मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 17, 2010

आपके पत्र

भूमाफिया युग में
धरती की प्यास बुझते हैं तालाब -राहुल कुमार सिंह का लेख आंखे खोलनेवाला है, लेकिन करें क्या इस भूमाफिय़ा युग में लालची लोग तालाबो को पाटकर भावन बनाने में लगे हैं। भूमिगत जल का दोहन करके नई मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। कुछ लोगों का लोभ आने वाले समय में एक-एक बूंद पानी के लिए तरसा देगा। सरकारें जन सामान्य के साथ नहीं हैं। बोतलबन्द पानी पीकर योजनाएं बनती रहेंगी और आम आदमी दो बूंद जल के लिए हलाकान रहेगा। इस तरह के लेख प्रकाशित करके आप पावन यज्ञ कर रही हैं। साहित्य खंड में 'खेलने के दिन' बहुत ही सधी हुई मार्मिक लघुकथा है।
- रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु'
rdkamboj@gmail.com
बस्तर का प्रेम अद्भूत प्रेम
अद्भूत। बस यही एक शब्द है। अद्भूत संस्कृति, अद्भूत प्रशंसक, अद्भूत लेखनी। हरिहर वैष्णव का लेख 'जिनके लिए बस्तर के गांव स्वर्ग समान है' महज़ एक आलेख नहीं, पूरी आलेख सीरीज़ का विषय है। बस्तर के वनों से होता हुआ प्रेम का संदेश कहां-कहां तक पहुंच गया और अपनी अमिट छाप छोड़ गया, यह पढऩा- सुनना भी अपने आप में एक अद्भूत अनुभव है। लेखक को कोटिश: धन्यवाद। अनुरोध है कि वे विदेशों में बसे दिल से हिंदुस्तानी लोगों के बारे में भी विस्तार से परिचय दें।
- विवेक गुप्ता (भोपाल)
vivekbalkrishna@gmail.com
छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी
वैष्णव जी का लिखा बहुत ही शानदार लेख है। आंसू उनकी आंखों में भी आते हैं जिनको हम मशीनों का भाई- बहन मानते हैं। छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी का तो खैर क्या मुकाबला। कभी महसूस नहीं कर पाया लेकिन अपने पिता से सुनता रहा हूं।
- अजय शर्मा
व्यवस्था का खुलासा
उदंती का जनवरी-फरवरी अंक मिला। पढ़कर संतुष्टि होती है। अनकही में रक्षक के भेष में भक्षक के माध्यम से आपने आज की भ्रष्ट व्यवस्था का खुलासा किया है जो बहुत कुछ सोचने पर बाध्य करता है। बधाई।
- प्रतिमा चंद्राकर, रायपुर
pchandraker@yahoo.com
वसंत की चाह
डा.गीता गुप्त की वसंत की चाह एक सुंदर और रोचक रचना है पढ़कर अच्छा लगा।
उदंती को धन्यवाद।
- सुरेश यादव
sureshyadav55@gmail.com
दिल को छूता संस्मरण
प्रताप सिंह राठौर द्वारा रचित एक सच्चे संत की पुण्य स्मृति पढ़ कर यह सोचने को बाध्य हो गया कि एक समय वह भी था जब स्वामी रामानंद जैसे सच्चे और ज्ञानी संत हमारे देश में पैदा होते थे, जो चुपचाप अपना कर्म किए जाते थे और एक आज का समय है जब इच्छाधारी जैसे ढोंगी बाबा हमारे देश के लिए कलंक बन गए हैं, जिनके कारनामों से हम लज्जित होते हैं, यह सोच कर कि धर्म और आस्था की पुण्य भूमि भारत में यह कैसा समय आ गया है। क्या सच्चे संत ऐसे ढोंगी बाबाओं के विरोध में आवाज बुलंद करेंगे और क्या इन सबको प्रश्रय देने वालों की जमीर जागेगी?
-मयंक पुष्कर, इंदौर म. प्र.
pushkarm@gmail.com

