मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Apr 1, 2025

आलेखः वीर योद्धा- मन के जीते जीत मेजर मनीष सिंह

  - शशि पाधा 

युद्ध एक ऐसा आक्रमणकारी दानव है जिसकी तरकश में केवल हिंसा, संहार और विनाश के तीर-भाले ही संग्रहीत रहते हैं।  युद्ध में चाहे हार हो चाहे जीत, बलि तो मानवता और शान्ति की ही चढ़ती है।  वायु, आकाश, गन्ध, संगीत, बादल, बिजली जैसी प्राकृतिक संपदा को बाँट सकने का न हमें अधिकार होता है और न ही क्षमता।  ये तो पूरे विश्व की निधि हैं।  इसी प्राकृतिक सम्पदा का एक अनमोल मोती है हमारी शस्य-श्यामला धरती।  स्वार्थी, अहंकारी और लालची मानव युगों-युगों से केवल इसी धरती को बाँटने, इसके टुकड़े-टुकड़े करने की ताक में रहता है, और इसी राक्षसी प्रवृत्ति की ज्वाला को अंगार दे रहा है विश्व में फैला आतंकवाद।  यही इस  युग की सबसे निंदनीय देन है।  आतंकवाद संहार का, विनाश का, अशांति का विध्वंसक हथियार है।  इस विनाशकारी तीर को निरस्त करने वाली लौह ढाल भी ईश्वर ने बनाई है और वह ढाल है भारतीय सेना के सैनिकों का शौर्य।  यह केवल भावना नहीं, जनून नहीं! यह प्राण वायु की तरह उन्हें गति देता है।

युद्ध में सफलता की कितनी भी परिभाषाएँ की जाएँ, कम ही हैं।  सीमाओं पर शत्रु के साथ युद्ध रत होना उसका एक पक्ष है और शत्रु के प्रहार से घायल हो कर मृत्यु से लड़ना उसका दूसरा पक्ष।  इसी दूसरे युद्ध में विजय हासिल करने वाले वीर योद्धा का नाम है मेजर मनीष सिंह। 

बचपन से ही मनीष को खिलौनों में पिस्तौल, राइफल आदि ही पसंद थे और उसका प्रिय खेल था ‘दुशम-दुशम’ यानी दुश्मन पर वार करना।  पिता रेलवे अधिकारी थे; किन्तु मनीष का केवल एक मात्र ध्येय था- भारतीय सेना की विशिष्ट पलटन 9 पैरा स्पेशल फ़ोर्सेस में सम्मिलित होना।  यह उनके लिए केवल महत्वाकांक्षा ही नहीं थी, एक निश्चित पथ था। 

 मुझसे फोन पर बातचीत करते हुए मनीष बताते हैं, “मैम, मेरी माँ मेरे बचपन की पहली जिद्द के विषय में बताती हैं कि अपने आठवें जन्मदिन पर मैंने उपहार में सैनिक की वर्दी ही माँगी थी।  जब वह नहीं मिली, तो मैं रूठ गया था।  मेरी माँ ने चुपके से वह वर्दी खरीद कर रख ली थी।  अंत में अपने जन्मदिन पर सैनिक वर्दी का तोहफ़ा देख, मैं खुशी से नाच उठा था।  माँ कहती हैं कि स्कूल से आकर मैं हर दिन वही पहनता था।  मैंने तो जन्म ही सैनिक बनने के लिए लिया था।” उनकी इस भोली- सी जिद्द की बात सुन कर हम दोनों हँस पड़े थे। 

“तो आपने फिर से कभी कोई जिद्द नहीं की अच्छे बच्चे की तरह।”- माँ हूँ न, इसलिए मैंने उत्सुकता वश पूछ लिया।

मेरा प्रश्न सुनकर वे खुल कर हँस दिए।  कहने लगे, “ की थी न एक बार फिर।  मैं B I T  मेसरा’ राँची में इंजीनियरिंग कर रहा था।  मम्मी-डैडी खुश थे ; लेकिन मेरे सर पर तो सेना में भर्ती होने का हठ सवार था।  फॉर्म भरा, सेलेक्शन हो गया, तो इंजिनीयरंग छोड़कर NDA में जाने की चुपचाप तैयारी कर ली, माँ–डैड को पूछे बिना।  जाने का समय आया, तो बता दिया।”

मनीष की यह सनक तब भी चरितार्थ हुई, जब इण्डियन मिलिटरी अकेडमी से पास आउट होने से पहले उन्हें अपनी पसंद की यूनिट का नाम अपने फॉर्म में भरना था।  फॉर्म में तीन कॉलम होते हैं।  उन्होंने केवल एक ही भरा और उसमें लिख दिया ‘9 Para Special Forces’।  इस पलटन में प्रवेश करने के लिए भी उन्हें फिर से तीन महीने की प्रोबेशन / सिलेक्शन की कठिन परीक्षा से गुज़रना पड़ा।  इस परीक्षा में वे सफल हुए और इस महत्त्वपूर्ण पलटन के सदस्य बन गए।   

वर्ष 2012 में मैं पहली बार मनीष से मिली थी।  बाद में पता चला कि कुछ दिनों के बाद ही उन्हें उनकी टीम के साथ कश्मीर की सीमाओं पर भेज दिया गया था। उन दिनों भारत का उत्तरी राज्य ‘जम्मू –कश्मीर’ कई वर्षों से आतंकवाद की लपटों से झुलस रहा था।  भारतीय सेना तन, मन और कर्म से इस स्थिति से जूझने के लिए निरंतर आतंक एवं अलगाव वादियों से लड़ रही थी।  यह युद्ध पुरानी पद्धति से नहीं लड़ा जा रहा था।  यहाँ शत्रु घने जंगलों, खेतों, घरों, गुफाओं में छिपकर हमारी सेना की गति विधियों को देख रहा था और सामने आते ही उन पर छिप-छिपकर वार कर रहा था।  यहाँ महाभारत का चक्रव्यूह नहीं रचा गया था, यहाँ जंगल में छिपे हिंसक दानवों के साथ युद्ध था।  वीर भारतीय सेना हर परिस्थिति में उसके लिए तैयार थी। 

