मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 23, 2018

धीरे- धीरे बहती एक पतली सी उथली धारा...

धीरे- धीरे बहती एक पतली सी 
उथली धारा... 
-डॉ. रत्ना वर्मा
 सोशल मीडिया अब विचारों के आदान-प्रदान का एक बहुत बड़ा माध्यम बन गया है। कुछ सार्थक बहस और चर्चा भी यहाँ हो जाती है। पत्रकारिता के पुराने सहयोगी निकष परमार (स्व. नारायणलाल परमार के पुत्र)  की वॉल पर पिछले दिनों छत्तीसगढ़ की नदी पैरी के चित्र के साथ नदी के लेकर लिखी उनकी चार पंक्तियों ने सोचने पर मजबूर कर दिया कि हम विकास की किसी राह पर चल रहे हैं। निकष ने लिखा हैं- “पैरी नदी के बारे में ज्यादा नहीं जानता; लेकिन इससे एक भावनात्मक लगाव है; क्योंकि पापाजी के बचपन का एक हिस्सा इसके आसपास बीता। गरियाबंद में वे प्राइमरी स्कूल पढ़े और पांडुका में उन्होंने पढ़ाया। इसी दौरान उन्होंने उपन्यास लिखे। उनकी बातों में पैरी नदी का जिक्रआता था। अभी दोस्तों के साथ उधर से गुजरना हुआ। रुककर नदी में उतरे। एक पतली सी उथली धारा धीरे-धीरे बह रही थी। पानी इतना साफ कि उसके भीतर किताबें रखकर पढ़ी जा सकती थीं। नर्सरी के बच्चों को वहाँ पिकनिक पर ले जाना चाहिए उन्हें प्रकृति से प्यार हो जाएगा।”
सही कहा, बच्चों को वहाँ ले जाना चाहिए। मुझे अपना बचपन याद आ रहा है- हमें स्कूल और कॉलेज से पिकनिक के लिए आस- पास के चिडिय़ाघर, संग्रहालय, कोई पुरातत्त्व- स्थल या नदी किनारे किसी बाँध पर ले जाया जाता था। प्रकृति के साथ-साथ अपनी संस्कृति को जानने- समझने का इससे अच्छा कोई माध्यम हो ही नहीं सकता। ऐसा नहीं है कि आज के बच्चों को पिकनिक पर नहीं ले जाते, ले जाते, पर आज विदेशों की सैर करवाते हैं, ट्रेकिंग पर ले जाते हैं- और इन सबके लिए पैकेज टूर बनाया जाता है। जिन अभिभावकों की ताकत उस पैकेज टूर का खर्च वहन करने की है उनके बच्चे तो विदेश तक घूम आते हैं, भले ही उन्होंने अपने शहर का संग्रहालय तक न देखा हो। जब पूरी शिक्षा व्यवस्था ने व्यवसाय का रूप ले लिया है तो बाकी चीजों के बारे में क्या कहें।
तो बात हमारी नदियों की हो रही थी। भारतीय सभ्यता का मूल हमारी नदियाँ हैं। इन जीवनदायी नदियों को हम रेगिस्तान में बदलते जा रहे हैं। नदी पहाड़, जंगल, कला- संस्कृति आदि को बचाने की बात या चिंता हमेशा ही की जाती है।  पाठ्य पुस्तकों में भी सब पढ़ाया जाता है। पर्यावरण और संस्कृति की चिंता करने वाले देश के अनेक मनीषियों ने तो इन सबके लिए अपना जीवन ही समर्पित कर दिया है। पर प्रकृति की रक्षा के लिए इतना ही प्रयास पर्याप्त नहीं है। अन्यथा हमारे पर्यावरण चिंतक यह रिपोर्ट क्यों देते कि निकट भविष्य में पीने के पानी का संकट तो आने ही वाला है, उसके साथ समूची धरती पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
हमारी छत्तीसगढ़ सरकार ने भी प्रयास शुरू किए हैं। ईशा फाउंडेशन के साथ मिलकर नदियों को बचाने के प्रयास की खबरें हैं। नदियों के दोनों तरफ एक किलोमीटर के दायरे में पेड़ लगाकर नदियों को बचाने की योजना है। दरअसल पेड़ लगाना,  पेड़ों को बचाना प्रकृति को हर मुसीबत से बचाना है; क्योंकि जहाँ कभी घने जंगल थे, वे भी अब घट रहे हैं। फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार तेजी से कटते साल वनों के कारण बस्तर के जंगल का अस्तित्व संकट में है। आँकड़ों के मुताबिक 2001 में जहाँ बस्तर में 8202 वर्ग किमी क्षेत्र वनों से आच्छादित था, वहीं 2017 में यह रकबा कम होकर 4224 वर्ग किमी पर ही सिमट गया है। इतनी बड़ी संख्या में कम होते वनों का कारण अतिक्रमण, अवैध कटाई, खनन, सिंचाई परियोजनाओं के लिए उपयोग शामिल है, वहीं बढ़ती आबादी का बस्तर के साल वनों पर खासा दबाव पड़ा है। यदि यह रफ्तार जारी रही तो एक दिन आएगा कि बस्तर जो कभी घने जंगल के लिए जाना जाता था, उजाड़ और बंजर हो जाएगा।
देश के कुछ प्रदेशों में अच्छे काम होने की भी खबर है जैसे- प्रोजेक्ट ग्रीन हैंड्स के तहत बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने का जो काम हुआ ,उससे अब तक पूरे तमिलनाडू में 3 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। राजस्थान सरकार ने भी जलाशयों के आस-पास पेड़ लगाने का शानदार काम किया है ,जिसका असर भूमिगत जल के बढ़ते स्तरों के रूप में देखा जा सकता है। मध्य प्रदेश सरकार ने भी हाल ही में, नर्मदा के आस-पास पेड़ों की फसल उगाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता देनी शुरू की है। कुछ समय पहले, उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने गंगा को एक जीवंत अस्तित्व के रूप में पहचान देते हुए उसे कानूनी अधिकार दिए हैं, और सरकार को उसकी सफाई और देख-रेख के लिए एक बोर्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। ये सही दिशा में उठाये गए शुरुआती कदम हैं। एक नजर में प्रकृति को उजाड़ होने से बचाने का एकमात्र समाधान वृक्ष लगाना ही है। पेड़ लगेंगे तो नदियाँ बचेंगी, पहाड़ बचेंगे, धरती बचेगी।