Mar 16, 2010

घोसले में अंडेदेती है किंग कोबरा

दुनिया के सबसे बड़े सापों में किंग कोबरा के नाम का शुमार है, जिसे नागराज के नाम से जाना जाता है। साथ ही यह भी कि दुनिया में केवल यही सांप है जो घोसला बनाता है!
जी हां मादा कोबरा ही एक मात्र ऐसा सांप है जो अपने अंडों के लिए घोंसला बनाती है। यही नहीं, वह अपने घोंसले की कड़ी पहरेदारी भी करती है। वह अपने शरीर से जंगल में पड़ी सड़ी पत्तियों, तिनकों और सूखी घास के सहारे 30 सेमी ऊंचा शंक्वाकार घोसला बनाती है। जब यह घोसला बनाने में तन्मय होती हैं तो बड़ी ही शांत होती है -यहां तक कि पास खड़े व्यक्ति को भी अनदेखा कर सकती है! घोंसला बनाने के बाद वह अंडों के ऊपर या घोंसले के ऊपरी हिस्से में कुंडली मार कर बैठ जाती है और अण्डों से बच्चों को निकलने तक समर्पित भाव से सेती है। वह जून माह में अंडे देती है। आमतौर पर मादा कोबरा एक बार में 20 से 40 अंडे देती है जिन्हें तैयार होने में 60 से 85 दिन लगते हैं। इन दिनों वह निराहार ही रहती है। लेकिन आश्चर्य की बात ये है कि जब अंडों से बच्चे निकलने का समय आता है तो वह उन्हें छोड़कर चली जाती है।
किंग कोबरा तीन से छह मीटर तक लंबा हो सकता है। वैसे तो यह भारत में दुर्लभ है मगर पश्चिमी घाट के घने जंगलों और उत्तर भारत के पहाड़ी भागों में यदा कदा दिख जाता है -यह नीलगिरी की पहाडिय़ों, गोआ, हिमालय के 2000 मीटर की ऊंचाई तक लाहौर से असम तक के विशाल भू भाग के साथ ही बिहार, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल से अंडमान तक पाया जाता है।
प्रसिद्ध सर्प विज्ञानी रोम्युलस व्हिटकर इसे आम लोगों की धारणाओं के विपरीत एक शांत स्वभाव और डरपोक सांप मानते हैं -उनसे कई बार इनकी मुठभेड़ हुई है उनके अनुसार हर बार यह डर कर भाग गया है! यह मुख्य रूप से केवल धामिन और पनिहां जाति के सांपो को ही खाता है! पिछले दिनों मद्रास के मशहूर स्नेक पार्क में एक चार मीटर के किंग कोबरा ने चार महीनों में डेढ़- डेढ़ मीटर के पन्द्रह धामन सापों को उदरस्थ कर लिया था।
इसका विष वैसे तो साधारण नाग- कोबरा से कम विषैला होता हैं मगर एक पूरे दंश में यह 6 सीसी तक विष निकाल सकता है जो एक हाथी को भी मार सकता हा, इसलिए सर्परोधी एंटीवेनम इस पर कारगर नहीं है, मगर यह भी सही है कि इस सांप के काटने की घटनाएं बहुत ही कम सुनाई देती हैं!
मूंछें हों तो रामनाथ जैसी...
चाकसू जयपुर, गांव बड़ा पदमपुरा, के निवासी 70 वर्षीय रामनाथ बचपन और जवानी में बकरियां पालते थे अब अमरीका, जापान, इंग्लैण्ड की सैर करते हंै। बड़ी-बड़ी होटलें इनकी उपस्थिति से सजा करती हैं। हंै तो वे अंगूठा छाप साधारण जाट चौधरी, चरवाहा और किसान, पर सबस अलग और निराले। कहते हैं मूंछ है तो मर्द है लेकिन उस मर्द की मूंछों को क्या कहेंगे जिसकी पूरी 10 फीट की मूंछें हों। भई रामनाथ की मूंछें तो ऐसी ही हैं तभी तो वे जिधर से गुजरते हंै लोगों की निगाहें उधर ही ठहर जाती हैं।
32-33 वर्ष पहले की बात है वे इन मूंछों को लेकर उदयपुर आए और यहीं से उनकी नई पहचान बनी। रामनाथ को उसकी मूंछों ने खूब पैसा दिलाया। देश में जगह-जगह जाने के मौके आये, विदेश के कई न्यौते मिले। मेले, प्रदर्शनियां, सरकारी, गैरसरकारी कार्यक्रमों के जरिए इन मूंछो की बदौलत जीवन में उत्साह उमडऩे लगा। अब तक रामनाथ अमरीका, इंग्लैण्ड, जर्मन, जापान, सउदी अरब जैसे कई देशों की सैर कर आएं हैं, कईयों के तो उन्हें नाम भी याद नहीं। इस तरह उन्हें ढेरों प्रशस्ति और पैसा मिला। जयपुर के एक होटल से 8 हजार माहवार मिलता है। जहां वे हर रोज अपनी मूंछो पर ताव देते हैं, प्रदर्शन करते हैं। जयपुर सीटी पैलेस, रामबाग, महारानीजी होटल, आमेर, ओबेराय, होलीडे सहित कई होटलों में जाना-आना लगा रहता है।
जितना भी पैसा मिला है रामनाथ ने उससे गांव में कुआं खुदवाया है, जमीन खरीदे हैं और अपनी पत्नी के लिए ढेर सारे गहने बनवाए हैं उन्हें बड़ा गर्व है कि उन्होंने अपने परिवार के साथ चार धाम की यात्रा कर ली। तो भई मूंछें हों तो रामनाथ जैसी...

