मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jun 1, 2025

प्रदूषणः हमारे पास ई-कचरा प्रबंधन की क्षमता नहीं है

 - कुमार सिद्धार्थ

भारत में ई-कचरे (इलेक्ट्रॉनिक कचरा यानी पुराने लैपटॉप और सेल फोन, कैमरा और एसी, टीवी और एलईडी लैंप वगैरह) के  प्रबंधन की तेज़ी से बढ़ती चुनौती से जुड़े पर्यावरणीय कानूनों को मज़बूती प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (नेशनल ग्रीन ट्रायबूनल, NGT) प्रतिबद्ध है। हाल ही में अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में एनजीटी ने ई-कचरा प्रबंधन रिपोर्टिंग की वर्तमान स्थिति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है। एनजीटी ने अपने पूर्व आदेशों का पालन न करने का दावा करने वाली एक याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उत्पादन और निस्तारण पर एक नई रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। वहीं ई-कचरा (प्रबंधन) नियमों का पालन न करने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी उल्लेख करने को कहा है। 

यह पहल ई-कचरे से निपटने की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करती है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य और पारिस्थितिक अखंडता के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय मुद्दा है।

देश में ई-कचरा प्रबंधन से जुड़े नियमों को लागू कराने में सीपीसीबी की भूमिका अहम है। ई-कचरा (प्रबंधन) नियमों के पालन की निगरानी के साथ-साथ ई-कचरा प्रबंधन और निपटारा सम्बंधी जागरूकता कार्यक्रमों हेतु भी सक्रिय पहल करने की ज़िम्मेदारी सीपीसीबी की है। एनजीटी ने सीपीसीबी को यह नई रिपोर्ट तैयार करने और प्रस्‍तुत करने के लिए 12 दिसंबर तक का वक्‍त दिया है, जिसमें समस्त राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ई-कचरे के उत्पादन, उपचार सुविधाओं, और मौजूदा खामियों पर विस्तृत डैटा शामिल होना चाहिए। 

देश में बढ़ते ई-कचरे पर एनजीटी ने 7 नवंबर, 2022 को निर्देश दिए थे कि ई-कचरे के मामले में सभी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रदूषण नियंत्रण समितियाँ, सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट का पालन करें। लेकिन तमाम ज़िम्मेदार संस्‍थाओं द्वारा इन निर्देशों का अनुपालन ठीक से न करने पर एनजीटी ने असंतोष व्‍यक्‍त किया है। 

ई-कचरा जहाँ पर्यावरण के लिए खतरनाक होता है, वहीं मानव स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। ई-कचरे के निपटान और तोड़फोड़ से पर्यावरण को नुकसान पहुँचता है। इनसे निकलने वाले तरल और रसायन सतही जल, भूजल, मिट्टी और हवा में मिल सकते हैं। इनके ज़रिए ये जानवरों और फसलों में प्रवेश कर सकते हैं। ऐसी फसलों के इस्तेमाल से मानव शरीर में घातक रसायन पहुँचने का खतरा होता है। इलेक्ट्रॉनिक सामान में लेड, कैडमियम, बैरियम, भारी धातुएँ व अन्य घातक रसायन होते हैं।

सीपीसीबी द्वारा दिसंबर, 2020 में जारी एक रिपोर्ट बताती है कि 2019-20 में भारत में 10,00,000 लाख टन से अधिक इलेक्ट्रॉनिक कचरा पैदा हुआ था। 2017-18 में यह 25,325 टन और 2018-19 में 78,281 टन था। एक तथ्य यह भी है कि 2018 में केवल 3 फीसदी ई-कचरा एकत्र किया गया था, जबकि 2019 में यह आँकड़ा 10 फीसदी था। मतलब साफ है कि देश में ई-कचरे को री-सायकल करना तो दूर, इस कचरे की एक बड़ी मात्रा एकत्र ही नहीं की जा रही है। एक अन्‍य रिपोर्ट के आँकड़े दर्शाते हैं कि देश में 2022 के दौरान 413.7 करोड़ किलोग्राम इलेक्ट्रॉनिक कचरा पैदा हुआ था। 

भारत में अभी तक राज्य सरकारों द्वारा मान्यता प्राप्त व पंजीकृत ई-कचरा री-सायक्लर 178 ही हैं। लेकिन भारत के ज़्यादातर ई-कचरा री-सायक्लर ई-कचरे का रीसायक्लिंग नहीं कर पा रहे हैं और कुछ तो इसे खतरनाक तरीके से संगृहीत कर रहे हैं। इनमें से कई री-सायक्लर के पास ई-कचरा प्रबंधन की क्षमता भी नहीं है।

आँकड़े बताते हैं कि खतरनाक ई-कचरे को सुरक्षित रूप से संसाधित करने के लिए नए नियम आने के बावजूद, लगभग 80 प्रतिशत ई-कचरा अनौपचारिक सेक्टर द्वारा गलत तरीके से निपटान किया जा रहा है, जिससे प्रदूषण और स्वास्थ्य सम्बंधी खतरे कई गुना बढ़ने की आशंका है। इतना ही नहीं इससे भूजल और मिट्टी भी प्रदूषित हो रही है।

गौरतलब है कि दुनिया भर में प्रति वर्ष 2 से 5 करोड़ टन ई-कचरा पैदा होता है। जबकि वर्तमान में सिर्फ 12.5 फीसदी ई-कचरा रिसाइकल हो रहा है। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान में बड़ी मात्रा में सोना या चांदी जैसी कीमती धातुएँ होती हैं। अमेरिका में प्रति वर्ष फेंके गए मोबाइल फोन में 3.82 अरब रुपये  का सोना या चाँदी होता है। ई-कचरे के रीसायक्लिंग से ये धातुएँ प्राप्त की जा सकती हैं। 10 लाख लैपटॉप के रीसायक्लिंग से अमेरिका के 3657 घरों में प्रयोग होने वाली बिजली जितनी ऊर्जा मिलती है।

