मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 25, 2016

मन और माथा

भाषा और पर्यावरण
- अनुपम मिश्र
किसी समाज का पर्यावरण पहले बिगडऩा शुरू होता है या उसकी भाषा- हम इसे समझकर सँभल सकने के दौर से अभी तो आगे बढ़ गए हैं। हम ‘विकसित’ हो गए हैं।
भाषा यानी केवल जीभ नहीं। भाषा यानी मन और माथा भी। एक का नहीं, एक बड़े समुदाय का मन और माथा जो अपने आसपास के और दूर के भी संसार को देखने-परखने-बरतने का संस्कार अपने में सहज सँजो लेता है। ये संस्कार बहुत कुछ उस समाज की मिट्टी, पानी, हवा में अंकुरित होते हैं, पलते-बढ़ते हैं और यदि उनमें से कुछ मुरझाते भी हैं तो उनकी सूखी पत्तियाँ वहीं गिरती हैं, उसी मिट्टी में खाद बनाती हैं। इस खाद यानी असफलता की ठोकरों के अनुभव से भी समाज नया कुछ सीखता है।
लेकिन कभी-कभी समाज के कुछ लोगों का माथा थोड़ा बदलने लगता है। यह माथा फिर अपनी भाषा भी बदलता है। यह सब इतने चुपचाप होता है कि समाज के सजग माने गए लोगों के भी कान खड़े नहीं हो पाते। इसका विश्लेषण, इसकी आलोचना तो दूर, इसे कोई क्लर्क या मुंशी की तरह भी दर्ज नहीं कर पाता।
इस बदले हुए माथे के कारण हिंदी भाषा में 50-60 बरस में नए शब्दों की एक पूरी बारात आई है। बारातिये एक-से एक हैं पर पहले तो दूल्हे राजा को ही देखें। दूल्हा है विकास नामक शब्द। ठीक इतिहास तो नहीं मालूम कि यह शब्द हिंदी में कब पहली बार आज के अर्थ में शामिल हुआ होगा। पर जितना अनर्थ इस शब्द ने पर्यावरण के साथ किया है, उतना शायद ही किसी और शब्द ने किया हो। विकास शब्द ने माथा बदला और फिर उसने समाज के अनगिनत अंगों की थिरकन को थामा। अंग्रेजों के आने से ठीक पहले तक समाज के जिन अंगों के बाक़ायदा राज थे, वे लोग इस भिन्न विकास की ‘अवधारणा’ के कारण आदिवासी कहलाने लगे। नए माथे ने देश के विकास का जो नया नक्शा बनाया, उसमें ऐसे ज्यादातर इलाके ‘पिछड़े’ शब्द के रंग से ऐसे रँगे गए, जो कई पंचवर्षीय योजनाओं के झाडू-पोंछे से भी हल्के नहीं पड़ पा रहे। अब हम यह भूल ही चुके हैं कि ऐसे ही ‘पिछड़े’ इलाकों की संपन्नता से, वनों से, खनिजों से, लौह-अयस्क से देश के अगुआ मान लिये गए हिस्से कुछ टिके से दिखते हैं।
कुछ मुट्ठी भर लोग पूरे देश की देह का, उसके हर अंग का विकास करने में जुट गए हैं। ग्राम विकास तो ठीक, बाल विकास, महिला विकास सब कुछ लाइन में है।
अपने को, अपने समाज को समझे बिना उसके विकास की इस विचित्र उतावली में गज़ब की सर्वसम्मति है। सभी राजनैतिक दल, सभी सरकारें, सभी सामाजिक संस्थाएँ, चाहे वे धार्मिक हों, मिशन वाली हों, या वर्ग संघर्ष वाली- गर्व से विकास के काम में लगी हैं, विकास की इस नई अमीर भाषा ने एक नई रेखा भी खींची है- गरीबी की रेखा। लेकिन इस रेखा को खींचने वाले संपन्न लोगों की $गरीबी तो देखिए कि तमाम कोशिशें रेखा के नीचे रहने वालों की संख्या में कमी लाने के बदले उसे लगातार बढ़ाती जा रही हैं।
पर्यावरण की भाषा इस सामाजिक-राजनैतिक भाषा से रत्ती-भर अलग नहीं है। वह हिंदी भी है यह कहते हुए डर लगता है। बहुत हुआ तो आज के पर्यावरण की ज्यादातर भाषा देवनागरी कही जा सकती है। लिपि के कारण राजधानी में पर्यावरण मंत्रालय से लेकर हिंदी राज्यों के कस्बों, गाँवों तक के लिए बनी पर्यावरण संस्थाओं की भाषा कभी पढ़कर तो देखें। ऐसा पूरा साहित्य, लेखन, रिपोर्ट सब कुछ एक अटपटी हिंदी से पटा पड़ा है।
