मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jul 11, 2010

निरुत्तर

निरुत्तर
-के. पी. सक्सेना 'दूसरे'
बैठक मंत्री महोदय के बंगले पर चल रही थी। विषय था- सिगरेट के पैकेट में वैधानिक चेतावनी किस रुप में दी जाय कि संदेश तो चला जाय पर वीभत्स भी न लगे। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि अगर रेखांकन डरावना न होगा तो प्रभावशाली भी नहीं होगा।
लोग मतैक्य नहीं हो पा रहे थे क्योंकि सभी बुद्धिमान थे। तभी मंत्री जी का 10 वर्षीय पुत्र सिगरेट की बात सुनकर वहां से निकलते- निकलते ठिठक गया। वह धीरे से मंत्री जा के पास पहुंच कर बड़े लाड़ से बोला- पापा हमारी क्लास में भी सर ने धूम्रपान निषेध दिवस पर एक चित्र बनाकर लाने को कहा है। पर पापा सिगरेट क्या सचमुच बहुत बुरी होती है?
बालक की मासूमियत पर बैठे लोग मुस्कुरा उठे। हां बेटा। ये तो पीने वाले के साथ- साथ उनके आस- पास जो रहता है उसे भी नुकसान करती है। मंत्री जी ने अबोध बालक की न केवल जिज्ञासा शांत की अपितु उसका ज्ञान भी बढ़ाया।
पापा तो फिर आप सीधे सिगरेट बनाना क्यों नहीं बंद करा देते। नादान पुत्र के प्रश्न पर बुद्धिमान पिता निरुत्तर होकर रह गए।
बोकरा भात
जब करीम मियां उसे मंडी से लेकर आए तो उसकी कद- काठी देखकर घर के सभी लोगों ने उसे शेरू नाम दे दिया। बाड़े की खूंटी में बांधे जाते ही उसे अपने अंजाम का आभास हो गया। एक क्रूर सत्य को अपनी नियति मानकर अब वह केवल यह मनाने लगा कि जिब्ह होउं तो कम से कम किसी नेक दिन। तभी उसे बकरीद का ख्याल आया - अगले माह ही तो है शायद। इससे और अच्छा दिन क्या होगा।
इतना सोचते ही उसके मन से मौत का भय एकदम काफूर हो गया। अब उसने अपना सारा ध्यान शरीर बनाने में लगाना शुरू कर दिया। करीम मियां वैसे भी उसकी खुराक का खूब ध्यान रखते- शायद अच्छे दाम के लालच में। उसे भी पता था कि ऐसे अवसरों पर लोगों की पसंद ही मायने रखती है- कीमत तो वे अक्सर हैसियत से अधिक दे डालते हैं।
ऐसे ही एक सुबह जब वह करीम के बेटे के साथ सींग लड़ा रहा था अचानक जब करीम मियां अखबार पढऩा छोड़ सीधे भीतर की ओर भागे तो उसका माथा ठनका। निश्चित ही अखबार में कोई खास खबर है यह सोचकर वह उसे सूंघ ही रहा था कि जनानखाने से करीम मियां की आवाज सुनायी दी-
सुनती हो - चुनाव का ऐलान हो गया- बकरीद से पहले होंगे। अब शेरू पहले ही निकल लेगा- 'बोकरा भात' के लिए। तू जरा उसकी खुराक पर ध्यान दे। जितनी चर्बी बढ़ेगी उतना दाम चढ़ेगा और हमें बकरीद का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
