मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 2, 2025

परम्पराः बेटी विदा करने की प्रथा खोईंछा

 - मांडवी सिंह 

जीवन को देखने का सबका अपना अलग - अलग अंदाज है।

किसी के लिए  जीवन पद प्रतिष्ठा धन ऐश्वर्य की असीमित आकांक्षा है, तो किसी के लिए कबीरा की झीनी चदरिया, जिसे वह जीवन पर्यंत ज्यों की त्यों धरने में लिप्त रहता है। कहीं आशा निराशा का अपरिमित द्वंद है तो कहीं उल्लास, शोक, राग - विराग, उत्थान- पतन, अंधकार - प्रकाश का कोलाज। सभी अपने - अपने चश्मे से इसका अवलोकन करते हैं।

परंतु इन सबसे अलग भावना की नदी अपने मानिंद एक बालक की तरह इठलाती ,इतराती हुई तो कभी शांत चित्त से कलकल - छलछल बहती सम्पूर्ण परिवेश को अपने दामन में समेट लेती है। समतल और पहाड़ दोनों में एक समान यात्रा तय करती है।

ऐसी ही भावना की नदी को हृदय में समेटे, अतीत की खट्टी - मीठी यादों को सहेजे, जीवन के उतरते मध्यान्ह में मेरे मायके जाने की तैयारी हो रही है। जिस प्रकार छत और दीवार के बिना मकान की परिकल्पना नहीं की जा सकती, वैसे ही माँ और पिता के बिना मायके का स्नेक भी नगण्य रहता है । पैकिंग के साथ ही साथ सासु माँ की एक - एक हिदायत याद आ रही है…बहू सारा सामान रख लेना, थोड़े ढंग के कपड़े पहनकर जाना चार लोग देखते हैं। मेंहदी- महावर के बिना भी भला कोई मायके - सासुर जाता है!!!

सासू माँ की जो बातें कभी मन में झुंझलाहट भर देती थीं, आज पलकें भींगो रही है। भले असहनीय गठिया के दर्द से कराहती रहें; लेकिन खोइंछा (पूर्वोत्तर क्षेत्रों में बेटी - बहू को विदा के समय चावल या जीरा - हल्दी से आँचल भरने की प्रथा ) देने जरूर आ जाती थीं। आज उन्हें याद करते हुए मैंने सारी रस्में पूरी की। पतिदेव ने चुटकी ली…. ये पारंपरिक औरतों की तरह  रंग लगाकर सफर करना मेरी मॉर्डन बीवी ने कब से शुरू कर दिया? मैं बस मुस्कुराकर रह गई।

जिस गति से ट्रेन गतिमान थी मायके में गुजरा हर क्षण उसी गति से मेरे साथ चल रहा था। कहने को तो हम ये कहकर अपने मन को तसल्ली दे देते हैं कि माँ के बिना मायका कैसा? सांसारिक दृष्टिकोण से यह सही भी है; क्योंकि नई  पीढ़ी का अपना जंजाल है , अपना संसार है।

लेकिन उस धरती का क्या जहाँ आप बड़े हुए! वह बाग - बगीचा, नदी का तट, खेल का मैदान, खेत- खलिहान, सड़क, पगडंडी, स्कूल, बाजार, काली माई का स्थान, ब्रह्म बाबा का चौरा , जहाँ अनेक मन्नते मांगी गई, जिसका सवा रुपये का प्रसाद आज तक नही चढ़ा।

क्या ये अपनी बाहें फैलाए आपका इंतजार नहीं करते?

जन्मभूमि के कण - कण में आप अपना हिस्सा छोड़ आते हैं । लहलहाते खेत, नदी की धारा, हरिया काका, गोमती काकी सब में कहीं न कहीं आप महकते हो, वह भी मायका है। कुछ ऐसी ही भावना के साथ बतियाती मेरी यात्रा जारी थी। लंबी दूरी की ट्रेन में पूरा भारत दर्शन मिल जाता है। सामने की सीट पर एक महिला अपने दो बेटियों के साथ यात्रा कर रही है। एक परिवार गुजरात से नेपाल की यात्रा के लिए नई - नई योजनाओं में व्यस्त है।

सबसे ज्यादा गुजराती परिवार को दिक्कत है महिला के साथ लाए गए एक बोरी चावल से क्योंकि आने - जाने में वह थोड़ा बाधा उत्पन्न कर रहा था। कई प्रकार की बातें चल रही है । अमीरी - गरीबी, पिछड़ेपन इत्यादि की।

मैंने बहुत प्यार से पूछा “बोरी में क्या है ?” बहन!

