मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 1, 2025

कविताः औरतें इतनी उम्मीद क्यों करती हैं?

   - डॉ. शैलजा सक्सेना 

औरतें इतनी उम्मीद क्यों करती हैं?


उनकी उम्मीद 

कमल के नाल सी,

न जाने किस भविष्य में गड़ी होती है,

कठोर सच की कैंची काटती है यह नाल

पर औरतों की उम्मीदें बीजासुर सी 

हज़ार शरीरों से उग आती हैं,

ये अपना पूरा सत देकर इन्हें पालती हैं,

औरतें इतनी उम्मीद क्यों करती हैं?


प्यार की उम्मीद,

आदर की उम्मीद

प्रशंसा और सराहना की उम्मीद

उम्मीद अक्सर होती नहीं पूरी,

और ये कड़वाती चली जाती है

पहले ज़ुबान/ फिर दिल/ फिर दिमाग

चिड़चिड़ेपन का एक झाड़ बना

अटक जाती हैं उसमें,

नोंचती हैं गुस्से में, 

अपनी ही संभावनाओं के पंख,

दुख से लहूलुहान हो जाती है!


आँसुओं से भीगकर 

पत्थर हो जाते हैं रुई से सपने

एकदम पराये लगते हैं सब अपने,

तब मौत के ख़्याल से 

जीने की ज़रूरत पूछ्ती हैं,

ये औरतें इतनी उम्मीद क्यों करती हैं?


ज़िंदगी भर एक ही वाक्य रटती/ रटाती हैं;

“सब कुछ ठीक हो जाएगा एक दिन”

तिनके की तरह पकड़कर इन शब्दों को

ज़िन्दगी पार करने की कोशिश करती हैं,

भोली हैं,

झूठ को सच करने पर तुली रहती हैं,

फिर-फिर धोखे खाती हैं

जीने की चाह में मरी-मरी जाती हैं,

ये औरतें इतनी उम्मीद क्यों करती हैं?


बोध कथाः एक स्त्री किसी पुरुष से क्या चाहती है?

  - निशांत

एक स्त्री किसी पुरुष से क्या चाहती है?

इस प्रश्न का उत्तर एक कहानी में है। यह कहानी पता नहीं कितनी सच है या झूठ। यह एक फैंटेसी है, तो काल्पनिकता के सारे तत्व इसमें मौजूद हैं।

कहते हैं कि राजा हर्षवर्धन किसी युद्ध में परास्त हो गया।

उसे कैदियों की तरह बांधकर जीतने वाले राजा का सामने पेश किया गया। जीतने वाला राजा उस समय बहुत खुश था।

उस राजा ने हर्षवर्धन के सामने एक प्रस्ताव रखा। उसने कहा, “यदि तुम मुझे एक प्रश्न का सटीक उत्तर खोजकर बता दोगे, तो मैं तुम्हारा राज्य तुम्हें वापस कर दूँगा। इस काम में असफल रहने पर तुम्हें आजीवन कारावास दिया जाएगा।”

“प्रश्न यह है , ‘स्त्री अपने पुरुष से क्या चाहती है?’ इसका उत्तर देने के लिए तुम्हें एक महीने का समय दिया जाता है।”

हर्षवर्धन ने राजा का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।

वह कई ज्ञानियों, उपदेशकों, संतों, पुजारियों, गृहणियों, नौकरानियों… यहाँ तक कि वेश्याओं के पास भी गया, ताकि यह पता लगा सके कि कोई स्त्री अपने पुरुष से क्या चाहती है?