करीम मियां बाहर आकर उसकी गर्दन सहलाने लगे और वह दीवार पर सींग रगड़ते हुए सोच रहा था- कल से बीमार पड़ जाऊं तो कैसा रहेगा।

सम्पर्क- श्री शांतिनाथ नगर, टाटीबंध, रायपुर (छत्तीसगढ़) 492099,
मो. 09584025175, Email: kashipsaxsena@yahoo.co.in

मार्निंग वॉक का फंडा

मार्निंग वॉक का फंडा
- विनोद साव
'जिन्दगी तो दौड़धूप का दूसरा नाम है।' पहले वे दार्शनिक भाव से बोले। .. जब दौडऩा है तो अकेले क्यूं... पत्नी को भी साथ रखिए क्योंकि पति और पत्नी गृहस्थी की गाड़ी के दो चक्के हैं और इसे चलाने के लिए दोनों चक्कों का दौडऩा जरुरी है।'
आजकल मार्निग वॉक की भागम- भाग है। सेहत बनाने और मांसपेशी दिखाने का फैशन है। मैक्सी के अन्दर बीवी है तो चार साल का बेटा फुलपेंट में डूबा है और पिताश्री उतर आए हैं हाफपेंट पर। तीनों का बरमूडा ट्रायेंगल है। बरमूडा पहने वे पत्नी और बच्चे के साथ दौड़े जा रहे थे। ओलम्पिक में जैसे किसी विजेता धावक के पीछे पत्रकार दौड़ते हैं मैंने उनके पीछे दौड़ लगाते हुए कहा कि 'सर! आखिर आपके मार्निग वॉक का फंडा क्या है? हर रोज आप पत्नी व बच्चों के साथ दौड़ लगाते हैं?'
'जिन्दगी तो दौड़धूप का दूसरा नाम है।' पहले वे दार्शनिक भाव से बोले। .. जब दौडऩा है तो अकेले क्यंू... पत्नी को भी साथ रखिए क्योंकि पति और पत्नी गृहस्थी की गाड़ी के दो चक्के हैं और इसे चलाने के लिए दोनों चक्कों का दौडऩा जरुरी है।' अब वे गृहस्थ मुद्रा में आ गए थे।
'... फिर साथ में यह तीसरा चक्का क्यों।'' मैंने उनके बेटे की ओर इशारा करते हुए कहा।
'बेटा स्टेपनी है.. जब एक चक्का पंचर हो जाता है तब स्टेपनी काम में आती है।' अब वे घोर व्यावहारिकता में उतर आए थे। कहने लगे 'रोज सबेरे दौड़ लगाकर सेहत बनाने का हमारा उद्देश्य भूख बढ़ाना है। आपको आश्चर्य होगा कि हमारे सुखद दाम्पत्य जीवन का मुख्य आधार 'मुर्गा' है।'
'लेकिन आदमी के सुखद दाम्पत्य जीवन से भला एक मुर्गे का क्या संबंध है!' मैंने चौकते हुए पूछा।
'संबंध है साहब संबंध है.. अब देखिए मेरी बीवी मुर्गा बहुत अच्छा बनाती है। जिस दिन वह लजीज मुर्गा बनाती है उस दिन हमारे दाम्पत्य संबंध मधुर हो उठते हैं। जिस दिन मुर्गा बनाने में देरी हुई या मुर्गा ठीक नहीं बना तो हम दोनों के बीच मुर्गा लड़ाई शुरु हो जाती है। हम रोज सबेरे दो मील दौड़ लगाते हैं ताकि हमें ज्यादा से ज्यादा भूख लगे और हम ज्यादा से ज्यादा मुर्गा खा सकें।' यह कहते हुए उन्होंने अपनी पत्नी की ओर किसी मुर्गे की तरह प्यार से गर्दन उठाकर देखा तो पत्नी फुदकती हुई समर्पण भाव से निहाल हो उठी। ये उसी सूत्र का परिणाम था जिससे यह नारा बना है कि सुखद दाम्पत्य जीवन के दो आधार पत्नी का समर्पण और पति का प्यार। जाहिर है सुखद दाम्पत्य जीवन जीना उनके मार्निग वॉक का फंडा था।
