मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

May 1, 2026

भाषाः पाँच सौ प्रतियाँ और करोड़ों के प्रतिनिधि

 - जयप्रकाश मानस

कभी-कभी सोच कर देखिए - यह हिंदी साहित्य की ताक़त है या कमजोरी कि किसी लेखक की किताब 500 या ज़्यादा से ज़्यादा 1000 प्रतियों में छपती है (अब तो इसमें भी कलाकारी दिखाने की तकनीक मौजूद है), और उसी के बाद उसे समूची हिंदी का प्रतिनिधि लेखक घोषित कर दिया जाता है। रातों रात !

500 प्रतियों का यह संसार, किसी छोटे कमरे की तरह है - जहाँ दरवाज़ा खुलता है, पर हवा बाहर नहीं जाती।

किताबें छपती हैं, पर पाठकों तक नहीं पहुँचतीं।

कई बार तो यह किताबें अपने शहर से भी बाहर नहीं निकल पातीं।

प्रकाशक कुछ प्रतियाँ आलोचकों को भेजता है, कुछ लेखकों को, कुछ अपने परिचितों को - और शेष कुछ दिनों में गोदाम की धूल में सो जाती हैं। फिर भी उन्हीं किताबों पर संगोष्ठियाँ होती हैं, पुरस्कारों के लिए अनुशंसाएँ जाती हैं, और वही नाम रातों रात 'समकालीन हिंदी का महत्त्वपूर्ण स्वर' बन जाता है।

अजीब है कि यह सब एक ऐसे देश में होता है, जहाँ करोड़ों लोग हिंदी बोलते हैं, सुनते हैं, गाते हैं - पर शायद पढ़ते नहीं।

शायद उन्हें कोई नहीं बताता कि वे भी इस साहित्य के हिस्सेदार हैं या शायद साहित्य ने ही उन्हें अपने घेरे से बाहर रख दिया है।

फिर भी, यह तस्वीर पूरी तरह निराशाजनक नहीं है; क्योंकि यही हिंदी की ज़िद भी है कि इतने छोटे दायरे में भी वह जीवित रहती है।

कभी किसी स्कूल के बच्चे के निबंध में, किसी मज़दूर की बोली में, किसी माँ के लोकगीत में। वहाँ कोई आलोचक नहीं होता, कोई समीक्षक नहीं; पर भाषा जीवित रहती है।

शायद यही हिंदी की सबसे बड़ी ताक़त है  कि वह अपने औपचारिक साहित्य से ज़्यादा, अपने असंगठित जीवन में साँस लेती है।

500 प्रतियों की किताबें मर जाती हैं, पर वह एक माँ के मुँह से निकला शब्द, किसी अनाम कवि की पंक्ति बनकर सदियों तक चलता रहता है।

9 comments:

  1. Anonymous04 May

    सत्य और सुंदर। सुदर्शन रत्नाकर

    ReplyDelete
  2. Anonymous18 May

    Waah
    Bahut sundar

    ReplyDelete
  3. आज के संदर्भ में सटीक

    ReplyDelete
  4. कटु यथार्थ है यह! वास्तव में हिंदी पढ़ने वाला एक बड़ा वर्ग मुफ़्त में पुस्तकें प्राप्त कर के पढ़ने में विश्वास करता है। जब तक मूल्य चुकाकर पुस्तक प्राप्त करने की प्रथा विकसित नहीं होगी तब किताबें यूं ही सीलन भरे कक्षों दम तोड़ती रहेंगी।

    ReplyDelete
  5. यथार्थ को रेखांकित किए हैं-बधाई मानस सर।

    ReplyDelete
  6. Anonymous18 May

    हार्दिक स्वागत !

    ReplyDelete
  7. Anonymous18 May

    कटु यथार्थ।

    ReplyDelete
  8. Anonymous18 May

    कड़वे यथार्थ को उकेरा है
    पुस्तकें छपती है और गुमनाम हो जाती है
    विरली ही होती है जो पाठकों के हृदय में स्थान पाती है

    ReplyDelete
  9. Shashi Padha19 May

    शायद यही हिंदी की सबसे बड़ी ताक़त है कि वह अपने औपचारिक साहित्य से ज़्यादा, अपने असंगठित जीवन में साँस लेती है।— पूरा आलेख ही महत्वपूर्ण है । हिंदी को यही माध्यम जीवित रख रहे हैं । बधाई ।

    ReplyDelete