मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Aug 12, 2016

सांडर्स हत्या कांड के एक सहयोगी-शहीद महावीर सिंह

शहीद महावीर सिंह
- पवित्रा अग्रवाल
लगभग 99 वर्ष पहले की बात है भारत में अंग्रेजों का राज्य था। उन्हीं दिनों सरकारी अफसरों ने कासगंज (उ प्र) में एक शान्ति सभा का आयोजन किया जिलाधीश, पुलिस कप्तान, स्कूलों के इंसपेक्टर,बहुत से उच्चाधिकारी, सेठ, जमींदार, शिक्षक आदि उसमें उपस्थित थे। सभी विद्यालयों के छात्रों को भी जबरन घेर घार कर लाया गया था। इस सभा का मुख्य उद्देश्य ब्रिटिश सरकार की तारीफों कें पुल बाँधना व अंग्रेजों की नजर में ‘बागी गाँधी'  जी को गालियाँ देना था। तभी सभा के सहमें सहमें शान्त वातावरण को चीरता एक बाल स्वर गूँजा ‘महात्मा गाँधी की जय' ।
      सब छात्रों ने एक स्वर में दोहराया -महात्मा गाँधी की जय', इसके बाद सभा में भगदड़ मच गई। अंग्रेज-भक्त उच्चाधिकारी घबड़ा गये।कुछ बेंत ले कर बच्चों पर टूट पड़े । अध्यापकों को आदेश दिया गया कि वे बच्चों के मुखिया का पता लगायें और एक तेरह वर्षीय बालक को विद्रोही नेता के रूप में सजा मिली।
   सजा को हँसकर झेल जाने वाला यह बालक था महावीर सिंह राठौर। इनका जन्म  16 सितम्बर 1904 को उत्तर प्रदेश में जिला एटा के शाहपुर टहला ग्राम में हुआ था । पिता का नाम कुँवर देवी सिंह राठौर व माता का नाम श्रीमती शारदा देवी था। महावीर सिंह जी ने आठवीं कक्षा तक  की  शिक्षा कासगंज में मेरे बाबा बाबू  हीरा लाल जी आर्य के घर में अपनी बुआ के साथ रह कर पूरी की थी (उस समय हमारे  पैतृक घर के एक भाग में प्राइमरी स्कूल था। उनकी बुआ उसमें प्रधान अध्यापिका थीं और उसी में रहती थीं) 1925 में एटा से  मैट्रिक पास करने के बाद वे डी.ए.वी. कालेज कानपुर में पढ़ने के लिए चले गए। उन दिनों यह कालेज क्रान्तिकारियों का केन्द्र बना हुआ था ।महावीर सिंह भी इन्ही के दल में शामिल हो गए।
 8-9 सितम्बर 1928 को इन लोगों ने दिल्ली में एक मीटिंग की  और एक केन्द्रीय दल बनाया।दल की कार्यकारिणी समिति में आठ सदस्य चुने गए। ये थे सुखदेव ,भगत सिंह,शिव वर्मा,महावीर सिंह,विजय कुमार सिन्हा,फणीद्रनाथ घोष,कुन्दन लाल और चन्द्रशेखर आजाद ।
 अक्टूबर 1928 के अंतिम सप्ताह में साइमन कमीशन लाहौर पहुँचा।वहाँ इसके विरोध में लाला लाजपत राय के नेतृत्व में एक विशाल जुलूस खड़ा था। पुलिस ने जुलूस पर लाठियाँ बरसाईं।लाला जी घायल हो गये और कुछ दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई।
 लाला जी की मौत का बदला लेने के लिए एस.पी. मि.स्काट की हत्या की योजना बनी। मि.स्काट को पहचान कर उनकी तरफ इशारा करने का काम जय गोपाल को सौंपा गया था। 17 दिसम्बर 1928 को हत्या का दिन निश्चित हुआ। जय गोपाल ने मि.सांडर्स को स्काट समझते हुए उधर इशारा कर दिया।पहले राजगुरु ने गोली चलाई फिर भगत सिंह ओर राजगुरु दोनो ने मिलकर फायर किए और वहाँ से भाग निकले । ट्रैफिक इंस्पेक्टर फर्न व हैड कान्स्टेबिल चनन सिंह ने उनका पीछा किया। भगत सिंह के पुन:फायर करने पर फर्न तो पीछे लौट गया; किन्तु चनन सिंह पीछा करता रहा । उसी सड़क पर पहरा दे रहे महावीर सिंह ने चनन सिंह को गोली मार दी । काफी दिन तक पुलिस से छिपते-छिपाते हुये महावीर सिंह कासगंज आ गए और कुछ दिन वहाँ की नगर पालिका में क्लर्क पद पर काम भी किया । वे 19 जून 1929 को प्रात:7 बजे नहा धोकर संध्या कर रहे थे कि पुलिस ने चारों तरफ से मकान को घेर लिया । उनकी व मकान की तलाशी के बाद मुँह पर कपड़ा डाल कर उन्हें एटा होते हुए सीधे लाहौर ले जाया गया और सांडर्स हत्या कांड में सहयोग देने के लिए शिव वर्मा, डा.गया प्रसाद ,किशोरी लाल आदि के साथ उन्हें भी आजीवन कारावास की सजा सुना दी गई।
 कुछ दिन वह लाहौर व पंजाब की मुल्तान जेल में रहे। फिर वहाँ से डा.गया प्रसाद व महावीर सिंह को मद्रास की बिलारी जेल भेज दिया गया । वहाँ का जेल सुपरिटेन्डेन्ट मुक्केबाज था।वह जब तब कैदियों पर मुक्केबाजी का अभ्यास करता था।उसके मुक्के की चोट से डा.गया प्रसाद 36 घंटे तक बेहोश रहे थे।  
 एक दिन वह मुक्केबाजी का अभ्यास महावीर सिंह पर करने लगा।उस समय महावीर सिंह के हाथ में हथकड़ी तो नहीं थी किन्तु चार वार्डरों ने मिल कर उनके दोनो हाथ पकड़ रखे थे ।झटके से अपना दाहिना हाथ छुड़ाकर उन्होंने एक जोरदार मुक्का सुपरिन्टेंडेंट के मुँह पर दे मारा। वह लड़खड़ाकर वहीं गिरकर बेहोश हो गया। उस दिन से उसने मुक्केबाजी तो छोड़ दी ; किन्तु मुक्के का बदला तीस बेतों की कठोरतम सजा सुना कर लिया।
 19 जनवरी 1933 को सरकार ने परेशान हो कर उन्हें अंडमान भेज दिया ।वहाँ के अत्याचारों से पीड़ित हो कर 12 मई 1933 को महावीर सिंह व अन्य 32 लोगों ने भूख हड़ताल कर दी । डॉक्टरों द्वारा जबरन भोजन दिये जाने के प्रयास में नाक के रास्ते पेट में उतारी जाने वाली रबड़ की नली उनके फेफड़ों में चली गई ।डाक्टरों ने नली में जो दूध डाला वह भी फेफड़ों में ही चला गया ।इस से वह बेहोश हो गए और उसी दिन 17 मई 1933 को उनका प्राणान्त हो गया ।
     उनके माता पिता को उनकी मृत्यु की सूचना तक नहीं दी गई और उसी रात उनका शव भारी पत्थर से बाँध कर समुद्र की अथाह जल राशि में फेंक दिया गया था।
    (महावीर सिंह से मिलने का अवसर तो मुझे नही मिला, क्योंकि उनकी गिरफ्तारी के समय मेरे स्वतंत्रता सेनानी  पिता मात्र नौ साल के थे । लगभग 40-42 वर्ष पूर्व महावीर सिंह के भाई ठा.बलवीर सिंह जी कासगंज में हमारे घर आए थे। तब मेरी शादी नहीं हुई थी और मैं कासगंज में ही रहती थी ।तब उनसे महावीर सिह पर मैंने विस्तार से बातचीत की थी। यह लेख उसी साक्षात्कार पर आधारित है)