अब इधर दाम्पत्य जीवन का एक दूसरा दृश्य है जिसमें आजकल उनका आहार नियंत्रण चल रहा है। पहले धूम्रपान नियंत्रण चल रहा था फिर मद्यपान नियंत्रण सम्पन्न हुआ। कुछ दिनों बर्थ कंट्रोल पर रहेे। इस तरह के अनेक नियंत्रणों को साधने के पीछे सबसे बड़ा कारण यह था कि उनके पीछे उनकी पत्नी पड़ गई थी। पत्नी को हरदम लगा करता था कि उसका पति हरफनमौला है और वह कभी भी नियंत्रण से बाहर हो सकता है। इसलिए रोज सबेरे नहा धोकर पति के पीछे पड़ जाना उसने अपना प्रथम कर्तव्य माना था।
पति को प्रात: उठाकर उसके पीछे अपना कुत्ता दौड़ा देना ताकि कुत्ता जब तक भोंकता रहे तब तक पति दौड़ता रहे। घर आने पर उसे लहसून की कलियां चबाने के बाद पांच गिलास पानी पीने को देना। हाजत रफा के लिए नस गुड़ाखू की जगह नीम के दतौन पकड़ा देना। इस कड़वी हिदायत के साथ कि 'देखो.. तुम नीम के ये दतौन लो और जा बैठो। इसे चबा चबाकर इसके कड़वे रस का पान करते रहोगे तो सारे कीड़े बाहर आ जाएंगे।' बाहर निकलते तक बारह इंची नीम की काड़ी बस दो इंच रह जाती है।
पत्नी की हिदायत जारी थी 'चाय बिना दूध के पीयो तो गैस की शिकायत बन्द। चाय छोड़कर जंवारा रस पीयो तो और अच्छा है। मालूम है यह ग्रीन ब्लड है। सुबह के गरमा- गरम नाश्ते को भूल जाओ और अंकुरित मूंग व चने चबाओ। भोजन में पूड़ी पराठा का हल्ला छोड़ो और सूखी रोटी पर धावा बोलो। पुलाव तो क्या चावल भी न खाओ तो तुम्हारी सेहत के लिए ठीक रहेगा। भात खाकर पेट निकालकर कौन सा तीर मारोगे। फिर तुम जानते हो कि ये पेट कहां- कहां आड़े नहीं आता।
गेहूं हमारा मित्र है। सारा जीवन रोटी सब्जी खाकर गुजार सकते हो। अरे आदमी को क्या चाहिए? दो वक्त की रोटी बस..। मारवाड़ी सूखी रोटी खाकर करोड़ीमल बन जाता है और एक तुम हो कि खा- खाकर भुक्कड़ हुए जा रहे हो। जब देखो तब खाने पीने के नाम से घर में हंगामा मचाये रखते हो। जैसे इस दुनियां में तुम खाने के लिए ही जिन्दा हो। अरे तुम्हारा पेट है कि कब्रिस्तान... न जाने अब तक वहां कितने मुर्गे दफन हो गए हैं।