कचरा- शब्दों का और उनसे बनी विचित्र योजनाओं का ढेर लगा है। इस ढेर को ‘पुनर्चक्रित’ भी नहीं किया जा सकता। दो- चार नमूने देखें। सन् 80 से आठ-दस बरस तक पूरे देश में सामाजिक वानिकी नामक योजना चली। किसी ने भी नहीं पूछा कि पहले यह तो बता दो कि असामाजिक वानिकी क्या है? यदि इस शब्द का, योजना का सम्बन्ध समाज के वन से है, गाँव के वन से है तो हर राज्य के गाँवों में ऐसे विशिष्ट ग्रामवन, पंचायती वनों के लिए एक भरा-पूरा शब्द-भंडार, विचार और व्यवहार का संगठन काफ़ी समय तक रहा है। कहीं उस पर थोड़ी धूल चढ़ गई थी तो कहीं वह मुरझा गया था, पर वह मरा तो नहीं था। उस दौर में कोई संस्था आगे नहीं आई इन बातों को लेकर। मरूप्रदेश में आज भी ओरण (अरण्य से बना शब्द) हैं। ये गाँवों के वन, मंदिर देवी के नाम पर छोड़े जाते हैं। कहीं-कहीं तो मीलों फैले हैं ऐसे जंगल। इनके विस्तार की, संख्या की कोई व्यवस्थित जानकारी नहीं है। वन विभाग कल्पना भी नहीं कर सकता कि लोग ओरणों से एक तिनका भी नहीं उठाते।
अकाल के समय में ही इनको खोला जाता है। वैसे ये खुले ही रहते हैं, न कटीले तारों का घेरा है, न दीवारबंदी ही। श्रद्धा, विश्वास का घेरा इन वनों की रखवाली करता रहा है। हज़ार- बारह सौ बरस पुराने ओरण भी यहाँ मिल जाएँगे। जिसे कहते हैं बच्चे-बच्चे की ज़बान पर ओरण शब्द रहा है पर राजस्थान में अभी कुछ ही बरस पहले तक सामाजिक संस्थाएँ, श्रेष्ठ वन विशेषज्ञ या तो इस परंपरा से अपरिचित थे या अगर जानते थे तो कुछ कुतूहल भरे, शोध वाले अंदाज़ में। ममत्व, यह हमारी परंपरा है, ऐसा भाव नहीं था उस जानकारी में।
ऐसी हिंदी की सूची लम्बी है, शर्मनाक है। एक योजना देश की बंजर भूमि के विकास की आई थी। उसकी सारी भाषा बंजर ही थी। सरकार ने कोई 300 करोड़ रुपया लगाया होगा पर बंजर-की-बंजर रही भूमि। फिर योजना ही समेट ली गई। और अब सबसे ताज़ा योजना है जलागम क्षेत्र विकास की। यह अंग्रेजी के वॉटरशेड डेवलपमेंट का हिंदी रूप है। इससे जिनको लाभ मिलेगा, वे लाभार्थी कहलाते हैं, कहीं हितग्राही भी हैं। ‘यूज़र्स ग्रुप’ का सीधा अनुवाद उपयोगकर्ता समूह भी यहाँ है। तो एक तरफ़ साधन -सम्पन्न योजनाएँ हैं, लेकिन समाज से कटी हुई। जन भागीदारी का दावा करती हैं पर जन इनसे भागते नज़र आते हैं तो दूसरी तरफ़ मिट्टी और पानी के खेल को कुछ हज़ार बरस से समझने वाला समाज है। उसने इस खेल में शामिल होने के लिए कुछ आनंददायी नियम, परंपराएँ, संस्थाएँ बनाई थीं। किसी अपरिचित शब्दावली के बदले एक बिल्कुल आत्मीय ढांचा खड़ा किया था। चेरापूंजी, जहाँ पानी कुछ गज़ भर गिरता है, वहाँ से लेकर जैसलमेर तक जहां कुल पाँच-आठ इंच वर्षा हो जाए तो भी आनंद बरस गया-ऐसा वातावरण बनाया। हिमपात से लेकर रेतीली आँधी में पानी का काम, तालाबों का काम करने वाले गजधरों का कितना बड़ा संगठन खड़ा किया गया होगा। कोई चार-पाँच लाख गाँवों में काम करने वाले उस संगठन का आकर इतना बड़ा था कि वह सचमुच निराकार हो गया। आज पानी का, पर्यावरण का काम करने वाली बड़ी-से-बड़ी संस्थाएँ उस संगठन की कल्पना तो करके देखें। लेकिन वॉटरशैड, जलागम क्षेत्र विकास का काम कर रही संस्थाएँ, सरकारें, उस निराकार संगठन को देख ही नहीं पातीं। उस निराकार से टकराती हैं, गिर भी पड़ती हैं, पर उसे देख, पहचान नहीं पातीं। उस संगठन के लिए तालाब एक वॉटर बॉडी नहीं था। वह उसकी रतन तलाई थी। झुमरी तलैया थी, जिसकी लहरों में वह अपने पुरखों की छवि देखता था। लेकिन आज की भाषा जलागम क्षेत्र विकास को मत्स्य पालन से होने वाली आमदनी में बदलती है।
इसी तरह अब नदियाँ यदि घर में बिजली का बल्ब न जला पाएँ ,तो माना जाता है कि वे ‘व्यर्थ में पानी समुद्र में बहा रही है।’ बिजली जरूर बने, पर समुद्र में पानी बहाना भी नदी का एक बड़ा काम है। इसे हमारी नई भाषा भूल रही है। जब समुद्रतटीय क्षेत्रों में भूजल बड़े पैमाने पर खारा होने लगेगा- तब हमें नदी की इस भूमिका का महत्त्व पता चलेगा।
लेकिन आज तो हमारी भाषा ही खारी हो चली है। जिन सरल, सजल शब्दों की धाराओं से वह मीठी बनती थी, उन धाराओं को बिल्कुल नीरस, बनावटी, पर्यावरणीय, पारिस्थितिक जैसे शब्दों से बाँधा जा रहा है। अपनी भाषा, अपने ही आँगन में विस्थापित हो रही है, वह अपने ही आँगन में पराई बन रही है।
(पुस्तक: ‘साफ़ माथे का समाज’ से )

