मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 23, 2018

फलों का पेड़ बनने की कला

फलों का पेड़
बनने की कला
- डॉ. अर्पिता अग्रवाल
किसी गाँव में एक गरीब ब्राह्मणी अपनी दो बेटियों के साथ रहती थी। ब्राह्मणी लोगों के घर खाना पकाती थी और जो कुछ मिलता था उससे ही घर का गुजारा चलता था। दोनों बहनों ने सोचा माँ कितनी मेहनत करती है, हमें भी कुछ करना चाहिए। लेकिन हम क्या करें? इसी उधेड़बुन में वह अपने घर के आँगन में बैठी थीं कि आसमान से एक कौआ उड़ता हुआ आया और उनके आँगन के पेड़ पर बैठ गया। उस की चोंच में एक पका हुआ फल था। फल को देखकर बहनों की के मुँह में पानी भर आया। संयोग से कौए की चोंच से फल नीचे गिर गया। दोनों बहनें उसे उठाकर खा गयीं। कैसा मीठा स्वाद और मनमोहक सुगंध थी। अद्भुत! बहनों ने कौए से पूछा, 'ऐसा फल कहाँ मिला?’ कौवे ने उनसे अपने पीछे आने को कहा। कौआ आगे-आगे उड़ चला। बहनें पीछे- पीछे चलती रहीं। गाँव से दूर जंगल के मध्य में एक अनोखा पेड़ खड़ा था, वैसे ही अद्भुत फलों से लदा हुआ। बहनों ने खूब सारे फल तोड़े और घर की ओर चल दी। घर पहुँचकर उन्होंने फलों को एक सुंदर सी टोकरी में सजाया और मंदिर के बाहर बैठ गईं। उस दिन फल बेचकर उन्होंने पैसे कमाए। लोगों ने ऐसे फल कभी नहीं खाए थे अत: उन के फलों की माँग बढऩे लगी। इस तरह प्रतिदिन वह उस पेड़ से फल लातीं और उसे बेचकर पैसे कमातीं। अब उनके घर का गुजारा आराम से चलने लगा। दोनों बहनें अब अधिक प्रसन्न रहने लगी थी।
एक दिन बड़ी बहन ने छोटी बहन से कहा, 'सुनो, मैं पेड़ बनने की कला जानती हूँ। हमें हर रोज जंगल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुझे यह मंत्र एक जादूगरनी ने सिखाया था, लेकिन मैं उसे भूल चुकी थी। आज अचानक याद आ गया। कल सुबह अंधेरे में तुम कुएँ से दो घड़े पानी लाना, मैं आंगन में ध्यान लगाकर बैठूँगी। याद रहे घड़े के पानी में तुम्हारी उँगलियाँ ना डूबें। जब मैं मंत्र पढूँ तो तुम एक घड़े का पानी मुझ पर डाल देना। मैं पेड़ बन जाऊँगी। तुम उस पर लगे फल ध्यान से तोडऩा कोई पत्ती न टूटे ना टहनियाँ उखड़ें। जब तुम फल तोड़ लो, तब दूसरे घड़े का पानी मुझ पर डालना, मैं वापस अपने रूप में आ जाऊँगी।‘
अगले दिन सुबह अँधेरे में उसने अपनी छोटी बहन को दो घड़े पानी लाने को कहा। छोटी बहन ने बड़ी बहन के कहे अनुसार किया पहले घड़े का पानी डालने से बड़ी बहन फलों का पेड़ बन गई, छोटी बहन ने सारे फल तोड़ लिये और दूसरे घड़े का पानी डालते ही वह अपने असली रूप में आ गई और अपने बालों से पानी झटककर उठ खड़ी हुई। सुबह दिन निकलने पर दोनों बहनें फलों को बेचने चली गयीं। प्रतिदिन फल बेचने से धीरे-धीरे उनके पास बहुत धन एकत्र हो गया। ब्राह्मणी ने अपनी दोनों बेटियों का विवाह बहुत धूमधाम से कर दिया। दोनों बेटियाँ खुशी- खुशी अपना जीवन व्यतीत करती रहीं।
(हमारी लोक कथाओं में हमें कोई ना कोई जीवन मूल्य का संदेश मिलता है। घड़े के पानी में उँगलियाँ न डुबोना स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभदायक है। लड़की का पेड़ बन जाना दर्शाता है कि पेड़ हमारे बच्चों की तरह महत्त्वपूर्ण होते हैं। फल बेचकर अमीर बनना यानि हमारे पेड़ हमारी आजीविका का साधन हो सकते। बेवजह पत्तियाँ, टहानियाँ न तोडऩे की शिक्षा भी मिलती है। साथ ही यह बात पता चलती है कि पक्षियों द्वारा फलों का बीज इधर- गिराने से ही फलों के पेड़ों का दूर-दूर तक विस्तार होता है। आज अंधाधुंध पेड़ काटने से पक्षियों की जातियाँ लुप्त हो रही है जिसके कारण मानव अनेकों समस्याओं से जूझ रहा है। फलों के पेड़ कम हो रहे हैं। धरती का तापमान बढ़ रहा है। जहाँ एक समय बाग हुआ करते थे वहाँ कंक्रीट की बहुमंजिला इमारतें हैं। यदि हम खुशहाल रहना चाहते हैं तो हमें अपने पेड़-पौधों का संरक्षण करना होगा।)
सम्पर्कः 'काकली भवन', 120B/2, साकेत, मेरठ- 250003, मो. 9410029500,
email-fca.arpita.meerut@gmail.com

