मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jul 1, 2025

व्यंग्यः युद्ध और बुद्ध के बीच ट्रेड युद्ध की तीसरी टाँग

  - बी. एल. आच्छा

   युद्ध के दौरान महान  चिन्तकों के चेहरे पिघले-पिघले नजर आते हैं। जैसे सूरज की तीखी झुलसाती किरणों से  रुआँसे ग्लेशियर पिघल रहे हैं। उनकी चतुर समाधि में भूकम्प आ गया है। कितनी कविताएँ। कितनी संवेदनाएँ। बच्चों के मासूम चेहरे। अपने दर्शन की विडियो- क्रांति। सभ्यता का विनाश । पूरा     मानवतावादी चैप्टर तैरने लगता है। तब वे बुद्ध की बात करते हैं। सो भी हँसते हुए बुद्ध की नहीं। उनकी अश्रु- लहरियाँ सीमा पार जाकर वैश्विक चीत्कार बन जाती हैं।

        पर जब हमला हो ही गया हो, तो चौबीस घंटे में उत्तर माँगते हैं। कब दोगे जवाब? क्या इतनी भी तैयारी नहीं है? इतनी बेचैनियाँ कि सत्ताएँ व्यंग्यों-तंजों में नागफनी चुभन का शिकार बना दी जाती हैं। सोच ही नहीं पाते कि युद्ध को कितने कोण चाहिए? कितने गलियारों से आती विरोधी हवाओं को भेदने का चक्रव्यूह रचना पड़‌ता है। कैसी मार ?  कितनी मार ? कौन- कौन पाले में  आएगा? कौन छुपी मदद पहुँचाएगा? युद्ध का अर्थशास्त्र कितना होगा? अजीब- सा है, जब युद्ध होता है, तो शांति चाहिए। हमले हो जाएँ, तो जवाब देने की मिसाइली तल्खी।

        पर दो की लड़ाई में तीसरा अपना काम साधता है। यह तीसरी टाँग कभी दृश्य, कभी अदृश्य होती है। पिटते-मरते से क्या लिया जा सकता है? भाइयों की तकलीफ में कोई फूटी कौड़ी निकालते भी देर लगाता है; मगर कूटनीति  में कंगाली-फटेहाली में भी मित्रता के थेगले दौड़े चले आते हैं। यही देश-विदेश की कूटनीति की अपनी नागफनियाँ हैं। सुहानी लगती हैं, जब कोई  किसी मुल्क के लिए युद्ध का दहेज ले आता है, फिर अपना कब्जा जमाते चले जाता है।

   मुझे ज्योतिष का ज्ञान  नहीं; पर डर और विश्वास गहरा है। युद्ध में लड़ते तो दो ही देश है, पर तीसरे घर में बैठा शनि अपना काम घर बैठे ही कर जाता है और सातवें का मंगल अपना पराक्रम दिखा जाता है। यों राहु और केतु के अदृश्य खेल एक देश को हथियारों के जखीरे दे जाते हैं। पिटता हुआ भी इन विदेशी जखीरों से खेलता रहता हैं।  तीसरे घर का स्वामी ग्रह हथियारों का व्यापार कर जाता है। युद्ध भूमि पर लड़ता हुआ देश पिट भी जाता है और हथियारों की देनदारी से गुलाम बनता चला  जाता है। जिसको मारना होता है, उसे- इसे वे खिलाते-पिलाते भी अच्छा हैं। ऐसे में लगातार दुहते जाना, युद्धों का बाजार - लाभ बन जाता है।

