मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 7, 2024

पर्व - संस्कृतिः छत्तीसगढ़ में होली- चली फगुनाहट बौरे आम..

 - डॉ. परदेशीराम वर्मा

हमारा सर्व समाज उत्सवधर्मी और देश उल्लास उमंग प्रेमी है। हमारे रचनाकारों ने त्योहारों पर खूब लिखा है। विशेषकर फागुन के महीने और इसी माह पड़ने वाले दुनिया के अनोखे त्योहार होली के बारे में। ‘चली फगुनहट बौरे आम’ विवेकीराय के लोक स्वर के आलेखों की किताब का शीर्षक है।

उत्तर भारत में लोक उक्ति प्रचलित है- फागुन में बुढ़वा देवर लागे। धर्मवीर भारती ने फागुन के मौसम के नीम पेड़ पर असर के बहाने क्‍या खूब लिखा है-

झरने लगे नीम के पत्ते, 

बढ़ने लगी उदासी मन की।

होली का त्योहार उन्मुक्त होकर जीवन के महत्त्व को समझने का अवसर देता है। इस त्योहार को साहित्य संस्कृति लोक मंच से जुड़े लोगों ने भी भरपूर महत्त्व देकर इसे सतत सरस बताने में अपना योगदान दिया है। इलाहाबाद में बुढ़वा मंगल का साहित्यकारों का विशेष आयोजन इसी का हिस्सा था। गीत और उल्लास से भरे होली के त्योहार में भड़ौनी जैसे गीत भी खूब प्रचलित हैं।

ब्रज की होली में ठेंगमार होली के सम्बन्ध में तो सभी जानते हैं। एक गीत ऐसा भी प्रचलित है, जिसकी पहली पंक्ति है- लल्‍ला जायो यार को, नाम खसम का होय।

छत्तीसगढ़ में होली का त्योहार अपने विशिष्ट रंग के साथ आता है। इसमें डंडा नाच विशेष है। गाँवों में माह भर डंडा नाच की प्रेक्टिस की जाती है। आठ तरह से डंडा नाचने वाले लोग आज भी होली के अवसर पर गाँवों में मिल जाते हैं। छत्तीसगढ़ में बसंत पंचमी से फाग गीतों की स्वर -लहरी छत्तीसगढ़ के गावों में गूँजने लगती है। आम्र मंजरियों से सुवासित गाँव के खेत-खार, गली मोहल्ले, चना, गेहूँ से भरे खेत और बासंती वातावरण। धीरे-धीरे चढ़ता है होली का रंग।

छत्तीसगढ़ के बहुंत लोकप्रिय जन कवि ने सिर पर लाल फूलों का चँदोवा उठाए पलास और बौराए आम पर अनोखा गीत लिखा ॥ लक्ष्मण मस्तूरिया ने इस गीत में छत्तीसगढ़ के दमकते चेहरे को शब्द बद्ध किया है-

राजा बरोबर लगे मऊरे आमा,

रानी साही परसा फूलवा।

मन लागे रे मांग फागुनवा।

इस मौसम को अन्य कवियों लोक गायकों ने खूब महत्त्व देकर रचनाओं का संसार रचा।

पिंवरी पहिर सरसों झूमें, 

ढोलक सजावय ठेंमना चना।

राहेर हलावय धुनधुनात, 

गढ़ूँ घलो धुंके हरमुनिया।

धरसा के परसा म सुलगत हे आगी,

 लाली सेम्हरा ला फबे हरियर पागी।

संत पवन दीवान ने भी इस मौसम को खूब महत्त्व देते हुए चर्चित कविता का लेखन किया-

महर महर मऊहा महके, जंगल दहके।

छत्तीसगढ़ में होलिका दहन के लिए स्थल पर अरंडी गड़ाकर पूजन का विधान है। अरंडी गड़ जाने के बाद बच्चा, जवान गाँव से लकड़ी लाकर यहीं इकट्ठा करते हैं ताकि पहाड़- सी लकड़ियों को होली के दिन जलाकर आनंद ले सकें। इधर लकड़ी एकत्र करने वाली टोली निकली उधर गाँव के चौरे में नगाड़ा बजना शुरू हो गया। होली के गीतों को गाने का अभ्यास इसी तरह पीढ़ी दर पीढ़ी किया जाता है। होली के कुछ बहुत दुर्लभ गीतों में सर्वाधिक प्रचलित गीत के बोल हैं-

