मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 1, 2025

क्षणिकाएँः हँस पड़ी है नज़्म

   - हरकीरत हीर






1. वादा 

वादा किया था 

ख़ुद से

कि अब कभी 

रुख़ न करेंगे तेरे दर की ओर ....

बेहया नज़्म  

ख़्वाबों में रातभर

तेरे लफ़्ज़ों के सिरहाने

बैठी रही ....

2. चुभन

कुछ टुकड़े 

रातभर चुभते रहते हैं देह में

जिन्हें चाहकर भी 

नहीं समेट पाई मेरी नज़्म

ज़रूरी होता है 

कुछ टुकड़ों का चुभते रहना भी

लिखे जाने के लिए ......

3.ख़ामोशी

ख़ामोश

हो गई हैं तमन्नाएँ 

जब से 

उन्हें 

दिल से 

निकाला गया है ...

4. किनारा

वो भी

समंदर सा 

मतलबी निकला

जान लेकर

 कह दिया

जाओ लहरों अब 

किनारे लगा दो ....

5. मुहब्बत 

पलटकर देखे

यादों ने

कुछ नज़्मों के पन्ने

 तो

मुहब्बत के कई सारे लफ़्ज़

मुस्कुरा रहे थे

उन दिनों 

दीवारें भी हँसा करती थीं ...

6.दफ़्न

इल्म न था

यूँ

अंदर ही 

दफ़्न करने पड़ेंगे लफ़्ज़

जिन 

लफ़्ज़ों के सहारे

ताउम्र

ज़िंदा रहना चाहती थी

नज़्म ...

7. ख़्वाब 

रात भर

मुझसे लिपटकर 

रोते रहे 

ख़्वाब 

जबसे उन्हें

ख़बर लगी थी

टूट जाने की ...

8. पैग़ाम 

मुद्दतों बाद

ज़ोर से

हँस पड़ी है नज़्म 

आज फिर

कोई

उसके दर पर

रख गया है 

मुहब्बत का पैग़ाम....

9. रिश्ता

बड़ा ही

तकलीफ़ देय था

रिश्ता 

होते हुए भी

बिना किसी अहसास के

उम्र का कट जाना ...

10. बस इतना

मुहब्बत को

अब तुम्हारे 

किसी लफ़्ज़ की

ज़रूरत नहीं 

बस 

इतना दिख जाया करो

कि 

आँखों का गुज़ारा हो जाए ....


विश्व कविता दिवसः अभिव्यक्ति में कविताएँ गद्य से बेहतर हैं

  - डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

यूनिसेफ ने 21 मार्च के दिन को विश्व कविता दिवस के रूप में घोषित किया है। विश्व कविता दिवस मनाने का उद्देश्य काव्यात्मक अभिव्यक्ति (कविताओं) के माध्यम से भाषायी विविधता को बढ़ावा देना है। हर साल इस दिन के लिए कोई एक थीम चुनी जाती है। वर्ष 2022 में इस दिन की थीम ‘पर्यावरण' रखी गई थी। 2023 की थीम थी, ‘सदैव कवि, गद्य में भी (Always a poet, even in prose)' और 2024 की थीम ‘दिग्गजों के अनुभव पर बढ़ना (Standing on the shoulders of giants)'। 

कविता का उपयोग भावनाएँ जगाने के लिए, बिंब रचने के लिए, और विचारों को सुगठित और कल्पनाशील तरीके से व्यक्त करने के लिए किया जाता है। इसमें लय होती है, छंद या मीटर होता है, भावनात्मक अनुनाद होता है। पाठक या गायक कवि की भावना को महसूस करते हैं और यह उनके दिल-ओ-दिमाग में प्रभावी ढंग से उतर जाती हैं। इसमें किफायत, अलंकरण और लय की समझ होती है। ये अक्सर गाई जा सकती हैं। जैसे, हमारा राष्ट्रगान ‘जन गण मन’; यह रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा लिखी गई एक कविता है, जिसे हम सभी जोश-ओ-खरोश से गाते हैं। वहीं, हममें से कई अपनी भाषा में दुख-दर्द भरे नगमे भी गुनगुनाते हैं, गाते हैं, सुनते हैं।