किसी ने उसे आभूषणों के बारे में बताया, तो किसी ने संतान के बारे में कहा। किसी ने सुंदर घर-परिवार की बात कही, तो किसी ने धन-वैभव आदि के बारे में कहा।

हर्षवर्धन को किसी भी उत्तर से संतुष्टि नहीं हुई।

एक महीने की समयावधि पूरी होने वाली थी; लेकिन हर्षवर्धन की समस्या जस-की-तस बनी हुई थी।

फिर किसी ने हर्षवर्धन को बताया कि दूर किसी देश में एक चुड़ैल रहती है। केवल वही इस प्रश्न का उत्तर दे सकती है; क्योंकि उसके पास हर प्रश्न का उत्तर है।

हर्षवर्धन अपने मित्र सिद्धिराज के साथ उस चुड़ैल से मिलने गया। उससे उसने वही प्रश्न किया।

चुड़ैल बोली, “मैं इस प्रश्न का सही उत्तर दे सकती हूँ; लेकिन तुम्हारे मित्र को मुझसे विवाह करना होगा।”

जैसी कि चुड़ैलें होती हैं, यह चुड़ैल भी बहुत बूढ़ी और कुरूप थी। हर्षवर्धन अपने मित्र के साथ यह अन्याय नहीं करना चाहता था।

लेकिन हर्षवर्धन और उसके राज्य को बचाने के लिए सिद्धिराज ने चुड़ैल से विवाह करने के लिए मंजूरी दे दी। यह विवाह संपन्न हो गया।

फिर चुड़ैल ने हर्षवर्धन को प्रश्न का उत्तर बताया, “कोई भी स्त्री अपने पुरुष से यह चाहती है कि उसे इतनी स्वतंत्रता मिले कि वह अपने निर्णय स्वयं ले सके।”

हर्षवर्धन को यह उत्तर पसंद आया।

हर्षवर्धन ने जीतने वाले राजा को यह उत्तर बता दिया। राजा को भी यह उत्तर पसंद आया, और उसने हर्षवर्धन को मुक्त करके उसका राज्य उसे सौंप दिया।

दूसरी ओर, विवाह की पहली रात को चुड़ैल ने अपने पति सिद्धिराज से कहा, “तुम्हारा मन बहुत शुद्ध है। तुमने अपने मित्र के लिए अभूतपूर्व त्याग किया है। मैं तुम्हें कुछ बताना चाहती हूँ।”

“मैं हर दिन 12 घंटों के लिए इस चुड़ैल के वीभत्स रूप में रहती हूँ और शेष 12 घंटे अनिद्य सुंदरी के रूप में रहती हूँ। तुम मुझे बताओ कि तुम मुझे हमेशा किस रूप में देखना चाहते हो। तुम जो कहोगे मैं वैसा ही करूँगी।”

सिद्धिराज ने कहा, “यह निर्णय लेने का अधिकार तुम्हें ही है प्रिये। मैंने तुम्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया है। तुम वही करो, जो तुम्हें पसंद हो, और मैं तुम्हें वैसे ही चाहूँगा।”

यह सुनते ही चुड़ैल परम सुंदरी के रूप में बदल गई और बोली, “तुमने मुझे निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी; इसलिए अब से मैं हमेशा इसी रूप में सुंदर बनी रहूँगी।”

“वास्तव में मेरा असली रूप यही है। मैंने अपने चारों ओर सदा भद्दे लोगों को ही पाया इसलिए मैंने भी कुरूप चुड़ैल का रूप धर लिया था।” ( हिन्दी जेन से)

कविताः कहाँ हो तुम

  - दीपाली ठाकुर

पत्र, पत्रिकाओं में देखती हूँ 

खबर तुम्हारे आने की

और फिर आतुर, जा पहुँचती हूँ 

अपनी गैलरी में

देखती हूँ, हथेली की ओट बना

मगर पाम की कतारों के बीच

या कहीं अकेला ही खड़ा, 

नही दिखता कोई भी बौराया हुआ पेड़

दिखाई देते हैं केवल फूलों से लदे

कुछ पेड़, मैं इन्ही बेगाने फूलों में 

तलाशने लगती हूँ,

टेसू , पलाश ,अमलतास

मेरी तलाश अब बाहर से 

मेरी गैलरी में सजे 

पॉट्स पर आ टिकी 

एक नजर फिर 

पैलारगोनियम ,जिरियम,

पिटूनिया ,बिगुनिया

पर डालते हुए 

धर देती हूँ हथेली कान पर

इस आस में कि,

सुन लूँ कोयल की कूक ही

और फिर गाड़ी पर सवार

निकल आती हूँ, शहर के बाहर

तुम्हारी तलाश में

कहाँ हो तुम ?

