मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 23, 2018

कहानी

प्रदर्शन 
- रचना गौड़ 'भारती'
   मम्मीजी की चिता में उनके एकमात्र लड़के ने आग दी। चिता धू-धूकर जल उठी। चंबल के किनारे की तेज़ हवा ने आग में घी का काम किया था। चिता की प्रचण्ड अग्नि ने सर्दी के उस मौसम में भी पास खड़े लोगों को काफी गरमाहट का अनुभव करा दिया था।
  करीब 70-80 लोगों की भीड़ में रमन भी शामिल था। रमन ने बड़े ही कौतूहल से मम्मीजी के अस्पताल जाने से लेकर उनके इलाज और उनके मरने तक की घटनाओं के अलावा उन्हें श्मशान घाट तक ले जाने में बरती गई तमाम पुरातनवादी रूढ़ियों को देखा था, उन्हें समझने का प्रयास किया था, पर उसकी समझ में यह नहीं आया कि नियमों का पालन क्यों आवश्यक था या इनके न मानने से क्या नुकसान हो जाने वाला था।
  मम्मीजी के तीन दामादों में रमन सबसे छोटा दामाद था। मम्मीजी की शवयात्रा में शामिल होना रमन के लिए इस तरह का पहला अनुभव था। दस दिसंबर की सुबह नहाते समय मम्मीजी बाथरूम में गिर गईं थीं। काफी खून निकला था। उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टर का कहना था कि दिमाग की नस फट गई है।
   रमन से जो करते बना, उसने किया। रमन की पत्नी नेहा तो अपनी माँ की सेवा के लिए रात-दिन अस्पताल में ही रही। रमन की दो बड़ी सालियाँ व मम्मीजी की एकमात्र बहू अपने पूरे दलबल  सहित दोपहर को अस्पताल पहुँचीं थीं। शाम तक पूरी टीम मम्मीजी के पास बैठने के बजाय बाहर मटर गश्ती ज्यादा करती थी। रमन जब भी वहाँपहुँचता - अपनी सालियों को कभी चाय तो कभी कॉफी पीते हुए, तो कभी बाहर सड़क पर टहलते हुए पाता था। एक बार उसने पूछा तो कहने लगीं-''यहाँ सर्दी काफी है। बच्चों को ठण्ड न लग जाए, इसलिए धूप का सेवन अत्यन्त जरूरी है। (मानो यहाँ वे माँ की सेवा के लिए नहीं ,धूप का सेवन करने आतीं थीं।) फिर मम्मी को नेहा तो देख ही रही है।’
रमन ने सवाल किया-''फिर आप लोग बच्चों को यहाँ  क्यों ला रहे हैं ? कुछ लोग घर ठहर जाया करें ........ कुछ रात में आ जाया करें।’
  छूटते ही वह बोली थीं-''मेरे बच्चे मेरे साथ ही आएँगे। मैं उन्हें किसी के भरोसे छोड़कर क्यों आऊँ? रात में बच्चों को यहाँ  सुलाना ठीक नहीं; क्योंकि बच्चों को इन्फेक्शन हो जाता है। घर ही सबसे सुरक्षित जगह है। मैं स्वयं इन्फेक्शन के डर से नहीं आना चाहती। पर क्या करूँ, माँ  है, आना पड़ता है। नहीं आऊँगीं तो लोग क्या कहेंगें ? ( जैसे वह मोहल्ले वालों के तानों के डर से यहाँ  आ रहीं थीं।) दूसरे मम्मी भी तो नेहा को ही मानतीं हैं, अब नेहा ही उन्हें देखे।’
रमन इस जवाब से निरूत्तर हो गया था। दोनों बहनें व उसकी सलहज इस जवाब से प्रसन्न नजऱ आ रहीं थीं। वे सोचने लगा-''शायद मैं ही बेवकूफ हूँ जो मय परिवार के यहाँ  पड़ा हूँ।’
