मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 19, 2017

दो लघुकथाएँ

1. टी-20 की सीरीज अनवरत
- कान्ता रॉय 
वह क्रिकेट की दीवानी थी।जैसे ही क्रिकेट लीग व टूर्नामेंट शुरू होता कि दिन भर की धमाचौकड़ी बंद। फिर तो कहीं और नज़र  ही नहीं आती, बस बैठ जाती टी वी के आगे। महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और गौतम गम्भीर ,बस ,दूसरा कुछ सूझता ही नहीं था उसे। सोफे पर चिप्स , कुरकुरे के ढेंरो पैकेट और दोस्तों की टोली, कहती क्रिकेट में दोस्तों के साथ हो तभी मजा आता है।
पिछली बार तो कितने सारे पॉपकार्न के पैकेट मँगाकर माँ को थमा दिएथे। उफ्फ! यह लड़की भी ना! माँ के पल्ले ना तो क्रिकेट,ना ही इसके तामझाम समझ में आते।
जवानी की दहलीज पर पैर रखते ही बहुत अच्छे घर से रिश्ता आ जाना, वह भी बिना दहेज के, पिता तो मानों जी उठे थे।
"अजी, क्या इतनी सी उम्र में बिट्टो को व्याह दोगे? अभी तो बारहवीं भी पूरी नहीं हुई है। क्या वह पढ़ाई भी पूरी ना करें!" माँ लड़खड़ाती आवाज में कह उठी। अकुलाई-सी माँ बेटी के बचपने को शादी की बलि नहीं चढ़ाना चाहती थी।
"देखती नहीं भागवान, वक्त कितना बुरा चल रहा है, बेटी ब्याह कर, निश्चिंत हो, गंगा नहाऊँ।कल का क्या भरोसा फिर ऐसा रिश्ता मिले ना मिले।" एक क्षण रुक, कहते-कहते पिता के नयन भी भर आए थे। हर बात में लड़ने झगड़ने वाली ऐसी चुप हुई कि आज तक मुँह में सहमी उस जुबान का इस्तेमाल नहीं किया।
बाबुल के घर से विदा होकर आए पिछले एक महीने में उसने एक बार भी मैच नहीं देखा है। उससे तीन साल बड़ी ननद देखती है क्रिकेट अपने भाइयों के साथ।
और वह क्या करती है? यहाँ तो उसकी जिंदगी क्रिकेट का मैच बनी हुई लग रही थी।
ससुराल का यह चार कमरों का घर बड़ा-सा क्रिकेट का मैदान दिखाई देता है उसे, जहाँ उसकी गलती पर कैच पकड़ने के लिए चारों ओर फिल्डिंग कर रहे परिवार के लोग।
विकेट कीपर जेठानी, सास अंपायर बनी उसके इर्द-गिर्द ही नज़र  गड़ाए रहती है। ननद, देवर,जेठ और ससुर जी सबके लिए वह बल्ला लेकर पोजीशन पर तैनात।
पति बॉलर की भूमिका में चौकस, और वह! बेबस, लाचार-सी बल्लेबाज की भूमिका में पिच पर, हर बॉल पर, रन बनाने को मजबूर। गलती होने पर कमजोर खिलाड़ी का तमगा और हूटिंग मिलती। आऊट होने पर भी बल्ला पकड़कर पिच पर बैटिंग करने को मजबूर।
दूर-दूर तक कहीं कोई चीयर्स लीडर नहीं।
कई दफा आँखें रोते-रोते लाल हो जाती है। आज भी नजरें बार-बार पवेलियन की ओर उठ जाया करती है, काश इस मैच में भी पवेलियन होता और उसे माता-पिता के पास  लौटना संभव होता!
2.खटर-पटर
ये दोनों पति-पत्नी जब भी बन-ठन कर घूमने निकलते तो कितने सुखी लगते हैं। एक-दूसरे से बेहद जुड़े हुए, बिना कहे एक दूसरे की मन को समझने वाले, फिर भी कभी-कभी इनके घर इतनी लड़ाई शुरू हो जाती है कि पूरे मोहल्ले में आवाज़ गूँजती है। जाने ये कैसे लोग है! अलगनी से सूखे कपड़े उतार, उसपर गीले कपड़े डालने लगी कि तभी सामने से आज वह अकेली आती दिखाई दी।कल रात भी खूब हंगामा मचा था उनके घर,  मन में क्या सूझा एकदम से पूछ बैठी, "नमस्ते शीलू जी, कैसी हैं?"
"अच्छी हूँ, आप सब कैसे हैं?"
आँखों में काजल लगाए उनके चेहरे पर रौनक छाई थी। झगड़े के वक्त कल भी इनकी आवाज़ सबसे अधिक थी।
"आप परेशान हैं क्या?" मन को जबर करके पूछा मैंने।
"नहीं तो! मैं तो कभी परेशान नहीं होती हूँ।"
"लेकिन मुझे लगा कि...!"
"क्या लगा, जरा खुलकर कहिए!"
"आप कहती हैं कि आपके पति बहुत अच्छे हैं, तो फिर आप दोनों की लड़ाई क्यों होती है?"
"अरे वो!" कहते-कहते वह जोर-जोर से हँसने लगी। मैं अकबकाई उसको पागलों जैसी हँसते देखती रही। मुझे लगा यह दुख की हँसी है...बस अब जरूर रोएगी..! लेकिन वह हँसती हुई कह पड़ी, "हम पति-पत्नी कभी नहीं लड़ते हैं, हमारी बॉन्डिंग मजबूत है।"
"लेकिन वह चीख-चिल्लाहट से भरी झगड़े की आवाज़ तो अक्सर सुनती हूँ।
"हाँ, होती है। लेकिन हमारे घर लड़ाई हम पति-पत्नी की नहीं बल्कि मर्द और औरत में होती है।" कहते हुए महकती-सी गुज़र गई। मेरे सूखे कपड़ों पर गीले कपड़े बिछ जाने की वजह से पूरे कपड़े गीले हो गए। मैंनें अलगनी पर सूखने के लिए सबको छोड़ दिया।
अब मुझे एक नया मेनिया हो गया है, अब जब किसी जोड़े से मिलती हूँ तो उस खुशहाल पति-पत्नी में छुपे मर्द-औरत को तलाशने लगती हूँ।