बसन्त

सम्पर्कः B2/38 ‘ठाकुर विला’ रोहिणीपुरम, लोकमान्य सोसायटी, रायपुर ( छ. ग.)

व्यंग्यः पियक्कड़ों की देशसेवा

  - गिरीश पंकज

किसी ने प्रश्न किया : क्या लड़खड़ाते कदमों से भी देश की सेवा हो सकती है?

उत्तर मिला : क्यों नहीं हो सकती। इस तथ्य को जो नहीं समझते, वे बंदे नादान हैं। लड़खड़ाते कदमों से चलने वालों को कमअक्ल लोग शराबी कह कर अपमानित करते हैं। वे इस तथ्य से नावाकिफ है कि लड़खड़ाते कदमों का भारतीय अर्थव्यवस्था में कितना बड़ा योगदान है।

उस दिन हमने देखा, एक पियक्कड़ बंदे के कदम दिन में ही लड़खड़ा रहे थे।  मैं तो उस दिव्य आत्मा को देखकर बड़ा गद्गद हुआ। काहे कि देश की अर्थव्यवस्था के निरन्तर उत्थान में इस जैसे अनेक महापुरुषों का अप्रतिम योगदान है। इन सब का तो सार्वजनिक अभिनंदन होना चाहिए। सरकार को एक विशेष योजना चलानी चाहिए, जिस के तहत जिस किसी के भी कदम दिन-दहाड़े या रात-बिरात लड़खड़ाते दिखें, उनकी अलग से सुरक्षा-व्यवस्था करनी चाहिए; ताकि वे नाली-वाली में न गिर जाएँ। आज उस व्यक्ति के कदम भले ही लड़खड़ा रहे हैं; लेकिन उसके कारण देश आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ रहा है, यह नहीं भूलना चाहिए। हम विश्वास के साथ यह कह सकते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था में पियक्कड़ों का अपना बड़ा योगदान है।

आज देश के अनेक राज्यों की अर्थव्यवस्था शराब की अद्भुत धुरी पर टिकी हुई है। शराबबंदी हो जाए, तो कुछ राज्य बेचारे शायद दिवालिया ही घोषित कर दिए जाएँ। यह तो बेचारी इकलौती शराब ही है, जिसके कारण सरकारों के चेहरों पर शबाब नज़र आता है । बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद। नादान हैं वे लोग, जो बोलते हैं कि शराब बड़ी खराब है। और अब तो सामने होली है। होली की खुशी में लोग छककर शराब पीते हैं। कुछ लोग तो सुबह से ही टुन्न रहते हैं । यह और बात है कि शाम होते-होते वे अकसर दिमागी तौर पर सुन्न भी हो जाते हैं। लेकिन ये महान लोग देश को मजबूत कर रहे हैं। अर्थशास्त्री बताते हैं कि लोग जितनी अधिक शराब पिएँगे, जितने ज्यादा लोगों के कदम लड़खड़ाएँगे, उतनी ही देश में समृद्धि आएगी। और हम देख भी रहे हैं कि कोई भी अति समझदार सरकार शराबबंदी नहीं लागू करना चाहती। पहले सरकारें मूर्ख हुआ करती थीं। वे जनता को अधिक-से-अधिक सब्सिडी देकर लाभ पहुँचाने की कोशिश किया करती थीं ; लेकिन अब इक्कीसवीं सदी में राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार, सभी में होशियारी नहीं डेढ़-होशियारी आ गई है। विश्व बाजार में पेट्रोल की कीमत कम होती है ; लेकिन हमारे यहाँ एक बार जो कीमत चढ़ गई तो वह चढ़ी रहती है। जैसे किसी शराबी के दिमाग में नशा चढ़ा रहता है, उस तरह पेट्रोल की कीमत भी चढ़ी रहती है। शराब से दुखी लोग माँग करते रहते हैं कि शराबबंदी की जाए और सरकार कहती भी है कि हम जल्द करेंगे;  लेकिन यह जल्द कभी जल्द ही नहीं आता। मदिरा अपने हुस्न पर इठलाती हुई अपनी जगह जमी रहती है। पीछे के दरवाजे से सरकार को भी धन्यवाद भी देती है कि तुम्हारे कारण मेरे हुस्न का जलवा जमा हुआ है। सरकार भी एक आँख दबाते हुए कहती है- ''ऐ हुस्न की मलिका! तुम तो अपना काम करो। हमारे जीने-खाने की व्यवस्था तुम्हारे ही भरोसे तो है। अगर हम तुमको ही बंद कर देंगे, तो हमारा क्या होगा।''

