मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 1, 2024

संस्मरणः मेरी, वे दो शिक्षिकाएँ

  - अंजू खरबन्दा

1-बत्रा आंटी

सरकारी विद्यालयों में पहली से पाँचवीं तक एक ही अध्यापिका रहती थी। हर कक्षा उत्तीर्ण होने के साथ- साथ वह अध्यापिका भी हमारे साथ अगली कक्षा में आ जाती । मेरी प्रथम अध्यापिका रही बत्रा आंटी ।

हाँ हम उन्हें आंटी ही पुकारा करते। बुआजी बताती हैं कि पहले उन्हें बहनजी कहा जाता था, वक्त बदला, तो वे आंटी कहलाने लगी और काफी बाद में जाकर वह मैडम कहलाईं।

उस समय हम लोग टाट- पट्टी पर बैठा करते थे। एक कक्षा में कुछ- कुछ  दूरी पर चार- टाट पट्टियाँ बिछी थीं। रोल नंबर के अनुसार हमारी बारी होती कक्षा की सफाई की । रोज दो लड़कियाँ इस कार्य को दक्षता से करतीं व बत्रा आंटी की शाबाशी पातीं । उनकी शाबाशी पाना मानो मैडल जीतना! पूरा दिन खुशी व गर्व से बीतता कि आज हमारे हिस्से उनकी शाबाशी आई ।

बत्रा आंटी सुबह जब कक्षा में प्रवेश करतीं, तो सब बच्चे खड़े होकर अभिवादन स्वरूप जोर से चिल्लाते-"कक्षा स्टैंड"

वह प्यारी सी मुस्कान बिखेरती हुई कहती

"बैठ जाओ!’’

फिर शुरू होता क्रम अपनी- अपनी तख्ती दिखाने का ।

मोतियों जैसी लिखावट होने के कारण मुझे हमेशा शाबाशी ही मिलती। लिखावट में मुझे पुरस्कार भी मिला था। उस समय पुरस्कार स्वरूप टूथब्रश और पेन मिला करते थे। 

हमारे समय चार विषय ही हुआ करते- गणित, विज्ञान, हिंदी और सामाजिक विज्ञान।

पहाड़े याद करने के लिए हम सभी बच्चे जितना दम लगाकर बोल सकते, उतनी जोर- जोर से चिल्लाते हुए पहाड़े बोलते-

दो एकम दो

दो दूनी चार 

दो तिया छह....

फिर हिंदी के दोहे याद कर खूब जोर- जोर से बोले जाते, ताकि अच्छे से कण्ठस्थ हो जाएँ। लगभग सभी कक्षाओं से ऐसी ही आवाजें आया करतीं ।

खुले- खुले हवादार कमरे और खिड़की के बाहर लगे हरे- भरे वृक्ष। बड़ा ही रमणीक दृश्य होता था, सरकारी स्कूल का उस वक्त।

बत्रा आंटी के साथ मेरा गहरा लगाव रहा । उनका सरल व्यवहार व प्रेमपूर्वक सभी बच्चों पर ध्यान देना इसका कारण हो सकता है। मुझे स्वतंत्रता शब्द बोलने में बड़ी मुश्किल आई तब बत्रा आंटी ने मेरे हाथ में चॉक देते हुए कहा- ‘‘बार- बार बोर्ड पर लिखो और ध्यान से पढ़ते हुए ये शब्द दोहराओ।" 

जाने कौन- सा जादू हुआ कि कुछ ही देर में मैं स्वतंत्रता शब्द बिना अटके बोलने लगी ।

मैं पाँचवीं में थी, जब मेरी मम्मी का देहांत हुआ। स्कूल आकर मैं चुपचाप खिड़की के पास खड़ी रहती, तब बत्रा आंटी मेरे पास आती, स्नेह से अपना हाथ मेरे सिर पर रखती, मेरा नन्हा- सा हाथ अपने मजबूत हाथों में थाम मुझे प्यार से समझाती । 

आज भी उनका चेहरा आँखों के सामने है । वह जहाँ भी हो खुश रहें स्वस्थ रहे, प्रभु से यही कामना है ।

