मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jul 1, 2025

निबंधः हिम्मत और ज़िन्दगी

 - रामधारी सिंह ‘दिनकर’

ज़िन्दगी के असली मजे उनके लिए नहीं हैं

जो फूलों की छांह के नीचे खेलते और सोते हैं । बल्कि फूलों की छांह के नीचे अगर जीवन का कोई स्वाद छिपा है, तो वह भी उन्हीं के लिए है जो दूर रेगिस्तान से आ रहे हैं जिनका कंठ सूखा हुआ, होंठ फटे हुए और सारा बदन पसीने से तर है । पानी में जो अमृत वाला तत्व है, उसे वह जनता है जो धूप में खूब सूख चूका है, वह नहीं जो रेगिस्तान में कभी पड़ा ही नहीं है ।

सुख देनेवाली चीजें पहले भी थीं और अब भी हैं । फर्क यह है की जो सुखों का मूल्य पहले चुकाते हैं और उनके मजे बाद में लेते हैं उन्हें स्वाद अधिक मिलता है । जिन्हें आराम आसानी से मिल जाता है, उनके लिए आराम ही मौत है।

जो लोग पाँव भीगने के खौफ से पानी से बचते रहते हैं, समुद्र में डूब जाने का खतरा उन्हीं के लिए है। लहरों में तैरने का जिन्हें अभ्यास है वे मोती लेकर बहार आएँगे ।

चाँदनी की ताजगी और शीतलता का आनंद वह मनुष्य लेता है जो दिनभर धूप में थककर लौटा है, जिसके शरीर को अब तरलाई की जरूरत महसूस होती है और जिसका मन यह जानकर संतुष्ट है कि दिन भर का समय उसने किसी अच्छे काम में लगाया है।

इसके विपरीत वह आदमी भी है जो दिन भर खिड़कियाँ बंद करके पंखों के नीचे छिपा हुआ था और अब रात में जिसकी सेज बाहर चाँदनी में लगाई गई है । भ्रम तो शायद उसे भी होता होगा कि वह चाँदनी के मजे ले रहा है, लेकिन सच पूछिए तो वह खुशबूदार फूलों के रस में दिन-रात सड़ रहा है ।

उपवास और संयम ये आत्महत्या के साधन नहीं हैं । भोजन का असली स्वाद उसी को मिलता है जो कुछ दिन बिना खाए भी रह सकता है। 'त्यक्तेन भुंजीथा:', जीवन का भोग त्याग के साथ करो, यह केवल परमार्थ का ही उपदेश नहीं है, क्योंकि संयम से भोग करने पर जीवन में जो आनंद प्राप्त होता है, वह निरा भोगी बनकर भोगने से नहीं मिल पता।

बड़ी चीजें बड़े संकटों में विकास पाती हैं, बड़ी हस्तियाँ बड़ी मुसीबतों में पलकर दुनिया पर कब्ज़ा करती हैं । अकबर ने तेरह साल की उम्र में अपने बाप के दुश्मन को परास्त कर दिया था जिसका एक मात्र कारण यह था कि अकबर का जन्म रेगिस्तान में हुआ था, और वह भी उस समय, जब उसके बाप के पास एक कस्तूरी को छोड़कर और कोई दौलत नहीं थी।

महाभारत में देश के प्रायः अधिकांश वीर कौरवों के पक्ष में थे। मगर फिर भी जीत पांडवों की हुई ,; क्योंकि उन्होंने लाक्षागृह की मुसीबत झेली थी; क्योंकि उन्होंने वनवास के जोखिम को पार किया था ।

श्री विंस्टन चर्चिल ने कहा है कि ज़िन्दगी की सबसे बड़ी सिफ़त हिम्मत है । आदमी के और सारे गुण उसके हिम्मती होने से ही पैदा होते हैं।

ज़िन्दगी की दो सूरतें हैं । एक तो यह कि आदमी बड़े-से-बड़े मकसद के लिए कोशिश करे, जगमगाती हुई जीत पर पंजा डालने के लिए हाथ बढ़ाए, और अगर असफलताएँ कदम-कदम पर जोश की रोशनी के साथ अँधियाली का जाल बुन रही हों, तब भी वह पीछे को पाँव न हटाए।

दूसरी सूरत यह है कि उन गरीब आत्माओं का हमजोली बन जाए, जो न तो बहुत अधिक सुख पाती हैं और न जिन्हें बहुत अधिक दुःख पाने का ही संयोग है; क्योंकि वे आत्माएँ ऐसी गोधूलि में बसती हैं जहाँ न तो जीत हँसती है और न कभी हार के रोने की आवाज सुनाई पड़ती है। इस गोधूलि वाली दुनिया के लोग बँधे हुए घाट का पानी पीते हैं, वे ज़िन्दगी के साथ जुआ नहीं खेल सकते। और कौन कहता है कि पूरी ज़िन्दगी को दाव पर लगा देने में कोई आनंद नहीं है?

अगर रास्ता आगे ही निकल रहा है, तो फिर असली मजा तो पाँव बढ़ाते जाने में ही है।

साहस की ज़िन्दगी सबसे बड़ी ज़िन्दगी होती है। ऐसी ज़िन्दगी की सबसे बड़ी पहचान यह है कि वह बिल्कुल निडर, बिल्कुल बेखौफ़ होती है। साहसी मनुष्य की पहली पहचान यह है कि वह इस बात कि चिन्ता नहीं करता कि तमाशा देखने वाले लोग उसके बारे में क्या सोच रहे हैं। जनमत की उपेक्षा करके जीनेवाला आदमी दुनिया की असली ताकत होता है और मनुष्यता को प्रकाश भी उसी आदमी से मिलता है। अड़ोस-पड़ोस को देखकर चलना, यह साधारण जीव का काम है। क्रांति करने वाले लोग अपने उद्देश्य की तुलना न तो पड़ोसी के उद्देश्य से करते हैं और न अपनी चाल को ही पड़ोसी की चाल देखकर मद्धिम बनाते हैं। साहसी मनुष्य उन सपनों में भी रस लेता है जिन सपनों का कोई व्यावहारिक अर्थ नहीं है।