25 सितम्बर, 2012 की भयंकर रात को कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र के घने जंगलों में छिपे आतंकवादियों को ढूँढकर उन्हें नष्ट करने का साहसिक दायित्व कैप्टन मनीष की सैन्य टुकड़ी को सौंपा गया।  रात भर अभियान चलता रहा।  दोनों ओर से गोलियाँ चल रही थी।  उस मुठभेड़ में दोनों ओर से अंधाधुंध गोलियाँ चलीं और कई आतंकवादी मारे गए थे।  इस युद्ध में मनीष को भी गोली लगी थी और वे बुरी तरह घायल हो गए थे।  कहते हैं कि जैसे लक्ष्य भेदन में अर्जुन की आँख केवल अपने लक्ष्य पर केन्द्रित थी, ठीक वैसे ही उस मुठभेड़ में मनीष का लक्ष्य भी सामने खड़े शत्रु को मार गिरना था।  उस घायल अवस्था में भी वे रेंगते हुए शत्रु पर गोली दागते रहे और अंततः सारे आतंकियों को नष्ट करने में सफल हुए।  इस प्रकार न केवल उन्होंने अपनी टीम के साथियों की जान बचाई अपितु कश्मीर के नागरिकों को भी भयंकर संहार से बचाया। 

मनीष इस अभियान की सफलता को उठकर, बैठकर देख भी नहीं सकते थे क्यों कि वे गंभीर रूप से घायल थे।  घायल अवस्था में जब उन्हें कश्मीर के सैनिक अस्पताल में पहुँचाया गया तो चिकित्सकों को पता चला कि रीड़ की हड्डी पर तिरछी गोलियाँ लगने के कारण उनका कमर से नीचे का शरीर निष्क्रिय हो चुका था।  रक्त स्राव और अन्य घावों के कारण उनके शरीर के अंग निष्क्रिय होते जा रहे थे और धीरे- धीरे यह योद्धा कोमा में जा रहा था।  वह समय शायद सेना के चिकित्सकों के लिए एक कठिन परीक्षा का समय था।  दो दिन तक ‘कोमा’ में रहते हुए भी इस योद्धा के हृदय ने अभी हार नहीं मानी थी।  मशीनें बता रही थीं कि इनका दिल अभी भी काम कर रहा था।  सेना के कुशल चिकित्सक उनको बचाने में जुटे थे और उनका परिवार, उनकी यूनिट और उनके मित्र उनके लिए मौन प्रार्थना कर रहे थे।  अंत में मृत्यु पराजित हुई और मनीष जीवित होने के संकेत देने लगे।  

कोमा से बाहर निकलने के अपने उस चमत्कार को मनीष स्वयं इन शब्दों में बताते हैं, “दो दिन तो मैं था ही नहीं इस दुनिया में, शायद शून्य में था।”

मेरे पूछने पर कि कैसे पता चला कि आप जीवित हैं, उन्होंने जो उत्तर दिया वो इस संसार का सब से बड़ा सत्य है, सब से बड़ी दवा है और सब से बड़ी दुआ। 

मनीष कहते हैं, “मैं कहीं दूर निकल गया था मैम! बहुत दूर से कहीं मुझे अपनी माँ की आवाज़ सुनाई दी ---‘मनु’ ।  माँ ने बुलाया था अपनी पूरी ममता के साथ, पूरी आशाओं के साथ।  मैं मना नहीं कर सका और लौट आया मृत्यु के लौह पाश से।”

“माँ कहती हैं कि मैंने बिना आँख खोले अपने हाथ का अंगूठा हिलाया था, जिसे डॉक्टरों ने ‘Thumbs Up’ का संकेत मान लिया और यह घोषित कर दिया कि अब मुझे कोई भी ‘मुझसे’ नहीं छीन सकता।  नकारात्मक परिस्थितयों पर यह मेरी पहली विजय थी । और शायद फिर से जीने के लिए यह तीसरी ज़िद्द थी। 

फरवरी के महीने में जन्म लेने वाले मनु अब अपना जन्मदिन 25 सितम्बर को मनाते हैं।  उनका तर्क है उस दिन उन्हें दूसरा जन्म मिला।  “उस दिन जो गोलियाँ चली थीं, उनमें से एक मुझे लगी और दूसरी मेरे सामने खड़े उस आतंकी को।  गिरे तो हम दोनों ही थे; लेकिन मैंने गिरते हुए उन निर्णायक पलों में एक गोली और दाग दी।  शत्रु वहीं ढेर हो गया और मुझे मेरे साथी तुरंत ही उठाकर हैलिकोप्टर तक ले आए।  तब तक मुझे होश थी और मैं अपने उद्देश्य पूर्ति की सफलता के लिए बहुत खुश था।”

उस रात यह योद्धा नही जानता था कि शत्रु पर विजय तो प्राप्त हुई किन्तु जीवन से युद्ध तो अभी शुरू हुआ था।  यह तो इस नए युद्ध की किताब का पहला पन्ना था।  

अब उनका रणक्षेत्र बदल गया था।  मनीष दो महीने तक दिल्ली के सैनिक अस्पताल के आई सी यू वार्ड में इस शारीरिक आपदा से जूझते रहे।  इस बीच उनके इलाज के लिए तीन बार उनके शरीर में Bone Marrow डाला गया, कितनी बार शल्य चिकित्सा का भी सहारा लिया गया; किन्तु उनकी शारीरिक स्थिति में कोई विशेष अंतर नहीं आया।  उनकी चिकित्सा करने वाले डॉक्टरों ने यह मान लिया था कि मनीष अब अपने पैरों पर कभी भी खड़े नहीं हो सकेंगे, वे कभी चल नहीं पाएँगे।  मनीष को उस समय एक ही बात उनका मनोबल बढ़ा रही थी कि वे जिंदा हैं और उनके शरीर का ऊपरी भाग सक्रिय है।  शायद यही बात अँधेरे में दीपक के समान उनका आगे का रास्ता प्रशस्त कर रही थी।  