सम्पर्कः 4-7-126 इसामियाँ बाजार, हैदराबाद- 500027 (तेलंगाना) मो. 07207175464, ईमेल- agarwalpavitra78@gmail.com

भारत से दूर एक भारत-मॉरीशस

मॉरीशस
                              - सुदर्शन रत्नाकर
  सर शिवसागर राम ग़ुलाम एयर पोर्ट पर जैसे ही हवाई जहाज़ से उतर कर मैं बाहर निकली, मेरी उत्सुकता को जैसे पंख लग गए।पिछले दो मास से मॉरीशस जाने की तैयारी चल रही थी और अब मैं उस धरती पर थी। उस समय मॉरीशस में दोपहर के डेढ़ बज रहे थे। भारत से डेढ़ घंटा समय पीछे चलता है। दिल्ली के पैतांलिस डिग्री तापमान से निकल कर वहाँ की सर्द मौसम की शीतल हवाओं ने हमारा स्वागत किया, तो साढ़े सात घंटे की यात्रा की सारी थकान उतर गई। एयर पोर्ट मॉरीशस के साउथ कोस्ट में है और हमें वहाँ से बाला कलावा के टर्टल बे अँगसना होटल के लिए मॉरीशस के नार्थ -वेस्ट कोस्ट  में जाना था। हम  पाँच लोग थे ।चार लोग दो दिन बाद हम से आकर मिलने वाले थे।हमारी यात्रा का आरम्भ ही सुखद रहा ।हमने जो टेक्सी ली ,उसका ड्राइवर तमलियन था।तमिल, अंग्रेज़ी ,फ़्रेंच और यहाँ तक की उसे हिन्दी भाषा का भी ज्ञान था।

