मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Oct 24, 2017

अनुपम शारदीय आनन्द

      अनुपम शारदीय आनन्द  
            - जी.के.अवधिया
 मेघरहित नील-धवल स्फटिक-सा निर्मल अम्बर, श्वेत-धवल कास सुमन का वस्त्र धारण किए पंक-रहित धरा, भाँति-भाँति के पुष्पों से पल्लवित मधुकर-गुंजित उपवन एवं वाटिकाएँ, शान्त वेग से प्रवाहित कल-कल निनाद करती सरिताएँ, कमल तथा कुमुद से शोभित तड़ाग, चहुँ ओर शीतल-मंद-बयार का प्रवाह, अमृत की वर्षा करती चन्द्र-किरण शरद् ऋतु के आगमन का द्योतक हैं।
हिन्दू पंचांग के अनुसार आश्विन तथा कार्तिक माह को शरद् ऋतु की संज्ञा दी गई है। शरद् ऋतु आते तक वृष्टि का अन्त हो चुका होता है। मौसम मनोरम हो जाता है। दिवस सामान्य होते हैं तो रात्रि में शीतलता व्याप्त रहती है। यद्यपि शरद् की शुरूआत आश्विन माह के आरम्भ से हो जाती है;किन्तु शरद् के सौन्दर्य का आभास शरद् पूर्णिमा अर्थात् क्वार माह की पूर्णिमा से ही शुरू होता है।
शरद ऋतु ने वाल्मीकि, कालिदास तथा तुलसीदास जैसे महान काव्यकारों के रस-लोलुप मन को मुग्ध-मोहित किया है। वाल्मीकि रामायण के किष्किन्धाकाण्ड में महर्षि वाल्मीकि लिखते हैं -
रात्रि- शशांकोदित सौम्य वस्त्रा, 
तारागणोन्मीलितचारुनेत्रा।
ज्योत्स्नांशुकप्रावरणाविभाति,
नारीवशुक्लांशुकसंवृतांगी।।
चन्द्र की सौम्य एवं धवल ज्योत्सना से सुशोभित रात्रि किसी श्वेत वस्त्र धारण किए हुए सुन्दरी के समान प्रतीत हो रही है। उदित चन्द्र इसका मुख तथा तारागण इसके उन्मीलित नेत्र हैं।
ऋतु संहार में कवि कालिदास कहते हैं -
काशांसुकाविचक्रपद्ममनोज्ञ वस्त्र, 
सोन्मादहंसरव नूपुर नादरम्या।
आपक्वशालिरूचिरानतगात्रयष्टि:
 प्राप्ताशरन्नवधूरिव रूप रम्या।।
 कास के श्वेत पुष्पों के वस्त्र से धारण किए हुए नव-वधू के समनाशोभायमनाशरद-नायिका का मुख कमल-पुष्पों से निर्मित है। उन्मादित राजहंस की मधुर ध्वनि ही, इसकी नूपुर-ध्वनि है। पके हुए बालियों से नत धान के पौधों के जैसे तरंगायित इसकी देह-यष्टि किसका मन नहीं मोहती?
रामचरित मानस में तुलसीदास जी राम के मुख से कहलवाते हैं -
बरषाबिगतसरद ऋतु आई। 
लछिमनदेखहु परम सुहाई॥
फूलें कास सकल महि छाई।
जनुबरषाँ कृत प्रगट बुढ़ाई॥
हे लक्ष्मण! वर्षा व्यतीत हो चुकी और शरद ऋतु का आगमन हो चुका है। सम्पूर्ण धरणी कास के फूलों से आच्छादित है।मानो (कास के सफेद बालों के रूप में) वर्षा ऋतु ने अपनी वृद्धावस्था को प्रकट कर दिया हो।
तुलसीदास जी तो शरद का प्रभाव पक्षियों पर भी बताते हुए कहते हैं  -
जानिसरद ऋतु खंजन आए।
पाइ समय जिमिसुकृत सुहाए॥
जिस प्रकार से समय पाकर सुकृत (सुन्दर कार्य) अपने आप आ जाते हैं उसी प्रकार से शरद् ऋतु जानकर खंजन पक्षी आ गए हैं।
शरद् ऋतु को भारतीय संस्कृति में धार्मिक रूप से भी अत्यन्त महत्त्वपूर्ण माना गया है। आश्विन माह में माता दुर्गा ने महिषासुर का, भगवान श्री राम ने रावण तथा कुम्भकर्ण का, भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का और कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। यही कारण है कि आश्विन एवं कार्तिक दोनों ही माह पवित्र महीने माने गए हैं। इन दोनों माह में हिन्दू त्योहारों की भरमार होती है यथा नवरात्रि, दशहरा दीपावली, देव प्रबोधनी एकादशी आदि।