साहसी मनुष्य सपने उधार नहीं लेता, वह अपने विचारों में रमा हुआ अपनी ही किताब पढ़ता है।

झुंड में चलना और झुंड में चरना, यह भैंस और भेड़ का काम है। सिंह तो बिल्कुल अकेला होने पर भी मगन रहता है।

अर्नाल्ड बेनेट ने एक जगह लिखा है कि जो आदमी यह महसूस करता है कि किसी महान निश्चय के समय वह साहस से काम नहीं ले सका, ज़िन्दगी की चुनौती को कबूल नहीं कर सका, वह सुखी नहीं हो सकता। बड़े मौके पर साहस नहीं दिखाने वाला आदमी बराबर अपनी आत्मा के भीतर एक आवाज सुनता रहता है, एक ऐसी आवाज जिसे वही सुन सकता है और जिसे वह रोक भी नहीं सकता । यह आवाज उसे बराबर कहती रहती है, "तुम साहस नहीं दिखा सके, तुम कायर की तरह भाग खड़े हुए।" सांसारिक अर्थ में जिसे हम सुख कहते हैं, उसका न मिलना, फिर भी, इससे कही श्रेष्ठ है कि मरने के समय हम अपनी आत्मा से यह धिक्कार सुनें की तुममें हिम्मत की कमी थी, कि तुममें साहस का आभाव था, कि तुम ठीक वक़्त पर ज़िन्दगी से भाग खड़े हुए।

ज़िन्दगी को ठीक से जीना हमेशा ही जोखिम झेलना है और जो आदमी सकुशल जीने के लिए जोखिम का हर जगह पर एक घेर डालता है, वह अंततः अपने ही घेरों के बीच कैद हो जाता है और ज़िन्दगी का कोई मजा उसे नहीं मिल पाता; क्योंकि जोखिम से बचने की कोशिश में, असल में, उसने ज़िन्दगी को ही आने में रोक रखा है।

ज़िन्दगी से, अंत में, हम उतना ही पाते हैं, जितनी कि उसमे पूँजी लगाते हैं। यह पूँजी लगाना ज़िन्दगी के संकटों का सामना करना है, उसके उस पन्ने को उलटकर पढना है जिसके सभी अक्षर फूलों से ही नहीं, कुछ अंगारों से भी लिखे गए हैं। ज़िन्दगी का भेद कुछ उसे ही मालूम है जो यह जानकार चलता है कि ज़िन्दगी कभी भी ख़त्म न होने वाली चीज़ है।

अरे ! ओ जीवन के साधको ! अगर किनारे की मरी सीपियों से ही तुम्हे संतोष हो जाए, तो समुद्र के अंतराल में छिपे हुए मौक्तिक - कोष को कौन बहार लाएगा ?

दुनिया में जितने भी मजे बिखेरे गए हैं, उनमें तुम्हारा भी हिस्सा है । वह चीज भी तुम्हारी हो सकती है, जिसे तुम अपनी पहुँच के परे मान कर लौटे जा रहे हो ।

कामना का अंचल छोटा मत करो, ज़िन्दगी के फल को दोनों हाथों से दबाकर निचोड़ो, रस की निर्झरी तुम्हारे बहाए भी बह सकती है ।

यह अरण्य, झुरमुट जो काटे अपनी राह बना ले,

क्रीतदास यह नहीं किसी का जो चाहे अपना ले ।

जीवन उनका नहीं युधिष्ठिर ! जो उससे डरते हैं ।

वह उनका जो चरण रोप निर्भय होकर लड़ते हैं ।

(‘रेती के फूल” पुस्तक से)

कहानीः औरत खेत नहीं

  - डॉ. परदेशीराम वर्मा

जहाँ गैया जाएगी वहाँ बछड़े को तो जाना ही है । यह तो सनातन नियम है । रमेसर मंडल भी इस नियम के भीतर ही रहेंगे। तुम तो अपनी हाँ या ना बताओ । शेष सब जम जाएगा । रमेसर मंडल के साथ आए बिसाहू ने जब जगेसरी को यह प्रस्ताव दिया तो वह राजी हो गई।

दो साल पहले ही उसकी कलाई सुनी हुई थी। अचानक उसके पति उसे छोड़कर गुजर गए। कोई बीमारी भी नहीं थी। दो दिन तक बुखार में तड़पे और, जाथंव जगेसरी, समेलाल के खियाल करबे । कहते हुए चल बसे। घरवाला गुजर गया, मगर जगेसरी की दिनचर्या वही रही । पहले जगेसरी घरवाले के साथ काम करने जाती थी, अब अकेली जाने लगी। साथ में तीन बरस के समेलाल को भी ले जाती । दो माह बाद ही जात-बिरादरी के लोग चूड़ी पहनाने का प्रस्ताव लेकर आने लगे । मगर जगेसरी ने हर आने वाले को साफ कहा कि बेटे को पहले अपना बेटा बनाओ, तब उसकी माँ के हाथ में डालो चूड़ी । यह एक कठिन शर्त थी।जगेसरी चाहती थी कि चूड़ी पहनाने वाला पहले समेलाल के नाम अपनी कुछ जमीन लिख दे, फिर आगे बात करें । इस बार भी रमेसर मंडल के प्रस्ताव पर उसने साफ कह दिया, दो एकड़ जमीन समे के नाम कर दो तब हाथ लमाहूँ । रमेसर मंडल मान गए और जगेसरी को चूड़ी पहनाकर समेलाल सहित गाँव आ गए। समेलाल तब तीन बरस का था जब धानगाँव के रमेसर मंडल के यहाँ उसकी माँ चूड़ी पहनकर आई।