       युद्ध और बुद्ध के बीच ये  शांति के मुखौटे कभी नोबेल पुरस्कार की सुर्खी बनने लगते हैं; पर भीतर- भीतर में ट्रेड- कूटनीति का सूचकांक शूट+ अप करवा देते हैं। उनको जलते-मरते  पंचलकड़ी ही तो देनी है; पर वे उस दशा तक पहुँचने नहीं देते। दिलासे दे जाते हैं। सहायता को मानववादी मुखौटा लगाकर कुश्ती के  पह‌लवान को फिर खड़ा करते हैं। पिटेगा, तो फिर सहायता शर्तों की हथकड़ी में। ले जाओ कर्जा हम से, दुनिया के फंडों से। यह अदृश्य टाँग न युद्ध देखती है, न बुद्ध। यदि  जातक  कथाओं वाले बुद्ध  होते, तो बुद्धत्व  समझ पाते; पर वे  युद्ध  और बुद्ध  से ज्यादा  सांसारिक प्रबुद्ध हैं। व्यापार युद्ध में छलांग की तीसरी टाँग तो अंतरराष्ट्रीय महाजनी संस्कृति का नाग‌फनिया ऋण- जाल है। हरी- हरी काई जैसा कार्पेट‌नुमा सत्कार पर सदा- सदा की बिछलन।

     अब कोई बुलाए न बुलाए, पर कुछ निछावर करते रहो। मौके पर कूदमकूद लगा जाओ। मिसाइलें भी दाग दो। सौदा हो जाए, तो घोर विरोधी से भी गलबहियाँ कर लो। मिलती गलबहियाँ  हैं; पर नजर  जियो- पॉलिटिक्स पर। पराई धरती  से कैसे कूटनीति साधी जा सकती है। दोस्ती भी कोई निर्मल मन की रागिनी नहीं है। मौका पड़ने पर छल- छद्‌म से उसी देश को युद्ध- राग में झोंक देते हैं। अपनी हथेलियाँ पाक- साफ बताते  हथियारों की डील कर जाते हैं।

      इन दिनों आँखें उतना काम नहीं करतीं। जैसे डॉक्टर नाड़ी नहीं देखता, जाँचों से  नुस्खे लिखता है। ऐसे ही परमशक्तियों के पास सेटेलाइट आँखें हैं। उस देश की धरती में छुपे खजाने को देखने वाली आँख है। तकनीक के हाथ हैं। धरती में छुपे मूल्यवान खनिजों को अपना बनाकर पराई धरती से अपना व्यापार चलाने की व्यापार - फनियाँ  हैं।  खिलाने और खरीदने के व्यापार युद्ध हैं। युद्ध- राग भी, शांति का बुद्ध- राग  भी। पर इन रंगीन  रेपरों में छुपा व्यापार युद्ध का प्रबुद्ध- राग हैं। जैसे छह अँगुलियों वाला या पीठ पर जीभ वाला नन्दी अलग ही होता है, वैसे  ही  युद्ध और बुद्ध  के फलसफे में तीसरी टाँग वाले प्रबुद्ध कुछ अलग ही होते हैं।

सम्पर्कः फ्लैट नं-701 टॉवर-27, नॉर्थ टाउन अपार्टमेंट, स्टीफेंशन रोड (बिन्नी मिल्स) पेरंबूर चेन्नई (तमिलनाडु)-600012, मो-9425083335


लघुकथाः परिवर्तन

- उपमा शर्मा

सुबह से मिसेज सिंह तैयारियों में लगी हुई थीं। उनकी लाड़ली बिटिया दीक्षा को देखने सचिन का परिवार आने वाला था। साथ में एक की कालेज से मेडिकल की पढ़ाई की थी। दोनों एक दूसरे को पसंद करते थे फिर भी परिवार की रजामंदी के बिना विवाह को तैयार न थे। मिसेज सिंह ने पूरी तैयारी कर ली, सब कुछ चाक- चौबंद । फिर भी चिन्तित थीं, इकलौती बेटी की पसंद था सचिन। कैसे भी यह रिश्ता होना जरूरी था। दीक्षा पढ़ाई-लिखाई में बेहद होशियार लेकिन गृहस्थ जीवन का इतना कोई अनुभव नहीं था। बस यही चिंता सता रही थी उन्हें बार- बार। नियत समय पर सचिन का परिवार आ गई । चाय-नाश्ते के साथ बातों का सिलसिला भी जारी था।

सचिन की दादी ने प्यार से पूछा-"बेटी खाना बनाना भी पसन्द है कि खाना-खाना ही।"

