मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 1, 2024

हाइकुः हवा बातूनी

  -  डॉ. कुँवर दिनेश सिंह








1

अकेला पेड़

घर की दीवार से

सटा है पेड़

2

नन्हा- सा सोता

बीहड़ जंगल में

एकल रोता

3

तारों का मेला

रात है जगमग

चाँद अकेला

4

नार अकेली

छेड़ती बार- बार

हवा सहेली

5

डगर सूनी

जी बहलाने आई

हवा बातूनी

6.

अँधेरा हटे -

क्षितिज की भट्टी में

सूरज पके!

7.

पौ फटते ही

पूर्वी क्षितिज पर -

लपटें उठीं!

8.

आग भोर की

देवदारों से छने -

स्फुलिंग कई!

9.

सूरज उगे

नभ- कैनवास पे

दिन उकेरे!

10.

लाल विहाग!

सूर्य की जिजीविषा -

आग ही आग!


स्मरणः रोहिणी गोडबोले - लीलावती की एक बेटी

  - अरविन्द गुप्ता 

रोहिणी गोडबोले का जन्म 1952 में पुणे के एक मध्यम वर्गीय महाराष्ट्रीयन परिवार में हुआ था। उनके प्रगतिशील परिवार में बौद्धिक गतिविधियों को हमेशा प्रोत्साहित किया जाता था। स्वयं उनकी मां ने तीन बेटियों के जन्म के बाद बी.ए. और एम.ए. किया और फिर बी.एड. करने के बाद पुणे के प्रतिष्ठित हुज़ूरपागा हाई स्कूल (स्थापना 1884) में बतौर शिक्षक अपना कैरियर शुरू किया। उनके दादाजी ने मैट्रिकुलेशन से पहले अपनी बेटियों की शादी नहीं कराने का फैसला किया था। ज़ाहिर है, उनका परिवार लड़कियों के कैरियर को प्रोत्साहित करता था। रोहिणी की तीन बहनों में से एक डॉक्टर और बाकी दो विज्ञान शिक्षिका बनीं।

वैज्ञानिक बनना एक कैरियर विकल्प हो सकता है, यह विचार रोहिणी के दिमाग में काफी बाद में आया था। ऐसा शायद इसलिए हुआ; क्योंकि उनकी कन्या शाला में सातवीं कक्षा तक केवल गृह-विज्ञान ही पढ़ाया जाता था। सातवीं कक्षा में राज्य प्रतिभा छात्रवृत्ति के लिए तैयारी करते समय उन्होंने पहली बार भौतिकी, जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान का अध्ययन किया और वह भी अपने दम पर। वे यह छात्रवृत्ति पाने वाली अपने स्कूल की पहली छात्रा थीं। 

फिर उन्होंने विज्ञान पत्रिकाएँ पढ़ना, विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में भाग लेना और पाठ्यपुस्तकों के बाहर की चीज़ें सीखना शुरू कीं। एक दिन उनकी बड़ी बहन नेशनल साइंस टैलेंट स्कालरशिप का एक पर्चा लेकर घर आई। उस छात्रवृत्ति की पहली शर्त यह थी कि विजेता को मूल विज्ञान का अध्ययन करना ज़रूरी होता था। इस छात्रवृत्ति की वजह से ही वे अपनी गर्मियों की छुट्टियाँ  (एस. पी. कॉलेज, पुणे से भौतिकी में बीएससी करते हुए) आईआईटी दिल्ली और आईआईटी कानपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में बिता पाई थीं। 

उन्होंने बीएससी पूरी की और विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। तब उन्हें बैंक ऑफ महाराष्ट्र से नौकरी का एक प्रस्ताव मिला, जिसमें उन्हें लगभग उतना ही वेतन मिलता, जितना उस समय उनके पिता कमाते थे। वैसा ही आलम आज आई.टी. क्षेत्र द्वारा दिए जाने वाले वेतन का भी है, जो युवाओं को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में जाने से रोकता है!! उन्होंने अनुसंधान की ओर पहला कदम तब उठाया, जब वे आईआईटी मुंबई से एमएससी कर रही थीं। वहाँ के कई प्रोफेसरों ने उन्हें किताबों से परे देखना और अपने सवालों के जवाब खुद खोजना सिखाया। जब वे  एम .एससी.  के दूसरे वर्ष में थीं, उस समय अमेरिकन युनिवर्सिटी विमेंस एसोसिएशन ने अमरीका में अध्ययन करने वाली छात्राओं के लिए एक छात्रवृत्ति की घोषणा की। उस छात्रवृत्ति को पाने के लिए किसी अमेरिकी विश्वविद्यालय में दाखिला लेना ज़रूरी था। उन्होंने पार्टिकल-फिज़िक्स में शोध करने के लिए स्टोनीब्रुक विश्वविद्यालय में दाखिला लिया।