पर तुरंत दूसरा विचार मन में आ गया-''माँ  है, सेवा करने में क्या हर्ज़ है ? सब नालायक सही, पर मैं तो नालायक नहीं ?’मम्मीजी की इकलौती बहू ने तो शायद अपनी सास को न छूने की कसम ही खा रखी थी। घर से चलती तो कम से कम ढाई तीन हजार की साड़ी पहनकर। साथ में डिज़ाइनर ब्लाउज़। इसके ऊपर लिपस्टिक, रूज़ का मेकअप। अस्पताल में जाकर एक बार पुन: अपना मेकअप शीशे में देखना न भूलती, ताकि राह में कोई गड़बड़ हुई हो, तो ठीक की जा सके।
   रमन ने उस दिन कह ही दिया था-''भाभीजी, आप का यह शृंगार यहाँ शोभा नहीं देता’
वह तपाक से बोली-''आप क्या जाने ननदोईजी ? बहुत सारे डॉक्टर यहाँ  आते हैं। कुछेक उनके मित्र भी हैं। उनके मित्र भी मम्मीजी को देखने आते ही हैं। मुझे सादे कपड़ों में देखेंगें तो क्या कहेंगें ? कितनी बेइज्ज़ती होगी इनकी ? एक बड़े व्यापारी की पत्नी के नाते मुझे यह सब पहनना पड़ता है। घर की इज्ज़त का सवाल जो है।’
 मम्मीजी के एक मात्र सुपुत्र सलिल और रमन के एक ही अदद साले साहब को तो बिजनेस से ही फुरसत नहीं मिलती थी। हाँ , रोज़ रात एक बार जरूर इधर से होकर जाते थे। रात में ठहरने के नाम पर दुकान के नौकर को बैठा जाते थे, जो आधा सोता तो आधा ऊँघता रहता था। रात में ग्लूकोज़ आदि चढ़ाते समय मम्मीजी के हाथ को पकड़े रहना पड़ता था, क्योंकि अक्सर वह हाथ को झटक देतीं थीं।; इसलिए रात में रमन व नेहा बार- बारी सोते व जागते थे।
    करीब सातवें रोज़ घर में महामृत्युंजय का पाठ प्रारम्भ हो गया था, मम्मीजी को मोक्ष दिलाने के लिए। साथ ही एक व्यति की नियुक्ति अस्पताल में मम्मीजी को भागवत पढ़कर सुनाने के लिए कर दी गई थी। मम्मी के स्वस्थ रहते कोई उन्हें एक छोटा किस्सा भी नहीं सुनाता था, पर अब भागवत सुनाई जा रही थी। जब तक मम्मी ठीक थीं, किसी को उनकी चिन्ता तक न थी, कोई खाने को नहीं पूछता था, लावारिस-सी घर के कोने में पड़ी रहतीं थीं।
   जब रमन ऐसी बातें सुनता था ,तो उसका मन उन्हें अपने पास बुलाने का हो जाता, पर मम्मी नहीं आतीं, कह देतीं-''भैया, कुछ ही दिन रह गए हैं, यहीं गुजार लेने दो।’
करीब आठवें दिन सुबह ही मम्मीजी का अस्पताल में देहान्त हो गया था। तुरंत घर से शेष दो बहनें, बहू व उनके लड़के आ गए थे। उस दिन बच्चों को घर पर ही रहने दिया गया। आते ही सब मम्मीजी के शरीर से लिपट गए। (ऐसे वे सब पहले नहीं लिपटे थे।) थोड़ी ही देर में पूरा वार्ड दहाड़ मारकर रोने की आवाज़ों से गूँज उठा। यों लगा, जैसे एक साथ कई लोग कत्ल कर दिए गए हों। पाँच मिनट में ही सब शांत भी हो गया था। किसी के चेहरे को देखकर नहीं लग रहा था कि उनकी आँखों से आँसू का एक कतरा भी बहा हो। पूरा सीन रमन की आँखों के सामने नाटक के रिहर्सल की तरह से निकल गया।
