मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 25, 2016

श्रद्धांजलिः अनुपम सचमुच अनुपम हैं

‘आज भी खरे हैं तालाब’
- राकेश दीवान
अनुपम मिश्र की किताब ‘आज भी खरे हैं तालाब’ शायद दुनिया की सबसे ज़्यादा पढ़ी जाने वाली किताबों में से एक है। इसमें सिर्फ पानी की बातें नहीं हैं बल्कि जगह-जगह के स्थानीय समाज और उनकी ज्ञान पद्धतियों का पक्ष भी है। अनुपम जी जहाँ भी तालाब की बात करने के इरादे से जाते तो बातें वहाँ से निकलकर कृषि, उद्योग, भाषा और समाज तक चली जातीं। वे कहते हैं कि हमने कभी भी अपने स्थानीय ज्ञान और पुराने अनुभवों का सम्मान नहीं किया और उन्हें सिरे से नकारा। एक ओर राजस्थान के वे इलाके जिन्हें पिछड़ा माना जाता है उन्होंने अपने स्थानीय पूर्व ज्ञान और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर अपनी पानी की समस्या को दूर किया है। वहीं दूसरी ओर, ज़्यादातर शहरों ने अपने पुराने संसाधनों को बर्बाद कर पानी की समस्या खुद खड़ी की है।
भोपाल में हज़ारों की संख्या में तालाब मौजूद थे लेकिन अब ज़्यादातर छोटे तालाब गायब हो चुके हैं और होशंगाबाद की नर्मदा से यानी 75 कि.मी. दूर से पानी लाकर शहर की प्यास बुझा रहे हैं। इंदौर शहर में भी पानी की विकराल समस्या रही है और उसके लिए कभी नर्मदा तो कभी अन्य बांधों से पानी दूर से लाना पड़ता है।
सोलहवीं शताब्दी का एक वाकया है कि एक बार होलकर राजघराने का एक छोटा जहाज़ सिरपुर तालाब में सैर करते वक्त डूब गया तो उसे खोजने के लिए बाहर से कई गोताखोर बुलवाए गए थे। इससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि वहाँ अथाह पानी था। आज की स्थिति यह है कि वह एक इतिहास बनकर रह गया है।
जब ‘आज भी खरे हैं तालाब’ किताब निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी तब अलग-अलग स्वस्फूर्त लोगों के समूहों ने विभिन्न राज्यों से सूचनाएँ भेजी थीं। इन जानकारियों को संकलित कर 120 पेज की यह किताब निकाली गई। इसके लिए भेजी गई सामग्री बहुत अधिक मात्रा में मिली थी। अनुपम जी किताब इतनी मोटी नहीं करना चाहते थे जिसे पढऩा ही मुश्किल हो जाए। वे इसमें कोई तकनीकी शब्दावली या तकनीकी विश्लेषण का इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे। इसके पीछे का एक किस्सा मुझे याद आता है कि किताब का हर हिस्सा तैयार कर वे उसे अपनी अम्मा को पढ़वाते थे। उनका मानना था कि यह किताब हर वह आम आदमी पढ़ सके जो पढऩा भर जानता हो। उन्होंने कई ऐसे शब्द बदले जो अम्मा को कठिन लगे थे। किताब के शब्दों का साइज़ और लाइनों के बीच की दूरी भी अधिक रखी गई ताकि अम्मा जैसा हर पाठक इसे पढ़ सके। दिलीप चिंचालकर जी ने फिर इसे इसी तरह की किताब का स्वरूप दिया।
किताब को छापने से पहले ही इसकी लागत के मुताबिक प्रतियाँ तय कर ली गई थीं ताकि लागत निकाली जा सके। लेकिन इसके बाद तो कमाल ही हो गया हर बार इसकी कई नई प्रतियाँ छपती गईं। कई महीनों तक किताब ने गाँधी पीस फाउंडेशन के लोगों का वेतन भी निकाला। लोगों ने अपने प्रयासों से मराठी, बंगाली और पंजाबी में अनुवाद कर छापे भी। मराठी में ही पाँच तरह के अनुवाद चलते हैं। बंगाली में भी दो-तीन अनुवाद हैं।
फिर अंतत: अलग-अलग भाषाओं में किताब की माँग और प्रचार को देखते हुए एनबीटी ने 18 भारतीय भाषाओं में छापा। अंतत: अनुपम जी ने इस किताब को समाज को लोकार्पित कर दिया। इसका न तो कोई कॉपीराइट है और न ही किसी का मालिकाना हक। उनकी यह जन किताब है, जन अर्पित है।
शायद यही ऐसी किताब होगी जिसे पढ़कर लोग इतने प्रेरित हुए कि देश के अलग-अलग हिस्सों में इस किताब को पढ़कर तालाबों पर काम भी किया।
गुजरात के कच्छ इलाके के एक अखबार के मालिक इस किताब के हिस्सों को लगातार क्रमश: अपने अखबार में छापते भी रहे और साथ ही इतने प्रेरित हुए कि वहाँ के लोगों के साथ मिलकर हज़ारों छोटे तालाबों का जीर्णोद्धार किया। लगभग इसी तरह बिहार, मराठवाड़ा, पश्चिम बंगाल सहित कई हिस्सों में लोगों ने इस किताब से प्रेरित होकर तालाबों पर काम किया।
हाल के दिनों में कैंसर से जूझते हुए 19 दिसम्बर 2016 को उन्होंने अंतिम साँस ली। (स्रोत फीचर्स)

Nov 25, 2016

उदंती.com नवम्बर 2016

उदंती.com   नवम्बर 2016
----------------------------
जीवन में किसी की निंदा मत कीजिए। अगर आप किसी की मदद कर सकते हैं, तो उसकी तरफ मदद का हाथ बढ़ाइए। अगर आप किसी की मदद नहीं कर सकते तो अपने हाथ जोड़िए, शुभकामनाएँ दीजिए और उन्हें अपने लक्ष्य पर जाने दीजिए।                        - स्वामी विवेकानंद

नोटबंदी और आम आदमी...