"जी माँ जी, ज्यादा कुछ परफेक्टली नहीं बना पाती; लेकिन थोड़ा बहुत बना लेती हूँ।"

"जी, आप चिंता न कीजिए माँ जी। अब तक पढ़ाई में रही। अब इसकी पढ़ाई-लिखाई सब बंद कर इसे खाना बनाने में कुशल कर दूँगी। मैं सब अपने हाथ से बनाती हूँ। जी रसोई को मैं पूजाघर और खाना बनाने को पूजा मानती हूँ मैं। मेरी रसोई में कोई बाहरी झाँक भी नहीं सकता।" मिसेज सिंह ने जल्दी से जवाब दिया। डर था कहीं रिश्ता हाथ से ही न निकल जाए।

"माफ करना बेटी, हम रसोई को नहीं, कर्म को पूजा मानते हैं और यह क्या बिटिया की पढ़ाई क्यों रुकवानी? सचिन इसके खाना बनाने से नहीं, इसकी काबिलीयत से प्रभावित हो शादी कर रहा है। आज के युग में भी अगर घर सम्हालने की जिम्मेदारी लड़की की है कहकर उसकी प्रतिभा रोक दी जाएगी, कैसे सही है यह? बिटिया खाना एक बाई भी बना लेगी, लेकिन वह किसी मरीज को सही नहीं कर पाएगी। दीक्षा अब हमारी बहू है, इसे विशिष्ट डिग्री ले समाज की सेवा करने दो। खाना हम किसी से भी बनवा लेंगे।"

परिवर्तन की इस सुखद बयार से दीक्षा और सचिन के चेहरे खिल गए।


संस्मरणः एक भिखारी की कथा

  - श्यामल बिहारी महतो

   उस भिखारी से यह मेरी पहली मुलाकात नहीं थी, इसके पहले भी हम दो बार मिल चुके थे। अपने ही हाथों से उसे दो बार भीख भी दे चुके थे। एक बार एक कटोरा चावल और दूसरी बार पाँच रुपये दिये थे। कारण घर में ताला लगा हुआ था और मेरे पास दूसरी चाभी नहीं थी। घर से उसका निराश खाली हाथ लौटना मुझे अच्छा नहीं लगा था‌। हाँ तब उसके बारे कुछ पता भी नहीं था। 

आज फिर वही अचानक चार बजे भोर घर के बाहर मिल गया। गाय बैलों को खूँटे से बाँध, उनके सामने पुआल डाल दिया और मैं खुद आग जलाकर हाथ- पैर सेंकने लगा था। तभी वह आग के आगे भूत की तरह आकर खड़ा हो गया, खुद को सेंकने के लिए वह अपना हाथ- पैर सरियाते हुए। 

“अगहन महीना से ठंडा काफी बढ़ जाता है..!”  कहते- कहते अलाव से थोड़ी दूर वह बैठ गया था। 

“हाँ, यही अगहन पुस माह का महीना तो है, जो ठंड का असली रूप दिखाता है। अमीरी गरीबी का फर्क बताता है- पहचान कराता है। एक ठंड ही है, जो किसी के साथ भेदभाव नहीं करता है और सबको समान रूप से ठंड बाँटता है।”।

मैंने उसकी तरफ देखा। देह पर मात्र एक फटा पुराना कुर्ता, पैरों में पुरानी फटी चप्पल और अपनी कांपती  देह पर एक फटी चादर उसने ऊपर से ओढ़ रखी थी। तथा कंधे पर एक मटमैला- सा झोला टाँग रखा था। 

“आप आग तापिये, मै अभी आया..!”  कह मैं अंदर गया और एक पुराना स्वेटर लाकर उसे देकर कहा- ‘‘इसे पहन लीजिए, ठंड से बचने में मदद मिलेगी, ऊन की है।" 

"बहुत मेहरबानी बाबू जी..!" 

"वैसे आज इतनी भोर कुकुआते ठंड में कहाँ चल दिया..?" मैं पूछ बैठा था। 

"गुंजरडीह के झूलन मोदी के घर में रात था। घर की औरतें आधी रात को ही कोयला लाने- जाने के लिए कदकदाने लगी थी। मुझे भी उठकर जाने को कह दिया। रात का पता न चला, निकलकर सीधे इधर आ गया..!"