दो महीने के बाद उन्हें पुणे के पुनर्वास (Rehabilitation) वार्ड में भेज दिया गया जहाँ विशेष शारीरिक व्यायाम आदि की व्यवस्था थी।  कश्मीर से दिल्ली और फिर दिल्ली से पुणे हॉस्पिटल तक की लंबी यात्रा में मित्र, हमसफर ‘कमांडो देसराज’ सदैव उनके साथ रहा।  देसराज मनीष की टीम से ही था और उनका ‘बड्डी’ था।   यह बड्डी एक साये की तरह चौबीस घंटे मनीष के साथ ही रहता था।  पुणे में मनीष से विभिन्न प्रकार की शारीरिक व्यायाम कराए गए, कई प्रकार के यंत्रों द्वारा उनके शरीर के निचले भाग को सक्रिय करने की चेष्टा की गई ; किन्तु उनकी अवस्था में कोई विशेष अंतर नहीं आया। 

उस समय मैं भारत की यात्रा पर थी और पुणे में उनसे मिलने, उनका उत्साह बढ़ाने के लिए गई थी।  उन दिनों मनीष गहन मानसिक द्वंद्व से जूझ रहे थे।  शारीरिक रूप से शिथिल दिखने वाले मनीष से बात करते हुए मुझे उनकी आँखों में दृढ़ संकल्प की ज्योति दिखाई दे रही थी।  मैं केवल कुछ घंटे उनके साथ बिताकर चली आई थी, इस विश्वास के साथ कि यह बहादुर योद्धा इस परिस्थिति से भी निकल आएगा।  

मानसिक और शारीरिक संघर्ष के विषय में मनीष बताते हैं, “उन दिनों कभी-कभी मुझे गहन निराशा घेर लेती थी।  तब मैं अपने आप से बात करता था और कहता था, मुझे अपने शरीर से लड़ना है, मुझे हार नहीं माननी है।  मैम! मैं अपने आप से बहुत कठोर व्यवहार करता था।  दिन में 50 बार बिस्तर से उठने की कोशिश करता था, सहारा लेकर खड़ा होने की कोशिश करता था ; लेकिन कुछ नहीं हो पाता था।  बचपन से ही मुझे पढ़ने का बहुत शौक था। समय काटने के लिए मैं पढ़ना चाहता था ; किन्तु मैं लेटे-लेटे कितना पढ़ सकता था और थक जाता था। अपने आप से लड़ते-लड़ते मैं अपने भविष्य के लिए कोई और नया रास्ता ढूँढने लगता था।”

रास्ता मिला मनीष को और यह भी एक चमत्कार ही था।  उसी पुनर्वास वार्ड में किसी की बातचीत सुनते हुए मनीष के बड्डी देसराज को बम्बई के एक ऐसे हॉस्पिटल के बारे में पता चला जहाँ Stem  Cell  Therapy से शरीर से असहाय लोगों का इलाज हो सकता था।  मनीष को बिना बताए देसराज स्वयं उस हॉस्पिटल के डॉक्टर आलोक शर्मा से मिल आया और उनसे मनीष के लिए मिलने का दिन भी तय कर आया।  बस उसकी सलाह पर ही मनीष ने मिलिट्री हॉस्पिटल से दो दिन की छुट्टी माँगी और दोनों Sion Hospital, Neurogen Brain and Spine Institute, Nerul, Bombay के लिए चल पड़े।  मनीष कहते हैं कि यह उनके लिए अँधेरे में तीर चलाने के समान था।  इस चिकित्सा के लिए सेना की ओर से उन्हें अनुमति नहीं मिली थी, फिर भी वे इस अवसर को गँवाना नहीं चाहते थे और यहीं से आरम्भ हुआ उनके पुनर्वास का कठोर अभ्यास जिसने उनकी जीवन की दिशा और दशा बदल दी। 

इस हॉस्पिटल के डॉक्टर आलोक शर्मा के अनुसार- मनीष में अपने पैरों पर खड़े होने का अटूट संकल्प और जिद थी, तो परिस्थितियों ने भी उनकी सहायता की।   चार बार Stem Cell Therapy के सहारे उन्हें बिस्तर पर अपने शरीर को मोड़ना बिस्तर से सरककर, पास रखी व्हील चेयर पर जाना और वापिस बिस्तर पर आना था। उन्हें घुटनों को बाकी शरीर का भार वहन करने के लिए सक्षम करना था; ताकि वे कुर्सी से खिसक कर दूसरी जगह पर बैठ सकें।  कमर से नीचे के भाग को सक्रिय बनाने आदि का व्यायाम कराए गए।  इस पूरी स्थिति में मनीष को असहनीय शारीरिक पीड़ा तो होती ही थी; किन्तु इससे अधिक मानसिक दुविधा की पीड़ा उनके लिए घातक हो सकती थी। डॉक्टर आलोक बताते हैं कि इसमें भी न हार मानने वाले मेजर मनीष को विजय ही मिली।  

लगभग चार महीने पहले एम्बुलेंस में लेटकर आने वाले मनीष जब अपनी व्हील चेयर पर बैठकर वापिस पुणे गए, तो नकारात्मक परिस्थतियों के साथ हो रहे अपने मानसिक और शारीरिक युद्ध के मैदान में उनकी यह दूसरी बड़ी विजय थी।  भविष्य उन्हें बुला रहा था और वो एक नए संकल्प के साथ उद्घोषणा कर रहे थे----

“मैं एक सोल्जर हूँ और मैं जिंदादिली से जीता हूँ । एक टारगेट छूटा तो क्या, दूसरा मेरे सामने है। कमांडो कभी हार नहीं मानता। मेरा अगला टारगेट है पैराफ़लैजिक ओलिंपिक में हिस्सा लूँ और देश के लिए पदक जीतूँ।” 

