मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 1, 2025

मौसमः अब तक का सबसे गर्म वर्ष

 2024 अब तक का सबसे गर्म वर्ष साबित हुआ, जिसमें वैश्विक तापमान औद्योगिक-पूर्व स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार कर चुका है। ऐसे में जलवायु परिवर्तन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को अनदेखा करना मुश्किल हो गया है। इसमें लू लगने से मृत्यु जैसे तुरंत दिखने वाले प्रभावों का तो पता चल जाता है लेकिन दीर्घकालिक संचयी नुकसान पर कम ही ध्यान दिया जाता है। जलवायु में हो रहे तेज़ी से बदलाव को देखते हुए इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।  

लंबे समय तक ग्रीष्म लहर और सूखे के प्रभाव से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती हैं। बार-बार डीहाइड्रेशन (निर्जलन) और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन से किडनी की जीर्ण बीमारियां हो सकती है। लगातार गर्म रातों के कारण नींद की कमी से मानसिक क्षमता घटती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता कमज़ोर होती है और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है। यह खतरा गर्भ में पल रहे बच्चों को भी हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान ग्रीष्म लहर जैसी पर्यावरणीय चुनौतियाँ गर्भस्थ शिशु के विकास को प्रभावित कर सकती हैं और लंबे समय के उनके स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं।

देखा जाए तो, जलवायु परिवर्तन के दबाव जीन अभिव्यक्ति तक को प्रभावित कर सकते हैं। शोध बताते हैं कि जो बच्चे गर्भ में गर्म और शुष्क परिस्थितियों के संपर्क में आते हैं, उनमें वयस्क होने पर उच्च रक्तचाप की संभावना अधिक होती है। 

कुल मिलाकर, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव गहरे और दूरगामी हो सकते हैं।

इन खतरों के बावजूद, वर्तमान जलवायु आकलन स्वास्थ्य पर पूरे प्रभाव को सही ढंग से मापने में असफल रहे हैं। वास्तव में वर्षों में विकसित होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को मापना मुश्किल होता है। असंगत स्वास्थ्य डैटा के कारण लंबे समय तक स्वास्थ्य  के जोखिमों को ट्रैक करना काफी जटिल कार्य है। उदाहरण के लिए, हम यह तो समझते हैं कि गर्मी शरीर को कैसे प्रभावित करती है, लेकिन यह अलग-अलग लोगों को दीर्घावधि में किस तरह प्रभावित करती है, इसे ट्रैक करना अब भी एक चुनौती बना हुआ है।  

इस अंतर को पाटने के लिए, शोधकर्ताओं और जन स्वास्थ्य अधिकारियों को जलवायु प्रभाव से जुड़े अध्ययनों का दायरा बढ़ाना होगा। उपलब्ध साक्ष्य बताते हैं कि जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों और मौतों का बोझ मौजूदा अंदाज़ों से कहीं अधिक है। इसलिए, बेहतर स्वास्थ्य डैटा और दीर्घकालिक प्रभावों का अध्ययन करना बेहद ज़रूरी है। (स्रोत फीचर्स)


पर्व - संस्कृतिः सामाजिक समरसता का पर्व होली

 - प्रमोद भार्गव

होली शायद दुनिया का एकमात्र ऐसा त्योहार है,जो सामुदायिक बहुलता की समरसता से जुड़ा है। इस पर्व में मेल-मिलाप का जो आत्मीय भाव अंतर्मन से उमड़ता है, वह सांप्रदायिक अतिवाद और जातीय जड़ता को भी ध्वस्त करता है। फलस्वरूप किसी भी जाति का व्यक्ति उच्च जाति के व्यक्ति के चेहरे पर पर गुलाल मल सकता है और आर्थिक रूप से विपन्न व्यक्ति भी धनकुबेर के भाल पर गुलाल का टीका लगा सकता है। यही एक ऐसा पर्व है,जब दफ्तर का चपरासी भी उच्चाधिकारी के सिर पर रंग उड़ेलने का अधिकार अनायास पा लेता है और अधिकारी भी अपने कार्यालय के सबसे छोटे कर्मचारी को गुलाल लगाते हुए, आत्मीय भाव से गले लगा लेता है। वाकई रंग छिड़कने का यह होली पर्व उन तमाम जाति व वर्गीय वर्जनाओं को तोड़ता है, जो मानव समुदायों के बीच असमानता बढ़ाती हैं। गोया, इस त्यौहार की उपादेयता को और व्यापक बनाने की जरूरत है।