वे जब भी सुबह सोकर उठते हैं लगता है वे घर में नहीं किसी थियेटर में खड़े हों जहां पत्नी की दी हुई हिदायतें डिजीटल साउन्ड में गूंज रही हैं। उसने टीवी चालू किया। सामने बाबा टांगदेव थे। जैसे उनकी पत्नी के कहने पर आए हों। इसके पहले वाले बाबाओं का रोल खत्म हो गया आजकल सब ओर इन्ही बाबा की जय है। हर छह महीने में एक नया गुरु तैयार हो जाता है। यूज एंड थ्रो का जमाना है पुराने गुरु गुड़ गोबर हो गए अब सामने नया गुरु घण्टाल है। उसने कातर दृष्टि से टीवी के एक भक्त को देखा जो शोभा यात्रा में जयजयकार करते चले जा रहे थे। उनके मुंह से निकला 'कहां जा रहे हो? अरे मिलेगा क्या? बाबाजी की पादुका!' भक्त ने मुस्कुराकर कहा 'वह भी मिल जायगा अगर बाबाजी की कृपा हो।'
वे आंखे बन्द कर शांतमुद्रा में बैठ गए थे। या तो प्राणायाम की तैयारी थी या फिर रेकी का आव्हान वे कर रहे थे। आंखें खुलीं तो सामने मैं खड़ा था उनके शुभचिन्तकों में से एक।
सुना है हड्डियों को मजबूत करने के लिए बहुत से लोग पाया पी रहे हैं।' मैंने कहा।
'यह क्या बला है?' उन्होंने दयनीय होते हुए पूछा।
'पाया यानी..बकरे की टांग का रस।' मैंने खुलासा किया।
'यहां मुर्गे की टांग तो नसीब नहीं हो रही है और तुम बकरे की टांग अड़ा रहे हो।' वे तैश में थे। संभवत: इस तैश के पीछे उनका आहार नियंत्रण था। आदमी जब ज्यादा आदर्श पर चलता है तब कई कुण्ठाएं जन्म लेती हैं।
नीचे बरमूडा और ऊपर टी-शर्ट थी जो पत्नी ने उनके जन्मदिन पर उपहार दिया था उन्हीं के पैसों से। उसने प्रतिवाद भी किया था पत्नी की इस फिजूल खर्ची पर 'नीचे पहनने के लिए मेरे पास लोअर, लूंगी, पाजामा, टॉवेल और जांघिया है। अब और क्या- क्या तुम मुझे पहनाओगी?' तब पत्नी ने एक रहस्यमय मुस्कान के साथ कहा था 'बरमूडा में तुम ज्यादा यंग लगोगे।'
'यार इन बीवियों को पति नहीं एक केयरटेकर चाहिए जो घोड़े जैसा शक्तिशाली हो और कुत्ते जैसा वफादार।' उसने मेरी ओर समर्थन की आस में देखा।
'तुम्हारा टॉमी आज दिख नहीं रहा है।' मैंने कुत्ते की चर्चा होने पर उनके कुत्ते को याद किया।
'टॉमी की सर्विसिंग हो रही है। मतलब नहलाई धुलाई।' उन्होंने बतलाया 'नहाने के बाद मेरे साथ सलाद खाएगा।' उसने पत्नी के काटे हुए सलाद पर अंकुरित मूंग व चने छिड़कते हुए कहा।
'क्या तुम्हारे साथ- साथ टॉमी का नानवेज भी बन्द हो गया?' मैंने जैसे उसकी दुखती रग पर हाथ फेरा। उसने दर्द को जज्ब करते हुए कहा 'हां! टॉमी को आजकल खीरा ककड़ी दिया जा रहा है। भूख में वह कुछ भी खाने के लिए ललचता है।' उसकी आवाज में मायूसी थी जैसे वे टॉमी की नहीं अपनी बात कह रहे हों। उनकी पत्नी बाहर आ गई थी हाथ में एक प्लेट थी जिसमें केले और पपीते के छिलके थे। उसने पत्नी की ओर हैरत से देखा 'यह क्या अब तुम मुझे ये छिलके भी खिलाओगी!'