दे दे बुलौवा राधे ला नगर में, दे दे बुलौवा राधे ल।

कुंजन बीच होरी होय, दे दे बुलौवा राधे ला।

श्री कृष्ण और राधा से जुड़े गीतों की भरमार तो होती ही है अन्य देव भी गीतों के माध्यम से याद किए जाते हैं। अरे बाजे नगारा दस जोड़ी, राधा-किसन खेलय होरी।

पहली नगारा अवध म बाजे, राम-सीता के हे जोड़ी।

राकेश तिवारी कुछ विशेष गीत गाते हैं- यथा

चलो हाँ गजानन, करंव तुम्हार मैं बंदना,

 शिव गौरी के प्यारे लाल गजानन करव तुंहर में बंदना।

इसके अतिरिक्त रावण पर भी एक प्रचलित गीत है-

चलो हा रे रावन, तोर बारी म बेंदरा आए।

फुलवा के करे उजार रावन तोर बारी म॒ बेंदर आए।

ये गीत भी होली में अब गाए जाते हैं, जो भवानी माता की वंदना के गीत है। दानेश्वर शर्मा का यह गीत प्रचलित है- 

माँ आसीस देना वो

तोर सरन मा आऐन माँ असीस देना ओ।

तहीं भवानी तहीं कालिका तहीं हवस जगदंबा।

तोर परतापे टोरिन बेंदरा भालू मन गढ़ लंका।

इस तरह के गीत भी अब लोक में प्रचलित है। छत्तीसगढ़ में साहित्य लेखन की मूल शक्ति गीत मिट्‌टी से जुड़ी है। लोक से रंग लेकर यहाँ रचनाकार धीरे-धीरे आकृति ग्रहण करते हैं।

होली से जुड़ा प्रहलाद उसकी बुआ होलिका और पिता हिरणकश्यप की कथाएँ भी गीतों में आती है। प्रहलाद की विष्णुपद पर अनुरक्ति से कुपित पिता ने उसे जलाने के लिए अपनी बहन होलिका को गोद में बिठाकर होली दहकाया किन्तु प्रहलाद बच गये, होलिका ही जल मरी। यह कथा आस्था की जीत और विक्रम अनास्था की हार की कथा है जो गीतों में कही जाती है। होली जलाने के लिए कुंवारी अग्नि लाने का प्रचलन भी छत्तीसगढ़ में है। इसे चकमक पत्थर और रूई से दहकाया जाता है। मनुष्य इसी तरह अपने पुरखों के सतत विकास की कथाओं और आगे बढ़ने की ऐतिहासिक सचाइयों को दहकाते हुए आज यहाँ तक पहुँचा है। होली में खटमल से मुक्ति के लिए भी टोठके की परंपरा है। खटमल को भी जलाते हैं ताकि खटमल तंग न करे। गीत भी है-

कहाँ लुकाए रे ठेकना, 

कहाँ लुकाए खटिया म।

होलिका संग करो रे बिनास, 

ढेकना कहाँ लुकाए खटिया म।

हमारे छत्तीसगढ़ में होली गीतों में आजादी के लिए संघर्ष की कथा भी मिलती है-

अरे हाँ गांधी बबा फहरा दिए तिरंगा भारत में,

भारत में, भारत में, भारत में।

गांधी बबा फहरा दिए...

सर्वाधिक प्रचलित होली गीतों में एक ऐसा भी गीत है जिसमें आल्हा और उदल की वीरता का वर्णन है-

उदल बांधे हथियार, एक रानी सोनवा के करन म।

इसके अतिरिक्त किसन कन्हैया पर पूरी शृंखला है होली गीतों की-

काली दाह जाय, काली दाह जाय, 

छोटे से श्याम कन्हैया।

छोटे मोटे रूखवा कदंब के डाया लहसे जाय, 

डारा लहसे जाय,

छोटे से श्याम कन्हैया।

देश में हर प्रदेश का अपना विशेष अंदाज त्योहारों में भी देखने को मिलता है। हमारे बचपन के दिनों में होली जलाते समय कुछ भद्दी गालियों और देह संबंधों से जुड़ी हास्यास्पद उक्तियों को भी उछाला जाता था। लेकिन धीरे-धीरे इस परंपरा को पीछे धकेलकर नई पीढ़ी ने त्योहार के उल्लास को नया अभिनव आयाम दिया है। एक ही चिंताजनक समस्या धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की जवानी को लीलती आगे बढ़ रही है वह है नशा पानी का। होली त्योहार को पीने पिलाने की परंपरा से जुड़ा बताकर रंग में भंग किया जाता है। समय के साथ शायद यह विकृति भी दम तोड़े। आशा तो की ही जा सकती है। 

                    ■

सम्पर्कः एल.आईजी.-18

आमदी नगर, भिलाई 490009 छ.ग.