होली का पर्व हिरण्यकश्यप की बहन होलिका के दहन की घटना से जुड़ा है। ऐसी लोक-प्रचलन में मान्यता है कि होलिका को आग में न जलने का वरदान प्राप्त था। अलबत्ता उसके पास ऐसी कोई वैज्ञानिक तकनीक थी, जिसे प्रयोग में लाकर वह अग्नि में प्रवेश करने के बावजूद नहीं जलती थी। चूँकि होली को बुराई पर अच्छाई के पर्व के रूप में माना जाता है, इसलिए जब वह अपने भतीजे प्रहलाद को विकृत व कू्रर मानसिकता के चलते गोद में लेकर प्रज्वलित आग में प्रविष्ट हुई तो खुद तो जलकर खाक हो गई, किंतु प्रहलाद बच गए। उसे मिला वरदान सार्थक सिद्ध नहीं हुआ; क्योंकि वह असत्य और अनाचार की आसुरी शक्ति में बदल गई थी। 

      इसी कथा से मिलती-जुलती चीन में एक कथा प्रचलित है, जो होली पर्व मनाने का कारण बनी है। चीन में भी इस दिन पानी में रंग घोलकर लोगों को बहुरंगों से भिगोया जाता है। चीनी कथा भारतीय कथा से भिन्न जरुर है, लेकिन आखिर में वह भी बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। चीन में होली का नाम है, ‘फोश्वेई च्ये’ अर्थात् रंग और पानी से सराबोर होने का पर्व। यह त्योहार चीन के युतांन जाति की अल्पसंख्यक 'ताएं’ नामक जाति का मुख्य त्योहार माना जाता है। इसे वे नए वर्ष की शुरुआत के रुप में भी मनाते हैं।

इस पर्व से जुड़ी कहानी है कि प्राचीन समय में एक दुर्दांत अग्नि-राक्षस ने 'चिंग हुग’ नाम के गांव की उपजाऊ कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया। राक्षस विलासी और भोगी प्रवृत्ति का था। उसकी छह सुंदर पत्नियाँ थीं। इसके बाद भी उसने चिंग हुग गाव की ही एक खूबसूरत युवती का अपहरण करके उसे सातवीं पत्नी बना लिया। यह लड़की सुंदर होने के साथ वाक्पटु और बुद्धिमती थी। उसने अपने रूप-जाल के मोहपाश में राक्षस को ऐसा बाँधा कि उससे उसी की मृत्यु का रहस्य जान लिया। 

राज यह था कि यदि राक्षस की गर्दन से उसके लंबे-लंबे बाल लपेट दिए जाएँ, तो वह मृत्यु का प्राप्त हो जाएगा। एक दिन अनुकूल अवसर पाकर युवती ने ऐसा ही किया। राक्षस की गर्दन उसी के बालों से सोते में बाँध दी। इन्हीं बालों से उसकी गर्दन काटकर धड़ से अलग कर दी; लेकिन वह अग्नि-राक्षस था, इसलिए गर्दन कटते ही उसके सिर में आग  प्रज्वलित हो उठी और सिर धरती पर लुढ़कने लगा। यह सिर लुढ़कता हुआ जहाँ-जहाँ से गुजरता वहाँ-वहाँ आग प्रज्वलित हो उठती। इस समय साहसी और बुद्धिमान लड़की ने हिम्मत से काम लिया और ग्रामीणों की मदद लेकर पानी से आग बुझाने में जुट गई। आखिरकार बार-बार प्रज्वलित हो जाने वाली अग्नि का क्षरण हुआ और धरती पर लगने वाली आग भी बुझ गई। इस राक्षसी आतंक के अंत की खुशी में ताएँ जाति के लोग आग बुझाने के लिए जिस पानी का उपयोग कर रहे थे, उसे एक-दूसरे पर उड़ेलकर झूमने लगे। और फिर हर साल इस दिन होली मनाने का सिलसिला चल निकला।