            नोटबंदी और आम आदमी...
                                  - डॉ. रत्ना वर्मा
देश इस समय बेहद उतार- चढ़ाव के दौर से गुजर रहा है। नोटबंदी ने जैसे सबको हिला कर रख दिया है।  काला धन कमाने वाले तो अपना काला सफेद करने की जुगत में दिन रात एक किए हुए हैं; पर जिनके पास न काला है, न सफेद। वे भौचक हो इस परिवर्तन के दौर को देख रहे हैं। बैंक के आगे लाइन में खड़े होकर वे सोच रहे हैं कि मेरे पास तो ये हजार पाँच सौ के कुछ नोट हैं, उन्हें बदल कर अपनी रोजी रोटी का इंतजाम तो कर लूँ। नगद बेचने और नगद खरीदने वालों की मुसीबत बढ़ गई है। बाजार में सन्नाटा-सा पसर गया है। लोग खर्च के मामले में किफ़ायत बरत रहे हैं। वहीं चीज़ें खरीद रहे हैं, जो जीने के लिए ज़रूरी हैं। व्यापारियों के लिए बेहद मुश्किल का समय है।
कुल मिलाकर पिछले कुछ दिन से जैसे लोगों की दुनिया ही सिमटकर नोट तक आकर रुक गई है। पर जिंदगी फिर भी नहीं रुकी है। पैसा नहीं है, पर दो वक्त की रोटी का जुगाड़ तो किसी तरह हो ही जाता है। जिन्हें करोड़ों अरबों की शादी करनी है ; वे शादी भी कर रहे हैं। लेकिन मेहनत कर कमाने वाला आम आदमी, जिन्हें बेटी की शादी के लिए जेवर कपड़े लेने हैं, शादी की रस्में निभानी हैं ;वे चिंतित हैं कि जो पुराने नोट निकाल लिए हैं; उन्हें कैसे खर्च करें, जमा करने के लिए भी बैंक में लाइन लगाने का समय नहीं है और एक बार में दो- चार हजार निकालने से कैसे काम चलेगा, वह यह सोच- सोचकर वह कुढ़ रहा है कि फिर भी कुछ लोग कैसे अरबों -खरबों वाली शादी कर गए !!!
एक तरफ विपक्ष हल्ला मचा रहा है ;तो दूसरी तरफ काला धन छुपाकर रखने वाले बेचैन हैं कि कैसे सालों की इस मेहनत को पानी में बह जाने दें!!! चारो तरफ अफरा- तफरी मची है। काले को सफेद करने वाले, ऐसे लोगों को तलाश रहे हैं; जो उनका काला धन अपने अकाउण्ट में रख कर सफेद कर दें। खबर तो यह भी है कि इसके लिए वे तीस- पैतीस प्रतिशत तक कमीशन देने को तैयार हैं। नोटों से भरे ट्रक इधर से उधर दौड़ रहे हैं। ऐसे में कुछ ऐसे भी निकले ; जिन्होंने अपना काला धन चुपचाप सामने रख दिया कि टैक्स देने के बाद कम से कम आधा तो बचेगा। काश ऐसा सब कर पाते। 
आर्थिक विषयों के कुछ विशेषज्ञ ,जहाँ सरकार के इस कदम को शुभ संकेत मान रहे हैं; तो कुछ का मानना है कि फैसला सही है ;पर जल्दबाजी में बगैर तैयारी के ले लिया गया है, पहले जनता की परेशानियों से निपटने का इंतजाम कर लेना था, उसके बाद नोटबंदी जैसा कदम उठाना था। इसके साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि हमारे देश में कैशलेस पेपेंट कितना सार्थक हो पाएगा। कितने लोग नेट बैंकिंग, वालेट मनी या ऑनलाइन पेमेंट कर पाएँगे। हिन्दुस्तान की सवा करोड़ जनता इसे कितनी जल्दी अपना पाएगी। तो एक जवाब इसका यह भी हो सकता है कि जब मोबाइल जैसा संचार साधन देखते- देखते देश के हर कोने में पहुँच गया है और क्या पढ़ा-लिखा आदमी ,क्या अनपढ़ सबको इसका इस्तेमाल करना आसानी से आ गया है, तो फिर कैशलेस पेमेंट तो पैसे का मामला है, इसे तो वह और भी जल्दी सीखेगा। भई मानव स्वभाव का विज्ञान तो यही कहता है!
तो सवाल तो कई उठ रहे हैं बावजूद इसके आम आदमी बैंकों में सुबह से शाम तक लाइन में खड़े होकर आपस में अपने आप को समझाने की कोशिश भी कर रहा है। सरकार ने यह बड़ा निर्णय लिया है; तो कुछ तो अच्छा ही होगा। कमा- कमाकर, गरीबों का खून चूसकर, जो धन्नासेठ बने बैठे हैं वे हमारी खून-पसीने की कमाई से ऐश कर रहे हैं। जरूर उनपर लगाम कसने की जुगत होगी यह सब कसरत। जाहिर है काले धन के कारण उनकी जिंदगी में जो कमियाँ उत्पन्न हो गईं हैं ,उनके सब दूर होने की एक उम्मीद बन गई है.... काला धन बाहर आएगा ,तो जनता के हित में काम होंगे ,आम जनता की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा, उसके स्वास्थ्य में, उसके जीवन स्तर में, उसके बच्चों की शिक्षा में, उसके गाँव की गली- मोहल्लों में, सड़क में, पानी में, खेती में, रोजगार में, खान- पान की वस्तुओं में, क्या इन सबमें कुछ सुधार होगा? और सबसे बड़ी बात यह कि बात-बात में हर विभाग में चपरासी से लेकर बाबू तक और उससे भी ऊपर बैठे आकाओं तक घूस लेने की अघोषित परम्परा का अंत होगा? इसमें कोई दो मत नहीं कि देश की अर्थव्यवस्था में सुधार की दिशा में नोटबंदी एक सार्थक कदम हो सकता है यदि साथ- साथ कैंसर की तरह जड़ जमा चुके भष्टाचार को भी समाप्त किया जाए।
कुल मिलाकर हमें तो यही लगता है कि आम आदमी की यह सोच और सरकार की सोच यदि मिल जाए तो बदलाव आने में देर नहीं लगेगी। संभवत: इसी दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर मोदी सरकार ने इतना बड़ा निर्णय लिया है।  यदि उसकी नियत में सच्चाई है, दम है तो जनता को थोड़ा सब्र से काम लेना होगा। इतिहास गवाह है कि जब भी कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करनी होती है तो इम्तिहान तो देना ही पड़ता है। यह हम सब के लिए इम्तिहान की घड़ी है। एक सर्वेक्षण के अनुसार तो 80 प्रतिशत जनता नोटबंदी के पक्ष में बताई गई है।
फिर भी सवाल अभी भी वहीं का वहीं है  कि जो जनता हर प्रकार का कष्ट झेलती हुई उम्मीद की आस लगाए सरकार की ओर देख रही है, क्या उसके सपने साकार होंगे? क्या काला धन बाहर आएगा? क्या आम आदमी के शोषण से निचोड़ा गया धन जन-कल्याण कार्यों में लगेगा या फिर घूम-फिरकर कुबेरों के तहख़ाने में दफ़्न हो जाएगा ! जवाब तो एक ही होना चाहिए कि सरकार की भी मंशा अंतत: भ्रष्टाचार को नकेल डालने की ही होनी चाहिए। उसे जनता के सपनों को साकार करना होगा, अन्यथा जनता को अपनी ताकत दिखाना आता है। 