जिंदादिल मनीष ने जल्दी ही अपना दूसरा टारगेट ढूँढ लिया था- पिस्टल शूटिंग की प्रतिस्पर्धा में भाग लेना। अभी वे असमंजस की अवस्था में अपने से लड़ रहे थे, तो फिर एक चमत्कार हुआ।  श्रीमती दीपा मल्लिक (जो स्वयं पक्षाघात पर विजय प्राप्त कर ओलम्पिक खेलों में भाग ले चुकी थीं) ने उनसे फोन पर बात की।  वे भुक्तभोगी थीं और मनीष का मनोबल बढ़ाना चाहतीं थी। यह जानकर कि मनीष को शूटिंग में दिलचस्पी है, उन्होंने उसे सब कुछ भुलाकर केवल इसी खेल को अपना भविष्य बनाने की सलाह दी।  मनीष को मानो अपना रास्ता मिल गया।  उनकी मंशा जानकर सेना ने उनकी नियुक्ति मध्य प्रदेश स्थित infantry School Mhow  में कर दी।  इस सैनिक प्रशिक्षण केंद्र में शूटिंग रेंज भी थी और अभ्यास कराने के लिए शिक्षक भी थे। 

मनीष एन डी ए में चार वर्ष तक बहुत कठिन परीक्षण और अभ्यास से गुज़र चुके थे।  लेकिन तब उन्हें अपने शरीर की बाधाओं से नहीं लड़ना पड़ता था।  पिस्टल शूटिंग का अभ्यास करना बहुत कड़ी परीक्षा थी।  हर बार गोली दागने से पहले उन्हें दायीं ओर मुड़ना पड़ता है, जिससे उनके सभी अंगों में असहनीय पीड़ा होती है।  रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट लगने के कारण उनका नर्वस सिस्टम भी शिथिल हुआ था।  पता ही नहीं चलता कि कब किस भाग में पीड़ा जाग्रत हो जाए।  

मेरे यह पूछने पर कि इन बाधाओं से कैसे जूझते हैं, मनीष ने हँसते हुए कहा, “प्राणायाम करता हूँ, ध्यान लगाता हूँ और कभी कभी अपनी नकारात्मक सोच से लड़ाई भी कर लेता हूँ।  एक बात जो शूटिंग के अभ्यास के लिए बहुत ही महत्त्वपूर्ण है वह है – एकाग्रता।  सूई में धागा डालने जैसी आँख की एकाग्रता। जितनी बार गोली चलानी है, उतनी बार उसी एकाग्रता की स्थिति में रहना पड़ता है। ”

“कुछ ऐसा भी होता है जब आपका ध्यान टूट जाता है?”  मैंने उत्सुकता वश पूछ लिया था। 

उन्होंने जो बताया वो शायद केवल क्षीण नर्वस सिस्टम के परिणाम से जूझने वाला व्यक्ति ही बता सकता है।  कहते हैं, “कोई पता नहीं चलता कब और कौन- सी अवस्था में उन्हें पीड़ा होने लगे।  तेज़ हवा देता पंखा, कड़ी धूप, ठंडा पानी, तेज़ रोशनी, कुछ भी कब मेरे सिस्टम पर वार कर दे इसका पहले से अनुमान नहीं रहता।  इस असहनीय पीड़ा से दो-दो हाथ करने के लिए मुझे हर तीन माह के बाद बम्बई के एक हॉस्पिटल में Pain Specialist के पास जाना पड़ता है। वहाँ मेरे पूरे शरीर को बड़ी- बड़ी सूइयों से बेधा जाता है।  इस प्रक्रिया से मुझे कुछ महीनों के लिए बाकी शारीरिक पीड़ा से मुक्ति मिलती है।  इस पीड़ा का यही एक मात्र इलाज है और इसे करवाते हुए मैं सोचता हूँ- Something is better than nothing.”  

कश्मीर के हर्दुफा के जंगलों में शत्रु पर विजय प्राप्त करने वाले इस वीर योद्धा को वर्ष 2013 में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया।  जब मनीष राष्ट्रपति भवन के अशोक सभागृह में अपनी व्हील चेयर पर बैठे हुए पदक ग्रहण करने के लिए आगे बढ़े, तो राष्ट्रपति ने स्वयं मंच से नीचे उतरकर उन्हें इस पदक से विभूषित किया। यह दृश्य उनके परिवार, स्पेशल फोर्सेस और सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए बहुत गौरवपूर्ण का पल था।  

मनीष कहते हैं - शौर्य चक्र को ग्रहण करते हुए मुझे गर्व के साथ कृतज्ञता की उदात्त भावना ने घेर लिया था। यह शौर्य चक्र जैसे मुझे जीवन में कुछ विशेष करने के लिए चुनौती दे रहा था, प्रेरणा दे रहा था।  मैंने निर्णय ले लिया था कि मैं भारत के लिए ओलम्पिक्स में पदक अवश्य जीतूँगा। इसे चाहे आप मेरी चौथी ज़िद मान लेना। 

सीमाओं पर शत्रु से लड़ते हुए विजय प्राप्त करने वाले इस अद्भुत वीर योद्धा मेजर मनीष के लिए जीवन की दूसरी पारी में दौड़ने और विजयी होने के लिए पूरे भारत वासियों की अनंत शुभकामनाएँ। 