महिला ने उत्तर दिया - घर का बासमती चावल है। जब भी मायके जाती हूँ, माँ नहीं मानती खोईंछा के नाम पर रख देती है। दीदी मुझे तो इसकी कीमत से ज्यादा कुली को देना पड़ता है; लेकिन माँ की खुशी के लिए रख लेती हूँ। आखिर जब तक माँ है, तभी तक  न मायका है, खोईछा है। माँ बहुत बूढ़ी हो गई है… इतना कहते ही उसका गला भर गया। …मेरे गले में भी दर्द जैसा एहसास होने लगा। आँखें सावन- भादो बन गई। मेरी सारी भावुकता और दर्शनिकता काफ़ूर हो गई। देहरी पर इंतजार करती माँ की छवि बलवती हो गई। गुजराती परिवार कुछ समझ नहीं पा रहा था। ट्रेन अपनी गति से हुंकार भरती आगे बढ़ रही थी।

भोपाल- 9826092951

कविताः छोटी लड़की

 - आरती स्मित 

लहरों से खेलती

वह छोटी लड़की

लिख रही अपना नाम

आसमान पर...


लहरों का श्वेत झाग 

और 

सागर का नीलाभ

बन गए हैं रंग  

हरियाते मुस्काते पेड़ ब्रश


वह 

भरकर मुट्ठी 

उछाल देती है सुनहरी रेत

और छितराकर रंग

बना देती है

स्याह दुनिया को ख़ूबसूरत


रेत उसकी आँखों को 

चुभती नहीं

सोनारंग बस जाता है

छलछलाती दोनों नदियों के

उन काले टापुओं में

जहाँ से दिखता है 

सब खिला-खिला 

नीला, रुपहला, सुनहला...


वह छोटी लड़की

अब भी मगन है

अपनी रंगीन दुनिया में

...

रेस लगा रही है लहरों से

और

हिला-हिलाकर उँगलियाँ

विशाल नीले कागज़ पर

कर रही है हस्ताक्षर

सुनहरे अक्षरों में


वह छोटी लड़की

नहीं जानती

कि

उम्र का बढ़ता कद

घोल देता है  

मुट्ठी भर स्याह रंग

जीवन में ….

कहानीः साफ -सुथरी आँखों वाले

 - सुकेश साहनी

दफ्तर से लौटा तो गेट के पास मटमैले रंग का एक लिफाफा पड़ा हुआ था। लिफाफे पर जगह-जगह ग्रीस के दाग और कालिख लगी हुई थी। लिफाफे के एक ओर मोटे-मोटे शब्दों में बचकाने ढंग से लिखा था-सत्ते उस्ताद।

पिछले हफ्ते मेरी एक कहानी स्थानीय अखबार में छपी थी। पाठकों के दो-तीन खत मुझे रोज ही मिल रहे थे। यह लिफाफा भी मुझे उसी तरह का लगा, पर लिफाफे की मोटाई और भेजने वाले का अपने नाम के आगे उस्ताद लिखना मुझे बहुत अटपटा लग रहा था। घर में प्रवेश करते ही मैंने उसे खोल डाला।

पत्र किसी सत्ते उस्ताद ने ही मुझे लिखा था। भीतर के कागजों पर भी जगह-जगह दाग-धब्बे लगे हुए थे और लिखावट तो बहुत ही बचकाना थी। पत्र में उसने मेरी सोने के हार वाली कहानी से प्रभावित होने की बात एक-दो पंक्तियों में लिखी थी। शेष पत्र में उसने अपने जीवन की कुछ घटनाओं के बारे में लिखा था। सत्ते उस्ताद ने क्या सोचकर मुझे अपने जीवन के बारे में लिखा होगा? हो सकता है, उसे लगता हो कि उसके जीवन में ऐसा कुछ है, जिस पर कहानी लिखी जा सकती है। जो भी हो, उस बचकाना ढंग से लिखे गए खत में मुझे ऐसी खुशबू महसूस हुई थी कि मैं उसके खत को पूरा पढ़े बिना नहीं छोड़ सका था। यही नहीं, उसकी कहानी को आपके साथ साझा भी करना चाहता हूँ-