समाज

वे, जो आदि संस्कृति को बचाए हुए हैं...
- डॉ. आरती स्मित
भारतीय प्रायद्वीप के मूलनिवासी, जिन्हें आदिवासी/जनजाति के रूप में समाज रेखांकित करता है और संविधान अनुसूचित जनजाति/आदिम जनजाति के रूप में।  इनके प्रकृति-प्रेम, प्रकृति- साहचर्य और प्रकृति को जीवन मानने की बात जितनी प्राचीनकाल में सच थी, उतनी ही आज भी सच है। आज भी जो जनजातियाँ जल, जंगल और ज़मीन को अपना संबंधी मानती हैं और अपनी आदि संस्कृति को बचाए हुए हैं, सभ्य समाज उन्हें असभ्य, आदि मानव, जंगली, बर्बर आदि विशेषणों से अलंकृत करता है। गोंड जाति का इतिहास यह सिद्ध करता है कि वे अविभाजित धरा के मूलनिवासियों की संतति हैं।
   वैदिक व महाकाव्य साहित्य के साथ ही प्राचीन व मध्यकालीन साहित्य में भील, किरात, किन्नर, मत्स्य, निषाद, वानर आदि जनजातियों का वर्णन मिलता है। जनजाति एक सजातीय स्वावलंबी इकाई थी। सुरक्षा की दृष्टि से सबल और युद्ध - निपुण व्यक्ति मुखिया बनता था। इसी प्रक्रिया ने गणराज्यों एवं राज्यों की व्यवस्था को जन्म दिया।
   वर्ष 2011 की रिपोर्ट के अनुसार, अनुसूचित आदिवासी जनजातियों की संख्या 583, अपरिगणित आदिवासी जनजातियों की संख्या 254, घुमंतू आदिवासी जनजातियों की संख्या 198 तथा अर्ध घुमंतू जनजातियों की संख्या 13 है। अर्ध घुमंतू जनजातियाँ केवल राजस्थान में पाई गईं। देश के आठ राज्यों के कुछ प्रमुख जिलों के अंतर्गत अनुसूचित क्षेत्र रेखांकित किए गए हैं। राज्यों व जिलों के नाम निम्नोल्लिखित हैं -
 राज्य                      जिला         
आंध्र प्रदेश- महबूबनगर, आदिलाबाद, वारंगल, विशाखापटनम,  पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी
बिहार- सिंहभूम, पलामू
झारखंड- राँची, संथाल परगना
गुजरात- सूरत, भड़ोच, डांग, वलसाड, पंचमहल, वडोदरा,  साबरकाँठा
हिमाचल प्रदेश- किन्नौर, लाहौल और स्पीति, चंबा
मध्य प्रदेश- झाबुआ, मंडला, सरगुजा, बस्तर, धार, खरगौन (पश्चिमी निमाड़),  खंडवा (पूर्वी निमाड़), रतलाम, बैतूल, सिवनी, बालाघाट, होशंगाबाद,   शहडोल, सीधी, मुरैना, छिंदवाड़ा
छत्तीसगढ़- रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगाँव, रायपुर,
महाराष्ट्र- ठाणे, नासिक, धुलिया, अमरावती, चंद्रपुर, जलगाँव  नांदेड़
उड़ीसा- मयूरभंज, सुंदरगढ़, कोरापुत, संबलपुर, केऊंझर, बौध-माल,  गंजामजिला, कालाहांडी, बालासोर
राजस्थान- बाँसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर
छठे अनुच्छेद में जिन राज्यों के जिन जि़लों को जनजातीय अनुसूचित क्षेत्रों के रूप में घोषित किया गया है, वे हैं -
असम- उत्तरी कछार पहाड़ी जिला, कर्वी आंगलोंग जिला
मेघालय- खासी, जयंतिया, गारो पहाड़ी जिला
मिजोरम- चकमा, लाई, मारा जिला
त्रिपुरा- त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र (उत्तरी, दक्षिणी, पश्चिमी त्रिपुरा जिला) स्वायत्त जिला

