मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 23, 2018

कच्चा प्रेम

कच्चा प्रेम
-पीहू

कच्चा है अभी प्रेम हमारा,
हालातों की भट्टी पर जब खूब पकेगी,
तब कहीं जाकर,
दृढ़ता-परिपक्वता के साँचे में ढलेगी।
तब तक
अभिमान-गलतफहमियों,
आरोपों-प्रत्यारोपों का
उत्सव मनेगा बड़ी धूमधाम से,
जोर होता है भावनाओं की हिलोर में,
तो लग जाती है किनारे पर,
वरना मझधार में ही
घर बसा लेते हैं टूटन रिश्तों के।
किसी वस्तु को
सौन्दर्य का आकार पाने में,
झेलने पड़ते हैं ना जाने
कितने इम्तेहान,
उफ्फफ......
सच है
गढऩा किसी तप से कम नहीं,
जो सह पाया है,
रह पाया है,
वही पाया है।

सम्पर्क: डॉ. बी. आर. अमबेडकर रोड, श्रीपल्ली, पलता, पो. ऑ. बंगार एनामल, जिला- 24 परगना, पिन- 743122, email- papiapandey@gmail.com

पाँच कविताएँ

आवारा सड़क पे
-डॉ. जया 'नर्गिस’
नए दर्द के कपड़े पहने
फिरता है आवारा सड़क पे
भर-भर धूप का प्याला पीकर
गिरता है आवारा सड़क पे

शाम ढले जब पंछी लौटें
दिल उसका रोता है
तारों के पंडाल तले
बीज आँसू के बोता है
घर तो उसका कोई नही
सोता है आवारा सड़क पे

बादल का गमछा है गले में
भरी हवा से जेबें
मन मतवाला स्वप्न सँजोए
खाकर सौ-सौ चोटें
धूल की लहरों पर कश्ती -सा
बहता हूँ आवारा सड़क पे

जी नहीं करता

रात की थाली में
परोसा हुआ
पूरा चाँद
चखने का आज
जी नहीं करता
मन पहले ही
अघाया हुआ है
दिन भर तोड़ी
सूरज की गर्म रोटी से।

बनाएँ रंग ऐसा

आओ चुल्लू भर पानी में
घोलें
बादल और धूप
बनाएँ रंग ऐसा
हालात हो कैसे भी
जिंदगी को जो
न होने दे बदरंग।

स्वाद वाली चटनी

माँ पीसती थी
सिल बट्टे पर
लाल मिर्च और प्याज के साथ
अपना दर्द
बनाती थी इनसे
ऐसी स्वादिष्ट चटनी
कि आँखों में आँसू
और जीभ पर स्वाद के
फूल खिल उठते थे
एक साथ।
कोई जान नहीं पाता था
स्वाद में बेमिसाल क्यों है
माँ की बनाई चटनी
अगली बार
जब फिर होती फर्माइश
'माँ बनाओ न लाल चटनी’
तो माँ चुपचाप
अपना दर्द पीसने बैठ जाती
और बनाती
फिर एक बार
अनोखे स्वाद वाली चटनी।

आसान नहीं होता

जो पहचान बनाई
खून-पसीने से
कैसे रख दूँ उसे गिरवी
जो खुद्दारी
पाई सौगात कुदरत से
उस पर
धूल कैसे जमने दूँ
जीने का मतलब तलाशने के बाद
मरना आसान नहीं होता
और
कौन सा मसला है ऐसा
जिंदगी के पास
जिसका हल नहीं होता

लेखक के बारे में- शिक्षा-पीएचडी, विधा-कविता, ग़ज़ल, कहानी, उपन्यास, बाल साहित्य, व्यंग्य, अब तक 15 पुस्तकें प्रकाशित। सम्मान- हिन्दी सेवी सम्मान, प्रथम विपिन जोशी प्रतिभा सम्मान। सम्प्रति-नेशनल इन्स्टीट्यूट आफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च भोपाल में म्यूजिक प्रोफेशनल के पद पर कार्यरत। सम्पर्क: इलेक्ट्रानिक डिपार्टमेंट, N ITTTR, शामला हिल्स भोपाल- 462002, मो. 9827624212, email- jayanargis@gmail.com

