मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jan 1, 2025

पर्यावरणः कब मिलेगी एकल उपयोगी प्लास्टिक से मुक्ति?

 - प्रमोद भार्गव

पर्यावरण के बढ़ते संकट के लिए जिम्मेदार कारकों में से एक एकल उपयोगी प्लास्टिक के उत्पादन व खरीद-बिक्री पर विश्वभर में पिछले 1 जुलाई से प्रतिबंध लग गया है। आयात और निर्यात पर भी रोक लगा दी गई है। एकल उपयोगी अर्थात सिंगल यूज प्लास्टिक ऐसी प्लास्टिक हैं, जिससे बनी चीजें केवल एक बार उपयोग में लाई जाती है और फिर फेंक दी जाती हैं। यहीं पर्यावरण के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदेह साबित हो रही है। नतीजतन इस तरह के 19 नगों पर रोक लगा दी गई है। यदि कोई भी निर्माता इन उत्पादों का निर्माण करता है, तो उसे सात साल की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। हालाँकि इस कानून की धारा 15 में चिप्स और गुटखे की थैली को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं है। एक व्यक्ति हर साल 18 ग्राम एकल उपयोगी प्लास्टिक कचरा पैदा करता है। ये खतरनाक इसलिए है, क्योंकि ये न तो पूरी तरह नष्ट होते हैं और न ही इन्हें जलाकर नष्ट किया जा सकता है। इनके टुकड़े पर्यावरण में जहरीले रसायन छोड़ते हैं, जो इंसानों और जानवरों के लिए खतरनाक होते हैं। साथ ही इनका कचरा बारिश के पानी को जमीन के नीचे जाने से रोकता है, जिससे जल का स्तर नहीं बढ़ पाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक देश में प्रतिदिन 26 हजार टन प्लास्टिक कचरा निकलता है। 

मानव जीवन-शैली का अनिवार्य हिस्सा बन गया प्लास्टिक पर्यावरणीय संकट के साथ मनुष्य के जीवन के लिए भी बड़ा खतरा बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्लास्टिक कचरे से मुक्ति का अभियान छेड़ने का शंखनाद किया था, जिसपर अब प्रतिबंध लगा दिया गया है। इनमें खासतौर से पेयजल और शीतल पेय के अलावा दैनिक उपयोग में लाई जाने वाली वे प्लास्टिक की थैलियाँ हैं, जिनके आसान विकल्प उपलब्ध हैं। इसके अलावा कान साफ करने की सलाई भोजन करने की थाली, ग्लास, चाकू, काँटे व चम्मच, झंडे गुब्बारे व आइसक्रीम की छड़ी और रैपर पर्यावरण ही नहीं मनुष्य और पशुधन के जीवन के लिए भी यह बड़ा संकट बनकर पेश आई है, क्योंकि येन-केन-प्रकारेण प्लास्टिक खान-पान की चीजों के साथ पेट में पहुँच रही है। इससे जहाँ मनुष्य आबादी बीमारी की गिरफ्त में आ रही है, वहीं गाय जैसे मवेशी बड़ी संख्या में प्लास्टिक खाकर जान गँवा रहे है। जाहिर है, जरूरत से ज्यादा प्लास्टिक का इस्तेमाल पर्यावरण के साथ-साथ जीव-जगत के लिए भी संकट बन गया है।  

  हिमालय से लेकर धरती का हर एक जलस्रोत इसके प्रभाव से प्रदूषित है। वैज्ञानिकों का तो यहाँ तक दावा है कि अंतरिक्ष में कबाड़ के रूप में जो 17 करोड़ टुकड़े इधर-उधर भटक रहे हैं, उनमें बड़ी संख्या प्लास्टिक के कल-पुर्जों की है।  एक और नए ताजा शोध से ज्ञात हुआ है कि दुनियाभर के समुद्रों में 50 प्रतिशत कचरा केवल उन कॉटन बड्स का है, जिनका उपयोग कान की सफाई के लिए किया जाता है। इन अध्ययनों से पता चला है कि 2050 आते-आते समुद्रों में मछलियों की तुलना में प्लास्टिक कहीं ज्यादा होगा। भारत के समुद्रीय क्षेत्रों में तो प्लास्टिक का इतना अधिक मलबा एकत्र हो गया है कि समुद्री जीव-जंतुओं को जीवन-यापन करना संकट साबित होने लगा है। ध्यान रहे कि एक बड़ी आबादी समुद्री मछलियों को आहार बनाती है। 

एक अनुमान के मुताबिक प्रति वर्ष 31.1 करोड़ टन प्लास्टिक का उत्पादन किया जाता है। यही वजह है कि समूचा ब्रह्माण्ड प्लास्टिक कचरे की चपेट में है। जब भी हम प्लास्टिक के खतरनाक पहलुओं के बारे में सोचते हैं, तो एक बार अपनी उन गायों की ओर जरूर देखते हैं, जो कचरे में मुँह मारकर पेट भरती दिखाई देती हैं। पेट में पॉलिथिन जमा हो जाने के कारण मरने वाले पशुधन की मौत की खबरें भी आए दिन आती रहती हैं। यह समस्या भारत की ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की है। यह बात भिन्न है कि हमारे यहाँ ज्यादा और खुलेआम दिखाई देती है। एक तो इसलिए कि स्वच्छता अभियान कई रूपों में चलाए जाने के बावजूद प्लास्टिक की थैलियों में भरा कचरा शहर, कस्बा और गाँव की बस्तियों के नुक्कड़ों पर जमा मिल जाता है। यही बचा-खुचा कचरा नालियों से होता हुआ नदी, नालों, तालाबों से बहकर समुद्र में पहुँच जाता है। एडवांसेज नामक शोध-पत्रिका में छपे अध्ययन में बताया है कि आर्कटिक समुद्र के बढ़ते जल में इस समय 100 से 1200 टन के बीच प्लास्टिक हो सकता है। वैसे जेआर जाम बैंक का दावा है कि समुद्र की तलहटी में 5 खरब प्लास्टिक के टुकड़े जमा हैं। यही वजह है कि समुद्री जल में ही नहीं मछलियों के उदर में भी ये टुकड़े पाए जाने लगे हैं। सबसे ज्यादा प्लास्टिक ग्रीनलैंड के पास स्थित समुद्र में मौजूद हैं। यही टुकड़े मांसाहार और पेयजल के जरिए मनुष्य के पेट में चले जाते हैं। 

