मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Apr 1, 2026

कहानीः उदास आँखें

 - आशा पाण्डेय 

सुबह घर से निकलते समय ही तय कर लिया था कि ‘आतिथ्य भोजनालय’ में रुककर नाश्ता कर लूँगा। अमरावती से नागपुर के तीन घंटे के सफर में डेढ़ घंटे बाद पड़ने वाले आम के बगीचों के बीच बना भोजनालय अभी कुछ महीनों पहले ही खुला है। वहाँ का दही-पराठा बहुत फेमस है। भोजन भी घर जैसा स्वादिष्ट होता है। इस बार मैं भी उस भोजनालय का स्वाद लेना चाहता हूँ

     ड्राइवर को ‘आतिथ्य भोजनालय’ में रुकने को कह, मैं सीट से सिर टिका, आँखें बंद कर, आज होने वाली मीटिंग के बारे में सोचने लगा। कई दिनों से कार्य की अधिकता की वजह से सो नहीं पा रहा था, इसलिए आँखें बंद करते ही नींद में चला गया। जगा तब, जब ड्राइवर ने आवाज लगाई – “साहब आतिथ्य भोजनालय” आ गया।”

    चौंककर मैंने आँखें खोली– तो मैं डेढ़ घंटा सो लिया ..!

     “चलो नाश्ता कर लिया जाए।” ड्राइवर से कहकर मैं कार से बाहर आ गया।

  बाहर गर्म हवाएँ एक झोंके की तरह आम के पेड़ों से टकराकर बह रही हैं। मैंने घड़ी देखी, सुबह के नौ बजने वाले हैं; लेकिन लग रहा है, दोपहर हो गई हो जैसे। जुलाई की सुबह कुछ देर बाद ही अपनी नरमाहट भूलकर उमस भरी चिपचिपी हो जाती है।

       भोजनालय में पहुँचकर मैंने चारों तरफ एक नजर दौड़ाई - हरी क्यारियों और घने पेड़ों के बीच बाँस की फट्टियों को कलात्मक तरीके से जोड़कर दो-तीन छोटी-छोटी गुमटियाँ बनाई गई हैं। ग्राहकों के बैठने के लिए पेड़ों के नीचे गोल टेबल और कुर्सियाँ रखी हैं, वहीं पास में  रंग- बिरंगे मटके बड़े करीने से सजे हैं। अभी-अभी हुए पानी के छिड़काव से मिट्टी की  सोंधी महक उठ रही है, जो मुझे पीछे किसी याद में ले जाने को मचल रही है। यूँ इस जगह पर आकर मुझे तरो-ताजा और खुश महसूस करना चाहिए; किन्तु न जाने क्यों सब कुछ सूना-सूना और उदास लग रहा है।

    मेरे आते ही एक युवक फुर्ती से मेरे पास आया और बड़ी गर्मजोशी से स्वागत करते हुए मुझे एक टेबल की ओर ले गया। मैं इधर-उधर देखकर एक घने पेड़ की छाँव में बैठ गया। उस टेबल से दस कदम की दूरी पर बाँस से घिरी खुली रसोई है। चूल्हे के पास साठ-पैंसठ वर्ष की एक वृद्ध महिला गुमसुम बैठी है। वह इधर की ओर देख रही है। उसके आस-पास बड़े-बड़े भगोने ढके हुए रखे हैं। चूल्हे से कुछ दूरी पर एक कुर्सी-मेज लगी है। जहाँ एक वृद्ध बैठा है।

     भोजनालय में भीड़ नहीं है। बस, एक दो परिवार दिखे, जो नाश्ता कर उठने वाले थे।

   मेरे  बैठते ही एक लड़का मेरा टेबल साफ कर पानी का जग और मेन्यू कार्ड रख गया। फिर वह युवक, जिसने बढ़कर मेरा स्वागत किया था, आया।

   “बताएँ सर, क्या लेना पसंद करेंगे? रस्सा-पोहा, बटाटा बड़ा, दही पराठा ..? जो कहें आप … भोजन करने का मन हो, तो गर्मा- गर्म  झुनका- भाखर भी तैयार मिलेगी।”