विश्व भर में ई-कचरे का वार्षिक उत्पादन 2.6 करोड़ टन प्रति वर्ष की दर से बढ़ रहा है, जो 2030 तक 8.2 करोड़ टन तक पहुँच जाएगा। रीसायक्लिंग की कमी वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक उद्योग पर भारी पड़ती है, और जैसे-जैसे उपकरण अधिक संख्या में, छोटे और अधिक जटिल होते जाते हैं, समस्या बढ़ती जाती है। वर्तमान में, कुछ प्रकार के ई-कचरे का रीसायक्लिंग और धातुओं को पुनर्प्राप्त करना एक महँगी प्रक्रिया है।

हमें इस बढ़ती समस्या के बारे में गंभीरता से सोचना होगा। इससे निपटने के लिए सबके साथ की आवश्यकता है। राष्ट्रीय प्राधिकरणों, प्रवर्तन एजेंसियों, उपकरण निर्माताओं, रीसायक्लिंग में जुटे लोगों, शोधकर्ताओं के साथ उपभोक्ताओं को भी इनके प्रबंधन और रीसायक्लिंग में योगदान देने की ज़रूरत है। (स्रोत फीचर्स)

स्मृति शेषः पर्यावरण कार्यकर्ता समाज सुधारक विमला बहुगुणा

- भारत डोगरा

बहुत ही कम उम्र में महात्मा गांधी का मार्ग अपनाकर जीवन जीने वाली विमला बहुगुणा ने 14 फरवरी 2025 को देहरादून स्थित अपने घर पर अंतिम साँस ली। वे 92 वर्ष की थीं। अपने पीछे वे बेटी मधु पाठक और बेटे राजीव व प्रदीप को छोड़ गईं। उनके पति सुप्रसिद्ध पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा का 2021 में 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

अक्सर लोग विमला बहुगुणा को सुंदरलाल बहुगुणा के साथ मिलकर किए गए कामों के लिए याद करते हैं। लेकिन वे स्वतंत्र रूप में एक महान समाज सुधारक, न्याय की पैरोकार और पर्यावरण कार्यकर्ता थीं। उन्होंने स्वयं दूर-दराज़ के जंगलों में चिपको आंदोलन (पेड़ों को बचाने के लिए उनका आलिंगन करना) के साथ-साथ शराब-विरोधी और अन्य समाज सुधार आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया।

भूमिहीन लोगों के अधिकारों में दृढ़ विश्वास रखने वाली विमला बहुगुणा ने सरला बहन के मार्गदर्शन में ‘भूदान’ कार्यकर्ता के रूप में अपना सामाजिक काम शुरू किया था। वे भूमिहीन लोगों को भूमि दिलाने के लिए दूर-दराज़ के गाँवों में जाती थीं।

भूदान आंदोलन के प्रसिद्ध नेता विनोबा भावे ने इन शुरुआती दिनों में विमला बहुगुणा के काम करने के तरीके और दूर-दराज़ के गाँवों में उनके प्रभाव को करीब से देखा था: दूर-दराज़ के गाँवों में, और कई बार तो बहुत ही प्रतिकूल परिस्थितियों में, वे पहली बार भूदान का संकल्प दिलाने के लिए जाती थीं। विनोबा भावे के सचिव ने सरला बहन को (विनोबा भावे की भावनाएँ व्यक्त करते हुए) लिखा था, “मैंने उसके जैसी लड़की कार्यकर्ता नहीं देखी। वह सिर्फ पहाड़ों की लड़की नहीं है, वह पहाड़ों की देवी है।”

सरला बहन ने इन गाँवों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर बताया है कि एक नए क्षेत्र में काम करने के बावजूद, विमला को अक्सर अपने से अनुभवी स्थानीय पुरुष सदस्यों वाले समूह में नेतृत्व की भूमिका मिलती थी।

विमला बहुगुणा का दृढ़ विचार था कि महिलाओं को समानता का अधिकार मिले। उन्होंने उस समय प्रांतीय राजनीति के उभरते सितारे सुंदरलाल बहुगुणा के विवाह प्रस्ताव के समय यह शर्त रखी थी कि यदि सुंदरलाल राजनीतिक पार्टी की सदस्यता छोड़ने और महात्मा गांधी के मार्ग पर चलकर स्वयं लोगों की सेवा करने का मार्ग अपनाने के लिए सहमत होते हैं, तभी वे विवाह के लिए राज़ी होंगी।

उन्होंने अपनी राह चुन ली थी और उसी पर चलीं। सुंदरलाल बहुगुणा ने सभी राजनीतिक महत्त्वाकांक्षाओं को त्याग दिया। शादी के तुरंत बाद युवा जोड़े ने टिहरी गढ़वाल के एक सुदूर गाँव सिलयारा में खुद के लिए एक बहुत ही साधारण-सा आश्रम बनाने के लिए कड़ी मेहनत की।

यहाँ वे सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए एक सहारा और प्रेरणादायक शख्सियत बन गईं, जिन्होंने नदियों और जंगलों की रक्षा के लिए, दलितों के समान अधिकारों के लिए, शराब की बढ़ती समस्याओं के खिलाफ काम किया और कई रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया।

जब भूकंप ने सिलयारा आश्रम के एक बड़े हिस्से को नष्ट कर दिया था, तब विमला बहुगुणा ने आश्रम का पुनर्निर्माण कार्य आरंभ होने तक बड़ी हिम्मत से इस मुश्किल घड़ी का सामना किया।

उनका सबसे कठिन और लंबा संघर्ष टिहरी बाँध परियोजना के खिलाफ था। इस संघर्ष में सुंदरलाल ने बाँध स्थल के पास नदी के किनारे एक झोंपड़ी में रहने की प्रतिज्ञा ली थी। उनके इस संघर्ष में वे दूर कैसे रह सकती थीं, तो विमला जी भी वहीं उनके साथ रहीं।