वर्ष 2022 का विश्व कविता दिवस लुप्तप्राय भाषाओं, इन भाषाओं में कविताओं, गद्य और गीतों पर केंद्रित था। दुनिया भर में, 7000 से अधिक भाषाएँ लुप्तप्राय हैं। यूनेस्को के अनुसार भारत में, 42 भाषाएँ लुप्तप्राय (10-10 हज़ार से कम लोगों द्वारा बोली जाने वाली) हैं। 2013 से, भारत ने अपनी लुप्तप्राय भाषाओं के बचाव और संरक्षण के लिए एक योजना शुरू की है। वेबसाइट ‘endangered languages in India (भारत में लुप्तप्राय भाषाएँ)’ पर इन लुप्तप्राय भाषाओं की सूची दी गई है। इस सूची में ‘ग्रेट अंडमानी’, लद्दाख में बोली जाने वाली ‘तिब्बती बलती’ और झारखंड की ‘असुर’ भाषाएँ शामिल हैं। मैसूर स्थित स्कीम फॉर प्रोटेक्शन एंड प्रिवेंशन ऑफ एन्डेंजर्ड लैंग्वैज (SPPEL) इस क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत है। 

2023 में विश्व कविता दिवस की थीम थी: आलवेज़ अ पोएट, ईवन इन प्रोज़। शेक्सपियर इसका एक बेहतरीन उदाहरण हैं। उनके गद्य में भी काव्यात्मक लय थी। यहाँ  कुछ उदाहरण दिए गए हैं: ‘Brevity is the soul of wit'; और ‘my words fly up, but my thoughts remain below'। हिन्दी, उर्दू और तमिल में कई विद्वानों ने इसी तरह की कविताएँ/बातें लिखी हैं। 

जब हम गद्य में अपने मन की बात कह सकते हैं तो कविता क्यों लिखना? जहाँ गद्य में प्रयुक्त भाषा स्वाभाविक और व्याकरण-सम्मत होती है, वहीं काव्यात्मक भाषा आलंकारिक और प्रतीकात्मक होती है। ऑक्सफोर्ड स्कोलेस्टिका एकेडमी बताती है कि कविता साहित्यिक अभिव्यक्ति का एक ऐसा रूप है जिसमें भाषा का उपयोग होता है। और एनसायक्लोपीडिया ब्रिटानिका कहता है, कविता में आप भाषा (के शब्दों) को अर्थ, ध्वनि और लय के मुताबिक काफी सोच-समझकर चुनते और जमाते हैं। कविता पढ़ते या सुनते समय, आपके मस्तिष्क का ‘आनंद केंद्र' सक्रियता से बिंबों का अर्थ खोजने और रूपकों की व्याख्या करने में तल्लीन हो जाता है।

वैज्ञानिक और कविता

‘Scientists take on poetry (साइंटिस्ट टेक ऑन पोएट्री)' नामक साइट बताती है कि गणितज्ञ एडा लवलेस, रसायनज्ञ हम्फ्री डेवी और भौतिक विज्ञानी जेम्स मैक्सवेल ने अपने काम के बारे में कविताएँ लिखी हैं। भारत में, वैज्ञानिक एस. एस. भटनागर ने हिंदी में कविताएँ लिखीं। वैसे सी. वी. रमन कवि तो नहीं थे; लेकिन वायलिन की संगीतमय ध्वनियों का वैज्ञानिक आधार जानने में उनकी रुचि थी और उन्होंने ‘एक्सपेरिमेंट विथ मेकेनिकली प्लेड वायलिन’ (यांत्रिक तरीके से बजाए जाने वाले वायलिन के साथ प्रयोग) शीर्षक से एक शोधपत्र लिखा था, जो 1920 में प्रोसिडिंग्स ऑफ दी इंडियन एसोसिएशन फॉर दी कल्टीवेशन ऑफ साइंस में प्रकाशित हुआ था। उन्होंने भारतीय आघात वाद्य यंत्रों (ड्रम या ताल वाद्यों) की विशिष्टता का भी अध्ययन किया। तबला और मृदंग की ध्वनियों की हारमोनिक प्रकृति का उनका विश्लेषण भारतीय ताल वाद्यों पर पहला वैज्ञानिक अध्ययन था। 