"पर इतनी भोर जाओगे कहा?” इतनी सवेरे कोई भीख भी नहीं देगा!”

"पहले के श्रबनिया पंडा लोग चार बजे भोर हमारे घरों से भीख माँग ले जाते थे, आपने भी देखा होगा शायद, हम तो गाँव घर के हैं।"

"फिर भी इतनी सवेरे, जाओगे कहाँ?"

 "पहले मझलीटांड जाऊँगा, वहाँ से परतापुर और फिर बिरनी होते हुए घर..!" 

"घर में कौन कौन है?"

"बेटा है, पतोहू है और एक पोता और एक पोती भी..! दो बेटियाँ थी, दोनों की शादी कर दी.!"

"घर में पूरा परिवार है फिर भी भीख माँगते फिरते हो..!"

"हमारा परिवार मेरी पत्नी थी, पिछले साल उसकी मृत्यु हो गई। घर में जो परिवार है, वह  मेरे बेटे का परिवार है और उन लोगों ने हमें घर से निकाल दिया है..!"

"ऐसा क्यों..? "

"अब कमा जो नहीं पाता..!"

"आपका नाम क्या है..?"

"राम प्रसाद..!"

"पूरा नाम..!"

"राम प्रसाद मोहली..! "

"घर..!"

"चडरी..!"

"आप तो टोकरी, खँचिया, सूप-दाऊरी बनाकर भी इज्जत की जिंदगी जी सकते थे, पहले बनाते ही होगे, शरीर से भी ठीक ठाक हो, यह कामचोरी कहाँ से आई? "

उसने अपने दोनों हाथ आगे बढ़ा दिए‌। दोनों हाथों की दसों के दसों अँगुलियाँ सिकुड़ कर मुड़ गयी थीं ‌। 

"ओह! तो यह बात है‌। दो बार मैंने आपको भीख दी है, पर कभी हाथ की अँगुलियों पर ध्यान नहीं गया! सचमुच दुख हुआ..!"

" राशनकार्ड से आपको गेहूँ चावल तो मिलते होंगे?" आग में लकड़ी डालते हुए फिर मैने पूछा- "उससे आपका अकेले का तो गुजारा हो जाता..!"

"पतोहू ने राशन कार्ड छीन लिया है..!"

‘‘बेटे से बोलता..!"

‘‘आज की बहुओं के आगे बेटों की कहाँ चलती है बाबू!"

‘‘खेती बारी तो कर सकते थे..?"

"छह बूढों की बाईस एकड़ जमीन है, लेकिन सब बेकार- परती पड़ी है, जब से सरकार ने राशनकार्ड से अनाज देना शुरू किया है, गाँव में लोग खेती बारी करना ही छोड़ दिया है!"

"और बेटा क्या करता है..?"

"बैंक से लोन में पैसा लिया और मोटरसाइकिल खरीद ली, अब उसका कर्जा भरने के लिए गाँव में इसके उसके घर में पचोडा सचोडा करते फिरता है..!"

" पुस्तैनी धंधा, टोकरी खँचिया बनाकर भी वह पैसे कमा सकता था। बाजार में हाथ के बना सामान आज भी बहुत महँगे दामों में बिकता हैं..!"

"आज के लड़के खेती बारी और पुस्तैनी धंधे को बड़ी गिरी हुई नजरों से देखते हैं, बेटे को हमने कई बार कहा; लेकिन उसका एक ही जवाब होता है..!"