मैं 1977 के आसपास विमला जी से पहली बार मिला था। तब मैं 22 वर्षीया पत्रकार के रूप में चिपको आंदोलन और उससे जुड़े मुद्दों पर लिखने के लिए सिलयारा आश्रम गया था। बहुत जल्द ही वे हमारे परिवार के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गईं। उनके अंतिम दिनों तक हम फोन पर बात करते रहे और जब मैं उन्हें अपनी नई किताब भेंट करने गया, तो वे बहुत खुश हुई थीं।

मैं जब-जब उनके घर या आश्रम गया, तब-तब मैं न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में उनकी गहरी रुचि से प्रभावित हुआ। वे हाल के घटनाक्रमों से अवगत होने के साथ-साथ इन मुद्दों पर मेरी राय जानने में बहुत रुचि रखती थीं, और बेशक इन पर वे अपनी टिप्पणियाँ और नज़रिया भी साझा करती थीं।

वे एक बेहतर दुनिया बनाने के लिए प्रतिबद्ध थीं। चाहे कितनी भी बड़ी मुश्किलें आईं, वे कभी अपने मार्ग से विचलित नहीं हुईं।

उनके काम को विस्तार से इन दो किताबों - प्लेनेट इन पेरिल (Planet in Peril) और विमला एंड सुंदरलाल – चिपको मूवमेंट एंड स्ट्रगल अगेंस्ट टिहरी डैम प्रोजेक्ट (Vimla and Sunderlal Bahuguna—Chipko Movement and Struggle against Tehri Dam Project in Garhwal Himalaya) - में पढ़ा जा सकता है।

विमला जी सदैव एक प्रेरणा स्रोत रहेंगी। (स्रोत फीचर्स)

कहानीः आशा की दूसरी किरण

  - ज्योतिर्मयी  पन्त 

आज देवयानी का पत्र मिला। अपार ख़ुशी हुई। एक तो इस जमानें में जब पत्रों का आदान -प्रदान लुप्त सा हो रहा है तो कोई पत्र लिख भेजे तो प्रसन्नता का विषय है ही।दूसरा दो साल पहले  देवयानी पर दुखों का जो पहाड़ टूट पड़ा था। उससे शायद अब वह उबरने लगी थी। एक अजीब मनस्थिति में मैंने उसका पत्र खोला। पत्र खोल कर पढ़ने के बीच ही पिछली बातें एक झंझावात की तरह मन डुला गयीं और आँखों में आँसुओं के बादल से घिर आए। आँचल में उन्हें समेट  पत्र पढ़ना आरम्भ किया। 

      औपचारिक कुशल-क्षेम के बाद लिखा था। ‘आज  जो लिख रही हूँ। मुझे स्वयं ही यकीन नहीं आ रहा है कि यह सच है। पर तुमसे कुछ  छिपा भी तो नहीं। तीन बेटियों  के साथ अकेले किस तरह मैंने जीवन बिताया। जब भरी जवानी में ही पति अचानक ईश्वर को प्रिय हो गए। तीनों को माँ -बाप दोनों का प्यार और सहारा देकर बड़ा किया। उन्हें उनकी इच्छानुसार पढ़ा लिखा कर आत्म निर्भर बनाया ।अपनी   इस छोटी सी दुनिया में संतुष्ट हो गई थी ।तभी किसी रिश्तेदार ने बड़ी बेटी आशा का रिश्ता पक्का किया था ।लड़का  अनिकेत अच्छे खानदान का था ।पढ़ा लिखा था। किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी में अच्छे पद पर काम कर रहा था ।दोनों ने मिलकर एक दूसरे को पसंद भी कर लिया था। हर तरह से सुयोग्य जान कर सगाई निश्चित की थी। फिर जो हुआ ....तुम भी साक्षी रही थी ....’ 

    यहाँ से आगे पढ़ने से पूर्व वे सारी  बातें आँखों के सामने एक बार फिर उपस्थित हो गयीं ....हाँ सच ही तो है सगाई का समाचार और आमंत्रण पाकर  वह दो दिन पहले ही पहुँच गई थी। उसकी बचपन की सहेली की बेटी की सगाई थी न। घर में खुशियाँ   छलक रही थीं। देवयानी ने बहुत अच्छी तैयारी कर रखी  थी। बड़े सौभाग्य से यह दिन आया था। शुभ मुहूर्त पर अँगूठियाँ एक दूसरे को पहनाई गई। नाच -गाना, खाना पीना। हँसी खुशी संपन्न  हो गया। लड़के के घरवाले खुश होकर लौटे और शादी की तारीख निश्चित कर शीघ्र ही नए रिश्ते जोड़ने वाले थे। लड़का एक दिन के लिए और रुक गया था। उसे वहीं से अगले दिन चेन्नई जाना था। पूरा दिन दोनों को साथ बिताने,घूमने और खरीदारी करने  का मौका मिल गया था। अनिकेत सभी से मिलकर विदा हुआ ।पर किसी को यह आभास नहीं था कि यह विदाई अंतिम विदाई हो रही है ।सभी देर रात तक जगे बतियाते रहे थे। सुबह उस दिन रौशनी लेकर नहीं घोर अंधकार लेकर आई। टी.वी. पर प्रमुख समाचार ही उस ट्रेन के हादसे का था। सभी हक्के- बक्के से हो गए थे और दोपहर होते- होते तो सारी दुनिया ही  लुट गई थी। ट्रेन की भयानक टक्कर हुई थी सामने आती हुई ट्रेन से और कई लोगों की मृत्यु तो घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। देवयानी को भी अनिकेत के घर से दुखद समाचार मिला। वह आशा  को लेकर तुरंत ही चेन्नई को रवाना हो गई घायलों को वहीं के अस्पताल में दाखिल किया गया था। मुझे उसके वापस लौटने तक वहीं रुकना पड़ा ।दोनों बेटियों  और घर की देख-रेख के लिए। जो ख़ुशी दो दिन पहले सारे घर को गुंजायमान किए  थी वहाँ अब मौत का सा सन्नाटा छाया था ।दो दिन के बाद ही अनिकेत सबको रोता बिलखता छोड़ कर चला गया। देवयानी आशा को लेकर लौट तो आई थी; पर लगता था आशा कही खो गई थी। एकदम सुन्न और  पत्थर की मूर्ति सी। जैसे किसी और ही दुनिया में हो।न तो वह खुल कर रो ही सकती थी न अपने मन की बात कह सकती थी। 