 भारत में ये आदिवासी जनजातियाँ तमाम कठिनाइयों के बावज़ूद जीवित हैं। इनमें से सात प्रमुख जनजातियाँ हैं जिनकी आबादी दस लाख या उससे अधिक है। ये हैं- भील, गोंड, संथाल, उरांव , मीणा, मुंडा और खोंड। 45 अन्य ऐसी जनजातियाँ हैं जिनकी आबादी एक से पाँच लाख के बीच है तथा 1991 की जनगणना के अनुसार 47 ऐसे आदिम जनजातीय समूह हैं, जिनकी आबादी लगभग तेईस लाख है। दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि वन और प्रकृति को जीवन-सहचर मानने वाली ये जनजातियाँ अस्तित्व और अस्मिता की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। कई जनजातियाँ विलुप्तप्राय हैं। कारण, कृषि- कार्य की पुरानी तकनीक और अशिक्षा।
   इतिहास कई स्थलों पर जनजातियों के प्रति चुप्पी साधे है। इतना स्पष्ट है कि आदिवासी सीधे- सादे, ईमानदार, कर्मठ और प्रकृति- प्रेमी रहे हैं। आक्रमणकारियों, आततायी शासकों, समाज के शोषक वर्गों  द्वारा निरंतर शोषित होने के बावज़ूद इन्होंने राष्ट्र का विखंडन कभी नहीं चाहा। आज भी इनकी अर्थव्यवस्था कृषि (झूम खेती/ परिवर्तनीय खेती व साधारण खेती), पशुपालन, लघु वनोपज, मछली पकडऩे एवं हथकरघा उद्योग पर आधारित है। 1981 के बाद आदिवासी कृषकों के प्रतिशत में तेजी से ह्रास हुआ है। उन्हें खेतिहर से मजदूर बनना पड़ा। महिलाएँ लघु वनोपज चुनने, कपड़े बुनने और मज़दूरी का कार्य करती हैं। वर्तमान में आबादी विस्फोट और पूँजीवादी नीतियों के कारण झूम खेती की पद्धति का लोप हो रहा है। बहु फसली प्रथा भी लोप पर है। नकदी फसल और बागवानी को प्राथमिकता दी जा रही है।
महिलाओं का हथकरघा कौशल अब बाजार के दबाव में दम तोडऩे लगा है। पूँजीपति व्यापारी प्रवासी स्त्रियों से कपड़ा बुनवा रहे हैं। कर्नाटक के राजगोंड आर्थिक रूप से विपन्न हैं, औषधीय पौधे उनके जीवनाधार हैं। वे विंध्य, सतपुड़ा आदि क्षेत्रों से अब जड़ी- बूटी / पौधे खरीदने को विवश हैं ,जिनकी दवाएँ बनाकर वे सड़क किनारे बेचते हैं, यही कारण है कि उनकी दवाओं का न तो सही मूल्य मिलता है, न उनके ज्ञान को महत्ता। इनके ज्ञान का लाभ उठाकर वन विभाग से मिले ठेकेदार इनसे संग्रह का काम करवाते हैं और आर्थिक लाभ उठाते है। इसी प्रकार, हैदराबाद, कर्नाटक के आदिवासी आज भी विभिन्न टुकड़ों में बँटे होने के कारण सरकारी सहायता और सुविधाओं से वंचित और उपेक्षित हैं। मुंडाओं में साक्षरता की प्रतिशतता अधिक है और उराँवों में इसका विकास हो रहा है। मीणा व पहाडिय़ा जनजाति का  शौर्यपूर्ण इतिहास आज धूल-धूसरित है। संथालों में साक्षरता की कमी रही, किन्तु अब उनमें जागरूकता बढ़ी है फिर भी स्थितियाँ संतोषजनक नहीं कही जा सकतीं। इन जनजातियों के पिछड़ेपन का मूल कारण इनकी सहजता और अशिक्षा है। बाहरी लोगों  द्वारा इनकी उपजाऊ जमीनों को धीरे -धीरे हड़पने की नीति, राज्य- सम्पदा के नाम पर वन विभाग एवं ठेकेदारों की मिलीभगत से लघु वनोपज को इनके अधिकारों से छीनना और इन्हें इनकी ही सम्पदा के भोग से वंचित रखना, औद्योगिक, बाँध, बिजली एवं अन्यान्य परियोजनाओं को लागू करने के नाम पर हजारों को विस्थापन का दंश देना, पुनर्वास में अनियमितता, अव्यवस्था, साहूकारों का शोषण, खनिज तत्वों का व्यापारिक लाभ पाने हेतु स्वार्थी तत्त्वों की घुसपैठ नीति आदि कई कारक तत्त्वों ने इनके जीवन में अँधेरा भरने का काम किया। भू-हस्तांतरण की प्रक्रिया से प्रभावित आदिवासियों की संख्या बड़ी है। भू- हस्तांतरण कानून होने के बावज़ूद आदिवासी भूमि का गैर- आदिवासियों को हस्तांतरण जारी है। ठेकेदारों द्वारा महिलाओं का यौन-शोषण आम बात है। देश- विकास के नाम पर आदिवासी समाज ने अपनी सामूहिक पहचान और ऐतिहासिक- सांस्कृतिक विरासत ही खोई है। गरीबी, कुपोषण, मृत्यु-दर में वृद्धि, अशिक्षा, बेरोजग़ारी ही उनके हिस्से में आई। वैश्वीकरण एवं निजीकरण ने उन्हें उनकी ज़मीनों से बेदखल किया। आदिवासी कल्याण एवं विकास हेतु निर्मित राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ.डी.स्वामीनाथन द्वारा तैयार प्रारूप पत्र के आरम्भ में यह स्वीकारोक्ति है-  निश्चित रूप से विगत अर्से में आदिवासियों की स्थिति में सुधार हुआ है लेकिन गैर आदिवासियों की तुलना में इनकी हालत हर क्षेत्र में खराब ही हुई है। प्रख्यात विद्वान एवं चिन्तक लेवी अपने जीवन के अन्तिम दिनों में इस संभावना से आशंकित और दु:खी थे कि - भूमंडलीकरण और सांस्कृतिक एकरूपीकरण का अजगर जल्द ही जनजातियों के छोटे- छोटे समुदायों को निगल जाएगा (ईश्वर दोस्त; जनसत्ता 2009)।
   