तो जरूरत वृहद पैमाने पर कदम उठाने की है, सबको जगाने और जागने की है, सिर्फ सरकार की ओर ताकने की नहीं। छत्तीसगढ़ की पैरी नदी की एक पतली-सी उथली धारा, जो धीरे- धीरे बह रही है, को देखकर हुई चिंता को जन-जन की चिंता का विषय बनाया जाए। हम सब जिम्मेदार हैं अपनी प्रकृति की बर्बादी के लिए तो सबको मिलकर ही समाधान निकालना होगा। हमारी जीवनदायी इन नदियों पर सिर्फ कुम्भ जैसे भव्य आयोजन करके, लाखों दीप जलाकर, इनकी प्राचीनता का मात्र गुणगान करने से हम इन्हें नहीं बचा सकते। नदियों को जीवनोपयोगी बनाए रखने के लिए इनका सही तरकी से संरक्षण, संवर्धन हो ऐसा प्रयास करना होगा। नदियाँ हमारी जीवन-रेखा हैं। इनकी उपेक्षा करना जीवन की उपेक्षा करना है।                                

पकौड़े और चाय में बहुत स्कोप है साहेब

पकौड़े और चाय में बहुत स्कोप है साहेब 
-डॉ. नीलम महेन्द्र 
"साधु ऐसा चाहिए जैसा सूप सुभाय।
 सार सार को गहि रहै थोथा दे उड़ाय।। "
कबीर दास जी भले ही यह कह गए हों,लेकिन आज सोशल मीडिया का ज़माना है, जहाँ किसी भी बात पर  ट्रेण्डिंग और ट्रोलिंग  का चलन है। कहने का आशय तो आप समझ ही चुके होंगे। जी हाँ, विषय है मोदी जी का वह बयान, जिसमें वो  "पकौड़े बेचने" को रोजगार की संज्ञा दे रहे हैं। हालाँकि इस पर देश भर में विभिन्न प्रतिक्रियाएँ आईं; लेकिन सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया देश के पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बयान ने, जिसमें वे इस क्रम में भीख माँगने को भी रोजगार कह रहे हैं। विपक्ष में होने के नाते उनसे अपनी विरोधी पार्टी के प्रधानमंत्री के बयानों का विरोध अपेक्षित भी है और स्वीकार्य भी; किन्तु देश के भूतपूर्व वित्त मंत्री होने के नाते उनका विरोध तर्कयुक्त एवं युक्तिसंगत हो, इसकी भी अपेक्षा है। यह तो असंभव है कि वे  रोजगार और भीख माँगने के अन्तर को न समझते हों ;लेकिन फिर भी इस प्रकार के स्तरहीनतर्कों से विरोध केवल राजनीति के गिरते स्तर कोही दर्शाता है।
 सिर्फ चिदंबरम ही नहीं देश के अनेक नौजवानों ने पकौड़ों के ठेले लगाकर प्रधानमंत्री के इस बयान का विरोध किया। हार्दिक पटेल ने तो सभी हदें पार करते हुए यहाँ तक कहा कि इस प्रकार की सलाह तो एक चाय वाला ही दे सकता है। वैसे ‘आरक्षण की भीख’ के अधिकार के लिएलड़ने वाले एक 24 साल के नौजवान से भी शायद इससे बेहतर प्रतिक्रिया की अपेक्षा नहीं थी।
दरअसल जो लोग इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं, वे यह भूल रहे हैं कि इस धरती के हर मानव का सिर उठाकर स्वाभिमान से अपनी जीविका कमाना केवल उसका अधिकार नहीं है, जिसके लिए वे सरकार को जिम्मेदार मानते हैं; बल्कि यह तो उसका स्वयं अपने और अपने परिवार के प्रति उसका दायित्वभी है।
"
गरीब पैदा होना आपकी गलती नहीं है; लेकिन गरीब मरना आपका अपराध है"  बिलगेट्स, माइक्रोसोफ्ट के अध्यक्ष एवं पर्सनल कम्प्यूटर क्रांति के अग्रिम उद्यमी के यह शब्द अपने भीतर कहने के लिए कम लेकिन समझने के लिए काफी कुछ समेटे हैं।
यह बात सही है कि हमारे देश में बेरोजगारी एक बहुत ही बड़ी समस्या है; लेकिन पूरे विश्व में एक हमारे ही देश में बेरोजगारी की समस्या हो, ऐसा नहीं है।
लेकिन यहाँ हम केवल अपने देश की बात करते हैं। तो सबसे मूल प्रश्न यह है कि स्वामी विवेकानन्द के इस देश का नौजवान आज आत्मनिर्भर होने के लिए सरकार पर निर्भर क्यों है? वो युवा जो अपनी भुजाओं की ताकत से अपना ही नहीं बल्कि देश का भविष्य भी बदल सकता है, वह आज अपनी क्षमताओं, अपनी ताकत, अपनी योग्यता, अपने स्वाभिमान सभी कुछ ताक पर रखकरएक चपरासी तक की सरकारी नौकरी के लिए लाखों की संख्या में आवेदन क्यों करता है? जिस देश में जाति व्यवस्था आज भी  केवल एक राजनैतिक हथियार नहीं; बल्कि समाज में अमीर- गरीब से परे ऊँच-नीच का आधार है उस देश में ब्राह्मण ,राजपूत, ठाकुर आदि जातियों तक के युवकों में सरकारी चपरासी तक बनने की होड़ क्यों लग जाती है?