  देवयानी ने ही बताया था  ऐसे दुःख के समय क्या बात हो सकती थी ? सभी अवाक् हो गए थे। आँखों में आँसू ...स्वप्न- सा सब कुछ हुआ ...समझ से परे। सभी दुर्भाग्य को कोस रहे थे ।क्या चाहा क्या हो गया? पर अनिकेत की दादी और चाची  ने सारा दोष आशा के माथे मढ़ दिया। ऐसी लड़की जिसने घर में कदम भी न रखे, सिर्फ सम्बन्ध जोड़ने भर से घर का चिराग बुझा दिया। सभी को अंधकार के कुएँ में धकेल दिया। कितनी अपशकुनी ....दुःख की अवस्था में उन्होंने जो कहा वह तो फिर भी सुना जा सकता था। उनकी मानसिक अवस्था विवेक शून्य थी। लेकिन अपने ही सगे, रिश्तेदार, और आस-पास के लोग ...कभी मुखरित हो कर तो कभी इशारों में यही सब दोहराने लगे, तो केवल आशा ही नहीं उसकी दोनों बहनें भी एक अजीब सी स्थिति का सामना करने हो मजबूर सी हो गईं। अब आशा के दुर्भाग्य को लेकर उसकी बहनों के लिए जो रिश्ते आने लगे थे- एक-एक कर गुम से हो गए ।

आशा अब घर से बाहर निकलना ही नहीं चाहती। वह भी अपने आपको ही दोषी समझने लगी। सगाई की अँगूठी बहुत मुश्किल से ही उतारी थी। देवयानी ने आगे लिखा था ... ‘‘ऐसी स्थिति से गुज़र रही थी मैं की क्या बताऊँ? अपने सारे दुःख भूलकर मैंने इन्हें सम्हाला था …सारी उम्र। तब ये छोटी थी बातें मान जाती पर अब इनको समझाना दिन पर दिन कठिन हो रहा था। हर समय उदासी के बादल घिरे रहते। हँसी- ख़ुशी तो इस घर का रास्ता ही भूल गई।’‘ 

  दो साल से अधिक समय होने को आया पर हमारा समय जैसे वहीं स्थगित हो गया। एक दिन बड़ी हिम्मत से सोच  कि  जो भेंट- उपहार -गहने आशा को मिले थे। उनका क्या करें ? घर में रख कर भी पुरानी यादें जब-तब मन व्यथित कर देती ।वापस देना ठीक होगा कि नहीं? चुपचाप रख लेना भी ठीक नहीं। उनसे कहते भी न बनता था और न  कहना  भी। तब छोटी बिटिया रेनू ने  हिम्मत कर एक दिन अनिकेत की माँ कालिंदी जी से फोन पर बात करने की जिद की। उसने कहा ‘‘नाराज़ ही तो होंगे फिर से भला-बुरा सुनाएँगे ….सुन लेंगे कोई बात नहीं पर कहीं उन्होंने गहने -उपहार हड़प लेने  जैसी बातें मन में सोच रखी होंगी तो उनसे तो हमें छुटकारा मिलेगा …दुविधा में दिल पर बोझ लादने का क्या फायदा? रेनू की बात भी सही लगी। अब मिलजुलकर ही हमें हर हाल का सामना करना था। बहुत असमंजस से घिर कर डरते -घबराते एक दिन फोन कर ही दिया। कालिंदी जी तो रोती  रहीं  पता नहीं उन्होंने बात ठीक ढंग से सुनी भी या नहीं? सबके हाल पूछकर बोली …कुछ दिनों बाद  वे स्वयं  ही आएँगी , आने की सूचना भी पहले दे देंगी। कोई चिंता की बात नहीं। 

 कालिंदी  जी ने निश्चिन्त रहने को कह तो दिया पर उस दिन से चिंताएँ और बढ़ गईं। अब अगर कहती तो सामान हमीं दे आते …खुद ही आ रही हैं …क्या कहेंगी ? कहीं गहने उपहार में कोई कमी तो नहीं निकाल देंगी ।सब कुछ तो वैसे का वैसा ही है खोला ही कहाँ ? हे ईश्वर ! क्या क्या देखना सुनना बाकी है किस्मत में ? 

लगभग एक महीने बाद एक दिन फोन बज ही उठा। कौन उठाकर सुनने की हिम्मत जुटाए? इसी ऊहापोह में कोई न उठा सका …अब और चिंता न उठा पाने से …दुबारा करें या प्रतीक्षा करें ? एक दूसरे से आँखों से ही पूछ रहे थे। सभी की आवाज़ अवरुद्ध सी हो गई थी। तभी फिर घंटी  बज उठी ।मैं ने ही उठाया। आरंभिक औपचारिकता के बाद माफ़ी भी माँग ली। कालिंदी जी ने बताया कि वह अगले दिन ग्यारह बजे पहुँच जाएँगी। सभी लोग घर पर ही मिलें तो ख़ुशी होगी। स्वागत की तैयारी रखें। इस ‘आदेश’ को सुनकर हम सब और घबरा गए। स्वागत तो वैसे भी करते ही ....तो कहने की क्या आवश्यकता थी ? खैर अब जो होगा, धैर्य रख कर निभाना होगा। 