आदिवासी समाज देश के तथाकथित रक्षक खाकी वर्दीधारी से अधिक त्रस्त है, चाहे वह झारखंड, बुंदेलखंड, मणिपुर का जनजातीय समाज हो या किसी अन्य राज्य का। इनके लिए खाकी वर्दीधारी का अर्थ है - अराजक और शोषक तत्त्व। जिन्होंने आवाज बुलंद की वह सरकारी हथकंडे में उलझकर तबाह हो गया। कई बार तो निरीह ग्रामीण इन सुरक्षाकर्मियों की नृशंस क्रूरता के शिकार होते हैं। कोई सुनवाई नहीं होती, झारखंड की सोनी सूरी पर हुए खाकी वर्दीधारियों के ज़ुल्म और मणिपुर की 15 वर्ष पहले हुए  अत्याचार के विरुद्ध आज तक न्याय माँगती इरोम चानु शर्मिला के संघर्ष को हमारा देश अभी भूला तो न होगा। राम दयाल मुंडा लिखते हैं - अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए जब भी आदिवासी खड़ा हुआ तो देश ने उसे विकास विरोधी करार दिया। किसी देश के उस समुदाय को, जो अपने को देश का प्रथम नागरिक और देश-रक्षा में खड़ा होनेवाला प्रथम सैनिक मानता है, जब देश- विरोधी करार दिया जाता है तो उस समुदाय के लिए इससे बड़ी अपमानजनक और कष्टदायक बात क्या हो सकती है!  डॉ. केदार प्रसाद मीणा मानते हैं, - आज़ादी के बाद सरकारों ने आदिवासियों को ख़ास सहूलियतें नहीं दी हैं- सिवाय आरक्षण की संवैधानिक सुविधा के, और इस सुविधा का लाभ भी कितने आदिवासी समुदायों को मिला है, यह भी सोचे जाने वाली बात है। अधिकांश आदिवासी समुदाय अपनी मेहनत से ही अबतक अपना अस्तित्व बचाए रख सका है। भारत के ताकतवर समुदायों ने, जिनमें कुछ आदिवासी समुदाय भी कुछ हद तक शामिल हुए हैं, ने आदिवासी संसाधनों को हमेशा लूटा और इनके समर्थन से बनी सरकारों ने ऐसे लुटेरे समुदायों का ही हमेशा साथ दिया है।
   आए दिन की खबरों से उजागर है कि किस तरह कुछ आदिवासी नेताओं ने कॉर्पोरेट के साथ मिलकर अपनी ही जनजाति को बदहाली में धकेला। ‘झारखंड’ प्राकृतिक संपदा और उद्योगों से समृद्ध होते हुए भी, वहाँ के मूलनिवासियों की स्थिति नारकीय बनी हुई है। लड़कियाँ दलाल के हाथ पड़कर बेची जा रही हैं; भाषाएँ, कलाएँ, प्रकृति से सम्बद्ध ज्ञान लोप की कगार पर है और ये दुर्दशा महज झारखंड ही नहीं अन्य कई राज्यों की भी है,  अनुसूचित जनजाति के आम लोग आज भी पीड़ा के दलदल में धँसे हैं। आदिवासी कवि जवाहर लाल बाकरा की पंक्तियाँ क्या कुछ नहीं कहतीं -
   हालात ने किया है कितना क्रूर मजाक
   अपनी ही जमीन पर तू रह गया कितना अकेला,
   कहाँ गए बंदोबस्ती के कानून
   और वो धाराएँ संविधान की!
   आज समय आ गया है उन कानून को लागू कराने की एक सार्थक मुहिम शुरू होनी चाहिए।    
कविता की ये पंक्तियाँ इस ओर भी इंगित करती है कि सोई चेतना अब जगने लगी है, मुट्ठी भर ही सही, लोग अब अपनी पीड़ा को शब्द देने लगे हैं। जहाँ जागरण हो ,वहाँ विकास सुनिश्चित है। पहले से जल, जंगल और जमीन के लिए संघर्षरत ये जनजातियाँ अब संविधान में वर्णित, सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के कार्यान्वयन की माँग को लेकर उठ खड़ी होती दिख रही हैं - यह अलख वहीं जगा, जहाँ शिक्षा की ज्योत जली। शिक्षित आदिवासियों ने अपने आसपास की बदहाली देखी, महसूसा, उसे अभिव्यंजित कर दिया- कभी साहित्य को माध्यम बनाकर तो कभी जन आन्दोलन छेड़कर। वर्तमान आदिवासी साहित्य में, युगों से आजीवन झेली गई उपेक्षाओं के दंश की मार्मिक व्यंजना हुई है, वह चाहे निर्मला पुतुल की रचना हो या ग्रेस कुजूर की। सभ्य समाज के बर्ताव के प्रति आक्रोश और तथाकथित विकास के प्रति असहमति के स्वर ही फूटे हैं।
विकास की अनिवार्य सीढ़ी है - विविध विषयों का शैक्षिक व व्यावहारिक ज्ञान। और आरम्भिक शिक्षा के लिए यह आवश्यक है कि प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में दी जाए, फिर क्षेत्रीय या प्रान्तीय भाषा में। विद्यालय आदिवासी क्षेत्रों में हो, शिक्षक उनके बीच का शिक्षित व्यक्ति या उनकी भाषा- संस्कृति को अच्छी तरह जानने वाला हो। बच्चों के लिए पौष्टिक आहार की यथासंभव व्यवस्था हो; इन क्षेत्रों में शिशु-सदन, शिशु केंद्र, बालवाड़ी की उत्तम व्यवस्था जरूरी है ताकि गरीब मजदूर माँ- बाप के बच्चे अपने छोटे भाई- बहनों की देखरेख के लिए घर पर रुके रहने को विवश न हों। कई भाषाओं की अपनी लिपि नहीं, ऐसे में मौखिक एवं लिखित- भाषा के दोनों रूपों की सुरक्षा पर ध्यान देना अनिवार्य है। भाषा उनकी परंपरा, उनकी लोक- संस्कृति की वाहक है। भाषा नष्ट होती गई तो धीरे- धीरे वे अपनी पहचान खो देंगे, जैसा कि चाय बागानों में काम करने वाली उरांव जनजाति के साथ हो रहा है। यों भी विस्थापन की प्रक्रिया ने उन्हें अपनी परंपरा और संस्कृति से भी विस्थापित करने का कार्य किया है।
  यह बेहतर संकेत है कि अब सैंकड़ों आदिवासी लेखक/कवि अपनी मातृभाषा में साहित्य सृजन कर रहे हैं और अपनी पीड़ा -अपने आक्रोश को वाणी दे रहे हैं। खासी जनजाति की भाषा के पास अपनी लिपि हाल के वर्षों में ही आई; मलतो, असुर, बिरहोर आदि की मातृभाषाएँ विलुप्ति की कगार पर है। स्थानीय भाषा में शिक्षा के प्रचार- प्रसार से ही उन भाषाओं की रक्षा संभव है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 350 पर तब प्रश्नचिह्न लगता है जब उसके लागू होने के इतने वर्षों बाद भी स्थितियाँ मुँह चिढ़ा रही होती हैं, यदि प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में देने की सुव्यवस्था होती ; तो उनका लोप क्योंकर होता? शहरीकरण और औद्योगीकरण की आँधी में उखड़ी जनजातियाँ अपनी संस्कृति से कटती जा रही हैं, लड़कियाँ अधिक संख्या में अशिक्षित हैं। आर्थिक,पारिवारिक और सामाजिक दबाव में इनका सर्वांगीण विकास नहीं हो पा रहा। विगत कई वर्षों से आदिवासी भाषा और उनकी लोक कला, पुरातन संस्कृति, व कला- कौशल को बचाने हेतु राज्य एवं केंद्र सरकार के अतिरिक्त प्रथम बुक्स, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, साहित्य अकादेमी, रमणिका फाउंडेशन आदि कई संस्थाएँ इस दिशा में बेहतर कार्य कर रही हैं।
भारत के संविधान में अनुसूचित जनजातियों के शैक्षणिक एवं आर्थिक हित तथा सामाजिक अन्याय एवं सभी प्रकार के शोषणों से उसकी रक्षा के लिए विशेष प्रावधान है। इनमें भू-हस्तांतरण कानून, लघु वनोपज पर अधिकार एवं साहूकारी/ ऋण माफी पर कानून/ विनियमन पारित किए गए, जिनसे आदिवासी जनजातियों/ घोषित अनुसूचित जनजातियों को आम नागरिक की अपेक्षा विशेषाधिकार दिए गए। किन्तु वस्तुस्थिति कुछ और है। जमीनें परियोजनाओं के नाम पर तो कभी अस्थायी रिहायशी मकान के नाम पर आज भी छीनी जा रही हैं। आज भी कम मजदूरी पर ये महिलाएँ काम कर रही हैं और शोषण की शिकार हो रही हैं, कहाँ जाएँ, किनसे फरियाद करे! कथाकार मैत्रेयी पुष्पा ने अपने उपन्यास ‘अल्मा कबूतरी’ में कबूतरा समाज की जीवन-व्यथा को उजागर किया है।
    कुछ क्षेत्रों में आदिवासी स्त्रियाँ सशक्त रूप में नजर आने लगी हैं, जैसे नोंगपोह, मिजोरम में स्त्रियाँ बड़ी दुकानें और कारोबार संभालती दिख सकती हैं। कुछ स्थलों पर पंचायतों में भी उन्हें स्थान दिया जाने लगा किंतु आमतौर पर ये स्त्रियाँ अपने पति या रिश्तेदार के निर्णय पर ही मुहर लगाती हैं, अपवाद में केवल एक नाम उभरता है - समाज कल्याण मंत्री अगाथा संगमा का। एक उम्मीद जगी है लेकिन अब भी उनमें जागरूकता लाना शेष है। पारंपरिक ज्ञान- कौशल एवं आधुनिक समाज से सामंजस्य की स्थिति ही जनजातीय सशक्तीकरण को सही रूप में परिभाषित करेगी।
    आवश्यकता भाषण या आश्वासन का नहीं, नींव से सुधार का है और इसके लिए जनजातियों को उनके मूल से जोडऩा, अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करना, शिक्षा का प्रचार - प्रसार और उनके जीवन को प्रकृति के साथ जुड़ा रखते हुए आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोडऩा है; भाषा, परंपरा और लोक -संस्कृति की रक्षा करती है - उनकी कार्यकुशलता को महत्त्व देते हुए उन्हें देश के विकास से जोडऩा है, तभी देश वास्तव में धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक राष्ट्र कहलाने का हकदार होगा।
संदर्भ -       
1 भारतीय जनजातियाँ -रूपचंद्र वर्मा, प्रकाशन विभाग
2 भारतीय आदिवासी जीवन- निर्मल कुमार बोस, अनुवादक- श्याम परमार; राष्ट्रीय पुस्तक न्यास 
3 आदिवासी लोक -संपा. रमणिका गुप्ता
4 भारतीय दलित आंदोलन का इतिहास - मोहनदास नैमिशराय
5 दलित अल्पसंख्यक सशक्तिकरण- संपा. संतोष भारतीय
6 कृति कल्प - आदिवासी विशेषांक, वॉल्यूम 3, जनवरी- जून 2015
सम्पर्क: डी -136, तीसरा तल, गली न. 5, गणेशनगर पांडवनगर कॉम्प्लेक्स, दिल्ली - 110092, email- dr.artismit@gmail.com

