैं, जब यह उपाय कारगर न हो। यह और कुछ नहीं; बल्कि पलायन ही है।

हमारे अंगों की भांति ही क्रोध भी हमारी काया का ही एक भाग है। अंतस् में क्रोध उपजने पर हम इससे यह नहीं कह सकते- “दूर चले जाओ, क्रोध! मैं तुम्हें नहीं चाहता!” जब हमारे पेट में दर्द होता है तब हम यह नहीं कहते - “दूर हट जाओ, पेट! मत दुखो!” इसके उलट हम उसका उपचार करते हैं। ऐसा ही हमें क्रोध के साथ भी करना होता है। क्रोध और घृणा की उपस्थिति प्रेम और स्वीकरण के अभाव की द्योतक नहीं होती। प्रेम सदैव भीतर रहता है। उसकी खोज करनी पड़ती है।

क्रोध उपजने की दशा में कुछ सँभलें और अपने ग्रहणबोध का अवलोकन करें। यह कुछ कठिन है पर साधने पर सध जाता है। हम सभी बहुधा ही अनुभूतियों के संग्रहण में तत्परता दिखाते हैं और अनुचित भावनाओं को प्रश्रय देते हैं , जबकि हमारे भीतर करुणा और शांति का इतना विराट संचय होना चाहिए कि हम अपने विरोधियों से भी प्रेम कर सकें।

जब आपको किसी व्यक्ति पर क्रोध आये तो यह नहीं दर्शाएँ कि आप क्रुद्ध नहीं हैं। यह भी नहीं दिखाएँ कि आपको बिलकुल पीड़ा नहीं हुई है। यदि सामनेवाला व्यक्ति आपका प्रिय है, तो आपको उसे यह जताना चाहिए कि आपको उसके वचनों या कर्मों से दुःख पहुँचा है। उसे यह प्रेमपूर्वक बताएँ।

प्रारंभ में आप यह समझ नहीं पाएँगे कि आपके भीतर क्रोध कैसे उपजता है और यह भरसक प्रयत्न करने के बाद भी क्यों नहीं गलता। यदि आप अपने मनोभावों के प्रति जागरूक बनें और क्षण-प्रतिक्षण सजग एवं सचेत रहने का अभ्यास करेंगे, तो आप क्रोध की प्रकृति को पहचान जाएँगे और इससे छुटकारा पाना सरल हो जाएगा।

किसी भी व्यक्ति में क्रुद्ध होने के संस्कार अल्पवय में पड़ते हैं। इसका संबंध दिन-प्रतिदिन घटनेवाली घटनाओं से है। यदि आप भेदभाव किये बिना स्वयं की देखभाल करेंगे और मन में नकारात्मकता को हावी नहीं होने देंगे, तो आपकी सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होगी। गीता में कहा गया है - “भुने बीजों में कामना का अंकुर नहीं फूट सकता”, इस बात को मैं क्रोध पर भी लागू करता हूँ।

क्रोध और हताशा का प्रवाह बहुधा बहा ले जाता है, फिर भी मानव मन के किन्हीं कोटरों में प्रेम और क्षमा बची रह जातीं हैं। क्रोध प्रत्येक प्राणी को आता है पर मनुष्यों में यह योग्यता है कि वे दूसरे व्यक्ति से सार्थक संवाद स्थापित कर सकते हैं। हम मनुष्य क्षमाशील हैं। हम करुणावश अपना सर्वस्व भी न्योछावर करने की शक्ति व संकल्प रखते हैं। हम केवल क्रोध एवं दुःख का समुच्चय नहीं हैं। अपने क्रोध का अवसान करने शांति प्राप्त कर सकते हैं। केवल क्रोध को दूर करने के प्रयोजन के लिए ही नहीं; बल्कि स्वयं के भीतर उतरकर देखने के अभ्यास के फलस्वरूप हम अन्य मनोविकारों से भी छुटकारा पा सकते हैं। हम क्रोध के बीज को अंकुरण की प्रतीक्षा करते भी देख सकते हैं। वास्तविकता का भान होने पर हम यह जान जाते हैं कि क्रोध का मूल कारण हमारे भीतर ही निहित होता है और वह व्यक्ति निमित्त मात्र है, जिसपर क्रोध किया जा रहा है। वह हमारे क्रोध का पात्र नहीं है। क्रोध हमारे भीतर है; अतः हम ही उसका पात्र हैं।

