मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 7, 2024

कविताः परवाज़

  - प्रणति ठाकुर






खोल अपने पंख कि परवाज़ है तू ।


खोल अपने पंख कि नभ मापना है,

धरा के विस्तार को भी आँकना  है,

इस तिमिर में भोर का आगाज़ है तू

खोल अपने पंख कि परवाज़ है तू ।

 

भूलकर बैठा है तू अपने हुनर को ,

पर क्यों तू भूला कठिन जीवन - समर को।

थकके अब मत बैठ कि जाँबाज़ है तू

खोल अपने पंख कि परवाज़ है तू ।

 

उठ धरा की धमनियों से ओस की बूँदें‌ निचोड़ें,

अनगिनत तारे गगन में चल ज़रा हम भी , तोड़ें,

गिर पड़े इन सरफिरों की जीत का अंदाज़ है तू ।

खोल अपने पंख कि परवाज़ है तू ।

 

चल तुम्हारे पाँव में आकाश भर दूँ,

मन के अंध प्रकोष्ठ में अमित प्रकाश भर दूँ

भेद दे हर लक्ष्य जो इक ऐसा तीरंदाज़ है तू ।

खोल अपने पंख कि परवाज़ है तू ।


फिल्मः भारतीय सिनेमा की आवाज़ को 93 वर्ष पूरे

फिल्म के एक सीन में विट्ठल और जुबैदा
- डॉ. दीपेंद्र कमथान
- गूँगी फिल्म उद्योग को जुबान – ‘आलमआरा’,
 प्रदर्शन - 14 मार्च 1931, मैजिस्ट्रिक सिनेमा,  गिरगाँव मुम्बई, 
- डब्ल्यू. एम. खान एवं जुबैदा - पहले गायक/ गायिका, 
- दे दे खुदा के नाम पे प्यारे... हिंदी फिल्म के पहले गाने के रूप में पहचाना गया।

आदमी ने अपनी जैसी परछाइयों का अविष्कार एक सदी पूर्व किया था, वह चाहता था कि परछाइयाँ उसकी तरह चलें बोलें बात करें हँसें  रोएँ । उसकी मात्र ‘परछाइयों’ वाली परिकल्पना सन् 1913 को भारतीय फिल्मी इतिहास की पहली कथा फिल्म ‘राजा हरिश्चन्द्र’ के रूप में अवतरित हुई । यह परछाइयाँ मात्र मूक परछाइयाँ ही थीं । इन परछाईयों को ‘जुबान’ देने की आधारशिला रखने वाले महान व्यक्तियों में आर्देशिर मारवान ईरानी का नाम प्रमुख है । 05.12.1886 को पूना में जन्में ईरानी ने यूरोपीय देशों में फिल्मों को आवाज़ मिलने के बाद स्वयं यूरोप में रहकर ‘ध्वनि’ की तकनीक को समझा एवं सारे जरूरी उपकरण क्रय कर भारत लौटे और सन् 1926 को स्थापित अपनी इम्पीरियल फिल्म कं. के बैनर तले फिल्म ‘आलमआरा’ का निर्माण शुरू किया । खुद की पटकथा पर भारत की पहले हिन्दी-उर्दू भाषा में निर्मित बोलती फिल्म एक कास्ट्यूम ड्रामा फिल्म थी, जिसके प्रमुख कलाकार मास्टर विठ्ठल, जुबैदा, जिल्लो, पृथ्वीराज कपूर
मैजेस्टिक सिनेमा में
आलम आरा का  पोस्टर

(फिल्म में खलनायक का चरित्र निभाया), डब्ल्यू.एम. खान जगदीश सेठी (हिन्दी सिनेमा के पहले स्नातक), सुशीला, एलिज़र थे । संवाद जोज़फ डेविड, फोटोग्राफी आदिल ईरानी एवं संगीत फिरोजशाह मिस्त्री एवं बेहराम ईरानी का था ।

दे दे खुदा के नाम पे प्यारे,  बदला दिलवायेगा यार अब तू सितमगारों से, रूठा है आसमान, तेरी कटीली निगाहों ने मारा, दे दिल को आराम ऐ साकी गुलफाम, भर भर के जाम पिला जा और दरस बिन मोरे हैं तरसे नयना प्यारे, जब यह मूल रूप से रिलीज़ हुआ, , तो मुहम्मद वज़ीर खान के गीत ‘दे दे खुदा के नाम पे प्यारे’ ने लोकप्रियता हासिल की और इसे हिंदी फिल्म के पहले गाने के रूप में पहचाना गया। शेष गीत अधिकतर ज़ुबैदा द्वारा गाए गए थे; लेकिन फ़िल्म के क्रेडिट में, न तो संगीत निर्देशक और न ही गीतकार का उल्लेख किया गया था।