'यह तुम्हारे लिए नहीं टॉमी के लिए है।' पत्नी ने स्पष्ट कर उसे शान्त किया। उनकी पत्नी ने मुझे नमस्कार करते हुए कहा 'हमारा टॉमी अब शुद्ध शाकाहारी हो रहा है।'
'पर भाभीजी .. टॉमी तो फ्लेश इटिंग एनीमल है ग्रास इटिंग नहीं... यानी मांसाहारी जीव है और आप..?' मैंने कहा।
बीच में टोकते हुए उनकी पत्नी ने कहा 'ऐसा कुछ नहीं है.. जैसा संस्कार डालोगे जीव वैसा हो जाता है।' अबकी बार थोड़े कर्मकाण्डी स्वर गूंजे थे। फिर अपने पति की ओर इशारा कर उसने कहा 'ये भी तो फ्लेश इटिंग एनीमल थे टॉमी की तरह .. अब इन्हें भी शाकाहारी बना रही हूं। यानी इनको और टॉमी को .. दोनों को। अरे शाकाहारी जानवर मांसाहारी जानवरों से ज्यादा बड़े और ताकतवर होते हैं। जैसे हाथी, दरियाई घोड़ा और जिराफ। और मांसाहारियों की तरह पीठ पीछे से हमला नहीं करते बल्कि सामने से आक्रमण करने का साहस करते हैं। मैं इनको और टॉमी दोनों को साहसी बना रही हूं। और फिर देखिये आप रोज सबेरे ये दोनों कैसी दौड़ लगाते है। ये है हमारे मार्निंग वाक का फंडा।' उनकी पत्नी ने जोर से आवाज लगाई जैसे कि उन्होंने कोई नारा गुंजाया हो।
'सुना है आप पचास के हो गए?' मार्निग वाक के समय किसी सहृदयी की आवाज सुनाई दी।
हां भई .. हो तो गए।' मैंने तेज चाल चलते हुए उसंास भरी।
'मैं भी चालीस का हो गया हूं।' वे दौड़कर हांफते हुए करीब आए और बधाई पाने की चाहत से मुझे देखा।
'यार बधाई हो।' मैंने भी उन्हें भांपते हुए कहा कि 'आजकल चालीस भी बहुत होता है हो.., इस जमाने में आपने चालीस पूरे कर लिए यानी मैदान मार लिया।' सबेरे सबेरे मैदान में उकडूं बैठे लोगों की ओर हमने एक साथ देखा।
'नई तो क्या!' वे उत्साह से भर गए फिर बोले 'आज की भागमभाग जिन्दगी में न जाने किस दिन हार्ट-अटैक हो जाय। चढ़ती महंगाई में आप क्या खाओगे और कितनी कैलोरी पाओगे, बढ़ते प्रदूषण में न जाने कब दम घुट जाय।' उन्होंने हवा में आती शराब खाने की बदबू से अपनी नाक ढंकते हुए कहा।
'ये लो आपने शैतान का नाम लिया और शैतान आ धमका, अब तो हवाएं भी हमारी नहीं रहीं। जहां मुट्ठी भर धूप, थोड़ा सा आसमां और ताजा हवा की किल्लत हो जाए वहां तो चालीस पार कर लेना ही एक बड़ी उपलब्धि है। ऐसे लोगों का तो हेल्थ क्लबों और योग शिविरों में सम्मान किया जाना चाहिए और उनके अभिनंदन पत्र में यह लिखा जाना चाहिए कि किन गुणों के सागर होने के कारण चालीस पूरे कर लेने के बाद भी उनका चालीसा नहीं उठा।' मेरा चालीसा पाठ पूरा हो चुका था उनकी दौड़ पूरी हो चुकी थी। हम अपनी अपनी दिशाओं की ओर मुड़ चले थे। यह था उनके मार्निंग वॉक के फंडे पर मेरा फंडा।
पता- 'सिद्धार्थ' मुक्तनगर, दुर्ग छत्तीसगढ़- 491001
मोबाइल- 9907196626
ई-मेल- vinod.sao1955@gmail.com
21 वीं सदी के व्यंग्यकार स्तंभ के आयोजक विनोद साव