पारिजात, हरसिंगार और बाओबाब


पारिजात, हरसिंगार और बाओबाब 

- कालूराम शर्मा

हाल ही में मेरे संस्थान के साथी ने ईमेल के जरिए जानना चाहा कि ‘ये पारिजात की क्या कहानी है?’ मैंने तुरंत जवाब दिया कि यह एक साधारण पेड़ है जिसे अपनी कॉलोनी में भी देख पाएँगे। साथ ही मैंने पारिजात के फूलों का कैमरा चित्र भी भेज दिया। अब उनकी बारी थी। उन्होंने कहा, ‘नहीं, इसकी बात मैं नहीं कर रहा हूं। मैं तो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के पारिजात के पेड़ की बात कर रहा हूँ। कहा जाता है कि यह इकलौता पेड़ है जिसमें फूल, फल और बीज नहीं बनते।’
उन्होंने उस पेड़ को लेकर जिलाधिकारी द्वारा वहाँ लगाए गए शिलालेख का चित्र भी मुझे भेजा, जिसमें इस पेड़ को पारिजात कहा गया है। मान्यता है कि दुनिया में ऐसा कोई और पेड़ नहीं है। गौरतलब है कि बाराबंकी के जिलाधिकारी भी किंवदंतियों के आधार पर इस बात की पुष्टि करते हैं और उन पारम्परिक मान्यताओं को बढ़ावा देते लगते हैं।
जब उस ‘पारिजात’ चित्र देखा तो उलझन में पडऩे की मेरी बारी थी। एक विशाल आकार का पेड़ जिसका तना काफी मोटा प्रतीत होता है। इंटरनेट पर पता चला कि बाराबंकी का वह ‘पारिजात’ एक विशाल पेड़ है, जिसके चारों ओर तार की बागड़ लगाई गई है और यह पेड़ एक धार्मिक आस्था का स्थान बना हुआ है। इसको लेकर कई लोकोक्तियाँ भी प्रचलित हैं। जैसे, यह पेड़ समुद्र मंथन के दौरान मिला था, इसकाज़िक्र गीता में मिलता है इत्यादि।
जब मैं पारिजात की पहेली को सुलझाने को बैठा तो कई बातें सामने आईं। उन्हीं बातों को यहाँ साझा कर रहा हूँ।
पारिजात और हरसिंगार
आम तौर पर हरसिंगार, प्राजक्ता, शेफाली, शिउली, पारिजात इत्यादि के नाम से जाना जाने वाला यह पेड़ 10 से 15फीट की ऊँचाई पाता है और इसमें मलाई के रंग के फूल आते हैं जो बेहद खुशबूदार होते हैं। हर कोई जानता है कि ये रात को खिलते हैं और भोर होने के साथ ही ज़मीन पर गिर जाते हैं। पारिजात बरसात के दिनों में खिलना  प्रारम्भ  करता है और सितंबर- अक्टूबर के आखिर में फूलना बंद कर देता है। दिलचस्प बात यह है कि पारिजात को पश्चिमी बंगाल में राज्य पेड़ का दर्जा दिया गया है। इसका वानस्पतिक नाम है निक्टेंथसआर्बरट्रिस्टिस (Nyctanthesarbortristis)  है।
पारिजात और बाओबाब
इंटरनेट की साइट्स पर बाराबंकी पारिजात के चित्र को देखकर पहेली को सुलझाने में मदद मिली। चित्र को देखकर ऐसा लगता है कि बाराबंकी पारिजात दरअसल बाओबाब नामक पेड़ है, जिसका वानस्पतिक नाम  एडंसोनियाडिजीटेटा (Adansoniadigitata)   है और यह पारिजात  (निक्टेंथस) से काफी अलग है। यह बाराबंकी के अलावा भारत के अन्य स्थानों पर भी पाया जाता है। इसकी चर्चा थोड़े विस्तार में करते हैं। 
लोकोक्तियों के मुताबिक यह पेड़ बाराबंकी के अलावा दुनिया में और कहीं नहीं मिलता। मान्यता तो यह भी है कि इस पेड़ में न तो फल बनते हैं और न ही बीज। और इसकी कलम भी नहीं लगाई जा सकती;इसीलिए इसे एक विशिष्ट दर्जा प्राप्त है।
वनस्पति शास्त्री के हवाले से आगे बल देकर यह भी कहा गया है कि यह एक नर पेड़ है, इसके जैसा और कहीं नहीं। इस पेड़ में कुछ संख्या में फूल कभी-कभार ही खिलते हैं। पता चलता है कि उस इलाके में इस पेड़ में गहरी आस्था है। इस पेड़ की पूजा होती है और पर्यटकों व श्रद्धालुओं का आना-जाना बना रहता है।