प्लास्टिक की समुद्र में भयावह उपलब्धि की चौंकाने वाली रिपोर्ट ‘यूके नेशनल रिसोर्स डिफेंस काउंसिल’ ने भी जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्येक वर्ष दुनिया भर के सागरों में 14 लाख टन प्लास्टिक विलय हो रहा है। सिर्फ इंगलैंड के ही समुद्रों में 50 लाख करोड़ प्लास्टिक के टुकड़े मिले हैं। प्लास्टिक के ये बारीक कण (पार्टिकल) कपास-सलाई (कॉटन-बड्स) जैसे निजी सुरक्षा उत्पादों की देन हैं। ये समुद्री सतह को वजनी बनाकर इसका तापमान बढ़ा रहे हैं। समुद्र में मौजूद इस प्रदूषण के समाधान की दिशा में पहल करते हुए इंग्लैंड की संसद ने पूरे देश में पर्सनल केयर प्रोडक्ट के प्रयोग पर प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित किया है। इसमें खासतौर से उस कपास-सलाई का जिक्र है, जो कान की सफाई में इस्तेमाल होती है। प्लास्टिक की इस सलाई में दोनों और रूई के फाहे लगे होते हैं। इस्तेमाल के बाद फेंक दी गई यह सलाई सीवेज के जरिए समुद्र में पहुँच जाती हैं। गोया, दुनिया के समुद्रों में कुल कचरे का 50 फीसदी इन्हीं कपास- सलाइयों का है। इंग्लैंड के अलावा न्यूजीलैंड और इटली में भी कपास-सलाई को प्रतिबंधित करने की तैयारी शुरू हो गई है। दुनिया के 38 देशों के 93 स्वयंसेवी संगठन समुद्र और अन्य जल- स्रोतों में घुल रही प्लास्टिक से छुटकारे के लिए प्रयत्नशील हैं। इनके द्वारा लाई गई जागरूकता का ही प्रतिफल है कि दुनिया की 119 कंपनियों ने 448 प्रकार के व्यक्तिगत सुरक्षा उत्पादों में प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद कर दिया है। अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आठ यूरोपीय देशों में जॉनसन एँड जॉनसन भी कपास-सलाई की बिक्री बंद करने जा रही है।

प्रदूषण से जुड़े अध्ययन यह तो आगाह कर रहे हैं कि प्लास्टिक कबाड़ समुद्र द्वारा पैदा किया हुआ नहीं है। यह हमने पैदा किया है, जो विभिन्न जल- धाराओं में बहता हुआ समुद्र और नदियों में पहुँचा है। इसलिए अगर इनमें प्लास्टिक कम करना है, तो हमें धरती पर इसका इस्तेमाल कम करना होगा। पानी में प्रदूषण दरअसल हमारी धरती के ही प्रदूषण का विस्तार है, किंतु यह हमारे जीवन के लिए धरती के प्रदूषण से कहीं ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। माइक्रो प्लास्टिक को लेकर आई रिपोर्ट की गंभीरता को इस बात से समझा जा सकता है कि अगर कोई इंसान सिर्फ बोतलबंद पानी पीता है, तो भी एक साल में उसके शरीर में 90,000 प्लास्टिक के टुकड़े पहुँच सकते हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि 130 माइक्रोमीटर से छोटे प्लास्टिक के कणों में यह क्षमता है कि वह मानव ऊतकों को विस्थापित करके शरीर के उस हिस्से की प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर देता है। इसी तरह यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट एंगालिया में इकोलॉजी के प्रोफेसर एलेस्टयर ग्रांड ने बताया है कि साँस के जरिए शरीर में जाने वाली प्लास्टिक का बहुत छोटा कण ही फेफड़ों में पहुँच पाता है। जो साँस की तकलीफ पैदा कर सकता है।

प्लास्टिक के इन टुकड़ों के मनुष्य पर प्रभाव से बचने का प्रमुख उपाय यही है कि उपयोग में लाने के बाद प्लास्टिक के हरेक टुकड़े को इकट्ठा कर उसे पुनश्चक्रित किया जाए। विश्व आर्थिक संगठन के अनुसार दुनियाभर में हर साल 311 टन प्लास्टिक बनाया जा रहा है। इसमें से केवल 14 प्रतिशत प्लास्टिक को पुनश्चक्रित करना संभव हुआ है। भारत के केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय महानगरों में प्लास्टिक कचरे का पुनश्चक्रित कर बिजली और ईंधन बनाने में लगा है। साथ ही प्लास्टिक के चूर्ण से शहरों और ग्रामों में सड़कें बनाने में सफलता मिल रही है। आधुनिक युग में मानव की तरक्की में प्लास्टिक ने अमूल्य योगदान दिया है। इसलिए कबाड़ के रूप में जो प्लास्टिक अपशिष्ट बचता है, उसका पुनश्चक्रण करना जरूरी है; क्योंकि प्लास्टिक के यौगिकों की यह खासियत है कि ये करीब 400 साल तक नष्ट नहीं होते हैं। इनमें भी प्लास्टिक की ‘पॉली एथलीन टेराप्थलेट’ ऐसी किस्म है, जो इससे भी ज्यादा लंबे समय तक जैविक प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद नष्ट नहीं होती है। इसलिए प्लास्टिक का पुनर्चक्रण कर इससे नए उत्पाद बनाने और इसके बाद भी बचे रह जाने वाले अवशेषों को जीवाणुओं के जरिए नष्ट करने की जरूरत है।