लाइक

लाइक
-विनय कुमार पाठक
अगर कहूँ कि अंगरेजी के मामले में अपना हाथ थोड़ा तंग है तो इसका मतलब शायद यह निकल जाए या निकाला जाए कि हिन्दी में अपना हाल ठीक है। दोनों भाषाओं में अपन राम हैं तो फिसड्डी ही, पर मातृभाषा मगही होने के कारण हिन्दी बोलना आसान पाता हूँ अंगरेजी की तुलना में। अंगरेजी बोलने में पता नहीं क्यों अपना स्वर यंत्र गड़बड़ाने लगता है, हड़बड़ाने लगता है, बड़बड़ाने लगता है। स्वर यंत्र के साथ साथ पूरे शरीर में कंपन होने लगती है। मुँह सूखने लगता है। यदि सूखने न लगे तो मुँह से झाग निकलने की स्थिति बन आती है। मस्तिष्क अंधकारमय हो जाता है और दिल धक धक गर्ल के दिल की तरह धक धक करने लगता है; जियरा डरने लगता है। पाँव शरीर का वजन उठाने से इंकारकरने लगते हैं।अपनी इस कमजोरी का फ़ायदा उठाकर मुझसे भी कम अंगरेजी जानने वाले मुझ पर रौब गांठने लगते हैं। कारण बस यही है कि अंगरेजी बोलते वक्त उनका स्वर यंत्र और भी खुल जाता है, मस्तिष्क प्रकाशमय हो जाता है, दिल में मैकाले की आत्मा का वास हो जाता है। श्रेष्ठ भाषा वादक होने के दर्प से उनका मुखमंडल दैदीप्यमान हो जाता है।
मुझसे भी कम अंगरेजी जानने वाले मुझ पर अंगरेजी का रौब गांठते हैं यह मुझे तब पता चला जब अपना लिखा अंगरेजी का एक लेख एक सज्जन के पास पीडीएफ फाइल में भेजा था। उन्होंने उसे पढ़कर बताया कि इसमें तो व्याकरण सम्बन्धी अनेक अशुद्धियाँ हैं। मैंने उनसे हिन्दी में आग्रह किया कि उदाहरण के लिए एक दो बता दो। मैं सुधार कर लूँगा। जनाब ने कुछ भी नहीं बताया पर एक अलग दांव फेंका। मुझसे वर्ड फाइल में लेख को माँगा। फिर रिव्यू में स्पेल्लिंग एंड ग्रामर विकल्प से एक दो गलतियाँ बताईं, जिसके बारे में मैंने उन्हें विनम्रता से बताया कि अमेरिकन और ब्रिटिश इंग्लिश में शब्दों के वर्तनी सम्बन्धी कुछ अंतर होते हैं। वर्तनी सम्बन्धी ही नहीं और भी कई अंतर होते हैं।बेचारे बड़े दुखी हुए कि अंगरेजी के दो वाक्य बोलने में थरथराने वाला शख्स उन्हें ब्रिटिश और अमेरिकन इंग्लिश समझा रहा है। जनाब न सिर्फ अंगरेजी फर्राटे से बोलते हैं, बल्कि दाढ़ी भी फ्रेंचकट रख रखी है और सर को नियमित रूप से मुँडवाते हैं ही। ऐसे आधुनिक फैशन परस्त और ताबड़तोड़ अंगरेजीवादक को मुझ जैसे निकृष्ट, अंगरेजी न बोल पाने वाले व्यक्ति से, अंगरेजी के बारे में किसी प्रकार की जानकारी होने के कारण कुछ ऐसा नागवार गुजरा कि उनकी मुखाकृति जो कभी-कभार वक्र होती थी अब स्थायी तौर पर वक्र हो गई प्रतीत होती है।
तो मैं अपनी अज्ञानता की बात इसलिए कर रहा था कि अंगरेजी में एक शब्द है लाइक जिसका जहाँ तक मुझे पता है अर्थ होता है पसंद करना। फेसबुक पर लाइक करने की सुविधा है। इस सुविधा का उपयोग लोग उसी प्रकार करते हैं जैसे लावारिस खड़ी स्कूटर के रियर व्यू मिरर में चेहरा देखने के लिए प्रयोग करते हैं या फिर उसके एक्सेलेरेटर को उमेठने का प्रयोग उसी अधिकार से करते हैं जैसे एक जमाने में शिक्षक छात्रों के कान उमेठने का कार्य करते थे।