लेखक परिचयः जन्म दिनांक- २० जुलाई, १९६९ जन्म स्थान- कोलकाता, शिक्षा- बी. ए., लेखन की विधाएँ - लघुकथा , कहानी, कविता और आलोचनाएँ, सामाचार सम्पादक: सत्य की मशाल (राष्ट्रीय मासिक पत्रिका), प्रकाशन : घाट पर ठहराव कहाँ (लघुकथा संग्रह), पथ का चुनाव (लघुकथा संग्रह)
सम्पर्कः  मकान नम्बर-21, सेक्टर-सी सुभाष कालोनी, नियर हाई टेंशन लाइन, गोविंदपुरा, भोपाल- 462023, फोन– 9575465147, Email- roy.kanta69@gmail.com

सोच

 सोच 
-डॉ.पूर्णिमा राय
जैसे ही शीतल  बस से उतरी ,एक रिक्शावाला उसके साथ-साथ चल पड़ा।मैडम जी ,कहाँ जाना आपको ?मैं लिये चलता हूँ ।घृणित दृष्टि से शीतल ने उस युवा रिक्शेवाले को देखते कहा,"मैं तुमसे रोज कहती हूँ ,मुझे नहीं बैठना तुम्हारे रिक्शा के ऊपर,फिर भी तुम रोज सिर खाने चले आते हो ?क्यों वक्त बर्बाद करते हो?"मैं तुम जैसे लफंगों को अच्छी तरह पहचानती हूँ।"
"ऐसा नहीं है मैडम !!
"मैडम,आप एक अच्छे घर की लड़की हैं।जमाना खराब है।युवा रिक्शेवाला बोला!"
"हुँह् ,बड़ा आया मुझे समझाने वाला!!"
तेज रफ्तार से चलती शीतल ने शीघ्रता से सड़क पार खड़े दूसरे रिक्शा को आवाज़ देते हुए कहा,
"ओ रिक्शा वाले,माल रोड,चलो जल्दी!मैं कॉलेज के लिए लेट हो रही हूँ ।"
अधेड़ावस्था के रिक्शेवाले ने अपनी मूँछों को ताव दिया,गले में पहना गमछा सँवारा।शीतल का दुपट्टा पकड़ते हुये बोला,"इतनी जल्दी क्या है मेरी जान।"
घबराई हुई शीतल कभी उस युवा रिक्शेवाले को देख रही थी और कभी अधेड़ अवस्था के रिक्शेवाले को!! 
 सम्पर्कः अमृतसर (पंजाब), मो.-7087775713, 