अपनी पीएच. डी. पूरी करने के बाद वे भारत लौटीं। हालाँकि उन्हें युरोप में पोस्ट-डॉक्टरल शोध के लिए नौकरी का प्रस्ताव मिला था, लेकिन विदेश में पांच साल बिताने के बाद वे घर लौटना चाहती थीं। अगर उन्होंने युरोप में आगे पढ़ाई की होती, तो शायद उनकी ज़िंदगी बिल्कुल अलग मोड़ ले लेती। 

बहरहाल, उन्हें अपने निर्णय का कोई मलाल नहीं हुआ। पीएच. डी. के बाद उन्होंने मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च में तीन सफल वर्ष बिताए और फिर मुंबई विश्वविद्यालय में व्याख्याता के रूप में पढ़ाना शुरू किया। टाटा इंस्टीट्यूट में उनके सभी वरिष्ठ साथियों को लगा कि व्याख्याता का पद स्वीकार करने से उनका शोधकार्य समाप्त हो जाएगा। यह भारत में शोध संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच के व्यापक अंतर को दर्शाता है। 

इसका पहला अनुभव उन्हें तब हुआ जब उन्होंने विश्वविद्यालय में मकान पाने के लिए आवेदन किया। जहाँ टाटा इंस्टीट्यूट में शामिल होने के तुरंत बाद ही उन्हें मकान मिल गया था, वहीं मुंबई विश्वविद्यालय में उन्हें तमाम बेतुके सवालों के जवाब देने पड़े; जैसे कि क्या वे शादीशुदा हैं, उनके माता-पिता कहाँ रहते हैं वगैरह, वगैरह। 

वे पार्टिकल फिज़िक्स में अपने पूर्व सहयोगियों और टाटा इंस्टीट्यूट के शोध छात्रों के सहयोग से अपना शोध कार्य जारी रख पाईं।

1995 में उन्होंने इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस, बैंगलोर में शोधकार्य और अध्यापन शुरू किया। उन्होंने हाई एनर्जी फिज़िक्स के क्षेत्र में काम किया और उस क्षेत्र में काफी प्रसिद्धि भी कमाई। उन्होंने जिनेवा स्थित प्रयोगशाला सर्न के लार्ज हेड्रॉन कोलाइडर में भौतिकी के सैद्धांतिक पहलुओं पर काम किया। जब उनकी और उनके एक युवा जर्मन सहकर्मी द्वारा की गई भविष्यवाणी सच निकली, तो लोगों ने उसे ‘ड्रीस-गोडबोले प्रभाव' नाम दिया। उसके बाद उन्हें तमाम पुरस्कार और सम्मान मिले। अलबत्ता, उनका सबसे प्रिय पुरस्कार आईआईटी बॉम्बे का डिस्टिंग्विश्ड एलम्नस अवार्ड था। इस पुरस्कार को पाने वाली पहली महिला होना उनके लिए विशेष रूप से संतोषजनक था। 2019 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से नवाज़ा।

इस दौरान उन्होंने एक जर्मन सहकर्मी के साथ 12 वर्षों तक वैवाहिक जीवन भी जीया हालांकि दो अलग-अलग महाद्वीपों में रहते हुए। लेकिन दोनों ने तब तक बच्चे न पैदा करने का फैसला किया जब तक कि दोनों को एक जगह नौकरी नहीं मिल जाती।