   “नहीं, अभी भोजन का समय नहीं है, दही-पराठा लगवा दो। उधर ड्राइवर से पूछ लो, वह जो लेना चाहे …जल्दी बन तो जाएगा न?” मैंने  घड़ी देखते हुए पूछा।

  “जी सर, बस दस मिनट कहकर उसने महिला को आवाज लगाई - “फटाफट दो पराठे और दही भिजवा इस टेबल पर।”

  वृद्ध महिला की उदास आँखें और उदास हो गईं। वह जलती लकड़ी को चूल्हे में सरकाकर आटे की लोइयाँ बनाने लगी। कुछ दूर पर बैठे वृद्ध के चेहरे पर अजीब-सी बेचैनी छा गई। मेरा मन द्रवित हुआ- इस उमर में  नौकरी! मजबूरी होगी !

    युवक की आवाज जारी है- जल्दी कर माँ! एक बन जाए तो थाली लगाकर दे। फिर दूसरा सेंकती रहना। फिर मेरी ओर मुखातिब होकर बोला –“सर, एक के बाद एक गरम-गरम मिलता जाएगा आपको …चूल्हे का करारा सिका पराठा .. मजा आ जाएगा आपको।”

  उस महिला के लिए युवक का ‘माँ’ संबोधन सुन मुझे अच्छा लगा। मैंने सोचा– युवक बुजुर्गों का आदर करना जानता है। मेरे पास से हटते ही उसने फिर से महिला को आवाज लगाई – “जल्दी भेज इस टेबल पर नाश्ता … अभी तक सिका नहीं ?”

महिला पराठा रखने के लिए प्लेट उठा रही थी। लड़के के बोलते ही न जाने कैसे उसके हाथ से प्लेट छूटकर गिर गई। लड़का चिल्लाया– क्या कर रही है …? सवेरे-सवेरे ही तेरे हाथ से बरतन छूट रहे हैं ? झूमते हुए काम करती है क्या, जल्दी ला।”

   युवक के लिए थोड़ी देर पहले मेरे मन में उपजे विचार तिरोहित हो गए। मैं उस महिला को देखने लगा। प्लेट में दही-पराठा, अचार सजा कर महिला घुटने पर हाथ रख उठी और धीरे-धीरे चलते हुए प्लेट मेरी टेबल पर रख गई। मैं नाश्ता करने लगा। पराठा वाकई स्वादिष्ट बना है। खाते-खाते मेरी निगाहें पराठा सेंकती महिला पर ठिठकती रहीं। चूल्हे की आँच के सामने लाल हुए झुलसे  चेहरे की कसक लिये महिला तल्लीनता से पराठा बेलने, सेंकने में जुटी है और एक-एक कर टेबल पर पहुँचाए भी जा रही है।

    नाश्ता हो जाने के बाद जब वह प्लेट उठाने आई तब मैंने पराठे के स्वाद का बखान कर दिया। वह कुछ झेंपी, हिचकिचाई, फिर प्लेट उठाकर चली गई।

  युवक बिल लेकर मेरी टेबल पर आया। आत्मविश्वास से भरी उसकी आँखें चमक रही हैं। उसने पूछा, “सर पराठा अच्छा लगा न ?”

   “हाँ यार, बहुत स्वादिष्ट थे पराठे …  माता जी के हाथों में जादू है … पर इस उम्र में नौकरी ..?”