तो सरकार और शराब दोनों मिल-जुलकर इस देश को आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण योगदान हर उस आदमी का भी है, जो शराब पीकर लड़खड़ा रहा है । आप कह सकते हैं- " देखिए, वह शराबी है। लड़खड़ा कर चल रहा है।'' लेकिन आप भूल जाते हैं कि उसके लड़खड़ाते कदम देश की अर्थव्यवस्था को लड़खड़ाने नहीं देते।

पिछले दिनों ऐसे ही एक टुन्न सज्जन  सो भेंट हो गई। देश की अर्थव्यवस्था में उनका योगदान है;  इसलिए मैंने उन्हें दूर से नमस्ते किया। फिर पास आकर कहा, ''तुम बहुत शराब पीते हो?"

वह उत्साहित होकर बोला, "हाँ,पीता हूँ।  आइए न, आप भी बैठ जाइए। एक से भले दो।"

मैंने हाथ जोड़ कर ज़वाब दिया,  ''बंधु, मैं तुम्हारी तरह महान नहीं हूँ।  मैं राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान नहीं कर पा रहा हूँ;  क्योंकि मैं दूध से काम चला लेता हूँ। कहाँ शराब और कहाँ दूध।"

शराबी ने मुझे हिकारतभरी नज़रों से देखते हुए कहा, "इतने बड़े हो गए हो और अभी तक दूध पीते बच्चे हो? शर्म नहीं आती । हमको देखो, हमने दूध पीना कब का छोड़ दिया है, शराफत की तरह। अब तो सुबह और शाम भर लेते हैं जाम, और सबको देते हैं यही पैगाम कि शराब पीकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करें। मुझे अपने आप पर गर्व है कि रोज एक -दो बोतल खरीदकर सरकार के खजाने को समृद्ध करता हूँ। आप भी देश को मजबूत करें न! एक से भले दो!"

उसने मेरा हाथ पकड़ लिया और पैग  बनाने लगा। बड़ी मुश्किल से उसकी चंगुल से छूटकर निकल भागा। वैसे बंदे की बात में दम तो है। भले ही पियक्कड़ों के कदम लड़खड़ाते हों, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था को वे मजबूती के साथ सँभाल रहे हैं, इसमें दो राय नहीं।

कहानीः मुलाकात

  - जूही 

युक्ता बार - बार खिड़की तक जाती और पर्दों के बीच एक छेद बना, बाहर देख लौट आती। जब यह क्रम उसने कई बार दोहरा लिया, तो एक ठंडी गहरी साँस उसके मुख से निकली और वह हताशा से भर कमरे में रखे दीवान पर पसर गई। कमरे की हवा जो पहले से ही बोझिल थी, अब एक नई उत्तेजना से भर गई। 