आर्देशिर ईरानी
श्री केरसी मिस्त्री के अनुसार फिल्म के सभी गीतों की धुन उनके पिताजी स्व. फिरोजशाह मिस्त्री ने बनाई थी । फिल्म की कुल लम्बाई 10 हजार 500 फुट थी, 4 माह में बनी इस फिल्म की लागत 40,000/- आई थी, (सेठ बद्रीप्रसाद दुबे एक बिजनेस मुगल ने आलम आरा के लिए फंडिंग प्रदान की) फिल्म की अवधि 124 मिनट एवं इसका सेंसर सर्टिफिकेट नं0 10043 था । (दिन के शोर शराबे खास तौर से लोकल ट्रेन के शोर से बचने के लिए फिल्म की शूटिंग रात में की जाती थी ।) फिल्म के कुल 7 गीतों में भारतीय इतिहास का पहला गीत - ‘दे दे खुदा के नाम पर प्यारे ताकत हो गर देने की, कुछ चाहे अग, तो माँग ले मुझसे, हिम्मत हो गर लेने की’ गाकर वजीर मोहम्मद खान (डब्ल्यू.एम. खान) पहले गायक बने ;परन्तु मलाल यह कि इसका ग्रामोफोन रिकार्ड नहीं बना एवं इस फिल्म के निगेटिव भी नष्ट हो चुके हैं। फिल्म में नायिका जुबैदा के भाई का रोल महबूब ने किया था, जो आगे चलकर फिल्म मदर इंडिया के निर्माता-निर्देशक बने । सन् 1931 में 1000/- रुपया मासिक वेतन पाने वाले नायक मा. विठ्ठल का इस पहली संवाद फिल्म में एक भी संवाद नहीं  था । फिल्म की सफलता का आलम यह था कि चार आने के टिकट 5 रुपये. तक ब्लैक में बिके ।  14 मार्च 1931 को गिरगाँव, मुम्बई के मैजिस्टीक सिनेमा में प्रदर्शित कर इस महान व्यक्ति आर्देशिर ईरानी का निधन 14.10.1969 को हो गया। ■

सम्पर्कः 35 / जे .10,  रामपुर गार्डन, बरेली. 243001


कविताः ठोकरों की राह पर

 


 - लिली मित्रा

ठोकरों की राह पर

और चलने दो मुझे

पाँव छिलने दो ज़रा

दर्द मिलने दो मुझे 

 

फ़र्क क्या पड़ता है चोट,

लगी फूल या शूल से

रो पड़ी है या नदी 

लिपट अपने कूल से

घाव सारे भूलकर 

नई चाह बुनने दो मुझे 

 

पाँव छिलने दो ज़रा 

दर्द मिलने दो मुझे... 

 

खटखटाता द्वार विगत के

क्यों रहे मन हर समय

घट गया जो, घटा गया है

कालसंचित कुछ अनय

पाट नूतन खोलकर

नई राह चुनने दो मुझे 

 

पाँव छिलने दो ज़रा

दर्द मिलने दो मुझे.. 

 

कौन जाने क्या छिपा है

आगतों की ओट में?

निर्माण की अट्टालिका

फिर धूसरित विस्फोट में

अवसाद सारे घोलकर

नई आह सुनने दो मुझे 

 

पाँव छिलने दो ज़रा

दर्द मिलने दो मुझे..


लघुकथाः क्वालिटी टाइम

  - अर्चना राय

अरसे बाद दोनों घर में अकेले थे। मौसम भी सुहाना हो रहा था। घने बादल, ठंडी हवा के साथ रिमझिम बारिश की फुहारें कुछ अलग ही समाँ बाँध रही थी। पति हमेशा की तरह कमरे में  ऑॅफिस की फाइलों में व्यस्त थे।

"यह लीजिए, चाय के साथ आपके पसंद के प्याज के पकोड़े।"- पत्नी ने पकौड़ा उनके मुँह में डाल कर, मुस्कुराते हुए कहा।

 कितने समय बाद आज वह पत्नी को भर नजर देख रहे थे। अचानक उनके मशीनी शरीर में इंसानी स्पंदन महसूस होने लगा। आज पत्नी कुछ ज्यादा ही सुंदर लग रही थी या वे ही थोड़ा रूमानी हो रहे थे, कहना मुश्किल था।

"तुम भी, तो मेरे पास आकर बैठो।"- पत्नी का हाथ प्यार से पकड़ते हुए कहा।

"अरे!...आप खाइए, मुझे रसोई में काम है।" - पत्नी ने बनावटी  आवाज में कहा।

 "बैठो न! आज हम कितने दिनों बाद, घर में अकेले हैं, वर्ना सारा दिन घर और बच्चों में व्यस्त होती हो।"

