कल मिर्ज़ा से मुलाक़ात हुई तो वो बहुत उखड़े- उखड़े से नज़र आने लगे। मैं परेशान कि आखिर इन्हें हुआ, तो हुआ क्या, क्यों मुँह फुला कर बैठे है? मैंने कारण पूछा तो कहने लगे- कल सदर बाज़ार में तुमको कितनी आवाज़ दी; लेकिन तुम तो ऐसे अनजान बन कर चले गए, जैसे चुनाव जीतने के बाद उम्मीदवार चला जाता है। मैं तुमको सामाजिक आदमी समझता था; लेकिन तुम तो राजनैतिक प्राणी निकले।
Jan 1, 2025
उर्दू व्यंग्यः मुझे मेरे धोबी से बचाओ
कल मिर्ज़ा से मुलाक़ात हुई तो वो बहुत उखड़े- उखड़े से नज़र आने लगे। मैं परेशान कि आखिर इन्हें हुआ, तो हुआ क्या, क्यों मुँह फुला कर बैठे है? मैंने कारण पूछा तो कहने लगे- कल सदर बाज़ार में तुमको कितनी आवाज़ दी; लेकिन तुम तो ऐसे अनजान बन कर चले गए, जैसे चुनाव जीतने के बाद उम्मीदवार चला जाता है। मैं तुमको सामाजिक आदमी समझता था; लेकिन तुम तो राजनैतिक प्राणी निकले।
लघुकथाः जिम्मेदारी
कस्बे में अच्छे अस्पताल की कमी ही थी। फिर भी घर में जचकी सुरक्षित नहीं थी। यही सोचकर उन्होंने अस्पताल आने का चुनाव किया था; लेकिन नर्स का लगातार बड़बड़ाना सुनकर शारदा जी का मन कच्चा-पक्का हो रहा था वह भीतर जाकर नेहा को तसल्ली दे रही थी- "हिम्मत रखो बेटा, बड़ी खुशी के लिए दर्द भी बड़ा सहना पड़ता है।"
नर्स का बोलना एक ट्रैक पर चल रहा था- "अब क्यों चिल्लम-चिल्ली मचा रखी है । उस टाइम तो बड़ा मज़ा आया होगा।"
असहज करने वाली बातें पसीने से तर नेहा के माथे पर किसी हथौड़े की तरह पड़ रही थी।
गला सूखने पर नेहा ने पानी माँगा, तो फिर नर्स ने आकर बाल खींच दिए और बोली- "तू ही है एक नाजुक कली; पहले तो मज़े उठाते हो और अब फ़रमाइशी गीत गा रही हो।"
नेहा के माथे पर पड़े बल देखकर, शारदा जी समझ गई कि नेहा से नर्स की जली-कटी नहीं सुनी जा रही।
नर्स फिर चिल्लाई- "बच्चा पैदा कर रही हो, तो दर्द तो होगा ही, पहले नहीं पता था क्या?" सप्तम स्वर में कही गई बातें, दरवाजे की मर्यादा तोड़ बाहर बरामदे में तैर रही थी। शारदा जी ने बहुत संयत स्वर में कहा- "बहन जी आप तो बहुत अनुभवी लगती हैं। बहुत सारे बच्चे आपकी आँखों के सामने जन्मे होंगे।"
नर्स को थोड़ा अभिमान हो आया- "और नहीं तो क्या, आधा गाँव मेरे सामने ही पैदा हुआ है।"
"बहन जी आप तो बहुत बड़ा पुण्य का काम कर रहे हैं, सेवा करना सबके नसीब नहीं मिलता न,"शारदा जी ने नर्स को साधते हुए कहा।
"सही कह रही हो माता जी; यह नौकरी नहीं होती, तो मेरे बच्चे भूखे मर जाते। आज इंजीनियर हैं बड़ी-बड़ी कंपनियों में,"नर्स का सीना गर्व से फूल गया।
"तब तो आप पक्का ही समझते हो इस समय स्त्रियों को कितना प्यार-दुलार चाहिए। सृष्टि रचयिता ईश्वर ने यह महान जिम्मेदारी स्त्री को दी है। यह गौरव के पल हैं बहन जी! हौसला बढ़ाओ इस पल। यूँ जली-कटी सुनाने से आपका मन भी तो दुखता होगा।" शारदा जी अपनी बहू नेहा के माथे से पसीना पौंछते हुए नर्स से कहती जा रही थी।" प्यार और सम्मान से बात करना हम सबकी जिम्मेदारी है।"