बटन बंद करने की योग्यता

बटन बंद करने की योग्यता
- विजय जोशी 
(पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक, भेल, भोपाल)
एट्सो (एबिलिटी टू स्विच आफ) यानी बटन बंद करने की योग्यता, इस दर्शन से मुझे हाइडलबर्ग सीमेंट्स, जर्मनी की भारत इकाई के निदेशक श्री जमशेद कूपर ने अवगत कराया। दो दशक पूर्व तक न तो हमारे पास मोबाइल थे और न ई- मेल, तब भी हम प्रगति और विकास कर पा रहे थे। आज संस्थाएँ चतुर हो गई हैं। केवल एक लेप टाप व मोबाइल की सुविधा प्रदान कर उन्होंने हमें हमारे प्रियजनों के साथ बिताए जाने वाले पलों को हमसे छीन लिया है।
सोचिए, मोबाइल पर एक रिंग बजते ही हम अपने बच्चों से बात करना छोड़ की- पेड पर उँगलियाँ चलाते हुए स्क्रीन पर नजर गड़ा देते हैं,  मानों संसार के धराशायी हो जाने जैसा कोई समाचार प्रतीक्षारत हो और जिसे जानकर कार्यवाही करना हमारे उत्तरदायित्व का अंग हो।
आज तक कुछ ही लोग समझ पाए हैं  कि टेक्नालॉजी ने उनके साथ क्या कर दिया। कंपनियाँ या संस्थाएँ मुस्कुरा रही हैं कि मात्र 8 घंटे के दाम देकर वे आपको 24 घंटों के लिए बंधक बना चुकी हैं।
इस दिशा में सबसे पहला कदम वाक्सवेगन नामक जर्मन कंपनी ने उठाया, जब वर्कर्स की मांग पर पहली शिफ्ट समाप्ति के 30 मिनट पूर्व से अगली शिफ्ट शुरू होने के 30 मिनट बाद तक अपने सर्वर बंद करना आरंभ कर दिया। कंपनी का उद्देश्य उनसे काम लेने का था। जर्मनीवासी निजी जीवन में टेक्नालॉजी के इस अतिक्रमण को लेकर काफी संवेदनशील हो गए हैं।
यह सच है कि संवाद की सुविधा से उत्पादकता में अभिवृद्धि हो रही है लेकिन दूसरी ओर यह चिंता बढऩे का कारण भी बन रही है। मेल या मोबाइल से अंतरंगता हमें अपनों से दूर ले जा रही है। हम एक बार आगत मेल का अवलोकन करने के बाद भी बार-बार इन-बाक्स को आदतन क्लिक करते रहते हैं। और तो और खाली इन बाक्स अब हमें किसी हद तक अवसाद की ओर भी ले जाने लगा है।
एरोस नामक फ्रेंच कंपनी ने पाया कि वर्कर्स आंतरिक संदेशों पर ही कई घंटे बर्बाद कर देते हैं अत: उनके यहाँ इस सुविधा में कटौती करते हुए 2014 से आंतरिक ई- मेल संवाद पर पूरी तरह प्रतिबंध का निर्णय ले लिया गया है। एक सर्वे के मुताबिक 100 % में से केवल 15 % ई- मेल ही उपयोगी थीं। एक अन्य डिटर्जेंट कंपनी हेंकल ने तो क्रिसमस एवं नववर्ष के बीच केवल अत्यावश्यक मेल की अनुमति ही प्रदान की है।
एक अन्य विद्वान ओर्ता ओसोरियो ने कहा कि जब मैं स्काटलेंड से अपने 90 वर्षीय पिता के साथ छुट्टी मनाकर लौटा तो एक अद्भुत अनुभव से मेरा साक्षात्कार हुआ। बच्चे वहाँ पर वर्तमान उपकरण जैसे लैपटाप, मेल, टी.वी. की सुविधा के अभाव में गंभीर पढ़ाई की ओर उन्मुख हुए। आपस में खूब बातचीत की, जल्दी उठना आरंभ किया और वे उपकरण के बदले अपने उस पिता के साथ थे, जो उन्हें वहाँ पर आसानी से उपलब्ध भी था।
मेरे विद्वान मित्र श्री जमशेद आगे कहते हैं कि पिछले एक वर्ष में मैंने भी बटन बंद कर पाने की योग्यता के गुण का विकास अपने व्यक्तित्व में करने का प्रयास किया है। मैं घर पहुँचने के पश्चात न तो लेपटाप को छूता हूँ और न मोबाइल को। और यदि छूना आवश्यक हो भी जाए तो एक लंबे अंतराल के बाद। इसी को कहते है बटन बंद करने की योग्यता का सिद्धांत।  
 सम्पर्कः 8/ सेक्टर-2, शांति निकेतन (चेतक सेतु के पास) भोपाल- 462023, मो. 09826042641, 