उसने  जानकारी देते हुए बताया कि मॉरीशस गणराज्य  का क्षेत्रफल 2,040 मील  है  ,जो अफ़्रीकी महाद्वीप के तट के दक्षिणपूर्व में 900 सौ किलोमीटर की दूरी पर हिन्द महासागर में और मेडागास्कर केपूर्व में स्थित  लगभग तेरह लाख आबादी वाला एक द्वीपीय देश है। जिसका निर्माण ज्वालीमुखी के फूटने के कारण हुआ है  ।यहाँ ज्वालीमुखी पर्वत सुप्तावस्था में हैं; जो कभी भी फूट सकते हैं  ।गिरमिटिया  लोगों की वजह से इस देश का भारत से गहरा नाता है। फ़्रेंच ,अँग्रेजी, मॉरीशियन, क्रिओल, तमिल, भोजपुरी, उर्दू , हक्का, हिन्दी यहाँ की प्रमुख भाषाएँ हैं।
       भारतीय मूल के पैंसठ प्रतिशत लोग यहाँ रहते हैं । जिनमें बावन प्रतिशत हिन्दू हैं और 16 मुस्लिम समुदाय के लोग। इनके अतिरिक्त डच, फ़्रेंच ,ब्रिटिश अफ़्रीकी लोग हैं।मिश्रित संस्कृतियों का यह द्वीप हिन्द महासागर का मोती कहलाता है।इसकी खोज सबसे पहले अरब सामुद्रिक यात्रियों ने नौंवी शताब्दी में की थी ।तब यहाँ केवल जंगल थे। वे लोग यहाँ बसे नहीं। सन् 1505 में पुर्तगाली, सन् 1598 में डच, सन् 1713 में फ़्रेंच  और सन् 1810 में अंग्रेज़ों ने इस पर अपना अधिकार जमा लिया। 12 मार्च 1968 में मॉरीशस स्वतन्त्र हो गया।इस समय वहाँ संसदीय लोकतांत्रिक सरकार है जिसमें हिन्दू लोगों का वर्चस्व है। सर शिव सागर राम ग़ुलाम का इस द्वीप को उन्नत बनाने में विशेष योगदान है।
   बालाचन्द्रन जब यह सब बता रहा था मेरा ध्यान सड़क के दोनों ओर गन्ने के खेतों पर था। उसके साथ ही मुझे स्मरण हो आई वो कष्टप्रद यात्रा, दर्दभरा जीवन जो हमारे भारतीय पूर्वजों ने झेला था। कैसे धोखे से उन्हें जानवरों की तरह जहाज़ों पर लाद कर गन्ने की खेती करने के लिये बिहार ,तमिलनाडु से यहाँ लाया गया था।  अच्छे जीवन का लालच देकर अपने देश,अपने भाई-बन्धुओं से हज़ारों मील दूर इस द्वीप पर उतार दिया गया था। यही अशिक्षित मज़दूर गिरमिटिया कहलाए जो अपने साथ रामायण, महाभारत अपने देश से धरोहर के रूप में साथ ले गए थे। सारा दिन खेतों में जी तोड़ मेहनत करने के बाद रात के अंधकार में रामायण की चौपाइयों  में उन्हें रोशनी की किरण दिखाती थीं; उन्हें आध्यात्मिक, मानसिक बल प्रदान करती थीं। इन्हीं ग्रन्थों ने उन्हें अपने देश ,अपनी जड़ों से जोड़े रखा। आज दो सदियाँ बीत जाने के पश्चात् भी लोग अपनी संस्कृति को नहीं भूले।
     आज भी उन मज़दूरों की तीसरी-चौथी पीढ़ी  भले ही रोज़गार के कारण फ़्रेंच ,अँग्रेजी भाषा का प्रयोग करते हैं; लेकिन घर में संवाद की भाषा भोजपुरी, हिन्दी,तमिल उर्दू ही है। नई पीढी की वेशभूषा में अंतर आया है ;लेकिन साड़ी-सूट स्कर्ट धोती -कुर्ता में भी लोग दिखाई देते हैं। बहुत सारी औरतों की माँग में नारंगी रंग का सिन्दूर दूर से दिखाई देता है ।
      अँगसना होटल में अधिकतर सैलानी यूरोपियन थे; लेकिन विशेष बात यह थी कि वहाँ काम करने वाले अस्सी प्रतिशत लोग भारतीय मूल के थे; जिन्होंने सर्विस देने में हमारा विशेष ध्यान रखा और हमसे हिन्दी में बातचीत की।प्रीतम राजपूत विशेषरूप से समय निकालकर हम से बातचीत करता था। उसके दादा बँधुआ मज़दूर के रूप में आए थे। पिता भी मज़दूरी करते रहे। लेकिन द्वीप के स्वतन्त्र हो जाने के  पश्चात् पढ़ -लिखकर वह नौकरी करने लगा है। शेष सभी की कहानी भी यही है।
 प्रीतम से मैंने पूछा कि क्या उसके परिवार में या उसकी कभी इच्छा नहीं होती कि वह भारत में आएँ, अपने पूर्वजों, सगे सम्बन्धियों की जानकारी लें ।
     उसकी आँखें सजल हो गईं। उसने कहा," इच्छा तो बहुत होती है मैडम, पर जा नहीं पाते।ख़र्चा बहुत होता है ,काम का भी नुक़सान होता है। मेरी माँ तो अपनों को याद कर के अभी भी तड़प उठती है। जब भी जा सका, मैं एक बार कोशिश ज़रूर करूँगा। वैसे मैडम हम अपनी भूमि से दूर हैं ; लेकिन अब यही हमारे लिए अपना देश है, इसी को भारत मानते है ,क्योंकि हम अपनी संस्कृति, अपनी जड़ों से , संस्कारों से दूर नहीं हैं। एक दूसरे को अभिवादन- नमस्ते, राम -राम अथवा ओम नम: शिवाय कहकर करते हैं। पूरे  हिन्दू रीति-रिवाजों को मानते हैं। सभी देवी -देवताओं की पूजा करते हैं। व्रत करते हैं,तीज-त्योहार मनाते हैं ।होली, जन्माष्टमी ,महाशिवरात्रि , गणेशचत्तुर्थी सब मनाते हैं।दशहरा के दिन रावण जलाते  हैं और दीवाली पर तो सारा मॉरीशस दीयों की रोशनी से जगमगा उठता है ।" उसने मुझे कुछ फ़ोटो भी दिखाए जिसमें  साथ मिलकर  सब होली मना रहे थे। कुछ चित्र दीवाली के दिन के थे ,जिसमें वह अपने परिवार के साथ मिलकर दीवाली पूजन कर रहा था। प्रीतम से यह बातें सुन कर मुझे लगा ही नहीं कि मैं भारत से बहुत दूर हूँ।