सत्ते को नहीं याद कि उसके माँ-बाप कौन थे। बचपन की कोई स्मृति भी शेष नहीं है। जब उसने होश सँभाला तो खुद को बनारसी उस्ताद की शागिर्दी में पाया। धंधा-वही पाकेटमारी, उठाईगीरी या फिर जब जैसा दाँव लग जाए. जैसा कि अमूमन होता है, बनारसी उस्ताद की मौत के बाद उस्तादी की गद्दी अपने हुनर के बल पर सत्ते के हाथ आ गई थी और वह कहलाने लगा था- सत्ते उस्ताद।

सत्ते की अँगुलियों में बला का जादू था। उसके बारे में कहा जाता था कि उस्ताद पास बैठे आदमी के कपड़े उतार ले और उसको पता भी नहीं चले। चुस्ती-फुर्ती इतनी कि प्रतिद्वंद्वी वार करने की सोचे ही सोचे कि चारों खाने चित्त और सत्ते उस्ताद का कमानीदार चाकू उसकी गर्दन पर। अपने हुनर के बल पर सत्ते के दिन मजे में कट रहे थे। तभी एक विचित्र घटना घटी।

उस दिन सत्ते बहुत सवेरे ही घर से निकल पड़ा था। अपने शिकार का पीछा करते हुए वह बस अड्डे तक पहुँच गया था। वह लड़की बस में चढ़ गई थी। उसका पति भी उसके साथ था।

वह भी उनके पीछे-पीछे बस में चढ़ गया। उसने उचटती-सी निगाह चारों ओर डाली। लड़की और उसका पति ड्राइवर के पीछे वाली सीट पर बैठे हुए थे। बस लगभग भर चुकी थी। खिड़की के पास वाली खाली सीट पर वह भी बैठ गया।

आदत के मुताबिक सत्ते अपने आपसे उलझा हुआ था, "सत्ते गुरु, बहुत दिनों बाद मोटी मुर्गी हाथ लगी है...अबे देख...उसके गले में खालिस सोने की मटरमाला और हाथों में चम-चम करते कड़े। ...हाँ, अगर लड़की के साथ यह रखवाला न होता तो काम थोड़ा आसान हो जाता। साला...अब इस धंधे में भी कुछ रहा नहीं। लोग बहुत होशियार हो गए है। औरतों ने गहने पहनकर बाहर निकलना बंद कर दिया है। इक्का-दुक्का शिकार नजर आ भी जाए तो साथ में यह...बॉडीगार्ड ...अबे, लौंडिया का रखवाला तो इधर ही देख रहा है...कहीं इसे शक तो नहीं हो गया? ...तूने अभी किया ही क्या है, जो उसे शक हो जाएगा। बेट्टा, अब तेरी फूँक बहुत जल्दी सरक जाती है।

खिड़की से सीधी धूप सत्ते पर पड़ रही थी। वह पसीने-पसीने हो रहा था। ड्राइवर-कंडक्टर का कहीं पता नहीं था। लोग बस के न चलने से परेशान थे। इस बात को लेकर बस में तेज शोर हो रहा था। धूप जब असह्य हो गई तो सत्ते अपनी सीट से उठकर कंडक्टर की सीट के पास खड़ा हो गया। वह बार-बार रुमाल से अपना पसीना पोंछ रहा था।

लोगों के शोर का असर हुआ था। ड्राइवर ने अपनी सीट पर बैठकर बस स्टार्ट कर दी थी।

"सुनिए..."