उसने अपने गले से दुपट्टा हटाया और कुछ यूँ ज़मीन पर फेंका, जैसे वह दुपट्टा न होकर उस प्रतीक्षा के क्षण हों, जिनमें वह जकड़ी है। अब उसकी नज़र खिड़की से हटकर घड़ी पर आ टिकी थी और मन ही मन कोफ्त हो रही थी कि वह समय से पहले क्यों तैयार हो गई। यूँ तैयार होने में भी उसे बहुत वक़्त लगा था और काफी सोचने के बाद उसने वार्ड रोब से एक सादा पीला सूट निकाला था। काफी देर तक वह हिसाब करती रही थी की पिछली मुलाकात और इस मुलाकात के बीच वह कितनी बदली थी। बाहर से, और भीतर से भी। पर इतनी जद्दोजहद के बाद भी वह समय से पहले तैयार थी। 

ज़िन्दगी में ऐसी कई चीज़ें थी जिनसे उसे सख्त नफरत है, और यूँ इंतज़ार करना भी कुछ समय से उस फेहरिस्त में शामिल हो गया था। अब वह उन लोगों में से नहीं थी, जिन्हें इंतज़ार करना अपनी नियति का हिस्सा लगता है, जिन्हें प्रतीक्षा में सुख मिलता है। इंतज़ार के समय को वह सोचने का समय कहने लगी थी और अकसर इस दौरान उन कामों को याद करने लगती, जो उसे करने थे। बाज़ार से सामान लाना था, बाथरूम में हो रही लीक की मरम्मत करवानी थी, कुछ पेपर थे - जिन्हें साइन करना था - जैसे मन ही मन इन कामों को याद कर वह खुद को याद दिला रही हो कि वह भी कुछ है, ज़रूरी है, व्यस्त है, आत्म निर्भर है। किसी भी चीज़ या बात के लिए इंतज़ार करना जैसे उसका अपना बड़प्पन है और वह एक झटके में किसी अन्य विकल्प को चुन इंतज़ार की डोर को तोड़ सकती है। और जब वह संतुष्ट हो जाती कि करने लायक कामों की काफी संख्या हो चुकी है, फिर उसे इंतज़ार का विकल्प सिर्फ एक ऐसा विकल्प मात्र लगता, जो उसने स्वयं चुना हो। पर उसने आखिरी बार कोई चीज़ चुनी ही कब थी? या कब  उसने इंतज़ार नहीं किया था? सवाल के जवाब में अपने सनकीपन पर पहले उसे खीज हुई और फिर बेतहाशा हँसी आई। वह सोचते अवश्य बहुत दूर निकल जाती कि घंटी बज पड़ी। निकलने के समय से कुछ पंद्रह मिनट पहले।

 उसे राहत हुई और अपने फेंके हुए दुपट्टे को उठा गले पर सजा लिया। एक बार शीशे में खुद को देखा और दरवाजे की तरफ बढ़ चली। 

“मुझे लगा ही था तुम तैयार हो गई होगी, इसलिए जल्दी चला आया।”

“हाँ, तैयार हुए भी कुछ देर हो गई। पर मैंने तुमसे कहा था कि मैं चली जाऊँगी, तुमने  ख्वाहमख्वाह  तकलीफ की।”

“तुम जानती हो मुझे कोई तकलीफ नहीं। और यह भी जानती हो कि मैं आने वाला था। खैर छोड़ो! मैं नीचे गाड़ी में हूँ।”

उसने धीमे से सर हिला दिया। वह जानती थी कुछ और कहना बेमानी होता। सालों की दोस्ती को यूँ लाग लपेट में तौलना उनके रिश्ते को मैला कर देता। 

गाड़ी में एक पुरानी ग़ज़ल चल रही थी। उन दोनों के बीच की चुप्पी उन पर तारी नहीं थी, न ही कभी होती थी। फिर भी बहुत से सवाल थे, जो अभय पूछना चाहता था, इसलिए चुप्पी को भेदना आवश्यक हो गया। पर बातों का कोई सिरा उसके हाथ नहीं लग रहा था, वह कुछ कहता - “हाँ, माँ का फ़ोन आया था। कह रही थी की आज तो कुछ बन पड़े। सुलह कर लो।”

“फिर तुमने क्या कहा ?”