   वास्तुकला में भारतीय पुट है। बहुत सारे घरों की दीवारों और मुँडेर पर श्रीराम, श्रीकृष्ण हनुमानजी शिवजी ,गणेशजी की प्रतिमाएँ लगीं हुईं हैं। कई बार तो ऐसा अनुभव हुआ कि हम भारत के किसी नगर की गलियों से निकल रहें हैं। भ्रमण करते हुए जगह जगह मन्दिर  दिखाई दिए, जिन पर शक्ति मन्दिर  लिखा हुआ है वास्तव में यह मन्दिर  उन्हें शक्ति देते हैं । गंगा तालाब ,ग्रेड बास एंड लेक में शिवजी की विशालकाय मूर्त्ति  हम लोग विशेषरूप से देखने गए। मॉरीशस में गंगा तालाब का वही महत्त्व है जो भारत में पवित्र नदी गंगा का है। शिव मन्दिर के अतिरिक्त यहाँ और भी कई मन्दिर  हैं  जहाँ छोटे बच्चों को हिन्दी- अक्षरज्ञान कराया जाता है  ।तमिल मन्दिरों की संख्या भी तेज़ी से बढ़ रही है। एक स्थान पर पीपल के पेड़ जैसे एक पेड़ पर मन्नत के धागे भी बँधे हुए थे। तुलसी चौरे भी कई घरों के आँगन में दिखाई  दिए।
    पोर्टलुइस के बाज़ार में घूमते हुए ऐसा लगा जैसे दिल्ली के कनॉटप्लेस में घूम रहे हों,  तो कहीं लगता है चाँदनी चौक हो, कहीं अलकनंदा जैसी मार्केट  दिखाई देती है ।दुकानों ,शोरूम, मॉल पर भारतीय नाम पढ़ने को मिले। जेठा तुलसी दास के तो कई शोरूम हैं। इसके अतिरिक्त बहुत सारे नाम  हैं, जैसे- मोहन स्वीट्स, रावल एडवोकेट, शर्मा ब्रदर्ज आदि ऐसे नाम थे जो मॉरीशस में भी भारत में होने का एहसास दिला रहे थे।हर बड़े  शॉपिंग मॉल में भारतीय शाकाहारी भोजन उपलब्ध है ;जिन्हे बिहारी लोग चलाते हैं।
   जहाँ मुस्लिम समुदाय की बहुलता है, वहाँ की बिरयानी की तो बात ही कुछ और है; जहाँ हिन्दू-मुसलमान दोनों खरीददारी करते हैं। वैसे बाहर से आने वाले लोग सी फ़ूड खाना पसंद करते है।
     अंतिम दो दिन हम लोग साउथ वेस्ट कोस्ट  पर स्थित बीच कूम्बर  पारादी रिजोर्ट एंड स्पा  में रुके, जहाँ तमिल लोगों की अधिकता है।दक्षिण भारतीय भोजन एवं मसालों की सुगंध ने तो भुला ही दिया कि हम मॉरीशस में है। यहाँ यूरोपियन लोगों साथ- साथ भारतीय सैलानियों  की संख्या अधिक थी।
     गिरमिटिया लोगों के साथ- साथ ऐसे लोग भी हैं ,जो भारत के अलग- अलग प्रदेशों से रोज़गार के कारण यहाँ आकर बस गए हैं। इसलिए ऐसा नहीं लग रहा था कि हम भारत से बाहर हैं; क्योंकि भारत से दूर भी एक भारत और है जिस में हम घूम रहे थे ।
नार्थ-कोस्ट पर एक छोटा- सा द्वीप है। जहाँ हम केटामरन क्रूज से गए ।चारों ओर समुद्र में उठती ऊँची लहरें और उस पर आगे बढ़ता क्रूज बड़ा रोमांचक अनुभव रहा। सी सिकनेस होने के कारण दो लोगों की तबीयत ख़राब हो गई।शेष सबने तैराकी का आनन्द लिया।
   पर्यटन मॉरीशस की आय का सबसे बड़ा साधन है इसलिए इसे बढ़ावा देने के लिए बहुत सारी क्रीडाओं का आयोजन किया गया है। हमने कुछेक का चयनकर पूरा आनन्द लिया जैसे- फलिकएंड फलैक में स्कूबा डाइविंग, वाटर स्काई कसेला में  कॉवड  बाइक (quad bike) चलाई और इसके साथ ही जंगल में शेर, चीता, बाघ ज़ेब्रा देखने को मिले। इसके अतिरिक्त बॉटैनिकल गार्डन, वाटर पार्क, नेचर एंड लेज़र पार्क, नेशनल पार्क, सेवन कलर लैंड, रोचेस्टर फाल, संग्रहालय  अश्वधावन, ऐक्वेरियम, फलैक मार्कीट, शूगर मिल,रम फेक्टरी आदि प्रसिद्ध स्थान देखे ।
   हम मॉरीशस  के साउथ, नार्थ, वेस्ट, ईस्ट सभी कोस्ट में घूमने गए ।जहाँ पाँच किलोमीटर की दूरी पर कभी जंगल आता हो, कहीं पहाड़, कहीं बीच। ऐसा लगता  था जैसे हम अभी   भारत के केरल प्रदेश  में हैं और फिर गोवा में। गोवा से छत्तीसगढ ,छत्तीसगढ़ से हिमाचल । प्रकृति ने कितनी सुंदरता बिखेरी हुई है। एक बड़ी ज़िंदगी जीकर क्या करना है जब सामने ख़ुशियों के पल हमारी प्रतीक्षा कर रहे हों। प्रकृति के विविध रूप, भिन्न भिन्न रंग बिखरे हों। जी चाह रहा था इस सारी सुंदरता को घूँट घूँट पीती रहूँ और मेरे भीतर एक समन्दर बस जे। आँखों से उतार कर  इस सौन्दर्य, मनोरम छटा को दिल में  बसा लूँ। स्वच्छ, श्वेत,धवल बादल मानो मुझे पुकार रहे हों। उन बादलों की ओट से रास्ता बनाता सूर्य अपनी रश्मियाँ जब सागर पर फैलाता है, तो चाँदी के मोतियों के थाल सज जाते हैं।नीली, हरी,काली, भूरी, सफ़ेद रंग की  लहरें जब हिलती हैं तो ऐसा लगता है मानो कई रंगों की मालाएँ हों। शांत सागर में थोड़े थोड़े अंतराल में उठती लहरें हमें चुनौती देतीं दिखाई देती हैं।उठो,अंदर तो झाँको, उस अथाह जल के भीतर की दुनिया को देखो। कितने जीव -जन्तु, अमूल्य भंडार,अनमोल मानक-मोती सागर ने अपने गर्भ में छुपा रखे हैं।
समन्दर को लाँघ कर आती तेज़ पवन की आर्द्रता, शीतलता जब वदन को स्पर्श करती है ,तो उसकी अनुभूति किसी अलौकिक आनन्द से कम नहीं होती। यह मनोहारी छटा नौ दिन से देख रही हूँ। चारों ओर बिखरा सौन्दर्य, अस्तगामी मार्तंड की लालिमा सागर की सतह पर अपनी आभा फैलाता उसे एक नया  लाल-गुलाबी रंग दे जाता है।सिन्दूरी रंग में नहाती किरणें दुल्हन की नाई शर्माती हैं। हिलोरें खाती लहरों का नर्तन, उनसे आती मंद- मंद संगीत की ध्वनि  इस जादू ने तो बाँध लिया है।धरा का सौन्दर्य भी कोई कम नहीं। लाल रंग की मिट्टी ऐसे लगती है मानो मूँगों का जाल बिछा हो।चारों ओर लहलहाते गन्ने के खेत, केले और नारियल के पेड़, बोगनबेलिया के आकर्षक रंगों की बेलें,चारों ओर फैली हरीतिमा सारे दिन की यात्रा के बाद भी थकने नहीं देती और यह याद दिलाती है कि इस धरती को सँवारने सजाने में प्रकृति के साथ हमारे पूर्वजों के बलिदान की कहानी भी छुपी है,जिस की स्मृतियाँ लेकर हम लौटे हैं ।

