मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Aug 15, 2017

दो लघुकथाएँ

1. लड़ाई
- ख़लील जिब्रान, अनुवाद: सुकेश साहनी

उस रात महल में दावत थी। तभी एक आदमी वहाँ आया और राजा के सम्मुख दण्डवत् हो गया। दावत में उपस्थित सभी लोग उसकी ओर देखने लगे- उसकी एक आँख फूटी हुई थी और रिक्त स्थान से खून बह रहा था।
राजा ने पूछा, 'यह सब कैसे हुआ?’
उसने उत्तर दिया, 'राजन मैं पेशेवर चोर हूँ। पिछली अँधेरी रात को मैं चोरी के इरादे से एक साहूकार की दुकान में गया था। खिड़की  पर चढ़कर भीतर कूदते समय मुझसे भूल हो गई और मैं जुलाहे की दुकान में कूद पड़ा और लूम से टकराकर मेरी आँख निकल गई। राजन मैं आपसे न्याय की अपेक्षा रखता हूँ।‘
यह सुनकर राजा ने जुलाहे को पकड़  मँगवाया और उसकी एक आँख निकाल देने का आदेश दिया।
'राजन!’ जुलाहे ने कहा, 'आपका फैसला उचित है। मेरी एक आँख निकाल ली जानी चाहिए। लेकिन अफसोस! मुझे अपने हाथ से बुने कपड़े को दोनों ओर से देखने के लिए दोनों आँखों की जरुरत होती है। हुजूर, मेरे पड़ोस में एक मोची है, उसकी दो आँखें हैं उसे अपने काम के लिए दोनों आँखों की जरूरत नहीं पड़ती है।‘
सुनकर राजा ने मोची को तलब किया और उसके आते ही उसकी एक आँख निकालवा दी।

2. हरेक में

एक बार मैंने धुंध को मुट्ठी में भर लिया।
जब मुट्ठी खोली तो देखा, धुंध एक कीड़े में तब्दील हो गई थी।
मैंने मुट्ठी को बंद कर फिर खोला, इस बार वहां एक चिडिय़ा थी।
मैंने फिर मुट्ठी को बंद किया और खोला, इस बार वहाँ उदास चेहरे से ऊपर ताकता आदमी खड़ा था।
मैंने यह क्रिया फिर दोहराई तो इस बार मुट्ठी में धुंध के सिवा कुछ नहीं था–पर अब मैं बहुत मीठा गीत सुनने लगा था। इससे पहले मैं खुद को इस धरती पर रेंगने वाला निरीह प्राणी समझता था। उस दिन मुझे पता चला कि पूरी पृथ्वी और उस पर का जीवन मेरे भीतर ही धड़कता है।

आप जो सोच रहे हैं वह टाइप हो जाएगा!!