“वही, जो मैं हर बार कहती हूँ। मैं कोशिश करूँगी।”

“देखो, मुझे पता है आंटी यह क्यों कह रही हैं और गलती उनकी भी नहीं है। दीदी भी यही कह रही थी। तुम उन्हें साफ़- साफ बताती क्यों नहीं कि तुम उसे कितने चांस दे चुकी हो? उसके साथ खुद को कितने चांस दे चुकी हो?”

सवाल सुनकर उसे लगा जैसे वह ठिठक गई है। गाड़ी ठिठक गई है। पर अफ़सोस दोनों चल रहे थे, पूरे  वेग से चल रहे थे। कितनी पेचीदा बात है, किसी के हिस्से बस सवाल आते हैं और किसी के हिस्से बस जवाब। और कोई उनमें कितने ही गोते लगाए , सवाल का अधिकारी, जवाब तक नहीं पहुँचता और जवाब का अधिकारी सवाल तक। 

चांस। वह गिनने लगी। माफियाँ, मिन्नतें जैसे ट्रेन के इंजन से लगे डिब्बों की तरह गिनती में खुद शुमार हो गए। फिर आया अपमान, डर, शक, जबरदस्ती, घृणा…। हिसाब की लकीरें उसके हाथों से एकाएक फिसल गई और खाने आपस में मिल गए। और उसके सामने जैसे रह गया एक लाल धब्बा। धब्बे ने आकार में बढ़ते हुए चारों तरफ से उसे घेर लिया। 

अभय को एहसास हो गया कि उसके सवाल ने बीते हुए के खुरंड को कुरेद दिया है। उसने बात बदली और बोला -“वह घबरा  रही थी, पर उसके घर पर बात कर ली है। और इसका श्रेय तुम्हें जाता है।”

“क्या कहा उसके घरवालों ने?”

“शादी के लिए राज़ी हो गए हैं। हम दोनों को एक्सेप्ट कर लिया है उन्होंने।” 

यह सुन एक हलकी मुस्कराहट युक्ता के चेहरे पर फ़ैल गई और वह उसका हाथ सहलाते हुए बोली- “मैं तुम्हारे लिए बहुत खुश हूँ – तुम दोनों के लिए बहुत खुश हूँ।”

ग़ज़ल के बोल कुछ यूँ चल रहे थे-

‘लेकर चले थे हम जिन्हें, जन्नत के ख्वाब थे

फूलों के ख्वाब थे , वो मोहब्बत के ख्वाब थे।’

दोनों ही इसे साथ गुनगुनाने लगे। इम्पीरियल पहुँचने पर भी दोनों ने ग़ज़ल ख़त्म होने तक इसे गुनगुनाना नहीं छोड़ा। दोनों अपनी - अपनी निजी परिस्थितियों से परे एक दूसरे के सुख- दुःख में रमे थे। 

 “जब लेने आना हो, तुम फ़ोन कर देना।”

“नहीं, क्या पता कितनी देर हो जाए। तुम चिंता मत करो, मैं चली जाऊँगी।”

दोनों ने विदा ली, और एक दूसरे को दुआएँ देते रहे। और युक्ता को महसूस हुआ कि दुनिया की सबसे सुखद अनुभूतियों में शामिल है इस बात का एहसास की दुनिया में ऐसा भी एक इनसान है, जो आपका ख्याल करता है। 

इम्पीरियल  के सामने काफी भीड़ थी, पर क्योंकि उसका रिजर्वेशन पहले से था; इसलिए वह सीधे अन्दर चली गई। घड़ी देखी तो ठीक वही वक़्त हुआ था जो मिलने के लिए निर्धारित किया गया था। 

हालाँकि विक्रम को वहाँ न पाकर उसे कोई अचरज नहीं हुआ, और बैरे ने जो टेबल दिखाई वह वहाँ बैठ गई। 

पास वाली टेबल पर एक जोड़ा बैठा था। दोनों को देख लगा जैसे लंबे समय से एक दूसरे को जानते हैं, और नई - नई  शादी हुई है। लड़की के चूड़े का रंग – उसकी ड्रेस से मेल खता था, और कंट्रास्ट में लड़के ने काला रंग पहना था। दोनों बहुत गहराई से एक दूसरे को सुन रहे थे।