2- सुमन शर्मा मैम

लम्बी, गोरी, खूबसूरत, हल्के  घुँघराले बालों का ढीला- सा जूड़ा और तिस पर गुलाब का फूल लगाए,  दुनिया का सबसे दिलकश चेहरा! ऐसी थी हमारी सुमन शर्मा मैम ।

उनका साड़ी बाँधने का तरीका ऐसा कि उन पर से नजर ही न हटती। जो उन्हें देखता, बरबस देखता ही रह जाता। उनका सम्मोहन ही था कि क्लास की शैतान से शैतान लड़कियाँ भी उनकी क्लास में चुपचाप बैठकर पढ़तीं।

जब वह बोलती, तो मानो फूल झरते, जब वह मुस्कुराती, तो मानो फिजा खिल उठती और जब वह किसी बात पर हँस पड़ती, तो मानो हवाएँ गीत गाने लगतीं ।

वह हमें हिंदी पढ़ाया करती । उनके पढ़ाने का अंदाज ऐसा कि हम एकटक उन्हें ही निहारा करते । किताब हाथ में थामे, जब वह अपना हाथ हिलाते हुए पाठ समझाती, तो हम सभी सम्मोहित हो उन्हें सुनते।

जब वह पहाड़ों के बारे में विस्तृत वर्णन करती, पहाड़ साक्षात् आँखों के आगे आ खड़े होते। जब वह नदियों के बारे में पढ़ाती, नदियाँ आस पास लहराने लगतीं! जब कोई कहानी सुनाती, उसके पात्र हमसे बातें करने लगते। जब कोई कविता कहती, ऐसा समाँ बँध जाता कि कोई सुध- बुध ही न रहती। 

बाकी विषयों की क्लास में हम घंटी बजने की प्रतीक्षा करते; परंतु सुमन मैम की क्लास में कब घंटी बज जाती, होश ही न होता।

उन्हें निहारते, उनसे पढ़ते न जाने कब उन जैसा बनने का सपना मन में पलता चला गया और आज.... उनसे प्राप्त किया हुआ ज्ञान व उनकी तरह ही पढ़ाने का तरीका मेरे कितने काम आ रहा है, यह सोचकर खुद पर हैरान होती हूँ। उन्हीं की तरह, गहराई तक जाना और तब तक समझाना, जब तक कि खुद को व बच्चे को तसल्ली न हो जाए । 

जब बच्चे मुझसे कहते हैं, आप जब पढ़ाते हो, तो आँखों के आगे पूरा सीन क्रिएट हो जाता है, तब सुमन मैम और भी याद आती हैं।

कविताः बंद किताब

  - नन्दा पाण्डेय







एक बंद पड़ी

किताब थी वो!

 

जिसने न धूप देखी

न वसंत देखा

न पूस की रात देखी

न पतझड़ के दिन देखे

 

जिसने

न झरने देखे

न पहाड़ देखा

 

क्योंकि...

किसी ने उसे

पढ़ा ही नहीं

 

इस किताब के

पन्ने को पलटकर

तुमने उसकी ज़िंदगी पलट दी!


व्यंग्यः मुझे भी वायरल होना है

 - डॉ. मुकेश असीमित

मैं परेशान, थका-हारा देवाधिदेव, पतिदेव, अभी बिस्तर पर उल्टे मुँह पड़ा ही था कि न जाने कहाँ से नींद ने मुझे आगोश में ले लिया और मुझे सपना भी आया। जी हाँ, वैसे तो नींद के खर्राटों की आवाज़ से डरकर सपने पास आते ही नहीं, जब घरवाले पास नहीं आते तो सपनों की क्या मजाल। खैर, सपना भी अच्छा था, हकीकत से कोई ताल्लुक नहीं रखता था। मैं सेलिब्रिटी बन गया था, जी हाँ, एक बहुत बड़ी सेलिब्रिटी। रातों-रात स्टार बनने वाली सेलिब्रिटी, अख़बार के मुख पृष्ठ पर छपने वाली सेलिब्रिटी, चमचमाती गाड़ी के खुले दरवाजे से सटकर पोज़ देने वाली सेलिब्रिटी, मैगज़ीन के पेज थ्री में छपने वाली सेलिब्रिटी, पपराज़ी की शिकार सेलिब्रिटी। जी हाँ, मेरा एक शॉर्ट वीडियो, जिसे रील कहते हैं, वायरल हो गया। यह रील भी कोई मेरी तुच्छ बुद्धि से निकले हुए ज्ञान चक्षुओं को खोलने वाला प्रेरक वीडियो नहीं था, न ही मेरे चिकित्सा ज्ञान से लाभान्वित करने वाला था। वह तो मेरी कहीं दबकर रह गई नृत्य कला प्रतिभा का भोंडा प्रदर्शन था। यह मेरी ससुरालवालों की शादी में, साली की मनुहार भरे अनुनय-विनय के कारण, अपने आपको रोक नहीं पाने का नतीजा था, जिसे श्रीमती जी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया। और जिसे दर्शकों ने जमकर देखा। वीडियो पर 1 मिलियन का करिश्माई लाइक आ चुका था। मेरे पास 1 करोड़ का चेक भी आ गया था, जो मैंने हाथ में ले रखा था। 