लड़कियों और युवा महिलाओं की विज्ञान और अनुसंधान में रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने में मदद करना उन्हें अपनी एक अहम ज़िम्मेदारी महसूस होती थी। इसके तहत उन्होंने 100 भारतीय महिला वैज्ञानिकों को उनके बचपन, उनकी विज्ञान यात्रा, उनके अनुभवों और संघर्षों को लिखने के लिए आमंत्रित किया। 2008 में ये संस्मरण लीलावती'स डॉटर्स (Leelavati's Daughters) नामक पुस्तक के रूप में प्रकाशित हुए। यह एक नायाब पुस्तक है। पहली बार अदृश्य भारतीय महिला वैज्ञानिकों की अनूठी कहानियाँ  लोगों को पढ़ने को मिलीं। इस पुस्तक का संपादन प्रो. रोहिणी गोडबोले और प्रो. रामकृष्ण रामस्वामी ने मिलकर किया और इसको इंडियन एकेडमी ऑफ साइंसेज़, बैंगलोर ने प्रकाशित किया। इस अनूठी पुस्तक के कुछ अध्यायों के अनुवाद भी हुए और वे हिंदी में एकलव्य द्वारा प्रकाशित पत्रिका शैक्षणिक संदर्भ, और मराठी के प्रतिष्ठित अखबार लोकसत्ता में प्रकाशित हुए।

प्रो. रोहिणी गोडबोले से मिलने के मुझे कई अवसर मिले। उनके अकस्मात् निधन से एक शून्य पैदा हुआ है। उनकी अनूठी पुस्तक लीलावती'स डॉटर्स का सभी भारतीय भाषाओं में अनुवाद हो, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। (स्रोत फीचर्स)

लघुकथाः 1.नागरिक, 2. हैड एंड टेल, 3.अंन्ततः

  - सुकेश साहनी

1. नागरिक

‘‘क्या हुआ,बेटी?’’ बूढ़ी आँखों में हैरानी थी।

‘‘कैसी अजीब आवाजें निकाल रहे हैं,’’ बहू ने तिनमिनाकर कहा, ‘‘गुड़िया डरकर रोने लगी है, कितनी मुश्किल से सुलाया था उसको!’’

‘‘अच्छा!’’ उन्हें हैरानी हुई, ‘‘नींद में पता ही नहीं चला, ऐसा पहले तो कभी नहीं हुआ!’’ पैर में बँधे ट्रेक्शन की वजह से वह खुद को बहुत असहाय पा रहे थे। उन्हें गाँव की खुली हवा में साँस लेने की आदत थी। महानगरों के डिब्बेनुमा मकानों में उनका दम घुटता था। पिछले दिनों गाँव में हैडपम्प पर नहाते हुए उनका पैर फिसल गया था और कुल्हे की हड्डी टूट गई थी। खबर मिलने पर बेटा उन्हें इलाज के लिए शहर ले आया था। डाक्टरों की राय थी कि आपरेशन कर दिया जाए, ताकि वे जल्दी ही चलने फिरने लगे। दूसरे विकल्प के रूप में ट्रेक्शन था, जिसमें छह महीने तक एक ही पोजीशन में लेटे रहने के बावजूद इस उम्र में हड्डी जुड़ने की संभावना काफी कम थी, बेड सोल और पेट संबंधी विकारों का खतरा अलग से था। सभी बातों पर गौर करने के बाद बेटे ने आपरेशन कराने का फैसला किया, तो बहू ने रौद्र रूप धारण कर लिया था, ‘‘अपनी सारी बचत इनके इलाज पर लगा दोगे, तो गुड़िया की शादी पर किससे भीख माँगोगे? पड़े–पड़े जुड़ जाएगी इनकी हड्डी, फिर जल्दी ठीक होकर इन्हें कौन- सा खेतों में हल चलाना है।’’

अंतत: उनके पैर में ट्रेक्शन बाँध दिया गया था।

सोचते–सोचते फिर उनकी आँख लग गई और वे जोर–जोर से खर्राटे लेने लगे। ‘‘हे भगवान!’’ बिस्तर पर करवटें बदलते हुए बहू भुनभुनाई।

‘‘उधर ध्यान मत दो, सोने की कोशिश करो।’’ पति ने सलाह दी।

‘‘दिन भर काम में खटते रहो,’’ वह बड़बड़ाई, ‘‘जब दो घड़ी आराम का समय होता है, तो ये शुरू हो जाते हैं। कुछ करो, नहीं तो मैं पागल हो जाऊँगी।’’

झल्लाकर वह उठा, दनदनाता हुआ वह पिता के पास पहुँचा और उन्हें झकझोर कर उठा दिया।

बेटे की इस अप्रत्याशित हरकत से वे भौंचक्के रह गए। ट्रेक्शन लगे पैर में कूल्हे के पास असहनीय पीड़ा हुई और उनके मुख से चीख निकल गई।

‘‘खर्राटे लेना बंद कीजिए,’’ पीड़ा से विकृत उनके चेहरे की परवाह किए बिना वह चिल्लाया, ‘‘आपकी वजह से घर में सबकी नींद हराम हो गई है।’’