यदि भारत में कचरा प्रबंधन सुनियोजित और कचरे का पुनश्चक्रण उद्योगों की शृंखला खड़ी करके शुरू हो जाए, तो इस समस्या का निदान तो संभव होगा ही रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। भारत में जो प्लास्टिक कचरा पैदा होता है, उसमें से 40 प्रतिशत का आज भी पुनर्चक्रण नहीं हो पा रहा है। यही नालियों सीवरों और नदी-नालों से होता हुआ समुद्र में पहुँच जाता है। प्लास्टिक की विलक्षण्ता यह भी है कि इसे तकनीक के मार्फत पाँच बार से भी अधिक मर्तबा पुनर्चक्रित किया जा सकता है। इस प्रक्रिया के दौरान इससे वैक्टो ऑयल भी सह उत्पाद के रूप में निकलता है, इसे डीजल वाहनों में ईंधन के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और जापान समेत अनेक देश इस कचरे से ईंधन प्राप्त कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई पायलेट रॉसेल ने तो 16 हजार 898 कि.मी. का सफर इसी ईंधन को विमान में डालकर विश्व-कीर्तिमान स्थापित किया है। गोया, प्लास्टिक वस्तुओं के बेवजह उपयोग पर प्रतिबंध तो लगे ही, इसे पुनर्चक्रित करके इसके सह-उत्पाद भी बनाए जाएँ। बहरहाल, प्रधानमंत्री की मुहिम इस दिशा में जरूर रंग लाएगी। ■

किताबेंः लघुकथा विधा का व्यापक विश्लेषण

 -  रश्मि विभा त्रिपाठी

‘लघुकथा: चिंतन एवं सृजन’ (लघुकथा- संग्रह): सम्पादक-रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’, पृष्ठ: 120, मूल्य: 300 रुपये, ISBN: 978-93-6423-599-0, प्रथम संस्करण: 2024, प्रकाशक: अयन प्रकाशन, जे–19/39, राजापुरी, उत्तम नगर, नई दिल्ली–110059

लघुकथा एक ऐसी विधा है जो अपने आकार में लघु होने के बावजूद अपने अस्तित्व में विराट है और अपनी लघुता में वृहद् विचारों, संवेदनाओं और जीवन- जगत के विविध अनुभवों को शब्दबद्ध करने की अद्भुत क्षमता रखती है, जहाँ शब्दों की संक्षिप्तता में गहन अर्थ समाहित होते हैं। 

पुस्तक के पुरोवाक् में सम्पादक ‘हिमांशु’ लघुकथा की सृजन- प्रक्रिया पर महत्त्वपूर्ण चिंतन प्रस्तुत करते हुए लिखते हैं कि लघुकथा एक ऐसी यात्रा है, जिसमें शब्दों के मितव्ययी उपयोग से गहन भावनाओं और विचारों को व्यक्त करते हुए लेखकीय गंतव्य तक पहुँचा जा सकता है। शीर्षक और कथा की आत्मा को जोड़ती लघुकथा वाच्यार्थ से परे जाकर व्यंग्यार्थ के माध्यम से गहरे अर्थ प्रदान करती है, सपाटबयानी वाली रचना नहीं।

रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’ अपने अनुशीलन ‘लघुकथा लेखन और रचनात्मकता’ में लेखन और रचनात्मकता के बीच का अंतर स्पष्ट करते हुए लेखन हेतु लेखकीय परिपक्वता पर जोर देते हुए कहते हैं कि लेखन विचारों को शब्दों में पिरोना नहीं है, उसमें रचनात्मकता होनी चाहिए। और रचनात्मकता तभी आती है, जब लेखक विषयवस्तु को आत्मसात् कर उसे नवीन दृष्टिकोण और शिल्प से प्रस्तुत करता है।

‘हिन्दी लघुकथा में प्रतिबिंबित पारिवारिक जीवन’ लेख के अंतर्गत लघुकथा में पारिवारिक सम्बन्धों, मूल्यों और बदलावों पर पड़ी डॉ. शिवजी श्रीवास्तव की चिंतन दृष्टि है, जिसे लघुकथाकारों ने अपना विषय बनाकर हिन्दी लघुकथा में अभिव्यक्त किया है। पारिवारिक जीवन की जटिलताओं को समझने और हिन्दी लघुकथा के सामाजिक संदर्भ में उसकी प्रासंगिकता बताता यह लेख न केवल साहित्यिक दृष्टिकोण से, बल्कि सामाजिक संरचना के अध्ययन में भी महत्त्वपूर्ण है।

डॉ. कुँवर दिनेश सिंह के लेख ‘हिन्दी लघुकथा: शिल्प एवं सम्प्रेषण-कला’ में लघुकथा की संरचना, शिल्प और उसकी सम्प्रेषणीयता पर उनका गहन चिंतन है। इस लेख से हमें ज्ञात होता है कि कैसे लघुकथा में भाषा, प्रतीक और व्यंजना का सटीक और कुशल प्रयोग किया जाता है जिसके फलस्वरूप यह पाठकों के मन-मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव डालती है और किस प्रकार सामाजिक, सांस्कृतिक संदर्भ इसे प्रभावशाली बनाते हैं। यह लेख इंगित करता है कि लघुकथा में न केवल कथानक की गहराई होनी चाहिए, बल्कि उसमें पाठकों के साथ भावनात्मक और बौद्धिक स्तर पर जुड़ने की क्षमता भी होनी चाहिए। लघुकथा के शिल्प और सम्प्रेषण- कला को जानने के लिए यह लेख एक सहायक- सामग्री है।

 ‘बंद दरवाज़ा’ (मुंशी प्रेमचंद) में प्रतीकात्मकता के माध्यम से परिवार और समाज में व्यक्ति के अवसरों और संभावनाओं के मार्ग की ओर संकेत है। ‘पानी की जाति’ (विष्णु प्रभाकर) जाति, धर्म और मानवता में अग्रणी कौन है, इसे व्यक्त करते हुए संकेत करती है कि जीवन में अवरोध पैदा करती समाज की धार्मिक और जातीय विभाजन रेखा से पहले मानवता को रखा जाना चाहिए।

लघुकथा ‘अश्लील पुस्तकें’ (हरिशंकर परसाई) मानवीय व्यवहार पर व्यंग्य करती है और दिखाती है कि मनुष्य की कथनी और करनी में कितना बड़ा अंतर है।

‘पाठ’ (सुकेश साहनी) किशोर- प्रेम की एक संवेदनापरक लघुकथा है। पात्र पाखी के अपने प्रति बढ़ते आकर्षण को महसूस कर शिक्षक को अपने साथी शिक्षकों के किस्से याद आते हैं लेकिन जब पाखी अपने प्यार का इज़हार करती है- “इस जन्म में मुझे डैडी का प्यार नहीं मिला” तो वह किंकर्तव्यविमूढ़ खड़ा रह जाता है, “अब आईना मुझे देखे जा रहा था” में शिक्षक को किशोर मनोविज्ञान का पाठ पढ़ने का संदेश है।