" इस धंधे में अब कुछ नहीं रखा है।"

 क्या कहूँ बाबू, एक समय था, जब तेलो हटिया में रामप्रसाद मोहली के हाथों बनी सूप दोरी और टोकरी खँचिया को लोग खोज-खोजकर लेते थे  । कुछ तो घर आकर खरीद ले जाते थे। आज हर आदमी अपने- अपने पुश्तैनी धंधों से दूर होते जा रहा है। किसान, खेत से दूर हो रहा है। कुम्हार चाक चलाना छोड़ रहा है। लुहार  ने लोहा गलाना छोड़ दिया। हर आदमी अपनी वृत्ति से मुँह मोड़ रहा है। हाथ ने मुझे भी लाचार कर दिया है, क्या करूँ, भीख माँगता फिरता हूँ..!’’  कहते- कहते उसकी आँखें भर आई थीं। 

इसी के साथ वह उठ गया था- "चलता हूँ बाबू, जाने में घंटा भर लग जाएगा..!" और वह चला गया था ।

 मैं देर तक यही सोचता रहा कि इस मुफ्त के राशन ने कितनों को निकम्मा बना दिया है..? 

सम्पर्कः बोकारो, झारखंड, मो.  6204131994


लघुकथाः तीसरा झूठ

  - राममूरत 'राही' 

बिट्टू चुपचाप मिठाई के डिब्बे में से मिठाई निकालकर खा गया। जब उसकी मम्मी ने डिब्बा देखा, तो बिट्टू से पूछा-"बेटा! क्या तुमने इसमें से मिठाई ली है?"

"नहीं मम्मी! मैंने मिठाई नहीं ली है।" बिट्टू ने साफ़ इनकार कर दिया।

"बेटा! मुझे मालूम है कि तुमने ही मिठाई ली है। तुम मेरे सामने पहली बार झूठ बोल रहे हो, इसलिए मैं तुम्हें समझा रही हूँ कि अब कभी झूठ मत बोलना।"

बिट्टू ने हाँ में गर्दन हिला दी।

एक दिन फिर किसी बात पर बिट्टू ने अपनी मम्मी से दूसरी बार झूठ बोला, तो उसकी मम्मी ने उसे ख़ूब डाँटा और हिदायत दी कि अब कभी झूठ बोला तो पिटाई करूँगी।

बिट्टू ने अपनी मम्मी से वादा किया कि अब वह कभी भी झूठ नहीं बोलेगा।

लेकिन कुछ दिनों बाद बिट्टू ने जब तीसरी बार झूठ बोला, तो उसकी मम्मी ने इस बार उसे ना ही डाँटा और न ही उसकी पिटाई की क्योंकि इस बार बिट्टू ने अपनी मम्मी के कहने पर ही मिसेज वर्मा से ये झूठ बोला था मम्मी घर में नहीं हैं, जबकि उसकी मम्मी घर पर ही थीं।


कविताः झुक आई बदरिया

 - श्रीमती रीता प्रसाद

घटा झुकी-झुकी जा रही है,

नभ भी नीचे आ रहा है,

बादलों के इस सफ़र में

स्वच्छ बूँदें आ रही हैं।

धरती की हरियाली पर यह,

कैसा करतब दिखा रही हैं ?

फसलें  झूमती जा रही हैं ,

जैसे नीरव इस धरा पर

देव कोई आ रहे हैं .

बच्चों की खुशियों को देखो ,

कैसे उछले जा रहे हैं ?

पोखरों में नहा रहे हैं ,

जैसे बादलों के सफ़र को,

दिल से ये अपना रहे हैं ।

मन- मयूर अब नाचता है,

मन- मयूरी झूमती है,

गुन-गुन,गुन-गुन , भौरों की गुन,

सुमनों पर मँडरा रहा है,

सात रंगों का सफ़र है,

सतरंगी ही डगर है,

सात रंगों के किरण पर,

पगला मन उतरा रहा है।

छम-छम, छम-छम, घुँघरू की छम,

दूर वीराने में देखो,

क्या मधुरता छा रही है ?

कोई अल्हड़ नाचती है,

वह सलोनी गा रही है.

क्या यह नन्ही- सी कली है

या धरा पर एक परी है,

मगन होकर नाचती है,

मगन होकर गा रही है,

मन को यह भरमा रही है ।

विकल मन यह चाहता है,

तोड़ सारे बंधनों को,

बादलों में जाएँ खो,

काश! एक ऐसा दिन हो ।