बाराबंकी में स्थित जिस पेड़ को लेकर यह सब कहा गया है वास्तव में वह अफ्रीकी मूल का एक पेड़ है जो भारत में और भी कई जगहों पर पाया जाता है। अगर आप मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक स्थल मांडवजाएँ,तो आपको यहाँ विशाल पेड़ देखने को मिलेंगे ,जो प्रतीत होते हैं मानो इन्हें उखाडक़रउल्टा खड़ा कर दिया गया है। इंदौर के होल्कर विज्ञान महाविद्यालय के प्रोफेसर किशोर पँवार के अनुसार यह पेड़ उनके महाविद्यालय में भी है। इसी प्रकार से इंदौर-उज्जैन के बीच साँवेर में भी इस पेड़ के दर्शन किए जा सकते हैं। गुजरात के सूरत, कच्छ और बड़ौदा में इस पेड़ के मिलने का उल्लेख है। महाराष्ट्र में यह वाशी के निकट देखा गया है। चैन्ने में जीवशास्त्रीय संरक्षण के लिए समर्पित थिओसॉफिस्टसोसायटीगार्डन में भी इस पेड़ के मिलने की सूचना है।
बताया जाता है कि व्यापारी और मुगल शासक समुद्र के रास्ते इसके फलों को भारत में लाए और यहाँ इसे रोपा गया। मांडव में इस पेड़ को खुरासानी इमली के नाम से जाना जाता है। इसी प्रकार से गुजराती में ‘गोरखआंबली’ कहा जाता है। अंग्रेजी में इसे ‘मंकीब्रेड’ व ‘बाओबाब’ के नाम से जाना जाता है।
दरअसल, जब इसकी पत्तियाँ झड़ जाती हैं तो लगता है मानो जड़ें आसमान में लहरा रही हो। इसीलिए इस पेड़ को ‘अपडाउनट्री’ भी कहा जाता है। मांडव में आप बस स्टेशन पर गुमटियों और ठेलों पर नज़र दौड़ाएँगे,तो बड़े-बड़े चूहे के आकार के फल बिकते हुए मिल जाएँगे। कहते हैं कि खुरासानी इमली का बीज खुरासान का बादशाह ईरान से मांडव लेकर आया था। इसलिए इसका नाम ‘खुरासानी’ पड़ा।
अफ्रीका में इस पेड़ का नाम ‘बाओबाब’ मिलता है। बाओबाब का अफ्रीका के आर्थिक विकास में काफी योगदान रहा है। इसलिए इसे वहां ‘दी वर्ल्डट्री’ की उपमा से नवाज़ा गया है। वहाँ के लोग आज भी इस पेड़ को सम्मान की नकार से देखते हैं। इसे वहाँ जीवनदायी पेड़ माना गया है।
पत्ती, फल, फूल
हरसिंगार के विपरीत इस पेड़ की ऊँचाई 5 से 30 मीटर तक हो सकती है और तने का व्यास 7 से 11 मीटर तक हो सकता है। यह एक पतझड़ी पेड़ है जिस पर पत्ते चार-पाँच महीने के लिए ही टिकते हैं। बरसात के दिनों में इस पर बड़ी-बड़ी संयुक्त हस्ताकार (पॉमेट) पत्तियाँ दिखती हैं। शुष्क मौसम में इसके पत्ते झड़ जाते हैं और फिर यह एकदम ठूँठ जैसा लगता है।
बाओबाब में फूल भी आते हैं और फल भी लगते हैं। जुलाई के महीने में सफेद रंग के फूल आते हैं जो नीचे की ओर झूलते रहते हैं। फूल की पँखुडिय़ाँ सफेद और मांसल होती हैं जिसके भीतर वाले चक्र में पुंकेसर होते हैं। 
फूलों में तेज़गंध होती है जो कमोबेश इंसानों को पसंद नहीं आती है। ये रात को खिलते हैं और एकदम सफेद रंग के चलते जंतुओं को आसानी से दिखाई दे जाते हैं। गंध  भी जंतुओं को आकर्षित करने में योगदान देती है। बाओबाब के फूलों का परागणचमगादड़ करते हैं। परागण और निषेचन की प्रक्रिया के बाद फल बनना  प्रारम्भ  होते हैं। फल का ऊपरी आवरण पीले-भूरे रंग का होता है जो छूने पर मखमली अहसास देता है। पेड़ पर फल ऐसे लगते हैं मानो मरे हुए चूहे लटक रहे हो। इसीलिए किसी ने इसे ‘डेडरैटट्री’ की उपाधि दे डाली।
इस पेड़ का तना खोखला और स्पंजी होता है। इसी वजह से इसकी लकड़ी का इस्तेमाल फर्नीचर वगैरह में तो नहीं होता ;मगर पूरा का पूरा पेड़ औषधीय महत्त्व रखता है। इसके पेड़ के तने में बड़ी मात्रा में शुद्ध पानी भरा रहता है और यह पानी वर्षा के अभाव वाले महीनों में पीने के काम आता है। इस पेड़ के तने में वार्षिक वलय स्पष्ट नहीं बनती है इसलिए इसकी आयु का निर्धारण कार्बन डेटिंग से किया जाता है। बाओबाब पेड़ की आयु तीन से चार हजार वर्ष तक होती है। कुछ पेड़ छहहज़ार वर्ष पुराने भी देखे गए हैं।