आप जो सोच रहे हैं वह टाइप हो जाएगा!! 
- सुबोध जोशी
विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों के जीवन की गुणवत्ता, सक्रियता और गरिमा बनाए रखने और बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक निरंतर प्रयास कर रहे हैं। किसी बीमारी, स्वाथ्य सम्बंधी समस्या, अंगभंग, विकलांगता आदि के कारण प्रभावित व्यक्ति सामान्य ढंग से वह कार्य नहीं कर पाते जो सामान्य व्यक्ति सहज ही कर लेते हैं। किंतु यदि कार्य के तरीके में ऐसे व्यक्तियों की स्थिति के अनुरूप परिवर्तन किए जाएं और उसके लिए विशिष्ट तकनीकी साधन उपलब्ध कराए जाएँ तो, अलग ढंग से ही सही, ये व्यक्ति भी वे कार्य कर सकते हैं। ऐसे विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों को उनकी विशेष आवश्यकता के अनुरूप साधन मिल जाएँ तो वे उसी कार्य को अलग ढंग से करने में सक्षम (भिन्न सक्षम) हो जाते हैं। परिणाम यह होता है कि वे भी सक्रिय और उपयोगी हो जाते हैं जिससे उनके जीवन की गुणवत्ता और गरिमा बनी रहती या बढ़ती है।
छड़ी, बैसाखी, व्हीलचेयर, वॉकर, तिपहिया साइकिल, ऐनक, श्रवण यंत्र, ब्रेल उपकरण, कैलिपर आदि बहुत-सी चीज़ें हैं, जिन्हें हम अपने आसपास कई लोगों को इस्तेमाल करते हुए रोज़ ही देखते हैं। देखने में ये सारे उपकरण बहुत साधारण प्रतीत हो
ते हैं लेकिन जो व्यक्ति इन्हें इस्तेमाल करते हैं
, उनमें से प्रत्येक के लिए ये अत्यधिक महत्त्वपूर्ण सहायक उपकरण हैं। छड़ी जैसी अत्यंत साधारण चीज़ का महत्त्व समझने के लिए ज़रा यह समझने की कोशिश करें कि छड़ी के सहारे चलने वाले व्यक्ति की स्थिति छड़ी के बिना कैसी होगी? इसी तरह कृत्रिम अंग भी बेहद सहायक होते हैं।
आधुनिक विज्ञान विशेष आवश्यकताओं वाले व्यक्तियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर पैनी निगाह रखे हुए है और निरंतर यह प्रयास कर रहा है कि हर एक चुनौती का हल खोजा जाए। कोशिश यह है कि मौजूदा उपकरणों को बेहतर बनाया जाए और नई तकनीकें भी खोजी जाएँ। विशेष आवश्यकता वाले व्यक्ति के लिए विज्ञान और तकनीकी किस तरह आश्चर्यजनक रूप से सहायक हो सकते हैं इसे समझने के लिए प्रख्यात वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग के बारे में इंटरनेट के माध्यम से जानना लाभप्रद होगा।
ऐसे ही वैज्ञानिक प्रयासों में से एक है पैरालिसिस ग्रस्त व्यक्तियों के लिए एक ऐसा टाइपिंग उपकरण जो व्यक्ति के दिमाग को पढ़कर वह सब टाइप कर देगा जो वे टाइप करना चाहते हैं लेकिन अपने हाथ से नहीं कर सकते। इसे माइंड-रीडिंग टाइपिंग टूल कह सकते हैं। यह उपकरण कैलिफोर्निया स्थित स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मेडिसिन ने विकसित किया है। प्रायोगिक तौर पर इसकी सहायता से तीन व्यक्तियों ने सिर्फ विचारों के माध्यम से कंप्यूटर पर टाइपिंग करने में सफलता हासिल की है। वे टाइपिंग का यह काम अपनी उंगलियों से नहीं कर पाते। इनमें से दो व्यक्तियों को मोटर न्यूरॉन डिसीज़ या एएलए है और एक को स्पाइनल कॉर्ड क्षति है जिसके कारण ये अपने हाथ-पैरों का इस्तेमाल करने में असमर्थ हैं और यह भी संभव है कि एएलए ग्रस्त व्यक्ति में भविष्य में बोलने की क्षमता भी ना रहे। अब तक विकसित किए गए उपकरणों में यह टाइपिंग के लिए सबसे तेज़ साबित हुआ है।