कुछ ऐसे पोस्ट पर लाइक देखता हूँ तो मेरा अपने इस शब्द के बारे में ज्ञान के प्रति शंका होने लगती है। या फिर लाइक डिसलाइक के समझ के प्रति समझदारी पर संदेह होने लगता है।
उदाहरण के लिए एक सज्जन ने फेसबुक पर पोस्ट डाला- मेरी ममेरी बहन की मृत्यु हृदयाघात के कारण मात्र तीस वर्ष की उम्र में हो गई, न कोई दर्द न और कोई परेशानी, बस गुपचुप तरीके से मौत ने उसे दबोच लिया। अब इस पर सैकड़ों लाइक देखे गए। अब लाइक करने वाले किस बात को लाइक कर रहे हैं यह समझना मेरे लिए टेढ़ी खीर है। पोस्ट डालने वाले सज्जन की बहन की मृत्यु को लाइक किया गया या हृदयाघात से मृत्यु को लाइक किया गया या फिर सिर्फ तीस वर्ष की उम्र में मृत्यु में से किसी एक को या समग्र रूप से सम्पूर्ण घटना को लाइक किया गया यह मेरे समझ से परे हैं।
इसी प्रकार एक सज्जनी ने (सजनी कहना शायद असभ्यता का प्रतीक माना जाएगा) पोस्ट लिखा- आज हमारे पिताजी हमें रोता बिलखता छोड़ पंचतत्व में विलीन हो गए। इस पर भी लाइक की भरमार लग गई। वैसे भी देखा गया है कि महिला के पोस्ट पर लाइक कुछ ऐसे चिपकता है चुनाव के समय टिकट पर नेता। पर यहाँ भी बात मेरे समझ में नहीं आई कि लाइक किस बात को किया जा रहा है। पिताजी की पंचतत्व में विलीन होने को या रोता बिलखता छोड़ने को या फिर दोनों को।
वैसे लाइक के लिए फेसबुक ने आधा दर्जन विकल्प उपलब्ध करवा रखा है जिसमें एक उदास विकल्प भी है। पर हो सकता है ये विकल्प बाद में उपलब्ध करवाए गए हैं अतः इन पर लोगों का ध्यान नहीं जाता। यह भी हो सकता हो लोगों को यह बात बहुत पसंद और उदास के औसत निकालकर लाइक किया हो। या फिर हो सकता है लाइक करने वालों को सचमुच ही उन्हीं में से कोई एक बात लाइक हो जो मैं समझ पा रहाहूँ।तो इस लाइक के फंडे को मैं समझ नहीं पा रहा हूँ और इसफंदे को सुलझा नहीं पा रहा हूँ। अभी अभी एक श्रवणकुमार के कल्कि प्रतिरूप एक प्रोफ़ेसर के द्वारा ब्रेन हैमरेज से पीड़ित माँ की ह्त्या से संबंधित पोस्ट पर भी सैकड़ों लाइक दिखा। ऐसे लाइक करने वाले कहीं ऐसा न हो कि इस घटना से प्रेरित होकर कुछ नवोन्मेषी योजना बना रहे हों। कोई ऐसे योजना जिसमें प्रोफ़ेसर की तरह पकड़े जाने की आशंका न हो? इस परिस्थिति ने अपनी स्थिति बड़ी ही विचित्र बना दी है।अब यदि मैं इस दुविधा को फेसबुक पर अपलोड करूँ तो उसे भी लोग लाइक कर दें। और फिर मैं सोचता रहूँ कि किस बात को लाइक किया लाइक करने वाले ने- मेरे लाइक का फंडे को न समझ पाने को या फंदे को न सुलझा पाने को या मेरी स्थिति विचित्र बन जाने को।