मेरे घरवाले मेरे आगे-पीछे नाच रहे थे। पहली बार सभी घरवालों को मेरे आगे-पीछे नाचते देख रहा था। शायद पहली बार उन्हें लगा कि मैं, एक नाकारा निकम्मा सा आलसी जीव, भी परिवार को कुछ खुशियाँ दे सकता हूँ। चलो, उन्हें कुछ तो मुझमें खूबी नज़र आई जो उन्हें खुशियाँ दे सकती थी। बेटे के हाथ में कोई ऑटो मैगज़ीन थी, जिसमें कम से कम 10 मॉडलों की श्रंखला में बड़ी गाड़ियों का चयन कर रखा था। श्रीमती जी की बरसों की नौलखा हार की चाहत पूरी होने की चमक उसकी आँखों में थी। 

नौलखा हार की चाहत तो शादी के पहले साल से ही थी, लेकिन महंगाई की मार और मेरे बार-बार के इनकार ने इस नौलखा हार को सिर्फ नाम का नौलखा और हकीकत में 50 लाख का कर दिया था। अब तो श्रीमती जी ने भी कहना बंद कर दिया था। मुझे भी विश्वास नहीं हुआ कि मेरे दो-चार कमर मटकाने वाले स्टेप लोगों को इतने पसंद आ जाएँगे। सच पूछो, तो मारे खुशी के अब खुलकर मेरी प्रतिभा खुली सांस लेने लगी, मतलब कि नाचने लगा। मुझे नाचते देख बीबी बोली, "रुको, रील बनाने दो।" यानी कि अब मेरे नृत्य का इस प्रकार का मोनेटाइजेशन देखकर सभी बड़े खुश थे।

यूँ तो जब से होश सँभाला, तब से एक ही हसरत थी- फेमस होना, सेलिब्रिटी बनना। इसके लिए जो जतन मेरी तंगहाली और मुफलिसी में मैं कर सकता था, वे किए। यानी कि सपने तो देख ही सकता था, तो खूब सपने देखे। कभी फिल्मों का हीरो बना, फिल्मों में डायलॉग डिलीवरी देखते ही बनती थी। ये बात और है कि मेरी इस कलाकारी को देखने वाला मैं ही था। कार रेसिंग, सिंगिंग, इंस्ट्रुमेंट प्लेइंग, यानी कि हर अव्वल दर्जे के काम जो पेज थ्री की सेलिब्रिटी भरी दुनिया में होते हैं, वे किए। पेज थ्री की दुनिया में क्या होता है, वह तो वैसे भी हकीकत हो जानी थी। तो कभी रॉक स्टार बना, कभी हीरो तो कभी क्रिकेट का धोनी। यूँ तो कभी भी बैट के हाथ नहीं लगाया, या यूँ कहिए किसी ने बैट को हाथ लगाने ही नहीं दिया। बचपन में क्रिकेट में मुझे बस एक ही काम मिलता था- गेंद जो पाले से बाहर चली जाती, उन्हें दौड़-दौड़कर लाना और बॉलर को पकड़ाना। लेकिन हकीकत में जो क्रिकेट के सहायक प्लेयर के रूप में पानी पहुँचाने का काम करते थे, वही करते रहे। लेकिन सपनों में हमेशा धोनी जैसे ही बनते थे। अब जैसे-जैसे समय ने करवट ली, सपने भी बदलने लगे।