Feb 17, 2010

उदंती.com, जनवरी-फरवरी 2010


उदंती.com,  जनवरी-फरवरी 2010
वर्ष 2, संयुक्तांक 6-7
**************
धैर्य और परिश्रम से हम वह प्राप्त कर सकते हैं जो शक्ति और शीघ्रता से कभी नहीं।
- ला फान्टेन
**************
अनकही: रक्षक के वेश में भक्षक!
परंपरा : धरती की प्यास बुझाते हैं तालाब
- राहुल कुमार सिंह

संस्मरण : एक सच्चे संत की पुण्य स्मृति
- प्रताप सिंह राठौर

कविता: जिन्दगी की सुनहरी घड़ी
- बुधराम यादव

उत्सव : चली चली रे पतंग...- उदंती फीचर्स
अतिथि : जिनके लिए बस्तर के गांव स्वर्ग समान हैं
- हरिहर वैष्णव

प्रकृति : वसन्त बहार...- डॉ. गीता गुप्त
पर्यटन : बर्फीलीमेहमाननवाजी - बिमल श्रीवास्तव
स्वाद: भारतीय मसालों का जवाब नहीं/ जरा सोचें
धरोहर : बूंद नहीं तो समुद्र भी नहीं
जीवन शैली : जल बिच मीन पियासी रे
- अरुण कुमार शिवपुरी

वाह भई वाह
21वीं सदी के व्यंग्यकार / 10वीं कड़ी :
साहित्यकार के हसीन सपने - काशीपुरी कुंदन

कहानी: रामी - डॉ. दीप्ति गुप्ता
लघु कथाएं: कमल चोपड़ा
इस अंक के लेखक
आपके पत्र/ इन बाक्स

रक्षक के वेश में भक्षक!