जो भी हो आज सुबह से फिर घर में थोड़ी हलचल होने लगी। सभी जैसे किसी सपने से जागे हों। हर तरह से तैयारी में लग गए। बार-बार नज़रें घड़ी की ओर जाती। शायद सबके मन में पिछली बार की तैयारियों की याद भी ताज़ा हो उठती थी; क्योंकि बीच -बीच में अचानक कुछ बात शुरू सी होती और एकदम ख़त्म भी हो जाती। ग्यारह बजते ही जैसे सबके कान बाहर दरवाज़े पर चिपक गए। थोड़ी ही देर में घंटी बजी। बेटियों को मैंने अन्दर जाने को कहा। दरवाजा खोल कर उनका स्वागत किया। कालिंदी जी गले मिल कर प्रेम से मिली तो मन एकदम हल्का सा हो गया। उनके साथ उनका छोटा बेटा अभिनव था उसने आदर से पैर छुए उसे आशीष दे अन्दर ले आई, बिठाया। रेनू से पानी लेकर आने को कहा। रेनू पानी ले आई। उसने कालिंदी जी के पग छुए और अभिनव को नमस्कार कर जाने ही लगी कि कालिंदी ने उसका हाथ थाम अपने पास बिठा लिया ।

 मैं चाय-नाश्ते के लिए रसोई में जाने ही लगी कि वे बोलीं ....अरे जल्दी क्या है? आराम से पिऊँगी चाय। आशा और तारा कहाँ हैं क्या घर पर नहीं? 

दोनों को  पुकारती हुई मैं चाय लेने चली ही गई। बाद में तारा और आशा  को  चाय नाश्ता लाने को कह मैं वापस आ गई। बैठते ही सोच रही थी  कि बात कहाँ से शुरू हो? फिर पिछली दुर्घटना से ही बात शुरू की। सांत्वना देते हुए भाग्य, होनी, बुरा समय ....था ....असहाय होते हैं सभी ऐसे वक्त में ....और न जाने क्या -क्या उसे खुद भी नहीं मालूम ....थोड़ी देर में दोनों ही गले मिलकर इतना रोईं  कि सभी की आँखों से आँसू बहने लगे। 

       तारा तब तक चाय ले आई थी। कालिंदी जी ने पहले पानी पिया। तारा को भी अपने पास बैठने को कहा। तभी आशा नाश्ता लेकर आ गई। मेज पर ट्रे  रख उसने डरते- डरते कालिंदी के पैर छुए। कालिंदी जी एक झटके में उठ  खड़ी हुई । सभी अचकचा से गए ....अब न जाने क्या हो? उन्होंने आशा को गले लगा लिया। और इतनी जोर-जोर से रोने लगीं। किसी को समझ में नहीं आ रहा था। क्या करें। क्या हुआ? और आशा भी मानों उनका पूरा साथ दे रही थी। वह भी उतनी ही जोर से चीखें मारकर रोने लगी। रो-रोकर जब मन थोड़ा आश्वस्त हुआ तब कालिंदी जी ने उसे अपने पास बिठा लिया। कुछ देर एक चुप्पी सी छा गई। कोई कुछ बोल ही नहीं सका। तभी कालिंदी जी ने कहा ....चाय ठंडी हो गई ....जल्दी पियो ...लो ....कह प्याला उठाने लगीं, सभी उनका अनुसरण- सा करने लगे। चाय पीते हुए उन्होंने सभी के हालचाल पूछे। फिर अचानक ही बड़ी गंभीर- सी हो गई। बोलीं देवयानी जी ! मुझे आपसे बहुत गंभीर बात करनी है ....सुनते ही मेरे पसीने छूटने लगे ....वह कहती जा रही थीं ....पर मेरी बात सभी एक साथ सुनें; इसीलिए मैंने सब को घर पर रहने की बात की थी ....फिर सोच-विचारकर जो भी फैसला हो ....मिलजुलकर आपसी सहमति से हो।

बात ये है कि मेरे साथ ....या कहों कि हमारे साथ जो होना था हो गया ....भरी जवानी में बेटा चल दिया ....इससे बड़ा दुःख और क्या होगा ? आपकी बेटी के सपने चकनाचूर हो गए, पर इसमें किसी  को दोष कैसे दें? पर ये समाज भी हमारा ही है। कहने सुनने वाले भी हमीं हैं। लोगों ने तो कहना था सो कह दिया  इससे भला क्या होगा ? पर बुरा ज़रूर हो जाता है। अब देखिए  जिस लड़की को हमने सब तरह से योग्य और गुणी समझकर अपने घर की लक्ष्मी बनाना चाहा वही आज अपशकुनों का घर समझी जा रही है ।और तो और उसकी बहनों पर भी बिना कारण लांछन लगाए जा रहे हैं। ऐसे में आपकी तकलीफ समझ सकती हूँ। हमारे भाग्य में यह दुःख साझा करना है। अगर सगाई से पहले यह होता तो? क्या तब भी आशा दोषी होती? अब जो मैं चाहती हूँ सुनिए ....सब कुछ पहले सा हो सकता है ....मैंने तो अभिनव को मना लिया है ....अब अगर आशा और आप भी साथ दें तो बात बन सकती है ....इन दोनों के गठ-बंधन से हमारे रिश्ते फिर जुड़ जाएँगे ....सभी मंत्रमुग्ध से सुन रहे थे ....रेनू और  तारा को भी बात ठीक लग रही थी पर आशा ....क्या इस बात पर राज़ी होगी ? असली बात तो अब उसके हाथ में थी क्या वह ये समझौता कर पाएगी ? कालिंदी जी ने कहा ....और कुछ देखना- सुनना तो है ही नहीं ....सब कुछ वैसा ही है सिर्फ  ....अनिकेत की  जगह  ....कहती हुई वे फिर सुबकने लगीं। चाहो तो ये दोनों आपस में बातें कर लें। घर में या कहीं बाहर जाकर ....सभी एक दूसरे को देखने लगे। तभी आशा अपनी जगह से उठ खड़ी हुई, लगा वह अपने कमरे में जाकर फिर रोएगी ....आज पहली बार वह रोई थी ....तभी लगा था उसमें संवेदनाएँ बाकी हैं वर्ना पूरे साल भर से वह एक जिन्दा लाश सी हो गई थी। बस काम से काम। न हँसना न बातें करना। आशा अपने कमरे में चली गई। सभी चुप बैठे रहे। क्या ये विषय गलत समय पर तो उपस्थित नहीं हुआ ? पहले आशा को अकेले में पूछकर उसका मन टटोलना उचित नहीं होता? सभी के मन अलग-अलग प्रश्नों में उलझे हुए थे। बहुत देर की शांति के बाद कालिंदी जी ही कहने लगी ...देवयानी जी  मैंने तो अपनी मन की बात आपसे कह दी। हमारी वजह से आशा का जीवन मुश्किलों से भर गया है। अनिकेत की भी यही इच्छा थी और अंतिम समय में इसी के सपने लेकर गया होगा। जो हुआ उसे हम बदल तो नहीं सकते पर कुछ कोशिश तो कर ही सकते हैं भावी जीवन के लिए। अब सारा जीवन रोकर ही नहीं बिताया जा सकता न? चलो मन की बातें कर जी हल्का तो हुआ आज …मेरे मन में आपसे ये बात करने की इच्छा कई बार हुई थी पर साहस नहीं जुटा पाई। उस दिन जब आपने  सामान लौटाने की बात की तभी मन में ये ख़याल आया  कि सिर्फ सामान ही क्यों  हमारी एक बहुमूल्य अमानत और भी है आपके घर में। …अगर सभी साथ में मिल जाए तो? इसीलिए मैंने यहाँ आने की बात कही थी। टेलीफोन  पर सब बातें नहीं की जा सकती थी। अब आशा जो भी ठीक समझे उसे  अपने जीवन का फैसला स्वयं करना है हम अपनी रुचि, राय …उस पर नहीं थोप सकते, वह अच्छी तरह सोच विचार कर ले …फैसला कर ले। तब आप हमें सूचित कर सकती हैं। अब चलना चाहिए।  तभी तारा ने कहा आंटी। अभी कैसे जा सकती हैं आप ?दोपहर के भोजन का समय है। आपकी ट्रेन तो रात को जाती है। अतः आप थोड़ा आराम करें फिर भोजन। इतनी जल्दी क्यों ? 