ईमानदारी से सोच कर देखिए, यह समस्या बेरोजगारी की नहीं; मक्कारी की है जनाब!
क्योंकि आज सबको हराम दाड़ लग चुकी है। सबको बिना काम के बिना मेहनत के सरकारी तनख्वाह चाहिए और इसलिए प्रधानमंत्री का यह बयान उन लोगों को ही बुरा लगा, जो बेरोजगार बैठकर सरकार और अपने नसीब को तो कोस सकते हैं, जातिऔर धर्म का कार्ड खेल सकते हैं; लेकिन गीता पर विश्वास नहीं रखते, कर्म से अपना और अपने देश का नसीब बदलने में नहीं देश को कोसने में समय बरबाद कर सकते हैं।
शायद बहुत कम लोग जानते होंगे कि रिलायंस समूह ,जो कि आज देश का सबसे बड़ाऔद्योगिक घराना है, उसकी शुरुआत पकौड़े बेचने से हुई थी। जी हाँ अपने शुरुआती दिनों में धीरूभाई अम्बानी सप्ताहांत में गिरनार की पहाड़ियों परतीर्थ यात्रियों को पकौड़े बेचा करते थे! स्वयं गाँधीजी कहते थे कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता सोच होती है।
आज जरूरत देश के नौजवानों को अपनी सोच बदलने की है। आज समय इंतजार करने कानहीं उठ खड़े होने का है। एक दिन में कोई टाटा -बिड़ला नहीं बनता और न ही बिनासंघर्ष के कोई अदानी या अम्बानी बनता है।  बिल गेट्स धीरूभाई अम्बानी, जमशेदजी टाटा जैसे लोगों ने अपनी अपनी सरकारों कीओर ताकने  के बजाय खुद अपने लिए ही नहीं बल्कि देश में लाखों लोगों के लिएरोजगार के अवसर पैदा कर दिए।
तो आवश्यकता है देश के वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री की बात समझने की न कि तर्क हीन बातें करने की।
इस बात को समझने की, कि जीतने वाले कोई अलग काम नहीं करते ;बल्कि उसी काम को "अलग तरीके"  से करते हैं, शिव खेड़ा ।
वैसे भी अगर इस देश का एक नौजवान पकौड़े बेचकर विश्व के पटल पर अपनी दस्तकदे सकता है और एक चाय वाला प्रधानमंत्री बन सकता है, तो विशेष बात यह है किभारत में अभी भी पकौड़े और चाय में बहुत स्कोप है।
और मोदी जी के विरोधियों को एक सलाह कि वे मोदी विरोध जरा सँभलकर करें; क्योंकि मोदी भारतीय चाय, खिचड़ी और योग को विश्व में स्वीकार्यता दिलाने का श्रेय पहले ही ले चुके हैं अब उनके विरोधी भारतीय  पकौड़ों को भी वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय उन्हीं के नाम करने पर तुले हैं। 
सम्पर्कः C/O Bobby Readymade Garments, Phalka Bazar, Lashkar, walior, MP- 474001, Mob - 9200050232, Email- 
drneelammahendra@hotmail.com, drneelammahendra@gmail.com

शुद्ध हवा के साथ घर भी सुन्दर

शुद्ध हवा के साथ घर भी सुन्दर

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। सबसे ज्यादा खतरनाक तो ये है कि बाहर ही नहीं, घर के अन्दर भी हवा ज़हरीली होती जा रही है। हवा में मौजूद कण साँसों में घुलकर लोगों को बीमार बना रहे हैं। प्रदूषण से कोई भी अछूता नहीं है और हर आम-ओ-खास इससे डरा हुआ भी है। इसी डर ने लोगों को पौधों से प्यार करना सिखा दिया है। जिन लोगों के घर में कभी एक गमला नहीं होता था, उनकी बालकनी और छत पर मिनी गार्डन सज रहे हैं। घर के भीतर की हवा को शुद्ध रखने के लिये लोग कमरों में गमले रख रहे हैं और बोनसाई पौधे लगा रहे हैं। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट के अनुसार, हर साल विश्व भर में करीब 4.3 मिलियन लोग इंडोर पॉल्यूशन से मर जाते हैं। मतलब साफ है कि इंडोर हो या आउटडोर, पॉल्यूशन जानलेवा ही है।
घर के भीतर की हवा अशुद्ध हो रही है ,तो एयर प्यूरीफायर का नया चलन देखने को मिल रहा है।यह इन्तजाम जेब पर तो भारी पड़ता ही है, बिजली की खपत भी बढ़ जाती है। ऐसे में पौधों को लगाकर घर की हवा को शुद्ध बनाए रखने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इससे स्वस्थ साँसें तो मिलती ही हैं, घर भी सुन्दर दिखाई देता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इंडोर एयर की कॉम्पोजिशन बाहर की प्रदूषित हवा से अलग होती है। जहाँ बाहर की हवा में प्रदूषण को पार्टिकुलेट मैटर, कार्बन मोनोऑक्साइड, ओजोन और सल्फर डाइऑक्साइड के स्तर को माप कर पता किया जा सकता है, वहीं घर में इसका पता वोलाटाइल ऑर्गेनिक कम्पाउंड्स, बायो एयरोसोल्स और नाइट्रस ऑक्साइड से चलता है।