मो.नं-9827993494


बाल कविताः होली की धूम








 - डॉ. कमलेंद्र कुमार

हरी गुलाबी नीली पीली,

और लाल पिचकारी।

लिए खड़े हैं राजा बाबू,

रामू ,राज बिहारी।

दिव्या नव्या और भारती,

लिए खड़ी गुब्बारे ।

ताक  रहे सब गली सड़क को,

कोई इधर पधारे।

आहट पा गुब्बारे फेकें,

औ' मारी पिचकारी ।

रंग- बिरंगे हुए सभी जन ,

आईं दादी प्यारी ।

साथ लिये वे लड्डू पेड़ा ,

और इमरती सारी।

खुरमी  मटरी  और पापड़ी, 

और सेव नमकीन ।

गरी चिरौंजी वाली गुजिया ,

खा गई पूरी टीम ।

सम्पर्कः रावगंज, कालपी , जालौन, उत्तरप्रदेश – 285204, मो. 9451318138


महिला दिवसः स्त्री - पुरुष असमानता और हमारा समाज

 - डॉ. सुरंगमा यादव

हम सभी जानते हैं संसार में प्राकृतिक रूप से दो प्रकार के प्राणी या जीवधारी होते हैं- नर और मादा, जिसे व्याकरणिक शब्दों में स्त्रीलिंग- पुलिंग कहा जाता  है। प्रकृति ने नर और मादा की शारीरिक संरचना में कुछ भिन्नता रखी है। यह भिन्नता प्राणियों के जीवन चक्र को बनाए रखने के लिए तथा इस सृष्टि को गतिमान रखने के लिए ईश्वरीय उपहार के समान है। इस प्रकार स्त्रीलिंग तथा पुल्लिंग एक जैविक या प्राकृतिक तथ्य है।  जब इसके साथ किसी प्रकार की असमानता को जोड़ दिया  जाता है अर्थात् एक की अपेक्षा दूसरे को अधिक महत्त्व मिलने लगता है तब यह  एक सामाजिक तथ्य बन जाता है जिसे हम लैंगिक असमानता कहते हैं। नर व मादा इन दोनों वर्गों के स्वभाव, कार्यक्षमता,लक्षण तथा आवश्यकताओं आदि में कुछ समानताएँ  और कुछ भिन्नताएँ होती हैं। ये भिन्नताएँ अन्य प्राणियों की तरह स्त्री और पुरुषों में भी होती हैं। दोनों का अपना- अपना महत्त्व है, इसलिए दोनों को समान अवसर, समान अधिकार और सामान रूप से सम्मान मिलना चाहिए; लेकिन ऐसा नहीं होता, हमारे समाज में पुरुषों को श्रेष्ठ मान लिया गया और महिलाओं को उनसे कमतर समझा गया। महिलाओं के अधिकारों को प्रतिबंधित कर दिया गया। उन्हें एक संकुचित भूमिका से बाँध दिया गया। हमारे समाज में सारे विधान- नियम- ग्रंथ पुरुषों ने रचे और अपने लिए सारे अधिकार सुरक्षित करके स्त्रियों के लिये आदर्श, उत्तरदायित्व, त्याग, समर्पण जैसी चीजों की एक लंबी फेहरिस्त तैयार कर दी। मैथिली शरण गुप्त ने लिखा है-

नरकृत शास्त्रों के सब बंधन, हैं नारी को ही लेकर

 अपने लिए सभी सुविधाएँ, पहले  ही कर बैठा है नर।

     सिमोन द बबुआर ने लिखा है – ‘स्त्री पैदा नहीं होती, बनायी जाती है।’