यह पृथ्वी पर काफी प्राचीन समय से है। अफ्रीका के 33 देशों में इस पेड़ के सबसे प्राचीन स्ट्रेन मिलते हैं मगर कहना मुश्किल है कि यह किस देश का देशज है। दरअसल, बाओबाब की उत्पत्ति का मामला विवादास्पद है जिस पर वनस्पति शास्त्री सदियों से विचार-विमर्श कर रहे हैं। हाल ही में डीएनएडेटिंग तकनीक से इस मामले में कुछ-कुछ स्पष्टता हुई है। 2009 में मॉलीक्यूलरइकॉलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन बताता है कि इसकी उत्पत्ति पश्चिमी अफ्रीका में कहीं हुई है।
जिस पेड़ को कृष्ण ने अश्वत्थ कहा है, लगता है वह बाओबाब ही है। जैसे, गीता के दसवें अध्याय में कहा गया है ‘अश्वत्थ: सर्व वृक्षाणाम्’। फिर 15वें अध्याय में इसी पेड़ के बारे में कहा गया है ‘ऊर्ध्वमूलमध: शाखमश्वर्थप्राहुरव्ययम्। छंदासियस्यपर्णानियस्तं स वेदक्ति।’ अर्थात जिसकी जड़ें ऊपर की ओर व शाखाएं नीचे की ओर होती हैं!
डाक टिकट में पारिजात
पारिजात को लेकर एक डाक टिकट भी डाक विभाग द्वारा जारी किया गया है। इस टिकट में हिन्दी और अंग्रेज़ी में पारिजात ही लिखा हुआ है,लेकिन जो चित्र है वह बाओबाब के पेड़, पत्तियों और फूल का प्रकाशित किया गया है। टिकट पर यदि इस पेड़ का अंग्रेज़ी या वानस्पतिक नाम लिखा होता तो स्पष्टता हो सकती थी।
एक और बात पर हमें गौर करना होगा। कहा जा रहा है कि बाराबंकी के उस पेड़ पर फूल लगने का ब्यौरा तो मिलता है, मगर फल नहीं बनते। इसे एक रहस्य के रूप में बताया जा रहा है। वास्तव में बाओबाब के फूल द्विलिंगी होते हैं यानी पुंकेसर और स्त्रीकेसर दोनों एक ही फूल में होते हैं। उस पेड़ में फल न लगने की बात को दूसरे कोण से देखने की आवश्यकता है। इन फूलों का परागण चमगादड़ के द्वारा किया जाता है। कहीं ऐसा तो नहीं कि उस क्षेत्र में चमगादड़ हो ही नहीं और फूलों का परागण ही न हो पाता हो।
बाराबंकी में जिस पेड़ को पारिजात कहा जा रहा है दरअसल वह बाओबाब है। अगर स्थानीय लोग इसे पारिजात कहते हैं तो कोई हर्ज नहीं। मगर यदि शिलालेख पर इस पेड़ के वानस्पतिक नाम का जिक्र हो तो आमजन को इस पेड़ के और पहलुओं के बारे में संदर्भ ग्रंथों के ज़रिए समझने में मदद मिलेगी। मैंने जितनी भी वनस्पति शास्त्र की पुस्तकों का अध्ययन किया उनमें पारिजात पेड़ का सम्बन्धबाओबाब से कतई नहीं मिलता।
इस पेड़ के बारे में जिलाधिकारी की ओर से शिलालेख पर जो वर्णन किया गया है वह मात्र पौराणिक आधार पर है। जिलाधिकारी के कर्तव्य में यह भी शामिल है कि वे संविधान के मूल्यों जिसमें वैज्ञानिक नजरिए को पोषित करना शामिल हैं, में अपनी भूमिका अदा करेंगे। यह विडंबना है कि वे स्वयं ही अवैज्ञानिक जानकारी दे रहे हैं। बाराबंकी में वनस्पति शास्त्र के डिग्रीधारी तमाम लोग भी जाते होंगे। क्या कभी उनका ध्यान इस ओर नहीं गया? शायद हमारी शिक्षा व्यवस्था समाज में व्याप्त मान्यताओं, रूढ़ियोंपर उंगली उठाने का माद्दा पैदा नहीं कर पा रही है। विज्ञान शिक्षा अगर सवाल उठाने और जड़ें जमा चुकी उन कथित मान्यताओं पर छात्रों को विमर्श के अवसर नहीं देती तो, ज़ाहिर है, हमें नए सिरे से रणनीति बनाने की ज़रूरत है। (स्रोत फीचर्स)