बेटे से ऐसे व्यवहार की वे कल्पना भी नहीं कर सकते थे। थोड़ी देर तक उनकी समझ में कुछ नहीं आया, पर सच्चाई का आभास होते ही उनकी आँखें ही नहीं पूरा शरीर डब- डब करने लगा। आँखों की कोरों से कुछ आँसू निकले और दाढ़ी में गुम हो गए।

उस रात फिर उनके खर्राटे किसी को सुनाई नहीं दिए। सुबह उनका शरीर बिस्तर पर निश्चल पड़ा था। फटी–फटी चुनौती–सी देती आँखें छत पर टिकी हुई थीं।

पिता के दाह–संस्कार के बाद मृत्यु पंजीयन रजिस्टर में शहरी बेटे ने मृत्यु का कारण लिखाया–ओल्ड ऐज।

2. हैड एंड टेल 

हम ख़ुशी से उछल पड़े, टॉस हमारे पक्ष में गया था। अब उन दो रास्तों में से किसी एक को हम चुन सकते थे।

पहला रास्ता बहुत ही बीहड़ था, उस पर चलते हुए हमें आग उगलते सूरज का सामना करना पड़ता जबकि दूसरा रास्ता समतल, साफ-सुथरा था, उसके दोनों ओर घने पेड़ों की छाया थी। उस पर चलते हुए सूर्य की ओर हमारी पीठ रहनी थी।

हमने दूसरा रास्ता चुना।

हम बेफिक्र थे। टॉस ने हमारा काम आसान कर दिया था। हमने पलक झपकते ही निर्धारित दूरी तय कर ली थी। लेकिन लक्ष्य पर पहुँचते ही हमें शॉक-सा लगा, हमारी ख़ुशी काफूर हो गई।

प्रतिद्वंद्वी टीम उस दुर्गम रास्ते से चलकर हमसे पहले ही वहाँ पहुँच कर जश्न मना रही थी। वे पसीने से तर बतर थे। श्रम की आँच से उनके चेहरे दमक रहे थे।

हमारे चेहरे बुझ गए थे। हमारे पास अपनी लम्बी होती परछाइयों के सिवा कुछ भी नहीं था।

3. अन्तत: 

"आज दफ्तर नहीं जाना हैं क्या?"

"तुम्हें दफ्तर की पड़ी है..." श्यामलाल झुँझलाकर पत्नी से बोले, "दो महीने बाद जब मैं रिटायर कर दिया जाऊँगा, तब तुम्हें आटे-दाल का भाव मालूम पड़ेगा। आज मैं ऑफिस न जाकर सेवा-मुक्ति के विरुद्ध अपने प्रत्यावेदन को अंतिम रूप दूँगा..."

"क्यों नाहक अपना खून जलाते हो, ..." पत्नी ने कहा, "अकेले तुम्हीं तो रिटायर होने नहीं जा रहे।"

"जब तुम्हारे दिमाग में भूसा भरा है तो क्यों हर मामले में अपनी टाँग अड़ाती हो?" श्यामलाल ने कुढ़कर जलती हुई आँखों से पत्नी को घूरा, "सारे कायदे-कानून हमारे लिए ही तो बने हैं। अवतार सिंह को ही ले लो, उसने शासन में अपनी ऐसी गोट फिट कर रखी है कि साठ साल की सेवा के बाद एक-एक साल के दो एक्सटेंशन ले चुका है। इन राजनीतिज्ञों को देख लो...इनके सेवा काल में उम्र कहीं आड़े नहीं आती। तुम्हें मेरी क्षमता का अभी कोई अंदाजा नहीं है, मैं आज भी तीन-चार आदमियों का काम अकेले कर सकता हूँ। आजकल के एम.ए. पास छोकरे मेरे आगे पानी भरते हैं- श्यामलाल जी यह बता दीजिए, यह एप्लीकेशन जाँच दीजिए... इस पत्र का जवाब बनवा दीजिए.। और मुझे ही रिटायर किया जा रहा है। मैं कल हर हालत में निदेशक को अपना प्रत्यावेदन भेज दूँगा।" थोड़ा रुककर बोले, "अच्छा-खासा लिखने का मूड था, तुमने चौपट करके रख दिया। थैला लाओ, ...पहले बाज़ार से सामान ले आता हूँ।"