"आपके पास भी कहाँ टाइम रहता है। दिन भर आफिस, और घर पर भी फाइलों में ही डूबे रहते हैं।"

"क्या करूँ? इस बार मुझे प्रमोशन चाहिए ही है। तीन साल हो गए एड़ी चोटी का जोर लगाते, अब, तो मेरे जूनियर भी मुझ से आगे निकल गए हैं।"

"चिंता न कीजिए, इस बार आपको जरूर तरक्की मिलेगी। मैंने भगवान से प्रार्थना की है।" 

"अच्छा यह सब छोड़ो, आओ कुछ अपनी बातें करते हैं।"- पति ने शरारत से आँखें चमकाते हुए कहा।

 ठंडी हवा के झोंके के साथ, सौंधी खुशबू ने आकर कमरे को भर दिया।

"हटिए न! आप भी।" -पत्नी के गाल शर्म से गुलाबी हो गए।

"सुनो न!मुझे तुमसे कुछ कहना है।"- पति ने प्यार से  कहा।

"अरे हाँ! याद आया मुझे भी आपसे कुछ बताना है।"- अचानक से पत्नी के चेहरे का गुलाबी रंग उड़ गया।

"कहो? "

 "बिट्टू के स्कूल से फीस भरने का नोटिस आया है। पूरे पाँच हजार भरने हैं।"- पत्नी ने चिंतित होते हुए कहा।

  कमरे  में फैली खुशबू कुछ कम सी होने लगी। पति के चेहरे पर भी चिंता की लहर दौड़ गई।

"सब इंतजाम हो जाएगा।"- अपने आप को संभाल कर पुनः पत्नी को बैठाते हुए बोला।

 "और हाँ...गाँव से भी माँ जी का फोन आया है, इस बार फसल खराब हो गई है। , तो साल भर का अनाज नहीं भेज पाएँगी, उसका इंतजार हमें ही करना पड़ेगा।"

"अच्छा!" पति का चेहरा अब  तनाव ग्रस्त हो गया।

"कल मकान मालिक भी धमका रहा था। पिछले महीने, चाचा की बेटी की शादी ने घर का सारा बजट ही बिगाड़ दिया है।"-पत्नि अपनी धुन में कहे जा रही थी।

 "हाँ..हाँ देखता हूँ। "-अचानक से पति ने पत्नी का हाथ छोडकर, फाइल उठा ली और पन्ने पलटने लगा।

"अरे! आप भी , तो कुछ कह रहे थे न? " - पत्नी ने कुछ सोचते हुए कहा।

"ऊँ... हां कल से ऑफिस के डब्बे में दो रोटियाँ और ज्यादा रख देना। सोचता हूँ ओवरटाइम  कर लूँ।"

अब कमरे से खुशबू पूरी तरह उड़ चुकी थी। और धीरे -धीरे उसका इंसानी शरीर मशीन में तब्दील होने लगा। 

                               ■

सम्पर्कः भेड़ाघाट जबलपुर म. प्र.


बांग्ला कहानीः वह पेड़

   - ऋत्विक घटक , अनुवाद - मीता दास

   गाँव - से कुछ दूरी पर एक छोटी नदी के तट पर ठोकर खा कर गिरा हुआ सा एक बरगद का पेड़ था। कहें , , तो  पेड़ों की तुलना में वह कोई बहुत बड़ा पेड़ नहीं था ।

    बहुत ही पुराना पेड़ था वह, जड़ों को कीड़ों ने खा लिया था, पेड़ की डालियाँ भी सड़ गईं थीं।  विस्मृत हुई, सुदूर गुज़रे ज़माने में यही पेड़ तरोताजा था, किन्तु आज वैसा नहीं है। वैसे किसी काम का नहीं था वह पेड़। सिर्फ गाँव आने के रास्ते पर लोगों के लिए यह पेड़ एक पहचान के तौर माना जाता था, लोग जानते थे कि इसके बाद है, हारू लोहार का कारखाना, और उसके बाद असली गाँव...।

     वर्ष में सिर्फ एक बार इस पेड़ की अहमियत  बढ़ जाती। चड़क पूजा के समय उस पेड़ की कुछ जड़ों की शाखाओं को कुछ अनजान व्यक्ति तेल और सिंदूर लगाकर अत्यंत सुशोभित कर देते, दूर- दूर के कई गाँवों से लोग भी आते थे। गाँव का मैदान एक मेले में तब्दील हो जाता। तब उस पेड़ की छटा अचानक देखने लायक बन जाती। किन्तु उसके बाद वह पेड़ पूरे वर्ष भर वैसा ही पड़ा रहता।आसपास पड़ी हुई जमीन पर गाएँ चरा करतीं, कभी कभी सुदूर गाँव से आया पथिक उसकी शीतल छाया में बैठ जाता और पोटली खोलकर चिवड़ा - मुर्रा खाकर नदी का पानी पीकर फिर रवाना होता ।

 ...चाँदनी रात में वह पेड़ विशाल मैदान के तट पर अकेला अपने आँगन में अपूर्व आलौकिक सृष्टि उत्पन्न कर मस्त होकर परिवर्तनशील नदी के जल में ना जाने किसी रहस्यमय सपनों में खो जाता...