इंडोर पॉल्यूशन पर काबू पाया जा सकता है

वल्लभभाई पटेल ‘चेस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ पल्मोनोलॉजी’ विभाग के हेड डॉ.राज कुमार का कहना है कि जो पॉल्यूटेंट बाहर होते हैं, वही हमारे घर के अन्दर भी होते हैं लेकिन फर्क सिर्फ इतना है कि उनकी डेंसिटी इंडोर में कम रहती है;लेकिन सबसे अच्छी बात ये है कि इंडोर पॉल्यूशन पर काबू पाया जा सकता है। जहाँ आउटडोर पॉल्यूशन के लिए सरकार और दूसरी एजेंसियाँ ही समाधान ढूँढ़ सकती हैं। इंडोर पॉल्यूशन को काबू करना खुद के हाथ में है। इसके लिये आप एलोवेरा और क्रिजैंथेमस जैसे पौधे लगा सकते हैं। ये जहरीले पदार्थों को फिल्टर करते हैं और ऑक्सीजन के स्तर को बढ़ाते हैं।
प्रदूषण से बचना है तो इन पौधों को लाएँ घर
ऐसे कई इंडोर प्लांट हैं, जिनसे घर की हवा को शुद्ध किया जा सकता है। दिल्ली के लोग एयर प्यूरीफायर को छोड़कर घरों में ये प्लांट लगा रहे हैं। ये पौधे जहरीली हवा से होने वाले नुकसान से लोगों को बचा रहे हैं।
एलोवेरा: इस पौधे को घर में रखने से यह कार्बन डाइऑक्साइड, फॉर्मेल्डिहाइड और कार्बन मोनोऑक्साइड को अवशोषित कर लेता है। यह 9 एयर प्यूरीफायर के बराबर काम करता है।
फिकस एलास्टिका: इस पौधे को ज्यादा रोशनी की जरूरत नहीं होती; इसलिए आप इसे आसानी से रख सकते हैं। यह भी हवा से फॉर्मेल्डिहाइड को खत्म करता है। हालाँकि अगर आपके घर में बच्चे और पालतू जानवर हैं, तो इसे न ही लगाएँ क्योंकि, इसके पत्ते जहरीले होते हैं।
 इंग्लिश ईवी: इस पौधे के बारे में कहा जाता है कि 6 घण्टे के भीतर ये 58 प्रतिशत तक हवा को शुद्ध कर सकता है।
स्पाइडर प्लांट: यह पौधा कम रोशनी में फोटोसिंथेसिस की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए जाना जाता है। यह फॉर्मेल्डिहाइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, गैसोलिन और स्टाइरिन को हवा से अवशोषित करता है। एक पौधा 200 स्क्वायर मीटर तक के स्पेस में हवा को शुद्ध कर सकता है।
स्नेक प्लांट: स्पाइडर प्लांट की तरह ही, स्नेक प्लांट भी काफी टिकाऊ होता है। यह भी कम रोशनी में फोटोसिंथेसिस की प्रक्रिया को पूरा कर लेता है। आप इसे बेडरूम में लगा सकते हैं क्योंकि, यह रात में ऑक्सीजन पैदा करता है।
पीस लिली: यह पौधा भी फॉर्मेल्डिहाइड और ट्राइक्लोरोइथलीन को हवा से खत्म करने का काम करता है। नासा की एक रिपोर्ट की मानें तो 500 स्क्वायर मीटर में इसके 15-18 पौधे रखने से हवा पूरी तरह से शुद्ध हो जाती है। आप इसे बेडरूम में भी लगा सकते हैं।
बोस्टन फर्न: ये पौधा इंडोर एयर पॉल्यूटेंट्स को दूर करने में काफी कारगर है। यह हवा से बेंजीन, फॉर्मेल्डिहाइड और जाइलिन को खत्म कर हवा को शुद्ध बनाता है। इसे हेंगिंग बास्केट्स में भी उगाया जा सकता है।
एरेका पाम: इसे बैम्बू पाम, गोल्डन केन पाम और यलो पाम भी कहते हैं। नासा की रिपोर्ट के मुताबिक, ये पौधा हवा से जाइलिन और टालुइन को खत्म करता है। यह एक प्रभावी ह्यूमिडिफायर भी है, जो वातावरण में नमी को बनाए रखता है।
महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा खतरा
डॉक्टरों का कहना है कि अगर घर में वेंटीलेशन अच्छा नहीं, कोई स्मोक करता है तो इन बातों से हवा में कणों का स्तर बढ़ जाता है। इससे सबसे ज्यादा खतरा महिलाओं और बच्चों को रहता है;क्योंकि, ये घर के अन्दर ज्यादा समय बिताते हैं। अगर हम इंडोर एलर्जेन्स और पॉल्यूटेंट्स को कम करते हैं तो जिन बच्चों को अस्थमा है, उन्हें काफी राहत मिलती है। इससे उनकी दवाई की जरूरत को भी कम किया जा सकता है। एक्सपर्ट्स की मानें तो बिल्डिंगों में इस्तेमाल किए जाने वाले केमिकल कम्पाउंड जैसे पेंट आदि का स्वास्थ्य पर खराब असर पड़ता है। बायोलॉजिकल एजेंट्स से होने वाला इंडोर एयर पॉल्यूशन साँस की बीमारियों के खतरे को बढ़ाता है। शोधकर्ताओं ने पाया है कि घरों में लोग अगरबत्ती का इस्तेमाल करते हैं और इससे निकलने वाला धुआँ पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) को 15 गुणा तक बढ़ा देता है। अगरबत्ती से निकलने वाले धुएँ से पीएम 1.0, पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे हानिकारक पॉल्यूटेंट निकलते हैं।