संस्मरणः स्मार्ट फ्लायर

 - निर्देश निधि

कुछ बातें कितनी भी पुरानी क्यों न पड़ जाएँ, उनकी यादें इंसान की अनुभूतियों में जीवंत और युवा बनी रहने में पूरी तरह सक्षम होती हैं। ऐसी बातें कहीं खोजी या तलाशी नहीं जा सकतीं। वे तो बस घट जाती हैं अचानक। कई बरस पूर्व की ऐसी ही एक घटना है मेरे दिल्ली प्रवास की। मेरा पुत्र वरुण उन दिनों आई आई टी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हमारे अपने शहर में कोचिंग की सुविधा नहीं थी; इसलिए पारिवारिक सहमति बनी कि उसे राजधानी में रखा जाए, जहाँ कोचिंग सेंटर्स का जमावड़ा है, ताकि वह अपनी परीक्षा की तैयारी ठीक से कर सके और सफल हो सके। वह समय और था, जब इंटरमीडिएट पास करने के बाद किन्हीं प्रतियोगी परीक्षाओं के विषय में सोचा जाता था। अब तो इस गलाकाट प्रतियोगिता के युग में थमने – रुकने, किसी देरी या सुस्ताने के लिए कोई स्थान रहा ही नहीं। दसवीं कक्षा पास करते ही वरुण भी दूसरे बच्चों की तरह प्रतियोगिता की दौड़ में शामिल हो गया। हमारी इकलौती संतान होने की वजह से वह लाड़ला तो है ही, साथ ही बड़ा सीधा - सरल भी है। हालाँकि अब वह भी थोड़ा तो बदला ही है; परंतु उस समय तो वह बिलकुल ही भोला बच्चा सा ही था, जिसे दिल्ली जैसे महानगर में अकेला नहीं छोड़ा जा सकता था। उसके पिता के डॉक्टर, प्राइवेट प्रैक्टीशनर होने की वजह से वे तो जा ही नहीं सकते थे। अतः वरुण के साथ मेरा दिल्ली जाना तय हुआ। हम दोनों माँ - बेटा छोटी- सी गृहस्थी के साजो - समान से लैस होकर अपने विजय- रथ, मस्टर्ड कलर की कोरियन डैवू कंपनी की मैटिज़ कार पर सवार दिल्ली की ओर प्रस्थान कर गए। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर के एफ ब्लॉक में हमने एक सरदार जी का फ्लैट किराए पर ले लिया। तीन कमरे और एक बालकनी वाला मकान हम दोनों माँ– बेटे के हिसाब से बहुत बड़ा भी था और थोड़ा महँगा भी। मकान मालिक सरदार जी उनके बच्चे और पत्नी सब बहुत भले लोग थे। सरदार जी ने हमें मकान काफी कम किराए पर दे दिया। मकान बिलकुल नया था, मकान मालिक की माली हालत कुछ ठीक नहीं लगती थी। मकान के बहुत सारे काम उन्होंने अधूरे ही छोड़ रखे थे। जैसे लकड़ी का काम या रसोईघर का काफी कुछ काम। इसी तरह छत में कुछ छेद बिना बिजली की फिटिंग के, यानी बल्ब या लैंप लगाए बिना ही छोड़ दिये गए थे। ऐसा ही एक छेद बाहर बालकनी में भी था। जिसमें बल्ब की जगह बिजली की टेप लगे तार बाहर निकले हुए थे।

दिन भर स्कूल और कोचिंग की पढ़ाई से थक- हारकर शाम को जब वरुण थोड़ा अवकाश लेता, तो हम दोनों माँ- बेटा उस बालकनी में शांति से बैठकर आते- जाते आधुनिक दिल्लीवासियों को निहारते। जिसमें शामिल होता कोई चुटिया वाला लड़का, कोई निक्कर वाली लड़की, अत्याधुनिक बुजुर्ग या कोई प्रेमी जोड़े वग़ैरह भी। अँधेरा होते– होते हमारा ध्यान बरबस ही उस बिना बल्ब वाले छेद पर चला जाता। लगता कि काश इस गोधूलि में हम यहाँ बल्ब जलाकर बैठ सकते; पर बल्ब न लगा होने के कारण हम यूँ ही अँधेरे में बैठे रहते। कई माह तक तो वह छेद खाली ही रहा यह तो सर्वविदित है कि राजधानी जैसी भीड़– भाड़ वाली जगह पर आवास की सुविधा कितनी दुर्लभ है, सो वह छेद भी अधिक दिनों तक खाली नहीं रह सका। साथ ही नहीं रह सकी बालकनी की शांति भी। एक चुस्त- फुर्तीली चिड़िया ने अपने चिड़े के साथ वहाँ अपना आवास बनाना तय किया। गृहस्थी का सामान जुटाया जाने लगा। नीड़ का निर्माण कार्य आरंभ किया गया। दोनों एक – एक तिनका अपनी चोंच में खोंसकर लाने लगे। तिनका – तिनका गृहस्थी जुड़ने लगी। पर यह क्या ? चिड़ा तिनके लाता, तो चिड़िया उसे एक तिनका भी घोंसले में ना रखने देती। चिड़े की चोंच से छीनकर स्वयं उसे बड़े करीने से नीड़ में खोंसती। जब देखो तब चिड़िया चिड़े से झगड़ती रहती, झगड़ती क्या उसे झिड़कती, डाँटती - फटकारती रहती। हमारी दृष्टि में बेचारा वह चिड़ा हमेशा चुपचाप रहता। कहीं जाना होता तो आगे वह खुद होती, चिड़ा निरीह पीछे उड़ता। खाना - पीना होता तो भी चिड़िया का अधिकार पहले और अधिक ही होता। मसलन चिड़े को स्वेच्छा से कुछ भी करने की स्वतन्त्रता नहीं थी। अब उन  नन्हे-नन्हे नए पड़ोसियों के प्यारे सान्निध्य के कारण हमें बालकनी में बल्ब की कमी खलनी बंद हो गई थी। अब दिल्ली के आधुनिक समाज के दर्शनों से भी अधिक दिलचस्पी हम अपने उन्हीं नए और नन्हें परवाज़ पड़ोसियों में लेने लगे थे। लगभग रोज़ ही चिड़िया की दबंगई देखकर हमारा कौतूहल कुछ अधिक ही बढ़ गया था। पुरुष प्रधान समाज में रहने वाले हम दोनों उस वाचाल चिड़िया के चिड़े के प्रति क्रूर व्यवहार की बड़ी निंदा करते और चिड़े को दया का पात्र मानते।