   “ नहीं सर, नौकरी नहीं … ये मेरी माँ हैं। और उधर जो कुर्सी पर बैठे हैं, वे पिता हैं।”

    मैं अवाक्, बस “अच्छा” कह पाया। ये इसके माता पिता हैं…. फिर भी…! मेरी आवाज घुटकर रह गई।

   “हाँ सर, ये दोनों घर में बैठे बोर होते रहते थे। कुछ काम धंधा नहीं था इनके पास, घर के लोग  भी दिन भर वही-वही चेहरा देख देखकर बोर होते थे … बस बैठा दिया यहाँ।”  कहते हुए लड़का किसी रहस्य- सा मुस्कराया, फिर आगे बोला –  अब यहाँ दिनभर लोगों के बीच में मन लगा रहता है इनका। एक बाई भी है, आज छुट्टी पर है। दोनों मिलकर सम्हाल लेते हैं …आप तो देख रहे हैं, एक लड़का भी रखा है … आराम से हो जाता है सब।” युवक  माँ-बाप की उम्र, थकान, निराशा को न सुनना चाहता है, न सोचना। महिला खामोश हो हमारी बातों को सुन रही है।

  “ये जगह तुम्हारी है या किराये पर लिये हो?” मैंने बात बदलने की कोशिश की।

  “मेरी खुद की है। बाबा (पिता) ने खरीदा था। हाइवे पर है, तो ख्याल आया कि यहाँ ढाबा शुरू कर दिया जाए, तो अच्छी कमाई होगी।”

  “वो तो ठीक है, पर एक कुक रख लो यार, माता जी चूल्हे के सामने … थक जाती होंगी। अब इनके आराम के दिन हैं।” न जाने कैसे मेरे भीतर उमड़ता गुबार बाहर आ गया।

  “कुक रखने के बाद तो हमारा ढाबा भी अन्य ढाबों जैसा ही हो जाएगा न सर,... अभी यहाँ घर जैसा खाना मिलता है; इसलिए लोग आते हैं। पैसा भी तो बच जाता है सर। और इनके थकान की बात तो निकाल ही दीजिए मन से। ये खेत में काम करने वाली हड्डियाँ हैं। हम लोग थक जाते हैं सर, पर ये नहीं।”

 मेरी नजरें फिर से उन दोनों से जा टकराई, जो बेटे की बातों को सुनते हुए उन्हें हजम करने को मजबूर दिखीं।

   बिल अदा कर मैं बाहर निकल आया । मेरी गाड़ी नागपुर की ओर आगे बढ़ रही है और मन उस ढाबे में अटक गया है। बहुत देर तक वे उदास आँखें मेरा पीछा करती रहीं। ■

सम्पर्कः कैंप, अमरावती, महाराष्ट्र, ashapandey286@gmail.com

लघुकथाः मकड़ी

  - डॉ. सुषमा गुप्ता

उसने अखबार से नज़र उठाई। पहले मरी हुई मकड़ी को देखा फिर मुझे। वो भी घूरकर।

 मैंने सकपकाकर सफाई दी, “मुझे हत्या नहीं करनी थी। इसकी हत्या का मेरा कोई इरादा भी नहीं था; पर मैं डरी हुई थी। यह मकड़ी मेरे बिस्तर के बहुत पास थी। मुझे मकड़ी से डर लगता है।”

“मकड़ी तुमसे ताकतवर थी?”

“अरे नहीं! कमज़ोर-सी थी। एकदम ज़रा- सी।”

मेरी इस बात पर उसने व्यंग्य- भरी मुस्कान के साथ मुझे देखते हुए कहा, “यह कितनी विरोधाभासी बात है। वह तुमसे कमज़ोर थी और तुम्हें उससे डर लग रहा था!” 

मेरी पेशानी पर कुछ बल उभर आए। मैंने ऊहापोह से कहा, “उसकी उपस्थिति मेरे सुकून में खलल थी…शायद…”

उसने गहरी साँस छोड़ते हुए हाथ का अखबार नीचे पटक दिया और बेहद निराश होकर कहा, “डरे हुए लोग ही अक्सर हमलावर होते हैं।”

मेरी नज़र अख़बार की हैडलाइन पर अटक गई।

“भ्रष्टाचार के विरोध में रैली निकालते, यूनिवर्सिटी के छात्रों पर प्रशासन ने निर्ममता से लाठियाँ भाँजी।” ■

327suumi@gmail.com

संस्मरणः कमली तू आ गई...