इसी तरह, भौतिक विज्ञानी एस. एन. बोस तंतु वाद्य एसराज बजाया करते थे। बर्डमैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर प्रकृतिविद सालिम अली ने भारत के पक्षियों पर कई किताबें लिखीं। और इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर श्रीराम रंगराजन (जिनका तखल्लुस ‘सुजाता’ है) ने तमिल में बेहतरीन किताबें और लेख लिखे, जिन्हें उनके भाषा कौशल के कारण हर जगह सराहा जाता है। क्या ऐसे और वैज्ञानिक नहीं होने चाहिए जो संगीत पर कविताएँ और निबंध लिखें? (स्रोत फीचर्स)

लघुकथाः हम बेटियाँ हैं न!

- सन्तोष सुपेकर

 बारह वर्षीया निकिता और दस वर्षीया अमिता घर में अकेली थीं। उनका पाँच वर्षीय इकलौता भाई, माता–पिता के साथ किसी विवाह समारोह में गया हुआ था। दोनों बहनें बैठकर, घर के पुराने फोटो एलबम देख रही थीं।

"ये देखो दीदी, भैया का जन्म के बाद का पहला फोटो, ये उसका फर्स्ट बर्थ डे का फोटो, पीछे हम दोनों भी खड़े हैं।"

"और ये देख, भैया का पहली बार चलते हुए, नहाते हुए, खिलौनों से खेलते हुए, खाना खाते हुए, कितने सारे फोटो हैं। भैया कितना प्यारा लग रहा है न!"

"पर दीदी, भैया के इतने सारे फोटो एलबम में हैं, हमारे तो बस, दो–चार ही फोटो हैं, ऐसा क्यों?" एक तरफा व्यवहार देखकर नन्ही अमिता ख़ुद को रोक न सकी।

"हम बेटियाँ हैं न!" बड़ी ने समझाया। 


पर्व- संस्कृतिः सृष्टि का जन्म दिवस- उगादी

 - अपर्णा विश्वनाथ

उगादी आंध्र प्रदेश की पारंपरिक त्योहारों में से एक है। उगादी/ संवत्सरादि/ युगादि (युग+आदि) यानी एक नए युग की शुरुआत। यह पर्व चंद्र पंचाग के चैत्र मास के पहले दिन (पाड्यमी) को मनाया जाता है।

उगादी का दक्षिण भारत में विशेष महत्त्व अनेक कारणों से है। इस समय वसंत ऋतु अपने पूरे चरम पर होता है; इसलिए मौसम काफी सुहावना तो रहता ही है साथ ही कृषकों में नई फसल को लेकर काफी खुशी और उत्साह का माहौल रहता है।

इसके इतर उगादी के इतिहास (History of Ugadi Festival) पर नजर डालें, तो पौराणिक कथाओं के अनुसार — इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना शुरू की थी और इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। जिस तरह हम अपना जन्मदिन मनाते हैं, ठीक उसी तरह उगादी सृष्टि के जन्म दिवस मनाने का सांप्रदाय है। इसलिए कई जगहों पर इस दिन ब्रह्म और विष्णु जी को पूजने की परंपरा है।

इतिहासकारों के अनुसार इस पर्व की शुरुआत सम्राट शालिवाहन (जिन्हें गौतमीपुत्र शतकर्णी के नाम से भी जाना जाता है)के शासनकाल में हुआ था।