शोध से ज्यादा श्रद्धा की जरूरत

शोध से ज्यादा श्रद्धा की जरूरत
- अनुपम मिश्र

रुड़की इंजीनियरिंग, बहुत कम लोगों को पता होगा कि भारत ही नहीं एशिया का पहला इंजीनियरिंग कालेज कहाँ बना था? आप जानते हैं वह कब और क्यों बना?
यह जानना इसलिए भी जरूरी है, कि आज तकनीकी का जो हमारा थोड़ा पढ़ा लिखा समाज है उसकी नींव में हमारे वे अनपढ़ लोग रहे हैं जिनको हमने दुत्कार कर अलग कर दिया। लेकिन शायद ही इसके बारे में किसी को पता हो। मुझे चार-पाँच आईआईटी में जाने का मौका मिला है। मैंने वहाँ के फैकल्टी से भी यह जानने की कोशिश की कि क्या उन्हें पता है कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई कहाँ से शुरू होती है। आप उन्हें दोष न दें, लेकिन उनको भी नहीं पता। आज हम मानते हैं कि जितने सुविधा सम्पन्न शहर में रहेंगे उतनी अच्छी पढ़ाई होगी। लेकिन देश का पहला इंजीनियरिंग संस्थान कोई दिल्ली, मुंबई या कोलकाता मद्रास में नहीं बना। और जब बना तो उसमें प्रवेश के लिए कोई कैट टेस्ट भी नहीं देना होता था। जिसने बनाया वह भी देश में कोई उच्च शिक्षा का काम करने नहीं आए थे। ईस्ट इंडिया कंपनी वाले साफ-साफ व्यापार करने आए थे या शुद्ध हिन्दी में कहें तो लूटने के लिए आए थे; इसलिए उनको उच्च शिक्षा का कोई केन्द्र खोलने की जरूरत नहीं थी।
लेकिन 1847 में उसने हरिद्वार के पास रूड़की नामक एक छोटे से गाँव में पहला इंजीनियरिंग कालेज खोला था। उस समय शायद रूड़की गाँव की आबादी 700-750 रही होगी। वह हमारे देश का पहला इंजीनियरिंग कालेज था। और उसे बनाने का एकमात्र कारण था लोकज्ञान का उपयोग। जिस लोकबुद्धि को हम भूल चूके हैं, और अनपढ़ गँवार समझ बैठे हैं रूड़की इंजीनियरिंग कालेज बनाने में उन्हीं लोगों की प्रेरणा थी। प्रसंग यह था कि अकाल चल रहा था। लोग मर रहे थे। लोग मरें इससे ईस्ट इंडिया कंपनी को कोई फर्क नहीं पड़ता था। लेकिन एक सहृदय अंग्रेज अधिकारी ने ईस्ट इंडिया कंपनी को एक डिस्पैच भेजकर कहा कि जो लोग मर रहे हैं उनमें तो आप लोगों को कोई दिलचस्पी नहीं होगी ; लेकिन अगर यहाँ आप एक नहर बनाएँगे तो आपको सिंचाई का कर मिलना शुरू हो जाएगा और अकाल से लोग निपट लेंगे। लेकिन मुश्किल यह थी कि उस समय कोई पीडब्लूडी नहीं था। पब्लिक वर्क की ऐसी अवधारणा उस समय नहीं थी इसलिए कोई विभाग भी नहीं था।
अंग्रेज महोदय ने स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया। उनसे पूछा कि तुम लोग पानी का बहुत अच्छा काम जानते हो ,तो क्या नहर बना सकते हो? तो लोगों ने कहा कि हाँ बना सकते हैं। 200 किलोमीटर लंबी नहर बनानी थी ,लेकिन दो टुकड़े कागज भी नहीं प्रयोग किया गया। बिना ड्राईंग बोर्ड और बिना किसी यंत्र के उन्होंने यह नहर बनाई। मन पर उकेरा और जमीन नहर उभरती चली गयी। उसमें बीच में नहर को एक नदी पार करानी थी जिसमें नदी से ज्यादा पानी गंगा का निकाल कर ले जाना था। आज हम अंग्रेजी में इसे अक्वाडक कहते हैं। वह भी उन लोगों ने ही डिजाइन किया था।
इन देहाती और गँवार लोगों ने चूने गारे की मदद से 200 किलोमीटर की नहर बनाई। आज इस नहर को 200 साल हो गए, लेकिन अभी भी यह नहर बराबर चलती है। लेकिन अंग्रेज अधिकारी ने ऐसा काम देखा तो फिर से उसने ईस्ट इंडिया कंपनी को एक पत्र लिखा। उसने सुझाव दिया कि ऐसे गुणीजन लोगों के बच्चों को पढ़ाने-चमकाने के लिए एक छोटा- सा इंजीनियरिंग कालेज यहाँ होना चाहिए। यह इन अनपढ़ लोगों की देन थी या उनका ये चमत्कार था कि अंग्रेज अधिकारी जो लूटने आया था ,उसको एक इंजिनीयरिंग कालेज खोलकर देना पड़ा। जिन देशों को आज हम तरक्की का सूरमा मानते हैं ,उन जापान और कोरिया में भी तब तक कोई इंजीनियरिंग कालेज नहीं बना था। तब हमारे यहाँ इंजीनियरिंग कालेज खुला, जो कि अनपढ़ लोगों की देन थी।
लेकिन दस साल बाद ही गदर शुरू हो गया। 1847 के बाद 57। जो उदार गिने-चुने अधिकारी इस तरह के प्रयोगों को बढ़ावा दे रहे थे कि यहाँ के जो लोग अनपढ़ माने जाते हैं वे बाकायदा इंजीनियर हैं और उससे ये देश चलना चाहिए, गदर से वह धारा एकदम से कट गयी। सबको ब्लैक लिस्ट किया गया और साफ-साफ कहा गया कि जो ईस्ट इंडिया कंपनी के वफादार हैं ,उन्हें ये सब पढ़ाई पढ़नी चाहिए। उनको और कोई चीज आती हो तो आए, हमारे लिए वे अनपढ़ हैं। इस तरह से वह रस्सी तब कटी ;लेकिन फिर कभी वह रस्सी हम जोड़ नहीं पाए।
30-35 साल में काम करते हुए मैंने यह सब शोध के नजरिए से नहीं देखा। इसको मैंने श्रद्धा से देखा। शोध में तो पाँच साल का प्रोजेक्ट होगा। मुझे मंत्रालय से पैसा मिलेगा , तो करूँगा नहीं मिलेगा तो नहीं करूँगा। लेकिन अगर हम श्रद्धा रखेंगे, तो हम उस काम को सब तरह की रुकावटों के बाद भी करके आगे जाएँगे। इसके लिए विशेषज्ञ बनना जरूरी नहीं। हमें समाज का मुंशी बनना होगा। समाज के अच्छे काम को मुंशी की तरह लोगों के सामने रखना होगा। तब शायद हमारी यह चिंता थोड़ी कम हो सके कि जिस समाज को हम पिछड़ा और अनपढ़ कहते हैं उनको साक्षर करने की जरूरत नहीं है बल्कि उनसे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। (इंडिया वाटर पोर्टल से)