गिरीश पंकज को मिला 'व्यंग्यश्री’

गिरीश पंकज को मिला 'व्यंग्यश्री’
व्यंग्य- विनोद के शीर्षस्थ रचनाकार, वाचिक परम्परा के उन्नायक और हिन्दी भवन के संस्थापक पंडित गोपालप्रसाद व्यास के जन्मदिवस पर कल 13 फरवरी को हिन्दी भवन के सभागार में सुपरिचित व्यंग्यकार गिरीश पंकज (रायपुर) को बाईसवाँ  'व्यंग्यश्री’ सम्मान से विभूषित किया गया।  सम्मान स्वरूप उन्हें एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रूपये की राशि, वाग्देवी की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, रजतश्रीफल तथा शॉल आदि भेंट किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार गोपाल चतुर्वेदी और  विशेष अतिथि के रुप में शेरजंग गर्ग, प्रेम जनमेजय, हरीश नवल मंचासीन थे। हिदी भवन के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। हिन्दी भवन के सचिव प्रख्यात कवि डॉ. गोविंद व्यास भी उपस्थित थे। इस अवसर पर गिरीश पंकज ने व्यंग्यश्री के चयन के लिए हिन्दी भवन का आभार माना।
उन्होंने  महान व्यंग्यकार गोपाल प्रसाद व्यास जी के व्यंग्य विनोद सम्बन्धी अवदान याद करने के बाद व्यंग्य के सम्बन्ध में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा व्यंग्यकार को पहले बेहतर मनुष्य होने की कोशिश करनी चाहिए। श्री पंकज ने आपनी कुछ व्यंग्य रचनाएँ भी सुनाई जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया। समस्त उपस्थित वक्ताओं ने गिरीश पंकज के योगदान को रेखांकित किया और अपनी एक-एक प्रतिनिधि रचना का पाठ भी किया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्यंग्यकार आलोक पुराणिक ने किया। समारोह में दिल्ली एनसीआर के अनेक लेखक और साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।
गिरीश पंकज विगत चालीस वर्षो से व्यंग्य लिख रहे है।  उनके सोलह व्यंग्य संग्रह, सात व्यंग्य समेत बासठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। पंद्रह छात्रों ने इनके व्यंग्य साहित्य पर शोध कार्य भी किया है।  आपके व्यंग्य देश की महत्त्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशित होते रहे है।  यह सिलसिला आज भी जारी है। 
 व्यंग्य  साहित्य में योगदान के लिए  गिरीश पंकज को अनेक सम्मान  प्राप्त हो चुके है, जिनमें  मिठलबरा की आत्मकथा (उपन्यास) के लिए रत्न भारती सम्मान, भोपाल, लॉफ्टर  क्लब इंटरनेशन, मुंबई द्वारा स्वर्ण पदक सम्मान, अट्टहास न्यूज लेटर, रायपुर के सम्पादन के लिए, माफिया (उपन्यास) के लिए लीलारानी स्मृति सम्मान (पंजाब), अट्टहास युवा सम्मान, लखनऊ,  श्रीलाल शुक्ल (परिकल्पना) व्यंग्य सम्मान, लखनऊ, विदूषक सम्मान, जमशेदपुर, समग्र व्यंग्य लेखन के लिए रामदास तिवारी सृजन सम्मान- राँची, व्यंग्य उपन्यास लेखन के लिए गहमर में प्रदत्त सम्मान प्रमुख हैं।
  गिरीश पंकज साहित्य और पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।  अनेक देशों का  प्रवास कर चुके गिरीश पंकज कुछ महत्त्वपूर्ण दैनिको में चीफ रिपोर्टर और सम्पादक रहने के बाद इन दिनों  'सद्भावना दर्पण’ नामक त्रैमासिक अनुवाद पत्रिका का सम्पादन-प्रकाशन कर रहे है।  रायपुर के दैनिक में  प्रतिदिन व्यंग्य लिख रहे हैं।