50 गज की छत पर गार्डन
जनकपुरी के दिल्ली हाट के निवासी राकेश शर्मा ने अपनी 50 गज की छत पर पूरा गार्डन बनाया हुआ है। उन्होंने करीब 20 औषधीय पौधे लगाए हैं। टोकरियों में पौधे और चिड़ियों के घोंसले उन्होंने सजा रखे हैं।
उन्होंने बताया कि उनका खुद का अनुभव है कि सुबह के समय पौधों को निहारने से आँखों की रोशनी बढ़ती है। शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने घर में श्यामा तुलसी, गिलोय, घृतकुमारी, धनिया, पुदीना, पत्थर चट, बेलपत्र, लेमन ग्रास, करी पत्ता, अदरक, हल्दी, कपूर, तुलसी, ब्राह्मी, अश्वगंधा आदि औषधीय पौधे लगाए हैं। (इंडिया वॉटर पोर्टल से साभार- स्रोत-नवोदय टाइम)

अहमदाबाद अब विश्व धरोहर शहर

  अहमदाबाद अब विश्व धरोहर शहर
- जाहिद खान
किसी भी देश की पहचान उसकी संस्कृति और सांस्कृतिक, प्राकृतिक व ऐतिहासिक धरोहरों से होती है जो उसे दूसरे देशों से अलग दिखलाती हैं। हमारे देश में उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक ऐसी सांस्कृतिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक छटाएँ बिखरी पड़ी हैं कि विदेशी पर्यटक उन्हें देखकर मंत्रमुग्ध हो जाएँ। प्राचीन स्मारक, मूर्ति शिल्प, पेंटिंग, शिलालेख, प्राचीन गुफाएँ, वास्तुशिल्प, ऐतिहासिक इमारतें, राष्ट्रीय उद्यान, प्राचीन मंदिर, अछूते वन, पहाड़, विशाल रेगिस्तान, खूबसूरत समुद्र तट, शांत द्वीप समूह और भव्य किले। यह धरोहर सचमुच बेमिसाल है।
ऐसी ही एक बेमिसाल धरोहर गुजरात का छह सौ साल पुराना शहर अहमदाबाद अब विश्व धरोहर शहर बन गया है। यूनेस्को की विश्व विरासत समिति ने हाल ही में अहमदाबाद शहर को अपनी विश्व धरोहर सूची में शामिल कर लिया है। तुर्की, लेबनान, ट्यूनीशिया, पुर्तगाल, पेरू, कज़ाकिस्तान, वियतनाम, फिनलैंड, अज़रबैजान, जमैका, क्रोएशिया, ज़िम्बाब्वे, तंज़ानिया, दक्षिण कोरिया, अंगोला और क्यूबा समेत करीब 20 देशों ने इस बैठक में सांस्कृतिक शहरों की श्रेणी में अहमदाबाद का समर्थन किया। इन देशों ने इसे लकड़ी की हवेली की वास्तुकला के अलावा सैकड़ों वर्षों से मुस्लिम, हिंदू और जैन समुदायों के सह-अस्तित्व वाला शहर मानते हुए सर्वसम्मति से चुना। इन देशों के प्रतिनिधियों के लिए अहमदाबाद का महत्व इसलिए भी था कि यही वह शहर है जहाँ  से महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत का अहिंसक स्वतंत्रता संग्राम शु डिग्री हुआ था और 1947 में अंजाम तक पहुँचा था। महात्मा गांधी वर्ष 1915 से 1930 तक यहाँ  रहे और उनकी कई यादें, इस ऐतिहासिक शहर से जुड़ी हैं।
देशवासियों के लिए यह सचमुच गर्व की बात है कि यूनेस्को ने पहली बार भारत के किसी शहर को विश्व धरोहर का दर्जा दिया है। भारत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास मायने रखती है कि भारतीय उपमहाद्वीप के केवल दो शहर - नेपाल के भक्तपुर और श्रीलंका के गाले को ही इस सूची में शामिल होने का गौरव हासिल है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पेरिस, वियना, काहिरा, ब्रूसेल्स, रोम और एडिनबरा ही इस श्रेणी में शामिल हैं।