     साल की छह ऋतुयें अनवरत रूप से उस पेड़ के सर के उपर से गुजर जाती। नदी से जाती हुई नौकाएँ  पेड़ की छाँव के झरोखों के छोटे -छोटे मुँहख़ानों से अजीब कौतूहल दृष्टि से उस पेड़ की  ओर देखती थीं ।

      उस पेड़ की तलहटी छोटे बच्चों के लिए मौज मस्ती की जगह थी। पुष्ट पेड़ की शाखाओं में बच्चे खेला करते, पेड़ की डालियों में चढ़कर छलांग लगाते, स्कूल से भागकर आ बैठते थे ।

     गाँव के लोग बचपन से ही उस पेड़ के पास आते थे। गर्मी की दोपहरी में, कोई कोई व्यक्ति उस पेड़ के नीचे, जहाँ पेड़ की जटाएँ आपस में एकत्र हो, एक सुंदर बैठने की जगह बनाकर, उस पर बैठकर नदी की विस्मय भरी कल- कल ध्वनि का आनंद लेते थे ।

     वहाँ के मछुआरे जानते थे कि उस पेड़ के किनारों की जड़ों के फाँक- फाँक में मछलियाँ पायी जाती हैं ...कई प्रकार की छोटी बड़ी मछलियाँ। इसलिए उनके बच्चे जब कभी नहाने आते, , तो गमछों को फेंककर मछलियाँ पकड़ते। कभी - कभी जाल फेंककर भी मछलियाँ पकड़ी जातीं ।

     गाँव के बड़े बूढ़े भी उस पेड़ को जानते थे। वे लोग पेड़ के तने पर टेक लगाकर बैठे बैठे देखते - बच्चों का खेल, बच्चों का मछलियाँ पकड़ना, और मन ही मन अपना सर हिलाते। शायद अपने शैशव काल में खो जाते ।

    किन्तु यह गाँव वाले यही नहीं जान पाए कि इस बूढ़े बरगद के पेड़ की कितनी बड़ी जगह है उनके दिलों में। वो बस इतना ही सोचते थे कि यह , तो सिर्फ बूढ़ा  शिव-बरगद है। यह सदियों से यहाँ था और यहीं रहेगा। बस यही  कहावत चरितार्थ थी... " हारू लुहार के मोड़ पार , बूढ़ा शिव बरगद का झाड़"।

    एवं जहाँ तक संभव हो वह यहीं रहता और कई सदियों तक, अनवरत जाने वाले पथिकों को आश्रय देता:  किन्तु अचानक एक दिन बिना किसी सूचना के सरकार की एक नई विचारधारा उपस्थित हुई। वर्तमान सरकार की व्यवस्था की  नई विचारधारा के तहत नदी को बढ़ाकर चौड़ा किया जाएगा। अतएव एक दिन जबरदस्त आपत्तियों के  साथ बड़ा शोर करता हुआ वह बूढ़ा शिव बरगद जमीन पर गिर पड़ा। और नदी के दोनों किनारों को समान रूप से काटकर उस प्राचीन नदी को नई नदी के रुप में परिणत किया गया।...

   किन्तु उनकी यह आपत्ति बड़बड़ाने के बीच ही दबकर सीमाबद्ध होकर रह गई। आखिर वह पेड़ गिर ही गया ।... उसके बाद गाँव के लोग धीरे- धीरे उस बरगद के पेड़ को भूलने लगे। नए चेहरे, नए मकान, नए घर द्वार ...सब कुछ नया- नया। केवल, जब कभी गाँव के वयोवृद्ध उस जगह से गुजरते, तब नदी का वह किनारा बड़ा नग्न सा लगता था उनकी आँखों में। इसलिए वे लोग हाथ पैर हिला हिलाकर इस कहानी को नए लोगों को सुनाते थे। यही है उनके नव  जागरण की कथा...

       किन्तु वह भी कितने दिनों तक !

    बरगद का वह पेड़, इतने दिनों तक लोगों को आश्रय देते- देते आज लोगों के दिलों से भी निःशब्द होकर  विलुप्त हो गया ।  ■

सम्पर्कः  63/4, नेहरूनगर वेस्ट, भिलाई, छत्तीसगढ़ 490020 , मो- 9329509050 

email- mita.dasroy@gmail.com