   मम्मी के शव को स्ट्रेचर पर डालने के वक्त चूँकि सलिल भाई साहब अकेले थे, रमन ने सोचा मम्मी को उठाने में मदद कर दूँ। अभी हाथ बढ़ाया ही था कि बड़ी साली बोल उठी-''रमन, तुम हाथ न लगाना। दामाद हो, तुम्हारा हाथ लग गया, तो मम्मी को नरक जाना होगा।’ मम्मी के मरने तक तो रमन सेवा करता रहा। उस समय किसी को याद नहीं आया कि वह दामाद है। पर चूँकि मम्मी को मोक्ष मिलने की बात थी, अतएव रमन अपना हाथ लगाकर उनके मोक्ष के रास्ते का द्वार बंद नहीं करना चाहता था।
    मम्मी को उठाना सलिल भाई साहब के अकेले के बस की बात नहीं थी। फिर भी सलिल भाई साहब, नेहा भाभीजी मम्मी को उठाकर स्ट्रेचर पर लाने लगे। स्ट्रेचर रमन की दोनों बड़ी सालियों ने पकड़ रखा था। इस से पहले कि शव स्ट्रेचर पर आ पाता, वह फर्श पर जा गिरा था।
  रमन अछूत सा दूर खड़ा तमाशा देखता रहा था। ज़मीन पर से किसी तरह फिर शव उठाकर स्ट्रेचर पर डाल लिया था। लाश घर पर ले जाई गई थी। आननफानन में लकड़ी की टिकठी आदि का प्रबंध हो गया था। करीब 20 किलो गुलाब के फूल, इतने ही मखाने मँगवा लिये गए थे। एक आदमी को 100 रू0 की रेजगारी भी लाने को भेज दिया गया था। उसे हिदायत दे दी गई थी कि एक और दो के कलदार ज्यादा लाना रुपये फेंकते समय लगेगा जैसे काफी तादाद में रुपये लुटाए जा रहे हैं। कोई मामूली बात तो थी नहीं। शहर के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की माँ  की शवयात्रा थी। उन की सारी प्रतिष्ठा दाँव पर लगी थी। कहीं कोई यह न कह दे, लड़के ने माँ  के लिए कुछ खर्च नहीं किया।
   चूंकि दामाद का कोई रोल नहीं था इसलिए रमन ऐसी जगह बैठ गया, जहाँ  से समस्त क्रिया कलाप देखा जा सके। औरतें जत्थों में चलीं आ रही थीं। जैसे ही वे लाश के करीब आतीं, सब की सब एक सुर में दहाड़ मारकर रो पड़ती थी। क्या गज़ब का सामंजस्य था। कुछ ही क्षणों में फिर शांति छा जाती थी। पहले आई औरतें पीछे खिसककर मम्मीजी के बारे में चर्चा करने लगतीं। भले ही मम्मीजी के जीते जी कभी कानी आँख भी वे इधर नहीं झाँकी होंगीं, पर अब मोहल्ले की औरतों का हुजूम इसी तरफ था। थोड़ी देर बाद आवाज़ें आईं-''नाती कहाँ  है ?बुलवाओ, पैर तो छू लें। मम्मी को मोक्ष मिल जाएगा।’
   रमन किंकर्तव्यविमूढ़ था। उसके छूने मात्र से मम्मी को नरक मिल सकता था, पर उसके लड़के के छूने से उन्हें मोक्ष की प्राप्ति हो रही थी। रमन की दोनों सालियां व सलहज अपने-अपने लड़कों को लाश की ओर हाँकने लगीं। एकाध को तो इस सिलसिले में पीट भी दिया गया था। अंतत: सभी मम्मीजी के मृत शरीर का चरणस्पर्श कर चुके थे।
  रमन ने सोचा अच्छा हुआ उसके दोनों साढ़ू भाई नहीं आए। वरना उसकी तरह तमाशबीन बने बैठे होते। फोटोग्राफर भी बुलवा लिया गया था। मानो नई बहू का गौना होने वाला हो। बैंडबाजे बनजे लगे थे। बाहर एक राहगीर ने पूछ लिया था-''क्या लड़का हुआ है ?’ रमन क्या बोलता ?