Jan 27, 2018

उदन्ती.com जनवरी 2018

उदन्ती.com जनवरी 2018
सत्य से कीर्ति प्राप्त की जाती है और सहयोग से मित्र बनाए जाते हैं।  -कौटिल्य

घटते जीवन मूल्य...

 घटते जीवन मूल्य...
- डॉ. रत्ना वर्मा
 साल दर साल बीतते चले जा रहे हैं .... और ज़िन्दगी है कि बहुत ही मुश्किल होती चली जा रही है- लोग जैसे भागे चले जा रहे हैं। किसके पीछे भाग रहे हैं, पूछो तो कहते हैं- “ज़िन्दगी को आसान, आरामदायक, खुशहाल और बच्चों के अच्छे भविष्य के के लिए ही तो भाग रहे हैं।”  हँसी तो आती है- ऐसी आपाधापी वाली ज़िन्दगी के भरोसे हम आने वाली पीढ़ी को खुशहाल ज़िन्दगी कैसे दे सकते हैं? क्या किसी चीज के पीछे भागते रहने से हमारे बच्चों की जिन्दगी की राह आसान हो सकती है?
पिछले दिनों घट रही घटनाओं के संदर्भ में देखें तो बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतन करने की आवश्यकता है। स्कूली बच्चों द्वारा स्कूल परिसर में दिन पर दिन अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। आप सब गुडग़ाँव के रेयन स्कूल के ग्यारहवीं क्लास के एक छात्र द्वारा अपने ही स्कूल के दूसरी कक्षा में पढऩे वाले एक बच्चे प्रद्मुम्न ठाकुर की हत्या के मामले को भूले नहीं होंगे। आरोपी बच्चे ने स्कूल में छुट्टी कराने और टर्म एग्जाम को टालने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
 देश इस घटना के सामाजिक और मनोवैज्ञानिक कारणों की जाँच- पड़ताल करने का प्रयास कर ही रहा था कि दूसरी सन्न कर देने वाली घटना हरियाणा के यमुनानगर में एक निजी स्कूल परिसर में घट गई,जहाँ 12वीं में पढ़ऩे वाले एक छात्र ने स्कूल से निष्कासित किए जाने से नाराज होकर अपनी प्रिंसिपल की ही गोली मारकर हत्या कर दी। उस दिन स्कूल में पैरेंट्स मीटिंग थी। आरोपी छात्र शिवांश, पैरेंट्स मीटिंग में अपने पिता की रिवॉल्वर लेकर पहुँचा था। उसने प्रिंसिपल ऋतु छाबड़ा पर अपने पिता की रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद तीसरा मामला आया- लखनऊ के ब्राइटलैंड स्कूल का, जब एक छात्रा ने स्कूल में महज छुट्टी कराने की मंशा से पहली कक्षा के एक मासूम छात्र को चाकू मारकर घायल कर दिया। 7वीं कक्षा में पढऩे वाली आरोपी छात्रा ने कबूल किया कि वह स्कूल में छुट्टी कराना चाहती थी, इसलिए प्रिंसिपल से मिलने के बहाने वह छात्र को टॉयलेट में ले गई, वहाँ उसके मुँह में कपड़ा ठूँसकर उसे चाकुओं से गोद दिया।
झकझोर देने वाली इन घटनाओं ने सबको सोचने पर बाध्य कर दिया है कि बच्चे आखिर इतने हिंसक क्यों हो रहे हैं? आखिर हमारी परवरिश में कहाँ चूक हो रही है? यह चिंतन का विषय है। उपर्युक्त तीनों मामलों में बच्चों के मनोविज्ञान को समझने के साथ साथ बदल रहे पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों पर भी नज़र डालने की ज़रूरत है। 