चौदह वर्षीया रुचिका टेनिस के खेल की उभरती प्रतिभा थी। उसके पिता ने अपनी लाडली बेटी के टेनिस कौशल में निखार लाने के लिए उसे कनाडा भेजने का निर्णय लिया। जैसे ही यह बात रुचिका के टेनिस क्लब में फैली, क्लब के तत्कालीन अध्यक्ष शंभु प्रताप सिंह राठौर, आई.जी. हरियाणा पुलिस ने तुरंत रुचिका के पिता से मिलकर उन्हें सलाह दी कि वे रुचिका को कनाडा न भेजें और आश्वस्त किया कि वे रुचिका की बेहतर टे्रनिंग की पूरी व्यवस्था यहीं कर देंगे। यह बात है अगस्त 1990 की और इसी के साथ निरीह रुचिका और उसके परिवार- पिता और छोटे भाई पर अमानवीय यातनाओं का पहाड़ टूट पड़ा। जिसने साबित किया कि रुचिका के बाप की उम्र का वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राठौर एक नृशंस और बर्बर भेडिय़ा था। राठौर ने पहले टेनिस क्लब में रुचिका का यौन उत्पीडऩ किया। जब रुचिका ने इसकी शिकायत की तो राठौर ने रुचिका को क्लब से निष्कासित करवा दिया। इस अंतहीन यातनामय त्रासदी से टूट कर रुचिका ने 1993 में आत्महत्या कर ली। रुचिका के त्रस्त पिता को पचकुला (हरियाणा) का मकान बेचकर शिमला में शरण लेनी पड़ी।
इन परिस्थितियों में रुचिका की मौत के लिए राठौर को न्यायालय से दण्डित करवाने का बीड़ा उठाया रुचिका की सहेली अनुराधा और उसके साहसी माता-पिता ने। अनुराधा राठौर के कुकृत्य की प्रत्यक्षदर्शी गवाह थी। अनुराधा और उसके परिवार के लिए यह कितना मुश्किल काम था इसका अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें पूरे 19 वर्ष लगे एक के बाद एक बाधा से जूझते हुए न्यायालय से एक निराशाजनक फैसला पाने में। न्यायालय को एक किशोरी को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सिर्फ 6 महीने की जेल और सिर्फ एक हजार रुपए का जुर्माना उचित दण्ड लगा। इतना ही नहीं न्यायालय ने अपराधी राठौर के साथ अपनी सहानुभूति प्रदर्शित करते हुए कहा कि अपराधी की बड़ी उम्र और मुकदमे के 19 वर्ष की लंबी अवधि तक चलने के कारण हल्की सजा दी जा रही है!!! इस सजा (?) को सुनकर दर्प से दमकते चेहरे पर कुटिल मुस्कान लिए अदालत से बाहर निकलते राठौर को टीवी पर असंख्य भारतीयों ने देखा। राठौर की चाल ढाल स्पष्ट संदेश दे रही थी कि वह राजसत्ता और न्यायप्रणाली को अपनी जेब में रखता है। प्रमाण है कि इन्हीं 19 वर्षों में राठौर इतने संगीन अपराध में अभियुक्त होने के बावजूद राजनेताओं और नौकरशाहों के संरक्षण में एक के बाद एक सफलता की सीढिय़ा चढ़ता हुआ इंस्पेक्टर जनरल से डाइरेक्टर जनरल पुलिस की पदवी पाकर अपना कार्यकाल समाप्त करके ससम्मान रिटायर हुआ।
वास्तव में यह अत्यंत दर्दनाक और शर्मनाक मामला हमारे देश के राजनेताओं, शासनतंत्र और सामाजिक व्यवस्था की हेल्थ रिपोर्ट है। इस बीमार गठजोड़ के दानवी चंगुल में रुचिका जैसे लाखों निरीह साधारण नागरिक त्रस्त रहते हैं, दम तोड़ देते हैं।
राजतंत्र के शीर्ष पर बैठे लोगो के मन में जनसेवा, समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण जैसे विचार अब नहीं आते। अब राजनीति एक धंधा बन गई है। जहां वे जल्दी से जल्दी अधिक से अधिक आमदनी करने में जी जान से जुटे रहते हैं। कोई मुख्यमंत्री बनकर बीस बाइस महीनों में चार हजार करोड़ रुपयों का घोटाला कर लेता है, कोई चारा घोटाला करता है और कोई कत्ल और अपहरण जैसे अपराधों में नामजद होता है। रचनात्मक सोच में अक्षम ऐसे जनप्रतिनिधि संसद और विधानसभाओं में शोर- शराबा और मारपीट तथा अन्य अशोभनीय व्यवहार करके अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। इस प्रकार के राजनेता भ्रष्टाचार के माध्यम के रूप में नौकरशाही और पुलिस को इस्तेमाल करते हैं, फलस्वरुप पुरस्कार के रूप में सरकारी अफसर और पुलिस अफसर अपने भ्रष्टाचार और कुकर्मों के बावजूद सुरक्षित बने हुए पदोन्नति पाते रहते हैं।