इस बार पत्नी कुछ नहीं बोली। उसने चुपचाप थैला उन्हें थमा दिया। रोज़गार कार्यालय के सामने से लौटते हुए श्यामलाल ठिठक गए। उन्होंने हैरानी से देखा...परेशान-से इधर-उधर घूमते पच्चीस-तीस वर्षीय बूढ़े युवक-युवतियाँ ...चश्मों के मोटे-मोटे शीशों के पीछे सोचती हुई उदास आँखें...न जाने कितनी चलती-फिरती लाशें। उन बेरोज़गार युवक-युवतियों की भीड़ को एकटक देखते हुए श्यामलाल गहरी सोच में डूब गए।

सीटी की आवाज़ से श्यामलाल की पत्नी चौंक पड़ी। इस तरह की सीटी जवानी के दिनों में श्यामलाल बजाया करते थे। उसे लगा तीस साल पहले वाले जवान श्यामलाल ने घर में प्रवेश किया है। उन्होंने सामान का थैला पत्नी को दिया और मुस्कराकर बोले, "एक प्याला गर्म-गर्म चाय तो पिलाओ।" कहकर वह आरामकुर्सी पर पसर गए। अगले ही क्षण वह अपने विदाई समारोह की कल्पनाओं में खो गए थे।

लघुकथाः खाली-खाली भरा-सा

  - प्रगति गुप्ता

कृष्णा पति के अंत्येष्टि-कर्म पूर्ण होते ही बेटों को विदेश जाते देखती रही। दोनों बेटे माँ को जल्द ही अपने पास ले जाने की सांत्वना देकर चले गए। वे सालोसाल से विदेश में थे। उनका लगाव हमेशा माँ-बाप के साथ खानापूर्ति-सा ही था। 

भाइयों के जाने के बाद बेटी चंदा ने कहा-"माँ! अब आपको अकेले नहीं रहने दूंगी। मेरे पास चलकर रहिए।"

चंदा की बात सुनकर कृष्णा बोली-"बेटा! मेरा आखिरी समय इसी घर में आए , तो अच्छा है।... तेरे घर पर मुझे कुछ हुआ , तो तेरे अपने ही कहेंगे, माँ से कुछ चाहिए होगा, तभी अपने साथ ले गई। तुम इसी शहर में रहती हो, मेरे पास आती-जाती रहना।"

संयुक्त परिवार की राजनीति झेलने वाली कृष्णा बहुत व्यवहारिक हो गई थी। पति का ‘ब्लड इस थिक्कर देन वाटर’ की दुहाई देकर अपने घरवालों को हमेशा सही ठहराना, वह कभी नहीं भूल पाई। उसने अपनी पीड़ाओं को डायरी में सहेजकर, बस कर्तव्यों को संभाला था। 

मुश्किल से पाँच-छह महीने गुजर होंगे, कृष्णा को खाँसी के साथ साँस लेने की तकलीफ़  बढ़ती गई। चंदा ने ही अस्पतालों के चक्कर लगा-लगाकर उसकी सभी जाँचें करवाईं। फेफड़ों के कैंसर की आखिरी स्टेज निकली। इलाज शुरू होने के बावजूद, उसके हालत बिगड़ते गए। उसने स्वयं को मृत्यु के लिए तैयार कर लिया था। बेटे भी सपरिवार पहुँच गए। एक दिन सभी को बुलाकर, उसने जेवर का डिब्बा सबके हिस्से का सामान देने के लिए खुलवाया।  

“माँ! अभी नहीं... अभी तो जीवित हो न। आपने सबकुछ लिखा हुआ भी है।”

ज्योंही चंदा अपनी बात बोलकर कमरे से सुबकते हुए निकली, उसे बड़ी भाभी की आवाज सुनाई दी- "बैठी रहो चंदा। माँ सबको साथ बैठाकर जो कर रही हैं, सही है। नहीं तो बाद में लगेगा कि इसको कम दिया, उसको ज्यादा!" 

बड़ी बहू की बात खत्म भी नहीं हुई थी कि छोटी बहू बोली-"बहनजी! तो माँझी के पास आती-जाती रहीं हैं, उन्हें तो माँझी ने पहले ही बहुत कुछ..”

एकाएक कृष्णा ने छोटे बेटे को घूरा। उसके आँख दिखाने से छोटी बहू चुप हो गई थी। कृष्णा ने सबका सामान सौंपने के बाद चंदा को वापस कमरे में बुलवाया, वह अपने आँसू पोंछते हुए बोली-"माँ! मुझे कुछ नहीं चाहिए। बस नानी वाली अंगूठी जिसे आपने ताउम्र पहने रखा, दे दो। यह मेरे लिए भी रक्षा-कवच का काम करेगी।"

चंदा की बात सुनकर कृष्णा डूबती आवाज़ में बोली-"बस यही चाहिए तुझे!"