जुलाई का महीना था। उस साँझ, दिन भर बरसात के बाद आकाश खुल गया था,  छोटे – छोटे सफ़ेद रुई के फाहे से बादल कहीं -  कहीं अभी भी बिखरे पड़े थे। हमने बालकनी में खुलने वाला अपना दरवाजा खोल दिया, दरवाजा खुलते ही ठंडी – ठंडी हवा हमारे कमरे में आई और आए चिर्र- चिर्र करते हमारे परवाज़ पड़ोसी। उन दोनों का अंदर आना बड़ा सुखद लगा। उनकी आवभगत के नाम पर हम बस इतना ही कर पाए कि जस के तस बैठकर उन्हें निहारते रह गए। हमारे तीन कमरों वाले घर में चिड़िया की अगवानी में दोनों गृहस्थ एक के बाद एक कमरे में बार– बार आए और गए, दो- एक मिनटों तक दोनों ने पूरे घर का जायज़ा लिया। सारे घर में सैर– सपाटा करके जब दोनों सैलानी वापस लौटे, तो थोड़ा- सा कन्फ़्यूजन हो गया। दरवाज़ा खुला था और ठीक उसके साथ एक खिड़की बनी थी जो उस दरवाजे के बराबर की ही थी और वह पूरी खिड़की काँच से परमानेंटली बंद थी। खिड़की का काँच पूरी तरह साफ था उन दोनों सैलानियों को लगा कि दरवाजे की अपेक्षा वे उस खुली जगह से आसानी से निकल पाएँगे। निर्धारित रूप से अगवानी तो चिड़िया की ही होती; परंतु इस बार तो चतुर सुजान खुद ही धोखा  खा गई थी और धड़ से उस पारदर्शी काँच से जा टकराई; परंतु क्षण भर भी व्यर्थ गँवाए बगैर लौट गई और तेज़ी से उड़कर फुर्र से दरवाजे के रास्ते बाहर निकल गई। बाहर जाते ही अपने स्वभाव के अनुसार चिड़– चिड़ करना शुरू कर दिया। कुछ अपनी खिसियाहट भी उतार रही होगी, धोखा खा जाने से पनपी। चिड़ा बेचारा हमारे घर में ही फँसा रह गया। वो बार– बार आकर उसी काँच से टकराता रहा। एक तो वो बेचारा पहले ही बहुत घबराया हुआ था, ऊपर से चिड़िया की डाँट- फटकार की वजह से अपना होश खो बैठा। वह बाहर निकलने के कई असफल प्रयास कर चुका था। चिड़िया को लगा कि अब यह ग़ुस्से से नहीं समझेगा, इसे समझाना होगा।  चिड़िया उसे रास्ता दिखाने के लिए दरवाजे के रास्ते अंदर आने और बाहर जाने लगी। कई बार में जाकर चिड़े को चिड़िया का अनुकरण करने की बात समझ में आ पाई और किसी तरह वो बाहर निकला। उस शाम तो चिड़िया तब तक चिल्लाई जब तक थक नहीं गई। चिड़ा निरीह बना उस छत  के छेद वाले नीड़ में  चुपचाप सिकुड़ा हुआ एक कोने में बैठा रहा। उसके भयभीत कंठ से एक चिर्र भी तो ना निकल सकी।

मैं और वरुण यह पूरा दृश्य चुपचाप बैठकर देखते रहे। वो अपनी पढ़ाई और मैं अपनी रसोई छोड़कर। जिस चिड़िया के कसहले और निरंकुश व्यवहार की हम दोनों अक्सर निंदा करते थे, उसके प्रति आज हमारा दृष्टिकोण कुछ बदल गया था। ठीक वह हो गया था, जिसे अंग्रेज़ी में कहते हैं, पैराडिम शिफ्ट। अब हम उसे दृढ़ निश्चयी और अपने साथी के प्रति वफ़ादार के रूप में देखने लगे थे। अन्यथा उस मूर्ख चिड़े के साथ वो स्मार्ट फ्लायर कैसे रह सकती थी। वरुण ने फिर भी कहा कि वह उसे प्यार से भी तो सिखा सकती थी। पर कौन जाने गृहस्थी के शुरूआती दिनों में उसने कितने प्रयास किए होंगे प्यार से सिखाने के। उसे सिखाते – सिखाते ही तो कहीं वो अपना व्यवहार चिड़चिड़ा नहीं कर बैठी थी, और इतना भी कम था क्या कि वो उसके साथ रही।

उसी वर्ष वरुण का चयन आई आई टी में हो गया। अब तो वह अपनी कंपनी चला रहा है; पर जब भी कभी हम लॉन में बैठकर चिड़ियों का आवागमन देखते हैं, तो वो राजधानी वाली स्मार्ट फ्लायर स्वतः ही हमारे सामने आ खड़ी होती है। उसकी स्मार्टनेस की चर्चा के साथ ही हम ये कहना कभी नहीं भूलते कि चाहे वो इंसान हो, पशु-पक्षी हो या कोई अन्य, आदेश तो उसी का चलता है, जो दूसरे से बुद्धिमान होता है, कुशल होता है।

कविताः बुद्ध बन जाना तुम


 - सांत्वना श्रीकान्त 

कुछ अल्ड़ह- सा, ऊँघता

हिलोरे लेता हुआ

तुम्हारे ख्वाबों का उन्माद

बड़ा जिद्दी है।

बन जाना चाहता है

तुम्हारे रूह का लिबास।

कमरे में छोड़ी तुम्हारी

अशेष खामोशी

ढूँढ रही है कोना,

खुद को स्थापित करने का।

हाथ पकड़कर

मेरी चुप्पी का,

ले जाना चाहती है

कहीं दूर बहुत दूर.........

लाँघकर देहरी

उस मैदान तक।

तब-

गरम साँसों की छुअन,

होठों की चुभन

समाधि तक चलेगी साथ,

वहीं घटित होगा प्रेम।

उकेर देना चाहते हो न!