सम्पर्क-  ई-29 नेहरू ग्राउण्ड, फ़रीदाबाद– 121001, मो. 9811251135

जलियाँवाला बाग में बसंत

जलियाँवाला बाग में बसंत 
-सुभद्रा कुमारी चौहान


यहाँ कोकिला नहीं, काग हैं, शोर मचाते,
काले काले कीट, भ्रमर का भ्रम उपजाते।

कलियाँ भी अधखिली, मिली हैं कंटक-कुल से,
वे पौधे, व पुष्प शुष्क हैं अथवा झुलसे।

परिमल-हीन पराग दाग़ सा बना पड़ा है,
हा! यह प्यारा बाग़ ख़ून से सना पड़ा है।

ओ, प्रिय ऋतुराज! किन्तु धीरे से आना,
यह है शोक-स्थान यहाँ मत शोर मचाना।

वायु चले, पर मंद चाल से उसे चलाना,
दुःख की आहें संग उड़ा कर मत ले जाना।

कोकिल गावें, किन्तु राग रोने का गावें,
भ्रमर करें गुंजार कष्ट की कथा सुनावें।

लाना संग में पुष्प, न हों वे अधिक सजीले,
तो सुगंध भी मंद, ओस से कुछ कुछ गीले।

किन्तु न तुम उपहार भाव आ कर दिखलाना,
स्मृति में पूजा हेतु यहाँ थोड़े बिखराना।

कोमल बालक मरे यहाँ गोली खा कर,
कलियाँ उनके लिये गिराना थोड़ी ला कर।

आशाओं से भरे हृदय भी छिन्न हुए हैं,
अपने प्रिय परिवार देश से भिन्न हुए हैं।

कुछ कलियाँ अधखिली यहाँ इसलिए चढ़ाना,
कर के उनकी याद अश्रु के ओस बहाना।

तड़प तड़प कर वृद्ध मरे हैं गोली खा कर,
शुष्क पुष्प कुछ वहाँ गिरा देना तुम जा कर।

यह सब करना, किन्तु यहाँ मत शोर मचाना,
यह है शोक-स्थान बहुत धीरे से आना।

[गायिका- भारती विश्वनाथन]   https://www.youtube.com/watch?v=WCJHw3t6TAY ]