लेखक के बारे मेः विभिन्न पत्रिकाओँ यथा सरिता, मुक्ता, सरस सलिल, गृहशोभा में रचानाएँ प्रकाशित| 'Besmirched God' (partridge publishing)  शीर्षक से लघु उपन्यास तथा उसका हिन्दी रूपांतरण 'निस्संग' (अंजुमन प्रकाशन) के नाम से प्रकाशित| 'एषणा' लघु उपन्यास यथार्थ प्रकाशन की सहायक कंपनी अनवरत प्रकाशन से | एक व्यंग्य उपन्यास 'यशोधनम' अयन प्रकाशन से। कथादेश में लघुकथाएँ, अट्टहास, परिंदे में व्यंग्य रचना तथा राजस्थान पत्रिका में कहानियाँ तथा लघुकथाएँ प्रकाशित। सम्पर्कः 2बी, ब्लॉक- एफ, जयश्री ग्रीन सिटी, पुन्दाग रोड, अरगोड़ा, राँची, झारखंड 834002, 9001895412, email- binaypathak1964@gmail.com

सच्चे योद्धा की भाँति

सच्चे योद्धा की भाँति
-बिभा कुमारी
समय देती है,
हर प्रश्न का उत्तर,
किन्तु धैर्य !
इसकी भी तो,
एक सीमा है.......
अपनी प्रत्यास्थता के आखिरी बिन्दु पर,
पहुँचकर,
खंडित सा होने लगता है धैर्य,
अभीष्ट समय की,
प्रतीक्षा में,
यह घड़ी,
जो वस्तुतः है,
प्रतीक्षा की घड़ी,
बन जाती है,
परीक्षा की घड़ी।
अपने अस्तित्व-रक्षार्थ,
कर्मभूमि में,
डटे रहना पड़ता है,
निरंतर उसी प्रकार,
जिस प्रकार,
एक सच्चे योद्धा को,
युद्धभूमि में।