भोर कहाँ है

 भोर कहाँ है  
– रमेशराज

1.कैसे मंज़र?

जुबाँ हमारी
तरल नहीं अब
कैसे मंज़र?

प्यारी बातें
सरल नहीं अब
कैसे मंज़र?

अहंकार के
बोल अधर पर
नये वार के,
हमथे भूले
पाठ सुलह के
सदाचार के ।

सच की बातें
सफल नहीं अब
कैसे मंज़र?

2. बुरा हाल है

ये मलाल है
अब पतझर में
डाल-डाल है।

कली-कली का
इस मुकाम पर
बुरा हाल है।

आज न भौंरा
मधुरस पीकर
विहँसे-झूमे,

अब नटखट-सी
भोली तितली
फूल न चूमे।

कब आएँगे
घन सुख लेकर
यह सवाल है।

3. भोर कहाँ है?

अँधियारे में
अब हर मंज़र
भोर कहाँ है?
मुँह फैलाए
चहुँदिश हैं डर
भोर कहाँ है?
मन अन्जाने
परिचय घायल
हम बेगाने,
प्यासे हैं सब
पनघट के तट
नदी मुहाने।
सम्बन्धों  पर
पसरा अजगर
भोर कहाँ है?

 4. विजन हुए सब

काँकर दूने
प्रेम-डगर पर
पत्थर दूने।

आज घृणा के
अधर -अधर  पै
अक्षर दूने।

कैसा हँसना
बिखर रहा हर
मीठा सपना,

बोल प्रेम के,
मगर हृदय में
अन्तर दूने।

वर्तमान में
गठन-संगठन
नहीं ध्यान में,

घर को पा के
विजन हुए सब
बेघर दूने।



5. किरन सुबह की

हम रातों के
सबल तिमिर के
सर काटेंगे।
हम हैं भइया
किरन सुबह की
सुख बाँटेंगे।।

फँसी नाव को
तट पर लाकर
मानेंगे हम,
झुकें न यारो
मन के नव स्वर
ठानेंगे हम।
काँटे जिस पै
पकड़ डाल वह
अब छाँटेंगे।।

बढें अकेले
अलग-थलग हो
अबकी बारी,
कर आए हैं
महासमर तक
हम तैयारी।
हर पापी को
यह जग सुन ले
अब डाँटेंगे।।
सम्पर्क:15/109, ईसानगर, निकट-थाना सासनीगेट, अलीगढ़ [उ.प्र.] मोबा. 09634551630