मेरे दिल में एक भारत

मेरे दिल में एक भारत
-डॉ. भावना कुँअर   

  जब कभी भी यह प्रश्न पूछा जाता है , कि-"प्रवास में रहकर आप भारत को किस प्रकार और कैसे महसूस करते हैं"? चाहे वह रेडियो पर इन्टरव्यू हो या प्रत्यक्ष रूप से किसी सम्मेलन का मंच जवाब बस सिर्फ और सिर्फ यही होता है कि- "भारत मुझसे दूर है कहाँ उसकी रुह मुझमें बसती है,उसकी धड़कन मेरी साँसों को गति देती हैं, उसका दर्द मेरी आँखों में दरिया बन उतर आता है,उसकी मुस्कान,उसकी प्रशंसा,उसकी खुशियाँ मेरे होठों पर ही नहीं मेरे पूरे अस्तित्व में रच बस जाती हैं।"
दर्द होता है तो मेरी कलम दर्द भरी रचनाओं से नहा जाती है,खुशियाँ,तीज-त्योहार हों तो मेरी कलम भी नाच उठती है मेरी सारी रचनाओं में पात्र और परिस्तिथियाँ भी ज्यादातर मेरे भारत की होती हैं।
भारत की भाषा और संस्कृति अन्य लोगों तक कैसे पहुँचती है-
ऐसा नहीं की हमारी संस्कृति और भाषा हमारे देश तक ही सीमित है इसका एक व्यापक क्षेत्र है,विदेशों में भी इसको खूब सराहा जाता है और बात सिर्फ सराहना तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसका रूप यहाँ खूब निखर-निखर जाता है।जब भी कोई त्यौहार भारत में आने वाला होता है चाहे वो पंद्रह अगस्त,छब्बीस जनवरी दीवाली,होली,जन्माष्टमी,बैशाखी,करवाचौथ या बसन्तपंचमी ही क्यों न हो ,महीनों पहले उसका प्रचार यहाँ पत्रिकाओं और मीडिया के द्वारा आरम्भ हो जाता है निश्चित की गई तिथि पर उसको इतने धूम-धाम से मनाया जाता है।सुनने में आया कि   त्योहार का वज़ूद अब भारत में कुछ सिमट- सा गया है वहाँ लोग अब अलग-अलग सोसाइटी बनाकर मनाने लगे हैं,यहाँ एकजुट होकर  इतने आनन्द से त्योहार मनाए जाते हैं कि मुझे तो वो अपना पुराना भारत ही लगता है- जब हम छोटे बच्चे थे तो तिरंगा हाथ में लेकर स्कूल की ओर से गलियों -गलियों घूमा करते थे,तरह- तरह के कई बैंड हुआ करते थे ,हम गाते बजाते अपने देश पर गर्व करते,सीना फुलाए एक अजीब से जोश से भरे होते थे।
अब जब यहाँ परदेश में भी उसी संस्कृति का अनुसरण करते हुए,छोटे- छोटे बच्चों को हाथ में तिरंगा लिये, तिरंगे के रंग के कपड़े पहन,चेहरे पर तिरंगे का टेटू लगाकर  होठों पर ‘मेरे देश की धरती सोना उगले उगले हीरे मोती’,जहाँ डाल-डाल पर सोने की चिड़ियाँ करती हैं बसेरा, वो भारत देश है मेरा’,’है प्रीत जहाँ की रीत सदा’,’वन्दे मातरम्’,ये देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का" पर झूम-झूम कर पर नाचते-गाते देखते हैं तो तन- मन का रोम-रोम खिल उठता है,एक जोश एक गर्व का एहसास दिलो-दिमाग पर छा जाता है। राष्ट्र गान को तन्मयता से गाना मन मोह लेता है।
इंडियन कम्युनिटी के द्वारा यहाँ पर बड़े-बड़े पार्कों में खूब सजावट की जाती है,पंद्रह अगस्त छब्बीस जनवरी को जगह-जगह पर कार्यक्रमों  का आयोजन किया जाता है,होली और दीवाली जैसे त्योहार  कई बार मनाने को मिलते; क्योकि उनको अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग तारीखों पर जो मनाया जाता है।
इसको मनाने के लिए सिर्फ भारतीय ही नहीं होते ,बल्कि यहाँ के लोग भी बहुत अधिक मात्रा में शामिल होते हैं।जगह-जगह स्टॉल लगाए जाते हैं जिन पर न सिर्फ भारतीय व्यंजन होते हैं; बल्कि त्योहार से जुड़ी हर चीज़ को रखा जाता है,भारतीय वस्त्रों आभूषणों,होली के रंगों,दीयों की कतारों,पूजा के थालों,भगवान की मूर्तियों से माहौल में अपनी माटी की गंध पूरी तरह घुलमिल जाती है।