दो कविताएँ

1. बस एक ही ठिकाना
- सीमा जैन

पर्वतों की चोटी,
सागर की तलहटी,
कई जगह थी रहने की,
छुपकर शांति से जीने की।

ईश्वर जानते थे,
सब देवों को समझते थे,
मैं कही भी जाऊँ,
इन्साँ मुझे खोज ही लेगा।

मुझे चैन से नहीं रहने देगा,
बस एक ही ठिकाना है,
जहाँ उसे नहीं आना है,
वह उसका अपना अन्तस् है।

जो बुराइयों को छोड़ते जाते,
मैं चमकने लगता हूँ,
सिर्फ उनको ही मिल पाता हूँ।

बहुत कम मुझसे मिल पाते हैं,
बाहर दौड़ते,
सबको रौंदते,
भटकते हैं।

मैं सबके पास,
पर कुछ,
मुझ तक  पहुँचतें हैं।
-0-


2. तेरे वास्ते
सूरज से आशा,
चाँद से भाषा,
शब्दों की माला,
है तेरे वास्ते।
तारों की चादर,
लहरों की पायल,
जुगनू ने रास्ते,
बनाए तेरे वास्ते।

रातों में दिए,
हाथों में लिए,
अँधेरे चीर दूँ,
मैं तेरे वास्ते।
प्यार का पल,
आज और कल,
दिल का सुकून,
बनूँ तेरे वास्ते।

तेरी आँखों में,
तेरी यादों में,
मेरा छोटा-सा घर,
तेरे दिल के रास्ते।

साँसों की डोर,
दुआओं के छोर,
कभी न खाली,
हों तेरे वास्ते।

सम्पर्क- फ्लैट न. 201, संगम अपार्टमेंट, माधव नगर, ग्वालियर-9, फोन-09479311077, 08817711033, Email- seema.jain822@gmail.com

पाँच कविताएँ

बहुत खुश है नदी
गोवर्धन यादव

1
आकाश में-
उमड़ते-घुमड़ते बादलों को देख
बहुत खुश है नदी, कि
उसकी बुढ़ाती देह
फ़िर जवान हो उठेगी.
चट्टानों के बीच गठरी सी सिमटी
फ़िर कल-कल के गीत गाती
पहले की तरह बह निकलेगी.
2
अकेली नहीं रहना चाहती नदी
खुश है वह यह सोचकर, कि
कजरी गाती युवतियाँ
सिर पर जवारों के डलिया लिये
उसके तट पर आएँगी
पूजा-अर्चना के साथ, वे
मंगलदीप बारेगीं
उतारेगीं आरती
मचेगी खूब भीड़-भाड़
यही तो वह चाहती भी थी.
3)
पुरुष धोता है अपनी मलिनता
स्त्रियाँ धोती है गंदी कथड़ियाँ
बच्चे उछल-कूद करते हैं -
छपाछप पानी उछालते
गंदा होती है उसकी निर्मल देह
फ़िर भी यह सोचकर
खुश हो लेती है नदी,कि
चाँद अपनी चाँदनी के साथ
नहाता है रात भर उसमें उतरकर
यही शीतलता पाकर
उसका कलेजा ठंडा हो जाता है.
4
“नदिया जरा धीरे बहो”
गीत गाता कवि-
उससे ठहरकर बहने को कहता है
नदी कल-कल कहते हुए
बढ़ जाती है आगे बिना रुके
देते हुए संदेश
बहते रहना ही जीवन है
और रुक जाना मौत.
इसलिए वह अविरल बहती रहती है.
5
पसंद नहीं है
नदी को बँधकर रहना
फिर भी -
बनाए जा रहे हैं बड़े-बड़े बांध
रास्ता रोकने में पारंगत आदमी
खुश हो लेता है अपनी ओछी मानसिकता पर
शायद नहीं जानता वह, नदी का क्रोध
पूरे वेग के साथ तोड़ती हुई अवरोध
बह निकलती है पूरी नदी.
(६)
जल है तो कल है,
जल है तो जीवन है
जल है तो अर्पण है
जल है तो तर्पण है
जल है तो समर्पण है
जल है तो आकर्षण है
जल है तो  मंगल है
जल है तो जंगल है
नहीं होगा जब जल
तो जल जाओगे तुम सब
कहती है नदी हमसे
समय है अभी भी
संभल सको तो सँभल जाओ.
(७)
जनम-जनम से नाता है
नदी और पेड़ का
सहोदर है दोनों
जब कटता है कोई पेड़
तो रोती है नदी चीख-चीखकर
कोई बहन भला
कटते हुए देख सकती है अपने भाई को
लेकिन मदांध आदमी
चलाता है कुल्हाड़ी निर्ममता से
जब पेड़ नहीं होंगे, तो
नदी भी नहीं होगी
जब नदी नहीं होगी
तो जीवन भी नहीं होगा. 
Email- goverdhanyadav44@gmail.com