रमेसर मंडल के पास दस एकड़ जमीन थी । आठ एकड़ नाले के पास धनहा जमीन थी । एकड़ पीछे दो गाड़ा धान देने वाली जमीन । ठीक नाले से लगी हुई । दो एकड़ भर्री जमीन थी जिसमें कुछ नहीं होता था । मटकटैया के पेड़ उगते थे भर्री में । उस तरफ मंडल ने पाँच बरस से देखा भी नहीं था । एक बरस कुवार में बारिश हो गई तो अहहर की फसल हो गई थी । भर्री जमीन थी भी गाँव से दूर । उस बरस अरहर की खड़ी फसल को बकरी चराने वाले लड़कों ने नष्ट कर दिया था । इसीलिए मंडल कहते थे - भर्री भाठा, करम नाठा । यानी पुरूषार्थ को नष्ट करने वाली जमीन होती है भर्री । मंडल अपनी पहली मंडलिन को भी भर्री जमीन कहते थे । पाँच वर्ष तक साथ रही । थी भी चौड़ी चकली। मगर माँ न बन सकी । मंडल ने इसीलिए आखिर में उसे भगा दिया । उसे छोड़ने के बाद जगेसरी को ले आया । जगेसरी के साथ समेलाल को जब मंडल ले आया तो गाँव में पंगत में ही चरचा हो गई कि दो एकड़ जमीन समे के नाम जल्दी कर दी जाए । मंडल का हाथ तो पत्थर के नीचे दबा हुआ था । चढ़ाए तो असल धनहा जाय हाथ से । न चढ़ाए तो जगेसरी निकल जाय हाथ से। बहुत सोचकर मंडल ने दो एकड़ भर्री चढ़ा दी समेलाल के नाम पर इस तरह साँप भी मर गया और लाठी भी बच गई । जगेसरी भी बात जीत गई और समेलाल बेटवा बनकर रह गया धानगाँव में ।

मगर जल्दी ही जगेसरी जान गई कि मंडल ने भर्री देकर समेलाल को और उसे ठग लिया है। तब तक आठ माह बीत चुके थे । जगेसरी तो अटल धनहा थी । उसके पाँव भारी हो गए थे । मंडल के हमजोली ठिठोली करते कि भर्री देकर धनहा लाना तो कोई मंडल से सीखे । चोंगी पीते हुए रमेसर मंडल हमजालियों की चुटकियों का आनन्द लेते । दिन बीतने लगे इसी तरह । जगेसरी के दिन करीब थे ।

अचानक एक दिन ठीक धान मिंजाई के लिए मंडल दौरी में बछवा फाँद रहे थे कि नौकर ने आकर बताया-मंडलिन बुला रही है । जचकी का समय हो गया था । जगेसरी दूसरी बार माँ बन रही थी । वह जान गई थी कि अब दाई को बुला लाना जरूरी है । मंडल फाँदे बैलों को जाकर खोल आया । दौरी चलाना उसने स्थगित कर दिया । खलिहान में धान का पैरा बगरा हुआ था । उसकी चिन्ता मंडल को नहीं थी । यह तो माटी की पैदाइश थी । धनहा है तो धान तो होनाही है । लेकिन जगेसरी खुद धनहा बनकर आई है । मंडल ने सोचा जगेसरी पहली फसल देने  जा रही है । उसकी चिंता जरूरी है । समेलाल तो दूसरे के जोते-बोने से हुआ था । इस बार मंडल ने जोतने-बोने का काम किया था । यही तो कमी थी पिछली बार । पहली मंडलिन ने तो उसे अबिजहा सिद्ध कर दिया था । रिश्ते की भाभियाँ उसे नपुंसक तक कह देती थी । लेकिन जगेसरी ने उसे उबार लिया ।

इसीलिए दौरी-फौरी को छोड़ मंडल ने दाई को बुलाया । तीन बरस के समेलाल को सुबह उठने पर पड़ोस की रामबाई ने बताया कि उसके बहन हुई है । समेलाल अपनी माँ के पास गया। माँ ने समेलाल के सिर पर हाथ फेरकर दुलार किया । मंडल ने लड़की के जनम पर गाँव-भर को चाह-पानी के लिए बुलाया । काँके पानी और तिल के लड्डू से सबका स्वागत किया ।

जगेसरी माह-भर में हरिया गई । देखकर कोई कह नहीं सकता था कि वह दो बच्चों की माँ है । दुहरी देह की जगेसरी मंडल के यहाँ आराम पाकर दिपदिपाने लगी । माह-दो-माह नहीं बल्कि चार माह बीत गए, मगर जगेसरी अब मंडल को अपनी खटिया के पास फटकने ही न दे । एक-दो बार मंडल ने कुछ हुज्जत करने का यत्न किया तो जगेसरी अगियाबैताल हो गई । रमेसर मंडल को कुछ सूझा नहीं । उसने हथियार डालते हुए डूबे स्वर में केवल इतना ही कहा, मंडलिन, क्या हो गया ? लड़की से तो मेरा कल्याण होगा नहीं । डिह में दिया बारता है बेटा । जब तुमने लड़की दे दिया तो एक बेटा भी दे दो । बस, और कुछ साध नहीं है । फिर हरू हुए भी तो चार माह हो गए ।

जगेसरी ने फुफकारते हुए जवाब दिया, पास आने की कोशिश करोगे तो बेटी-भर रह जाएगी तुम्हारे पास । जगेसरी के लिए क्या है । जैसे यहाँ आ गई, वैसे ही कहीं और चल देगी । जादा मत मस्तियाओं । चुपचाप भर-पेट भात खाओ और तान दुपट्टा लगाकर नींद-भर सोओ । छोड़ दो आस अब नागर जोतने की । अब इस खेत में दुबारा बीज नहीं बो सकते मंडल ।

रमेसर मंडल जगेसरी के इस जवाब से सन्न रह गए । मरता क्या न करता । दोनों जाँघ के बीच में हाथ चपककर सो गए । इसी तरह और माह-भर बीत गया।

मंडल को समझ में न आए कि बात क्या है । उसकी पहली बाई तो बिना बच्चा जने पाँच साल तक सुख देती रही। रमेसर तो काम-सुख की बात चलने पर अपने हमजोलियों से कहता भी था कि महीना में चार दिन उपास अऊ छब्बीस दिन कुवाँ म बाँस । हमजोली उसकी इस मस्ती-भरी टिप्पणी का खूब आनंद लेते । रतन नाई मुँह-लगा था । वह तो इस उक्ति का सरल अर्थ भी पूछ लेता । तब मंडल कहते, रतन, चार दिन उपास तो रहना ही पड़ता है । सनातम नियम है । औरत को शाप है इसलिए पास जा नहीं सकता मरद चार दिन। उसके बाद बचता है माह में छब्बीस दिन । तो फिर... उसके इस अर्थ पर खूब ठहाका लगता।

मगर इन दिनों रमेसर मंडल हँसना ही भूल गया था । रतन ने ही बाल काटते हुए पूछा, मंडल, एक बात पूछूँ ?