"मुझे आपकी अधफटी डायरी भी चाहिए। मैं नहीं चाहती वह किसी के हाथ लगे। अब आप उसके पन्ने नहीं फाड़ पाओगी। मैं आपकी पीड़ाओं को महसूस करना चाहती हूँ माँ... ताकि... प्लीज माँ!"

चंदा तो उसके प्रस्थान से पहले, उसकी सभी पीड़ाएँ समेट लेना चाहती थी। वह उसका ही प्रतिरूप हो गई थी। जैसे ही चंदा ने कृष्णा की बंद आँखों से ढलकते हुए आँसुओं को पोंछा, उसने गहरी साँस साथ शरीर छोड़ दिया। 

चंदा ने एकाएक माँ के शरीर में पसरते ठंडेपन को, अपने स्पर्श से थाम लिया।। 

सम्पर्कः 58,सरदार क्लब स्कीम, जोधपुर -342011, pragatigupta.raj@gmail.com


कविताः नदी नीलकंठ नहीं होती

  -   निर्देश निधि


कभी वह थी चंचला नदी,

और मैं बेलगाम अरमानों वाली अल्हड़,

मैं उसके पावन जल का आचमन करती

सब तृष्णाओं, कुंठाओं को सिराती उसकी उद्दाम उर्मियों में

खड़ी थी उसके दाहिने किनारे पर

बनकर सतर चट्टान

मैं खुश थी, नदी के किनारे की चट्टान होकर

एक दिन तुम आए और

मेरी देह का परिरम्भ कर, लाँघ गए सब सीमाएँ

तुम्हारा वह गंदला स्पर्श,

भाया नहीं था मुझे

मैं झर गई थी पल में, कण-कण रेत सी

जा पसरी थी नदी की सूनी छाती पर

तब जानी थी मैं कि नदी,

नहीं थी सिर्फ़ बहता पानी

वह तो थी इतिहास लिपिबद्ध करती निपुण इतिहासकार,

संस्कृतियाँ रचकर, परम्पराएँ सहेजती ज़िम्मेदार पुरखिन,

अपनी मर्ज़ी से रास्ते बदलती सशक्त आधुनिका भी थी वह

और थी धरती का भूगोल साधती साधक

वह तो थी सदेह रचयिता ममतामयी माँ,

तभी तो जानी थी मैंने पीड़ा नदी की

उसकी देह से कोख, अँतड़ियों और दिल के साथ

निकाल ली थी तुमने मास–मज्जा तक उसकी

कई बार महसूस की थीं मैंने उसकी सिसकियाँ अट्टालिकाओं में

देखी थी कई बार मैंने

सड़कों की भीतरी सतह में आँसू बहाती, वह नदी

वह बिखर जाना चाहती थी होकर कण–कण

ठीक मेरी तरह

बचकर तुम्हारे गँदले स्पर्शों से

पर जाती किधर, समाती कहाँ?

उसके पास नहीं थी कोई नदी, ख़ुद उसके जैसी

मैं उसकी सूनी छाती पर निढाल पड़ी

चुपचाप देखती उसके मुँह पर मैला कपड़ा रख

उसकी नाक का दबाया जाना

देखती उसका तड़पना एक-एक साँस के लिए

मेरे कण–कण रेत हो जाने से

कहीं दुखकर थी उसकी वह तड़पन

नदी, जो सदियों छलकती रही थी किनारों से

पर इस सदी, शेष थीं बस चंद साँसें उसमें

दुर्गंध भरी, हाँफती, अंतिम, चंद साँसें

मैंने कितनी मिन्नतें की थीं तुमसे

भर दो कुछ साँस उसके सीने में

अपने अधर रखकर उसके अधरों पर

लौटा दो उसकी सकल सम्पदा

जो बलात् छीन ली थी तुमने

जो चाहो मेरे कणों तक का शेष रह जाना

तो खींच लो सिंगियाँ लगाकर

उसकी देह में फैला, सारा का सारा विष

सुनो,

नदी जी नहीं सकती विष पीकर;

क्योंकि

नदी नीलकंठ नहीं होती

नदी शिव नहीं होती।