नौकरशाही, न्यायप्रणाली और पुलिस के अशुभ गठबंधन का भयावह, क्रूर और दमनात्मक चेहरा रुचिका की त्रासदी से स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। अंग्रेजों ने पुलिस विभाग को एक ऐसे निर्मम और बर्बर संगठन के रूप में गठा था जो अमानवीय यंत्रणाओं से जनता को आतंकित रखे ताकि आम नागरिक अत्याचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत भी न जुटा सके। पुलिस विभाग आज भी अंग्रेजों के बनाए उसी कानून के तहत काम करता है और आज के शासन तंत्र के प्रति वही भूमिका निभाता है जो पहले अंग्रेजी शासनतंत्र के प्रति निभाता था। अवधारणा में पुलिस के रक्षक होने की कल्पना की जाती है परंतु भारत में यह कोरी कल्पना ही है। भारत में पुलिस भक्षक बन विचरती है। नतीजा है कि पुलिस थाने में प्राथमिक रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराना एवरेस्ट विजय से भी ज्यादा मुश्किल काम है। अवकाश प्राप्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारी किरन बेदी के अनुसार पुलिस थाने में अपराध की प्राथमिकी दर्ज होना अपवाद है, दर्ज न होना आम बात है। रूचिका के साथ 1990 में हुए अपराध की प्राथमिकी जब मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और डाइरेक्टर जनरल पुलिस, हरियाणा से गुहार लगाने के बावजूद भी दर्ज नहीं हो पाई तो अन्तत: हाइकोर्ट के आदेश पर आठ वर्ष बाद 1998 में दर्ज हुई। इसीसे प्रगट होता है कि पुलिस विभाग कितना निरंकुश है।
रुचिका के मामले में राठौर ने रुचिका और उसके परिवार को यौन शोषण की शिकायत वापस लेने के लिए उन्हें आतंकित करने हेतु एक के बाद एक भयानक अपराध किए। रुचिका को हरियाणा टेनिस फेडरेशन से निष्कासित करवाया, सेक्रेड हार्ट स्कूल जिसमें रुचिका 11 वर्षों से पढ़ रही थी और जहां राठौर की पुत्री भी उसी क्लास में थी, से भी निष्कासित करवा दिया, रुचिका के छोटे भाई 14 वर्षीय आशू पर कार चोरी जैसे झूठे अपराधिक मुकदमे चलवा कर उसे थाने में लाकर भूखा प्यासा रखते हुए भंयकर शारीरिक यातनाएं दीं। रुचिका को आत्महत्या करने को मजबूर किया, रुचिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से छेड़छाड़ की, सीबीआई के जांच अधिकारी पर तथ्य को छुपाने के लिए दबाव डाला और रिश्वत देने का प्रयास किया, उसके छोटे भाई को हथकडिय़ों में बांध कर घर के सामने घुमाया, गुंडों से अश्लील नारे लगवाए, गवाहों को धमकाया और प्रताडि़त किया इत्यादि। इस परिप्रेक्ष्य में यदि आम जनता का यह विश्वास है कि पुलिस की वर्दी अपराधियों का सुरक्षा कवच है तो क्या आश्चर्य। विडम्बना यह है कि भारत की प्रशासनिक व्यवस्था में राठौर जैसे जालिमों की भरमार है। कानून में प्रशासनिक अधिकारियों को पब्लिक सर्वेंट अर्थात जनता के सेवक कहा जाता है परंतु वास्तविक में ये ऐसे आचरण करते है जैसे जनता इनकी सेवक हो।
उपरोक्त संगीन जुर्मों के लिए 19 वर्ष बाद न्यायालय से अत्यंत मुलायम दण्ड मिलने पर भारत के प्रबुद्धवर्ग और मीडिया में जो आक्रोश उमड़ा है वह रुचिका की त्रासदी से उपजा एक सकारात्मक कदम है। चारों ओर से मांग हो रही है कि राठौर को उसके जघन्य अपराधों के लिए कठोर दण्ड मिले और साथ ही साथ शासन के शीर्ष से लेकर निम्नतम स्तर तक के उन सभी व्यक्तियों को भी कठघरे में खड़ा किया जाए जो राठौर के अपराधों में उसे सरंक्षण देते रहे या सहायता देते रहे। साथ ही यह भी मांग हो रही है कि- बच्चों के साथ होने वाली शारीरिक छेड़छाड़ को गंभीर अपराध मानते हुए कानून में इसके लिए कठोर दंड का प्रावधान किया जाए और थाने में अपराध की प्राथमिकी दर्ज होने को सर्वसुलभ बनाया जाए। हम भी इन सभी मांगों का पूर्ण समर्थन करते हैं।
लोकतंत्र में जनहित में प्रबुद्ध वर्ग और मीडिया द्वारा सम्मिलित रूप से चलाए जाने वाले आंदोलन के परिणाम बहुत ही दूरगामी होते हैं। परंतु आवश्यक यह है कि इस प्रकार के आंदोलन वांछित परिणाम आने तक अबाध रूप से चलते रहें। जुल्म और अन्याय के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
आइये हम सभी नववर्ष के संकल्प के रूप में प्रण करें कि रक्षक के चोले में घूमने वाले खूंखार भक्षकों से बालक बालिकाओं को सुरक्षित बनाए रखने हेतु सभी कानूनी कदम तत्परता से उठाएगें।
सभी प्रबुद्ध पाठकों को नववर्ष की शुभकामनाएं।
- रत्ना वर्मा