मेरे शरीर के

हर हिस्से पर अपना नाम,

वहाँ पर बीज बो दूँगी मैं,

जब आखिरी बार मिलोगे

तब वह बन चुका होगा

बोधिवृक्ष

और-

तुम उसकी छाँव में

बैठकर बुद्ध बन जाना।

email - drsantwanapaysi276@gmail.com

विज्ञानः बंद पड़ी रेल लाइन का ‘भूत’

 भूत-प्रेत के किस्से कहानियाँ काफी प्रचलित हैं। यकीन करें या ना करें, लेकिन ऐसे किस्से-कहानियाँ इतने

रोमांचक होते हैं कि हर जगह इनको सुनने-सुनाने वाले लोग मिल ही जाते हैं।

किसी भी आहट, हरकत, या मंजर को भूत की करामात मान लेने का हुनर और विश्वास दुनिया के सभी हिस्सों में होता है और ऐसे किस्से हर जगह मिल जाएँगे। इसी का एक उदाहरण है दक्षिण कैरोलिना के समरविले के जंगल में एक बंद पड़ी रेल लाइन पर अचानक कौंधने वाली चमक। 

इस इलाके के कुछ बड़े-बुज़ुर्ग इस चमक से जुड़ी एक भूतिया कहानी सुनाते हैं: कई साल से एक महिला रात के वक्त हाथ में लालटेन लिये अपने पति का सिर इस रेल लाइन पर तलाशने निकलती है। उसका पति कभी किसी समय इस रेल लाइन पर ट्रेन से कट गया था और इस घटना में उसका सिर धड़ से अलग हो गया था।

इस कहानी पर गौर करें, तो मन में कुछ ज़ाहिर से सवाल उठ सकते हैं। जैसे महिला को यदि सिर की ही तलाश है, तो वह रात में तलाशने क्यों निकलती है, दिन में क्यों नहीं जाती? दिन में तलाशे, तो सिर मिलने की संभावना अधिक होगी। 

इसी कहानी का एक दूसरा रूप भी सुनने को मिलता है: 1880 के दशक में जब यह रेल लाइन चालू थी, तब एक महिला रोज़ रात को हाथ में लालटेन लिए अपने ट्रेन कंडक्टर पति से मिलने और उसे खाना देने इस रेल ट्रेक पर आती थी। एक रात को वह आई; लेकिन ट्रेन नहीं आई, बस खबर आई कि ट्रेन पटरी से उतर गई है और उसका पति उसमें मारा गया। लेकिन उसे यकीन नहीं हुआ और इस विश्वास में कि उसका पति लौटकर आएगा, वह रात को यहाँ लालटेन लेकर उसका इंतज़ार करती है। 

कहानी के ऐसे कुछ और भी संस्करण सुनने को मिलते हैं; लेकिन जितने भी संस्करण आप सुनेंगे, उनमें एक चीज़ कॉमन है: रेल ट्रेक के पास लालटेन की रोशनी, या यूँ कहें लालटेन की लौ के समान प्रकाश की वलयाकार चमक। दरअसल, इन सभी कहानियों में (एकमात्र) यही वास्तविक अवलोकन है और लोगों द्वारा इसके विविध अनुभवों ने भूतिया कहानियों को जन्म दिया है।

इन कहानियों ने जब स्थानीय किस्सागोई से आगे बढ़कर किताबों और अखबारों की सुर्खियों में जगह बनाई तो यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे की भूकंपविज्ञानी सुज़ैन हफ का ध्यान इनकी ओर गया। और बारीकी से जब उन्होंने इनके विवरणों को पढ़ा , तो पाया कि यह कोई भूत-प्रेत का मामला नहीं बल्कि एक भूकंपीय घटना का संकेत है। 

जैसे लोगों ने कहा था कि उन्होंने अपनी कारें बेतहाशा हिलते हुए महसूस कीं, या अचानक घर के दरवाज़े हिलते हुए देखे। स्पष्ट तौर पर ये भूकंप के नतीजे थे। अलबत्ता, कुछ विवरण ऐसे थे जो सीधे तौर पर भूकंपीय घटना से जुड़े नहीं लगे रहे थे। जैसे, लोगों को शोर और फुसफुसाहट सुनाई देना। लेकिन हवा में टंगी वलयाकार रोशनी तो भूकंपीय घटना का परिणाम लग रही थी। 

दरअसल इस इलाके में किए उनके पूर्वकार्य के अनुभव कह रहे थे कि यह रोशनी भूकंपीय घटना का परिणाम है। 2023 में, हफ और उनके साथियों ने इन्हीं पटरियों पर फील्डवर्क करते समय देखा था कि इन पटरियों में एक अजीब सा खम (घुमाव) है; बिछे ट्रेक पर पटरियाँ जहाँ-तहाँ थोड़ा मुड़ गई हैं और सीधी की बजाय लहरदार बिछी हैं। कभी सीधी रहीं इन पटरियों के लहरदार हो जाने का कारण उन्होंने 1886 में चार्ल्सटन में 7.3 तीव्रता का भूकंप पाया था।

फिर, कई अन्य जगहों पर भूकंपीय रोशनी अनुभव भी की गई हैं, जैसे विलमिंगटन और कैरोलिनास में भी इसी तरह की रोशनी दिखने की सूचना मिली है। और ये विलमिंगटन, कैरोलिनास या दक्षिणी कैरोलिना में ही नहीं, बल्कि कहीं भी दिख सकती हैं। लेकिन इनका अध्ययन करना मुश्किल है; क्योंकि ये कब-कहाँ दिखेंगी इसका कोई ठिकाना नहीं; इसलिए भूकंप की रोशनी को कैमरों वगैरह में कैद करना थोड़ा मुश्किल है। और फिर अब इतने सालों बाद समरविले और ऐसे अन्य स्थान इतने भी सुनसान और अंधकार में डूबे नहीं रहे हैं कि पल भर को कौंधती रोशनी अच्छे से दिख जाए। 

जापान के एक वैज्ञानिक, युजी एनोमोटो ने इन भूकंपीय रोशनियों के निकलने का कारण तो बताया है। जब भूकंप आता है, तो कभी-कभी इसके साथ रेडॉन या मीथेन जैसी गैस निकलती हैं, और जब ये गैस ऑक्सीजन के संपर्क में आती हैं , तो जलने लगती हैं। नतीजतन चमक पैदा होती है।