‘ऊँचाई’ (रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’) में जीवन में परिवार की महत्ता और पारिवारिक रिश्तों के ताने-बाने का प्रभावी चित्रण है, मुख्य पात्र के भीतरी संघर्ष और पत्नी की तमतमाहट से उपजा एक मानसिक तनाव है, जिसे पिता की चिंता जड़ से मिटा देती है। लघुकथाकार ने उस क्षण की संवेदना को इतनी बारीकी से पकड़ा है कि पाठक खुद को उसमें बँधा हुआ महसूस करता है।

‘संवेदनाओं का डिजिटल संस्करण’ (डॉ. सुषमा गुप्ता) मानव मन पर आधुनिक तकनीक का प्रभाव दर्शाते हुए डिजिटल युग में रिश्तों की स्थिति का असल आकलन करती है। मुख्य पात्र पिता की बीमारी और मृत्यु का समाचार फेसबुक पर अपडेट कर पिता के प्रति अपना भावनात्मक जुड़ाव दर्शाता है और दवाइयों की प्रतीक्षा करती माँ को नज़रअंदाज कर यह दिखाता है कि कैसे आभासी पटल पर व्यक्त भावनाओं ने मन में जगह ले ली है और असली रिश्ते जीवन से गायब हो गए

‘सिसकी’ (डॉ. कविता भट्ट) स्त्री की मातृत्व की आकांक्षा और समाज के दबाव को दर्शाती है। कमला और उसकी सास का संवाद दर्शाता है कि समाज किस प्रकार एक महिला के अस्तित्व को उसकी प्रजनन क्षमता से जोड़ता है। सोशल मीडिया पर ‘बेटी बचाओ’ का नारा देने वाला कमला का अपने वास्तविक कर्त्तव्यों से विमुख शान्ति, स्त्री का व्यक्तिगत संघर्ष, व्यापक सामाजिक संरचनाओं के खिलाफ एक मौन विद्रोह और अंततः यह सोचकर कि काश उसके ऐसी बच्ची होती, अपनी सिसकी से बेटी का महत्त्व रेखांकित करती है।

‘भविष्य’ (डॉ. उपमा शर्मा) में आज की चिकित्सा शिक्षा प्रणाली का नैतिक पतन है कि कैसे संस्थाएँ नैतिकता को तिलांजलि देकर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। संस्थागत नियम- व्यवहार के विपरीत शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यवसायीकरण हो रहा है।

‘भूकम्प’ (प्रियंका गुप्ता) में गहन मानवीय संवेदना और नैतिक द्वंद्व का बखान है। पति की आत्मकेंद्रितता, पत्नी की चिंता और आपदा के भय के बीच अपने पिता की देखभाल करके थक चुके व्यक्ति की भावना है। अपनी स्वार्थी भावनाओं के प्रति झुके बेटे को उसकी पत्नी बताती है कि उसका बच्चा घर के भीतर है। अंततः बच्चे को गोद में लेकर व्हीलचेयर पर बाहर आते पिता को देखकर वह उनकी ओर लौटता है और जीवन- मूल्य और पारिवारिक दायित्वों का बोध करता है। ‘चकोर’ (रचना श्रीवास्तव) सच्चे मानवीय सम्बन्धों और प्रेम के चरम की एक सशक्त कथा है। “अब कभी यहाँ नहीं आना है” के बाद लड़के का फिर से लड़की को देखने के लिए आना सिद्ध करता है कि प्रेम दैहिक आकर्षण से नहीं, आत्मीय जुड़ाव से होता है।

‘कुछ नहीं खरीदा’ (सुदर्शन रत्नाकर) उपभोक्तावाद और मानवीय विचार का अंतर्विरोध दर्शाती है। समुद्र तट पर अपने बेटे के साथ बैठी महिला वहाँ के मूल निवासियों की स्थिति को देखकर विचार करती है और महिला के बेटे की बात -“आपने भी तो कुछ नहीं खरीदा” आत्ममंथन द्वारा विचार की क्रियान्विति पर बल देती है।

सुभाष नीरव की लघुकथा ‘धूप’ अपने उच्च पद के कारण जीवन के सरल आनंद से वंचित एक अधिकारी के माध्यम से वैयक्तिक मानसिकता और सामाजिक मानदंडों की पड़ताल करती है। इस ‘धूप’ में हम देखते हैं कि सामाजिक मानदंडों के चलते हम कितनी बार अपने वास्तविक आनंद को भुला देते हैं और उसे पाने में हिचकिचाते हैं।

‘गैप’ (कृष्णा वर्मा) में स्त्री के प्रति परिवार, समाज का पारंपरिक दृष्टिकोण है, जो उसकी अपनी पसंद का जीवन जीने की इच्छा को दबाता है।

‘प्राइमरी स्कूल’ (मीनू खरे) में एक सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक का अपने विद्यालय का स्तर सुधारने और उसे पब्लिक स्कूलों के समकक्ष लाने का प्रयास है जो व्यवस्था तंत्र, राजनीतिक और सामाजिक दबाव के कारण विफल हो जाता है। 

यह पुस्तक न केवल लघुकथा के स्वरूप, बल्कि महत्त्वपूर्ण लेखों, संदर्भित सशक्त लघुकथाओं के आधार पर लघुकथा विधा की प्रक्रिया का व्यापक विश्लेषण और उसके प्रभावी पहलुओं का समग्र चिंतन है। ■

कहानीः इश्क का रंग ग्रे

 - डॉ. रंजना जायसवाल

मोबाइल पर लगातार घण्टी बज रही थी। कमरे में सन्नाटा पसरा हुआ था। कमरे की मालकिन मधु जी बाथरूम में थीं। घण्टी की आवाज सुन एक पल को वह हड़बड़ा गईं। चेहरे पर साबुन लगा हुआ था। उनके हाथ रुक गए। चेहरे पर साबुन का झाग बुलबुलों के रूप में चेहरे पर बिखरा यहाँ-वहाँ आँख-मिचौली कर रहा था। वह सोच में पड़ गईं, इस वक्त किसका फोन हो सकता है।