सामने वाली टेबल पर एक बच्ची और उसके माता पिता बैठे थे। वह किसी बात पर खिलखिला रही थी और उन दोनों के हाथों पर अपना हाथ रख शायद कुछ नाप तौल कर रही थी।

आसपास की रौनक ने युक्ता के खोखलेपन को और खुरदरा कर दिया। कुछ शब्द उसके आगे तैरने लगे- “सुलह कर लो” , “बच्चा कर लो”, “पति पत्नी में यह बातें चलती रहती हैं। ”                                                                        

यह सब बातें अब उसे यूँ जान पड़ी, जैसे वह एक मृता हो, और उसे कब्र से जगाके कहा जा रहा हो- उठो और अपने कातिल से सुलह कर लो।

उसने घड़ी की और देखा। आधा घंटा हो चला था। इंतज़ार की डोर काटनी थी। उसने बैरे को बुलाया और मिमोसा (शराब) व सिज्ज्लर का आर्डर दे दिया। बैरे ने उसे हैरत भरी निगाहों से देखा, हालाँकि उसे अब इसकी आदत हो गई थी। जिस समाज के नाम से उसे डराया जाता था, यूँ उस समाज को मौका लगने पर जीभ दिखाने में अब उसे एक सुकून मिलने लगा था।

खाना आने के बाद उसने फिर वह मेसेज पढ़ा, जो उसके सवाल के जवाब में आया था – “बस पहुँच रहा हूँ।”

कहीं पहुँचने में कभी इतनी देर क्यों हो जाती है? और कभी चलते- चलते भी मंजिल क्यों हर कदम पर नजदीक आने की जगह दूर फिसलती हुई नज़र आती है?

“ क्योंकि जहाँ हम जाना चाहते हैं, वह जगह हमारे लिए बनी ही नहीं होती।”

उसने औचक हैरानी से सामने देखा, उसकी साथ वाली कुर्सी पर एक अधेड़ उम्र की स्त्री आ बैठी थी, स्त्री का चेहरा उसे कुछ - पहचाना लगा, पर बहुत याद करने पर भी यह समझ नहीं आया कि उसने उसे कहाँ देखा है। 

“माफ कीजिएगा, मैं यहाँ आकर बैठ गई और बड़बड़ाने लगी। दरअसल, बाकी सभी चेयर भरी हुई हैं, और मुझे किसी का इंतज़ार है।”

अगर स्त्री के सफ़ेद बाल न झाँक रहे होते, तो शायद वह उसकी उम्र का अनुमान न लगा पाती। उसके चेहरे पर एक नूर था, और उसकी सादी पीली साड़ी भी उस पर खूब जँच रही थी। 

“आप ज़रूर यहाँ बैठिए, मैं भी किसी का इंतज़ार ही कर रही हूँ।”

“फिर तो हम काफी कुछ एक जैसे ही हैं! आप किसका इंतज़ार कर रही हैं?”

उनका सवाल किसी ताकझाँक वाले शूल की तरह चुभा नहीं; बल्कि उसमें एक ऐसी आत्मीयता का बोध था, जो बोझ नहीं लगती। 

“जी मेरे पति का। हमारी शादी को चार साल हुए हैं। पर हम कुछ समय से अलग रह रहे हैं और रिश्ता बचाने के लिए महीने में दो बार मिलते हैं।”

“लेकिन जब हम साथ थे, तब भी सभी कुछ यूँ था जैसे हम दोनों पुल के अलग-   अलग छोर पर खड़े हों। और वह मुझे अपनी तरफ पुकारते हों। मैं उनकी बात मान उनकी तरफ भागती तो होऊँ: पर फिर भी हमारे बीच का वह पुल लम्बा होता चला जाता हो। मेरे लाख प्रयासों के बाद भी हमारी बनती नहीं है, बल्कि हर प्रयास के बाद जैसे रिश्ते में एक बल और पड़ जाता है। हमारे सम्बन्ध में सब कुछ ब्लैक एंड वाइट रहा है। सिर्फ मेरे इसे बदलने के लिए किए गए हर प्रयत्न को छोड़कर – जो हमेशा ग्रे (एरिया) रहा है।”