"जी?" युवक के सम्बोधन से सत्ते बुरी तरह चौंक पड़ा। पहली बार उसने युवक की आँखों में सीधे देखा। सत्ते को उसकी आँखें बहुत अजीब लगीं।

"शायद आप धूप से परेशान हैं?" उसने मुस्कराकर कहा।

"जी हाँ," उधर की सीट पर सीधी धूप पड़ रही है।" अब वह सँभल गया था।

"आप चाहें तो यहाँ बैठ सकते है," युवक ने अपनी सीट की ओर संकेत किया, "मैं तो इन्हें छोड़ने आया था...यहीं उतर रहा हूँ।"

"शुक्रिया!" सत्ते को अपने कानों पर विश्वास ही नहीं हुआ, अंधा क्या माँगे- आँखें। उसने देर नहीं की, युवती के बगल में धीरे से बैठ गया।

सीट पर बैठते ही सत्ते खुद से बातें करने लगा, "बेटा, आज ऊपर वाला मेहरबान है, रास्ते का एकमात्र काँटा भी दूर हो गया। अब तो मैदान बिल्कुल साफ है...इतना माल हाथ लग गया तो कई दिनों की छुट्टी. आखिर उस आदमी ने तुझमें क्या देखा, जो तुझे अपनी सीट दे दी?"

बस ने गति पकड़ ली थी। सत्ते ने युवती की ओर देखा, वह खिड़की से सिर टिकाए किसी गहरी सोच में डूबी हुई थी। कंडक्टर यात्रियों को टिकट के लिए आवाज दे रहा था। सत्ते के लिए यह जानना ज़रूरी था कि उसके शिकार की मंजिल क्या है, ताकि उसी के अनुसार वह भी अपना टिकट ले सके। उसने सीट से उठते हुए युवती से पूछा, "आपका टिकट? क्या मैं मदद कर सकता हूँ?"

वह चौंक पड़ी, फिर उसने पर्स खोला, तभी सत्ते ने आँखें भरकर उसके कड़ों की ओर देखा, तीन-तीन तोले से कम के नहीं होने चाहिए, उसने सोचा।

युवती ने पचास का नोट सत्ते की ओर बढ़ाते हुए कहा- "मुरादाबाद।"

उसने दो टिकट मुरादाबाद के लिये और अपनी सीट पर लौट आया।

बस पूरी रफ्तार से दौड़ने लगी थी। सत्ते ने इस बार थोड़ा ध्यान से युवती की ओर देखा। सत्ते की नजर लड़कियों के मामले में उसे कभी धोखा नहीं देती। पहली नजर में ही वह ताड़ लेता है कि लड़की सीधी-सादी है या खुर्राट, या फिर उसी की तरह कोई सड़क-छाप। शिकार के बारे में राय कायम करने के बाद ही वह आगे की योजना बनाता है। भोली-भाली लड़कियों के मामले में वह स्पर्श से शुरुआत करता है। वह जानता है, अच्छे घर की लड़कियाँ लज्जावश उसे बर्दाश्त करती रहती हैं और धीरे-धीरे पूरी तरह उसके चंगुल में फँस जाती हैं।

सत्ते की नजरें ड्राइवर के सामने वाले शीशे के बाहर सड़क पर स्थिर थीं...चेहरे पर दीन-दुनिया से बेखबरी का भाव लिये। बस की गति के साथ उसके और युवती के बीच की बची-खुची दूरी भी कम होती जा रही थी।

उसने पतलून से कटर निकालकर अपनी कमीज की ऊपर वाली जेब में रख लिया था, ताकि मौका मिलते ही इस्तेमाल कर सके।

सत्ते अजीब उलझन में था। वह पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पा रहा था। युवती का पति उसके सामने आकर उसकी एकाग्रता को भंग कर देता था...क्या सोचकर उसने उसे अपनी पत्नी के साथ की सीट पर बैठने को कहा होगा...उस युवक ने निश्चित रूप से उसे शरीफ आदमी समझा होगा। सत्ते के यार-दोस्तों का कहना है कि गुंडई तो सत्ते की आँखों से हर वक्त टपकती रहती है...तो फिर? उस युवक की आँखें हवा में तैरती हुई आईं और उसके सामने स्थिर हो गईं...उसने ध्यान से देखा...ऐसी साफ-धुली आँखें उसने अपने जीवन में किसी की नहीं देखी थीं...बिल्कुल साफ, निर्दोष, चम-चम चमकती आँखें।

युवती ऊँघने लगी थी।

बस गजरौला अड्डे पर रुकी तो भीड़ का रेला बस में आया। चढ़ने-उतरने वालों के बीच धक्का-मुक्की का माहौल था। सत्ते को तो ऐसे ही मौके की तलाश रहती है। भीड़-भाड़ में अपना काम आसानी से निबटाकर वह खिसक लेता है।