  - देवी नागरानी

मुझसे दो दशक छोटी; पर सोच के विस्तार में उसका किरदार मुझसे दो क़दम आगे और ऊँचा।  ऐसी ही एक मानवी ने जब रिश्तों के निबाह और निर्वाह पर निकली बात पर अपने रिश्ते को लेकर आप- बीती सुनाई, तो सच मानिए, दो तीन दिन तक मैं उस मानसिकता के बाहर न आ पाई।                                                                  

उसका कथन- “मैं पाँच बजे काम से रुखसत पाकर छह-साढ़े छह के बीच जब घर पहुँचती हूँ, तो लगता है सभी मेरे इंतजार में मायूस सन्नाटों को जी रहे होते हैं: घर के दर-दरीचे, बिस्तर पर लेटे मेरे अपाहिज पिता, माँ की देखभाल करने वाली अम्मा और मेरी माँ, जिसकी आँखें निरंतर चारों ओर घूमने की आदी होकर जाने क्या कुछ ढूँढते हुए जब मुझपर आकर टिकती है तो वह कह उठती है- “आ गई कमली!” और तत्पश्चात् वह सुकून से सो जाती है।  “पर तुम्हारा नाम तो बीबा है न ?” मैंने विस्मय में पूछा                                                                            

 “हाँ मेरी माँ का नाम कमला है, और वह अपनी इस अविकसित अवस्था में मुझको कमली के नाम से पहचानती है।”

सुनकर एक अजीब- सी सिहरन शरीर में लहरा उठी, लगा कहीं दिमाग में बिजली कौंध उठी।  माँ अपने बच्चों को पाल पोसकर बड़ा करते करते ममत्व को साधना की हदों तक ले जाने की अवस्था में अपने आप को इस कद्र भूल जाती है कि उसे अहसास मात्र नहीं रहता कि उसका अपना वजूद बच्चों में समावेश कर गया है।

मैं इस समय यहाँ A.I.R स्टेशन में सिन्धी रिकॉर्डिंग की इन्चार्ज मिस बीबा के केबिन में बैठी रिश्तों की उन गूढ़ रहस्यमय स्थिति के बारे में सोचती रही।  कभी लगता है हमारी सोच भी किन हदों में जकड़ी हुई है, जिसका हमें इल्म ही नहीं। विकसित- अविकसित अवस्थाओं से परे अंतःकरण में भी कई गुफाएँ हैं जो हमें हर बंधन से, हर सीमा से पार करते कराते हमें अपने आप से जोड़ती है। और इन बातों का महत्त्व सिर्फ बीबे जैसे बेटी ही समझ सकती, जिसने माता-पिता की देखरेख के लिए अब तक शादी नहीं की है।

रिश्ता वो ही निभाएगा ‘देवी’ जिसको रिश्ता समझ में आया है। 

सोच को ब्रेक देते हुए मैंने बीबा से पूछा- “इस अवस्था में माँ कितने दिन से है?”   

“कुछ एक साल के क़रीब हुआ है और उनकी यह प्रतिक्रिया- मुझे कमली कहकर पुकारना, और उस रूप में ढूँढना, सामने देखकर राहत महसूस करना, खुद मुझे हैरत में डाल देती है। उनके मनोभावों को जानते हुए जैसे ही मैं घर में पाँव रखती हूँ, उनके सामने जाकर खड़ी हो जाती हूँ, जब तक वह अपनी आँखें घुमाते हुए मुझ पर टिकाकर यह नहीं कहती- “कमली तू आ गई!” 

कुछ पल रुककर बीबा कहने लगी- “अपने आपे- से बाहर की अवस्था और खुद से भीतर जुड़ने की अवस्था का नाम ही शायद ममता है और वह है मेरी माँ कमली।”                                    

उसके कहने और मेरे सुनने के बीच का वक़्त जैसे ठहर गया। मैं कितनी सदियाँ पीछे लाँघ आई थी यह मैंने तब जाना, जब उसकी आवाज़ ने मुझमें चेतना लौटाई :

“ मैडम जी आपकी चाय ठंडी हो रही है।”

मैं याद के भूल - भुलैया में खो जाती हूँ।  शायद वे मेरे ज़हन में अपना स्थान बना बैठी हैं।  बारी-  बारी वे इन झरोखों से सांस लेने आ जाती है।

अब तो सिर्फ यही, बाकी कुछ और याद आने पर... 