   रेनू और तारा को लेकर मैं रसोई में गई। एक बार चाय और हो तो अच्छा  रेनू  चलो ...यह कहकर चल दी। मन में यह भी जानने की उत्कंठा थी कि आशा  क्या कर रही  होगी ? पर अपने को रोक लिया अगर आशा ने कुछ कह दिया तो स्थिति ख़राब हो सकती है। अच्छा तो यही होगा कि इनके जाने के बाद ही बात की जाए। उसे कुछ देर अकेले ही रहने देना बेहतर होगा। चाय और खाना निबट गया तो उन दोनों को  आराम करने को कह दिया। अभिनव ने अपने किसी मित्र से मिलने के लिए जाने की बात की और चला गया । 

   शाम होने से पहले आशा ने रसोई में आकर ही भोजन किया और... ‘‘माँ मुझे कुछ कहना है’ …कहकर उसने मेरे हाथ पकड़ लिये। आँखों में आँसू तैर रहे थे और हाथों में एक स्पंदन जिसे मैं महसूस कर सकती  थी। ‘‘शायद मुझे अभिनव से बात कर लेनी चाहिए  …अगर वह तैयार है तो मुझे भी कोई आपत्ति नहीं। अगर मुझे विवाह करना ही है, तो …रेनू और तारा के लिए भी …तो सोचना है। यही ठीक है। उसे जानती तो हूँ ही। पर जो सबसे बड़ी बात है वह है उनकी सोच …एक बेटा जो माँ की बात को शिरोधार्य करने को तत्पर है। दूसरी वह माँ …जो अपने दुःख को पीछे धकेल हमारे दुखों का  बोझ कम करने आई है। हम उनके बारे में क्या-क्या सोच रहे थे? ऐसी सोच रखने वाली महिला का साथ तो मैं वैसे भी देती। और इनसे तो पहले भी …जीवन भर साथ निभाने का वादा कर चुकी थी ।फिर वह तो मुझे बहू का ही स्थान देकर एक और अवसर दे रहीं हैं। मुझे लगता है मना करने से  उनका अपमान न हो जाए  …जिसकी याद मैंने अपने मन में बसा रखी है …उससे किए वादे  भुलाना भी ठीक नहीं …माँ! बताओ मैं क्या करूँ ? मैंने उसकी बात और विचार सुनकर शाबाशी दी और गले लगाया। रेनू और तारा को भी बुलाकर बात कर ली। शाम को कालिंदी जी और अभिनव से भी सारी बातें तय हो गईं। कालिंदी जी ने अपने घर पर फोन द्वारा यह शुभ सूचना दे दी। अगले पंद्रह  दिन बाद किसी मंदिर में सिर्फ घर के लोगों और शुभचिंतकों के सानिध्य में दोनों का विवाह होना है। ‘‘अगर तुम आओ तो अच्छा लगेगा ।’ 

 देवयानी का  पत्र पढ़कर मुझे जो ख़ुशी मिली उसका वर्णन करना तो कठिन है ही। पर मुझे कालिंदी जी से मिलने का मन हो आया। अपने दुःख को नगण्य समझकर जो दूसरों का हित सोच रही हैं, जिनकी विचार धारा सामान्य समाज की विचारधारा से बिलकुल अलग है। जो और लोगों के बहकावे में न आकर खुद की अलग पहचान रखती हैं। उनसे मिलने का अवसर मुझे नहीं गँवाना चाहिए।

सम्पर्कः ए 45 रीजेंसी पार्क-1, डी. एल.एफ़, फेज़- 4, गुड़गाँव, हरियाणा- 122002

व्यंग्यः बुरे फसे डींग हाँककर

  - रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

आपको दिन दहाड़े ऐसे सज्जन मिल जाएँगे, जिनकी दिनचर्या में डींग हाँकना भी शामिल रहता हैं अगर ये सज्जन ऐसा न करें, तो उदरशूल से इनका जी घबराने लगेगा। डींग हाँके बिना इनकी जुबान की खुजली नहीं मिटती। रोज़मर्रा डींग हाँकने के परम पवित्र क्रम में लीन रहने के कारण उससे पीछे हटना मूँछ मुड़ाने जैसा अपमान है। डींग हाँकना भी एक प्रकार का नशा है। जिस प्रकार पियक्कड़ आदमी न गली देखता है, न चौराहा, न सुबह देखता है, न शाम, न गैरों को देखता है न सगों को, इसी प्रकार डींग प्रेमी कहीं भी खड़ा हो, अपनी डींगों से लोगों  का मनोरंजन करता रहता है। उसे फिक्र नहीं रहती कि कोई उसे कितने धैर्य से झेल रहा है। किसी भी विषय पर चर्चा छेड़िए, डींगधारी हर जगह अपने सींग फँसा लेगा। 