जिन व्यक्तियों की बोलने की क्षमता नहीं रहती वे अपने सर, गाल या आँख की हरकत से खास उपकरण की सहायता से कंप्यूटर के स्क्रीन पर अक्षर चुन सकते हैं, जैसा स्टीफन हॉकिंग के लिए इंतज़ाम किया गया है। किंतु दिमाग से सीधे मशीन को संकेत मिल जाएँ और कार्य हो जाए ऐसी इंटरफेस तकनीकें विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं जिसका परिणाम स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की इस टीम की सफलता के रूप में सामने आया है।
इस तकनीक में व्यक्ति के दिमाग के प्राइमरी मोटर कॉर्टेक्स एरिया में छोटा-सा सिलिकॉन पैच लगाया गया। दिमाग का यह हिस्सा शारीरिक हलचल का नियंत्रण करता है। इस सिलिकॉन पैच को तार द्वारा कंप्यूटर से जोड़ा गया। व्यक्ति के दिमाग में अपने शरीर के विभिन्न अंगों को चलाने के बारे में उठने वाले विचारों को कोड के रूप में यह प्रणाली सीधे कंप्यूटर में पहुँचा देती है और कंप्यूटर इसे डिकोड/पढ़ कर स्क्रीन पर कर्सर चलाने लगता है। स्क्रीन पर दिखने वाले की-बोर्ड की मनचाही की पर कर्सर ले जाकर अक्षर, अंक और चिन्ह आसानी से टाइप किए जा सकते हैं। यह सब सिर्फ विचार की सहायता से हो जाता है, व्यक्ति को खुद किसी भी प्रकार की शारीरिक क्रिया नहीं करनी पड़ती।
इस शोध की सफलता के बाद अब इस तकनीक में सुधार के प्रयास जारी हैं ताकि टाइपिंग की गति बढ़ाई जा सके। दिमाग से मिलने वाले विचार-संकेतों को कंप्यूटर जितनी तेज़ी से डिकोड कर सकेगा टाइपिंग भी उतनी ही तेज़ी से होगी। दिमाग के मोटर कॉर्टेक्स की कार्य प्रणाली को वैज्ञानिक जैसे-जैसे और अधिक समझने लगेंगे वैसे-वैसे कंप्यूटर पर विचार-संकेतों की डिकोडिंग की गति बढ़ाना संभव होता चला जाएगा।
यह प्रणाली उपयोग में भी आसान है। तीनों व्यक्तियों ने एक दिन में ही कर्सर को अच्छी तरह चलाकर कंप्यूटर पर शब्द टाइप करना सीख लिया। वे औसतन छह से आठ शब्द प्रति मिनट टाइप करने लगे जो कि पहले अपनायी गई इंटरफेस तकनीक से दो से चार गुना तेज़ है। शोधकर्ताओं का कहना है कि तकनीक में सुधार के साथ सामान्य व्यक्ति द्वारा हाथ से की जाने वाली टाइपिंग की गति की आधी गति से टाइपिंग इस तकनीक की सहायता से जल्दी ही संभव हो जाएगी।
इस तकनीक को अधिक तेज़, भरोसेमंद और पोर्टेबल बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं। इसे बेतार (वायरलेस) कनेक्टिविटी से सुसज्जित कर दिया जाए तो शायद और बेहतर होगा। अलग-अलग शोध केन्द्रों पर विकलांगों का जीवन सहज स्वाभाविक बनाने के लिए किए जा रहे वैज्ञानिक प्रयासों से भविष्य में अनेक प्रकार की नई तकनीकें विकसित होने की उम्मीद है। दिमाग से इलेक्ट्रोड को सीधे मांसपेशियों में जोड़कर बेकार हो चुकी भुजाओं को पुन: सक्रिय बनाने के प्रयास जारी हैं और सफलता की खबरें भी आ रही हैं।
बायोनिक भुजाएँ विकसित करने के शोध भी हो रहे हैं। चिकित्सा विज्ञान के साथ इंजीनियरिंग और टेक्नॉलॉजी क्षेत्र के विशेषज्ञों के साझा प्रयासों से यह सब संभव हो रहा है। (स्रोत फीचर्स)