बच्चों के प्रति हमारी बढ़ती जिम्मेदारी

बच्चों के प्रति हमारी
 बढ़ती जिम्मेदारी
-ज्योतिर्मयी पंत
जीवन में बचपन ही वह समय होता है जब खेल- कूद, मौज -मस्ती  और निश्चिन्तता  रहती है इसी समय बच्चों का शारीरिक -मानसिक विकास होता है, संस्कारों और आदतों की नींव पड़ती है। परन्तु भौतिक वाद, और बाजारवाद के युग में  सबसे अधिक पर बचपन पर ही पड़ा हैं। यह बचपन छीन ही  चुका है। इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं। बचपन की स्वच्छंद मौज- मस्ती से अनजान से बच्चे अब दो ढाई साल से ही  प्ले -स्कूल और नर्सरी में अनुशासन- बद्ध हो रहे हैं और फिर बस्तों के भारी बोझ तले दबते हुए भावी जीवन यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
इतना ही नहीं अब वे निरंतर पढ़ाई, सबसे आगे रहने के तनाव से भी परिचित हो गए हैं और कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
आजकल हर दिन बच्चों की समस्याएँ बढती ही जा रही हैं। अखबारों और मीडिया में अक्सर ख़बरें होती हैं। कहीं किसी बच्चे ने आत्म हत्या कर ली, कहीं बच्चे घर छोड़कर भाग गए या चोरी करते हुए पकड़े गए ,कहीं अपहरण हो रहे हैं। अब तो स्कूलों में तक छोटे बच्चों के साथ यौन शोषण और उनकी हत्याएँ भी होने लगी हैं।
 कुछ समय पूर्व तक इस प्रकार की घटनाओं से कम से कम बच्चे तो दूर थे। आज भले ही माता पिता अपनी संतानों के समुचित पालन पोषण की हर संभव कोशिश करते हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए बड़े नामी स्कूलों में प्रवेश दिलाते हैं। लेकिन जब उनके बच्चे इस तरह बुराइयों में फँस जाते हैं या अपनी जान तक गँवा बैठते हैं तो उनके अभिभावक ही नहीं और लोग भी दुखी और चिंताग्रस्त हो जाते हैं।
 यद्यपि कारण बहुत से हो सकते हैं किन्तु मुख्य कारण की विवेचना की जाए, तो सामने आता है माता -पिता के पास  बच्चों के साथ बिताने के लिए समय की कमी और उनकी बातें  सुनने समझने का अवसर न देना। बच्चे अपनी सारी बातें माता- पिता को बताना चाहते हैं पर बड़े व्यस्त होने के कारण उन्हें खेलने कूदने को कह देते हैं या डांट देते है। तब बच्चे या तो उदासीनता की गिरफ्त में आ जाते हैं या फिर जिद्दी से हो जाते हैं।
 जिन घरों में माता-पिता दोनों कार्य करते हैं और बच्चे या तो अकेले हो जाते हैं या नौकरों के भरोसे पलते हैं जहाँ उन्हें अपनापन मिलता है कई बार यहाँ भी बच्चों के साथ कुछ अनहोनी  ऐसी बातें हो जाती हैं। माता पिता अपना लाड़- प्यार  उनको महँगे उपहार देकर पूरा करते हैं। कहीं वे अपनी आकांक्षाएँ बच्चों से पूरी करवाना चाहते हैं। उनकी रुचि का ध्यान न रखकर उनसे उन विषयों को पढऩे को कहा जाता है, जिसमें उनकी रूचि ही नहीं होती।  आगे उनके हिसाब से कार्य क्षेत्र चुनने की जबरदस्ती की जाती है। बच्चों की सभी आवश्यक जरूरतों की पूर्ति माता- पिता कर देते हैं। उनकी पसंद के उपहार भी देते हैं किन्तु भावनात्मक रूप से दूर होते जाते हैं।
 मोबाइल फोन, नेट और अंतर्जाल की सुविधा जहाँ ज्ञानवर्धक है वहीं बच्चों को दिग्भ्रमित भी करती है। आजकल कुछ खेल भी जानलेवा सिद्ध हो रहे हैं, अत: माता पिता का यह अतिरिक्त कत्र्तव्य बनता  है कि वे इस बात का ध्यान रखें कि बच्चे इनका दुरुपयोग न करें। उनकी निगरानी अति आवश्यक है।