पर्व का एक पक्ष यह भी है कि पुराने समय में किसानों के लिए यह एक खास अवसर होता था; क्योंकि इस समय उन्हें नई फसल की आमद जो होती थी,  जिसे बेचकर वह अपनी जरूरत का सामान खरीद सकते थे। यही कारण है कि उगादी के इस पर्व को कृषकों द्वारा आज भी इतना सम्मान दिया जाता है।

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के अलावा देश के कई हिस्सों में अलग-अलग नामों से यह पर्व मनाया जाता है।

ऐसी मान्यता कि इस दिन कोई नया काम शुरु करने पर सफलता अवश्य मिलती है, आज भी उगादी के दिन दक्षिण भारतीय राज्यों में लोग नए काम की शुरुआत, दुकानों का उद्घाटन, भवन- निर्माण का आरंभ आदि जैसे शुभ कार्यों की शुरुआत उगादी के दिन करते हैं।

प्रकृति और परंपरा

हमारे भारतीय त्योहार, और प्रकृति एक दूसरे के पर्याय हैं। हर त्योहार में एक विशेष खानपान का महत्त्व होता है। गौर करने पर हम पाएँगे कि यह विशेष खानपान के नियम हमारे शरीर को ऋतुओं में हुए परिवर्तन से लड़ने के लिए तैयार करता है और हमारे शरीर के प्रतिरोधी क्षमता को भी बढ़ाता है। प्रकृति के साथ अनुसंधान करने, प्रकृति के साथ तालमेल बिठाने और प्रकृति के करीब जाने का एक बहाना है हमारे भारतीय पर्व- त्योहार ।

उगादी के दिन

उगादी के दिन घर के सभी सदस्य जल्दी उठकर, सिर से नहाकर, नूतन या स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं। विधिपूर्वक घर में पूजा- पाठ करके भगवान को उगादी पच्चडी का नैवेद्य समर्पित किया जाता है और भगवान के आशीर्वाद के रूप में घर के सभी सदस्य यह उगादी पच्चडी ग्रहण करते हैं। अपने संस्कारों का निर्वहन करते हुए भगवान तथा बड़ों से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उसके बाद ही अन्य पकवान और खानपान खाने की प्रथा है। तत्पश्चात् देवालय जाकर भगवान के दर्शन करके वहाँ या अन्यत्र जहाँ पंचांग श्रवण हो रहा है,  वहाँ पंचांग श्रवण करने की प्रथा है। यह संस्कार और प्रथा आज भी आंध्रप्रदेश की परंपरा और संस्कृति में जीवित है।

उगादीपच्चडी (चटनी) और पंचांग श्रवणं का विशेष महत्त्व

उगादी के दिन प्रसाद के रूप में एक प्रकार की पच्चडी (चटनी) कुल छह प्रकार की खाद्य सामग्री (कच्चा आम, नीम का फूल, इमली, गुड़, हरी मिर्च और सेंधा लवण ) के मिश्रण से तैयार की जाती है। यह पदार्थ स्वास्थ्य और स्वाद दोनों ही दृष्टि से अति उत्तम है। इसके बिना उगादी अधूरी है।

ये छह पदार्थ आयुर्वेदिक और औषधीय गुणों से भरपूर होने के साथ ही जीवन के षड रसों को भी इंगित करता है। जिस तरह से यह छह रस हमारे भारतीय भोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, उसी तरह हमारा जीवन भी हर्ष, विषाद, क्रोध, कड़वाहट, भय तथा आश्चर्य इन छह संवेदनाओं का मिश्रण है और हमारे जीवन का महत्त्वपूर्ण अंग है।

इन षड् रसों में हमारी संवेदनाएँ किस तरह शामिल है -

1- गुड़ मीठा होता है और मीठा खुशियों का प्रतीक है।

2- कच्चे आम का तुर्श और अम्लीय स्वाद जीवन के आश्चर्य और जीवन की नई चुनौतियों का प्रतीक है।