यदि आपके घर में आग लग जाए, तो आप सबसे पहले क्या करेंगे? आप आग बुझाने का जतन करेंगे या आग लगानेवाले व्यक्ति-वस्तु की खोज करेंगे? उस घड़ी में यदि आप आग लगने के कारणों का अनुसंधान करने लगेंगे, तो आपका घर जलकर ख़ाक हो जाएगा। ऐसे में सर्वप्रथम आग बुझाना ही श्रेयस्कर है। अतः क्रोध की अवस्था में आपका अन्य व्यक्ति से वाद-विवाद जारी रखना उचित नहीं होता।

क्रोध आने की दशा में पानी पी लेना, सौ तक की गिनती गिनना, मुस्कुराना, या उस स्थान से दूर हट जाना समस्या का समाधान नहीं है। यह एक प्रकार का दमन ही है इसलिए मैं ऐसे उपायों का समर्थन नहीं करता। क्रोध एक आतंरिक समस्या है और इसका कोई बाहरी समाधान नहीं है।

तिक न्यात हंह की एक पुस्तक से एक कथा उद्घृत करना चाहूँगा:

एक धर्मावलम्बी महिला अमिताभ बुद्ध की नियमित आराधना करती थी। दिन में तीन बार घंटी बजाकर- ‘नमो अमिताभ बुद्ध’ मन्त्र का एक घंटा जप करना उसकी दिनचर्या में शामिल था। मन्त्र का एक हज़ार जप करने पर वह पुनः घंटी बजाती। यह आराधना करते उसे दस वर्ष हो रहे थे; पर उसके व्यक्तित्व में कोई परिवर्तन नहीं आया। उसके भीतर क्रोध और अहंकार भरपूर था और वह लोगों पर चिल्लाती रहती थी।

उस महिला का मित्र उसे सबक सिखाना चाहता था। एक दिन महिला जब अगरबत्तियाँ जलाकर और तीन बार घंटी बजाकर ‘नमो अमिताभ बुद्ध’ मन्त्र का जप करने के लिए तैयार हुई तब उसके मित्र ने दरवाज़े पर आकर कहा, “श्रीमती नगुयेन, श्रीमती नगुयेन!” यह सुनकर महिला को बहुत गुस्सा आया; क्योंकि वह जप करनेवाली ही थी। वह मित्र दरवाजे पर खड़ा रहा और उसका नाम पुकारता रहा। महिला ने सोचा, मुझे अपने क्रोध पर विजय पानी है, मैं उसके पुकारने पर ध्यान ही नहीं दूँगी। वह ‘नमो अमिताभ बुद्ध’ का जप करने लगी।

वह व्यक्ति दरवाजे पर खड़ा था और बार-बार उसे पुकार रहा था, दूसरी ओर महिला का क्रोध बढ़ता जा रहा था। वह क्रोध से लड़ रही थी। उसके मन में आया, क्या मुझे जप रोककर उठ जाना चाहिए? लेकिन उसने जप करना जारी रखा। भीतर क्रोध की आग धधकती जा रही थी और बाहर जप चल रहा था, ‘नमो अमिताभ बुद्ध’। उसका मित्र उसकी दशा भाँप रहा था; इसलिए वह दरवाज़े पर खड़ा पुकारता रहा, “श्रीमती नगुयेन, श्रीमती नगुयेन!”

महिला और अधिक बर्दाश्त नहीं कर सकी। उसने अपने घंटी और आसनी फेंक दी, भड़ाम से दरवाजा खोला और मित्र से चीखती हुई बोली, “तुम ऐसा क्यों कर रहे थे? बार-बार मेरा नाम लेने की क्या ज़रूरत थी?