इस बार वह चाहकर भी मौके का फायदा नहीं उठा सका। विचित्र-सी शिथिलता उस पर छाती जा रही थी। सत्ते को अपनी कमजोरी पर आश्चर्य हुआ, पर वह निश्चिंत था-अपने काम के लिए दो घंटे का समय उसके पास था।

बस अब चौड़ी- चिकनी सड़क पर पहले से कहीं तीव्र गति से भागी जा रही थी। ऐसा लगता था मानो युवती कई रातों की जागी हो, क्योंकि वह चाहते हुए भी खुद पर नियंत्रण नहीं रख पा रही थी। ऊँघते हुए उसका सिर बार-बार आगे की ओर लुढ़क जाता था। बस में दूसरे यात्री भी ऊँघने लगे थे। किसी का ध्यान सत्ते की ओर नहीं था। सत्ते के सामने स्वर्ण अवसर था, पर वह खुद को बेबस महसूस कर रहा था...उसकी आँखों के सामने धुंध -सी फैलती जा रही थी...उसने महसूस किया कि उसका शरीर धीरे-धीरे एक पेड़ में तबदील हो रहा है...पहले पैर तने के रूप में फिर बाहें शाखाओं के रूप में...धीरे-धीरे वह एक घने छायादार वृक्ष में बदल जाता है...तभी कहीं से थकी-हारी चिड़िया उड़ती हुई आती है और उसकी घनी छाया के बीच एक डाल पर सुस्ताने लगती है...वह हैरानी से देखता है...चिड़िया, चिड़िया न होकर बस वाली लड़की है! एकाएक धुंध बर्फ के रूप में गिरने लगती है...बेआवाज। चारों ओर बर्फ ही बर्फ है...एक नन्ही-सी बच्ची बाहें फैलाए उसकी ओर दौड़ी आ रही है...ठंड से उसका चेहरा और होंठ नीले पड़ गए हैं...वह उससे चिपट जाती है, काँपती आवाज में कहती है, "पापा...मुझे नींद आ रही है।"

बस के हार्न से सत्ते चौंक गया। बस अभी भी सड़क का सीना चीरते हुए दौड़ी जा रही थी...युवती का सिर सत्ते के कंधे से टिका हुआ था। वह गहरी नींद में थी। सत्ते अपने काम पर बिल्कुल चौकन्ना रहता है, झपकी लेने की बात तो वह सोच भी नहीं सकता है। आज उसके साथ यह क्या हो रहा है, उसने सोचा। सपने के बारे में सोचकर उसके शरीर में झुरझुरी-सी दौड़ गई. इस सपने का क्या मतलब है? उसकी तो अभी शादी भी नहीं हुई...फिर...वह बच्ची। सपने के प्रभाव से वह खुद को मुक्त नहीं कर पा रहा था। उसने युवती को उसी तरह सोने दिया।

बस के मुरादाबाद में प्रवेश करते ही ट्रैफिक के शोर से वह जाग गई. खुद को सत्ते के कंधे पर सिर टिकाए सोते देख वह शर्म से लाल हो गई, फिर संभलकर बैठ गई। अड्डे पर बस के रुकते ही वह अन्य सवारियों के साथ उतर गई। सत्ते को जैसे लकवा मार गया था। वह युवती को जाते देखता रहा।

तभी सत्ते को लगा, युवती ने पलटकर उसकी ओर देखा है। युवती की आँखों में उसे अपने लिए आदर के भाव दिखाई दिए। युवती की आँखें भी बिल्कुल अपने पति जैसी थीं...साफ-सुथरी। सत्ते को विचित्र अनुभूति हुई। उसने अब तक लोगों की नजरों में अपने लिए नफरत और घोर उपेक्षा के भाव ही देखे थे।

विचारों में डूबता-उतराता सत्ते बस-अड्डे से सीधे अपने कमरे में लौट आया। दो दिन तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। आँखें मीचे चुपचाप चारपाई पर पड़ा रहा। दोस्तों ने समझा-उस्ताद नशा करने लगे हैं।

दो दिन बाद सत्ते उस्ताद अपने कमरे से बाहर आया तो उसे दुनिया बदली-बदली नजर आ रही थी। वह घर से सीधे इरफान के मोटर गैराज पहुँचा और उससे काम माँगा। इरफान ने डरकर उसे काम पर रख लिया।