अहमदाबाद शहर को विश्व धरोहर की फेहरिस्त में शामिल करने के लिए केन्द्र और राज्य सरकारें बीते सात साल से लगातार कोशिश कर रहे थे। गुजरात सरकार ने अहमदाबाद को वर्ल्ड हैरिटेज सिटी का दर्जा प्रदान करने के लिए 31 मार्च, 2011 में इस शहर का विस्तृत विवरण तैयार कर एक प्रस्ताव विश्व विरासत केन्द्र को भेजा था। प्रस्ताव में अहमदाबाद के अभूतपूर्व सार्वभौम मूल्यों का उल्लेख करते हुए पिछली कई सदियों से इस शहर की अनोखी बसाहट, आर्थिक, वाणिज्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के साथ विभिन्न समुदायों के लोगों के बीच सहअस्तित्व की भावना का खास तौर से उल्लेख था। यही नहीं प्रस्ताव में अहमदाबाद के परकोटा क्षेत्र में बने ओटले (चबूतरे), पोल और उनकी गलियाँ, पोलों में रहने वाले लोगों के रहन-सहन को भी शामिल किया गया था। लकड़ी व स्थानीय ईंटों से तैयार किए गए पोल के मकान अपनी बनावट और नक्काशी के लिए अनूठी पहचान रखते हैं। इन मकानों के आँगन की खासियत है कि ये वातावरण को नियंत्रित करने में मददगार साबित होते हैं। पोलों की गलियों का आपसी जुड़ाव भी अनूठा है।
बहरहाल, सरकार की कोशिशें रंग लाईं और अंतर्राष्ट्रीय स्मारक और स्थल परिषद की सिफारिश पर यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज कमेटी ने अहमदाबाद शहर को विश्व विरासत की फेहरिस्त में शामिल कर लिया। यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत में शामिल कर लिए जाने के बाद, वह जगह या स्मारक पूरी दुनिया की धरोहर बन जाता है। इन विश्व स्मारकों का संरक्षण यूनेस्को के इंटरनेशनल वर्ल्ड हैरिटेज प्रोग्राम के तहत किया जाता है। यूनेस्को हर साल दुनिया भर के ऐसे ही बेहतरीन सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्मारकों को सूचीबद्ध कर उन्हें उचित देखभाल प्रदान करती है; वह इन विश्व धरोहरों का प्रचार-प्रसार करती है, जिससे ज़्यादा से ज़्यादा पर्यटक इन स्मारकों के इतिहास, स्थापत्य कला, वास्तु कला और प्राकृतिक खूबसूरती से वाकिफ होते हैं। विश्व विरासत की सूची में शामिल होने का एक फायदा यह भी होता है कि उससे दुनिया भर के पर्यटक उस तरफ आकर्षित होते हैं।
अहमदाबाद शहर की स्थापना तत्कालीन मुगल शासक अहमद शाह अब्दाली ने आज से छह सदी पहले 1411 में की थी। ज़ाहिर है कि उन्हीं के नाम पर बाद में इस शहर का नाम अहमदाबाद पड़ा।
अहमदाबाद न सिर्फ ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थापत्य कला के लिहाज़ से भी इसकी एक अलग अहमियत है। चारों ओर दीवारों से घिरे इस ऐतिहासिक शहर में दस दरवाज़े हैं और 29 ऐतिहासिक महत्व के स्मारक हैं, जिनके संरक्षण की ज़िम्मेदारी भारतीय पुरातात्त्विक सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) पर है। देश के दीगर ऐतिहासिक शहरों की बनिस्बत इन स्मारकों के संरक्षण का काम यहाँ बेहतरीन है। इस शहर के स्मारकों की नक्काशी व बनावट लाजवाब है। इनको देखकर अतीत का पूरा परिदृश्य साकार हो जाता है। जामा मस्जिद, रानी रूपमती की मस्जिद, झूलती मीनारें, हट्टी सिंह का जैन मंदिर, शाही बाग पैलेस, कांकरिया झील, भद्र का किला, सीदी सैयद की मस्जिद, साबरमती आश्रम, लोथल, अदलज की बाव, मोढेरा का सूर्य मंदिर, तीन दरवाज़ा, सीदी बशीर मस्जिद, नल सरोवर, विजय विलास पैलेस आदि सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने वाले ये स्थल और स्मारक देशी-विदेशी सैलानियों को अपनी खूबसूरती से अचंभित कर देते हैं।
गुजरात में विदेशी सैलानियों की पहली पसंद अहमदाबाद होती है। यहाँ  की संस्कृति, प्राचीन मंदिर, मस्जिदें, प्राकृतिक झीलें, बाव और आलीशान इमारतें उन्हें खूब भाती हैं। यूनेस्को की सूची में शामिल होने के बाद निश्चित तौर पर पर्यटकों की संख्या और भी बढ़ेगी। अभी तक भारत के केवल 35 स्मारक विश्व विरासत सूची में शामिल थे। अहमदाबाद के विश्व विरासत की सूची में शामिल हो जाने से अब इनकी संख्या 36 हो गई है। 