मधु जी ने चेहरे पर लगे फेसवाश को धोया और भीगी आँखों और चेहरे को तौलिए से पोंछते हुए बाथरूम से बाहर निकल आईं।

“आ रही हूँ, लोगों को जरा भी सब्र नहीं है,”  मधु जी ने गीले हाथों को तौलिए से पोंछते हुए कहा।

पर उस कमरे में उनके सिवा था ही कौन… बगल वाले में कमरे से टी वी की तेज़ आवाज़ आ रही थी। अशोक जी मैच देखने में मशगूल थे। डे-नाइट क्रिकेट मैच चल रहे थे। कमेंट्रेटर गला फाड़-फाड़ खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साहवर्धन कर रहा था। तालियों की तेज गड़गड़ाहट से पूरा माहौल बना हुआ था। तभी…

“शिट! क्या जरूरत थी खेलने की। सम्भ- सम्भलकर खेलने का समय था। बताओ अच्छ- खासी सेंचुरी रुक गई। धत तेरे की…”

मधु जी का ध्यान मोबाइल से हट अशोक जी के प्रलाप पर आकर टिक गया। मोबाइल कट चुका था। अशोक जी की आवाज़ में झुँझलाहट थी। उन्होंने गुस्से में टी वी बन्द कर दिया; पर उनकी बड़बड़ाहट की आवाज़ अभी तक आ रही थी। मधु जी ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और सोचने लगीं इससे बेहतर तो मैच ही था।

मधु जी की आँखें मेज पर पड़े आज के अखबार पर गईं जो अशोक जी के हाथों से गुजरता हुआ अब उनके हाथों में आया था। पन्ने बेतरतीब से पड़े एक-दूसरे से गुत्थम- गुत्था कर रहे थे। अखबार की यह हालत देख वे असहज हो गई थीं। उन्होंने वक्त के साथ बूढ़ी होती जा रही उँगलियों से एक-एक पन्ने को सहेजा और एक सरसरी निगाह बासी पड़ चुकी ख़बरों पर डाली। दिन भर अशोक जी के हाथों के साथ मशक्कत कर अखबार जगह-जगह से मुड़-तुड़ गया था। मधु जी ने अशोक जी के व्यवहार और उँगलियों का खुरदरापन बेतरतीब पड़े पन्नों में महसूस किया।

शादी के पहले घर में सबसे पहले वे अखबार पढ़ती थीं। एक-एक पन्ने से उठती ताजे अखबार की खुशबू उन्हें बहुत लुभाती थी; पर  इन बीते तीस सालों में अशोक जी के साथ बिताए पलों में वह खुशबू गायब हो चुकी थी। सबसे पहले अखबार अशोक जी ही पढ़ते थे। घर की जिम्मेदारियों और अपने आप को एक सफल गृहिणी सिद्ध करने की कोशिश में सारा दिन पंख लगाकर उड़ जाता और अखबार की वह ताजी खुशबू भी समय के साथ उड़ जाती। पन्नों को सहेजते- सहेजते एक खबर पर उनकी निगाह रुक गई-  बुढ़ापा शांति से काटने की चाहत में बढ़ रहे हैं, “ ग्रे तलाक”...

ग्रे तलाक! मधु जी की कौतूहलता बढ़ती गई। उन्होंने अंदर की ख़बरों को पढ़ना शुरू किया। एक दंपति ने शादी के तैंतीस साल बाद म्युचुअल तलाक लिया। बच्चों की पढ़ाई और शादी हो जाने के लिए वे एक साथ रह रहे थे लेकिन जब उनकी यह जिम्मेदारियाँ पूरी हो गईं तब उन्हें यह एहसास हुआ कि वह एक-दूसरे के लिए बने ही नहीं हैं। उनका मानना है कि परिवार की खुशी के लिए वे अब तक साथ रहे; पर  अब वह बुढ़ापा शांति से काटना चाहते हैं। मधु जी ने एक गहरी साँस ली और अखबार को वहीं छोड़ टी वी ऑन कर दिया।

मधु जी की आँखें टी वी पर चिपक गईं। उनकी पसंदीदा सिने तारिका का गाना आ रहा था। उन्होंने कमरे की लाइट बन्द कर दी और साइड लैंप जला दिया। कमरे में फैले हल्के अँधेरे में मद्धिम रौशनी एक खुशनुमा एहसास के साथ बिखर गई। ए. सी.की ठंडी हवा का झोंका उनके तन को सहला गया। उन्होंने रिमोट से वॉल्यूम का बटन दबाकर आवाज मद्धिम की और गाने का आनन्द लेने लगीं। स्वरलहरियाँ हवा के पंखों पर सवार हो पूरे कमरे में फैल गईं।

सिने तारिका ने सुर्ख लाल रंग की साड़ी तन पर लपेट रखी थी। सर पर ऊँचा जूड़ा,तराशे हुए तीर कमान भवें, रँगे हुए होंठ और साड़ी से मैच करता सुर्ख खिलता हुआ गुलाब जूड़े में टँका शरारती बच्चे की तरह ताका- झाँकी कर रहा था। मधु जी एकटक उस तारिका को देख रहीं थी। उन्हें अपनी फेयरवेल पार्टी याद आ गई थी।

“चल तुझे तेरी पसंदीदा हिरोइन की तरह तैयार करती हूँ। सब देखते रह जाएँगे।”

सच ही तो कहा था बुआ जी ने… सहेलियों ने उसकी जान खा ली थी।

“तुझे पक्का हमारी ही नज़र लग जाएगी,” दूसरी ने छेड़ते हुए कहा था।

“आज तो लड़कों की खैर नहीं।”

वह शायद पहली और आखिरी बार था, जब उन्होंने जूड़ा बनाया था। अशोक जी को उनका जूड़ा बनाना पसन्द नहीं था।

“भगवान ने इतने सुंदर बाल दिए हैं, ये क्या जूड़ा बनाकर खड़ी हो गई हो। चोटी बनाया करो।”