कुछ दिनों बाद जब सत्ते के हाथ का हुनर मोटरों की मरम्मत में अपना रंग जमाने लगा, तो इरफान उसकी बहुत इज्जत करने लगा। कहने वाले कहते हैं कि सत्ते उस्ताद की अँगुलियाँ मोटरों के पेंच-पुर्जों से बातें करती हैं। इस तरह अब सत्ते उस्ताद इरफान मोटर गैराज की ज़रूरत हो गया है।

सत्ते के पुराने साथी एवं चेले-चापड़ कहते फिरते हैं- "सत्ते ने चूड़ियाँ पहन ली हैं...सत्ते उस्ताद चुक गए।" सत्ते इन बातों की फिकर नहीं करता। इस तरह के फिकरे सुनकर उसके होठों पर बारीक मुस्कान रेंग जाती है। सत्ते बहुत खुश है। उसके जीवन के सबसे खुशी भरे क्षण वे होते हैं- जब वह 'ड्राइविंग सीट' पर बैठा गाड़ी का ट्रायल ले रहा होता है और उसके बगल में निश्चित बैठा कार का मालिक उसकी ओर प्रशंसा भरी नजरों से देखता है या फिर जब मोटर की स्पीड चेक करते हुए गाड़ी की गति खतरनाक हद तक बढ़ जाती है और उसके साथ बैठी मोटर की युवा मालकिन के चेहरे पर डर या असुरक्षा के भाव दिखाई नहीं देते। सत्ते उस्ताद के अनुसार उसके अतीत की पृष्ठभूमि में ये क्षण उसे ताकत देते हैं, उसे और भी मेहनत एवं ईमानदारी से काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।

सत्ते उस्ताद की भेजी कहानी यहीं खत्म हो जाती है। कभी-कभी मुझे यह महसूस होता है कि यह कहानी सत्ते उस्ताद की कहानी न होकर, इस दुनिया के तमाम साफ-सुथरी आँखों वाले लागों की कहानी है। क्या आपको भी ऐसा लगता है!

कविताः सच सच बताना युयुत्सु

 -  निर्देश निधि

मैं राधा

अपने अलौकिक प्रेम को

तथाकथित धर्मयुद्धों के

लौकिक दावानलों में झुलसते

परित्यक्त होते देख,

खड़ी ठगी-सी आज

युद्ध के अंतिम दिन

कुरुक्षेत्र की धरा पर

तुम एकमात्र शेष कौरव से

पूछती हूँ युयुत्सु

चले थे थाम कर तथाकथित धर्मध्वजा

मार डाले अपने कितने ही सहोदर

धर्म के नाम पर तुमने

महल के अतीत से आतीं 

उनकी जीवन- किलकारियाँ

और नृशंस कुरुक्षेत्र के 

वर्तमान से गूँजती चीत्कारें उनकी

निर्जन महल के गलियारों में होते गुत्थमगुत्था

तुम्हारे युद्धरत, पर भयभीत कान

सुनते तो ज़रूर होंगे युयुत्सु

मैं राधा,

अपने परित्यक्त प्रेम को सीने में दबाए

आज युद्ध के अंतिम दिन

तुमसे पूछती हूँ-

कितना पछताए तुम युयुत्सु?

क्या उतना?

जितना मैं पछताई उसी छलिये से प्रेम कर

जिसने तुम्हें भी छला,

क्या करोगे अब विजेता बनकर

विनाश के गड्ढे में पड़े तुम

जीर्ण-शीर्ण हुई, कांतिहीन धर्मध्वज थामकर?

तुमसे कितना रोष होगा आज

गांधारी धृतराष्ट्र को,

जान सकते हो युयुत्सु?

क्या आज सराह पाए होंगे वे

तुम्हारे इस विजेता रूप को

खड़े होकर निर्वंशता के कूप की ढाँग पर

उनकी अंधी देह, अंधी सोच को

जिस धर्म के लिए त्यागा था तुमने

क्या वह किंचित् भी उपस्थित था

सारथी कृष्ण के पीछे खड़ी सेना में

देखा तो ज़रूर होगा तुमने भी

जिसके लिए अपनों ही से लड़े थे तुम

उस धर्म को सुबकते हुए कृष्ण की काँख में

फिर सामने देखकर ख़ुद रणछोड़ को

क्यों छोड़ नहीं सके थे तुम रण

सहोदर दुर्योधन के लिए?