20 सितंबर 1955 को दुर्ग में जन्मे विनोद साव समाजशास्त्र विषय में एम.ए.हैं। वे भिलाई इस्पात संयंत्र में सहायक प्रबंधक हैं। मूलत: व्यंग्य लिखने वाले विनोद साव अब उपन्यास, कहानियां और यात्रा वृतांत लिखकर भी चर्चा में हैं। उनकी रचनाएं हंस, पहल, ज्ञानोदय, अक्षरपर्व, वागर्थ और समकालीन भारतीय साहित्य में भी छप रही हैं। उनके दो उपन्यास, चार व्यंग्य संग्रह और संस्मरणों के संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। कहानी संग्रह प्रकाशनाधीन है। उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं। वे उपन्यास के लिए डॉ. नामवरसिंह और व्यंग्य के लिए श्रीलाल शुक्ल से भी पुरस्कृत हुए हैं।
उदंती में प्रति माह प्रकाशित 21वीं सदी के व्यंग्यकार स्तंभ का आयोजन विनोद साव के प्रयासों से ही संभव हो सका। इस सदी के सक्रिय व्यंग्यकारों को तलाश कर उन्होंने व्यंग्य की आगे की संभावनाओं को तलाशने की कोशिश की है। उनकी यह कोशिश पूरी हो पाई या नहीं इसे तो हमारे सुधी पाठक और व्यंग्य-समीक्षक ही ठीक-ठीक बता पाएंगे। विनोद जी अब इस स्तंभ को और अधिक खींचने के मूड में नहीं हैं अत: इसका समापन हम विनोद जी के व्यंग्य 'मॉर्निंग वॉक का फंडा' से कर रहे हैं। विनोद जी की खासियत है कि वे बोलते बतियाते हुए व्यंग्य करते हैं जिनमें हास्य का पुट भी होता है और मुद्दे की गंभीरता भी। प्रस्तुत व्यंग्य में उन्होंने आधुनिक जीवन शैली में हो रहे परिवर्तन पर हास्य- व्यंग्य की हल्की फुहार तो छोड़ी ही है साथ ही उस बाजारवाद पर गहरा कटाक्ष किया है जहां सेहत के नाम पर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
-संपादक

आम आदमी की वेदना से खिलवाड़ क्यों?

आम आदमी की वेदना से खिलवाड़ क्यों?
- बिचित्र मणि
तब गुलामी थी और इंग्लैंड में विंस्टन चर्चिल जैसा अकड़ू प्रधानमंत्री था। चर्चिल ने भारतीयों की आजादी की मांग को यह कहकर नकार दिया कि अगर भारत को आजाद कर दिया गया तो भारतीय आपस में लड़कर ही मर जाएंगे। तब भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे बड़े शिखर पुरुष महात्मा गांधी ने कहा कि आजाद होकर हम चाहे मरें या जीयें, बस आप हमारा पिंड छोड़ दो। गांधी को अपने देश के व्यक्तित्व और देशवासियों की मानसिकता पर पूरा भरोसा था। लेकिन तीन दशक बाद उस भरोसे की बलि चढ़ाने की कोशिश इंदिरा गांधी के दिमाग से निकली, जो गांधी के सबसे करीबी और राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले जवाहरलाल नेहरू की पुत्री थीं। 25-26 जून 1975 की आधी रात को जब सारा देश सो रहा था, तब लोकतंत्र को सदा के लिए सुलाने की कोशिश हुई। समाज के आखिरी आदमी के हितों को ताक पर रख दिया गया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण समेत विपक्ष के सारे नेताओं ने रातों-रात खुद को जेल की चारदीवारी के भीतर पाया। जिसने भी इंदिरा गांधी की करनी से थोड़ी भी नाइत्तफाकी रखी, वो सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। चाहे वो कभी इंदिरा गांधी के खासमखास रहे चंद्रशेखर रहे हों या फिर हिंदुस्तान के तकरीबन सवा लाख लोग। ईसा मसीह को एक बार सूली पर चढ़ाया गया था, अपने यहां लोकतंत्र तो पूरे 635 दिनों तक सूली पर लटका रहा।