सामाजिक नज़रिए से देखें तो घूम-फिर कर बात एक ही मुद्दे पर आकर टिक जाती है कि सयुंक्त परिवार बिखर गए हैं, एकल परिवार और माता- पिता दोनों का नौकरी करना एक गंभीर मुद्दा है, ऐसे में  माता- पिता के पास बच्चे के लिए समय ही नहीं होता। घर और स्कूल में उन्हें भौतिक सुख- सुविधाएँ तो पूरी मिल जाती है पर अपनापन, स्नेह, दुलार और प्यार नहीं मिल पाता।
 स्कूल में भी गुरु- शिष्य के बीच रिश्तों में व्यावसायीकरण के चलते आ रहे निरंतर बदलाव ने पढ़ाई- लिखाई के माहौल को भी एक नया मोड़ दे दिया है। आज शिक्षा प्राप्त करना यानी बड़ी कम्पनी, बड़ा ओहदा, बड़ा पैसा....  बचपन से ही बच्चों पर मानसिक दबाव होता है कि उन्हें तो सबसे अच्छा सबसे आगे रहना है। इन सबके बाद टीवी, कम्प्यूटर और मोबाइल ने बचपन को बचपन नहीं रहने दिया। दादी नानी के किस्से तो गुज़रे ज़माने की बात हो गई है। अब जब घर में दादी, नानी ही नहीं, तो किस्से कहानी कौन सुनाएगा? बच्चे टीवी, मोबाइल में जो देखते हैं, सुनते है, जिस तरह के गेम खेलते हैं उसके बाद उनकी मानसिक स्थिति को समझ पाना मुश्किल होते जा रहा है। बच्चे मैदानी खेल और किताबों से दूर होते चले जा रहे हैं। अकेले होते बच्चे नशे के शिकार हो रहे हैं। एकाकीपन और अवसाद (डिप्रेशन) उन्हें हिंसक बना रहा है।
तकनीकी तरक्की ने विकास के नए रास्ते जरूर खोल दिए हैं पर मानवीय रिश्ते इन सबके बीच कहीं गुम होते जा रहे हैं। तभी तो आजकल निजी स्कूलों में बच्चों की मानसिकता समझने के लिए अलग से मनोवैज्ञानिक शिक्षक रखे जाते हैं। बच्चों में बदल रहे व्यवहार को देखते हुए समय-समय पर माता-पिता उनके पास जा कर सलाह- मशविरा करते हैं। सवाल यही उठता है कि आखिर इस तरह के काउंसलर की जरूरत क्यों पड़ी?
मानव का यह स्वभाव है कि वह खुशियों का स्वागत करता है और दु:खोंको दूर भगाने का प्रयास करता है। पर कहीं ऐसा तो नहीं कि इस प्रयास में हम अपने जीवन-मूल्य ही खोते जा रहे हैं। कारण है-बच्चों को समय न दे पाना जिसका दुष्परिणाम हमारी आने वाली पीढ़ी पर पड़ रहा है। देर रात तक फ़िल्म देखने का समय है। मॉल में जाकर पिज्जा-बर्गर खाने का समय है। वाट्सएप पर अनजाने लोगों से गप्प लड़ाने का समय है। दुनिया के मुद्दों पर झख मारने का समय है। अगर नहीं है, तो भावी पीढ़ी से बात करने का समय नहीं है। वे रूखे-सूखे पाठ्यक्रम के अलावा जीवन मूल्य की बातें कहाँ से सीखें, इसकी चिन्ता नहीं। वे क्या सोचते हैं, क्या चाहते हैं, इसको जानने का समय नहीं है। हम सबके लिए इन मुद्दों पर बिना समय गँवाए गंभीरता से चिंतन करने का समय है, ताकि आने वाली पीढ़ी को हम एक खुशहाल ज़िन्दगी दे सकें।