■

email- dnangrani@gmail.com


व्यंग्यः हम मूर्खों के सिरमौर

 - गिरीश पंकज

मूर्ख दिवस के दिन सर्वाधिक खुशी होती है नेता छदामीराम को और अपनेराम को यानी मुझको। सुबह से ही हम दोनों प्रसन्न होकर सब को चित करने में लगे रहते हैं । एक तो पहली अप्रैल और उस पर अपना जन्मदिन । लोग भी खूब मजा लेते हैं । उन्हें फोन - पर - फोन करते हैं।  वाट्सएप के जरिए संदेश देते हैं । लगभग सब यही लिखते हैं, "बधाई हो, आज आपका जन्मदिन है।"

लोगों को अनजाने में ही एक ऐसा दिन मिल गया, जिस दिन वह अपनी भड़ास निकाल लेते हैं। "आज आपका दिन है", कहकर लोग यही व्यक्त करना चाहते हैं कि बनाए जाओ हमको उल्लू । हम तो मूरख है ही जनम के। आज आपका ही दिन है।

छदामीराम रोज की तरह एक अप्रैल को भी बहुत खुश रहते हैं । वह अपने भाग्य को सराहते हैं कि  धुप्पल में ही वह मनुष्य योनि में आ गए। थैंक्स गॉड!! अगर लोमड़ी का शरीर मिलता, तो जंगल में ही भटकते रहते । बचे-खुचे मांस को खाकर गुजारा करना पड़ता ; लेकिन मनुष्य-योनि में क्या आए, अब तो आनंद - ही - आनंद है। परमानन्द कहना सही होगा।

छदामीराम ने सीधे-साधे लोगों को ठगने की जो कला बाप-दादाओं से सीखी, वह निरंतर काम आ रही है । हर बार चुनाव में खड़े होते हैं और जीत जाते हैं। हाथ जोड़ना,  लोगों के पैर छूना,  पैसे बाँटना, दारू बँटवाना आदि-आदि सुकर्मों  के सहारे वह हमेशा चुनाव जीते हैं। विनम्र भाव कुछ ऐसा दिखाते हैं कि ससुरी विनम्रता भी लाज के मारे जल-जल हो जाती है। वैसे छदामीराम की विनम्रता मतदान के दिन तक ही रहती है।  उसके बाद तो वे गधे के सिर से सींग की तरह,  भ्रष्ट अफसर के जीवन से नैतिकता की तरह, गरीब के घर से खुशहाली की तरह, भुखमरे के चेहरे से लाली की तरह गायब हो जाते हैं। उसके बाद लोग बस एक ही विज्ञापन दोहराते हैं: छदामीराम को …। ढूँढते ही रह जाओगे।

मोबाइल जब भी लगाओ, वह नहीं उठाते । उनका पीए उठाएगा और अक्सर दो - तीन बातें कहेगा। जैसे, "साहब बाथरूम में है । निकलते ही बात कराता हूँ ।" या फिर कहेगा,  "कार्यक्रम में बैठे हैं। लौटके आएँगे तो बात कराता हूँ ।" कभी कहेगा,  "वो तो आराम फरमा रहे हैं ।" … कभी कहेगा, "साहब बीमार  पड़े हुए हैं।"

जब भी फोन करो, छदामीराम से बात नहीं होती।  कोई न कोई बहाना हाजिर।  जिन लोगों के नंबर फीड है, और जिनसे उनकी लेन-देन की  सेटिंग है,  उनसे तो वे लपककर बात करते हैं। घंटी बजी और जैसे ही नाम दिखा, उपायीराम, तो फौरन बात शुरू कर देते हैं,

"और सुनाओ उपायीराम, जयश्रीराम!

कैसा चल रहा है तुम्हारा काम ?