अनपूछी ग्यारस

नींव से शिखर तक
- अनुपम मिश्र

आज अनपूछी ग्यारस है। देव उठ गए हैं। अब अच्छे-अच्छे काम करने के लिए किसी से कुछ पूछने की, मुहूर्त दिखवाने की जरूरत नहीं है। फिर भी सब लोग मिल-जुल रहे हैं, सब से पूछ रहे हैं। एक नया तालाब जो बनने वाला है।...
पाठकों को लगेगा कि अब उन्हें एक तालाब के बनने का- पाल बनने से लेकर पानी भरने तक का पूरा विवरण मिलने वाला है। हम खुद ऐसा विवरण खोजते रहे पर हमें वह कहीं मिल नहीं पाया। जहाँ सदियों से तालाब बनते रहे हैं, हजारों की संख्या में बने हैं- वहाँ तालाब बनाने का पूरा विवरण न होना शुरू में अटपटा लग सकता है, पर यही सबसे सहज स्थिति है। ‘तालाब कैसे बनाएँ’ के बदले चारों तरफ ‘तालाब ऐसे बनाएँ’ का चलन चलता था। फिर भी छोटे-छोटे टुकड़े जोड़ें तो तालाब बनाने का एक सुंदर न सही, काम चलाऊ चित्र तो सामने आ ही सकता है।
...अनपूछी ग्यारस है। अब क्या पूछना है। सारी बातचीत तो पहले हो ही चुकी है। तालाब की जगह भी तय हो चुकी है। तय करने वालों की आँखों में न जाने कितनी बरसातें उतर चुकी हैं। इसलिए वहाँ ऐसे सवाल नहीं उठते कि पानी कहाँ से आता है, कितना पानी आता है, उसका कितना भाग कहाँ पर रोका जा सकता है। ये सवाल नहीं हैं, बातें हैं सीधी-सादी, उनकी हथेलियों पर रखी। इन्हीं में से कुछ आँखों ने इससे पहले भी कई तालाब खोदे हैं। और इन्ही में से कुछ आँखें ऐसी हैं जो पीढ़ियों से यही काम करती आ रही हैं।
यों तो दसों दिशाएँ खुली हैं, तालाब बनाने के लिए, फिर भी जगह का चुनाव करते समय कई बातों का ध्यान रखा गया है। गोचर की तरफ है यह जगह। ढाल है, निचला क्षेत्र है। जहाँ से पानी आएगा, वहाँ की जमीन मुरुम वाली है। उस तरफ शौच आदि के लिए भी लोग नहीं जाते हैं। मरे जानवरों की खाल वगैरह निकालने की जगह यानी हड़वाड़ा भी इस तरफ नहीं है।
अभ्यास से अभ्यास बढ़ता है। अभ्यस्त आँखें बातचीत में सुनी-चुनी गई जगह को एक बार देख भी लेती हैं। यहाँ पहुँच कर आगौर, जहाँ से पानी आएगा, उसकी साफ-सफाई, सुरक्षा को पक्का कर लिया जाता है। आगर, जहाँ पानी आएगा, उसका स्वभाव परख लिया जाता है। पाल कितनी ऊँची होगी, कितनी चौड़ी होगी, कहाँ से कहाँ तक बँधेगी तथा तालाब में पानी पूरा भरने पर उसे बचाने के लिए कहाँ से अपरा बनेगी, इसका भी अंदाज ले लिया गया है।
सब लोग इकट्ठे हो गए हैं। अब देर काहे की। चमचमाती थाली सजी है। सूरज की किरणें उसे और चमका रही हैं। जल से पूर्ण लोटा है। रोली, मौली, हल्दी, अक्षत के साथ रखा है लाल मिट्टी का एक पवित्र डला। भूमि और जल की स्तुति के श्लोक धीरे-धीरे लहरों में बदल रहे हैं।
वरुण देवता का स्मरण है। तालाब कहीं भी खुद रहा हो, देश के एक कोने से दूसरे कोने तक की नदियों को पुकारा जा रहा है। श्लोकों की लहरें थमती हैं, मिट्टी में फावड़ों के टकराने की खडख़ड़ाहट से। पाँच लोग पाँच परात मिट्टी खोदते हैं, दस हाथ परातों को उठा कर पाल पर डालते हैं। यहीं बँधेगी पाल। गुड़ बँट जाता है। महूरत साध लिया जाता है। आँखों में बसा तालाब का पूरा चित्र फावड़े से निशान लगाकर जमीन पर उतार लिया गया है। कहाँ से मिट्टी निकलेगी और कहाँ-कहाँ डाली जाएगी, पाल से कितनी दूरी पर खुदाई होगी ताकि पाल के ठीक नीचे इतनी गहरी न हो जाए कि पाल पानी के दबाव से कमजोर होने लगे।...
अनपूछी ग्यारस को इतना तो हो ही जाता था। लेकिन किसी कारण उस दिन काम शुरू नहीं हो पाए तो मुहुर्त पूछा जाता था, नहीं तो और कई बातों के साथ कुआँ, बावड़ी और तालाब बनाने का मुहुर्त आज भी समझाते हैं- ‘हस्त, अनुराधा, तीनों उत्तरा, शतभिषा, मघा, रोहिणी, पुष्य, मृगशिरा, पूष नक्षत्रों में चंद्रावर, बुधवार, बृहस्पतिवार तथा शुक्रवार को कार्य प्रारंभ करें। परन्तु तिथि 4, 9 और 14 का त्याग करें। शुभ लगनों में गुरु और बुध बली हो, पाप ग्रह निर्बल हो, शुक्र का चन्द्रमा जलचर राशिगत लगन व चतुर्थ हो, गुरु शुक्र अस्त न हो, भद्रा न हो तो खुदवाना शुभ है।’
आज हममें से ज्यादा लोगों को इस विवरण में से दिनों के कुछ नाम भर समझ में आ पाएँगे, पर आज भी समाज के एक बड़े भाग के मन की घड़ी इस घड़ी से मिलती है। कुछ पहले तक तो पूरा समाज इसी घड़ी से चलता था।
...घड़ी साध ली गई है। लोग लौट रहे हैं। अब एक या दो दिन बाद जब भी सबको सुविधा होगी, फिर से काम शुरू होगा।
अभ्यस्त निगाहें इस बीच पलक नहीं झपकतीं। कितना बड़ा है तालाब, काम कितना है, कितने लोग लगेंगे, कितने औजार, कितने मन मिट्टी खुदेगी, पाल पर कैसे डलेगी मिट्टी? तसलों से, बहँगी से, लग्गे से ढोई जाएगी या गधों की जरूरत पड़ेगी? प्रश्न लहरों की तरह उठते हैं। कितना काम कच्चा है, मिट्टी का है, कितना है पक्का, चूने का, पत्थर का। मिट्टी का कच्चा काम बिल्कुल पक्का करना है और पत्थर, चूने का पक्का काम कच्चा न रह जाए। प्रश्नों की लहरें उठती हैं और अभ्यस्त मन की गहराई में शांत होती जाती हैं। सैकड़ों मन मिट्टी का बेहद वजनी काम है। बहते पानी को रुकने के लिए मनाना है। पानी से, हाँ आग से खेलना है।