मंगल ग्रह पर पानी

मंगल ग्रह पर पानी 
                - सुशील यादव
बेटर-हाफ ने लगभग अंतिम चेतावनी का ऐलान किया, खाना लगा रही हूँ, अब आते हैं, या वहीं नेट में थ्रू 'व्हाट्स-एप’ भिजवा दूँ? पता नहीं सुबह से शाम क्या सर्च करते रहते है, जो खतम होने का नाम नहीं लेता?
बताएँगे भी, सुध-बुध खोकर, जी-प्राण देकर, वहाँ ऐसा क्या देखते रहते हैं...? इतना कभी, अपनी गुमी हुई बछिया को ढूँढ़े होते तो, आज बकायदा उसकी दूसरी पीढ़ी के दूध खाते-पीते रहते।
उसके तरकश से, अगला तीर निकले, इससे पहले बोल पड़ता हूँ, तुम साइंस नहीं पढ़ी हो न, क्या समझोगी...? नेट में क्या-क्या नहीं है? नेट-वेट की चेटिंग-सर्फिंग करके देखो, पड़ौसियों की चुगली-चारी की जुगाली भूल जाओगी !
चलो...! चेटिंग-सर्फिंग, बाद में होते रहेगी, खाना लगा रही हूँ, खाते-खाते बात कर लेंगे।
एक संस्कारी भारतीय नारी ने, अपने सुहाग-श्री के सम्मुख झिझकते हुए, खिचड़ी परस दी। मैंने कोफ्त में कहा आज फिर खिचड़ी? किसी रोज, रात का खाना, ढँग का तो खिला दिया करो? हद करती हो इसी खाने के लिए इतनी देर से चिरौरी कर रही थी...?
खाना ढँग का अगर माँगते हैं, तो जनाब, ज़रा मार्केट से तरकारी, भाजी, मछली, अंडा, प्याज, पनीर और टमाटर ला के फ्रीज में डाल भी दिया करें? मुझे पकाने की फुरसत ही फुरसत है।
देखो ! खाने-खिलाने का रंग-ढंग बदलो नहीं तो मैं, 'मंगल’ की तरफ चल दूँगा कहे देता हूँ? अपने विद्रोह का पहला बिगुल फूँक दिया।
क्या ख़ाक, मंगल भाई के पास जाएँगे?
बड़ा घरोबा पाले रखते थे न? ट्रासफर हो के गये, आज तीसरा-महीना चल रहा है, मुड़कर नहीं देखे वे लोग? सब मतलबी होते हैं, ऐसों के क्या मुह लगना? फिर ये क्या अचानक, आपको उन तक जाने की सूझ रही है? हाँ अब अगर जा ही रहे हैं तो, वापिस आते समय अपना टिफिन, गिलास चम्मच लाना मत भूलना। हमने 'मंगलीं महारानी’ को जाते समय, खाना पैक कर के दिया था, उनको कायदे से सामान वापस भिजवाने की नहीं बनती क्या?
अरे मै 'पांडे वाले मंगल’ की नहीं कह रहा हूँ डोबी ...! मंगल ग्रह की बोल रहा हूँ... मंगल ग्रह ... वो... उधर... ऊपर आसमान देख रही हो? वो जो यहाँ से करोड़ो मील दूर है। नव-ग्रहों में से एक, उसकी ...समझीं?
इधर तुम, मेरी रोज की चिक-चिक से परेशान रहती हो न...? रिटायरमेंट के बाद न समय पर शेव करता हूँ, न नहाता हूँ, न खाता हूँ। दिन भर, घंटे दो घंटे बाद, तुम्हे तंग करने के नाम, चाय की फरमाइश किये रहता हूँ? ऊपर से, ये लैपटॉप को दिन-रात गले लगाए फिरता हूँ सो अलग ...अब इन सब से एकमुश्त छुटकारा पा लोगी, क्यों ठीक रहेगा कि नहीं?
तुम्हे मालूम है, वैज्ञानिकों ने मंगल में पानी ढूँढ़ निकाला है। पानी का मतलब वहाँ जीवन बसने-बसाने के आसार पैदा हो गए हैं। बहुत सारी एजेंसियाँ 'मंगल गढ़Ó में जाने वालों की बुकिंग शुरू करने वाले हैं। अच्छी-अच्छी स्कीम चल रही है। एक के साथ एक फ्री वाला भी है ...क्यों चलोगी? हाँ टिकट मगर एक साइड का ही मिलेगा।
एक साइड का टिकट ...ऐसा भला क्यों?
वो ऐसा है कि उधर बस जाना ही जाना होगा वापिसी के लिए अभी कोई शटल- यान डिजाइन नहीं हुआ है। जाने वाले उत्साही-स्वैच्छिक लोगों की कतार, अभी नहीं लगी है इसलिए रियायती दर का ऐलान हुआ है।