अब ये सवाल उठ सकता है कि 35 साल पुरानी लकीर पीटने का क्या मतलब है। आज देश चहुमुखी विकास का मुंह देख रहा है, जैसा कि सरकारी आंकड़े और सरकार के लोग ढिंढोरा पीटते हैं। विकास, तरक्की और चकाचौंध की इस दीवाली में आपातकाल की उदासी बहुतों को ऐसा ही लग सकता है, जैसे किसी ने उनकी खीर में नीबू निंचोड़ दिया हो। लेकिन आपातकाल की याद इस बात की तस्दीक कराने के लिए काफी है कि यह देश सत्ता के हुक्मरानों को अपने ठेंगे के नीचे रखने का माद्दा रखता है। लोकतंत्र में भले ही नव राजा-रानियों की संतानें आज पुष्पित-पल्लवित हो रही हैं लेकिन आखिरी आदमी की आवाज को नकारना आसान नहीं होगा। इसीलिए जिस दौर में सरकारें पूंजी की प्रवक्ता बनने में भी अपनी खुशकिस्मती समझ रही हैं, आपातकाल और उसके बाद इंदिरा गांधी का हश्र यह बताने के लिए काफी है कि लोकतांत्रिक मूल्यों और आखिरी आदमी की वेदना और संवेदना से खिलवाड़ मत करो। अभी तो 35 साल हुए हैं, जबकि 3500 साल बाद भी आपातकाल के खिलाफ उठी 35 साल पुरानी आवाज ऐसे ही गूंजती रहेगी। 

इस अंक के लेखक

एलएन शीतल
जन्म- 7 अगस्त 1958। शिक्षा एम.ए. हिन्दी- केयूके हरियाणा से, बी.जे. एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक से। गत 30 वर्षो से देश के विभिन्न समाचार पत्रों में कार्य का अनुभव। दैनिक समाचार पत्रों नवभारत (भोपाल), अमर उजाला (उत्तराखंड, देहरादून), भास्कर (ग्वलियर, भोपाल, कोटा), हरिभूमि (रायपुर) में संपादक एवं समूह संपादक के पदों पर कार्य। सामाजिक, राजनीतिक एवं न्यायिक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर निरंतर लेखन। आकाशवाणी की पत्रकारिता से जुड़ी परियोजना पर शृंखलाबद्ध लेख। मानवीय अंतरमन का विशेष अध्ययन। संप्रति- संपादक, राष्ट्रीय सहारा, देहरादून (उत्तराखंड)
स्थायी पता- 12, टाइप-4, सेक्टर-बी, पीपलानी, भोपाल 462021
मोबाइल- ९५५७२९०००६, ९३०१८२०३१५, Email: lnshital@rediffmail.com
के. पी. सक्सेना 'दूसरे'
10 मार्च 1947 सतना मध्यप्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.एस.सी., एम.ए, एल.एल.बी। प्रकाशित कृतियां- नूतन प्रसून, शायद बात तुम्हारे मन की (काव्य संग्रह), एक महंगा प्रायश्चित (कथा संग्रह), परत-पर-परत (लघुकथाएं) तथा अनेक रचनाएं पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित। प्रसारण- आकाशवाणी से कहानियां, टेली प्ले निष्कर्ष रायपुर दूरदर्शन से, नाट्य निर्देशन एवं मंचन भोपाल व सतना में, कतिपय कवि गोष्ठी सम्मेलन व नेशनल बुक ट्रस्ट नई दिल्ली के स्वर्ण जयंती के अवसर पर काव्य पाठ। सम्मान- अस्मिता, शंखनाद 2004, हिन्दी प्रतिष्ठा सम्मान 2006, तथा बख्शी सृजन पीठ से सम्मानित।