उसका मित्र मुस्कुराता हुआ बोला, “मैंने सिर्फ दस मिनट ही तुम्हारा नाम लिया और तुम इतना क्रोधित हो गईं! ज़रा सोचो, दस साल से तुम बुद्ध का नाम ले रही हो, वे कितना क्रोधित हो गए होंगे।?” (हिन्दी जेन से)


लघुकथाः गुब्बारा

 - श्यामसुन्दर 'दीप्ति'

गली में गुब्बारेवाला रोज गुजरता। वह बाहर खड़े बच्चे को गुब्बारा पकड़ा देता और बच्चा माँ-बाप को दिखाता। फिर बच्चा खुद ही पैसे दे जाता था । इसी तरह एक दिन मेरी बेटी से हुआ। मैं उठकर बाहर गया और गुब्बारे का एक रुपया दे आया। दूसरे दिन फिर बेटी ने वैसा ही किया। मैंने कहा, "बेटे, क्या करना है गुब्बारा? रहने दो न!" पर कहाँ मानती थी, रुपया ले ही गई। तीसरे दिन जब रुपया दिया तो लगा कि भई रोज-रोज तो यह काम ठीक नहीं। एक रुपया रोज महज दस मिनट के लिए। अभी फट जाएगा।

मैंने आराम से बैठकर बेटी को समझाया,"बेटे! गुब्बारा कोई खाने की चीज है? नहीं न! एक मिनट में ही फट जाता है। गुब्बारा अच्छा नहीं होता। अच्छे बच्चे गुब्बारा नहीं लेते। हम बाजार से कोई अच्छी चीज लेकर आएँगे।"

वह सिर हिलाती रही।

अगले दिन जब गुब्बारेवाले की आवाज गली में आई, तो बेटी बाहर न निकली और मेरी तरफ देखकर कहने लगी, "गुब्बारा अच्छा नहीं होता न। भैया रोज ही आ जाता है। मैं उसे कह आऊँ कि वह चला जाए।"

"वह आप ही चला जाएगा।" मैंने कहा। वह बैठ गई।

उससे अगले दिन गुब्बारेवाले की आवाज सुनकर वह बाहर जाने लगी, तो मुझे देख कहा, "मैं गुब्बारा नहीं लूँगी" और जब वह वापस आई, तो फिर कहा, "अच्छे बच्चे गुब्बारे नहीं लेते न? राजू तो अच्छा बच्चा नहीं है। गुब्बारा तो एक मिनट में फट जाता है।" और कहती हुई मम्मी के पास रसोई में चली गई और मम्मी से कहने लगी, "मम्मी जी, मुझे गुब्बारा ले दो न!"

पिछले दिनों - सुनीता आर्ट गैलरी में लोक कलाकारों का भावनात्मक संगम

 दाऊ रामचंद्र देशमुख जयंती

भिलाई प्रगति नगर रिसाली में स्थित सुनीता आर्ट गैलरी एवं म्यूज़ियम में पिछले दिनों छत्तीसगढ़ की लोक सांस्कृतिक चेतना के प्रेरणास्रोत कला ऋषि दाऊ रामचंद्र देशमुख जी के जन्मदिवस 25 अक्टूबर के अवसर पर एक गरिमामय सांस्कृतिक एवं कलात्मक समागम का आयोजन हुआ।

इस आयोजन में चंदैनी, गोंदा और कारी से जुड़े कई वरिष्ठ कलाकार शामिल हुए जिन्होंने रामचंद्र देशमुख जी के साथ कार्य किया था। इस अवसर पर सभी कलाकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दाऊ जी की स्मृतियों और उनके  छत्तीसगढ़ के प्रति लोककला के योगदान को भाव विभोर होकर याद किया। ज्ञात हो कि 70 के दशक में गाँव - गाँव में प्रदर्शित रामचंद्र देशमुख के लोक नाट्य चंदैनी गोंदा और कारी ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति में नए प्रतिमान स्थापित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दाऊ जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन करके किया गया। तदुपरांत आर्ट गैलरी की संस्थापक डॉ. सुनीता वर्मा ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत और  अभिनंदन करते हुए कहा - आज के इस आत्मीय और भावनात्मक आयोजन से मेरी आर्ट गैलरी को आप सभी वरिष्ठजन का आशीर्वाद मिल गया है। मैं अभीभूत हूँ और हृदय से आप सभी का स्वागत करती हूँ।  