   लाश पर कफन डाला जाने ही वाला था कि सलिल भाई साहब की निगाह शायद मम्मी के गले व हाथ की कलाई पर चली गई थी। सोने की मोटी चेन व चूड़ियाँ जो मिलाकर 5-6 तोले की थी। भाई साहब ने लपक कर निकाल लीं, जैसे कोई लेकर भागने वाला था।
 शव ट्रक पर रख कर सब लोग चंबल की ओर रवाना हो गए। आने को तो सभी आदमी एक ही ट्रक पर आ सकते थे, पर यहाँ  प्रतिष्ठा का मामला था। चार ट्रक खाली ही घाट तक गए थे।
 लकड़ी की चिता भी तैयार हो गई थी। लाश को चिता पर रखने से पहले चंबल में गोता लगवाना था। पर अभी भाई साहब की खोपड़ी घुटी नहीं थी। तुरंत ही एक नाई भाई साहब के बाल मूँडने लगा। मुंडन संस्कार के बाद उनके तन पर श्वेत झीना वस्त्र था। सर्द हवा के कारण उनकी कँपकँपी छूट रही थी।
   लाश को नहला कर चिता पर रख दिया गया और महापात्र का इंतज़ार होने लगा मुखाग्नि देने के लिए। उधर महापात्र लाश पर पड़ी चादर में से पैसे बीन रहा था। पूरे पैसे ढूँढ लेने के बाद ही वह लाश के करीब आया था। मंत्रोच्चार के साथ ही भाई साहब द्वारा अग्नि देने के बाद चिता जल उठी थी। इस अग्नि को घर से बड़ा ही सहेज कर लाया गया था।
   तभी रमन की निगाह दूर ढेर पर चली गई जहाँ  लकड़ी की अर्थियों का अंबार लगा था। शायद सब फिर बाज़ार में बेच दी जाएँगीं, चारपाई आदि बनाने के काम आ जाएँगीं। पास ही लाशों से उतरी चादरों का ढेर था। इनकी भी बिक्री अच्छे दामों पर हो जाएगी।
  तीसरे दिन घर के सभी बड़े चिता की राख को हंडिया में भरने के लिए शमशान पहुँचे, ताकि उसे वाराणसी, इलाहाबाद, हरिद्वार, गया व पुरी जैसे स्थानों पर पवित्र नदियों में विसर्जित किया जा सके। इस कलश को लेकर भाई साहब को ही जाना था। जीते जी भाई साहब मम्मी को अपने साथ कहीं नहीं ले गए। वैसे हनीमून मनाने अपनी बीवी के साथ कश्मीर से कन्याकुमारी तक जा चुके थे। उनका कहना था-''माँ  के लिए इतना न किया ,तो लोग क्या कहेंगें ?’ उन्हें बार बार लोगों के कहे जाने का डर खाए जा रह था। मम्मी को इतनी जगह लेकर जाने के पीछे भाई साहब का उद्वेश्य था- अपने व्यापार का इन क्षेत्रों में प्रसार करना।
 चंबल के ठण्डे पानी में जाड़े के दिन नहाकर सबकीघिग्घी बँध गई। कई लोगों की नाक बहने लगी, जिनकी नाक सुड़कने की आवाज़ें रह रहकर आ रही थीं। घर पर अभी पंडितों के कई चोंचले होने बाकि थे। दसवीं, एकादशी, तेरहीं.....। पंडितों को दान, नातेदारों, मोहल्लेवालों को भोजन, करीब 40-50 हजार का खर्च था।
 माँ  के इलाज से लेकर उनकी तेरहीं तक करीब 2.50 लाख रूपये खर्च हुए। भाई साहब की हर जगह धाक जम गई। पंडितों ने एक प्रकार से मम्मी के स्वर्ग जाने का सर्टिफिकेट दे दिया था। साथ ही अगले साल श्राद्ध भी करवाने के लिए बोल गए थे। मम्मी के अस्पताल में खर्चें से कहीं अधिक खाने पर खर्च हुए थे; क्योंकि घर से सब खाली पेट चलते थे, ताकि होटल में चाट डोसा आदि खाया जा सके। मोटा खर्चा इसके बाद भाई साहब की विसर्जन यात्रा पर हुआ क्योंकि उनका पूरा परिवार साथ गया था। करीब महीने भर के दौरे में सब लोग होटलों में ठहरे थे। खाने, आने जाने व किराए आदि में खूब खर्च हुआ।
   इतने खर्च के बावजूद भाई साहब का चेहरा प्रसन्नता से खिला हुआ था। माँ  के क्रियाकर्म में इतने पैसे नष्ट कर उन्होंनें समाज में अपने लिए काफी अच्छी जगह जो बना ली थी।