पूछ लो भई । 

कुछ गड़बड़ है मंडल ? 

बहुत जादा जी । 

भउजी से झगड़ा हुआ है क्या ?’ 

भारी झगड़ा । 

कारण क्या है मंडल ? 

संजोग नहीं जम रहा ।

यह जवाब सुनकर रतन बाल काटना छोड़कर हँसने लगा । मंडल नाराज हो गया । उसने कहा, बोकरा के जीव जाय, खवइया ल अलोना । रोने की बात में हँसता है रे नउवा !

रतन चुप हो गया । उसे लगा कि वाकई मंडल दु:खी है । कुछ देर चुप रहकर उसने फिर पूछा, मंडल, छिमा करते हुए बताओ कि क्या कुछ बीमारी आ गई ? गड़बड़ी क्या है, कुछ पता चला?

मंडल ने कहा, रतन, सब ठीक है । मगर भारी दु:ख है रे भाई। तुम्हारी भौजी पाटी तक नहीं छूने देती । बच्चा जनने के बाद क्या सालों-साल ऐसा ही होता है रतन? मैं तो पहली बार बाप बना हूँ भइया । तुम हो पाँच लड़कों के बाप, तुम्हीं बताओ ।

रतन उसकी बात से हो-होकर हँस पड़ा । तब तक वह बाल काट चुका था । रतन ने मंडल से कहा, मंडल, तुमने बहुत अच्छा सवाल सही समय में पूछा है । हमारे इलाके में इसी बात को लेकर एक जबरदस्त कहानी प्रचलित है। तुम कहो तो सुनाकर जाऊँ। रमेसर मंडल ने कहा, सुना दो । चाह दो कप और पी लेना। मंडल के पुचकारते ही रतन ने कहना शुरू कर दिया, मंडल,बात है बरसों पुरानी । एक बड़े गौटिया के पास पचास एकड़ धनहा जमीन थी और दस एकड़ भर्री । गौटिया था जवान। उसकी दो साल पहले शादी हुई थी । बच्चा भी होना ही था । बच्चा गौंटिया की तरह खूब मोटा-ताजा हुआ था । उसकी गौटनिन भी थी खूब गोरी नारी । मोठडांट छिहिल-छिहिन्ल करती थी । चलती थी तो दोनों कूल्हे उझेला मारते थे । भरे-पूरे अस्तन और केले के खम्भों की तरह....।

चुप बे । बता रहा है जैसे खम्भों को खुद छूकर देखा हो । इतना मत जमा, सोझ बता। इस बार बनावटी गुस्से से रमेसर मंडल ने रतन को डाँटा ।

रतन भी खिलाड़ी था । वह जान गया था कि मंडल को रस आ रहा है । नाई कोई बात कहे और श्रोता अपना आपा न खो बैठें तो धिक्कार है नउवा की जात पर, रतन ने सोचा । फिर बात बनाते हुए उसने कहा, मंडल, अब बाकी कहानी कल सुन लेना। रमेसर मंडल ने उसके हाथ से साजू छीनते हुए कहा, रतन भाई, छोड़ों नाटक, पियो चाह और सुनाओं पूरी कहानी।

रतन फँस चुका था मंडल के जाल में । उसे और मालिकों के यहाँ भी जाना था मगर रमेसर तो गले ही पड़ गया । सुनाए बिना जाने ही न दे । चाय सुड़कते और शरारती आँखें मटकाते हुए रतन ने बताना प्रारम्भ किया, मंडल, बात तइहा जमाने की है । एक था तुम्हारी तरह बड़ा दाऊ । खेत-खारवाला । दस नौकर लगते थे उसके । बड़ा हिसाब-किताब था । रोज रबड़ी खाता था । तोला-भर गाँजा रोज उड़ाता था । मगर था लंगोट का सच्चा । लंगोट का सच्चा यानी सिर्फ अपनी घरवाली से मतलब रखता था । अरे जो एक औरत से निभा ले, उसे योगी ही जानो मंडल ।

रतन की इस बात से रमेसर मंडल मुस्कुराने लगा। उसने उसकी पीठ पर धौल जमाते हुए कहा, आगे चल रे रतन, गाली मत दे। तुलसीदास मत बन । गियान हमारे पास भी है ।

रतन उसकी बात समझते हुए आगे कहने लगा, तो मंडल, उसी बड़े दाऊ के घर हुआ लड़का । लड़का हुआ तो उछाह-मंगल हो गया । इसी तरह छह माह बीत गए । बच्चा होने के बाद दाऊ पलटकर गौटनिन की ओर देखबे न करे । गौटनिन तो पहले से और सुंदरा गई थी । छिहिल-छिहिल करती । लगता जैसे जग्ग ले दिया जैसी बर जाएगी । मगर गौटिया उसकी ओर देखते भी नहीं । एक दिन गौटनिन से रहा न गया तो उसने हाथ पकड़कर गौटिया से पूछ लिया, क्या बात है, अब परेम कम कैसे हो गया ? तन में अन्न-पानी भी पहले जैसा लगता है, तब भला नजदीक आने से क्यों डरते हो? सच-सच बताओ ।