अब जबकि अहमदाबाद को विश्व धरोहर का दर्जा मिल गया है, तो केंद्र व राज्य सरकार दोनों की ये सामूहिक ज़िम्मेदारी बनती है कि वे इस शहर के ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटक स्थलों को और भी ज़्यादा बेहतर तरीके से सहेजने और संवारने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना बनाएँ  ताकि ये अनमोल धरोहर हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित रहें। विश्व विरासत की सूची में शामिल होने के बाद, निश्चित तौर पर ज़िम्मेदारियों में भी इजाफा होता है। ज़िम्मेदारियाँ न सिर्फ सरकार की बढ़ी हैं, बल्कि हर भारतीय नागरिक की यह ज़िम्मेदारी बनती है कि वह अपनी इन अनमोल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजे। (स्रोत फीचर्स)

छत्तीसगढ़ का राजिम कुम्भ : आस्था और सभ्यता का संगम


राजिम का स्थान छत्तीसगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में आता है। यह महानदी के तट पर स्थित है। प्राचीन समय से राजिम अपने पुरातत्त्वों  और प्राचीन सभ्यताओं के लिए प्रसिद्ध है।  राजिम मुख्य रूप से भगवान श्री राजीव लोचन जी के मंदिर के कारण प्रसिद्ध है। राजीवलोचन मंदिर में भगवान विष्णु की प्रस्तर प्रतिमा प्रतिष्ठित हैं। राजिम का यह मंदिर आठवीं शताब्दी का है। यहाँ कुलेश्वर महादेव जी का भी मंदिर है जो संगम स्थल पर विराजमान है।
 राजिम में प्रति वर्ष होने वाले कुम्भ मेले का स्वरूप पहले ऐसा नहीं था।  कुछ वर्ष पहले तक यहाँ प्रतिवर्ष माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक पंद्रह दिनों का मेला लगता था।2001 से राजिम मेले को राजीव लोचन महोत्सव के रूप में मनाया जाता था। 2005 से इसे कुम्भ के रूप में मनाया जाने लगा है जो राजिम कुम्भ के नाम से जाना जाता है।  प्रतिवर्ष राजिम कुम्भ का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग करता है। प्रतिवर्ष माघ पूर्णिमा से शिवरात्रि तक चलने वाले राजिम कुम्भ का मेले में प्रशासन द्वारा विविध सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन आदि होते रहते हैं।
 कुम्भ की शुरुआत कल्पवाश से होती है पखवाड़े भर पहले से श्रद्धालु पंचकोशी यात्रा प्रारंभ कर देते है पंचकोशी यात्रा में श्रद्धालु पटेश्वर, फिंगेश्वर, ब्रम्हनेश्वर, कोपेश्वर तथा चम्पेश्वर नाथ के पैदल भ्रमण कर दर्शन करते है तथा धुनी रमाते हैं, 101 कि.मी. की यात्रा का समापन होता है और माघ पूर्णिमा से कुम्भ का आगाज होता है। राजिम कुम्भ में अब विभिन्न स्थानों से हजारों साधु- संतों का आगमन होता है, प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में नागा साधू, संत आदि आते हैं। शाही स्नान तथा संत समागम में भाग लेते है, इस महाकुम्भ में विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ आते है और भगवान श्री राजीव लोचन, तथा श्री कुलेश्वर नाथ महादेव जी के दर्शन करते हैं।  मान्यता है की भनवान जगन्नाथपुरी जी की यात्रा तब तक पूरी नही मानी जाती जब तक भगवान श्री राजीव लोचन तथा श्री कुलेश्वर नाथ के दर्शन नहीं कर लिए जाते।
राजिम तीन नदियों का संगम है। महानदी, पैरी और सोंढुर नदी। त्रिवेणी संगम होने के कारण राजिम को छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहलाने का भी गौरव प्राप्त है। संगम में अस्थि विसर्जन तथा संगम किनारे पिंडदान, श्राद्ध एवं तर्पण किया जाता है। संगम के बीचोबीच कुलेश्वर महादेव का विशाल मन्दिर बना हुआ है। किंवदन्ती है कि त्रेता युग में अपने वनवास काल के समय भगवान श्री राम ने इस स्थान पर अपने कुलदेवता महादेव जी की पूजा की थी इसलिये इस मन्दिर का नाम कुलेश्वर हुआ।
प्राचीनकाल में राजिम को कमलक्षेत्र के नाम से जाना जाता था। माना जाता है कि शेषशैय्या पर सोये हुए भगवान विष्णु के नाभि से निकला कमल, जिससे ब्रह्मा जी की उत्पत्ति हुई थी, यहीं पर स्थित था जिससे इसका नाम कमलक्षेत्र पड़ा। ब्रह्मा जी ने राजिम से ही सृष्टि की रचना की थी।
इस प्राचीन नगरी का नाम राजिम क्यों पड़ा, इस संबंध में किंवदंती है कि राजिम नामक तेलिन महिला को भगवान विष्णु की आधी मूर्ति मिली, दुर्ग नरेश रत्नपुर सामंत वीरवल जयपाल को स्वप्न हुआ, तब एक विशाल मंदिर बनवाया। तेलिन ने नरेश को इस शर्त के साथ मूर्ति दिया कि भगवान के साथ उनका भी नाम जुडऩा चाहिए। इसी कारण इस मंदिर का नाम राजिमलोचन पड़ा, जो बाद में राजीव लोचन कहलाने लगा।