ऐतिहासिक व पौराणिक साक्ष्यों से पता चलता है कि होली की इस गाथा के उत्सर्जन के स्रोत पाकिस्तान के मुल्तान से जुड़े हैं। यानी अविभाजित भारत से। अभी भी यहाँ भक्त प्रहलाद से जुड़े मंदिर के भग्नावशेष मौजूद हैं। वह खंबा भी मौजूद है, जिससे प्रहलाद को बाँधा गया था। भारत विभाजन के बाद पाकिस्तान में हिंदू धर्म से जुड़े मंदिरों को नेस्तनाबूद करने का जो सिलसिला चला, उसके थपेड़ों से यह मंदिर भी लगभग नष्टप्रायः हो गया है, लेकिन चंद अवशेष अब भी मुलतान में मौजूद हैं। यहाँ भी अल्पसंख्यक हिंदू होली के उत्सव को मनाते हैं। वसंत पंचमी भी यहाँ वासंती वस्त्रों में सुसज्जित महिलाएँ मनाती हैं और हिंदू पुरुष पतंग उड़ाकर अपनी खुशी प्रगट करते हैं। जाहिर है, यह पर्व पाकिस्तान जैसे अतिवादियों के देश में सांप्रदायिक सद्भाव के वातावरण का निर्माण करता है। गोया, होली व्यक्ति की मनोवृत्ति को लचीली बनाने का काम करती है।

वैदिक युग में होली को ‘नवान्नेष्टि यज्ञ’ कहा गया है; क्योंकि यह वह समय होता है, जब खेतों से पका अनाज काटकर घरों में लाया जाता है। जलती होली में जौ और गेहूँ की बालियाँ तथा चने के बूटे भूनकर प्रसाद के रूप में बाँटे जाते हैं। होली में भी बालियाँ होम की जाती हैं। यह लोक-विधान अन्न के परिपक्व और आहार के योग्य हो जाने का प्रमण है। इसलिए वेदों में इसे 'नवान्नेष्टि यज्ञ' कहा गया है। मसलन अनाज के नए आस्वाद का आगमन। यह नवोन्मेष खेती-किसानी की संपन्नता का द्योतक है,जो ग्रामीण परिवेश में अभी भी विद्यमान है। गोया यह उत्सवधर्मिता आहार और पोषण का भी प्रतीक है, जो धरती और अन्न के सनातन मूल्यों को एकमेव करता है।

होली का सांस्कृतिक महत्व ‘मधु’ अर्थात 'मदन' से भी जुड़ा है। संस्कृत और हिंदी साहित्य में इस मदनोत्सव को वसंत ऋृतु का प्रेमाख्यान माना गया है। वसंत यानी शीत और ग्रीष्म ऋृतुओं की संधि-वेला। अर्थात एक ॠतु का प्रस्थान और दूसरी ऋतु का आगमन। यह वेला एक ऐसे प्राकृतिक परिवेश को रचती है, जो मधुमय होता है, रसमय होता है। मधु का ॠगवेद में खूब उल्लेख है; क्योंकि इसका अर्थ है, संचय से जुटाई गई मिठास। मधु-मक्खियाँ अनेक प्रकार के पुष्पों से मधु जुटाकर एक स्थान पर संग्रह करने का काम करती हैं। जीवन का मधु संचय का यही संघर्ष जीवन को मधुमयी बनाने का काम करता है। 