गौंटिया ने गौंटनिन की बात सुनकर अपने दिल की बात कह दी । उसने कहा, एक ही बात से परेशान हूँ । जिस मारग से इतना बड़ा लड़का निकल आया, वहाँ अब मेरे पुरूषार्थ की भला कहाँ गुंजाइश है । गौटनिन को सहसा हँसी छूट गई उसकी बात सुनकर । मगर फिर उसने जोर नहीं दिया । दोनों अलग-अलग खाट पर सो गए चुपचाप ।

कुवार का महीना था । गौंटिया के नौकरों का मुखिया दसों नौकरों को लेकर भर्री जोतने निकल रहा था । गौंटिया भी नौकरों के साथ भर्री चल पड़ा । छँटवा बैल और बबूल से बने मजबूत हल । गौटिया ने सोचा कि आज ही दसों एकड़ की जुताई हो जाएगी ।

नौकर हल लेकर खेतों में उतर गए । चोंगी-माखुर खाने के बाद ही नौकर हल की मुठिया पर हाथ धरते थे । कुछ देरी जरूर होती थी मगर यह नियम था । चोंगी-माखुर के बाद दसों नौकरो ने एक के बाद एक अपने-अपने हलों से जुते बैलों को हाँकना शुरू किया । भर्री जमीन की मिट्टी काली और चिकनी तो होती ही है । माह-भर पहले इसकी जुताई एक बार हो भी चुकी थी । बीच में अकरसा पानी बरस गया था । जमीन कड़कड़ा रही थी, बैल सपाटे से बढ़ नहीं पाते थे। गौटिया ने नौकरों के मुखिया भुखऊ से कहा, भुखऊ, जुती जमीन में ऐसी पकड़ खाली भर्री में ही होती है जी। धनहा में तो बस पक-पक-पक-पक जोते जाओ । भर्री में ही बैलों का पुरुषारथ दिखता है । भुखऊ ने कहा, दाऊजी, जचकी के माह भर बाद जो हाल चमाचम नारी के तन का हो जाता है, सो हाल जुती भर्री का भी अकरस पानी पाकर हो जाता है । जोतने वाला दंदर जाता है । बड़ा पुरूषारथ लगता है मालिक । आप तो अब बच्चे के बाप बन गए हैं भर्री में हल खींचते बैलों के दु:ख को सही ढंग से जान गए होंगे ।

भुखऊ की बात सुनकर गौटिया सन्ना गया । वह फिर वहाँ ठहरा नहीं भर्री में । सीधे घर आकर रूका । 

क्यों रे नउवा ? क्यों आया वह घर ? रमेसर मंडल ने नाई को उकसाते हुए पूछा । नाई ने कहा, मंडल, दाऊ जानना चाहता था कि अकरस पानी खाए भर्री को जोतने में बैलों को कितना बल लगता है । वह थाह लगाना चाहता था । मंडल ने फिर पूछा, तो उसे थाह लगा कि नहीं रे ?

नाई ने कहा, सब मैं ही बताऊँ मंडल, कुछ तुम भी तो समझो। तुम भी तो बाप बन गए हो । भर्री में हल चलाकर देख भी तो सकते हो । बहुत रह लिए उपासे । मंडल अभी कुछ और कहता कि रतन नाई साजू उठाकर हँसता हुआ वहाँ से चल निकला ।

रमेसर मंडल को रतन नाई ने अपनी बात से झिंझोड़कर रख दिया । वह उठ खड़ा हुआ । हाथ में तुतारी लेकर निकल पड़ा खेतों की ओर । गाँव से लगा हुआ पहला चक मंडल का था । आठ एकड़ का एक ही चक । उसने तो दो एकड़ भर्री जमीन में भी खूब प्रयास किया कि जोत-बोकर उसे भी धनहा बना लिया जाए । खातू माटी से ऐसा हो भी जाता है, मगर उसकी भर्री जमीन और खराब थी । गोटर्रा जमीन थी। कांदी तक ठीक-से उस दो एकड़ जमीन में नहीं होती थी ।

मंडल अपने धान के भरे-पूरे खेतों में टहलता रहा । फिर अचानक उसे अपनी चटियल भर्री जमीन की याद हो आई । रमेसर उस तरफ चल निकला । बीच में छोटा-सा नाला था । बबूल और खम्हार के पेड़ों से भरा था रमेसर मंडल का चक। शिरीष और शीशम के भी दो-चार पेड़ थे । बेर का तो मेड़ों पर जंगल ही उग आया था । धनहा पार कर वह नाले में उतरा । कुंवार में नाले में पानी बहुत कम हो जाता है । मंडल नाले को बाँधकर उसमें मछली पकड़ने के लिए चोरिया भी फँसाकर रख देता है । वह चाक-चौबंद मंडल है । लाभ के किसी अवसर को हाथ से जाने नहीं देना चाहता । चोरिया को उठाकर उसने देखा । कुछ डेमचुल, रूदुवा और कोतरी मछलियाँ फँसी थीं । मछलियों को देखकर वह आगे बढ़ गया । नाले को पार कर ज्योंही उपर चढ़ा तो अपनी भर्री में उसने किसी औरत जात को घूमते पाया । दोपहर का समय था । कहीं दूर-दूर तक कोई आदमी नहीं दिख रहा था । मंडल को लगा कि कोई टोनही या तुरेलिन तो नहीं है। वह डर-सा गया, मगर गौर से उसने देखा तो साड़ी जानी-पहचानी लगी । वह धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा । पास गया तो देखा, उसकी बाई जगेसरी वहाँ टहल रही थी । मंडल को देखकर जगेसरी की आँखें लाल हो गई । मंडल ने फिर भी पुचकारते हुए पूछा, घर में छोटी-सी नोनी को किसके सहारे छोड़ आई जगेसरी ?

समे के सहारे! जगेसरी ने कहा । मंडल समझ गया कि जगेसरी नाराज है । उसने हिम्मत बटोरते हुए फिर पूछा, यहाँ भर्री में क्यों चली आई ?