"माफ कर दो माताजी, इस तरह तो हमें कभी किसी ने समझाया ही नहीं। हमने तो जैसा होता देखा, वही कर रहे थे।" नर्स के चेहरे पर ग्लानि साफ झलक रही थी।
"तो आपकी यह जिम्मेदारी है कि आप यह सिखाओ अपने स्टाफ को।" शारदा जी ने नर्स की हथेली दबाते हुए कहा ।
परेशान नेहा के चेहरे पर सुकून की मुस्कान खिल गई। ■
लघुकथाः लूट
लम्बे, कँटीले, सूखे झाड़ हाथों में ऊँचा किए, वे लड़के आकाश में टकटकी लगाए मैदान में खड़े थे। हवा उस तरफ की नहीं थी, जिधर बड़े मकान थे, उस तरफ हवा बह रही थी। पतंग भी उस ओर ही उड़ रही थी। फटे पुराने मैले कुचले कपड़े पहने वे लड़के निराश नहीं थे। हालाँकि पतंगें उनकी ओर नहीं थी, मगर वे उत्साह से चीखते- चिल्लाते हवा के रुख बदलने का इन्तजार कर रहे थे।
लड़के पतंग उडा़ना चाह रहे थे; पर उनके पास पतंगें नहीं थीं। उन्हें इन्तजार था कि कोई पतंग कटकर उनकी तरफ गिरे। उन्होंने आपस में यह तय सा कर लिया था कि पतंगें मैदान में गिरेंगी तो बारी-बारी से वे आपस में बाट लेंगे; क्योंकि यदि छीनाझपटी करेंगे, लूटने से तो पतंग कटफट जाएगी।
हवा रुख बदलने लगी थी। अचानक एक पतंग कटकर मैदान की तरफ आती दूर से दिखी। पतंग बड़े मकानों को उलाँघती मैदान के ऊपर आ रही थी। लड़के भागते उसी दिशा की और पहुँचे। उन्होंने अपनी झाड़ियाँ पतंग में अड़ाने के लिए ऊँची करने के बजाय नीचे कर ली थीं कि कहीं पतंग फँसकर फट न जाए। बड़ी मुश्किल से तो कोई पतंग आई थी। लड़के खुशी से उछल रहे थे।
पतंग ठीक उनके सिर पर से होती हुई आगे बढ़ रही थी, बादल के टुकड़े की तरह लगती। वे चाहते, तो जरा झाड़ ऊँचा करके पतंग लूट लेते; पर वे झूमते- से सिर उठाए पतंग के पीछे थोड़ा- सा तेज चाल से हो लिये।
एकाएक गिरती पतंग थोड़ी ऊँची उठी और देखते-देखते तनकर लहराने लगी। लड़कों ने मुड़कर पीछे देखा, ऊँचे मकान की छत से एक लम्बे बाँस की मदद से पतंग की डोर को किसी ने पकड़ लिया था। पतंग अब उनकी पहुँच से परे थी।
कविताः रिश्ते बोनसाई नहीं बनते
- मंजु मिश्रा
जीवन में प्यार
रूठना मनाना सब
सही समय पर
सही अनुपात में ...
बिलकुल सब्ज़ी में
मसालों-सा रखो
तो जीवन में
खुशियों का स्वाद
बरकरार रहता है
जरा-सा कुछ
ऊपर नीचे हुआ नहीं
कि बस
मामला गड़बड़ा ही जाता है ...
जिंदगी का मज़ा खतम हो जाता है
कितना
बाँधना है
कब
कितना
स्वतंत्र करना है
इसका भी
सही समय और
सही अंदाजा
सही-सही माप-तौल
बहुत ज़रूरी है
वरना बोनसाई बनाने के चक्कर में
रिश्ते मर ही जाते हैं
जीवन दर्शनः बनिये उत्साह का कारण
- पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक, भेल, भोपाल (म. प्र.)