सम्पर्कः 304, रिद्धि सिद्धि नगर प्रथम, बूंदी रोड, कोटा राजस्थान, मो. 9414746668, 

कुछ अलग-थलग-सी 'सफेद कागज'

कुछ अलग-थलग-सी सफेद कागज
-सुमित प्रताप सिंह
लोकप्रिय लोकसेवक एवं युवा कवि शैलेन्द्र कुमार भाटिया जी का हाल ही में प्रकाशित कविता संग्रह 'सफेद कागज’ को आज मैंने पढ़कर समाप्त किया है। इसमें संकलित 152 कविताएँ विभिन्न विषयों पर केंद्रित हैं। कवि ने स्त्री, पिता व माँ पर अधिक कविताओं का सृजन किया है, जिससे ये भली-भाँति समझा जा सकता है कि कवि के हृदय में स्त्री, पिता व माँ के प्रति आदरभाव व श्रद्धा का कितना समावेश है।  इस कविता संग्रह में लगभग सभी कविताएँ पठनीय हैं। निर्भया, चाँद सुन लेगा, तुम युक्ति हो मेरी, फाइलें, गंगा: एक जीवन जीने की विधि, गन्ने का जूस, गाँव क्यों उदास हो, फिर बचपन क्यों याद है, चीटियाँ व मैं कॉन्वेंट स्कूल हूँ इत्यादि कविताओं को बार-बार पढऩे का मन करता है। कवि की भाषा शैली प्रभावशाली है।
जहाँ 'गन्ने का जूस’ कविता में कवि ने लिखा है
'लोहे के दो गोलों के बीच
पिसना नियति है
दूसरों को रस व
मिठास देने के लिए
ये गन्ने
अपनी बूँद-बूँद देना
अपना कर्तव्य समझते हैं
वैसे ही जैसे
दो देशों की
सीमा पर तैनात सैनिक
अपने रक्त की एक-एक बूँद
दे देते हैं
अपने-अपने देशों में
जीवन की मिठास का
रस भरने के लिए।‘
वहीं कविता 'चीटियाँ’ में कवि ने कहा है
'जीवन में ऊँच-नीच
उतार-चढ़ाव-ठहराव को
लाँघती चीटियाँ
आज फिर से आँगन में
अपने अंडे लेकर निकलीं हैं
यह संकेत है
प्रस्थान का
परिवर्तन का
प्रकृति के बदलाव को
आत्मसात करने का
और एक नए पराक्रम का
अपनी संतति और अस्तित्व को
कायम करने के लिए।‘
तथा 'मैं कॉन्वेंट स्कूल हूँ’ में कवि की लेखनी कहती है
'समाजवाद से छूटा हूँ
पूँजीवाद का पोषक हूँ
किसानों और गरीबों से दूर
कुछ अतिविशिष्ट
जनों के लिए ही
उपलब्ध हूँ
मैं कॉन्वेंट स्कूल हूँ।‘
कुल मिलाकर कवि का यह प्रथम प्रयास सराहनीय है। अभी लेखन जगत को उनसे काफी उम्मीदें हैं और उन उम्मीदों पर कवि का खरा उतरना तय है। कवि शैलेन्द्र कुमार भाटिया जी को सफेद कागज हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। ईश्वर करे कि उनकी सफेद कागज पुस्तक उनके साहित्यिक जीवन का सुनहरा अध्याय लिखे। एवमस्तु!
पुस्तक: सफेद कागज (कविता संग्रह), लेखक : शैलेन्द्र कुमार भाटिया, समीक्षक: सुमित प्रताप सिंह, प्रकाशक- पी.एम. पब्लिकेशंस, नई दिल्ली, पृष्ठ : 224, मूल्य - 145/- रुपये

फलों का पेड़ बनने की कला

फलों का पेड़
बनने की कला
- डॉ. अर्पिता अग्रवाल
किसी गाँव में एक गरीब ब्राह्मणी अपनी दो बेटियों के साथ रहती थी। ब्राह्मणी लोगों के घर खाना पकाती थी और जो कुछ मिलता था उससे ही घर का गुजारा चलता था। दोनों बहनों ने सोचा माँ कितनी मेहनत करती है, हमें भी कुछ करना चाहिए। लेकिन हम क्या करें? इसी उधेड़बुन में वह अपने घर के आँगन में बैठी थीं कि आसमान से एक कौआ उड़ता हुआ आया और उनके आँगन के पेड़ पर बैठ गया। उस की चोंच में एक पका हुआ फल था। फल को देखकर बहनों की के मुँह में पानी भर आया। संयोग से कौए की चोंच से फल नीचे गिर गया। दोनों बहनें उसे उठाकर खा गयीं। कैसा मीठा स्वाद और मनमोहक सुगंध थी। अद्भुत! बहनों ने कौए से पूछा, 'ऐसा फल कहाँ मिला?’ कौवे ने उनसे अपने पीछे आने को कहा। कौआ आगे-आगे उड़ चला। बहनें पीछे- पीछे चलती रहीं। गाँव से दूर जंगल के मध्य में एक अनोखा पेड़ खड़ा था, वैसे ही अद्भुत फलों से लदा हुआ। बहनों ने खूब सारे फल तोड़े और घर की ओर चल दी। घर पहुँचकर उन्होंने फलों को एक सुंदर सी टोकरी में सजाया और मंदिर के बाहर बैठ गईं। उस दिन फल बेचकर उन्होंने पैसे कमाए। लोगों ने ऐसे फल कभी नहीं खाए थे अत: उन के फलों की माँग बढऩे लगी। इस तरह प्रतिदिन वह उस पेड़ से फल लातीं और उसे बेचकर पैसे कमातीं। अब उनके घर का गुजारा आराम से चलने लगा। दोनों बहनें अब अधिक प्रसन्न रहने लगी थी।
एक दिन बड़ी बहन ने छोटी बहन से कहा, 'सुनो, मैं पेड़ बनने की कला जानती हूँ। हमें हर रोज जंगल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुझे यह मंत्र एक जादूगरनी ने सिखाया था, लेकिन मैं उसे भूल चुकी थी। आज अचानक याद आ गया। कल सुबह अंधेरे में तुम कुएँ से दो घड़े पानी लाना, मैं आंगन में ध्यान लगाकर बैठूँगी। याद रहे घड़े के पानी में तुम्हारी उँगलियाँ ना डूबें। जब मैं मंत्र पढूँ तो तुम एक घड़े का पानी मुझ पर डाल देना। मैं पेड़ बन जाऊँगी। तुम उस पर लगे फल ध्यान से तोडऩा कोई पत्ती न टूटे ना टहनियाँ उखड़ें। जब तुम फल तोड़ लो, तब दूसरे घड़े का पानी मुझ पर डालना, मैं वापस अपने रूप में आ जाऊँगी।‘
अगले दिन सुबह अँधेरे में उसने अपनी छोटी बहन को दो घड़े पानी लाने को कहा। छोटी बहन ने बड़ी बहन के कहे अनुसार किया पहले घड़े का पानी डालने से बड़ी बहन फलों का पेड़ बन गई, छोटी बहन ने सारे फल तोड़ लिये और दूसरे घड़े का पानी डालते ही वह अपने असली रूप में आ गई और अपने बालों से पानी झटककर उठ खड़ी हुई। सुबह दिन निकलने पर दोनों बहनें फलों को बेचने चली गयीं। प्रतिदिन फल बेचने से धीरे-धीरे उनके पास बहुत धन एकत्र हो गया। ब्राह्मणी ने अपनी दोनों बेटियों का विवाह बहुत धूमधाम से कर दिया। दोनों बेटियाँ खुशी- खुशी अपना जीवन व्यतीत करती रहीं।
(हमारी लोक कथाओं में हमें कोई ना कोई जीवन मूल्य का संदेश मिलता है। घड़े के पानी में उँगलियाँ न डुबोना स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभदायक है। लड़की का पेड़ बन जाना दर्शाता है कि पेड़ हमारे बच्चों की तरह महत्त्वपूर्ण होते हैं। फल बेचकर अमीर बनना यानि हमारे पेड़ हमारी आजीविका का साधन हो सकते। बेवजह पत्तियाँ, टहानियाँ न तोडऩे की शिक्षा भी मिलती है। साथ ही यह बात पता चलती है कि पक्षियों द्वारा फलों का बीज इधर- गिराने से ही फलों के पेड़ों का दूर-दूर तक विस्तार होता है। आज अंधाधुंध पेड़ काटने से पक्षियों की जातियाँ लुप्त हो रही है जिसके कारण मानव अनेकों समस्याओं से जूझ रहा है। फलों के पेड़ कम हो रहे हैं। धरती का तापमान बढ़ रहा है। जहाँ एक समय बाग हुआ करते थे वहाँ कंक्रीट की बहुमंजिला इमारतें हैं। यदि हम खुशहाल रहना चाहते हैं तो हमें अपने पेड़-पौधों का संरक्षण करना होगा।)
सम्पर्कः 'काकली भवन', 120B/2, साकेत, मेरठ- 250003, मो. 9410029500,
email-fca.arpita.meerut@gmail.com

बटन बंद करने की योग्यता

बटन बंद करने की योग्यता
- विजय जोशी 
(पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक, भेल, भोपाल)
एट्सो (एबिलिटी टू स्विच आफ) यानी बटन बंद करने की योग्यता, इस दर्शन से मुझे हाइडलबर्ग सीमेंट्स, जर्मनी की भारत इकाई के निदेशक श्री जमशेद कूपर ने अवगत कराया। दो दशक पूर्व तक न तो हमारे पास मोबाइल थे और न ई- मेल, तब भी हम प्रगति और विकास कर पा रहे थे। आज संस्थाएँ चतुर हो गई हैं। केवल एक लेप टाप व मोबाइल की सुविधा प्रदान कर उन्होंने हमें हमारे प्रियजनों के साथ बिताए जाने वाले पलों को हमसे छीन लिया है।
सोचिए, मोबाइल पर एक रिंग बजते ही हम अपने बच्चों से बात करना छोड़ की- पेड पर उँगलियाँ चलाते हुए स्क्रीन पर नजर गड़ा देते हैं,  मानों संसार के धराशायी हो जाने जैसा कोई समाचार प्रतीक्षारत हो और जिसे जानकर कार्यवाही करना हमारे उत्तरदायित्व का अंग हो।
आज तक कुछ ही लोग समझ पाए हैं  कि टेक्नालॉजी ने उनके साथ क्या कर दिया। कंपनियाँ या संस्थाएँ मुस्कुरा रही हैं कि मात्र 8 घंटे के दाम देकर वे आपको 24 घंटों के लिए बंधक बना चुकी हैं।
इस दिशा में सबसे पहला कदम वाक्सवेगन नामक जर्मन कंपनी ने उठाया, जब वर्कर्स की मांग पर पहली शिफ्ट समाप्ति के 30 मिनट पूर्व से अगली शिफ्ट शुरू होने के 30 मिनट बाद तक अपने सर्वर बंद करना आरंभ कर दिया। कंपनी का उद्देश्य उनसे काम लेने का था। जर्मनीवासी निजी जीवन में टेक्नालॉजी के इस अतिक्रमण को लेकर काफी संवेदनशील हो गए हैं।
यह सच है कि संवाद की सुविधा से उत्पादकता में अभिवृद्धि हो रही है लेकिन दूसरी ओर यह चिंता बढऩे का कारण भी बन रही है। मेल या मोबाइल से अंतरंगता हमें अपनों से दूर ले जा रही है। हम एक बार आगत मेल का अवलोकन करने के बाद भी बार-बार इन-बाक्स को आदतन क्लिक करते रहते हैं। और तो और खाली इन बाक्स अब हमें किसी हद तक अवसाद की ओर भी ले जाने लगा है।
एरोस नामक फ्रेंच कंपनी ने पाया कि वर्कर्स आंतरिक संदेशों पर ही कई घंटे बर्बाद कर देते हैं अत: उनके यहाँ इस सुविधा में कटौती करते हुए 2014 से आंतरिक ई- मेल संवाद पर पूरी तरह प्रतिबंध का निर्णय ले लिया गया है। एक सर्वे के मुताबिक 100 % में से केवल 15 % ई- मेल ही उपयोगी थीं। एक अन्य डिटर्जेंट कंपनी हेंकल ने तो क्रिसमस एवं नववर्ष के बीच केवल अत्यावश्यक मेल की अनुमति ही प्रदान की है।
एक अन्य विद्वान ओर्ता ओसोरियो ने कहा कि जब मैं स्काटलेंड से अपने 90 वर्षीय पिता के साथ छुट्टी मनाकर लौटा तो एक अद्भुत अनुभव से मेरा साक्षात्कार हुआ। बच्चे वहाँ पर वर्तमान उपकरण जैसे लैपटाप, मेल, टी.वी. की सुविधा के अभाव में गंभीर पढ़ाई की ओर उन्मुख हुए। आपस में खूब बातचीत की, जल्दी उठना आरंभ किया और वे उपकरण के बदले अपने उस पिता के साथ थे, जो उन्हें वहाँ पर आसानी से उपलब्ध भी था।
मेरे विद्वान मित्र श्री जमशेद आगे कहते हैं कि पिछले एक वर्ष में मैंने भी बटन बंद कर पाने की योग्यता के गुण का विकास अपने व्यक्तित्व में करने का प्रयास किया है। मैं घर पहुँचने के पश्चात न तो लेपटाप को छूता हूँ और न मोबाइल को। और यदि छूना आवश्यक हो भी जाए तो एक लंबे अंतराल के बाद। इसी को कहते है बटन बंद करने की योग्यता का सिद्धांत।  
 सम्पर्कः 8/ सेक्टर-2, शांति निकेतन (चेतक सेतु के पास) भोपाल- 462023, मो. 09826042641, 