जगेसरी ने आँखे तरेरते हुए कहा, तुम्हे शरम नहीं आई? मेरे बेटे को तुमने यह बंजर धरा दिया ? मंडल, धनहा खेत की तरह तुम्हारे घर आते ही जगेसरी ने बेटी जन दी । मेरी शर्त तो पूरी हो गई । तुम्हारा मान भी बढ़ गया; लेकिन तुम्हारा अंतस कितना काला है, यह पता लगा इस काली चटर्री माटी वाले खेतों को देखकर । मेरे बेटे के मुँह में पैरा गोंज दिया तुमने मंडल ।

रमेसर मंडल को लगा कि जगेसरी से ज्यादा उलझना ठीक नहीं है । कहीं चटकनिया ही न दे। उसने नम्र होते हुए कहा, समेलाल तो केवल तुम्हारा बेटा है जगेसरी, मेरा तो नहीं । भला यह तो सोचो, भर्री दे दिया, यही बहुत किया....। अभी वह कुछ और कहता कि जगेसरी अगियाबैताल हो गई । उसने कहा, मंडल, समे भी मेरा बेटा है और बेटी भी केवल मेरी है । मैंने जन्माया है । तुम साफ-साफ सुन लो । मैं अब तुम्हारे घर में एक दिन भी नहीं रह सकती। समे बेटा और अपनी बेटी को लेकर आज ही चली आऊँगी । बहुत जोत-बो लिये, मगर समझ नहीं सके कि औरत खेत नहीं है, मंडल ।

रमेसर मंडल को सहसा कुछ सुझा नहीं । उसने कहा, जगेसरी, तुम तो ऐसी खेत हो, जिसमें मैं बीज बो चुका हूँ ; इसलिए जाना है तो जाओ, लड़की तो मेरी है ।

व्यंग्यात्मक हँसी हँसते हुए जगेसरी ने कहा, मंडल,इस धोखे में मत रहना, बीज किसका है यह सिर्फ औरत ही जानती है ।

सम्पर्कः एल.आई.जी.-18, आमदी नगर, हुडको, भिलाई (छ.ग.) 490 009, मो. 98279-93494


कविताः तोते

  - हरभगवान चावला

तोते पानी से भरे तालाब ढूँढ रहे हैं

कि तालाब के ऊपर से उड़ान भर सकें

तोते अमरूद के बाग़ ढूँढ रहे हैं

कि उन्हें पसंद हैं लाल गूदेदार अमरूद

तोते नीम के पेड़ ढूँढ रहे हैं

कि तपती दोपहरी में उन पर सुस्ता सकें

तोते बमों के धमाकों और बारूद की गंध से

डरे और चीख़ते हुए सब तरफ़ उड़ रहे हैं

वे ख़ुद गवाह हैं -

यहीं इसी दुनिया में हुआ करते थे

पानी से भरे तालाब

अमरूद के बाग़

और नीम के पेड़

बदहवास तोते अब बिजली के खंभों से

और इमारतों से टकराते हैं लगातार

तोते अब तेज़ी से कम हो रहे हैं दुनिया में।


दो लघुकथाएँः

 - सन्तोष सुपेकर

1. उसके मरने के बाद

“क्या हुआ? ये हल्ला  कैसा है?” मोहल्ले में घुसते हुए मैंने भीड़ लगी देखी, तो  आशंकित होकर पड़ोसी अनूप से पूछा।

  “आपको नहीं पता?” वह धीरे से बोला, “बी ब्लॉक वाले  शशधर जी की लड़की मर गयी! जवान लड़की!”

    “शशधर जी की लड़की?”  कुछ याद करता हुआ बोला मैं, “वो  न…नम्रता! पर  कैसे?”

“पता नहीं, बता रहे हैं कि घूमने गयी थी नैनीताल । वहाँ होटल में गलती से एसिड की बोतल पी ली।”

“एसिड की बोतल!  होटल में एसिड की बोतल कौन लाया होगा?”

  “पता नहीं।” दूसरे पड़ोसी अमन बोले, “अरे, मुझे तो लगता है, सुसाइड किया होगा।”

“पता नहीं, पर मुझे तो लगता है, किसी ने मारा होगा। आजकल लीव- इन.. बहुत चल रहा है।”

“पता नहीं क्या हुआ,; पर हो सकता है पहले कोई मोलस्टेशन, टॉर्चर की घटना हुई हो, फिर किसी ने मार दिया हो।”

   “क्लीयर पता तो नहीं, पर हो सकता है- मारा कहीं और हो, बॉडी वहाँ डम्प की हो….. “क्राइम पेट्रोल सीरियल का एक नियमित दर्शक बोला।

और इस तरह बातों का कलाइडॉस्कोप  घूमता रहा।

  “पता नहीं, सही बात क्या है? “मैंने भी सबकी तरह बात के आगे ‘पता नहीं’ जोड़ते हुए धीरे से कहा, “लेकिन एक तथ्य तो पता है- कोई जवान लड़की जब अचानक मर जाती है, तो उसकी मृत्यु के अनेक कारणों के जन्म होने लगते है।”

2.  फुलस्टॉप

टीवी सीरियल के सेट पर सीरियल की नायिका नेहा , आज बहुत तनाव में थी, मेकअप रूम में  उसे घबराहट  सी होने लगी थी। सेट पर भी वह  बेचैनी से बार बार अपने नाखून चबा रही थी , पसीना पोंछ रही थी, टीम के सदस्यों से अनमनेपन से बात कर रही थी, चोर नज़रों से चारों ओर देख रही थी।

आज के शॉट में उसे सीरियल के नायक, अजय को थप्पड़ मारने थे। मीडिया में उसके और अजय के बारे में चल रही तरह -तरह  की अफवाहों से वह व्यथित थी।  कल पति की  कही बात उसके कानों में गूँज रही थी , मनीष ने कहा था कि वह जानता है कि जो  बातें  बाहर चल रही हैं वो वास्तविक नहीं है पर आज वाला शॉट वास्तविक होना चाहिए, तभी वह मानेगा कि नेहा के मन में अजय के लिए 'कुछ' नहीं है। आज  सेट पर  मनीष भी साथ आया था और शायद उसकी हर गतिविधि नोट कर रहा था।