बहुत दिन से रात को

हमने  नहीं टकराया आपसे में जाम।

कब आ रहे हो प्यारे,

तुम हमारे द्वारे?"

मोबाइल में जिनके नाम सेव हैं, अकसर उनसे बढ़िया बात करते हैं;  लेकिन जिनके नाम सेव नहीं है, उनसे बात करते हुए  महोदय लगभग गुर्राते हैं । पहले तो पीए ही गुर्राता है; लेकिन जब सामने वाला अधिक गुर्राने लगता है, तो पीए मोबाइल छदामीराम को दे देता है । फिर छदमीराम गुर्राते हैं; लेकिन मूर्ख दिवस के दिन छदामीराम गुर्राना भूलकर मिमियाना शुरू कर देते हैं। जितने भी फोन आते हैं, उन सबसे बात करके 'थैंक यू …थैंक यू'  कहते हैं; क्योंकि इनकी अंतरात्मा कहती है- "बेटे, चुनाव के समय और जन्मदिन के दिन तो मनुष्य जैसा बन जाना ठीक रहता है।"

छदामीराम अपनी आत्मा का कहना अकसर मान लेते हैं। जब कोई व्यक्ति कुछ काम करवाने के एवज में उनको रिश्वत की रकम भेंट करता है, तब भी छदामीराम सीधे अपनी आत्मा से ही बातचीत करते हैं।  सामने से मिल रही राशि के बारे में आत्मा  से पूछते हैं कि फलाना इतने लाख दे रहा है । क्या इस काम के एवज में इतनी रकम उचित है?

जब आत्मा कह देती है, "हाँ रे, ठीक है । ले ले", तो छदामीराम रिश्वत को बड़े ही श्रद्धा- भाव के साथ ग्रहण करते हैं।  लेकिन जब कभी अगर आत्मा ने कहा, "नहीं, यह रकम तुम्हारे स्टैंडर्ड के अनुरूप नहीं है", तो छदामीराम साफ इनकार कर देते हैं। जब तक उन्हें मनमाफिक रकम नहीं मिल जाती, वे रिश्वत ग्रहण ही नहीं करते। पर्याप्त दहेज न मिलने के कारण उन्होंने तो पाणिग्रहण से भी इंकार कर दिया था। जीवन  में कुछ सिद्धांत तो होने ही चाहिए साहेब।  तो ऐसे हैं हमारे  छदामीराम।

मूर्ख दिवस पर उनको लख-लख बधाइयाँ।

आप तो  दे ही चुके होंगे न। उस दिन अपने पर ही एक कुण्डलिया लिख मारी। देखें,

मूर्खों के सिरमौर हम, है इसमें  ही सन्न।

लगा रहे सब चून ही, हो कर के परसन्न।

हो कर के परसन्न, समझते हम चालाकी।

कैसे निबटे कोय,  निकालें सबकी झाँकी।

कह पंकज कविराय, करना है खुद पे गौर।

कब तक आखिर हम रहें, मूर्खों के सिरमौर।

■

कविताः भूमि का शृंगार तरु है

  - पूर्णिमा राय

बरसों से एक निगाह

थोड़ी सी लापरवाह!

ढूँढ रही थी हमेशा

शीतल छाँव का गवाह!!


कड़ी धूप का था साया

चाहे वे तरुवर छाया!

चलते ही पगडंडी पर

स्मरण उसे था यह आया!!


ओ नन्हे ! मेरी बात ले मान

ना कर कभी तू इतना गुमान!

सूखे पेड़ को दे जा पानी

वर्ना नहीं बचे जिंदगानी!!


आज वह बूढ़ा हो गया था

यौवन नशे में खो गया था!

प्रकृति से मुँह फेरके वह तो

कंकर राह में बो गया था!!


सुप्त चेतना ने उसे जगाया

बूढ़े ने फिर जग को बताया!

पेड़ धरा की असली धरोहर

तरुवर ने ही विश्व सजाया!!


पौधों को हम पानी दें

बचपन और जवानी दें!!

भूमि का शृंगार तरु है;

मिलकर नयी रवानी दें।

■