ऑस्ट्रेलिया में बहुत से परिवार ऐसे हैं जो अपने बच्चों को अपने देश की संस्कृति और भाषा दोनों से अछूता नहीं रखना चाहते उसके लिए वो लोग यहाँ बच्चों को अलग से चलाई जाने वाली कक्षाओं में भेजते हैं और प्राइवेट कक्षाओं में भी भेजते हैं।मैंने इन प्राइवेट कक्षाओं में बहुत बच्चों को पढाया है और अभी भी पढ़ा रही हूँ।मैंने संस्थाओं पर जाकर निःशुल्क शिक्षा भी दी है।मेरी शिक्षा का केन्द्र सिर्फ बच्चें ही नहीं रहे, बल्कि मैंने बड़ों को भी पढ़ाया है एक यहाँ के फिल्म डायरेक्टर हैं ,जो इंडिया हर साल जाते हैं और वहाँ पर डाक्यूमेंटरी फिल्म बनाते हैं उनको हिन्दी के बारे बहुत कुछ जानना था। वे पति-पत्नी मेरे पास बहुत समय तक आते रहे और हिन्दी बोलना समझना सीखते रहे।
मैंने यहाँ पर सिडनी यूनिवर्सिटी में भी बड़ों को हिन्दी की शिक्षा दी उनमें कुछ जाकर भारत में ही बस गए और कभी-कभी यहाँ आते हैं वहाँ  की  कला का प्रदर्शन करते हैं ;जिनमें एक फैशन डिजाइनर है और एक आर्टिस्ट है वो लोग मुझे सम्पर्क करते हैं । यहाँ आकर मुझसे हिन्दी में बात करते हैं ।भारत की कला को यहाँ दिखाते हैं तो मैं गर्व से फूली नहीं समाती।
एक मेरी छात्रा वकील है ,वो आज इतनी अच्छी हिन्दी बोलती है कि मुझे भी मात देती है। मैंने ऐसा क्यों कहा; क्योंकि मेरे हिन्दी बोलने में कुछ बहुत प्रचलित शब्द स्वतः ही अंग्रेजी भाषा के भी आ जाते हैं; पर वह शुद्ध हिन्दी बोलती है और यहाँ बहुत कम आती है। वह दिल्ली में रहती, पराँठे वाली गली उसका पसंदीदा स्थान है।
भारत  में  एक बहुत जानी मानी हस्ती है उनका नाम तो नहीं ले पाऊँगी, उनके बारे में बता जरूर पाऊँगी।उनकी दो प्यारी-प्यारी बेटियाँ हैं उनको हिन्दी का एक भी शब्द नहीं आता था, क्योंकि उनके माता-पिता का भी कोसों तक हिन्दी से नाता टूट चुका था, पर वे हिन्दी जानते थे। वे अपनी बेटियों को हिन्दी पढ़वाना चाहते थे । उनका कहना था कि उनकी बेटियाँ कभी हिन्दी नहीं बोल सकती।मैंने उनकी चुनौती स्वीकार तो  कर ली थी, पर अन्दर ही अन्दर डरी हुई  थी कि जिसको एक शब्द नहीं आता ,उसको पढना और बोलना कैसे सिखा पाऊँगी? पर काफी मेहनत के बाद जब रिज़ल्ट आया, तो उनके मम्मी पापा भी हैरान थे कि हमारी बच्ची हिन्दी की एक लाइन ही नहीं , बल्कि पूरी पुस्तक पढ़ पा रही और कविता को रिद्म में बोल पा रही है। उनके चेहरे पर आते -जाते भाव आज भी मेरे जहन में बसे हैं ,जो मुझे कहीं न कहीं न चाहते हुए भी गर्व करा ही जाते हैं।
उनका सपना भारत में अपनी बच्चियों को शिक्षा प्राप्त कराने का खूब फल-फूल रहा है। वे वहाँ जाकर अब वहाँ के हिन्दी बोलने वाले बच्चों के साथ स्कूल में खुद को बहुत सहज महसूस कर रही हैं।
जल्द ही यहाँ एक फिल्म रिलीज होने वाले है ,जिसे यहाँ के डायरेक्टर ने बनाया है ।भारत की किसी घटना को लेकर जिसका खुलासा मैं अभी नहीं कर सकती ;पर इतना बता सकती हूँ कि उसमें  त्योहार हैं जैसे होली ,उसमें रंगों से माहौल को खुशनुमा बनाया गया है ।उसमें मेरे चेहरे के रंग भी खिले हैं ; क्योंकि मुझे भी ससम्मान बुलाया गया उसमें भाग लेने के लिए; क्योंकि उस फिल्म के कलाकर से हिन्दी में डॉयलॉग बुलावाए गए हैं और उसको सिखाने का काम मुझे दिया गया था अभी फिल्म को उर्दू में भी डब  किया जा रहा है जल्दी ही फिल्म पर्दे पर होगी।
"हिन्दी गौरव" सिडनी से प्रकाशित होने वाली जानी-मानी पत्रिका है इस पत्रिका में मैंने और रामेश्वर काम्बोज जी ने सह संपादक के रूप में काम किया। अनेकों कवियों को इस पत्रिका के माध्यम से लोगों तक पहुँचाया,अनेकों नई विधाओं से लोगों को अवगत कराया।
इस तरह से कहना चाहिए कि हिन्दी सीखने की ललक न सिर्फ हिन्दी लोगों में है बल्कि अहिन्दी लोगों में भी बहुत मात्रा में है। मेरे पास नब्वे प्रतिशत जो  लोग हिन्दी सीखते हैं , वे न सिर्फ ऑस्ट्रेलियन हैं बल्कि यू एस,यू के साऊथ इंडिया से भी हैं।