डुगडुगी बजती है। गाँव तालाब की जगह पर जमा होता है। तालाब पर काम अमानी में चलेगा। अमानी यानी सब लोग एक साथ काम पर आएँगे, एक साथ वापस घर लौटेंगे।
सैकड़ों हाथ मिट्टी काटते हैं। सैकड़ों हाथ पाल पर मिट्टी डालते हैं। धीरे-धीरे पहला आसार पूरा होता है, एक स्तर उभरकर दिखता है। फिर उसकी दबाई शुरू होती है। दबाने का काम नंदी कर रहे हैं। चार नुकीले खुरों पर बैल का पूरा वजन पड़ता है। पहला आसार पूरा हुआ तो उस पर मिट्टी की दूसरी तह डलनी शुरू होती है। हरेक आसार पर पानी सींचते हैं, बैल चलाते हैं। सैकड़ों हाथ तत्परता से चलते रहते हैं, आसार बहुत धीरज के साथ धीरे-धीरे से उठते जाते हैं।
अब तक जो कुदाल की एक अस्पष्ट रेखा थी, अब वह मिट्टी की पट्टी बन गई है। कहीं यह बिल्कुल सीधी है तो कहीं यह बल खा रही है, आगौर से आने वाला पानी जहाँ पाल पर जोरदार बल आजमा सकता है, वहीं पर पाल में भी बल दिया गया है। इसे ‘कोहनी’ भी कहा जाता है। पाल यहाँ ठीक हमारी कोहनी की तरह मुड़ जाती है।
जगह गाँव के पास ही है तो भोजन करने लोग घर जाते हैं। जगह दूर हुई तो भोजन भी वहीं पर। पर पूरे दिन गुड़ मिला मीठा पानी सबको वहीं मिलता है। पानी का काम है, पुण्य का काम है, इसमें अमृत जैसा मीठा पानी पिलाना है, तभी अमृत जैसा सरोवर बनेगा।
इस अमृतसर की रक्षा करेगी पाल। वह तालाब की पालक है। पाल नीचे कितनी चौड़ी होगी, कितनी ऊपर उठेगी और ऊपर की चौड़ाई कितनी होगी- ऐसे प्रश्न गणित या विज्ञान का बोझ नहीं बढ़ाते। अभ्यस्त आँखों के सहज गणित को कोई नापना ही चाहे तो नींव की चौड़ाई से ऊंचाई होगी आधी और पूरी बन जाने पर ऊपर की चौड़ाई कुल ऊँचाई की आधी होगी।
मिट्टी का कच्चा काम पूरा हो रहा है। अब पक्के काम की बारी है। चुनकरों ने चूने को बुझा लिया है। गरट लग गई है। अब गारा तैयार हो रहा है। सिलावट पत्थर की टकाई में व्यस्त हो गए हैं। रक्षा करने वाली पाल की भी रक्षा करने के लिए नेष्टा बनाया जाएगा। नेष्टा यानी वह जगह जहाँ से तालाब का अतिरिक्त पानी पाल को नुकसान पहुँचाए बिना बह जाएगा। कभी यह शब्द ‘नसृष्ट’ या ‘निस्तरण’ या ‘निस्तार’ रहा होगा। तालाब बनाने वालों की जीभ से कटते-कटते यह घिस कर ‘नेष्टा’ के रूप में इतना मजबूत हो गया कि पिछले कुछ सैकड़ों वर्षों से इसकी एक भी मात्रा टूट नहीं पाई है।
नेष्टा पाल की ऊँचाई से थोड़ा नीचा होगा, तभी तो पाल को तोडऩे से पहले ही पानी को बहा सकेगा। जमीन से इसकी ऊँचाई, पाल की ऊँचाई के अनुपात में तय होगी। अनुपात होगा कोई 10 और 7 हाथ का।
पाल और नेष्टा का काम पूरा हुआ और इस तरह बन गया तालाब का आगर। आगौर का सारा पानी आगर में सिमट कर आएगा। अभ्यस्त आँखें एक बार फिर आगौर और आगर को तौलकर देख लेती हैं। आगर की क्षमता आगौर से आने वाले पानी से कहीं अधिक तो नहीं, कम तो नहीं। उत्तर हाँ में नहीं आता।
आखिरी बार डुगडुगी पिट रही है। काम तो पूरा हो गया पर आज फिर सभी लोग इकट्ठे होंगे, तालाब की पाल पर। अनपूछी ग्यारस को जो संकल्प लिया था, वह आज पूरा हुआ है। बस आगौर में स्तंभ लगना और पाल पर घटोइया देवता की प्राण प्रतिष्ठा होना बाकी है। आगर के स्तंभ पर गणेश जी बिराजे हैं और नीचे हैं सर्पराज। घटोइया बाबा घाट पर बैठकर पूरे तालाब की रक्षा करेंगे।
आज सबका भोजन होगा। सुंदर मजबूत पाल से घिरा तालाब दूर से एक बड़ी थाली की तरह ही लग रहा है। जिन अनाम लोगों ने इसे बनाया है, आज वे प्रसाद बाँट कर इसे एक सुंदर - सा नाम भी देंगे। और यह नाम किसी कागज पर नहीं, लोगों के मन पर लिखा जाएगा।
लेकिन नाम के साथ काम खत्म नहीं हो जाता है। जैसे ही हथिया नक्षत्र उगेगा, पानी का पहला झला गिरेगा, सब लोग फिर तालाब पर जमा होंगे। अभ्यस्त आँखें आज ही तो कसौटी पर चढ़ेंगी। लोग कुदाल, फावड़े, बाँस और लाठी लेकर पाल पर घूम रहे हैं। खूब जुगत से एक-एक आसार उठी पाल भी पहले झरे का पानी पिए बिना मजबूत नहीं होगी। हर कहीं से पानी धंस सकता है। दरारें पड़ सकती हैं। चूहों के बिल बनने में भी कितनी देरी लगती है भला! पाल पर चलते हुए लोग बाँसों से, लाठियों से इन छेदों को दबा-दबाकर भर रहे हैं।
कल जिस तरह पाल धीरे-धीरे उठ रही थी, आज उसी तरह आगर में पानी उठ रहा है। आज वह पूरे आगौर से सिमट-सिमट कर आ रहा है -
सिमट-सिमट जल भरहि तलावा।
जिमी सदगुण सज्जन पहिं आवा॥
अनाम हाथों की मनुहार पानी ने स्वीकार कर ली।