धरती की प्यास बुझाते हैं तालाब


-राहुल सिंह
छत्तीसगढ़ में जल-संसाधन और प्रबंधन की समृद्ध परम्परा के प्रमाण, तालाबों के साथ विद्यमान है और इसलिए तालाब स्नान, पेयजल और अपासी (आबपाशी या सिंचाई) आवश्यकताओं की प्रत्यक्ष पूर्ति के साथ जन-जीवन और समुदाय के बृहत्तर सांस्कृतिक संदर्भयुक्त बिन्दु हैं। अहिमन रानी और रेवा रानी की गाथा तालाब स्नान से आरंभ होती है। नौ लाख ओडिय़ा, नौ लाख ओड़निन के उल्लेख सहित दसमत कइना की गाथा में तालाब खुदता है और फुलबासन की गाथा में मायावी तालाब है। एक लाख मवेशियों का कारवां लेकर चलने वाला लाखा बंजारा और नायकों के स्वामिभक्त कुत्ते का कुकुरदेव मंदिर सहित उनके खुदवाए तालाब, लोक-स्मृति में खपरी, दुर्ग, मंदिर हसौद, पांडुका के पास, रतनपुर के पास करमा-बसहा, बलौदा के पास महुदा जैसे स्थानों में जीवन्त हैं।
खमरछठ (हल-षष्ठी) की पूजा के साथ प्रतीकात्मक तालाब-रचना और संबंधित कथा में तथा बस्तर अंचल की लछमी जगार गाथा में तालाब खुदवाने संबंधी मान्यता और सुदीर्घ परम्परा का संकेत है। सरगुजा अंचल में कथा चलती है कि पछिमहा देव ने सात सौ तालाब खुदवाए थे और राजा बालंद, कर के रूप में खीना लोहा वसूलता और जोड़ा तालाब खुदवाता। उक्ति है- सात सौ फौज, जोड़ा तलवा; अइसन रहे बालंद रजवा। विशेषकर पटना (कोरिया) में कथन है- सातए कोरी, सातए आगर। तेकर उपर बूढ़ा सागर।
यह रोचक है कि छत्तीसगढ़ में आमतौर पर समाज से दूरी बनाए रखने वाले नायक, सबरिया, लोनिया, बेलदार और रामनामियों की भूमिका तालाब निर्माण में महत्वपूर्ण होती है और उनकी विशेषज्ञता तो काल-प्रमाणित है ही। छत्तीसगढ़ में पड़े भीषण अकाल के समय किसी अंग्रेज अधिकारी द्वारा खुदवाए गए उसके नाम स्मारक बहुसंखय 'लंकेटर तालाब' अब भी जल आवश्यकता की पूर्ति और राहत कार्य के संदर्भ सहित विद्यमान हैं।
छत्तीसगढ़ की प्रथम हिंदी मासिक पत्रिका 'छत्तीसगढ़ मित्र' के सन 1900 के मार्च-अप्रैल अंक का उद्धरण है- 'रायपुर का आमा तालाब प्रसिद्ध है। यह तालाब श्रीयुत सोभाराम साव रायपुर निवासी के पूर्वजों ने बनवाया था। अब उसका पानी सूख कर खराब हो गया है। उपर्युक्त सावजी ने उसकी मरम्मत में 17000 रु. खर्च करने का निश्चय किया है। काम भी जोर शोर से जारी हो गया है। आपका औदार्य इस प्रदेश में चिरकाल से प्रसिद्ध है। सरकार को चाहिए कि इसकी ओर ध्यान देवे।'
छत्तीसगढ़ के ग्रामों में तालाबों की बहुलता इतनी कि 'छै आगर छै कोरी', यानि 126 तालाबों की मान्यता रतनपुर, मल्हार, खरौद, महन्त, नवागढ़, अड़भार, आरंग, धमधा जैसे कई स्थानों के साथ सम्बद्ध है। सरगुजा के महेशपुर और पटना में तथा बस्तर अंचल के बारसूर, बड़े डोंगर, कुरुसपाल और बस्तर आदि ग्रामों में 'सात आगर सात कोरी' (147) तालाबों की मान्यता है, इन गांवों में आज भी बड़ी संख्या में तालाब विद्यमान हैं। छत्तीस से अधिक संख्या में परिखा युक्त मृत्तिका-दुर्ग (मिट्टी के किले या गढ़) जांजगीर-चांपा जिले में ही हैं, इन गढ़ों का सामरिक उपयोग संदिग्ध है किन्तु गढ़ों के साथ खाई, जल-संसाधन की दृष्टि से आज भी उपयोगी है।
अहिमन शुकलाल प्रसाद पांडे की कविता 'तल्लाव के पानी' में-
गनती गनही तब तो इहां ल छय सात तरैया हे,
फेर ओ सब मां बंधवा तरिया पानी एक पुरैया हे।
न्हावन छींचन भइंसा-मांजन, धोये ओढऩ चेंदरा के।
ते मा धोबनिन मन के मारे गत नइये ओ बपुरा के॥
पानी नीचट धोंघट धोंघा, मिले रबोदा जे मा हे।
पंडरा रंग, गैंधाइन महके, अउ धराउल ठोम्हा हे।
कम्हू जम्हू के साग अमटहा, झोरहातै लगबे रांधे,
तुरत गढ़ा जाही रे भाई रंहन बेसन नई लागे।