संप्रति: अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सीनियर सिटीजन्स।
पता- श्री शांतिनाथ नगर, टाटीबंध, रायपुर (छत्तीसगढ़) 492099
मोबाइल- 09584025175
Email: kashipsaxsena@yahoo.co.in
डॉ. श्याम सखा श्याम
जन्म- 28 अगस्त 1948 रोहतक । शिक्षा- एमबीबीएस, एफसीजीपी, एलएलबी। चिकित्सा सेवा के अतिरिक्त पठन, लेखन, छायांकन एवं घुमक्कड़ी। प्रकाशित पुस्तकें- 3 उपन्यास, 3 कहानी संग्रह, 4 कविता संग्रह, 1 गजल संग्रह, 1 लघुकथा संग्रह, एक दोहा सतसई तथा 1 लोक कथा संग्रह। अनेक पुरस्कार एवं सम्मान- पं. लखमी चंद पुरस्कार (हरियाणा साहित्य अकादमी का लोक- साहित्य व लोक संस्कृति पर सर्वोच्च पुरस्कार), 6 पुस्तकें व 5 कहानियां हिन्दी व पंजाबी अकादमी द्वारा पुरस्कृत। पद्मश्री मुकुटधर पांडेय (छत्तीसगढ़ सृजन सम्मान 2007), कथा संग्रह अकथ हेतु अंबिका प्रसाद दिव्य रजत अलंकरण 2007 में, कथा- बिम्ब कथा पुरस्कार मुम्बई, राष्ट्रधर्म कथा पुरस्कार 2005 लखनऊ।
सम्प्रति: हरियाणा के रोहतक नगर में निजी नर्सिंग होम चला रहे है।
Email: shyam.skha@gmail.com

रंग- बिरंगी दुनिया

19 करोड़ में बिका दुनिया का सबसे बड़ा सिक्का 
दुनिया का सबसे बड़ा सिक्का 'मैपल लीफ 2007' वियेना में 40 लाख 30 हजार डॉलर (करीब 18 करोड़ 60 लाख रुपये) में बिका। कीमती धातुओं का कारोबार करने वाली स्पेन की कंपनी ने 100 किलोग्राम वजन के इस सिक्के को खरीदा। सोने के सिक्के को वर्ष 2007 में कनाडा में बनाया गया था। इसकी कीमत 10 लाख कनाडियन डॉलर आंकी गई थी। स्पेन की बहुमूल्य धातु व्यापार कंपनी ओरो डायरेक्ट ने इस सिक्के को खरीदा।सिक्के का व्यास 53 सेंटीमीटर और शुद्धता 99.99 फीसदी है। गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड्स के नवीन संस्करण में यह सिक्का दुनिया के सबसे बड़े स्वर्ण सिक्के के तौर पर दर्ज है।
सिक्के के अग्रभाग पर एलिजाबेथ द्वितीय का चित्र है। जबकि पिछले भाग पर हिस्से कनाडा का राष्ट्रीय चिह्न मैपल लीफ बना है। दुनिया में मैपेल लीफ 2007 सिक्के सिर्फ पांच हैं। इसमें एक महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और दो दुबई में अज्ञात निवेशकों के पास है। पांचवें के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
विश्व के सबसे बड़े सोने के सिक्के की नीलामी उसकी आंकी गई कीमत से कहीं ज़्यादा पैसों में हुई। नीलामी घर का कहना है कि ऐसा विश्व में सोने के तेजी से बढ़ रहे दामों के कारण हुआ है।
भारत जिसे सोने की चिडिय़ा कहा जाता है। पर हमारे अपने ही देश के सिक्के गायब हो गए है। ऐसे में नायाब सिक्के बनाने के बारे में भारत सोच भी नहीं सकता। इतिहास में अगर झांके तो हमारे पास ऐसे बहुमूल्य सिक्के मौजूद थे जिन्हें देखकर ही तो अंग्रेज हमें लूटने आए थे। अगर आज हम अपने उन ऐतिहासिक सिक्कों को ढूंढ कर अपने संग्रहालय में जमा कर दें तो भारत सिक्कों के मामले में सबसे धनी देश कहलाएगा।