कॉलेज के समय में हमें सपने आने लगे कि कॉलेज की सारी लड़कियाँ हम पर मर रही हैं। और इतनी मर रही हैं कि देवानंद स्टाइल में हम गर्ल्स हॉस्टल के बाहर चहल-कदमी कर रहे हैं। गोलगप्पे की ठेली पर चाय पीने के लिए तो हॉस्टल की छत से लड़कियाँ कूद रही हैं हम पर मरने के लिए। सपनों में कई बार हम गिरफ्तार भी हुए, इतनी सारी लड़कियों को ‘मारने’ के इल्जाम में। लेकिन हकीकत में जो बने वह तो हमने सपने में देखना तो दूर, सोचा ही नहीं था- डॉक्टर, वो भी हड्डियों का। मुझे याद है करौली के हॉस्पिटल में, एक बार हम दादाजी जो कि वहाँ भर्ती थे, पापा के साथ उँगली पकड़ते हुए पहुँचे थे। वहाँ पास ही कटे हुए प्लास्टर का एक ढेर पड़ा था, उसमें उन प्लास्टरों के हाथ-पैर देखकर हमारे हाथ-पैर फूल गए। हम डर के भागे कि अब कभी हॉस्पिटल के दर्शन नहीं करेंगे। लेकिन नियति को जो मंजूर होता है, वही होता है।

खैर, शादी हो गई। उसके बाद तो हकीकत की सच्चाई तले सारे सपने ऐसे दबे कि अब तो सपने भी घुट-घुट कर आते हैं। सपनों की जगह अब खर्राटों ने ले ली है ; लेकिन कभी-कभी सपने भी फड़फड़ाकर बगावत स्वरूप आ ही जाते हैं। खैर,आज का सपना खास है। मेरे लिए एक्स्ट्रा कमाई का एक जरिया लेकर आया है। डॉक्टरी चले तो ठीक, नहीं तो रील बनाने लगूँ। आजकल की हर उम्र की पीढ़ी, गरीब-अमीर, गाँव-देहात, शहर सभी इसे अपना मुख्य धंधा बना चुके हैं। धंधा कभी गंदा नहीं होता, इसलिए रील बनाई जा रही है। इसके लिए लोगों ने अश्लीलता और भोंडेपन की चरम सीमा को भी लाँघ दिया है। सेक्स और कामुकता, जो कभी हिंदी फिल्मों की बी-ग्रेड फिल्मों तक सीमित थी और पर्दे तक सीमित थी, अब पर्दे से बाहर आ गई है। लोगों के अँगूठे के इशारे पर आ गई है। हर जगह एक ही दुहाई- बस वीडियो वायरल हो जाए। वीडियो वायरल करने के नुस्खे परोसने के नाम पर रील बनाकर लोग रीलों को वायरल करना चाहते हैं। मजेदार बात यह है कि वीडियो कैसे वायरल की जाए इसके नुस्खे बताने वाले रील ज्यादा वायरल हो रहे हैं। नुस्खे अपनाने वाली आत्माएँ अभी भी अपने वीडियो के वायरल होने की गुहार लगा रही हैं।

पत्नियों ने पतियों को रील बनाने में लगा रखा है। वह बेचारा अपना ऑफिस, काम-धंधा छोड़कर बस बीवी की रील बनाए जा रहा है। कहा बीवी पतिदेव की रील बनाती थी, उसे छटी का दूध याद दिलाती थी, अब उल्टा हो गया है। सास-बहू में अब नोक-झोंक नहीं, कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं, सभी मिलकर रील बना रहे हैं। मुझे तो लगता है सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। रील बनाने वालों को प्रोत्साहित करे, बेरोजगारी की समस्या हल हो जाएगी। पति-पत्नी, सास-बहू की नोक-झोंक खत्म, लोकतंत्र में 'अच्छे दिन आ गए हैं' का फील-गुड वाला अहसास। बस देश की जनता को रील बनाने में लगा दो। सरकार विशेष सब्सिडी इन्हें दे। इनके लिए स्पेशल डेटा पैकेज उपलब्ध कराए। जगह-जगह सड़कों पर रील स्टूडियो खुलवाए। कहाँ फ्री का डेटा! यही नहीं, हर नागरिक को दिन के चार घंटे रील देखने में स्पेंड करना आवश्यक किया जाए। रील देखेंगे नहीं तो वायरल कैसे होगी? वायरल नहीं होगी तो रील का बुखार कैसे चढ़ेगा? सच ही तो है, रील का जब तक वायरल देश की जड़ों में नहीं घुसेगा, यह बुखार नहीं चढ़ेगा। एक बार बुखार चढ़ जाएगा तो देह की सभी समस्याएँ चुटकियों में हल हो जाएँगी। 