या मुग्ध हो गए थे तुम भी

कृष्ण के लच्छेदार शब्दों पर

ठीक अर्जुन की तरह?

या बहक गए थे मेरी ही तरह

और सुन नहीं सके थे

कृष्ण की काँख में पड़े 

विवश धर्म की सुबकियाँ?

आज अभिमानी भीम द्वारा सताए जाने पर

कितना पछताए तुम

सच सच बताना युयुत्सु

इस ओर या उस छोर अंत तो मृत्यु ही होती न

सोचा तो होगा तुमने भी आज

मैं राधा, अपने प्रेम को

इन्हीं तथाकथित धर्म युद्धों की भेंट चढ़ते देख

ठगी-सी खड़ी, तुमसे पूछती हूँ-

क्या तुम भी ठगे नहीं गए मेरी तरह?

सच सच बताना युयुत्सु।

(युयुत्सु एक मात्र कौरव थे जो धर्म का साथ देकर पांडवों की ओर से लड़े और वही एकमात्र कौरव जीवित बचे। अपने सम्पूर्ण कुल को खो देने की पीड़ा सही। राधा ने भी धर्मयुद्धों के नाम पर अपने प्रेमी कृष्ण से अलग होने की पीड़ा सही।)


कुण्डलिया छंदः कहाँ अब आँगन तुलसी

 -  परमजीत कौर 'रीत'

1.

सुख के पल उत्सव लगें, दुख में बँधती आस ।

अपनों के जब साथ में, बीतें बारह मास ।।

बीतें बारह मास, रहे सबका मन खिलता ।

नहीं सताती धूप, शीत का जोर न चलता ।

कलरव करती साँझ, निशा की गोदी से कल ।

जन्मे उजली भोर, सुहाने दे सुख के पल ।।

2.

आशाओं के ओज से, डरे निराशा यक्ष ।

इक नन्ही- सी किरण भी,उजला करती कक्ष ।।

उजला करती कक्ष, तिमिर में राह दिखाती ।

बढ़े किरण की ओर, रोशनी बढ़ती जाती ।

रखते भरकर नीड़, नहीं अभिलाषाओं के ।

पंछी के दिनमान, सहारे आशाओं के ।।

3.

तुलसी आँगन बीच तब, शीशम भी थे द्वार ।

वट-वृक्षों की छाँव में, पलते थे संस्कार ।।

पलते थे संस्कार, समय था वह कुछ ऐसा ।

मन थे बहुत विशाल, भले था थोड़ा पैसा ।

साँझे थे दुख-दर्द, नजर थी रहती हुलसी ।

नहीं रहा वह काल, कहाँ अब आँगन, तुलसी ।।

4.

दफ्तर घर-परिवार सँग, सपनों का संसार ।

धार रही हैं नारियाँ, चतुर्भुजी अवतार ।।

चतुर्भुजी अवतार, घूमती चकरी ऐसे ।

यहाँ-वहाँ हर छोर, अछूता रहे न जैसे ।

कहती ‘रीत’ यथार्थ,कहीं नौकर या अफ़सर ।

खूब निभाये ‘रोल’, मिले जो भी, घर-दफ्तर ।।

5.

घर-बाहर की दौड़ में, छूटे एक न काम ।

ढूँढ रही है मानवी, जीवन के आयाम ।।

जीवन के आयाम, कभी तो पा जायेगी ।

उसका क्या अस्तित्व, कभी दिखला पायेगी ।

कहती ‘रीत’ यथार्थ, खुशी के खोज जवाहर ।

चलती रहती दौड़, मानवी की घर-बाहर ।।

6.

कितना भी कुचलो उसे, फैलेगी वो खूब ।

अपने तप-गुण-कर्म से, वन्दनीय है दूब ।।

वन्दनीय है दूब, ’ग्रहण’ में शुचिता लाती ।

पूजन वाली थाल, पूर्णता इससे पाती ।

दूर्वादल से लाभ, मधुर-फल पाने जितना ।

धैर्य, नम्रता ‘रीत’, सिखाती दूर्वा कितना ।।