जिनके बैंक खाते में फक्त बीस-लाख है, वे एप्लाई कर सकते हैं। 'नासू-मेनेजमेंट’ पांच सौ प्रतिशत की सब्सीडी देगी। हम इडियन मेंटीलिटी वे जानते हैं। 'सब्सीडी’ के नाम पर बिछ-बिछ जाते हैं। सेल और डिस्काउंट के नाम पर घटिया चीजों को बटोरना जैसे अपनी आदत बन गई है। खाने-पीने के सामान में, एक में एक फ्री का आफर मिले तो हर वो चीज खरीदने की कोशिश करते हैं, जिसके नहीं खरीदने से सैकड़ों बीमारी से बचा जा सकता है।
बोलो 'बुक’ करा दूँ?
पहले बताओ तो, उधर 'स्पेशल’ क्या है?
स्पेशल-वगैरा तो कुछ भी नहीं, उलटे वहाँ कष्ट ही कष्ट है। जैन मारवाड़ी लोगों को संलेखना-संथारा करते देख के मेरे मन में विचार आया, कि जीवन को समाप्त करने का 'मंगल-अभियान’ भी एक तरीका हो सकता है। वहाँ अभी फिलहाल पानी है बस। वहाँ की ग्रेविटी यहाँ से कम है, हम अस्सी किलो के जो यहाँ हैं उधर अस्सी-ग्राम के हो रहेंगे।
इतना वजन उधर जाते ही कम हो जाएगा ..अरे वाह? तब तो अच्छा है ...अपने 'मोटे-फूफा’ को भी साथ ले जाना। वे सब प्रयोजन कर डाले, वजन कम होने का नाम ही नहीं लेता उनका। अब उनके बारे में, यूँ कहें कि, बाहर निकले पेट देख के, आठ नौ महीने की गर्भवती का चेहरा घूम जाता है तो बड़ी बात नहीं होगी।
अच्छा ये तो बताओ, उधर आप रहोगे कहाँ...भला खाओगे क्या? इधर नाश्ते में दस मिनट देर हो जाती है तो आप आसमा सर पे उठा लेते हो...बोलो गलत कह रही हूँ?
इसी एक प्रश्न ने मुझे खुद भी 'खासा’ परेशान कर रखा है।
मैंने कहा, नाशपिटों ने एक रिसर्च विंग इस काम पर लगा दिया है। वे लोग तरह तरह की, होम्योपैथी गोली, माफिक गोलियाँ तैयार करने में लगे हैं। अलग-अलग स्वाद वाली गोलियाँ किसी में बिरयानी, कहीं इडियन रोटी, इतालियन पिज्जा, चाइनीज नूडल्स और तो और देशी फाफडा, जलेबी, गुलाब जामुन, इडली, बड़ा, साम्भर, ये सब। वे उधर जाने वाले आदमी और उनके देश की आवश्यकतानुसार सबमे बाँट दिए जायेंगे। नाशपिटे मार्कटिंग में बड़े तेज रहते हैं।
रहने के लिए वहाँ एक केपसूल होगा, जो बाहर की तेज हवा, ठंड,धूल की आँधी से बचाव करता रहेगा। नाशपिटे के लोग नीचे से स्क्रीन में बताते रहेंगे, कब क्या करना है। उधर ये लैपटॉप, मोबाइल सब बेकार हो जाएँगे। किसी का कोई काम और रोल नहीं रहेगा।
वहाँ पेट्रोल नहीं है, वरना पुरानी लूना ले जाता, खैर आसपास चक्कर मारने के लिए सायकिल तो रखवा लेंगे।
वहाँ की फसल कैसी होगी, ये गौर करने की बात होगी।हम अपने देश की लौकी सेमी, मिर्ची आदि के बीज ले जाने की अनुमति ले लेंगे। अमेरिका वाले आनाकानी किये तो भी देशी स्टाइल में, चोरी छिपे ले जाने की कोशिश कर देखेंगे।
एक बात तो तय है कि इधर के निखट्टू को भी उधर नोबल पुरस्कार से नवाजा जा सकता है बशर्ते किसी के प्रयास से सेम के बीज से, पहली बेल, मंगल की जमीन में सनसनाते हुए उग जाए?
पत्नी का चेहरा रुआसा सा हो गया। आँखे पोछते सुबकते हुए बोली क्या जरूरत है उधर जाने की, संथारा के चक्कर में क्यों पड़ते हो जी? रुखी सूखी जो अपनी जमीन में मिल रही है उसी में संतोष करो ना जी ...उसके हर वाक्य के अंत में 'जी’ लगते हुए काफी अरसे बाद सुना तो, शादी के शुरुआती दिन याद आ गए।
फिर थाली को हाथ से वापस खीचते हुए बोली, ये खिचड़ी हटाओ मै आप के लिए शुद्ध-घी का आलू पराटा, बस दस मिनट में तैयार करती हूँ। शुद्ध-देशी-घी का स्वाद मुझे अपने अभियान से कोसो दूर करके रख देगा, मेरी कमजोर नब्ज टटोलने में वो माहिर सी हो गई है। घी की भीनी भीनी खुशबू हवा में तैरने लगी।
मैं अपने लैपटॉप में, फिर से बिजी हो गया।
सम्पर्क- न्यू आदर्श नगर दुर्ग (छत्तीसगढ़)