अब देखो न, बेचारे रील बनाने वाले क्या-क्या जतन नहीं करते। कोई अपनी माँ-बाप की अर्थी को कंधा देते वक्त रील बना रहा है, कोई पड़ोसी के घर हुई मारपीट, लूट, हत्या की रील। कोई अपनी डूबती हुई अर्थी की रील बना रहा है, तो कोई ट्रेन से कूदकर आत्महत्या करने जा रहे अपने साथी की रील। कितना असंवेदनशील होना पड़ता है, अपने दिल को पत्थर जैसा बनाना पड़ता है तब कहीं जाकर कोई ऐसी रील बनती है जो वायरल हो सके। मुझे तो इन रील बनाने वालों को झुककर सलाम करना चाह रहा हूँ।

इधर जैसे ही मेरी श्रीमती जी ने रील बनानी शुरू की, मेरी कमर कुछ ज्यादा ही जोश में मटकने लगी। तभी पास में सो रही श्रीमती जी ने झिंझोड़कर मुझे उठाया, "क्या कर रहे हो? क्यों कमर हिलाए जा रहे हो?" मैं हड़बड़ाकर उठा, अपनी चादर वापस खींची और पैरों को उसमें समेटकर सो गया ; क्योंकि हकीकत ने वापस अपना आधिपत्य जमा लिया था। और मुझे "जितनी चादर हो उतने पैर पसारिए" की हिदायत देकर वापस अपनी चिर-परिचित नथुने फुलाकर खर्राटे वाली नींद लेने को प्रोत्साहित किया।

 drmukeshaseemit@gmail.com

लघुकथाः जूते और कालीन

  - चैतन्य त्रिवेदी

“जब भी वे कालीन देखते हैं तो कोफ्त से भर जाते हैं । कालीन बुने जाने के उन कसैले दिनों की याद में । कुछ आँसू पी जाते हैं और गम खा लेते हैं । ’’

“ क्यों भला , हमने उनका क्या बिगाड़ा ?’’

“यह कालीन जो आपने अपनी बिरादरी के चंद लोगों की कदमबोसी के लिए बिछाया है, उसके रेशे – रेशे में पल – पल के कई अफसोस भी बुनें हुए हैं , जिसे आप नहीं जानते । ’’

“हमने दाम चुका दिए । उसके बाद हम चाहे जो करें कालीन का । ’’ उन्होनें कहा । 

“ नहीं श्रीमान, दाम चीजों के हो सकते हैं, लेकिन कुछ कलात्मक बुनावटें बड़े जतन से बनती है । उसके लिए हुनर लगता है । धैर्य लगता है, परिश्रम लगता है दाम चुकाने के बाद भी उनकी कद्र होती है, क्योंकि उसकी रचना के पीछे एक खास कलात्मकता काम कर रही होती हैं ’’ 

“ आप क्या चाहते है ?’’