3- नीम फूल का कड़वा स्वाद जीवन के विषाद और कठिनाइयों का प्रतीक है।

4- इमली का खट्टा स्वाद जीवन के चुनौतियों का प्रतीक है।

5- हरी मिर्च का उष्ण और तीखापन क्रोध का प्रतीक है।

6- लवण का नमकीन स्वाद जीवन के अज्ञात या अपरिचित पहलू का प्रतीक है।

इन छह सामग्रियों के अलावा पच्चडी को और स्वादिष्ट बनाने के लिए उपर से नारियल, केला, मधु का प्रयोग भी किया जाता है। कुछ लोग हरी मिर्च की जगह काली मिर्च (गोलमिर्च) का इस्तेमाल करते हैं।

लेकिन उपर्युक्त छह सामग्री मुख्य रूप से उगादी पच्चडी के लिए होना अति आवश्यक है।

यह उगादी पच्चडी हमें बताता है कि जिस तरह भोजन को पौष्टिक और स्वादिष्ट बनाने के लिए हम षड् रस का प्रयोग करते हैं, ठीक उसी प्रकार भावनात्मक स्वास्थ्य जीवन के लिए इन छह संवेदनाओं का भी स्वागत किया जाना चाहिए और यह भी कि किसी तरह के असफलताओं पर उदास नही होना चाहिए बल्कि सकारात्मकता के साथ नयी  शुरुआत करनी चाहिए।

पंचांग श्रवणं

पंचांग के पाँच अंग है तिथि, वार, नक्षत्र, योगं और करणं।

इन पंच अंग का आपके जीवन में इस नववर्ष में क्या प्रभाव रहेगा। उगादी के दिन पंचांग सुनने की प्रथा उगादी पर्व का एक अंग है।


कविताःअकिला फुआ

  - डॉ. शिप्रा मिश्रा 


अब उनकी

कोई जरूरत नहीं

 


पड़ी रहती हैं

एक कोने में

अपनी खटारा मशीन लेकर

 

सुतली से बँधे चश्मे को

कई बार उतारती और

पहनती हैं और 

लगीं रहती हैं 

सूई में धागे पिरोने की

निरर्थक कोशिश में

 

एक जमाने में 

सलाइयों पर तो जैसे

उनकी अँगुलियाँ

थिरकती रहती थीं

 

रिश्तेदारी के सारे

नवजन्मे बच्चे

और तो कुछ बड़े भी

उन्हीं की सिले हुए

झबले, स्वेटर, कुलही

पहनकर पोषित हुए 

 खानदान भर के

पोतड़े, फलिया, गदेली

सिलती रहीं बच्चों के

 

अब तो सब कुछ

मिल जाता है रेडिमेड

सुन्दर, आकर्षक, सुविधाजनक

 

कौन सिलवाए ऐसी

फटी-पुरानी साड़ियों

और बदरंग चद्दरों के 

बेकार की जहमतें

 

एक जमाने में

गाँव भर में 

अकिला फुआ की 

हुआ करती थी

खूब पूछ

 

बेटी का सगुन या

बेटे का परछावन

नहीं होता था

उनके बिना

 

अकिला फुआ

पुरनिया- सी बैठकर

सलाह दिया करती थी

मुफ्त की

 

लेकिन अफसोस

अब खत्म हो गई

उनकी पूछ

हाल-चाल भी नहीं

जानना चाहता कोई

 

दमे की खाँसी ने

परास्त कर दिया उन्हें

अपनी धुँधली रोशनी में

भीग- भीग जाती हैं

उनकी बूढ़ी आँखें

अपने पुराने दिनों को

याद करते हुए

 

काश! 

अब भी कोई

विचारता

रेडिमेड के चलन से

टूट गए, बिखर गए

न जाने कितने परिवार

न जाने कितनी बूढ़ी आस..

0

shipramishra1969@gmail.com