कैसे हो रहा है जल प्रदूषण

कैसे हो रहा है जल प्रदूषण 
             -राजेश कुमार काम्बोज
आज के इस दौर में जल प्रदूषण हमारे लिए एक विकट समस्या के रूप में सामने आ रहा है। इस समस्या का यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। हम जिस पानी का सेवन कर रहे हैं उसी पानी पर हमारे जीव-जन्तु भी निर्भर करते हैं । बढ़ रहे कारखाने एवम् गलत तरीके से पानी का इस्तेमाल पानी के प्रदूषण का कारण है।           आज विभिन्न प्रकार के कारखानों से आ रहा गन्दा पानी अनेक प्रकार के रसायनों से दूषित हो रहा है उदाहरण के तौर पर लें तो जो पानी पेपर मिल से निकलता है उसमें अधिक मात्रा में सल्फर पाया जाता है कुछ अन्य रसायन जैसे लिगनिंन, हमी सेल्यूलोस, सोडियम हाइड्रोक्साइड तथा वो सभी रसायन जो पेड़ों में पाए जाते हैं। इन रसायनों के मिल जाने के कारण जो दूषित पानी इन कारखानों से बहार आता है। उसका बायो कैमिकल ऑक्सीजन डिमांड तथा कैमिकल डिमांड  मात्रा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है और यह पानी जिस भी पानी के स्रोत में मिल जाता है उस पानी को भी जहरीला कर देता है। यह पानी आज के दौर में हमारे लिए चुनौती बना हुआ है।
 इसकी वजह से हमारे पानी के स्रोतों का टी. डी. अस. (total dissolved solids) भी बहुत मात्रा में बढ़ा हुआ है जो कि मनुष्य को अनेक प्रकार के कैंसर जैसे भयानक रोग प्रदान कर रहा है। भारत में इस तरह के बहुत सारे क्षेत्र पाये जाने लगे है जहाँ का पानी पीने से लोगों में कैंसर पाया जा रहा है  उदाहरण के तौर पर देखा जाये तो पंजाब के बरनाला एवम् बठिंडा के आस पास के क्षेत्रो में पानी का स्तर इसी प्रकार का पाया गया है। इन सब समस्याओं से निपटने के लिए आज हमें बहुत सतर्क रहने की आवश्यकता है और उन सभी कारखानों पर हमें और हमारी सरकार को दृष्टि रखनी होगी जो अपने दूषित पानी को सीधे ही हमारे जल स्रोतों में मिला रहे हैं।  हमारा इस समस्या से आज का समाधान ही हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए इस अमूल्य पेय जल को बचा पाएगा। जो ठोस कचरा पेपर मिल से निकलता है अगर हम उसे ऐसे ही धरती के तल  पर फैला  देंगे तो जब हमारा बरसात  का पानी या अन्य स्रोतों से निकला पानी  इसके संपर्क में आएगा तो उसमें भी वो सभी बीमारियों के कीटाणु एवम् रसायन मिल जाएँगे, जो इस प्रकार के कारखानों  में इस्तेमाल होते हैं।
यही मिश्रित रसायन पानी के पी. एच. की  मात्रा  को भी बढ़ा देते है  यदि अम्लीय रसायन पानी में मिल जाये तो पानी की पी. एच. कम हो जाती है और यदि क्षारकीय रसायन पानी में मिल जाये तो पानी की पी. एच. को बढ़ा  देते हैं। जो हमारे लिए बहुत घातक है क्योंकि अगर हम बात करे (WHO)यानी वर्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन की तो जो मापदंड इसके अनुसार हमारे पीने के पानी के होने चाहिये वह होते हैं साढ़े छ:  से साढ़े आठ पी. एच. यानि जो पानी हम पीते  हैं वह या तो न्यूट्रल होना चाहिए या फिर हल्का  सा क्षारीय। हमारे लिए यह बहुत जरुरी हो जाता है कि हमारे पानी का यह गुण उसमें होना चाहिए । इसे हम तभी बचा पायेगे यदि हम समय रहते इस पर ध्यान दें।
 अब अगर हम बात करे टी. डी. एस. की यानि टोटल डिसोल्वड सोलिड्स की तो जो पानी हमारी जमीन  के अंदर से हमें प्राप्त होता है उसके अंदर यह मात्रा बहुत ज्यादा पाई जाती है बहुत से पानी के नमूनों का परीक्षण करके हमें पता चला है कि जो पानी हमारी धरती के अन्दर से हमें प्राप्त हो रहा है उसका टी.डी.एस. 700 पी.पी.एम.से 900 पी.पी.एम. (Parts per million) के बीच आता है जो कि निर्धारित मात्रा से बहुत अधिक है क्योंकि पीने के लिए जो पानी सही है उसका पी.पी.एम. 50 से 150 के बीच होना चाहिए। अत: यह पानी भी पीने के काबिल नहीं बचा है इससे अनेक प्रकार की बीमारियाँ जैसे कुपोषण एवम् पेट से सम्बंधित बीमारियाँ यहाँ तक कि कैंसर जैसे रोग भी इस तरह के पानी के सेवन से हो रहे हैं । यह हमारे लिए एक विकट समस्या बनता जा रहा है अगर ऐसे ही हमारे कारखानों का पानी, धरातल के पानी से मिलता रहा तो वो दिन दूर नहीं जब हम बड़ी-बड़ी बीमारियों से ग्रसित हो जाएँगें  और हमारी आने वाली पीढिय़ाँ इस धरती पर जीवनयापन नहीं कर पाएगी।
अत: इन सब समस्याओं की रोकथाम करने के लिए हमारा जागरूक होना बहुत जरुरी है और यह हमारे पर्यावरण  बुद्धिजीवियों का पहला दायित्व बनता है कि वह उन सब कारखानों पर अपनी पैनी नजर रखें  जो सही से पर्यावरण नियमों का ध्यान नहीं रखते।