होली को ‘मदनोत्सव’ भी कहा गया है। क्योंकि इस रात चंद्रमा अपने पूर्ण आकार में होता है। इसी शीतल आलोक में भारतीय स्त्रियाँ अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना करती हैं। लिंग-पुरण में होली को ‘फाल्गुनिका’ की संज्ञा देकर इसे बाल-क्रीड़ा से जोड़ा गया है। मनु का जन्म फाल्गुनी को हुआ था; इसलिए इसे ‘मन्वादि तिथि’ भी कहते हैं। भविष्य-पुराण में भूपतियों से आह्वान किया गया है कि वे इस दिन अपनी प्रजा को भय-मुक्त रहने की घोषणा करें; क्योंकि यह ऐसा अनूठा दिन है, जिस दिन लोग अपनी पूरे एक साल की कठिनाइयों को प्रतीकात्मक रूप से होली में फूंक देते हैं। इन कष्टों को भस्मीभूत करके उन्हें जो शांति मिलती है, उस शांति को पूरे साल अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए ही भविष्य-पुराण में राजाओं से प्रजा को अभयदान देने की बात कही गई है। भारतीय कुटुंब की भावना इस दर्शन में अंतर्निहित है। अर्थात होली के सांस्कृतिक महत्त्व का दर्शन नैतिक, धार्मिक और सामाजिक आदर्शों को मिलाकर एकरूपता गढ़ने का काम करता है। तय है, होली के पर्व की विलक्षण्ता में कृषि, समाज, अर्थ और सद्भाव के आयाम एकरूप हैं। इसलिए यही एक ऐसा अद्वितीय पर्व है, जो सृजन के बहुआयामों से जुड़ा होने के साथ-साथ सामुदायिक बहुलता के आयाम से भी जुड़ा है।

प्रेरकः क्या लोगों को आपकी कमी खलेगी?

 लगभग सौ साल पहले एक व्यक्ति ने सुबह समाचार पत्र में स्वयं की मृत्यु का समाचार छपा देखा और वह स्तब्ध रह गया। वास्तव में समाचार पत्र से बहुत बड़ी गलती हो गई थी और गलत व्यक्ति की मृत्यु का समाचार छप गया। उस व्यक्ति ने समाचार पत्र में पढ़ा – ‘डायनामाइट किंग अल्फ्रेड नोबेल की मृत्यु… वह मौत का सौदागर था।’

अल्फ्रेड नोबेल ने जब डायनामाइट की खोज की थी, तब उन्हें पता नहीं था कि खदानों और निर्माणकार्य में उपयोग के लिए खोजी गई विध्वंसक शक्ति का उपयोग युद्घ और हिंसक प्रयोजनों में होने लगेगा। अपनी मृत्यु का समाचार पढ़कर नोबेल के मन में पहला विचार यही आया – “क्या मैं जीवित हूँ? ‘मौत का सौदागर ‘अल्फ्रेड नोबेल’… क्या दुनिया मेरी मृत्यु के बाद मुझे यही कहकर याद रखेगी?”

उस दिन के बाद से नोबेल ने अपने सभी काम छोड़कर विश्व-शांति के प्रसार के लिए प्रयत्न आरम्भ कर दिए।

स्वयं को अल्फ्रेड नोबेल के स्थान पर रखकर देखें और सोचें:

* आपकी धरोहर क्या है?

* आप कैसे व्यक्ति के रूप में याद किया जाना पसंद करेंगे?

* क्या लोग आपके बारे में अच्छी बातें करेंगे?

* क्या लोग आपको मृत्यु के बाद भी प्रेम और आदर देंगे?