    मैं कहूँगी कि स्त्री व पुरुष दोनों को बनाया जाता है। बचपन से ही दोनों के आगे ऐसे उदाहरण पेश किए जाते हैं, ऐसी चीजों को बार -बार दोहराया जाता है जिससे समाज द्वारा निर्धारित गुण चाहें वे अच्छे हों या न हों उनमें भर जाएँ, जैसे लड़कियों से बार- बार कहा जाता है कि धीरे बोलो, धीरे हँसो, धीरे चलो, तुम्हें पराये घर जाना है तुम क्या करोगी  ज्यादा पढ़कर आदि आदि। दूसरी ओर लड़के का उत्साह बढ़ाया जाता है- डरा नहीं करते, क्या लड़कियों की तरह डर रहे हो, लड़के रोया नहीं करते, मर्द को दर्द नहीं होता, क्या चूड़ियाँ पहन रखी हैं इत्यादि। इस तरह की बहुत- सी बातें हैं जो बचपन से लड़के और लड़की का व्यक्तित्व गढ़ती हैं और उनमें असमानता की खाई पैदा करती हैं।  लैंगिक असमानता हमारे समाज में सदियों से चली आ रही है यह असमानता की प्रवृत्ति समाज का व्यवहार बन गयी है, इसकी जड़ें हमारी सोच में गहरे बहुत गहरे तक जम गई हैं और हमने कई चीजों में यह मान लिया है कि ऐसा , तो होता ही रहता है। हमारे यहाँ पितृसत्तात्मक सामाजिक व्यवस्था रही है।   पितृसत्ता  यानी पिता का शासन,जिस व्यवस्था में पिता का शासन चलता है उसे पित्तृसत्तात्मक व्यवस्था कहते हैं ऐसी व्यवस्था में सभी प्रमुख अधिकार व निर्णय पुरुषों के होते हैं। स्त्रियों की भूमिका संकुचित होती है। बच्चों की पहचान पिता के नाम से होती है, विवाह के बाद महिलाओं का उपनाम भी बदल जाता है। स्त्रियाँ आर्थिक रूप से पुरुषों पर निर्भर होती थीं इसलिए भी उन्हें मुख्य भूमिका से पृथक रखा जाता था। यद्यपि अब काफी परिवर्तन हुआ है। दस्तावेजों में माता- पिता दोनों का नाम लिखा जाने लगा है। सरनेम भी बदलना आवश्यक नहीं है; लेकिन फिर भी यदि बदलना होगा,  तो स्त्री ही सरनेम बदलती है, पुरुष नहीं बदलता। 

हमारी बहुत-सी प्राचीन मान्यताएँ भी लैंगिक असमानता के लिए उत्तरदायी हैं। स्त्री को  सदैव ही पराधीन माना जाता रहा है और पराधीनता किसी के लिए भी सुखकर नहीं होती-कत बिधि रची नारि जग माहीं। पराधीन सपनेहु सुख नाहीं। इस चौपाई से भी स्त्री जाति की स्थिति को समझा जा सकता है, जिसमें पार्वती जी की विदाई के समय उनकी माँ मैना कहती हैं कि विधाता ने स्त्री जाति को क्यों पैदा किया। पराधीन को सपने में भी सुख की प्राप्ति नहीं होती।  मनुस्मृति में भी ऐसा ही कहा गया है- 

पिता रक्षित कौमारे भर्ता रक्षति यौवने

 रक्षन्ति स्थाविरे पुत्रा: न स्त्री स्वतंत्र्यम् अर्हति ।।

 मनु स्मृति के इस श्लोक को स्त्री स्वतंत्रता को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य से हथियार के रूप में प्रयोग व प्रचारित किया गया। यदि इस श्लोक को सही मायने में देखें , , तो यह पुरुषों को उनके कर्तव्य का बोध कराने वाला भी है। हमारे समाज में ये भी प्रचलित है कि वंश बढ़ाने के लिए पुत्र होना आवश्यक है, पुत्र बुढ़ापे का सहारा होता है। माता -पिता का अंतिम संस्कार भी पुत्र द्वारा ही होना चाहिए तभी मोक्ष प्राप्त होता है। लड़की पराया धन होती है उसे ससुराल जाना होता है। कन्यादान जैसी प्रथा के द्वारा ये मान लिया जाता है कि विवाह के बाद लड़की पर मायके वालों का कोई हक नहीं है। प्राचीन काल से ही स्त्रियों को वस्तु के रूप में समझा गया जिसे इच्छानुसार और अवसरानुसार प्रयोग किया जा सकता है। क्रय-विक्रय, बलात् हरण, उपहार में देना, जैसे कार्य साधारण समझे जाते रहे हैं। देवदासी प्रथा के बहाने भी स्त्रियों का शोषण होता रहा।