(अधिस्नातक  पर्यावरण विज्ञानं एवम् अभियांत्रिकी)
(M.Tech. in Environment Science and Engineering) Department of chemical Engineering SLIET Longowal, Distt. Sangrur Punjab-148106. M.No. 9779773491 mail id. Rkamboj21@gmail.com

बस इन्सान बनना है

 बस इन्सान बनना है
        - डॉ. पूर्णिमा राय
न हिन्दू सिक्ख ईसाई न ही शैतान बनना है।
गिरा कर वैर की दीवार बस इन्सान बनना है।।

दिखे रोता अगर कोई तो-उसके पोंछ कर आँसू
खुदा के नूर के जैसी हमें मुस्कान बनना है।।

ख़ुशी रूठी है- जिन लोगों से- उनको हौसला देकर;
 सिसकते आँसुओं का खो चुका अरमान बनना है।

बहाकर प्रेम की धारा समर्पण के इरादों से;
दिलों को जीत  ले ऐसा हमें सम्मान बनना है।।

बुराई देखते हैं जो उन्हें भी खुशबुएँ देकर;
सजा दे ‘पूर्णिमा’ जो घर वही गुणवान बनना है।।

सम्पर्क: ग्रीन ऐवनियू घुमान रोड, तहसील बाबा बकाला मेहता चौंक-143114, अमृतसर (पंजाब) 7087775713