* क्या लोगों को आपकी कमी खलेगी? (हिन्दी ज़ेन से)


संस्मरणः ममता का मूल्यांकन

  - देवी नागरानी 

मुझसे दो दशक छोटी पर सोच के विस्तार में उसका किरदार मुझसे दो क़दम आगे और ऊँचा।  ऐसी ही एक मानवी ने जब रिश्तों के निर्वाह पर निकली बात पर अपने रिश्ते को लेकर आप- बीती सुनाई, तो सच मानिए, दो तीन दिन तक मैं उस मानसिकता के बाहर न आ पाई।                                     

उसका कथन- “मैं पाँच बजे काम से रुखसत पाकर छह-साढ़े छह के बीच जब घर पहुँचती हूँ, तो लगता है सभी मेरे इंतजार में मायूस सन्नाटों को जी रहे होते हैं: घर के दर-दरीचे, बिस्तर पर लेटे मेरे अपाहिज पिता, माँ की देखभाल करने वाली अम्मा और मेरी माँ, जिसकी आँखें निरंतर चारों ओर घूम ने की आदी होकर जाने क्या कुछ ढूँढते हुए जब मुझपर आकर टिकती है, तो वह कह उठती है- “आ गई कमली!” और तत्पश्चात वह सुकून से सो जाती है।  “पर तुम्हारा नाम तो बीबा है न ?” -मैंने विस्मय में पूछा                                                                            

 “हाँ मेरी माँ का नाम कमला है, और वह अपनी इस अविकसित अवस्था में मुझको कमली के नाम से पहचानती है।’’

सुनकर एक अजीब- सी सिहरन शरीर में लहरा उठी, लगा कहीं दिमाग में बिजली कौंध उठी.  माँ अपने बच्चों को पाल पोसकर बड़ा करते करते ममत्व को साधना की हदों तक ले जाने की अवस्था में अपने आप को इस कद्र भूल जाती है कि उसे अहसास मात्र नहीं रहता कि उसका अपना वजूद बच्चों में समावेश कर गया है।

मैं इस समय यहाँ A.I.R स्टेशन में सिन्धी रिकॉर्डिंग की इन्चार्ज मिस बीबा के केबिन में बैठी रिश्तों की उन गूढ़ रहस्यमय स्थिति के बारे में सोचती रही।  कभी लगता है- हमारी सोच भी किन हदों में जकड़ी हुई है, जिसका हमें इल्म ही नहीं. विकसित- अविकसित अवस्थाओं से परे अंतःकरण में भी कई गुफाएँ हैं जो हमें हर बंधन से, हर सीमा से पार करते कराते हमें अपने आप से जोड़ती है. और इन बातों का महत्त्व सिर्फ बीबे जैसे बेटी ही समझ सकती, जिसने माता-पिता की देखरेख के लिए अब तक शादी नहीं की है.

‘‘रिश्ता वो ही निभाएगा ‘देवी’ जिसको रिश्ता समझ में आया है।’’ 

सोच को ब्रेक देते हुए मैंने बीबा से पूछा- “इस अवस्था में माँ कितने दिन से है?”   

“कुछ एक साल के क़रीब हुआ है और उनकी यह प्रतिक्रिया- मुझे कमली कहकर पुकारना, और उस रूप में ढूँढना, सामने देखकर राहत महसूस करना, खुद मुझे हैरत में डाल देती है। उनके मनोभावों को जानते हुए जैसे ही मैं घर में पाँव रखती हूँ, उनके सामने जाकर खड़ी हो जाती हूँ, जब तक वह अपनी आँखें घुमाते हुए मुझ पर टिकाकर यह नहीं कहती- “कमली तू आ गई!” 

कुछ पल रुककर बीबा कहने लगी- “अपने आपे- से बाहर की अवस्था और खुद से भीतर जुड़ने की अवस्था का नाम ही शायद ममता है और वह है मेरी माँ कमली।”                                    

उसके कहने और मेरे सुनने के बीच का वक़्त जैसे ठहर गया। मैं कितनी सदियाँ पीछे लाँघ आई थीं, यह मैंने तब जाना जब उसकी आवाज़ ने मुझमें चेतना लौटाई- “ मैडम जी आपकी चाय ठंडी हो रही है।’’

मैं याद के भूल - भुलैया में खो जाती हूँ।  शायद वे मेरे ज़हन में अपना स्थान बना बैठी हैं. बारी -  बारी वे इन झरोखों से सांस लेने आ जाती है.