शब्दों की जगह लेते भावचित्र

शब्दों की जगह लेते भावचित्र 
 - संध्या राय चौधरी
 शब्दों और भाषा की दुनिया में ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी को काफी मान्यता और प्रतिष्ठा हासिल है। दुनिया में सबसे ज़्यादा प्रचलित और इस्तेमाल होने वाले कुछ नए-नए शब्द इस डिक्शनरी में हर साल जोड़े जाते हैं, फिर चाहे वे विश्व की किसी भी भाषा के क्यों न हों। डिक्शनरी में जोड़े जाने वाले शब्द की चर्चा भी बहुत होती है, लेकिन वर्ष 2015 में डिक्शनरी में किसी नए शब्द को शामिल न करके जब एक इमोजी को स्थान दिया गया, तो तहलका मच गया था। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में स्थान पाने वाला यह इमोजी है 'फेस विथ टियर्स ऑफ जॉय’।
और अब खबर यह है कि यह प्रतिष्ठित डिक्शनरी शायद इस साल भी कोई शब्द न चुनकर किसी ग्राफिक या अन्य किसी माध्यम को चुन सकती है। वैज्ञानिकों के अध्ययन के मुताबिक लोगों को शब्द से ज़्यादा लगाव किसी संकेत, भाव या चित्र से होता है।