मन मे उथल- पुथल मचा रही उलझनों को आखिर नेहा ने विराम दे ही दिया। कड़ा फैसला लेते हुए उसने शॉट के मुताबिक सीरियल के नायक को कसकर, पूरी ताकत से दो थप्पड़ मारे। एक ही बार मे शॉट ओके हो गया।

देखकर सारा शूटिंग स्टाफ हक्का बक्का रह गया, सिवाय नेहा के पति के।

नेहा को दुख था कि उसके थप्पड़ों से हतप्रभ,  नायक अजय लड़खड़ा गया ,पर खुश भी थी कि उसका रिश्ता सँभल गया था।

सम्पर्कः  31, सुदामा नगर, आगर रोड़, उज्जैन, मो. 942481609

किताबेंः ‘तुम हो मुझमें’ नवगीतों की आत्मीय यात्रा

  - पूनम चौधरी

पुस्तकः तुम हो मुझमें (नवगीत-संग्रह) : रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’, वर्ष 2023, पृष्ठ: 144, मूल्य: 400 रुपये, आईएसबीएन-978-93-94221-73-4, अयन प्रकाशन, जे-19 / 39, राजापुरी, उत्तम नगर, नई दिल्ली-110059

कविता आत्मा का नाद है- वह आवाज है, जो काल की सीमाओं से परे, अनुभूतियों के सबसे कोमल हिस्सों को स्पर्श करती है। जब कविता केवल अभिव्यक्ति नहीं, आत्मा की तापमयी यात्रा बन जाती है और नवगीत केवल लय नहीं,; बल्कि जीवन के धूप-छाँव में सुलगते सचों की अनुभूति बनकर पाठक के अंतस्तल में उतरने लगते हैं, तब वह सृजन एक साधना का रूप ले लेता है। रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’ जी का नवगीत संग्रह ‘तुम हो मुझ में’ इसी आत्मीय संस्पर्श की काव्यात्मक परिणति है, जहाँ प्रत्येक शब्द अपने भीतर एक सम्पूर्ण जीवन संवाद लिये हुए हैं। यह काव्य मात्र नहीं,; बल्कि कवि के अंतर-जगत् की वह झलक है, जो पाठक को न केवल स्पर्श करती है,; बल्कि उसे भीतर से खोलती भी है। ‘हिमांशु’ जी का यह संग्रह इसी साधना का जीवंत, संवेदनशील और समय संवेदन से ओतप्रोत साक्षात्कार है।

      इस संग्रह को पढ़ते हुए लगता है कि हम किसी आत्मीय व्यक्ति के साथ बैठे हैं, जो अपने जीवन की सबसे गूढ़ अनुभूतियों को हमारे सम्मुख बिना किसी कृत्रिमता के रख रहे हैं। बिना किसी कलात्मक चमत्कार और काव्य नाटकीयता के, एक अपूर्व सम्मोहन के साथ, जो पूरे काव्य संग्रह में व्याप्त है। इस संग्रह को पढ़ना, मानो किसी झरते हुए आँसू में झाँकना है, किसी टूटे हुए पल में साँस लेना है, किसी उजड़ती हुई राह में सिसकती उम्मीद की लौ को पहचाना है। ‘तुम हो मुझ में’ एक शीर्षक मात्र नहीं है, यह एक प्रतीक है, उस समस्त मानवीय जिजीविषा का, जो टूटती है, बिखरती है, छलती है, फिर भी पुनः उठ खड़ी होती है -प्रार्थना की तरह, रुदन की तरह, मौन की तरह।

इन नवगीतों को पढ़ते हुए अनुभूति होती है कि यह कवि मात्र शब्दों से नहीं रचते वह तो अपने जीवन की अनुभूतियों को, अपने समय की विद्रूपताओं को और हृदय की शिराओं में बहती आशा -अश्रु की नदी को लेकर शब्दों के माध्यम से संवेदना की धुन रचते हैं। एक धुन- जो कहीं विरह का गीत बनती है, कहीं प्रतिरोध की गूँज, कहीं मन की पीड़ा, कहीं प्रेमिका की प्रतीक्षा, कहीं श्रमिक की घुटन,कहीं प्रवासी की थकान और कहीं उस भारतीय आत्मा की अस्मिता जो तमाम व्यथा के बाद भी आशा की लौ थामे खड़ी है।  इनके नवगीत में व्यथा है; लेकिन करुणा भी है विसंगति है; पर दिशा भी है, टूटन है, पर पुनर्निर्माण की संभावना भी। यह विरोधाभास ही इनके काव्य को गहराई देता है क्योंकि जीवन भी अंततः इन्हीं विरोधाभासों का संगम है।

‘हिमांशु’ जी के शब्दों में एक अनोखी आत्मीयता है। वह जब लिखते हैं, ‘तुम हो मुझ में’ तो यह शीर्षक में ‘तुम’ केवल कोई व्यक्ति विशेष नहीं है। यह कभी समय होता है, कभी समाज, कभी चेतना और कभी खुद कवि का ही कोई अंश। यह ‘तुम’ पाठक भी हो सकता है जिससे कवि सीधे संवाद करता है, यही संवाद उन्हें एक शिक्षक के रूप में और भी प्रभावशाली बनाता है; क्योंकि शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देता, वह अनुभव बाँटता है, वह भावों की थाली परोसता है। यह संग्रह ऐसे ही शिक्षक की लेखनी से निकली आत्मा की आवाज है, जो पाठक के मन को न केवल शिक्षित करती है; बल्कि संस्कारित भी करती है और संवेदना से मन का कोना-कोना सुवासित कर देती है।

 कवि की भाषा कहीं मिट्टी की महक लिये हुए हैं कहीं खेतों में बहती हवा की तरह सरल और मन को छूने वाली, तो कहीं वह शहरी धुएँ और झूठ से जूझती आत्मा की गूँज बन जाती है। हर कविता के साथ एक गहरी करुणा बहती है - एक ऐसी करुणा जो केवल रुलाने के लिए नहीं; बल्कि भीतर कुछ तोड़कर फिर नया विश्वास बोने के लिए जन्म लेती है।