भीमादेव, बस्तर में पाण्डव नहीं, बल्कि पानी के देवता हैं। जांजगीर और घिवरा ग्राम में भी भीमा नामक तालाब हैं। बस्तर में विवाह के कई नेग-चार पानी और तालाब से जुड़े हैं। कांकेर क्षेत्र में विवाह के अवसर पर वर-कन्या तालाब के सात भांवा घूमते हैं और परिवारजन सात बार हल्दी चढ़ाते हैं। दूल्हा अपनी नव विवाहिता को पीठ पर लाद कर स्नान कराने जलाशय भी ले जाता है और पीठ पर लाद कर ही लौटता है।
छत्तीसगढ़ में तालाबों के विवाह की परम्परा भी है, जिसे अनुष्ठान (लोकार्पण का एक स्वरूप) के बाद ही उसका सार्वजनिक उपयोग आरंभ होता था। विवाहित तालाब की पहचान सामान्यत: तालाब के बीच स्थित स्तंभ से होती है। इस स्तंभ से घटते-बढ़ते जल-स्तर की माप भी हो जाती है। कुछ तालाब अविवाहित भी रह जाते हैं, लेकिन ऐसे तालाबों का अनुष्ठानिक महत्व बना रहता है क्योंकि ऐसे ही तालाब के जल का उपयोग चिन्त्य या पीढ़ी पूजा के लिए किया जाता है। जांजगीर-चांपा जिले के किरारी के हीराबंध तालाब से प्राप्त काष्ठ-स्तंभ, उस पर खुदे अक्षरों के आधार पर दो हजार साल पुराना प्रमाणित है। इस उत्कीर्ण लेख से तत्कालीन राज पदाधिकारियों की जानकारी मिलती है।
तालाबों के स्थापत्य में कम से कम मछन्दर (पानी के सोते वाला तालाब का सबसे गहरा भाग), नक्खा या छलका (लबालब होने पर पानी निकलने का मार्ग), गांसा (तालाब का सबसे गहरा किनारा), पैठू (तालाब के बाहर अतिरिक्त पानी जमा होने का स्थान), पुंछा (पानी आने व निकासी का रास्ता) और मेढ़-पार होता है। तालाबों के प्रबंधक अघोषित-अलिखित लेकिन होते निश्चित हैं, जो सुबह पहले-पहल तालाब पहुंचकर घटते-बढ़ते जल-स्तर के अनुसार घाट-घठौंदा के पत्थरों को खिसकाते हैं, घाट की काई साफ करते हैं, दातौन की बिखरी चिरी को इकट्ठा कर हटाते हैं और इस्तेमाल के इस सामुदायिक केन्द्र के औघट (पैठू की दिशा में प्रक्षालन के लिए स्थान) आदि का अनुशासन कायम रखते हैं।
तालाबों के पारंपरिक प्रबंधक ही अधिकतर दाह-संस्कार में चिता की लकड़ी जमाने से लेकर शव के ठीक से जल जाने और अस्थि-संचय करा कर, उस स्थान की शांति- गोबर से लिपाई तक की निगरानी करते हुए सहयोग देता है और घंटहा पीपर (दाह-क्रिया के बाद जिस पीपल के वृक्ष पर घट-पात्र बांधा जाता है) के बने रहने और आवश्यक होने पर इस प्रयोजन के वृक्ष-रोपण की व्यवस्था भी वही करता है। ऐसे व्यक्ति मान्य उच्च वर्णों के भी होते हैं।
तालाबों का नामकरण सामान्यत: उसके आकार, उपयोग, चरित्र पर आधारित होता है, इनमें खइया, नइया, पचरिहा, खो-खो, पनपिया, सतखंडा, अड़बंधा, डोंगिया, गोबरहा, पुरेनहा, देउरहा, पथर्रा, कारी, पंर्री, भट्ठा तालाब, कटोरा तालाब, नवा तालाब जैसे नाम हैं। नामकरण उसके चरित्र-इतिहास और व्यक्ति नाम पर भी आधारित होता है, जैसे- फुटहा, दोखही, भुतही, छुइहा, फूलसागर, मोतीसागर, रानीसागर, राजा तालाब, गोपिया, भीमा आदि। जोड़ा नाम भी होते हैं, जैसे- भीमा-कीचक, सास-बहू, मामा-भांजा, सोनई-रूपई। बरात निकासी, आगमन व पड़ाव से सम्बद्ध तालाब का नाम दुलहरा पड़ जाता है।
पानी और तालाब से संबंधित ग्राम-नामों की लंबी सूची है इनमें उद, उदा, दा, सर (सरी भी), सरा, तरा (तरी भी), तराई, ताल, चुआं, बोड़, नार, मुड़ा, पानी आदि जलराशि-तालाब के समानार्थी शब्दों के मेल से बने गांवों के नाम आम हैं। जल अभिप्राय के उद, उदा, दा जुड़कर बने ग्राम नाम के कुछ उदाहरण बछौद, हसौद, तनौद, मरौद, रहौद, लाहौद, चरौदा, कोहरौदा, बलौदा, मालखरौदा, चिखलदा, बिठलदा, रिस्दा, परसदा, फरहदा हैं। जल अभिप्राय के सर, सरा, सरी, तरा, तरी, के मेल से बने ग्राम नाम के उदाहरण बेलसर, भड़ेसर, लाखासर, खोंगसरा, अकलसरा, तेलसरा, बोड़सरा, सोनसरी, बेमेतरा, बेलतरा, सिलतरा, भैंसतरा, अकलतरा, अकलतरी, धमतरी है। तालाब समानार्थी तरई या तराई तथा ताल के साथ ग्राम नामों की भी बहुलता है। कुछ नमूने डूमरतराई, शिवतराई, पांडातराई, बीजातराई, सेमरताल, उडऩताल, सरिसताल, अमरताल हैं। चुआं, बोड़ और सीधे पानी जुड़कर बने गांवों के नाम बेंदरचुआं, घुंईचुआं, बेहरचुआं, जामचुआं, लाटाबोड़, नरइबोड़, घघराबोड़, कुकराबोड़, खोंगापानी, औंरापानी, छीरपानी, जूनापानी जैसे ढेरों उदाहरण हैं। तालाबों और स्थानों का नाम सागर, डबरा तथा बांधा आदि से मिल कर भी बनता है तो जलराशि सूचक बंद के मेल से बने कुछ ग्राम नाम ओटेबंद, उदेबंद, कन्हाइबंद, बिल्लीबंद, टाटीबंद जैसे हैं। तालाब अथवा जल सूचक स्वतंत्र ग्राम-नाम तलवा, झिरिया, बंधवा, सागर, डबरी, डभरा, गुचकुलिया, कुंआ, बावली, पचरी, पंचधार, सेतगंगा, गंगाजल, नर्मदा और निपनिया भी हैं।