इसके पश्चात् प्रो. सुरेश देशमुख, जो दाऊ जी के साथ उनकी कला यात्रा में आरंभ से साथ रहे, ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा - दाऊ जी ने छत्तीसगढ़ की लोककला को जन-जन तक पहुँचाने के साथ समाज में व्याप्त भेद-भाव की रूढ़ परंपराओं में बदलाव लाने का दायित्व बखूबी निभाया है।  उस दौर के साथी कलाकार चूँकि एक के बाद एक साथ छोड़ते चले जा रहे हैं, अतः उन कलाकारों की स्मृतियों और अनुभवों को संरक्षित करना अब जरूरी हो गया है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को सँजोया और गढ़ा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सम्मानित कलाकारों में प्रमुख रहे - प्रो. शैलजा ठाकुर, अनुराग ठाकुर चौहान, साधना यादव,  संतोष झाँझी, डॉ. मीनाक्षी दुबे, कविता वासनिक, विवेक वासनिक, प्रो. सुरेश देशमुख, मदन शर्मा, विजय मिश्रा, प्रमोद यादव, विनायक अग्रवाल, कृष्ण कुमार चौबे, अग्नू, अरुण निगम और विजय वर्तमान। अन्य आमंत्रित अतिथि थे- डॉ. रत्ना वर्मा, डॉ. तरुण नायक, राजेन्द्र वर्मा, आयुश चंद्रवंशी और धनंजय ।

सुनीता आर्ट गैलरी में आयोजित इस कार्यक्रम में  भोजनोपरांत सभी वरिष्ठ कलाकारों का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। लोक कलाकारों की उपस्थिति में  सुनीता आर्ट गैलरी का यह परिसर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक भूली- बिसरी यादों से गुंजायमान रहा। 

Oct 1, 2025

उदंती.com, अक्टूबर 2025


 वर्ष 18, अंक- 3


मन की कंदीलें जलीं, भरने लगा उजास। 
अवसादी परिवेश में, लौट रही फिर आस।।
                                            - हरेराम समीप


इस अंक में 

अनकहीः अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा - डॉ.  रत्ना वर्मा

पर्व-संस्कृतिः समुद्र-मंथन से अवतरित  लक्ष्मी के रूप में समाई प्रकृति - प्रमोद भार्गव

कविताः 1. दीप क्या है? 2. दीपक जलते रहना - रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

पर्व- संस्कृतिः छत्तीसगढ़ की दीपावली में मिट्टी कला - डॉ. सुनीता वर्मा

दो कविताएँः 1. दिवाली आई है, 2. एक दिवाली दिल में... - डॉ. कुँवर दिनेश सिंह 

कविताः ज्योति का उत्सव मनाएँ  - डॉ. शिवजी श्रीवास्तव

पर्यावरणः तेज़ आवाज़ और आपके कान - डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन, सुशील चंदानी