मधु जी का चेहरा उतर गया था। शादी के पहले सजने-सँवरने का उन्हें कितना शौक था। लेटस्ट फैशन के कपड़ों से उनकी अलमारियाँ भरी रहती थीं। अपनी शादी में भी दो-दो अटैचियाँ भरकर एक से बढ़कर एक कपड़े लाई थीं। शोख-चटख रंग के कपड़े, आँखें चौधियाँ जाए।

आज भी उन्हें वह दिन याद है। शादी को हफ्ते भर ही हुए थे। दोस्तों ने नव युगल के लिए पार्टी का इंतजाम किया था। मधु जी ने सुबह से ही प्लानिग कर रखी थी। वो लाल कांजीवरम के साथ लम्बा वाला सोने का हार और झुमके पहनूँगी। अशोक जी ऑफिस से अभी तक नहीं आए थे। मधु जी अशोक जी के ऑफिस से आने से पहले ही तैयार होकर बैठ गई थीं। पुरुषों का क्या है, बस वही पेंट-शर्ट पहनकर हर जगह खड़े हो जाएँगे। मुश्किल से दस मिनट लगेंगे; पर उन्हें तो कायदे से तैयार होना था। आखिर पहली बार अशोक जी के दोस्तों से मिल रही थीं। शादी में मिलना भी कोई मिलना होता है। आज सबसे व्यक्तिगत मुलाकात हो जाएगी तो जान-पहचान बढ़ाने में आसानी होगी।

मधु जी में बड़ा उत्साह था। आज मन भर के उन्होंने श्रृंगार किया था। माथे पर नग वाली बिंदी, आई ब्रो पेंसिल से भवों को पैना किया था। गाल गुलाब हो रहे थे और शरारती झुमके बार-बार उन गालों को चूम ले रहे थे। मधु जी न जाने क्या सोच अपने ही रूप को देख शरमा गई थीं। उन्हें पूर्ण विश्वास था कि अशोक जी उन्हें देखकर सरप्राइज हो जाएँगे।

“सरप्राइज!”

“ये क्या हाल बना रखा है। तुम शायद भूल रही हो कि तुम अशोक गुप्ता की पत्नी हो। ये लाल- पीले रंग की साड़ी, क्या किसी शादी में जा रही हो।”

“हमारी अभी-अभी शादी हुई है। नई दुल्हन पर यही सब रंग अच्छे लगते हैं,” मधु जी ने रुआँसे होते हुए कहा था।

“नई शादी! तो क्या ढोल पीट-पीटकर सबको बताओगी। वैसे भी बताना किसे है, सबको पता है।”

एक हफ्ते पुराने दूल्हे के मुँह से ऐसी बात सुन मधु जी हतप्रभ रह गईं।

“मेरे पास तो ऐसे ही कपड़े हैं।”

“हमारी तरफ से जो कपड़े चढ़ाए गए थे, वो कहाँ गए?” अशोक जी का स्वर तल्ख हो गया था।

“अभी ब्लाउज-पेटीकोट नहीं बने हैं। वैसे भी इतने फीके रंग कौन दुल्हन पहनती है?”

“सबसे पहले तो तुम अपने दिमाग से यह नई दुल्हन होने का भूत उतार दो और वह फीके रंग नहीं क्लास है। ध्यान रखो मैं एक अच्छे क्लास से बिलॉन्ग करता हूँ। बड़े-बड़े लोगों के साथ उठना-बैठना है मेरा… अपना नहीं तो कम से कम मेरी इज्जत का तो ख्याल करो। अपने मायके में जो चाहे करती होगी; पर  मेरे साथ रहना है तो क्लास मेंटेन करना होगा।”

मधु के सामने अटैची में पड़ी वह खूबसूरत कांजीवरम और बनारसी साड़ियाँ घूम गईं। एक-एक साड़ी चुन-चुनकर ली थी। सारे भारतीय रंग गहरे, शोख और चटख… 

“नई दुल्हन पर यही सब रंग तो फबते हैं,” बुआ जी ने यही कहा था।

अशोक जी को पेस्टल रंग पसंद थे। हल्के फीके से  सिंपल रंग… माँ ने एक बार टोका भी था।

“इस उम्र में यह सब रंग पहनेगी तो बुढ़ापे में क्या पहनेगी। तू तो उम्र से पहले बूढ़ी होती जा रही है।”

जिन रंगों को पहन वह खुशियाँ महसूस करती थी, वह खुशियाँ कहीं गुम हो चुकी थीं। उन्हें आज भी वह दिन याद था। पंडित जी ने कुंडली मिलाई थी छत्तीस में बत्तीस गुण मिले थे। माँ कितनी खुश थी! उनके पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे थे।

“जोड़ी बड़ी अच्छी रहेगी,” मधु जी ने हँसते हुए कहा था।

“क्या माँ! आप भी किस दुनिया में जीती हैं! आपका बस चलता तो छत्तीस के छत्तीस गुण मिला देतीं। सीता जी के तो छत्तीस के छत्तीस गुण मिले थे, कौन सा सुख मिला, थोड़े कम ही सही।”

“चुप कर! कुछ भी बोलती है। थोड़े कम ही मिले तो अच्छे, लोगों की नजर लग जाती है,” माँ रिश्तेदारों को बताते हुए फिर रही थी। 

“बिटिया की कुंडली बहुत अच्छी मिली है। मधु तो राज करेगी राज…”

सच ही कहा था उन्होंने वह राज ही कर रही थी। समाज की नजर में सुख के जो पैमाने होते हैं, सब कुछ था इस घर में। किसी चीज की कोई कमी नहीं थी; पर  क्या वाकई में उसके जीवन में किसी चीज की कोई कमी नहीं थी। मधु जी अशोक जी के जीवन में घुल सी गई थीं। उनके खुद के शौक, पसन्द, सपने, चाहत क्या थे, वे भूल गई थीं; पर  कब तक…

मधु जी को अचानक याद आया, जब वह बाथरूम में थीं तब किसी का फोन आया था। सुम्मी! मोबाइल पर सुम्मी का मिस्ड कॉल चमक रहा था।

“सुम्मी! इस वक्त? अरे हाँ आज उससे सुबह बात कहाँ हुई थी,” उन्होंने अपने आप से कहा।

“ये लड़की भी न! दिनभर में एक बार बात न कर ले तो इसे चैन नहीं मिलता।”