छत्तीसगढ़ की प्रमुख नदी का नाम महानदी और सरगुजा में महान नदी है तो एक जिला मुख्यालय का नाम महासमुंद है और ग्राम नाम बालसमुंद (बेमेतरा) भी है लेकिन रायपुर जिले के पलारी ग्राम का बालसमुंद, विशालकाय तालाब है। जगदलपुर का तालाब, समुद्र या भूपालताल बड़ा नामी है।
कार्तिक, ग्रहण, भोजली, मृतक संस्कार के साथ नहावन और पितृ-पक्ष की मातृका नवमी के स्नान-अनुष्ठान, ग्राम-देवताओं की बीदर-पूजा, अक्षय-तृतीया पर बाउग (बीज बोना), विसर्जन आदि और पानी कम होने जाने पर मतावल, तालाब से सम्बद्ध विशेष अवसर हैं। हरेली की गेंड़ी को पोरा (भाद्रपद अमावस्या) के दिन तालाब का तीन चक्कर लगाकर गेंड़ी के पउवा (पायदान) का विसर्जन तालाब में किए जाने का लोक विधान है और विसर्जित सामग्री के समान मात्रा की लद्दी (गाद) तालाब से निकालना पारम्परिक कर्तव्य माना जाता है। गांवजल्ला (ग्रामवासियों द्वारा मिल-जुल कर) लद्दी निकालने के लिए गांसा काट कर तालाब खाली कर लिया जाता है। पानी सूख जाने पर तालाब में झिरिया (पानी जमा करने के लिए छोटा गड्ढ़ा) बना कर पझरा (पसीजे हुए) पानी से आवश्यकता पूर्ति होती है।
तालाब की सत्ता, उसके पारिस्थिति की-तंत्र के बिना अधूरी है, जिसमें जलीय वनस्पति- गधिया, चीला, रतालू (कुमुदनी), खोखमा, उरई, कुस, खस, पसहर, पोखरा (कमल), जलमोंगरा, ढेंस कांदा, कुकरी कांदा, पिकी, जलीय जन्तु सीप-घोंघी, जोंक, संधिपाद, चिडिय़ा (ऐरी), मछलियां, उभयचर आदि और कहीं-कहीं ऊद व मगर भी होते हैं। जलीय जन्तुओं को देवतुल्य सम्मान देते हुए सोने का नथ पहनी मछली और लिमान (कछुआ) का तथ्य और उससे सम्बद्ध विभिन्न मान्यताएं तालाब की पारस्थितिकी सत्ता के पवित्रता और निरंतरता की रक्षा करती हैं। जल की रानी, मछलियों के ये नाम छत्तीसगढ़ में सहज ज्ञात होते हैं- डंडवा, घसरा, अइछा, सोढि़हा या सोंढ़ुल, लुदू, बंजू, भाकुर, पढिऩा, भेंड़ो, बामी, काराझिंया, खोखसी या खेकसी, झोरी, सलांगी या सरांगी, डुडुंग, डंडवा, ढेंसरा, बिजरवा, खेगदा, तेलपिया, ग्रासकाल। तालाब जिनकी दिनचर्या का हिस्सा हैं, उनकी जबान पर कटरंग, सिंघी, लुडुवा, कोकिया, रेछा, कोतरी, खेंसरा, गिनवा, टेंगना, मोहराली, सिंगार, पढिऩा, भुंडी, सांवल, बोलिया या लपची, रुखचग्घा, केवई, मोंगरी, पथर्री, चंदैनी, कटही, भेर्री, कतला, रोहू और मिरकल मछलियों के नाम भी सहज आते हैं।
सामुदायिक-सहकारी कृषि का क्षेत्र- बरछा, कुसियार (गन्ना) और साग-सब्जी की पैदावार के लिए नियत तालाब से लगी भूमि, पारंपरिक फसल चक्र परिवर्तन और समृद्ध-स्वावलंबी ग्राम की पहचान माना जा सकता है। बंधिया में आबपाशी के लिए पानी रोका जाता है और सूख जाने पर उसका उपयोग चना, अलसी, मसूर, करायर उपजाने के लिए कर लिया जाता है।
तालाब स्नान के बाद जल अर्पित करने के लिए शिवलिंग, मंदिर, देवी का स्थान- माताचौंरा या महामाया और शीतला की मान्यता सहित नीम के पेड़, अन्य वृक्षों में पीपल (घंटहा पीपर) और आम के पेड़ों की अमरइया आदि भी तालाब के अभिन्न अंग होते हैं।
छत्तीसगढ़ में तालाब के साथ जुड़े मिथक, मान्यता और किस्सों में झिथरी, मिरचुक, तिरसाला, डोंगा, पारस-पत्थर, हंडा-गंगार, पूरी बरात तालाब में डूब जाना जैसे पात्र और प्रसंग तालाब के चरित्र को रहस्यमय और अलौकिक बनाती है। तालाब से जुड़ी दंतकथाओं में पत्थर की पचरी, मामा-भांजा की कथा, राहगीरों के उपयोग के लिए तालाब से बर्तन निकलना और भैंसे के सींग में चीला अटक जाने से किसी प्राचीन निर्मित या प्राकृतिक तालाब के पता लगने का विश्वास, जन-सामान्य के इतिहास-जिज्ञासा की पूर्ति करता है।