अब तो सिर्फ यही, बाकी कुछ और याद आने पर...

dnangrani@gmail.com


आलेखः भाग..उपभोक्ता.. तेरी बारी आई

  - डॉ. महेश परिमल

आजकल सरकारी माध्यमों द्वारा उपभोक्ताओं को जाग्रत करने के कई उपाय किए जा रहे हैं। प्रसार माध्यमों में यह कहा जा रहा है कि उपभोक्ता जागो, तुम्हें ठगा जा रहा है। तुम सचेत हो जाओ। तुम्हें सचेत होना ही होगा। उपभोक्ताओं को तो ऐसे कहा जा रहा है मानों वे सचेत हैं ही नहीं। पर एक सचेत उपभोक्ता यदि इस दिशा में कुछ करना चाहे, तो सरकारी तंत्र इतना सबल हैं कि उसकी पुकार अनसुनी ही रह जाती है।

अब आप ही बताएँ कि जब आप कोई वस्तु खरीदना चाहें, तो वह आपके सामने होती है, आप उसे छूकर उसकी गुणवत्ता पर विश्वास कर लेंगे, उसके रंग से भी अच्छी तरह वाकिफ हो जाएँगे। सचेत उपभोक्ता का प्रदर्शन करते हुए आप ने व्यापारी से खरीदी हुई वस्तु का बिल भी माँग लिया; ताकि वस्तु यदि खराब निकले तो बिल दिखाकर उसे वापस किया जा सके। यह सब तो बिल के कारण हो सकता है। पर आज भी हमारे सामने कई सवाल हैं, जिसका जवाब हमें नहीं मिलता। हमारी पूरी जागरूकता के बाद भी। क्या आप भी जानना चाहेंगे कि हम रोज ही किसी न किसी तरह से ठगे जा रहे हैं। हमारी जागरूकता भी हमारे काम नहीं आ रही है। हमारी कहीं सुनवाई नहीं है। हमारे सवालों का जवाब सरकार के पास भी नहीं है। कहीं-कहीं तो सरकार भी लाचार है। उपभोक्ताओं को जगाकर वह स्वयं भी परेशान होगी, यह तय है।

आइए कुछ ऐसे बिंदुओं की ओर ध्यान दें, जिसके कारण हम ठगे जा रहे हैं-

· आप जो पेट्रोल खरीद रहे हैं, वह किस रंग का है?

· क्या आप विश्वासपूर्वक कह सकते हैं कि जो पेट्रोल आपने खरीदा, उसका माप सही है?

· क्या आपको यह भी विश्वास है कि उसकी गुणवत्ता और मात्रा सही है?

· हर पेट्रोल पंप पर आपको नोजल के पीछे का पाइप काले रंग का ही दिखाई देगा। इससे आपको यह भी पता नहीं होता कि पाइप से किस रंग का पेट्रोल आ रहा है, कहीं घासलेट तो नहीं आ रहा है?

· आप यदि दो लीटर पेट्रोल की माँग करते हैं, तो पम्प में क्या दो लीटर का माप है?

· इलेक्ट्रॉनिक मीटर पर आप कहाँ तक भरोसा कर सकते हैं?

· हमें जिन कर्मचारियों से पेट्रोल प्राप्त होता है, उनका वेतन बहुत ही कम होता है। अनजाने में मालिक द्वारा उन्हें छूट मिल जाती है कि वे हमें पेट्रोल देते हुए अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

· पेट्रोल पंप पर जब आप पहुँचे, तब आपके आगे कोई अन्य उपभोक्ता नहीं है, तो कर्मचारी ने नोजल सीधे आपके वाहन के टैंक के मुहाने पर रखा और शुरू कर दिया पेट्रोल देना। आप शायद भूल गए कि शुरू में कुछ देर तक उससे पेट्रोल नहीं, हवा ही निकली है। मीटर ने सही बताया, आपने बिल लिया और आगे बढ़ गए। मतलब आपने पेट्रोल की कीमत पर हवा खरीदी!