 हमारी मानसिकता का विकास धीरे- धीरे होता है और कई चीजों पर निर्भर करता है। ग्रामीण परिवेश में पले- बढ़े और शहरी परिवेश में पले बढ़े पुरुष की मानसिकता में भी अंतर रहता है, जो दोनों स्थानों की स्त्रियों की स्थिति देखकर साफ पता चलता है । बचपन से पढ़ाई जाने वाली पाठ्य पुस्तकों ने भी लैंगिक असमानता दिखाई देती है जैसे- माताजी रसोई घर में खाना पका रही है। पिताजी अखबार पढ़ रहे हैं। गीता बहुत अच्छा गाती है। रामू तेज दौड़ता है। इस तरह के उदाहरण बाल -मन में अनजाने ही घर कर जाते हैं कि अमुक काम किसका है?  परंतु यह अच्छी बात है कि इस तरह के उदाहरण पाठ्य पुस्तकों से हटाए जाने की माँग की गई, और ये हटाए भी  गए । 

कई क्षेत्रों में विशेषकर गाँव में स्त्रियों के मन में प्रारंभ से ही यह बात बिठा दी जाती है कि पुरुष महिलाओं से अधिक श्रेष्ठ है इसीलिए उसके खान- पान और रहन-सहन के स्तर में भी अंतर होता है।  पुरुष के बिना स्त्रियों का कोई अस्तित्व नहीं है तथा उनसे ही उसकी पहचान है। उनकी आज्ञा का पालन करना स्त्री का धर्म है। राम चरित मानस में सीता जी के मुख से तुलसीदास जी ने ये बात कहलवाई है-

 जिय बिन देह, नदी बिनु वारि

 तैसेइ नाथ, पुरुष बिनु नारी।

पुरुष की श्रेष्ठता स्त्री मन पर हावी होने का ही ये परिणाम है कि वह स्वयं स्त्री होकर भी बालिका के जन्म तथा उसके विकास का विरोध करती रही हैं। स्त्री को स्त्री का विरोधी भी कहा जाता है, तुलसीदास जी भी लिखते हैं-

 नारी न मोहे नारी के रूपा

आज भी बहुत से ऐसे परिवार हैं जहाँ कन्या का जन्म देने वाली बहू की उपेक्षा की जाती है और पुत्र को जन्म देने पर महत्ता बढ़ जाती है । महिलाएँ स्वयं भी पुत्र को जन्म देने में गौरव का अनुभव करती हैं। कन्या के जन्म के साथ ही शुरू हुआ असमानता का सिलसिला जीवन पर्यंत चलता रहता है, आज भी कई घरों में पुत्र का जन्मदिन मनाया जाता है; लेकिन पुत्री का जन्मदिन नहीं मनाया जाता। 

समाज में विधवा और विधुर स्त्री-पुरुष की स्थिति में भी जमीन- आसमान का अंतर है। पुरुष यदि विधुर है , तो उस पर कोई वर्जना नहीं होती, परन्तु स्त्री को उपेक्षित और बेचारी बना दिया जाता है। शुभ कार्यों में वह सहभागी नहीं हो सकती, जाने कितनी ही बार समाज के रीति- रिवाज उसे मुँह चिढ़ाते हैं, जैसे वह कोई अपराधिनी है। जीवन पर्यंत वह यह दंश झेलती है, यहाँ तक कि उसकी निर्जीव देह भी भेदभाव का शिकार बनती है।

 ऐसे  अनेकानेक उदाहरण हैं,जो लैंगिक असमानता को दर्शाते हैं। इस असमानता को दूर करने के लिये सबसे पहले हमें अपनी सोच में परिवर्तन करना होगा और इसकी शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी होगी। बेटे और बेटी में फ़र्क करना बंद करना होगा। हमने अपनी बेटियों को बेटों की तरह शिक्षा देना, उनका पालन- पोषण करना शुरू भी कर दिया है, परन्तु बेटों को बेटियों की तरह पालना नहीं शुरू किया है। बेटियों की तरह पालने से मेरा अभिप्राय है कि हम उनके अंदर भी संवेदनशीलता का संचार करें। घरेलू कामकाज में हाथ बँटाना सिखाएँ, वे कहाँ जाते हैं, किससे मिलते हैं, इसकी जानकारी रखें तथा उनके मन में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को जाग्रत करें।  बचपन से ही उन्हें ये न सिखाएँ कि वे लड़के हैं , , तो  उनके लिए सब ठीक है,चलता है।