एक स्थानीय दंतकथा के अनुसार इस स्थान का नाम 'राजिव’या 'राजिम’नामक एक तैलिक स्त्री के नाम से हुआ था। मन्दिर के भीतर 'सतीचैरा’है, जिसका संबंध इसी स्त्री से हो सकता है। मंदिर के अहाते में आज भी एक स्थान राजिम के लिए सुरक्षित है। वह भगवान को देखते सती हो गई थी।
राजीवलोचन मन्दिर
इस मन्दिर में बारह स्तम्भ हैं। आयताकार क्षेत्र के मध्य स्थित मंदिर के चारों कोण में अष्ट भुजा वाली दुर्गा, गंगा-यमुना और विष्णु के विभिन्न अवतारों, जैसे- राम, वराह अवतार, वामन अवतार, नृसिंह अवतार तथा बद्रीनाथ जी आदि के चित्र बने हुए हैं।
गर्भगृह में पालनकर्ता लक्ष्मीपति भगवान विष्णु की श्यामवर्णी चतुर्भुजी मूर्ति है जिनके हाथों में शंख, चक्र, गदा और पद्म है। 12 खंबों से सुसज्जित महामंडप में श्रेष्ठ मूर्तिकला का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। आसन लगाकर बैठे भगवान श्री राजीवलोचन की प्रतिमा आदमकद मुद्रा में सुशोभित है। शिखर पर मुकुट, कर्ण में कुण्डल, गले में कौस्तुभ मणि के हार, हृदय पर भृगुलता के चिह्नांकित, देह में जनेऊ, बाजूबंद, कड़ा व कटि पर करधनी का सुअंकन है। राजीवलोचन का स्वरूप दिन में तीन बार बाल्यकाल, युवा व प्रौढ़ अवस्था में समयानुसार बदलता रहता है।
यहाँ से प्राप्त दो अभिलेखों से ज्ञात होता है कि इस मन्दिर के निर्माता राजा जगतपाल थे। इनमें से एक अभिलेख राजा वसंतराज से सम्बन्धित है, किंतु लक्ष्मणदेवालय के एक दूसरे अभिलेख से विदित होता है कि इस मन्दिर को मगध नरेश सूर्यवर्मा (8वीं शती ई.) की पुत्री तथा शिवगुप्त की माता 'वासटा’ने बनवाया था। राजीवलोचन मन्दिर के पास 'बोधि वृक्ष’के नीचे तपस्या करते बुद्ध की प्रतिमा भी है।
मन्दिर के स्तंभ पर चालुक्य नरेशों के समय में निर्मित नरवराह की चतुर्भुज मूर्ति उल्लेखनीय है। वराह के वामहस्त पर भू-देवी अवस्थित हैं। शायद यह प्रदेश से प्राप्त प्राचीनतम मूर्ति है।
राजिम से पांडुवंशीय कोसल नरेश तीवरदेव का ताम्रदानपट्ट प्राप्त हुआ था, जिसमें तीरदेव द्वारा 'पैठामभुक्ति’में स्थित पिंपरिपद्रक नामक ग्राम के निवासी किसी ब्राह्मण को दिए गए दान का वर्णन है। यह दानपट्ट तीवरदेव के 7वें वर्ष श्रीपुर (सिरपुर) से प्रचलित किया गया था। फ़्लीट के अनुसार तीवरदेव का समय 8वीं शती ई. के पश्चात् माना जाना चाहिए।
कुलेश्वर महादेव मन्दिर
राजिम में 'कुलेश्वर महादेव मन्दिर’भी प्रमुख है, जो की नौवीं शताब्दी में स्थापित हुआ था। यह मन्दिर महानदी के बीच में द्वीप पर बना हुआ है। इसका निर्माण बड़ी सादगी से किया गया है। मन्दिर के पास 'सोमा’ , 'नाला’और कलचुरी वंश के स्तम्भ भी पाए गए हैं।
 बरसात के दिनों में बाढ़ का पानी कई-कई दिनों तक मंदिर को डुबोए रखता है। मंदिर का आकार 37.75 गुना 37.30 मीटर है। इसकी ऊंचाई 4.8 मीटर है। मंदिर का अधिष्ठान भाग तराशे हुए पत्थरों से बना है। रेत एवं चूने के गारे से चिनाई की गई है। इसके विशाल चबूतरे पर तीन तरफ से सीढिय़ाँ बनी है। इसी चबूतरे पर पीपल का एक विशाल पेड़ भी है। चबूतरा अष्टकोणीय होने के साथ ऊपर की ओर पतला होता गया है। मंदिर निर्माण के लिए लगभग 2 कि.मी. चौड़ी नदी में उस समय निर्माताओं ने ठोस चट्टानों का भूतल ढूंढ निकाला था।
मामा—भांजे का  मंदिर
नदी के किनारे पर एक और महादेव मंदिर है, जिसे मामा का मंदिर कहा जाता है। कुलेश्वर महादेव मंदिर को भांजे का मंदिर कहते हैं। किवदंती है कि बाढ़ में जब कुलेश्वर महादेव का मंदिर डूबता था तो वहाँ से आवाज आती थी, मामा बचाओ। इसी मान्यता के कारण यहाँ आज भी नाव पर मामा-भांजे को एक साथ सवार नहीं होने दिया जाता है। नदी किनारे बने मामा के मंदिर के शिवलिंग को जैसे ही नदी का जल छूता है उसके बाद बाढ़ उतरनी शुरू हो जाती है।