· पेट्रोल पंप पर आपके वाहन में भरी जाने वाली हवा मुफ्त में मिलती है, लेकिन हवा भरने वाला आपसे रुपए माँगता है। क्या यह उचित है?

· अगर आपको दिए गए पेट्रोल पर आपको शक है और आप उसकी जाँच करवाना चाहते हैं, तो क्या आपको मालूम है कि वह पेट्रोल कहाँ जाएगा? शायद नहीं। चूँकि सरकार के पास अपनी प्रयोगशाला नहीं है, इसलिए वह पेट्रोल जाँच के लिए उसी कंपनी की प्रयोगशाला में जाएगा, जिस कंपनी का वह पेट्रोल है!

· मानक माप के लिए हर पेट्रोल पंप पर केवल पाँच लीटर का ही माप रखा हुआ है। उससे केवल पाँच लीटर पेट्रोल मापा जा सकता है। अभी तक सरकार ने इससे कम पेट्रोल का माप बनाया ही नहीं। यह परंपरागत माप है, जो हम सब बरसों से देखते आ रहे हैं। इन मापों के तलों में फेरफार करके काफी पेट्रोल बचाया जा रहा है।

· सरकार के इस संबंध में नियम कायदे इतने पेचीदा हैं कि साधारण उपभोक्ता उसे समझ नहीं सकता। उसके बाद उसकी कार्यप्रणाली भी इतनी ही पेचीदा है कि उसे पूरी करने में उपभोक्ता का समय और श्रम ही बरबाद होगा।

· अभी तक किसी पेट्रोल पंप मालिक पर ऐसी कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अन्य पेट्रोल पंप मालिकों पर प्रभाव पड़े।

· अंत में यही बात कि पेट्रोल पंपों की जाँच करने वाले नाप-तौल विभाग के कर्मचारियों को कंप्यूटर का ज्ञान नहीं है, इससे वे इलेक्ट्रॉनिक मीटर में होने वाली गड़बड़ी से अनजान होते हैं।

· पेट्रोल के बाद अब यदि आप बाजार चले जाएँ, तो वहाँ सब्जी वालों के तराजुओं पर जरा भी विश्वास न किया जाए, तो ही ठीक है। क्योंकि ये तराजू हमेशा से ही त्रुटिपूर्ण होते हैं। इनकी जाँच समय-समय पर होती है, पर केवल उनकी, जिनके पास मानक तराजू हैं। बाकी तो छापे के पहले ही भाग जाते हैं। थोड़ी देर बाद वे फिर आ जाते हैं।

· अंत में एक महत्वपूर्ण बात। अपने घर पर आने वाले बिजली बिल का संपूर्ण अध्ययन कर क्या आप बता सकते हैं कि आप पर किस तरह का चार्ज किस कारण लिया गया?