 समाज में परिवर्तन लाने के लिए जागरूकता की आवश्यकता है, बेटियों के लिए सुरक्षात्मक वातावरण बनाने की आवश्यकता है,  बालिकाओं को अच्छी शिक्षा और आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता है, ये तभी संभव है जब हम घर व बाहर दोनों ही जगह अपनी सोच का परिष्कार करेंगे। ■


कविताः कितना कुछ कर जाती है औरत

 

 - विजय जोशी

धरती पर ईश्वर की छाया

सुंदरता की कोमल माया

अनगिन सुंदर सपन सुहाने

रच जाती है औरत


सचमुच में कितना कुछ

कर जाती है औरत.

 

सूरज से तपते ऊसर में

ठंडक बनकर के जीवन में

सावन की पहली बरखा सी

छा जाती है औरत

             सचमुच में ...

 

रिसते अंतस के दर्दों पर

जीवन के जलते जख्मों पर

हमदर्दी का कोमल फाया

रख जाती है औरत

           सचमुच में ...

 

जब समय कठिन हो

पल मुश्किल हों

, तो हसकर अभाव भी

सह जाती है औरत

             सचमुच में ...

 

या जब मन उदास हो

कोई न पास हो

ऐसे क्षण में दुखते मन को

सहलाती है औरत

             सचमुच में ...

 

खामोशी की भाषा में

बिना किसी भी आशा में

बिना कहे ही जाने क्या क्या

कह जाती है औरत

           सचमुच में ...

पर्व-संस्कृतिः शिव मंदिरों का एक सीधी रेखा में बने होने का रहस्य

  - प्रमोद भार्गव

 
तकनीक
के आविष्कार के साथ भारत की स्थापत्य कला की विज्ञान सम्मत तार्किकता सामने आने लगी है। अब भारत समेत पूरी दुनिया आश्चर्य में है कि जब अक्षांश और देशांश को जानने के उपकरण नहीं थे, तब भारत में हजारों साल पहले एक सीधी रेखा में दो ज्योतिर्लिंगों के बीच कैसे सात शिव मंदिर निर्मित कर दिए गए। ये सातों मंदिर केदारनाथ से रामेश्वरम् ज्योतिर्लिंग के बीच स्थित हैं। ये मंदिर पंचतत्त्वों का प्रतिनिधित्व भी करते हैं। सभी मंदिर देशांतर रेखा पर लगभग 79 डिग्री पर निर्मित हैं। उत्तराखंड के केदारनाथ, तमिलनाडु के अरुणाचलेश्वर, थिल्लई नटराज, जम्बूकेश्वर, एकाम्बेश्वरनाथ, आंध्रप्रदेश के श्रीकालाहस्ती और रामेश्वरम् मंदिरों को एक सीधी रेखा में स्थापित किया गया है। इस रेखा को शिव-शाक्ति अक्ष रेखा भी कहा जाता है। इन मंदिरों में कालाहस्ती जल, एकाम्बेश्वरनाथ अग्नि, अरुणाचलेश्वर वायु, जम्बूकेश्वर पृथ्वी और थिल्लई नटराज मंदिर आकाश तत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन मंदिरों की उम्र 4000 वर्ष की मानी गई हैं। इनके बीच की दूरी 2383 किमी है।

    इन सभी मंदिरों के बीच भारत का अत्यंत महत्त्वपूर्ण महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग उज्जैन में स्थापित है। यह पश्चिमी देशों से बहुत पहले से समय की गणना की अवधारणा से जुड़ा है। उज्जैन जो भारत की हृदयस्थली है, इसकी भौगोलिक स्थिति विलक्षण हैं। यहां कर्क और भूमध्य रेखा एक-दूसरे को काटती हैं, इसलिए इसे पृथ्वी का केंद्र बिंदु माना जाता है। यह भी धारणा है कि उज्जैन पृथ्वी और आकाश के मध्य स्थित है। भूतभावन महाकाल को कालजयी मानकर ही उन्हें काल यानी समय का देवता माना गया है। कालगणना के लिए मध्यव्रती स्थल होने के कारण इस नागरी का प्राकृतिक, वैज्ञानिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और खगोलीय महत्व रेखांकित किया जाता रहा है। उज्जैन में महाकाल की स्थापना का रहस्य मध्यबिंदु होने के साथ मंगलगृह की उत्पत्ति का स्थल भी माना गया है। यहां पर ऐतिहासिक नवग्रह मंदिर और वैदशाला की स्थापना से कालगणना का मध्यबिंदु होने के प्रमाण मिले है।