वह मिमोसा की सिप लेती हुई बोलती जा रही थी-“मैं पहले शराब नहीं पीती थी; पर इन्हें यह बात खटकती। यह कहते -हम मॉडर्न सोसाइटी में रहते हैं – यहाँ सब पति- पत्नी एक साथ पीते हैं। क्या तुम मेरे लिए इतना नहीं कर सकती? इनका मन रखने के लिए मैंने पीना शुरू किया; पर इनकी सख्त हिदायत थी कि जब मैं कहूँ और साथ रहूँ , सिर्फ तब ही तुम्हें ड्रिंक लेनी है। जैसे मॉडर्न सोसाइटी सिर्फ अपनी बात मनवाने के लिए दिया गया एक ढकोसला हो, और बस इस बात पर टिकी हो कि लोग हमें साथ पीते हुए देखें। कितनी दफा हम किसी महफ़िल में जाते और आने के बाद यह मुझसे शिकायत करते की तुम लोगों से घुलती मिलती क्यों नहीं हो? मैं अपने से परे जाकर लोगों से बात करती, तो कहते की तुम्हें क्या शर्म नहीं आती या शौक चढ़ा है गैर मर्दों से बाते करने का? मेरे ऑफिस को यह मजाक समझते और हर प्रमोशन पर मुझे यह दिखलाते कि मैं इनसे कमतर हूँ और हमेशा रहूँगी। मेरे बनाए खाने से लेकर, मेरे सोचने के ढंग तक हर बात में इन्हें कोई नुक्स नज़र आता; पर फिर भी, वह जिस रूप में मुझे ढालना चाहते, मैं उस रूप में ढलती रही; हालाँकि वह मुझसे संतुष्ट कभी न होते। देखने वालों को लगता कि गलती मेरी है, मेरे अपने घरवालों को लगता है कि गलती मेरी है; इसलिए मैं कोशिश करती हूँ…। पुरजोर कोशिश कि सब कुछ ठीक कर दूँ।

पर…। पर कभी अकेले में – कभी अँधेरे में, मैं सोचती हूँ की क्या इस रिश्ते का अंत कर देना चाहिए…। यूँ उसने अपनी बात पहले कभी नहीं रखी थी। वह थककर स्त्री को देखने लगी। यह थकान बीते कुछ मिनटों की थी या बीते कुछ सालों की यह तय कर पाना उसके लिए मुश्किल हो गया। स्त्री ने उसकी आँखों में झाँका और धीरे से कहा-“पर क्या तुम्हें नहीं लगता की असल में इस रिश्ते का अंत बहुत पहले ही हो चुका है।  इसे बचाने की हर कोशिश केवल छल मात्र है।”

उसकी आँखें भर आईं, और उसने उन्हें भींच लिया। उसके भीतर, कहीं बहुत भीतर दफना सच, जिस से वह बचती रही थी, सी ने यूँ पढ़ लिया था जैसे वह हाड़- मास से बने इनसान की जगह पूर्ण रूप से पारदर्शी हो। वह सच जो भीतर से उसे झकझोरता रहा था अब हवा के हर कण में फैल गया। उसका अपना आप जैसे एक धब्बे से बाहर निकल आया था।

उसने आँखें खोलीं, तो वह स्त्री कहीं दिखाई न दी।। उसने बैरे को बुलाया और पूछा कि उसने साथ जो स्त्री बैठी थी, वह कहाँ गई? 

“मगर आपके साथ तो कोई महिला नहीं थी।”

उसने एक ठंडी आह भरी। और बैरे से कहा की वह बिल ले आए। 

और वह मेसेज टाइप करके विक्रम को भेजा, जो वह लिख के कई बार मिटा चुकी है – “इट्स ओवर”

Email - juhiwrites1@gmail.com