शनिचर जी हमारे दफ़्तर में नए-नए आए। उन्होंने अपना परिचय इस प्रकार दिया जैसे कि वे इस दुनिया के अकेले आदमी हों। ईश्वर ने इनको फ़ुर्सत के समय या किसी गजटेड छुट्टी में गढ़ा था। इन्होंने बॉस के सामने अपना ऐतिहासिक परिचय प्रस्तुत किया। इनके परदादा किसी बादशाह की चिलम भरा करते थे। चिलम भरने की महारत से खुश होकर बादशाह ने इनके परदादा को पाँच गाँव की जमीदारी बख्श दी थी। शनिचर जी बॉस की चिलम भरने की दिली ख्वाहिश तो रखते हैं; लेकिन मजबूरी यह है कि बॉस को सिगरेट, बीड़ी के धुएँ से एलर्जी है। एक दिन बैठे बिठाए आमों की चर्चा चल निकली। इन्हें नौकरी पर आए छह दिन ही हुए थे। बॉस को मुट्ठी में कर लेने का यह अच्छा मौका था। शनिवार जी ने रद्दा लगाया- ‘‘सर, मेरे यहाँ सौ बीघे के खेत में आम का बाग़ है। हमारे बाग़ का आम धुर कश्मीर तक जाता है। बेहट का फजली और दसहरी लाजवाब है।’’

‘‘इस बार घर जाओ, तो एक पेटी आम लेते आना।’’ -साहब ने होंठों पर जीभ फेरते हुए कहा। ‘

‘‘अरे साहब एक पेटी क्या चीज है? चार-चार पेटी आम तो हम अपने नौकरों के यहाँ भिजवा देते हैं। आप दस-बीस की बात कीजिए साहब।’’ -शनिचर जी हुलसा उठे।

‘‘भाई दस-बीस का क्या करना, एक ही बहुत है। मुझे फलों की कोई दुकान नहीं लगानी है।’’

‘‘ठीक है साहब, जब आप एक कह रहे हैं, तो एक ही सही।’’

शनिचर जी घर पहुँचे। पत्नी से बोले- ‘‘तुम मुझे उल्लू समझती थी। अपने बॉस मेरे एक इशारे पर नाचते हैं। जो भी काम कहूँ, फ़ौरन कर देते हैं। इतना असर है उन पर मेरा।’’

‘‘तो फिर मेरी बहन को अपने दफ़्तर में नौकरी दिला दीजिए न!’’

‘‘इस तरह के कामों से मेरा असर खत्म हो जाएगा। साहब से, और मैं नौकरी माँगूँ ! यह मेरी शान के खिलाफ है।’’

‘‘बीच में तुम्हारी शान कहाँ से आ गई? चलिए, और न सही मेरे मायके वाले हलवाहे के बेटे को चपरासी ही लगवा दीजिए। गरीब की मदद हो जाएगी।’’

‘‘अरे गरीब की मदद तो बाद में होगी, कहीं वह हलवाहे का बेटा मेरी इज्ज़त में बट्टा न लगा दे! आखिर पूरे दफ़्तर में मेरी कुछ हैसियत है।’’

‘‘हफ्ऱते भर में तुम्हारी कुछ हैसियत बन गई होगी, मुझे विश्वास नहीं।’’

‘‘कभी आकर ख़ुद देख लेना। पता चल जाएगा। खैर मैं देखूँगा। चपरासी की जगह खाली हो तो ज़रूर काम करा दूँगा। बस, आम की एक पेटी का सवाल है। साहब को ख़ुश करना पड़ता है न!’’

‘‘साठ-सत्तर में एक पेटी आ जाएगी।’’

‘‘लेकिन अभी मेरे पास फ़ालतू पैसा नहीं है।’’

‘‘ठीक है सत्तर रुपये मैं देती हूँ। आप अपने साहब के घर आम पहुँचा दीजिएगा; लेकिन चपरासी की नौकरी पक्की कर लेना।’’

शनिचर जी किसी तरह आमों की पेटी खरीदकर बस पर लदवाने में सफल हुए। कंडक्टर ने डबल किराया वसूला। बस पर चढ़ाने के पैसे अलग वसूले। जहाँ भी बस रुकती, शनिचरजी खिड़की से गर्दन निकालकर देखते, कहीं कोई आम की पेटी न उतार ले जाए। आखिरी स्टॉप पर बस रुकी। सवारियाँ लदड़-फदड़ करके उतर गईं। बस के ड्राइवर और कंडक्टर चाय पीने के लिए झोपड़ ढाबे में जा घुसे। अब समस्या थी-बस की छत से पेटी कौन उतारे? सब लोग अपना-अपना सामान उतारकर चलते बने। एक रिक्शेवाले की खुशामद की। दो रुपये दिए, तब जाकर वह बस की छत पर पहुँचा। सीढ़ियों पर अधबीच में आकर उसने शनिचर जी को पेटी थमाई। बोझ की झोंक में शनिचर जी पुराने किले की तरह पेटी सहित ध्वस्त हो गए। पेटी की एक फट्टी उखड़ गई। टाँग पर चोट लगी, सो अलग। उसने पत्थर से फट्टी को बमुश्किल ठोंका। इतने में कहीं से पुलिस के दो सिपाही आ धमके। एक ने डंडा घुमाते हुए पूछा- ‘‘क्या है इस पेटी में?’’