(पुस्तक:  आज भी खरे हैं तालाब से)

कल, आज और कल

पुरखों से संवाद
- अनुपम मिश्र
मृतकों से संवाद और पुरखों से संवाद, ये दो अलग बातें हैं।
इस अंतर में जीवन के एक रस का भास भी होता है।
जो कल तक हमारे बीच थे, वे आज नहीं हैं। आज हम हैं और यह हमारा अनुभव है कि जो कल तक हमारे बीच थे, वे आज नहीं हैं। यह आज, कल और परसों भी आज के रूप में था और उससे भी जुड़े थे उसके कल और उसके परसों। बरसों से काल के ये रूप पीढिय़ों के मन में बसे हैं, रचे हैं। कल, आज और कल- ये तीन छोटे-छोटे शब्द कुछ लाख बरस का, लाख नहीं तो कुछ हजार बरसों का इतिहास, वर्तमान और भविष्य अपने में बड़ी सरलता से, तरलता से समेटे हुए हैं।
बहुत ही सरलता से जुड़े हैं ये कल, आज और कल। हमें इसके लिए कुछ करना नहीं पड़ता। बस हमें तो यहाँ होना पड़ता है। यह होना (या कहें न होना भी) हमारे बस में नहीं है। फिर इन तीनों कालों में एक सरल तरलता भी है। इन तीनों के बीच लोग, घटनाएँ, विचार, आचार, व्यवहार अदलते-बदलते रहते हैं।
इस अदला-बदली में जीवन और मृत्यु भी आते और जाते रहते हैं। सचमुच हम चाहें या न चाहें, जो कल तक हमारे बीच थे, वे आज नहीं हैं। किसी के होने का भाव न होने में बदल जाता है, एक क्षण में। फिर उस भाव के अभाव से हम सब दु:खी हो जाते हैं। अपनों के इस अभाव से, हमारा यह भाव भी अभाव में बदल जाता है। दु:ख का अनुभव करने वाला हमारा यह मन, यह शरीर भी न जाने कब उसी अभाव में जो मिलता है, जिसके भाव को याद कर हम दुखी हो जाता है।
तब स्मरण और विस्मरण शायद एक हो जाते हैं। बाकी क्या बचता है, बचा रह जाता है, यह मुझे तो मालूम नहीं। कभी इसे जानने-समझने का मौका ही नहीं मिला। जो कुछ भी सामने है, सामने आता जाता है, उसी को ज्यादातर मन से, एकाध बार शायद बेमन से भी, पर करता चला गया। इसलिए इसके बाद क्या होता है, जीवन का भाव जब विलीन होता है तो जो अभाव है, वह क्या है, मृत्यु का है?
जो उस खाने में जा बैठे हैं, जीवन के बाद के खाने में, मृत्यु के खाने में, उन मृतकों से मेरा कभी कोई संवाद नहीं हो पाया है। आज मैं कोई इकसठ बरस का हूँ। जो संवाद अभी तक नहीं हो पाया, वह बचे न जाने कितने छिन-दिन हैं, उसमें क्या हो पाएगा, यह भी ठीक से पता नहीं है।
मृतक और मृत्यु शायद दोनों ही संज्ञा हैं, पर बिलकुल अलग-अलग तरह की। मृतक को, मृतकों को, अपने आसपास से बिछड़ चुके लोगों को, अपनों को और तुपनों को भी मैं जानता हूँ। पहचानता भी हूँ। पर वे जिस मृत्यु के कारण मृतक बन गए हैं, उस मृत्यु को तो मैं जान ही नहीं पाया। सच कहूँ तो उसे जानने की जरूरत ही नहीं लगी। इच्छा भी नहीं हुई। इसलिए कोई ढंग की कोशिश भी नहीं की।
नचिकेता की कहानी तो बचपन में ही पढ़ी थी। जिसे जवानी कहते हैं, उसी उमर में फिर से पढ़ी थी यह कहानी। तब पढ़ते समय यह लगा था कि चलो मृत्यु से बिना मिले उस जवानी में ही अपने को फोकट में वह ज्ञान मिल जाने वाला है, जिसे जान लेने की इच्छा में न जाने कितने बड़े लोगों ने, तपस्वियों, संतों ने न जाने कैसी-कैसी यातनाएँ अपने शरीर को दी थीं।
लेकिन नचिकेता ने कोई तप नहीं किया था। अपने पिता के क्रोध के कारण वह यम के दरवाजे पर भूखा-प्यासा दो-तीन दिन जरूर बैठा रहा था। क्या पता उसने यम के दरवाजे पर आने से पहले अपने पिता के घर में हुए उत्सव में एक बालक के नाते थोड़ा ज्यादा ही पूरी-हलवा खा लिया हो!
यम जितने भयानक बताए जाते हैं, उस समय तो वैसे थे नहीं। हमारा मृत्यु का यह देवता तो तीन-दिन के भूखे-प्यासे बैठे बच्चे से घबरा गया! आज तो मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री आदि तीस-चालीस दिनों के झूठे तो छोडि़ए, सच्चे अनशनकारियों से भी नहीं घबराते।
यम उसे पूरी दुनिया की दौलत, सारी सुख-सुविधाएँ देने को तैयार थे, ऐसी भी चीजें, जिनकी शायद यम को जरूरत हो पर उस बालक को तो थी ही नहीं। कीमती हीरे, मोती, अप्सराएँ आदि लेकर वह बालक करता क्या। यह भी बड़ा अचरज है कि नचिकेता वायदों के इन तमाम पहाड़ों को ठुकराता जाता है। वह डिगता नहीं, बस एक ही रट लगाता रहता है कि मुझे तो वह ज्ञान दो जिसमें मैं मृत्यु का रहस्य जान जाऊँ।
सच पूछें तो मैं उस किस्से को इसी आशा में पढ़ता गया कि लो अब मिलने वाला है वह ब्रह्मज्ञान। यह उपनिषद् कुछ हजार बरस पुराना माना गया है। श्रद्धा भाव है तो फिर इसे ‘अपौरुषेय’ भी माना गया है। तब तो इसके लिखने का समय और भी पीछे खिसक जाएगा। तब से यह उपनिषद् बराबर पढ़ा और पढ़ाया भी जाता रहा है।