प्रेरक

जीवन को बेहतर बनाने वाली कुछ बातें      
खुद को ही एक चपत लगाइए
 स्मोकिंग मत कीजिए। स्मोकिंग करना ही चाहते हों ,तो कहीं से ढेर सारे कैंसरकारक पदार्थ जुटाकर उन्हें चिलम में भरकर उनका धुँआ अपने फेफड़ों में खींच लीजिए और बची हुई राख को चाय-कॉफ़ी में घोलकर पी जाइए।
मैं मजाक कर रहा था।
कुछ मत कीजिए।
हो सके तो खाद्य पदार्थों को उस रूप में ग्रहण करने का प्रयास करें, जिस रूप में वे प्रकृति में उत्पन्न होते हैं।
पेड़ में डाल से लगा कोई सेब या संतरा वैसा ही दिखता है ,जैसा फलों की दुकान में मिलने वाला सेब या संतरा होता है।
फ़्लेवर और प्रिज़रवेटिव वाला दूध-दही मत लीजिए। प्राकृतिक रूप में मिलने या बनने वाला दूध-दही उपयोग में लीजिए।
आलू और भुट्टे के चिप्स दिखने में प्राकृतिक नहीं लगते। उन्हें मत खाइए। ऐसी कोई चीज मत खाइए, जो नाइट्रोजन भरे हुए उस पॉलीपैक में मिलती है ,जो भीतर से चांदी जैसा दिखता है। यह सब खान-पान बस स्वाद का मजा देगा, लेकिन सेहत बिगाड़ेगा।
एक्सरसाइज़, व्यायाम और योग वगैरह महत्त्वपूर्ण गतिविधियाँ हैं ,लेकिन इन्हें पागलों की तरह करने में कोई तुक नहीं है। मैं ऐसे बहुत से वयोवृद्ध स्वस्थ व्यक्तियों को जानता हूँ जो कभी जिम में नहीं गए;  
लेकिन वे खूब चलते-फिरते थे। अपनी जवानी में वे बाज़ार से झोले भर-भर कर सामान लाते थे। घर से थोड़ा दूर किसी काम से पैदल चलकर जाने में उन्होंने कभी आलस नहीं किया।
लेकिन मैंने ऐसे भी कई लोग देखे जिन्होंने कभी कोई एक्सरसाइज़ नहीं की। उनके अंतिम दिन बड़े बुरे बीते।
अपना वजन कम रखिए लेकिन इसे लेकर कोई तनाव नहीं पालिए। यदि आपका वजन वांछित से 50 किलो अधिक है तो मानकर चलिए कि यह आपके लंबे जीवन की कामना के आड़े आएगा। इतना अधिक वजन आपको डायबिटीज़, हृदय रोग, कैंसर की चपेट में ले सकता है।
अधिक वज़न का मतलब है बुरी खबर। वांछित से 5 या 10 किलो अधिक वज़न भी इनके खतरों को थोड़ा बढ़ा देता है। आपका वजन अपनी ऊँचाई के अनुपात में होना चाहिए।
लेकिन यदि 10 किलो अतिरिक्त वज़न घटाने के प्रयासों से आपको तनाव हो रहा हो ,तो बेहतर है कि आप मोटे ही बने रहें। तनाव भी आपके लिए बुरी खबर है। असल में आपको अपने प्रति ईमानदार बने रहना है। यदि बात अतिरिक्त 5 या 10 किलो वजन की ही है ,तो टेंशनमत लीजिए। लाइफस्टाइल में छोटे-छोटे वे बदलाव करें ,जो आप बिना किसी टेंशन के झेल सकते हों।
तनाव की बात से याद आया- तनाव कम करें। ये बहुत कठिन काम है। मेरे लिए भी बहुत कठिन है। मैं बहुत काम करता हूँ। घर का भी, दफ़्तर का भी, बाहर का भी। घर है, पत्नी है, बच्चे हैं, दो-दो गाडिय़ाँ हैं, ब्लॉग है, बॉस है। खुद को डी-स्ट्रेस करना बहुत कठिन है। लेकिन आप चाहें तो कर सकते हैं।
ध्यान करें, योग करें, गाना गाएँ, कोई वाद्ययंत्र बजाना सीखें, पहाड़ी चढ़ें, घास पर लुढक़ें। जिसमें आपको आनंद आए वह काम करें। किसी हीरोइन से भी दिल लगा लें, लेकिन हेरोइन से दूर रहें।
दिल लगाने से याद आया-  किसी से प्यार करें। डूबकर प्यार करें। आँकड़े बताते हैं कि किसी से प्यार करने वाले और हैप्पिलीमैरिड लोग अकेले रहने वालों की तुलना में अधिक जीते हैं और अधिक स्वस्थ होते हैं।
जब आपको लगे कि आपके मन में कोई नकारात्मक विचार आ रहा हो , तो कुछ भी ऐसा करें जिससे वह रुक जाए। खुद को ही एक चपत लगाइए। कोई पॉज़िटिव बात इतनी जोर से चिल्लाकर कहें कि आसपास के लोग अच्छे से सुन सकें। पॉज़िटिवमाइंडसेट में वापस आने के लिए जो कर सकते हों करें।
जो कुछ भी आप करते हों उसपर मनन करते रहें लेकिन सोच-विचार में अति भी न करें। बड़े-बड़े मोटिवेशनल गुरु की बातों में आकर अपने जीवन को सरल-सहज करने पर पिल न पड़ें;लेकिन अपनी ज़रूरतें कम रखें। हजार मील की यात्रा भी एक कदम रखने से शुरु होती है। अपने जीवन में बड़े बदलाव करने के लिए हड़बड़ी न करें।
ज़िन्दगी में सब कुछ जुटा लेने की होड़ में न पड़ें। मोह में न पड़ें। खुद को निर्लिप्त बनाने का प्रयास करें। कठिन है। इसे समझाने के लिए एक दूसरी ही पोस्ट लिखनी पड़ेगी। गीता पढ़ें। कुछ-कुछ समझ में आ जाएगा।अ
लेकिन इस संसार में रूचि बराबर लेते रहें। इससे मुँह न मोड़ें। यह मान लें कि ये दुनिया एक जंगल है और आप एक दुस्साहसी व्यक्ति की तरह इसका अन्वेषण कर रहे हैं।
छोटी-छोटी अनूठी नित-नवेली बातों को रस लेकर घटित होते देखें। नई चीजें ट्राइ करते रहें। खतरे मोल न लें लेकिन कभी-कभार अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलें।
बीती ताहि बिसार दें। आगे की सुध लें।
आप अतीत को नहीं बदल सकते। इसके बारे में तभी सोचें जब इससे कोई सबक मिलता हो। आपका वर्तमान ही आपके भविष्य का सृजन करेगा। वह काम करें जो आपको अच्छाई की ओर ले जाए, आपके जीवन को बेहतर दिशा दे।
इस क्षण में जिएँ। (हिन्दी ज़ेन से)