दरअसल, 2015 में ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने शब्द के स्थान पर एक चित्र (चित्र समूह) को जगह दी थी और उसे ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ भी घोषित किया था। यह चित्र एक इमोजी था। इमोजी वास्तव में जापान में प्रचलित हँसते हुए स्माइली में से एक है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने ऐसे इमोजी का उल्लेख किया है, जिसमें हँसते हुए स्माइली की आँखों से आँसू निकल रहे हैं। इस इमोजी को ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ घोषित करते हुए डिक्शनरी के प्रकाशकों ने कहा था कि यह इमोजी वर्ष 2015 में दुनिया के लोगों के मूड को बेहतर ढंग से व्यक्त करता है, इसीलिए इसे डिक्शनरी में शामिल किया गया है। एक इमोजी को विश्व की सबसे लोकप्रिय डिक्शनरी में शामिल करने पर लोग अचम्भित हुए थे। ऑक्सफोर्ड ने 2014 में अंग्रेजी के चार अक्षरों से बने शब्द ‘वेप’ (VAPE) को चुना था।
शब्दचित्र की नई कड़ी
कहने को तो इमोजी एक जापानी शब्दचित्र है। यह मनुष्य की भावनाओं को व्यक्त करने वाले इमोटिकॉन्स की तरह का ही एक चित्र है। जिस तरह स्माइली का ज़्यादातर इस्तेमाल मोबाइल फोन और इंटरनेट पर किया जाता है, उसी तरह इमोजी जापानी फोन से निकल कर अब पूरी दुनिया में छा गए हैं। इमोजी का एक शाब्दिक अर्थ भी है। इस में प्रयुक्त ‘इ’ का मतलब है इमेज यानी चित्र और ‘मोजी’ का मतलब है लिपि-संकेत। इस प्रकार इमोजी वास्तव में एक चित्रलिपि है।
जिस दौर में दुनिया में स्माइली का प्रचलन शुरू हो रहा था, लगभग उसी दौर में एक जापानी इंजीनियर शिगेताका कुरीता ने कई लोगों की भावनाओं को व्यक्त करते हुए करीब 180 अलग-अलग इमोजी बनाए थे। वर्ष 1998-99 की बात है जब कुरीता और उनकी टीम ने एक दूरसंचार कंपनी एनटीटी डोकोमो की मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं के लिए खास तरह के संकेतों के आविष्कार का काम हाथ में लिया था। इमोजी को ईजाद करते समय उनकी टीम ने मौसम की भविष्यवाणी करने वाले संकेतों और शेयर बाज़ार के भावों को प्रकट करने वाले संकेतों पर विचार किया। जैसे मौसम की भविष्यवाणी करते समय बादलों, बारिश, बर्फबारी या सूर्य का चित्र बनाया जाता है, उसी तरह उन्होंने इंसान के मूड यानी हंसी, खुशी, क्रोध आदि भावों को व्यक्त करने वाले इमोजी बनाए।
नए किस्म के इमोटिकॉन्स
जिस प्रकार इमोजी दो शब्दों ‘इ’ और ‘मोजी’ से मिल कर बना है, उसी प्रकार इमोटिकॉन्स भी इमोशन (भावना) और आइकन (चित्र-संकेत) से मिल कर बना है। इमोटिकॉन्स की तरह इमोजी भी भाव संकेत हैं। वैसे इमोटिकॉन्स दुनिया में डेढ़ सदी से प्रयोग में आ रहे हैं। बताते हैं कि पहली बार न्यूयार्क टाइम्स ने वर्ष 1862 में अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का भाषण छापते समय स्माइली का प्रयोग किया था। इसके बाद पत्र-पत्रिकाओं में स्माइली का इस्तेमाल होने लगा। कंप्यूटर के साथ स्माइली ज़्यादा प्रचलन में आए।
कंप्यूटरों पर स्माइली लाने का श्रेय अमेरिका की कार्नेगी मिलान युनिवर्सिटी के प्रोफेसर स्कॉट फालमैन को जाता है। 1982 में उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक संकेतों के रूप में कुछ स्माइली बनाए थे। इसके बाद सैकड़ों स्माइली बनाए गए - चिढ़ाते, मुस्कराते, गुदगुदाते, रोते चेहरों वाले स्माइली का आज पूरी दुनिया में स्मार्टफोन्स और कंप्यूटर पर इंटरनेट के ज़रिए इस्तेमाल हो रहा है।
फैलता जापानी इमोजी
इमोजी को 1997 में जापानी शब्दकोशों में पहली बार जगह दी गई थी। पर ये तब ज़्यादा मशहूर हुए ,जब जापान की डोकोमो कंपनी ने इमोजी को टेक्स्ट मेसेज में इस्तेमाल करने की सहूलियत दी थी।
हाल ही में एपल द्वारा किए गए एक सर्वे के मुताबिक एपल के आईफोन में ही दो करोड़ बार ये इमोजीस डाउनलोड किए गए। अन्य कई स्मार्टफोन्स में तकरीबन 720 स्माइली आईकॉन उपलब्ध हैं। इनमें स्वीट स्माइली फेस वाले सिंबल से लेकर डरावने और चुलबुले फेस सिंबल तक मौजूद हैं। ऐसे ही इमोजी को स्कैन करने वाली साइट emoji-scanner-wird हर ट्वीट का इमोजी स्कैन करती है। इसके मुताबिक रेड हार्ट यानी लाल दिल वाला सिंबल पहले पायदान पर है जिसका इस्तेमाल ट्वीट्स के दौरान 24 करोड़ 20 लाख बार हुआ है। दूसरे स्थान पर हैप्पी क्राइंग सिंबल यानी खुशी के आँसुओं वाला सिंबल (15 करोड़ 30 लाख बार) और तीसरे स्थान पर माईलिंगस सिंबल है (8 करोड़ 60 लाख बार)।
1998 तक स्माइली वेब जगत में शामिल हो चुके थे। फिर इन्हें फ्री में डाउनलोड करने की सुविधा भी वर्ष 2000 में शुरू कर दी गई और इन पर एक पुस्तक भी प्रकाशित हुई। लगभग 1000 इमोजी ऐसे हैं; जिन्हें लगभग सभी डिजिटल माध्यमों में इस्तेमाल किया जा सकता है। वैसे यह पता नहीं है कि कुल कितने इमोजीस हैं; क्योंकि हर दिन नए-नए इमोजीस जुड़ते रहते हैं। पहले इमोजी किसी वाक्य में 1-2 जगह पर इस्तेमाल होता था पर धीरे-धीरे अलग-अलग इमोजी जोड़ कर पूरे-पूरे वाक्य बनाए जाने लगे। जापान में तो इमोजी का प्रयोग कई रूपों में हो रहा है। जापानी नूडल्स, डैंगो, ओनिगिरि, जापानी करी या खुशी को व्यक्त करने वाले इमोजी भी वहाँ प्रचलित हैं।
इमोजी उपन्यास और फिल्में