कितनों को इससे मृत्यु का ज्ञान मिल गया होगा, मुझे नहीं मालूम। पर यह कठोपनिषद् मेरे लिए तो बहुत ही कठोर निकला। मैं इससे मृत्यु को जान नहीं पाया। मृतकों को तब भी जाना था और आज तो उस सूची में, उस ज्ञान में वृद्धि भी होती जा रही है। फिर इतना तो पता है किसी एक छिन या दिन इस सुंदर सूची में मुझे भी शामिल हो जाना है। उस सुंदर सूची को पढऩे के लिए तब मैं नहीं रहूँगा। फिर वह सूची मेरे बाद भी बढ़ती जाएगी। यह सूची मेरे जन्म से पहले से न जाने कब से लिखी, पढ़ी और फिर अपढ़ी बन जाती है।
इस सुंदर सूची को लिखने वालों में और सूची में लिख गए लोगों के बीच क्या कुछ बातचीत, संवाद हो पाता है? होता है तो कैसा? आज के टी.वी. चैनलों जैसा? ‘जब आपको मृत्यु मिली तो आपको कैसा लगा?’ ऐसा तो शायद नहीं!
जीवन से परे ही तो होगी मृत्यु। मुझे ब्रह्म का कोई ज्ञान नहीं है। फिर भी यह तो कह ही सकता हूँ कि जीवन में वह मृत्यु है। पर मृत्यु में यह जीवन नहीं है। मृत्यु में यदि जीवन होगा भी तो जो जीवन हम जानते हैं, जिसे हम मृत्यु तक जीते हैं, वैसा जीवन तो वह होगा नहीं। यदि वैसा ही जीवन है मृत्यु के पार तो फिर इन दो जीवनों के बीच मृत्यु भला काहे को आती। ऐसे में जीवन और मृत्यु का, आज के जीवितों का, कल के मृतकों से संवाद कैसा होता होगा, कैसे होता होगा? मैं कुछ कह नहीं सकता।
दुनिया के बहुत से समाजों में नीचे गिने गए कई तरह के जादू-टोनों से लेकर बहुत ऊपर बताए गए आधुनिक ज्ञान-विज्ञान, अध्यात्म की गूढ़ चर्चाएँ इस संवाद के तार जोडऩे की बात करती हैं। इसके अलावा साधारण गृहस्थों के भी खूब सारे अनुभव हैं। खासकर संकट के मौकों पर लोग बताते हैं कि दादा ने, काकी ने, नानी ने सपने में आकर ऐसा बताया, वगैरह। पर ये अनुभव प्राय: एकतरफा होते हैं- ‘उनने बताया’ बस।
उसमें ‘हमने पूछा या कहा’ प्राय: नहीं होता। फिर भी यदि यह संवाद है तो चलता चले। मृतकों से मिली शिक्षा से जीवितों का कुछ लाभ हो जाए तो अच्छा ही होगा। पर यदि यही संवाद है तो फिर यह एक तरह से स्वार्थ को पूरा करने का ही तरीका निकला। ऐसा संवाद तो जीवित का जीवित से भी हो सकता है। पर आज एक बड़ी दिक्कत है।
जीवित लोगों का जीवितों से ही संवाद टूट चला है। शहरों में ऐसा दृष्य कभी भी देखने को मिल जाएगा! रेलवे स्टेशनों पर, बस अड्डों पर, हवाई अड्डों पर तो खासकर, चार-पाँच लोग कान में मोबाइल फोन लगाए कहीं दूर, दो-पाँच सौ किलोमीटर दूर किसी से बातचीत कर रहे हैं। पर उनका आपस में कोई संवाद नहीं हो पाता। ये चार-पाँच जिन दूर के चार-पाँच से बात करते हैं, वहाँ भी इनमें से हरेक संवादी के आसपास ऐसे ही चार-पाँच संवादी होंगे, जिनका आपस में कोई संवाद नहीं हो पाता।
इस तरह आज के समाज में अपने आसपास को न जानना, अपने पड़ोसी को न जानना ज्ञान की नई कसौटी है। यह घरों से लेकर देशों तक पर लागू हो चली है। हम जीना भूल गए हैं, इसलिए हमें अब जीवन जीने की कला सिखाने वालों की शरण में आँख मूँद कर जाना पड़ रहा है।
लेकिन जहां इस नए संवाद के तार या कहें बेतार नहीं बिछ पाए हैं, उन इलाकों में आज भी अपने मृतकों से हर क्षण संवाद बना हुआ है। आज की सरकार और आज के बाजार से अछूता एक बड़ा भाग आज भी ऐसा है, जहाँ आज का जीवित और जीवंत समाज, उसका हर सदस्य अपनी पीढ़ी के लिए, आगे आने वाली पीढ़ी के लिए वही सब करता चला जा रहा है, जो उसके पहले की पीढिय़ों ने किया था।
जैसलमेर जैसे मरुप्रदेश का उदाहरण देखें। वहाँ आज नए समाज के सबसे श्रेष्ठ माने गए लोगों ने पोखरण में अणु बम का विस्फोट किया है। पर उसके पास के गाँव खेतोलाई को जरा देखें। वहां का सारा भूजल खारा है, पीने योग्य नहीं है। वहाँ लोग आज भी अपने खेत में छोटी-सी तलाई बनाते हैं। जहाँ सैकड़ों वर्षों से देश की सबसे कम वर्षा होती है, वहाँ लोग बम नहीं फोड़ते, वर्षा का मीठा जल जोड़ते हैं। तालाब बनाते हैं। क्यों, कोई पूछे उनसे, तो उनका जवाब होगा, हमारे पुरखों ने बताया था कि तालाब बनाते जाना। जो बने हैं, उनकी रखवाली करते जाना।
पुरखों से उनका शायद संवाद नहीं होता। पर पुरखों ने बताया है, इसलिए वे तालाब बना रहे हैं। समाज के लिए तरह-तरह के छोटे-बड़े काम कर रहे हैं। उनके मन में, उनके तन में, उनके खून में, उनकी कुदाल-फावड़े में पुरखे बसे हैं। वे उन्हें गीतों में, मुहावरों में, आचार में, व्यवहार में बताते चलते हैं। ये अपने पुरखों की बताई बातों को सुनते, और उससे भी ज्यादा करते चलते हैं।
यहाँ मृतकों से नहीं, पुरखों से संवाद होता है। मृतक हमें मृत्यु तक ले जाते हैं। फिर वहाँ संवाद नहीं रह जाता। पुरखे हमें जीवन में वापस लाते हैं। हमारे जीवन को पहले से बेहतर बनाते हैं।  (mansampark.in)