जंगल मौन है?

          जंगल मौन है? 
                  - अनुभूति गुप्ता
इंसान के
स्वार्थीपन को देखकर
जंगल मौन है-
कर रहा इंसान
अपनी मनमानी,
प्रकृति की वेदना को
न समझकर,
घने जंगल,
बे-हिसाब कट रहे हैं
इंसान के
लालची स्वभाव के चलते।
अब, क्या कहे
जंगल-
शीतल हवा के झोंके भी
अपना रूख
बदलने लगे हैं
सब ताल-तलैया
 सूखने लगे हैं।
पशु-पक्षी भूखे-प्यासे
निर्जीव बेघर हैं
इंसान ने बेच डाले
उनके घर हैं।
हक्की-बक्की रह गयी है
एक नन्ही-सी चिड़िया
कि, बताओ
जरा-सी मेरी आँख
क्या लगी,
इंसान
पेड़ सहित
मेरा घोंसला भी
ले गये हैं।
तो बस-
बरबादी ही बरबादी
और
घटती हमारी आबादी
पीछे छोड़ गए हैं।
सूखे, पीले,
भूरे पत्तों जैसे
मरने को छोड़ गये हैं
देखो,
इंसानों की मूर्खता
हमें जंगलों से खदेड़कर
शहरों में बसने का
सह-परिवार
निमंत्रण दे गये हैं।
सम्पर्क:103, कीरतनगर, निकट डी.एम. निवास, लखीमपुर- खीरी -262701 उ.प्र., 
E-mail- ganubhuti53@gmail.com, मो.-9695083565