‘‘क्या है?’’ शनिचर झुँझलाया- ‘‘क्या होता, आम है।’’

‘‘आम है, अफ़ीम क्यों नहीं? हेरोइन भी तो हो सकती है!’’ -दूसरा कड़का- ‘‘पेटी खोलकर दिखाओ।’’

मरे मन से शनिचर ने पेटी की ऊपर वाली फट्टियाँ उखाड़ीं और झुँझलाकर कहा- ‘‘लो देख लो, कहाँ है इसमें अफीम?’’ दोनों ने पेटी की ऊपर से नीचे तक टोह ली और एक-एक आम निकालकर चूसना शुरू किया। ‘‘बुरा मत मानो भाई। तुम भले आदमी हो। यहाँ कल ही दो लोग पकड़े गए। फलों की पेटी में अफ़ीम ले जा रहे थे। गलत लोगों के कारण अच्छों को भी कष्ट भुगतना पड़ता है।’’

शनिचर जी बेबसी से दोनों को घूर रहे थे, जैसे उन्होंने आम नहीं वरन् उसका कलेजा निकाल लिया हो।

अब उसे जल्दी थी साहब के यहाँ जाने की। दो बज गए थे। साहब का बंगला तीन किलोमीटर था। साथ में पेटी देखकर रिक्शा वाले ने सात रुपये माँगे। शनिचर का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया- ‘‘क्यों लूट मचा रखी है? रोज तो तीन रुपये लेते हो।’’

‘‘बाबू जी, आपको अकेले चलना हो, तो तीन रुपये ही लेंगे।’’

घायल टाँग दर्द कर रही थी। जेब में केवल पाँच रुपये बचे थे। उसने रिक्शे वाले पर अंतिम हथियार चलाया- ‘‘पाँच रुपये लेने हो तो चलो, नहीं तो अपना रास्ता नापो।’’ रिक्शावाला शायद इसी उत्तर के इन्तज़ार में था। उसने रिक्शा मोड़ा- ‘‘ठीक है, बैठे रहिए साहब! जब कोई पाँच रुपये लेने वाला आ जाए, तो जाइएगा।’’ शनिचर जी रुआँसे हो गए।

धूप में और तीखापन आ गया था। बंगले की ओर जाने के लिए अब कोई रिक्शेवाला तैयार नहीं होगा। उधर से सवारी न मिलने के कारण खाली आना पड़ता है। जी कड़ा किया। पेटी कंधे पर रखी। पेटी की एक फट्टी कंधे में गड़ी जा रही थी। कुछ ही दूर चलने पर साँस फूलने लगी। शरीर पसीने से तर हो गया। धीरे से पेटी नीचे उतारी। दूसरे कंधे पर लटके बैग से तौलिया निकाला। पसीना पोंछा। फिर तहाकर तौलिया कंधे पर रखा। उस पर पेटी रखी। कुछ दूर चलने तक तो ठीक रहा। तौलिया कंधे से बार-बार खिसक जा रहा था। पेटी में से एक शैतान कील गर्दन में चुभने लगी थी। जी में आया- पेटी को फेंक खाली हाथ चला जाए। फिर मन मारकर रह गया। आखिर सत्तर रुपये खर्च किए हैं। ढोने का किराया और दिक्कत भी शामिल है। साहब को खुश भी तो करना हैं, सिर्फ़ इसी बात से उसे राहत मिली। थोड़ी दूर पर उसे सुस्ताना पड़ता। तीन किलोमीटर की दूरी तीन सौ किलोमीटर लम्बी लग रही थी। शैतान की आँत की तरह ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही थी। कंठ प्यास से सूखने लगा। उसे लगा- सूर्य को भी उससे दुश्मनी हो गई है; नहीं तो क्या पड़ी थी इतनी धूप बरसाने की।

उसका पोर-पोर दुखने लगा। तीन बज गए। ज़ोरों की भूख लग आई। आमों के चक्कर में खाना-पीना भी भूल गया। मर-खपकर साहब के बंगले पर पहुँचा। आस-पास सन्नाटा फैला हुआ था। पेटी नीचे रखकर वह धम्म से बैठ गया। गले से आवाज़ नहीं निकल रही थी। कन्धे पर ध्यान गया- कमीज मुचड़ गई थी। बालों में धूल भरी हुई थी। जैसे ही दरवाजे की ओर बढ़ा, पास के पेड़ के नीचे बैठे दो कुत्ते उस पर गुर्रा उठे। शायद वे उसका हुलिया देखकर चौंक गए थे। उसने कॉलबेल पर हाथ रखा, बेल घरघराती रही। डर के मारे हाथ हटाना भी भूल गया। दरवाजा खोलते ही मेम साहिबा झल्लाईं- ‘‘क्या बात है?’’

‘‘मेम साहिबा, आम---’’ शनिचर इतना ही कह पाया था।

उसकी बात को अनसुना करके वह बिफर उठीं- ‘‘हमें नहीं खरीदने आम। चले आते हैं भरी दुपहरी में!’’ -और दरवाज़ा बन्द कर लिया। शनिचर जी माथे पर हाथ रखकर खुद को कोस रहे थे। अगर डींग न हाँकते, तो आज यह दुर्गति न झेलनी पड़ती। दोनों कुत्ते इस समय उन्हें सहानुभूतिपूर्वक देख रहे थे।

कविताः गायब

 -  राजेश पाठक

नदियाँ गायब गायब जंगल

गायब हुआ पहाड़

हाथी की चिंघाड़ है गायब

गायब सिंह दहाड़


धोती गायब गायब साड़ी

गायब तन से लत्ता

पत्तल पर से अन्न है गायब

उस पर चील झपट्टा


किलकारी बच्चों की गायब

गायब माँ का दूध

दूर तलक की दृष्टि गायब

गायब वायु शुद्ध


अधिकारी आफिस से गायब

गायब रात का प्रहरी

लोगों की आवाज है गायब

उस पर सत्ता बहरी!


सम्पर्कः
गिरिडीह, झारखंड- 815301, मो नं.  9113150917