मैंने हिंदी सिखाने की दिशा में काफी प्रयास किए हैं- मैंने छोटे-छोटे कार्ड बनाकर उनपर खुद अपनी कूँची से रंग भरकर चित्र अंकित किए हैं और फिर उनपर शब्द लिखे हैं, जिससे वे बहुत आसानी से छात्रों के मन पर अंकित हो जाते हैं और उनको आसानी से हिन्दी सीखने को मिलती हैं। मैं एक पुस्तक भी लिख रही हूँ बहुत ही सरल भाषा में जिससे छात्र आसानी से हिन्दी सीख सकें ;क्योंकि हिन्दी सिखाते समय मैंने पाया कि भारी भरकम पुस्तक अहिन्दी भाषियों के लिए बड़ी मुश्किलें पैदा करती है जिससे मैंने आसान पुस्तक निकालने का निर्णय लिया।
मैं परदेश में तन  से रहती हूँ पर मेरा मन वहीं बसता है मेरी कविताओं में उसको आसानी से देखा जा सकता है। मैं यहाँ कितना भी व्यस्त रहूँ ,मेरा ये जुड़ाव ही है माटी से जो मुझे नए-नए भावों नई-नई विधाओं से घेरे रखता है । प्रवास में हाइकु संग्रह "तारों की चूनर"  ,  सेदोका संग्रह - जाग उठी चुभन और चोका संग्रह - परिंदे कब लौटे  भी प्रथम प्रवासी संग्रह बने ।मेरे अब तक कुल दो हाइकु संग्रह,एक चोका संग्रह,एक सेदोका संग्रह प्रकाशित हो चुकें हैं, साठोत्तरी हिन्दी गज़ल में विद्रोह के स्वर (पी-एच०डी०का शोध प्रबन्ध), अक्षर सरिता, शब्द सरिता, स्वर सरिता (प्राथमिक कक्षाओं के लिए हिन्दी भाषा-शिक्षण की शृंखला), भाषा मंजूषा में कक्षा 7 के पाठ्यक्रम में एक यात्रा–संस्मरण प्रकाशित हो चुके हैं।
मैंने और काम्बोज जी ने मिलकर कुछ पुस्तकों का संपादन भी किया है-चन्दनमन (हाइकु-संग्रह), भाव कलश (ताँका संग्रह), गीत सरिता (बालगीतों का संग्रह- तीन भाग),यादो के पाखी (हाइकु संग्रह),अलसाई चाँदनी (सेदोका संग्रह), उजास साथ रखना (चोका-संग्रह), डॉ०सुधा गुप्ता के हाइकु में प्रकृति (अनुशीलनग्रन्थ),हाइकु काव्यःशिल्प एवं अनुभूति (एक बहु आयामी अध्ययन)।
मैं कला में भी विशेष रुचि रखती हूँ मैंने अनेकों ऑयल,वॉटर और एक्रेलिक पेंटिग्स बनाई हैं जिनकी शीघ्र ही प्रदर्शनी लगने वाली है।मैं भारत से बाहर रहती हूँ पर मेरा जुड़ाव अब  पहले से भी ज्यादा भारत से है।मैं बहुत कुछ ऐसा है जिसे दूर महसूस करती हूँ तो उसे कविताओं के माध्यम  से या पेण्टिंग के माध्यम से अभिव्यक्त करने की कोशिश करती हूँ, चाहे वो रिश्ते हों,तीज -त्योहार या फिर खेत-खलियान।
ऐसा नहीं है कि सिर्फ सुख ही मेरे सपनों में आता है ; बल्कि  भारत में घटित दुख तो मुझे भीतर तक झकजोर कर रख देता है।कभी किसी पर भी होने वाला अत्याचार मेरी रातों की नींद दिन का चैन न सिर्फ छीन लेता है बल्कि मेरे भीतर एक आक्रोश को पैदा कर जाता है चाहे वह नारी पर होने वाले अत्याचार हों या बच्चों की बालमजदूरी उनका शोषण या उनको शिक्षा से वंचित रखना आदि।ऐसे मैं विचलित हो कभी कभी भगवान को पाती लिख बैठती हूँ-
अब ये दुनिया नहीं है भाती /तभी तुझे लिक्खी है पाती
गरीबी देख मेरा मन ना जाने क्या- क्या सोचता है काश! यहाँ कि तरह मेरे भारत में भी सब पर घर हों,गाडियाँ हों, भरपेट भोजन हो,किसी को छोटा या बड़ा न देखा जाए, ना ही किसी काम को छोटा या बड़ा माना जाए।सबके पास यहाँ की तरह काम हो सुकून हो सारी जिंदगी माता-पिता अपनी संतान के लिए हड्डियाँ ही न घिसते रहें, वे भी अपनी जिंदगी जिएँ, सब सुखी हों, प्रशासन जनता को समझे उनको सुख-सुविधाएँ दे,किसी भी तरह की रिश्वतखोरी,चोरी- चकारी ना हो।
सुना है राम राज ऐसा ही था क्या फिर से मेरा भारत राम राज बनेगा ?मेरा सपना यही है कि भारत एक बार फिर से राम राज बने और फिर हमेशा -हमेशा के लिए वैसा ही रह जाए। अगर हम मिलकर चलेंगे तो मेरा यह सपना एक दिन ज़रूर पूरा होगा।
छाया घना अँधेरा,ज़रा रोशनी मैं लाऊँ!! 
सम्पर्क: द्वारा श्री सी बी शर्मा, आदर्श कॉलोनी, डॉ शिव शंकर वाली गली, सामने ,मुज़फ्फ़र नगर (उत्तर प्रदेश)- 251001