लेकिन समरविले के मामले में हफ का ख्याल है कि यहाँ भूकंप के साथ रोशनी पैदा करने में रेडॉन या मीथेन जैसी गैसें नहीं बल्कि रेल की पटरियाँ भूमिका निभाती हैं। दरअसल साउथ कैरोलिना में अपने फील्डवर्क के दौरान उन्होंने देखा था कि ट्रेक के आसपास पुरानी पड़ चुकी पटरियों का ढेर पड़ा हुआ है। होता यह है कि जब रेल कंपनियाँ पुरानी पटरियों को बदलती हैं , तो प्राय: पुरानी पटरियों को वहाँ से हटाती ही नहीं हैं। इसलिए, ट्रेक के आसपास ढेर सारी स्टील की पटरियाँ पड़ी होती हैं। और थोड़ी हलचल या भूकंप से जब ये पटरियाँ आपस में रगड़ खाती हैं , तो इनसे चिंगारी निकलती है, जो लोगों ने अनुभव की। और कहानी बन गईं।

अपने इस विचार को हफ ने सिस्मोलॉजिकल रिसर्च लैटर्स में प्रकाशित किया है, और वे इस पर खुद व अन्य लोगों द्वारा आगे काम करने और भूकंपीय रोशनी को तफसील से समझने की उम्मीद करती हैं।

बहरहाल, जैसा कि हमने शुरूआत में कहा, हमारे यहाँ भी ऐसी ढेरों कहानियाँ मशहूर हैं। भानगढ़ के मशहूर किले को ही ले लें; किले में रात के वक्त सुनाई देने वाली आवाज़ें उसे भूतिया करार देती हैं। हफ के द्वारा किया गया यह अध्ययन और उसका परिणाम क्या हमारे यहाँ के वैज्ञानिकों को यह समझने के लिए प्रेरित कर सकता है कि खाली पड़े खंडहर में रात को किसी (‘प्राणी’ या ‘शय’) की गूंज/पुकार सुनाई देती है या माजरा कुछ और ही है? (स्रोत फीचर्स)

लघुकथाः बीमार

  - कमल चोपड़ा

साइकैट्रिस्ट के पास जाने के लिये उनकी पत्नी बड़ी मुश्किल से मानी थी। वह पूछती, ‘मुझे क्या हुआ है? मैं तो ठीक-ठाक हूँ। क्या मैं पागल हूँ। साइकैट्रिस्ट डॉ० मदान के कुछ भी पूछने बताने से पहले मेहता ने कहा, ‘‘डॉ० साहब ये मेरी वाइफ है। पिछले चार पाँच साल से मैं इन्हें महँगा से महँगा कोई गिफ्ट लाकर देता हूँ। तो इसका रिएक्शन बहुत ठंडा सा होता है? पिछले चार-पाँच वर्ष से इसने हमारी कोठी के आगे-पीछे छत पर हर जगह फल, फूलों, सब्जियों के पेड़-पौधे लगवा दिये हैं। कहीं गमले पड़े हैं तो कहीं पक्षियों के लिये दाना पानी के मिट्टी के कसोरे लटक रहे हैं। घर पर दुनिया भर के पक्षी आने लगे हैं। और तो और ये दिन में दो बार दूध ब्रेड लेकर गलियों में घूम रहे आवारा कुत्तों को खिलाने पहुँच जाती है। हमारी अलीशान कोठी को छोटा-मोटा जंगल जैसा बना दिया है। हमारा एक ही बेटा है और वह विदेश में पढ़ रहा है। सारा दिन पक्षियों की आवाजें आती रहती हैं। यों यह खासी पढ़ी-लिखी हैं पर……? सारा दिन घर पर रहकर पेड़-पौधे जानवरों की सेवा में लगी राहती है।’’

      डॉक्टर ने उन्हें चुप कराते हुए कहा, ‘‘ठीक है मैं इनसे कुछ प्रश्न पूछूंगा अब। बाद में मुझे आपकी भी काउंसलिंग करनी पड़ेगी तब तक आप प्लीज बाहर बैठिए। पत्नी से तरह-तरह के प्रश्न पूछने के बाद डॉक्टर ने मेहता को बुलाया और पूछा, ‘‘आप कुछ अपने बारे में बताइए?

      लगभग पच्चीस वर्ष पहले मैंने दो लाख रुपयों से काम शुरू किया था। अपनी काबिलियत और परिश्रम से मैंने अपनी कम्पनी को तीन सौ करोड़ तक पहुँचा दिया है। घर में नौकर-चाकर सभी सुविधाएँ मौजूद हैं। पर पत्नी ने घर में गंद मचा रखा है। कहीं तिनके और सूखे हुए पत्ते …….?

      मैं जबरदस्ती इन पेड़, पौधों को उखड़वाकर साफ करवा सकता हूँ। पर डरता हूँ कि कहीं ये पूरी पागल न हो जाए।

      डॉक्टर ने उन्हें टोकते हुए फिर पूछा, ‘‘अच्छा ये बताओ आपके अपनी पत्नी से रिलेशंस कैसे हैं? आप आखरी बार कब हँसे थे। आपको फूलों का खिलना, पौधों का धीरे-धीरे बड़ा होना, पेड़ों का झूमना और पक्षियों का चहचहाना क्या आपको यह सब अच्छा नहीं लगता। कुछ देर चुप रहने के बाद वे एकाएक बोले, ‘‘दिन भर मैं तो ऑफिस में काम करता हूँ। घर पर रहने का मेरे पास टाइम ही कहाँ है? मुझे बी.पी., शुगर है। पर दवाई गोली खाकर काम में लगा रहता हूं। ऑफिस में पूरा स्टाफ है, पर मुझे खुद सुबह से शाम तक कामों में जुटा रहना पड़ता है। लाखो की कमाई है। चिन्ता रहती है कि कहीं कम्पनी घाटे में न चली जाए।’’

      हँसते हुए डॉक्टर ने कहा, ‘‘लाखो की जो कमाई  आगे और होनी है। उसके नुकसान होने की आपको टेंशन है।

      मैंने आपकी वाइफ को चेक कर लिया है। मेण्टली सीइज क्वाइट फिट एंड नार्मल। उसे प्रकृति से प्रेम है। माफ करना आपकी पत्नी नहीं: बल्कि मानसिक रूप से बीमार तो आप हैं। शारीरिक और मानसिक रुप से स्वस्थ होना है< तो आपको प्रकृति की तरफ वापिस लौटना ही होगा……।’’