  प्राचीन भारतीय मान्यताओं के अनुसार जो भौगोलिक गणनाएं प्राचीन ऋृषियों ने की हैं, उन्होंने उज्जैन को ‘शून्य रेखांश पर माना है। कर्क रेखा भी यहीं से होकर गुजरती है। यहीं से भू-मध्य रेखा इसे काटती है। भू-मध्य और कर्क रेखा का मिलन स्थल होने के कारण इसे पृथ्वी का नाभि स्थल भी माना गया है। इसी विशिष्ट भौगोलिक स्थिति के कारण प्राचीन आचार्यों के प्रतिपादित सिद्धांतों में समय गणना, पंचांग निर्माण आदि के लिए उज्जैन यानी प्राचीन अवंतिका को केंद्र बिंदू के रूप में स्वीकार किया गया। ज्योतिष के सबसे प्राचीनतम एवं सर्वाधिक प्रमाणिक ग्रंथ ‘सूर्य सिद्धांत‘ में भूमध्य रेखा के सिलसिले में उल्लेख है कि

        राक्षसांलयदेवौकः शैलयोर्मध्यसूत्रगाः।

        रोहितकमवन्ती च यथा सन्निहितं सरः।।

  अर्थात, लंका और सुमेरू पर्वत के मध्य जो सूत्र होगा, उसके बीच के नगर रेखापुर कहलाते हैं। जैसे रोहतक, अवंति और कुरूक्षेत्र ऐसे स्थान हैं, जो इस रेखा पर स्थित है।

 प्रसिद्ध खगोलविद् भास्कराचार्य ने पृथ्वी की मध्य रेखा का वर्णन इस प्रकार किया है-

 यललोको उज्जयिनी पुरोपरि कुरुक्षेत्रादि देशान् स्पृशत्।

  सूत्रं-मेरुगतं बुधैर्निगदिता सा मध्यरेखा भुवः।।

  अर्थात, जो रेखा लंका और उज्जयिनी से होकर कुरुक्षेत्रादि देशों का स्पर्श करती हुई सुमेरू से जाकर मिलती है, उसे भूमि की मध्यरेखा कहते है। इस प्रकार भूमध्य रेखा लंका से सुमेरू तक जाते हुए उज्जयिनी सहित अन्य नगरों को छूती हुई गुजरती है, किंतु वह कर्क रेखा को एक ही स्थान उज्जैन में मिलती है। इसलिए इस स्थान को काल गणना के लिए उपयुक्त माना गया है। अतएव वर्तमान में विश्व की समय गणना के लिए जो महत्व ग्रीन विच को प्राप्त है, वहीं महत्व पुरातन काल से उज्जयिनी को प्राप्त है।

  उज्जैन में प्रतिवर्ष 21 जून को दोपहर मनुष्य की परछाई कुछ पलों के लिए साथ छोड़ देती है। जबकि परछाई हर समय मनुष्य के साथ रहती है। दरअसल 21 जून साल का सबसे बड़ा दिन होता है। इसी दिन दोपहर में सूरज सबसे ऊपर होता है, तब परछाई विशेष खगोलीय स्थिति में आ जाने के कारण लुप्त हो जाती हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि कर्क और मध्यरेखा का मिलन बिंदु उज्जैन है। अब यहां की प्राचीन वेधशाला में इस अनोखी खगोलीय घटना को देखने के लिए यंत्र की व्यवस्था भी कर दी गई है। चूंकि 21 जून का दिन सबसे लंबा दिन होता है, इसलिए सूरज उत्तरी गोलार्ध से होता हुआ ठीक कर्क रेखा के ऊपर आ जाता है। इस दिन, दिन सबसे बड़ा होता है, लेकिन रात छोटी होती है। इस दिन की लंबाई 13 घंटे 34 मिनट तक की रिकॉर्ड की गई है। इसीलिए उज्जैन को ‘शून्य (0) रेखांश पर माना गया है। अर्थात जब हमारे ऋषि कर्क, भूमध्य रेखा और ‘शून्य रेखांश को जानते थे, तब अक्षांश और देशांतर भी जानते थे। इसीलिए केदारनाथ और रामेश्वरम के बीच स्थित सात शिव मंदिर एक सीधी रेखा में बनाया जाना संभव हुआ।

   उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ मंदिर 79.0669 डिग्री देशांतर पर स्थित है, इसे अद्र्ध ज्योतिर्लिंग कहते हैं। नेपाल के पशुपतिनाथ शिव मंदिर को मिलाकर यह पूर्ण हो जाता है। इस मंदिर को महाभारत काल में पांडवो ने बनवाया था और फिर आदि ‘शंकराचार्य ने इसकी पूनस्र्थापना की थी। आंध्रप्रदेश के चित्तूर में श्री कालीहस्ती मंदिर को पंचतत्वों में जल का प्रतिनिधि माना जाता है। यह मंदिर 79.6983 डिग्री देशांतर पर स्थित है। एकाम्बेश्वर मंदिर 79.42,00 डिग्री देशांतर पर स्थित है। इस शिव मंदिर को पृथ्वी तत्व की मान्यता प्राप्त है। इस विशाल शिव मंदिर को पल्लव राजाओं ने बनवाया था। बाद में चोल वंश और विजयनगर के राजाओं ने इसका जीर्णोद्धार कर इसमें कई सुधार किए। अरुणाचलेश्वर मंदिर भी चोल राजाओं ने बनवाया था। यह मंदिर 79.0677 डिग्री देशांतर पर स्थित है। जम्बूकेश्वर मंदिर करीब 1800 साल पुराना है। इसके गर्भग्रह में जल की धारा निरंतर बहती रहती है। यह मंदिर 79.0677 डिग्री देशांतर पर स्थित है। केरल में स्थित थिल्लई नटराज मंदिर 79.6935 डिग्री देशांतर पर स्थित है। इसका निर्माण आकाश तत्व के लिए किया गया है। यह मंदिर महान नर्तक शिव के नटराज रूप को समर्पित हैं। चिदंरबरम में स्थित इस मंदिर की दीवारों पर नृत्य की 108 मुद्राओं का सबसे प्राचीन चित्रण हैं। रामेश्वरत ज्योतिर्लिंग तमिनलाडू में स्थित है। यह मंदिर 79.3174 डिग्री देशांतर पर स्थित है। भागवान श्रीराम ने रावण की लंका पर चढ़ाई करने से पहले इस ज्योतिर्लिंग की स्थापना की थी। यह बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। प्राचीन संस्कृत ग्रंथों के अनुसार इन मंदिरों का निर्माण यौगिक गणना के आधार पर एक सीधी रेखा में इनके निर्माण के कालखंड में संभव हो पाया था। यह भी एक धारणा है कि इन मंदिरों का निर्माण कैलाश मानसरोवर को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

  उज्जैन के महाकाल से ज्योतिर्लिगों की दूरी भी अत्यंत सोच-समझकर तीन अंकों की दूरी पर निर्धारित की गई है। उज्जैन से सोमनाथ की दूरी 777 किमी, ओंकारेश्वी की 111, भीमाशंकर 666, काशी विश्वनाथ 999, मल्लिकार्जुन 999, केदारनाथ 888, त्रयंबकेश्वर 555, बैजनाथ धाम 999, रामेश्वरम 1999 और घृष्णेश्वर 555 किमी की दूरी पर स्थित हैं। उज्जैन देश के मानचित्र पर 23.9 अंश उत्तर अक्षांश एवं 74.75 अंश पूर्व रेखांश पर समुद्र तट से लगभग 1658 फीट की ऊंचाईं पर बसा प्राचीन नगर है। हमारे पूर्वजों की यह ऐसी अद्वितीय प्रोद्यौगिकी थी, जिसे आधुनिक उपकरणों एवं संचार उपग्रहों से जुड़ा विज्ञान भी नहीं जान पाया है।   

                     ■

सम्पर्कः शब्दार्थ 49, श्रीराम कॉलोनी, शिवपुरी म.प्र.

मो. 09425488224, 09981061100