 उन्हें हर कक्षा में प्रथम आने को कहा जाता है और ऐसा न होने पर उन्हें अक्षम और अयोग्य कह दिया जाता है फिर वे अवसादित होकर कुछ अनचाहा कदम उठा लेते हैं। अब तो हमारी शिक्षा प्रणाली भी इसी तरह की हो गयी है। नब्बे प्रतिशत से ऊपर ही हर बच्चा लाये तो आगे कॉलेज में प्रवेश मिले। माता-पिता के अलावा शिक्षकों के पास भी इतना समय नहीं कि वे प्रत्येक बच्चे का ध्यान रख सकें। समर्थ लोग स्कूल से अधिक ट्यूशन पर भरोसा करने लगे हैं। बच्चे स्कूल, होमवर्क और ट्यूशन में ही सुबह से शाम तक व्यस्त रहते हैं और तनाव ग्रस्त भी। फिर भी सफल न होने पर आत्महत्या करने को उतारू हो जाते हैं। काश! ऐसे में उनके अभिभावक उन्हें सँभाल पाएँ या पहले ही अपने बच्चों की क्षमता पर भरोसा कर सकें तो ऐसी नौबत ही न आये। बाद में आजीवन पछतावा न हो।
अब समय की माँग है कि बच्चों को ऐसी  शिक्षा दी जाये कि वे यौन शोषण के शिकार न हो पाएँ। बाहर ही नहीं घरों में भी बच्चे इस तरह अपने सगे सम्बन्धियों द्वारा भी सताए जाते हैं और माता पिता से शिकायत करने पर उन्हें चुप रहने की ही सलाह दी जाती है। तब या तो वे लगातार इस तरह के दुष्कर्म में फँस जाते हैं या जीवन भर के लिए मानसिक कष्ट सहते हैं। अभिभावकों का ये कर्तव्य है कि बच्चों की समस्याएँ सुनें और उचित कारवाही करें।
  लड़के-लड़कियों को दूसरों के व्यवहार, अच्छे- बुरे स्पर्श के बारें में स्पष्ट बता दिया जाना चाहिए। अगर कभी इस तरह कोई शिकायत करे तो उनकी बात पर विश्वास करना चाहिए। माता- पिता हर समय हर जगह तो बच्चों के साथ नहीं रह सकते। इसलिए उन्हें भावी ख़तरों से बचाने के लिए शिक्षित करना आवश्यक है।
घर परिवार के बाद स्कूलों का भी उत्तरदायित्व बढ़ गया है। जहाँ पहले बच्चों को शिक्षा और अन्य कार्यक्रम स्कूल में सीखने को मिलते थे और शिक्षकों का कार्य होता था कि बच्चों को शिक्षा देकर, उनकी प्रतिभा निखारकर सफल नागरिक बना सकें। आजकल  शिक्षा भी एक व्यवसाय बन गयी है। पहले जैसा आदर सम्मान बच्चों के साथ स्नेह प्यार देखने को नहीं मिलता। कहीं बच्चों को निर्मम शिक्षकों द्वारा  इतना मारा- पीटा जाता है कि उन्हें स्कूल जाने में भय  लगता है और तो और अब यहाँ भी बच्चों के बलात्कार, यौन-शोषण की घटनाएँ निरंतर बढ़ रही हैं।
बच्चों के आपसी लड़ाई -झगड़े, मारपीट से बढ़कर अब स्कूलों में बच्चे मर्डर भी करने लगे हैं। ऐसे में उनका दायित्व बनता है कि स्कूल प्रबंधन सबकी सुरक्षा का ध्यान रखें। जाँच-पड़ताल , पुलिस -अदालतें बाद में चलती हैं पर जिनके मासूम बच्चे अपनी जान दे बैठे उनका दुख क्या कभी दूर हो सकेगा ?
 बच्चे अपने साथ हथियार लेकर स्कूल में पहुँचकर हत्या करते हैं , तो ऐसे में स्कूलों में इस तरह का प्रबंध हो कि प्रवेश स्थान में और स्कूल परिसर में कैमरा आदि उपकरण लगे हों और उनकी जाँच भी होती रहे कि वे काम कर भी रहे हैं या नहीं? बच्चों के बदले हुए व्यवहार या स्वभाव पर भी शिक्षकों का ध्यान रहे। किसी घटना के बाद जाँच करनेवाले ईमानदारी से अपना फ़र्ज निभाएँ। धन के लोभ में किसी निर्दोष व्यक्ति को सजा न हो बल्कि सच्चा दोषी पकड़ा जाए। ताकि आगे ऐसी घटना होने की आशंका न  रहे। और न्याय पालिका पर विश्वास बना रहे औद्योगिकीकरण और शहरीकरण के कारण संयुक्त परिवारों का विघटन होने से भी बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ा। परिवार में आपस के प्रेम, भाई-चारे, और मेलजोल की प्रवृत्ति कम हुई। लोग बुजुर्गों को बोझ समझ वृद्धाश्रम में छोड़ रहे हैं। यही सब बच्चे  देख और सीख रहे हैं।
 अब समय रहते समाज के सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए और अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।  जिससे हमारे  देश के भावी कर्णधार अच्छे नागरिक बन सकें।
सम्पर्क: गुरुग्राम, 09911274074, 
email- pant.jyotirmai@gmail.com