पर्व संस्कृतिः जाने कहाँ गए वो दिन... - प्रियंका गुप्ता

कविताः क्या रखा है अब इन बातों में - डॉ. कविता भट्ट शैलपुत्री

संस्मरणः पार्क की सुनहरी शाम - जैस्मिन जोविअल

वृद्ध दिवसः  अनुभव का पिटारा है इनके पास - जेन्नी शबनम

दो लघुकथाएँः 1. आम आदमी, 2. और यह वही था - डॉ. शंकर पुणतांबेकर

दो लघुकथाएँः 1. मकान, 2. संतू  - श्याम सुन्दर अग्रवाल

पंजाबी कहानीः विषधर - बचिंत कौर - अनुवाद : सुभाष नीरव

कविताः आत्मदीप - हरिवंशराय बच्चन 

व्यंग्यः अमीर बचाइए, सिस्टम बचेगा - जवाहर चौधरी  

नज़्में: दीवाली के दीप जले - फ़िराक़ गोरखपुरी

 किताबेंः ‘कुछ रंग’ ग्राम्य जीवन की संवेदनाओं का रंगमंच -  पूनम चौधरी

 कविताः जगमग जगमग - सोहन लाल द्विवेदी

अनकहीः अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा

- डॉ.  रत्ना वर्मा
 मधुवाता ऋतायते मधुक्षरन्ति सिन्धव: 

माध्वीन: सन्त्वोषधी:। मधु नक्तमुतोषसो

मधुमत्पार्थिव रजः। मधु: द्यौरसंतु नः पिता।

(ऋग्वेद, मंडल 1, सूक्त 90, ऋचा-6-7 )

अर्थात् मधुर वायु हमारे लिए संचरण करें, नदियों में मधुर जल भरा रहे। सभी औषधियाँ मधुरता से युक्त हों। रात और दिन मधुर हों, पृथ्वी का अणुमात्र भूमिकण मधुरता से युक्त हो। अन्तरिक्ष हमारे लिए माधुर्यपूर्ण हो।

मानव सभ्यता का इतिहास यह बताता है कि हर युग में मनुष्य ने सुख और समृद्धि की तलाश की है; किंतु इस सुख की खोज में कभी- कभी हम अपनी जड़ों को, अपनी प्रकृति को भूल जाते हैं। आज का भारत और विश्व इसी चुनौती के दौर से गुजर रहा है। इस वर्ष भीषण बारिश और बाढ़ ने कई राज्यों को डुबो दिया, उत्तराखंड जैसी पर्वतीय भूमि में तबाही का दृश्य हमें यह सोचने को मजबूर करता है कि कहीं विकास के नाम पर हमने प्रकृति से छेड़छाड़ की बहुत बड़ी कीमत तो नहीं चुका दी?

आधुनिक समय में विकास को प्रायः ऊँची इमारतों, चौड़ी सड़कों, बड़े बाँधों और उद्योगों से जोड़ा जाता है; लेकिन क्या यही विकास का वास्तविक स्वरूप है? यदि हमारे बच्चों को स्वच्छ वायु, निर्मल जल और सुरक्षित पर्यावरण न मिले, तो यह कैसा विकास हुआ? वास्तविक विकास वही है, जिसमें मनुष्य और प्रकृति दोनों साथ- साथ फलें- फूलें। यदि हम केवल भौतिक सुविधाएँ बढ़ाते जाएँ और धरती की जीवनदायिनी शक्तियों को नष्ट करते रहें, तो यह विकास नहीं, विनाश की ओर कदम है। 

ऋग्वेद का उपर्युक्त मंत्र हमें यही याद दिलाता है कि हमारा लक्ष्य ऐसा समाज हो, जहाँ पर्यावरण शुद्ध और जीने लायक हो। 

हाल की आपदाएँ केवल प्राकृतिक दुर्घटनाएँ नहीं थीं, बल्कि हमारे असंतुलित विकास की परिणति थीं। पिछले कई दशकों से विशेषज्ञ चेतावनी देते आए हैं कि पहाड़ों को काटकर, नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को रोककर, जंगलों को नष्ट करके और सुरंगों व विशाल भवनों का निर्माण करके हम धरती को खोखला कर रहे हैं; किंतु अफसोस यह है कि इन चेतावनियों को अक्सर अनसुना कर दिया गया। परिणाम यह हुआ कि बाढ़, भूस्खलन, सूखा और जलवायु असंतुलन हमारे जीवन का हिस्सा बन गए। जब नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को बाँधा जाता है, तो वे किसी दिन बंधन तोड़कर तबाही मचाती हैं। जब वनों को काटा जाता है, तो वर्षा का संतुलन बिगड़ता है और भूमि अपनी जलधारण क्षमता खो देती है। यही कारण है कि पहले जो वर्षा वरदान होती थी, आज वह अभिशाप लगने लगी है।