इंद्रधनुष

 इंद्रधनुष 
-विजय जोशी
हम सबने प्रकृति की अनुपम देन इंद्र धनुष को देखा है। अपनी सतरंगी छटा बिखेरते हुए जब वह आकाश में उभरता है तो हम सबके अंदर का मन मयूर नाच उठता है। इसमें हर रंग का न केवल समायोजन है बल्कि उसके पीछे एक संदेश भी है ।
पहला रंग लाल: गुलाब के फूल या खून के रंग के अनुरूप यह रंग शृंगार, प्रेम, रोमांस व जोश का प्रतीक है। गुलाब की सुंदरता व सुंगध तन, मन दोनों को खुशी से सराबोर कर देती है।
दूसरा रंग नारंगी: फलों, शरद ऋतु एवं सूर्यास्त को दर्शाने वाला यह रंग जीवन में शांति का संदेश देता है।
तीसरा रंग पीला: सूर्य की चमक, सुर्ख, सूरजमुखी जैसे फूलों की आभा से युक्त यह रंग मूलतः प्रसन्नता का संदेश स्वयं में समायोजित करते हुए हमें जीवन में खुशी का संदेश प्रदान करता है।
चौथा रंग हरा:  धरती पर हर ओर नर्म दूब की आभा लिये, पेड़ों, मैदानों, वनों हर ओर अपनी प्राकृतिक छटा वाला यह रंग इंसान को कुदरत के योगदान का संदेश प्रदान करता है।
पाँचवाँ रंग नीला:  विस्तृत आकाश पर एक सिरे से दूसरे सिरे तक दृश्यमान यह रंग हमें जीवन में पटल या कैनवास को बड़ा करते हुए उस पर अच्छे व परहितकारी कार्य की कूँची से पावन संदेश लिखकर उसे सार्थक करने का प्रयोजन बनता है।
छठा रंग नीलवर्णी (इंडिगो): रात का साथ निभाता यह रंग सुखद सपनों के सुख का अहसास देते हुए हमें अपने तथा दूसरों के साथ उसी अहसास को बाँटने का प्रयोजन करता है।
सातवाँ रंग बैंगनी: शांति और समृद्धि से सुसज्जित यह रंग समुद्र की गहराई का सूचक है जो हमें  जीवन में न केवल गहराई का महत्व समझाता है अपितु हमारे चरित्र को भी गहन गंभीर बनाने की प्रेरणा का वाहक बनता है।
      यह तय है कि जीवन तो एक सतरंगी इंद्रधनुष है पर याद रखिए- जब तक आप अपने व्यक्तित्व में अच्छाइयों का संग्रहण बादल के स्वरूप करके उसकी बारिश अपनों पर नहीं करेंगे, तब तक न तो जीवन में इंद्रधनुषी छटा बिखरेगी और न वह रंगीन आभा, जो खुद को तथा दूसरों को आनंद दे सकती है। यही है इंद्रधनुष से प्राप्त वह तीन सूत्रीय संदेश पहला अच्छाइयों का संग्रहण, दूसरा अपनों पर उसकी बरसात तथा तीसरा इनसे उपजी इंद्रधनुषी आभा का अपनों के साथ आनंद।

सम्पर्कः 8/ सेक्टर-2, शांति निकेतन (चेतक सेतु के पास) भोपाल- 462023, मो. 09826042641, E-mail- v.joshi415@gmail.com