मधु जी ने नम्बर मिला दिया। शायद फोन उसके हाथ में ही था। एक घण्टी बजते ही उसने फोन उठा लिया।

“क्या मम्मी! कहाँ रहती हैं। मुझे वक्त नहीं मिला तो आपने भी फोन नहीं किया।”

सुम्मी बोलती चली गई, मधु जी मुस्कुराकर रह गईं। ये लड़की आज भी सुपरफास्ट मेल है।

“कपड़ों को धूप लगा रही थी। आज पौधे और गमले लेने गई थी। बस उन्हें लाने-लगाने में समय कब बीत गया, पता ही नहीं चला।”

“अरे वाह! ये शौक कबसे पाल लिया। आपको तो कभी पेड़-पौधे लगाते नहीं देखा। नानी के घर जरूर लगे थे; पर  यहाँ तो एक भी पौधा नहीं था,” सुम्मी बोलती चली गई।

“तेरे पापा को यह सब फालतू की चीज़ें लगती थीं। कौन रोज-रोज पानी डाले और देखभाल करे;  इसलिए कभी लगाया नहीं। शादी से पहले मैं ही लॉन मेंटेन करती थी,”  मधु जी ने बुझे स्वर में कहा।

“पापा ने आपको कुछ कहा नहीं?”

मधु जी ने सुम्मी के सवालों का कोई जवाब नहीं  दिया।

“मम्मी आपने अपनी डी पी बदली है?”

“हाँ बहुत सालों से एक ही लगा रखी थी,” मधु जी ने लापरवाही से कहा।

“पापा के साथ बड़ी प्यारी फोटो थी। आप दोनों एक-दूसरे के साथ कितने अच्छे दिखते हैं। मेड फ़ॉर इच अदर..”

मधु जी ने सुम्मी की बात का कोई जवाब नहीं दिया।

“मम्मी!आप डी पी में कितनी अलग लग रही हैं।”

“ कैसी लग रही हूँ,अच्छी या बुरी…?”

मधु जी ने सवाल दागा। सुम्मी इस सवाल के लिए तैयार नहीं थी।

“अsss…अच्छी, बहुत अच्छी। आपको इस तरह कभी देखा नहीं था न… इसलिए थोड़ा अजीब लगा; पर  आप अच्छी लग रही हैं। एक बात कहूँ, ” सुम्मी की आवाज़ संजीदा हो गई।

“बोलो न…”

“आपको हमेशा पेस्टल रंग के सूती, खादी या लेनिन कपड़े पहनते ही देखा।”

“तेरे पापा को ऐसे ही रंग और कपड़े पसन्द थे।”

“गहरे रंग के कपड़ों में आप बड़ी यंग दिख रही हैं। ये साड़ी कब ली?”

“बहुत पुरानी है, मेरी शादी के समय की। बगल वाली शर्मा जी की बेटी की कल गोद भराई थी। वहीं पहनी थी।”

“आपको हमेशा चोटी में देखा है, जूड़े में पहली बार देख रही हूँ।”

“हम्म…”

सुम्मी कुछ-कुछ समझ रही थी। माँ के जीवन में कुछ बदल रहा था; पर  क्या… मम्मी गहरे रंग के कपड़े पहनने लगी थीं, जूड़ा बनाने लगी थीं। कल की ही तो बात है, लंच में उन्होंने कढ़ी बनाई थी; पर  पापा को तो कढ़ी बिल्कुल पसन्द नहीं थी। फिर…पिछले संडे अपनी सहेली मुक्ता मौसी के साथ फ़िल्म देखने गई थी और लौटते वक्त चौराहे वाले रेस्टोरेंट में खाना खाकर आई थीं।

मम्मी में आया यह परिवर्तन सुखद तो था; पर  पापा?पापा तो चुप रहने वालों में से नहीं थे। घर में क्या बनेगा, रिश्तेदारों को क्यानाना जी सरकारी नौकरी में थे। नौकरी के समय उन्होंने न जाने कितने शहर देखे थे; पर  शादी के बाद वह अपने शहर से नानी के घर के अलावा कहीं नहीं जा पाई थीं।

मम्मी ने इसका कभी विरोध भी नहीं किया। वह पापा के रंग में रँगती चली गईं। शायद प्रतिरोध करने का फायदा भी नहीं था। पापा काफी गुस्सैल स्वभाव के थे। घर की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मम्मी चुप रह जाती और उनकी यह चुप रहने की आदत उनकी आदत में शुमार हो गई; पर  सुम्मी की शादी होते ही इन छः महीनों में मधु जी के जीवन में काफी परिवर्तन आया था। सुम्मी इसको शिद्दत से महसूस कर रही थी; पर सों वीडियो कॉल करते समय मम्मी उसके कमरे में ही सोने जा रही थीं।

“मम्मी पापा कहाँ हैं?”

“अपने कमरे में…”

“और आप?”

मधु जी चुप थीं। सुम्मी चुपचाप उनके जवाब का इंतज़ार कर रही थी। उसके सब्र का बाँध टूटने लगा था। तभी…

“मैं तेरे कमरे में हूँ।”

“कबसे…?”

मधु जी ने सुम्मी के सवाल को नजरअंदाज कर दिया।

“पापा मैच देख रहे हैं।”

“और आप? आप भी तो पापा के साथ मैच देखते थे। आपको भी तो मैच देखना पसंद था।”

“मुझे मैच देखना कभी पसंद नहीं था; पर  तेरे पापा का तो तू जानती ही है- उनके हाथ से कोई रिमोट नहीं ले सकता। फिर वह जो देखते थे मैं भी वही देख लेती थी।”

“मम्मी सब ठीक है ना, इधर मैं कई दिनों से नोटिस कर रही हूँ आप कुछ बदली-बदली सी नजर आ रही हैं!”

“सुम्मी ये बदलाव अच्छा है या बुरा…?”

सुम्मी मधु जी के सवाल का जवाब नहीं दे पाई। शायद घर के बच्चे वर्षों से अपनी माँ की बँधी-बँधाई छवि में आए परिवर्तन को सहज रूप से स्वीकार नहीं कर पाते।

“आप मुक्ता मौसी के साथ फिल्म देखने गई थीं। फिर  रात में खाना भी बाहर ही खाकर आई थीं।”

“तुमसे किसने कहा?”