अब प्रश्न यह है कि हम कैसा जीवन और कैसा पर्यावरण चाहते हैं? यदि हम चाहते हैं कि हमारी आने वाली पीढ़ियाँ सुखमय जीवन जिएँ, तो हमें अभी से ठोस कदम उठाने होंगे। हम उन्हें केवल आधुनिक भवन, गाड़ियाँ और तकनीक न दें, बल्कि स्वच्छ वायु, निर्मल जल, सुरक्षित वन और संतुलित जलवायु भी दें। यही हमारी ओर से उन्हें सबसे बड़ी शुभकामना होगी।

हमारे शास्त्रों में पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत दर्शन निहित है। ऋग्वेद, यजुर्वेद, अथर्ववेद– सभी में प्रकृति के तत्त्वों को देवतुल्य माना गया है। वायु, जल, अग्नि, भूमि, सूर्य- ये सभी पूजनीय हैं। यह पूजा केवल अनुष्ठान नहीं; बल्कि हमें यह स्मरण कराती है कि इन तत्त्वों की रक्षा करना ही मानव का परम कर्तव्य है।

ओ३म् शं नो वात: पवतां शं नस्तपतु सूर्य:।

शं न: कनिक्रदद्देव: पर्जन्योऽअभि वर्षतु (यजुर्वेद 36/10)

अर्थात हे परमेश्वर! पवन हमारे लिए सुखकारी चले, सूर्य हमारे लिए सुखकारी तपे, अत्यन्त उत्तम गुणयुक्त विद्युत् रूप अग्नि हमारे लिए कल्याणकारी हो और गरजता हुआ मेघ हमारे लिए सब ओर से सुख की वर्षा करे।

यह मंत्र हमें स्पष्ट संदेश देता है कि व्यक्तिगत सुख तभी संभव है जब धरती का कल्याण हो। यदि पृथ्वी का स्वास्थ्य बिगड़ेगा, तो मनुष्य की कोई भी सुविधा उसे सुख नहीं दे पाएगी। पेड़ केवल ऑक्सीजन नहीं देते, वे मिट्टी और जल को भी बाँधकर रखते हैं; अतः पहाड़ों को काटना, नदियों को बाँधना या सुरंगों से छलनी करना- रोकना होगा। कोयला, पेट्रोलियम जैसी प्रदूषणकारी ऊर्जा से हटकर सौर, पवन और जल–ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करना होगा। सबसे महत्त्वपूर्ण है-  प्रत्येक नागरिक को यह समझना होगा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं; बल्कि हर घर की, हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हाँ, सरकारों को भी यह तय करना होगा कि किसी भी विकास परियोजना का मूल्यांकन केवल आर्थिक लाभ से न किया जाए, बल्कि उसके पर्यावरणीय प्रभाव को सर्वोपरि रखा जाए।

आज जब हम बार–बार प्रकृति के क्रोध का सामना कर रहे हैं, तो हमें यह मानना होगा कि यह केवल प्राकृतिक आपदा नहीं है, बल्कि हमारे गलत निर्णयों का परिणाम है। यदि हम सचमुच सुखी जीवन और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य चाहते हैं, तो हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा।

ऋग्वेद का मंत्र हमें प्रकृति की मधुरता की याद दिलाता है और यजुर्वेद का शांति मंत्र हमें यह सिखाता है कि शांति और कल्याण तभी संभव है, जब पृथ्वी स्वस्थ हो। अतः हमारा संकल्प यही होना चाहिए- विकास हो, लेकिन ऐसा विकास जो पर्यावरण के अनुकूल हो, जो वायु और जल को शुद्ध रखे, जो पृथ्वी को आने वाले युगों तक जीवनदायिनी बनाए रखे।