गिरीश पंकज को मिला 'व्यंग्यश्री’

गिरीश पंकज को मिला 'व्यंग्यश्री’
व्यंग्य- विनोद के शीर्षस्थ रचनाकार, वाचिक परम्परा के उन्नायक और हिन्दी भवन के संस्थापक पंडित गोपालप्रसाद व्यास के जन्मदिवस पर कल 13 फरवरी को हिन्दी भवन के सभागार में सुपरिचित व्यंग्यकार गिरीश पंकज (रायपुर) को बाईसवाँ  'व्यंग्यश्री’ सम्मान से विभूषित किया गया।  सम्मान स्वरूप उन्हें एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रूपये की राशि, वाग्देवी की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, रजतश्रीफल तथा शॉल आदि भेंट किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार गोपाल चतुर्वेदी और  विशेष अतिथि के रुप में शेरजंग गर्ग, प्रेम जनमेजय, हरीश नवल मंचासीन थे। हिदी भवन के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। हिन्दी भवन के सचिव प्रख्यात कवि डॉ. गोविंद व्यास भी उपस्थित थे। इस अवसर पर गिरीश पंकज ने व्यंग्यश्री के चयन के लिए हिन्दी भवन का आभार माना।
उन्होंने  महान व्यंग्यकार गोपाल प्रसाद व्यास जी के व्यंग्य विनोद सम्बन्धी अवदान याद करने के बाद व्यंग्य के सम्बन्ध में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा व्यंग्यकार को पहले बेहतर मनुष्य होने की कोशिश करनी चाहिए। श्री पंकज ने आपनी कुछ व्यंग्य रचनाएँ भी सुनाई जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया। समस्त उपस्थित वक्ताओं ने गिरीश पंकज के योगदान को रेखांकित किया और अपनी एक-एक प्रतिनिधि रचना का पाठ भी किया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्यंग्यकार आलोक पुराणिक ने किया। समारोह में दिल्ली एनसीआर के अनेक लेखक और साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।
गिरीश पंकज विगत चालीस वर्षो से व्यंग्य लिख रहे है।  उनके सोलह व्यंग्य संग्रह, सात व्यंग्य समेत बासठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। पंद्रह छात्रों ने इनके व्यंग्य साहित्य पर शोध कार्य भी किया है।  आपके व्यंग्य देश की महत्त्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशित होते रहे है।  यह सिलसिला आज भी जारी है। 
 व्यंग्य  साहित्य में योगदान के लिए  गिरीश पंकज को अनेक सम्मान  प्राप्त हो चुके है, जिनमें  मिठलबरा की आत्मकथा (उपन्यास) के लिए रत्न भारती सम्मान, भोपाल, लॉफ्टर  क्लब इंटरनेशन, मुंबई द्वारा स्वर्ण पदक सम्मान, अट्टहास न्यूज लेटर, रायपुर के सम्पादन के लिए, माफिया (उपन्यास) के लिए लीलारानी स्मृति सम्मान (पंजाब), अट्टहास युवा सम्मान, लखनऊ,  श्रीलाल शुक्ल (परिकल्पना) व्यंग्य सम्मान, लखनऊ, विदूषक सम्मान, जमशेदपुर, समग्र व्यंग्य लेखन के लिए रामदास तिवारी सृजन सम्मान- राँची, व्यंग्य उपन्यास लेखन के लिए गहमर में प्रदत्त सम्मान प्रमुख हैं।
  गिरीश पंकज साहित्य और पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।  अनेक देशों का  प्रवास कर चुके गिरीश पंकज कुछ महत्त्वपूर्ण दैनिको में चीफ रिपोर्टर और सम्पादक रहने के बाद इन दिनों  'सद्भावना दर्पण’ नामक त्रैमासिक अनुवाद पत्रिका का सम्पादन-प्रकाशन कर रहे है।  रायपुर के दैनिक में  प्रतिदिन व्यंग्य लिख रहे हैं।