अनुपम मिश्र का एक यात्रा -वृत्तान्त


  क्या हम इस
 शिलालेख को पढऩे
 के लिए तैयार हैं?

उत्तराखंड में हिमालय और उसकी नदियों के तांडव का आकार प्रकार अब धीरे-धीरे दिखने लगा है। लेकिन मौसमी बाढ़ इस इलाके में नई नहीं है।

सन् 1977 की जुलाई का तीसरा हफ्ता। उत्तरप्रदेश के चमोली जिले की बिरही घाटी में आज एक अजीब-सी खामोशी है। यों तीन दिन से लगातार पानी बरस रहा है और इस कारण अलकनंदा की सहायक नदी बिरही का जल स्तर बढ़ता जा रहा है। उफनती पहाड़ी नदी की तेज आवाज पूरी घाटी में टकरा कर गूँज भी रही है। फिर भी चमोली-बदरीनाथ मोटर सड़क से बाईं तरफ लगभग 22 किलोमीटर दूर 6,500 फुट की ऊंचाई पर बनी इस घाटी के 13 गाँवों के लोगों को आज सब कुछ शांत–सा लग रहा है।
आज से सिर्फ सात बरस पहले ये लोग प्रलय की गर्जना सुन चुके थे, देख चुके थे। इनके घर, खेत व ढोर उस प्रलय में बह चुके थे। उस प्रलय की तुलना में आज बिरही नदी का शोर इन्हें डरा नहीं रहा था। कोई एक मील चौड़ी और पाँच मील लंबी इस घाटी में चारों तरफ बड़ी-बड़ी शिलाएँ, पत्थर, रेत और मलबा भरा हुआ है, इस सब के बीच से किसी तरह रास्ता बना कर बह रही बिरही नदी सचमुच बड़ी गहरी लगती है।
लेकिन सन् 1970 की जुलाई का तीसरा हफ्ता ऐसा नहीं था। तब यहाँ यह घाटी नहीं थी, इसी जगह पर पाँच मील लंबा, एक मील चौड़ा और कोई तीन सौ फुट गहरा एक विशाल ताल था: गौना ताल। ताल के एक कोने पर गौना था और दूसरे कोने पर दुरमी गाँव, इसलिए कुछ लोग इसे दुरमी ताल भी कहते थे। पर बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यह बिरही ताल था, क्योंकि चमोली-बदरीनाथ मोटर मार्ग पर बने बिरही गाँव से ही इस ताल तक आने का पैदल रास्ता शुरू होता था।
ताल के ऊपरी हिस्से में त्रिशूल पर्वत की शाखा कुँवारी पर्वत से निकलने वाली बिरही समेत अन्य छोटी-बड़ी चार नदियों के पानी से ताल में पानी भरता रहता था। ताल के मुँह से निकलने वाले अतिरिक्त पानी की धारा फिर से बिरही नदी कहलाती थी। जो लगभग 18 किलोमीटर के बाद अलकनंदा में मिल जाती थी। सन् 1970 की जुलाई के तीसरे हफ्ते ने इस सारे दृश्य को एक ही क्षण में बदल कर रख दिया।
दुरमी गाँव के प्रधानजी उस दिन को याद करते हैं – ‘तीन दिन से लगातार पानी बरस रहा था। पानी तो इन दिनों हमेशा गिरता है, पर उस दिन की हवा कुछ और थी। ताल के पिछले हिस्से से बड़े-बड़े पेड़ बह-बह कर ताल के चारों ओर चक्कर काटने लगे थे। ताल में उठ रही लहरें उन्हें तिनकों की तरह यहाँ से वहाँ, वहाँ से यहाँ फेंक रही थीं। देखते-देखते सारा ताल पेड़ों से ढंक गया। अँधेरा हो चुका था, हम लोग अपने-अपने घरों में बंद हो गए। घबरा रहे थे कि आज कुछ अनहोनी हो कर रहेगी’ खबर भी करते तो किसे करते? जिला प्रशासन उनसे 22 किलोमीटर दूर था। घने अँधेरे ने इन गाँव वाले को उस अनहोनी का चश्मदीद गवाह न बनने दिया। पर इनके कान तो सब सुन रहे थे।
प्रधानजी बताते हैं- ‘रात भर भयानक आवाजें आती रहीं फिर एक जोरदार गडग़ड़ाहट हुई और फिर सब कुछ ठंडा पड़ गया।’ ताल के किनारे की ऊँची चोटियों पर बसने वाले इन लोगों ने सुबह के उजाले में पाया कि गौना ताल फूट चुका है, चारों तरफ बड़ी-बड़ी चट्टानों और हजारों पेड़ों का मलबा, और रेत-ही-रेत पड़ी है।
ताल की पिछली तरफ से आने वाली नदियों के ऊपरी हिस्सों में जगह-जगह भूस्खलन हुआ था, उसके साथ सैकड़ों पेड़ उखड़-उखड़ कर नीचे चले आए थे। इस सारे मलबे को, टूट कर आने वाली बड़ी-बड़ी चट्टानों को गौना ताल अपनी 300 फुट की गहराई में समाता गया, सतह ऊँची होती गई, और फिर लगातार ऊपर उठ रहे पानी ने ताल के मुँह पर रखी एक विशाल चट्टान को उखाड़ फेंका और देखते ही देखते सारा ताल खाली हो गया। घटना स्थल से केवल तीन सौ किलोमीटर नीचे हरिद्वार तक इसका असर पड़ा था।
गौना ताल ने एक बहुत बड़े प्रलय को अपनी गहराई में समो कर उसका छोटा सा अंश ही बाहर फेंका था। उसने सन् 1970 में अपने आप को मिटा कर उत्तराखंड, तराई और दूर मैदान तक एक बड़े हिस्से को बचा लिया था। वह सारा मलबा उसके विशाल विस्तार और गहराई में न समाया होता तो सन् 70 की बाढ़ की तबाही के आकड़े कुछ और ही होते। लगता है गौना ताल का जन्म बीसवीं सदी के सभ्यों की मूर्खताओं से आने वाले विनाश को थाम लेने के लिए ही हुआ था।
ठीक आज की तरह ही सन् 1893 तक यहाँ गौना ताल नहीं था। उन दिनों भी यहाँ एक विशाल घाटी ही थी । सन् 1893 में घाटी के संकरे मुँह पर ऊपर से एक विशाल चट्टान गिर कर अड़ गई थी। घाटी की पिछली तरफ से आने वाली बिरही और उसकी सहायक नदियों का पानी मुँह पर अड़ी चट्टान के कारण धीरे-धीरे गहरी घाटी में फैलने लगा। अंग्रेजों का जमाना था, प्रशासनिक क्षमता में वे सन् 1970 के प्रशासन से ज्यादा कुशल साबित हुए। उस समय जन्म से रहे गौना ताल के ऊपर बसे एक गाँव में तारघर स्थापित किया और उसके माध्यम से ताल के जल स्तर की प्रगति पर नजर रखे रहे।
एक साल तक वे नदियाँ ताल में भरती रहीं। जलस्तर लगभग 100 गज ऊँचा उठ गया। तारघर ने खतरे का तार नीचे भेज दिया। बिरही और अलकनंदा के किनारे नीचे दूर तक खतरे की घंटी बज गई। ताल सन् 1894 में फूट पड़ा, पर सन् 1970 की तरह एकाएक नहीं। किनारे के गाँव खाली करवा लिए गए थे, प्रलय को झेलने की तैयारी थी। फूटने के बाद 400 गज का जल स्तर 300 फुट मात्र रह गया था। ताल सिर्फ फूटा था, पर मिटा नहीं था। गोरे साहबों का संपर्क न सिर्फ ताल से बल्कि उसके आसपास की चोटियों पर बसे गाँवों से भी बना रहा। उन दिनों एक अंग्रेज अधिकारी महीने में एक बार इस दुर्गम इलाके में आकर स्थानीय समस्याओं और झगड़ों को निपटाने के लिए एक कोर्ट लगाता था। विशाल ताल साहसी पर्यटकों को भी न्यौता देता था। ताल में नावें चलती थीं।
आजादी के बाद भी नावें चलती रहीं। सन् 1960 के बाद ताल से 22 किलोमीटर की दूरी में गुजरने वाली हरिद्वार बदरीनाथ मोटर-सड़क बन जाने से पर्यटकों की संख्या भी बढ़ गई। ताल में नाव की जगह मोटर बोट ने ले ली। ताल में पानी भरने वाली नदियों के जलागम क्षेत्र कुँआरी पर्वत के जंगल भी सन् 1960 से 1970 के बीच में कटते रहे। ताल से प्रशासन का संपर्क सिर्फ पर्यटन के विकास के नाम पर कायम रहा। वह ताल के ईर्द-गिर्द बसे 13 गाँवों को धीर-धीरे भूलता गया।
मुख्य मोटर सड़क से ताल तक पहुँचने के लिए (गाँवों तक नहीं) 22 किलोमीटर लम्बी एक सड़क भी बनाई जाने लगी। सड़क अभी 12 किलोमीटर ही बन पाई थी कि सन् 1970 की जुलाई का वह तीसरा हफ्ता आ गया। ताल फूट जाने के बाद सड़क पूरी करने की जरूरत ही नहीं समझी गई। सन् 1894 में गौना ताल के फटने की चेतावनी तार से भेजी थी, पर सन् 1970 में ताल फटने की ही खबर लग गई।
बहरहाल, अब यहाँ गौनाताल नहीं है। पर उसमें पड़ी बड़ी-बड़ी चट्टानों पर पर्यावरण का एक स्थायी लेकिन अदृश्य शिलालेख खुदा हुआ है। इस क्षेत्र में चारों तरफ बिखरी ये चट्टानें हमें बताना चाहती हैं कि हिमालय में, खासकर नदियों के पनढ़ालों में खड़े जंगलों का हमारे पर्यावरण पर क्या असर पड़ता है। ऐसे हिमालय में, देवभूमि में हम कितना धर्म करें, कितना अधर्म होने दें, कितना विकास करें, कितनी बिजली बनाएँ- यह सब इन बड़ी-बड़ी चट्टानों, शिलाओं पर लिखा हुआ है, खुदा हुआ है।
क्या हम इस शिलालेख को पढऩे के लिए तैयार हैं ?
( गाँधी मार्ग से साभार )