जलधारा /नहीं थी शीतल/ अपने पैरों के नीचे,

 गर्म अश्रु से/ संकल्प सभी /अहर्निश हमने सींचे

ये साधारण पंक्तियाँ नहीं है। यह जीवन के उस मोड़ की स्वीकारोक्ति है, जहाँ आँसू हार का प्रतीक नहीं;  बल्कि आत्मबोध और पुनर्नवा होने की प्रक्रिया बन जाते हैं। इनकी कविता किसी क्लिष्टता अथवा अबूझ दर्शन की माँग नहीं करती,  इनका दर्शन तो जीवन के छोटे-छोटे संवेदनात्मक अनुभवों से बना है और यही  इनकी भाषा को आत्मीयता प्रदान करती है। 

 ‘हिमांशु’ जी भी जीवन के आलोक की बात करते हैं। यहाँ तक की अँधेरे में भी आस की गुंजाइश ढूँढ लेते हैं, यही नवगीत की शक्ति है, वह अँधेरे को नकारता नहीं, उसे स्वीकार कर, उसमें प्रकाश की खोज करता है-

बीत गया जो/ लेकर उसको/  आँसू कौन बहाए,

 नए साल में/ नई आस की/ दुनिया एक बनाएँ 

कविता का स्वरूप बदल रहा है। नई पीढ़ी के कवियों के लिए भी यह पुस्तक एक मार्गदर्शन है। यह दिखाती है कि किस प्रकार व्यक्तिगत अनुभव को सार्वभौमिक बनाया जा सकता है। ‘तुम हो मुझ में’ कोई घोषणा -पत्र नहीं, वह एक आंतरिक याचना है कि हम अपने भीतर के ‘तुम' को फिर से जानें-

गढ़ने दो सबको/ अपना असली चेहरा

 खिलने दो श्वेत कमल -सा/ यह पावन अंतर्मन 

जलने दो/ हर देहरी पर/ दीप नए 

  इनकी कविता में ‘पंख’, ‘पत्थर’, ‘धूप’, ‘नागफनी’, ‘अधजला गीत’ जैसे प्रतीकों का प्रयोग केवल रूपक नहीं; बल्कि विचार की परतें खोलने वाले औजार हैं। जब वे कहते हैं-

 जब तक पंखों में ताकत है/  दूर देश तक जाना

 बाट देखता जब तक कोई/  तब तक वापस आना।

 यह उड़ान केवल आकांक्षा नहीं, अनुभव से ऊपजी चेतना है, जहाँ उड़ना कठिन भी है और आवश्यक भी। साथ ही हर स्थिति में लौट आने का विश्वास कवि की जीवन में गहन आस्था का परिचायक है। 

डूब गया तम की बाँहों में व्याकुल अंबर

ये कविताएँ, उस आंतरिक संत्रास को बयान करती हैं, जहाँ द्रष्टा न केवल भावनाओं से गुजरता है; बल्कि उन्हें जीता है, निगलता है, और अंततः आत्मा की वंशी से उसे नई धुन में ढाल देता है। 

दुख में होकर/ निपट अकेले/ हम सब कुछ सहते हैं

आज का आदमी आंतरिक रूप से इतना अकेला क्यों है? उत्तर मिलता है - जानोगे तुम कैसी होती/  मन की व्याकुलता है

           पता तभी तो चल पाता है/  जब कोई छलता है

यह ‘छल’ केवल व्यक्तिगत नहीं है- वह व्यवस्था का है, समाज का है, संबंधों का है और उस तमाम कथित नैतिकता का है जो केवल मुखौटों के लिए रची गई है। आप इन नवगीतों में इस ‘छल संसार’ का कोई क्रूर चित्रण नहीं करते, जैसा है, वैसा ही सामने रख देते हैं- लो पोथियाँ हमने/ पुरानी ताक पर रख दीं

- यह सिर्फ अतीत को समेटने की बात नहीं है, यह उस सांस्कृतिक विस्थापन का संकेत है, जहाँ इतिहास की धूल हटाकर हमने आधुनिकता का आवरण पहन लिया है, बिना यह समझे कि हमने क्या खोया। यह नवगीत इतिहास, स्मृति, और आधुनिक बोध का एक साथ समांतर पुल बनाता है, जहाँ ‘संन्यास’ की चर्चा केवल दार्शनिक विमर्श नहीं रह जाती, वह एक सामाजिक निस्संगता की स्वीकृति बन जाती है।

खड़े जहाँ पर ठूँठ/ कभी यहाँ/  पेड़ हुआ करते थे

- यह एक व्यंग्यात्मक नवगीत है, जो आज के राजनीतिक, सामाजिक विमर्शों की खोखलेपन और कुतर्कों की दुर्गंध को उजागर करता है। कवि यहाँ अनुभूत कर रहा है, उसे हमारी अनुभूति का हिस्सा बना रहा है। अपने आप में इतना मार्मिक है कि पाठक थम जाता है। भीतर कोई दरवाजा खुलता है, जिसमें कवि की कर्मठता और इच्छाशक्ति पाठक को आस्थावान बना देती थी। यह नवगीत- संग्रह केवल काव्य का अनुभव नहीं है, यह मौन का भाष्य है। एक ऐसा भाष्य, जो केवल कवि की संवेदना नहीं, बल्कि हम सबकी गुम हो रही मानवीयता का दर्पण है-

 दर्द का क्या/ नदी सा एक दिन बह जाएगा

और पीछे सिर्फ कुछ/ रेत ही रह जाएगा।

 ‘हिमांशु’ जी की यह काव्य-यात्रा केवल रचनात्मक दक्षता का परिचय नहीं; बल्कि संवेदना की प्रामाणिकता का साक्ष्य है। आपके शब्दों में- 

तिनका -तिनका लाकर चिड़िया/रचती है आवास नया।

इसी तरह से रच जाता है /सर्जन का आकाश नया।