इमोजी कितनी तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं, इसकी एक मिसाल यह है कि एक उपन्यास मोबी डिक का तो इमोजी में ही अनुवाद किया गया है। असल में एक-एक इमोजी को जोड़कर पूरा वाक्य बनाया जाता है और जो लोग इमोजी में अपनी बात कहने-सुनने के आदी हैं, वे बड़ी आसानी से इमोजी जोड़ कर बनाए गए वाक्य का अर्थ समझ जाते हैं। सिर्फ उपन्यास ही नहीं, अब तो इस पर पूरी फिल्म बनाने की बात भी हो रही है। हॉलीवुड की कंपनी सोनी पिक्चर्स एनिमेशन ने यह घोषणा की है कि वह इमोजी पर आधारित एक एनिमेशन फिल्म बनाने की योजना पर काम कर रही है।
नया ज़माना, नई भाषा
वैसे तो शब्दों के समर्थक कह रहे हैं कि चित्रों को भाषा का माध्यम बनाना गलत है, पर यह एक सच्चाई है कि जिस तरह से स्मार्टफोन पर शब्दों की बजाय कोई बात चित्रों के ज़रिए कह दी जाती है, उसमें भाषा का खो जाना स्वाभाविक है। कोई बात कहने के लिए अब यह ज़रूरी नहीं रह गया है कि एक लंबा वाक्य ही कहा जाए। जैसे धन्यवाद कहने या आभार प्रकट करने के लिए उठा हुआ अँगूठा बना दिया जाता है या शाबाशी देने के लिए ताली बजाते हाथों का संकेत बना दिया जाता है। अन्य भाव भी चित्रों से आसानी से व्यक्त हो जाते हैं। इसलिए पूरी संभावना है कि निकट भविष्य में स्माइली की तरह इमोजी भी पूरी दुनिया पर छा जाएँगे। जैसे ऑक्सफोर्ड और एक अन्य कंपनी स्विफ्टकी ने अपने सर्वेक्षणों के आधार पर आकलन किया है कि इमोजी का ब्रिटेन में 20 फीसदी और अमेरिका में 17 फीसदी मेसेजिंग में इस्तेमाल हो रहा है। यही नहीं, 2014 के मुकाबले 2015 में इमोजी का तीन गुना ज़्यादा इस्तेमाल हुआ और अनुमान है कि 2016-17 में पूरे विश्व में

लगभग 42 फीसदी मेसेजों में इनका इस्तेमाल होगा। हो सकता है कि जल्द ही इमोजी मनोरंजन की भाषा न रह कर कामकाज की भाषा भी बन जाए। वॉट्सएप, स्नैपचैट, फेसबुक ट्विटर जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर सैकड़ों इमोजीस हर जगह मौजूद हैं। इंटरनेट, नॉर्मल टेक्स्ट मेसेजिंग अथवा चैटएप्स पर चैटिंग के दौरान इन इमोजीस का बड़े पैमाने पर प्रयोग किया जाता है। यहाँ तक कि फेसबुक, ट्विटर पर कमेंट के रूप में भी इनका इस्तेमाल किया जाता है। यानी औपचारिक भाषा के शब्दों के बगैर लोग केवल एक इमोजी पर ही पूरा संदेश लिखने लगे हैं।
टीयर्स ऑफ जॉय का चयन
सैकड़ों इमोजीस में सिर्फ टीयर्स ऑफ जॉय चुनने की वजह बताई गई थी इसका ज़्यादा लोकप्रिय होना। एक रिसर्च के मुताबिक अमेरिका में इस्तेमाल होने वाले सारे इमोजीस में से 20 फीसदी इस इमोजी का प्रयोग किया जाता है। यूके में 17 फीसदी लोग इसका प्रयोग करते हैं। इसी आधार पर इसे वर्ड ऑफ द ईयर का खिताब दिया गया है।
अन्य लोकप्रिय इमोजीस में हैप्पी क्राइंग फेस, बीटिंग हार्ट, किसिंग फेस, झूमता और बंद आंखों वाला चेहरा, स्लीपी फेस, स्माइलिंग फेस विथ ओपन माउथ, परियां, चाँद, हैमबर्गर, केक, कैंडल, और नमस्कार की मुद्रा वाले इमोजीस का भी भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है।
बनाएँ अपना इमोजी
अब आप चाहें, तो अपनी शक्ल को भी इमोजी में चेंज कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर मौजूद हैं। ऐसी कुछ वेबसाइट्स भी हैं जो आपकी शक्ल को इमोजी में बदल देंगी और आप इन्हें ट्विटर या फेसबुक जैसी सोशल साइट्स पर शेयर भी कर सकते हैं। (स्रोत फीचर्स)