“आप जानते हैं कि इस कालीन के रेशें – रेशें में नन्हीं लड़कियों की हथेलियों की कोमलता भी छिपी है । स्त्रियों की हथेलियों के वे तमाम गर्म स्पर्श, जिनसे भरी ठंड में उनके बच्चे वंचित रह गए । इसके कसीदे देखिए श्रीमान, ये सुन्दर – सलोने कसीदे, जो आपको क्षितिज के पार सपनों की दुनिया में चलने का मन बना देते हैं, उन कसीदों के लिए उन लोगों ने अपनी आँखें गड़ाई रात – रात, मन मारा जिनके लिए । उन्हें क्या मिला मजूरी में, सिर्फ़ रोटी ही तो खाई, लेकिन अपना आसमान निगल गये ।”

“कुछ पैसे और ले लो यार, लेकिन इतनी गहराई से कौन सोचता है!’’ वह बोले । 

“बात पैसों की नहीं है । उन लोगों की तो बस इतनी गुजारिश भर है कि जिस कालीन को बुनने के लिए उन लोगों ने क्या – क्या नहीं बिछा दिया, उस पर पैर तो रख लें, लेकिन जूते नहीं रखें श्रीमान ।”


कविताः उठो स्त्रियो!

  - डॉ. सुरंगमा यादव


हे ईश्वर!

विधवा स्त्रियाँ

तय कर रहीं तुम्हारी

जवाबदेहियाँ

पूजा तुम्हारी

कितने व्रत -उपवास

आए तुम्हें न रास

जिसके लिए माँगती रहीं दुआ

तुमने उसी से कर दिया जुदा

क्या तुम भी ग्रस्त हो?

समाज की रूढ़ियों से

पुरुष प्रधान

तुमने भी लिया मान

यह कैसा तरीका?

मृत्यु में भी उसे ही

दी तुमने वरीयता

विधुर होने की पीड़ा से

पुरुष बच जाता है तुम्हारी क्रीड़ा से

कोमल हृदया स्त्री पर

डाल देते हो पीड़ा गुरुतर

अनंत पथ पर पुरुष अग्रगामी

स्त्री पर आयी जैसे सुनामी

वैधव्य का दंश झेलती

मृतप्राय हो जाती हैं

विधवा स्त्रियाँ

एक स्त्री सिर्फ पति ही नहीं खोती

उसके साथ खो देती है

सारी खुशियाँ तीज- त्योहार

साज-सिंगार!

उसके हृदय की चीत्कार

तुम्हें कोसती है बार- बार

क्यों नहीं हर लिये तुमने उसके प्राण!

क्यों किया पति को निष्प्राण

विधवाओं की लंबी कतारें

लगाती हैं तुमसे न्याय की गुहारें

क्योंकि तुम्हें ही पूजा था

और तुम्हीं ने उपेक्षिता बनाकर

टाँग दिया हाशिए पर

वैधव्य को महसूस कराने की

कैसे ये रीति-रिवाज

उतारा जाता है जब उसका साज-सिंगार

उमड़ता है दु:ख का पारावार

जिन बच्चों को पाला -पोसा

जिन रिश्तों को सँजोया-सँवारा

उनकी ही नजरों में आ गया फर्क-सा

जाए कहाँ? किसको सुनाए?

खुलकर बेचारी रो भी न पाए

सवाल बड़ा है?

हमेशा ही स्त्रियाँ

क्यों पाती हैं उधार की खुशियाँ

कभी सुहाग चिह्न लादें

कभी वे उतारें

बन जाती है एक स्त्री

चलता -फिरता प्रमाणपत्र

पति के जीवन अथवा मृत्यु का

पाँवों में अपने बेड़ियाँ कसके बाँधें

क्यों सहे वे ये सब?

क्यों जिएँ सूना जीवन

मृत्यु से पहले मृत्यु का वरण

साँसों का रिदम टूटना तय है

कोई आगे तो कोई पीछे गया है

प्यार लेकिन कभी भी मरता नहीं है

कल मूर्त्त था आज अमूर्त्त हुआ है

उसी प्यार का मान मन में रहे बस

साज-सिंगार छोड़े, उदासी लपेटे

क्यों रहे स्त्री मन को मसोसे

सौभाग्य उसका पुरुष मात्र ही है?

अन्यथा शून्य ही उसकी नियति है?

उठो स्त्रियो! रूढि़याँ सारी तोड़ो

जीवन में खुशियों से नाता न तोड़ो

तुम्हारी भी अपनी एक अस्मिता

ढूँढ लो फिर से उसका पता

सारे रंग- सिंगार- त्योहार 

अपने लिए अब सजाओ

जमाने से ऐसे नज़र न चुराओ।