ये कुछ ऐसी बातें हैं, जो आम उपभोक्ता नहीं जानता। यदि यह सब जान जाएगा, तो सरकार और उसके विभाग को जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। इन पंक्तियों के लेखक ने मध्यप्रदेश के नियंत्रक नाप- तौल से विस्तार से बात की, उन्होंने एक आम उपभोक्ता की तरह उपभोक्ता के अधिकारों को बताया, पर सच कहा जाए, तो वे अधिकार भी इतने पेचीदा हैं कि उस पर अमल करना भी मुश्किल होगा। एक शिकायत के बाद सारी मशक्कत उपभोक्ता को ही करनी होगी। सच तो यह है कि आज किसी उपभोक्ता के पास इतना समय नहीं है कि अपने सारे काम छोड़कर शिकायत और उसकी तमाम कार्रवाइयों की जानकारी में लगाए। आम उपभोक्ता की इसी कमजोरी का लाभ उठाते हुए आज हर जगह उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है। एक जागरूक उपभोक्ता यह तो देख रहा है कि उसने पेट्रोल लेने के पहले ही 0 देख लिया है, उसके बाद भी यदि उसे पेट्रोल कम मिलता है, तो इसका जिम्मेदार कौन है? एक किलो सब्जी के बजाय उसे मात्र 900 ग्राम ही मिलती है। इसका जवाबदार कौन है? जिम्मेदारी कोई नहीं लेना चाहेगा; क्योंकि पूरे प्रदेश में एक आँकड़े के अनुसार नाप तौल- विभाग के 600 कर्मचारी हैं और उपभोक्ता 10 लाख।

इसके सुझाव के रूप में कुछ बातों का समावेश किया जाए, तो स्थिति काफी हद तक नियंत्रित हो सकती है-

· यदि सभी उपभोक्ता अपने साथ प्लास्टिक या एक्रेलिक का माप रखें और उसी से पेट्रोल प्राप्त करें, तो उन्हें कम से कम पूरी मात्रा में पेट्रोल मिलेगा।

· नोजल के पीछे का पाइप पारदर्शी किया जाए, इससे उपभोक्ता को पता तो चलेगा ही कि वह पेट्रोल ले रहा है या हवा। जब गोली की मार झेलने वाला पारदर्शी कवच बन सकता है, तो पारदर्शी पाइप क्यों नहीं बनाया जा सकता?

· हर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की जाँच करने वाला यंत्र उपलब्ध हो, जिससे तुरंत जाँच हो सके।

· सरकार इस काम में वाहन बनाने वाली कंपनियों का सहयोग ले सकती है, जिन्हें हमेशा यह शिकायत मिलती है कि उनका वाहन सही एवरेज नहीं देता। यह सभी जानते हैं कि एवरेज सही इसलिए नहीं मिलता; क्योंकि उन्हें पेट्रोल या डीजल ही सही माप का नहीं मिलता। वाहन कंपनियों के आगे आने से उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी।

· पेट्रोल पंप पर ऐसी व्यवस्था की जाए, जिसमें उपभोक्ता पहले बिल प्राप्त करे, बाद में उसे पेट्रोल मिले। इससे हर उपभोक्ता को बिल तो मिल ही जाएगा, फिर उसे शिकायत करने में सुविधा होगी। अभी तो माँगने पर ही बिल मिलता है, या फिर 'बाद में ले लेना' कहकर टाल दिया जाता है। इससे पंप मालिक को ही लाभ होता है।

· सारी व्यवस्था उपभोक्ता की परिस्थितियों को देखते हुए की जाए; क्योंकि आज किसी के पास इतना समय नहीं है कि बिल लेने के लिए भी दो मिनट खड़ा रहे। उसे वे दो मिनट भी भारी पड़ते हैं।

· पेट्रोल पंप पर आवश्यक फोन नम्बर की सूची में नियंत्रक नाप- तौल का भी नम्बर हो, ताकि शिकायत करनी हो, तो उनसे सम्पर्क किया जा सके।

· जिन पेट्रोल पंपों पर छापे पड़े हों और उन पर कार्रवाई हुई हो, तो उनके नाम शहर के चौराहों पर अंकित किए जाएँ, जिससे उपभोक्ता उन पेट्रोल पंपों पर जाने के पहले सचेत हो जाएँ।

· उपभोक्ता कई बार कम पेट्रोल मिलने की शिकायत इसलिए नहीं कर पाता, क्योंकि जब उसके वाहन में पहले से ही कुछ पेट्रोल था, उस पर पेट्रोल डाला गया, इससे पूरा पेट्रोल नहीं मापा जा सकता। आखिर इसका भी तो कोई उपाय होना चाहिए।