“पापा ने बताया था, थोड़ा नाराज़ लग रहे थे।”

मधु जी चुपचाप सुनती रहीं।

“तुम्हारे पापा क्या कह रहे थे?”

“कुछ खास नहीं, बोले— आजकल तुम्हारी मम्मी अपने मन की हो गई हैं। जो चाहती हैं, वह करती हैं।”

“क्या यह गलत है? क्या तुम्हें भी ऐसा ही लगता है?”  मधु जी की ज़बान पर काँटे उग आए थे।

“नहीं मम्मी, मुझे बेहद खुशी और आश्चर्य हुआ था। आपका यह रूप पहले कभी नहीं देखा था। बागवानी के लिए पौधे और आज डीपी पर आपकी फोटो देखकर बेहद आश्चर्य हुआ। आपको कभी इस तरीके से न देखा था और ना ही सोचा था।”

सुम्मी ने महसूस किया- उन दोनों भाई-बहनों के घर बसते ही मम्मी की गृहस्थी उजड़ गई थी। शायद यह गृहस्थी बहुत पहले ही उजड़ गई थी पर उसका स्वरूप अब दिखना शुरू हुआ था। वक्त के साथ घर में ही नहीं उनके रिश्तों के बीच की दरारें गहरी हो गई थीं।

“सुम्मी तुम इतनी बड़ी तो हो ही गई हो कि अपनी मम्मी, एक औरत की बात को समझ सको। बस अब और नहीं, मैं अपने आप को प्रूफ करते- करते थक चुकी हूँ। मेरी माँ ने हथेलियों में दिखती लकीरों को तो देखा था; पर  माथे में उभरी चिंता मेरे भाग्य में खींची गई लकीरों को वे कहाँ पढ़ पाई थीं। मैं अपना बुढ़ापा शांति से बिताना चाहती हूँ।”

“क्या आप पापा से अलग हो जाना चाहती हैं?”

मधु जी ने कोई जवाब नहीं दिया।

“पर मम्मी इस उम्र में आप दोनों का अलग हो जाना क्या यह सही डिसीजन है। आपने एक बार भी सोचा है हमारे ससुराल वाले क्या सोचेंगे? भैया-भाभी, उनके बच्चे, सब हँसेंगे आप; पर … इस उम्र में कोई तलाक देता है। आपने सोचा है सोसाइटी क्या कहेगी?” सुम्मी ने खीझकर कहा।

“सोचा! कभी समाज, कभी परिवार तो कभी बच्चे, इनके बारे में सोचते-सोचते एक उम्र निकाल दी। क्या हमें अपने बारे में सोचने का कोई हक नहीं, क्या उम्र के इस पढ़ाव पर भी हम अपने बारे में सोच नहीं सकते?”

“पर मम्मी?”

शब्द सुम्मी के गले में अटककर रह गए।

“अपने हिस्से का आसमान बुनने का हक तो कभी न कभी सभी को मिलना चाहिए। सुम्मी इश्क का रंग हमेशा लाल नहीं होता। कभी-कभी ग्रे भी होता है।”

■ 

दोहेः मन में रहे उजास...

  -  सुशीला शील स्वयंसिद्धा 

1. 

हमने तेरा ज़िंदगी, खूब किया शृंगार।

तेरा भी तो फ़र्ज है, तू भी मुझे सँवार।।

2. 

आते-जाते साल से, पूछूँ यही सवाल।

सीधी क्यों होती नहीं, टेढ़ी जग की चाल।।

3. 

बदल गया है साल जी, बदल गई तारीख।

पाठ पढ़ाए खूब ही, खूब सिखाई सीख।।

4.

छोड़ गया यह वर्ष कुछ, खट्टी-मीठी याद।

कुछ छीनीं कुछ दे गया, रिश्तों की बुनियाद।।

5.

 लाना नूतन वर्ष तुम, हर्ष और उल्लास।

 जीवन में शुचिता रहे, मन में रहे उजास।।

6.

पलक सजे सपने नए, बाँध नई उम्मीद।

नए साल तू सुन ज़रा, खुशियों की हो दीद।।

7.

नए साल से कर रहा, दिल इतना इसरार।

ग़ुल हों ग़ुल- सा साथ हो, चुभे न कोई खार।।

8.

जीवन हमने यूँ जिया, ज्यों नदिया के पाट।

कुछ कदमों की दूरियाँ, जीवन भर की बाट।।


कविताः अंतराल

 -  भावना सक्सैना 



एक स्मृति की खोह है 

काली अँधेरी- सी कहीं 

मैं निकल आई हूँ उससे 

खींचती फिर वो वहीं…

 

कुछ अधूरे पन्ने हैं 

जिन पर लिखा जाता नहीं 

है कलम अब मौन प्रतिपल 

स्याही भी सूखी हुई- सी। 

 

गीत कुछ भूले हुए से 

मन की तह को टोहते 

विस्मृत किसी कंदरा से

स्वर उभरते वेदना के 

 

कैसे लौटूँ उस जगह 

दर जहाँ अब है नहीं 

लौटने का अर्थ होगा 

छोड़ना फिर खोह नई  


भूलना वह सब भी जो 

राहें सिखाती चल रहीं 

जो वहाँ से थी चली 

वो तो अब हूँ भी नहीं। 

 

समय रथ के पहिए संग 

विवर फैलते रहे 

विगत और वर्तमान को

कोई कैसे लेकर संग चले

 

मन ये अक्सर सोचता है  

कुछ नहीं अब है वहाँ 

कोई स्वर दबा फिर पूछता 

क्या सच में सब चुक गया?


अब वहाँ चेहरे हैं जो 

समय के सब चिह्न लिये 

पहचानते मुझको नहीं 

ज्यों अजनबी उनके लिए 

 

बरसों की इस राह ने 

बदला मुझे बदला उन्हें 

चली थी जो वहाँ से 

वो तो अब मैं हूँ नहीं। 

 

बरसों के अंतराल 

पाटने सरल नहीं 

फिर भी नित गहरे भीतर 

आस तो पलती रही। 

 


आस की कश्ती पकड़

चल समय संग बहते रहें 

कौन जाने कब कहाँ 

बिछुड़े हुए आकर मिलें।