मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jan 1, 2025

प्रदूषणः साँसों का संकट

  - जेन्नी शबनम 

सुबह के लगभग 10 बजे बालकनी में निकली, तो देखा कि धुआँसा पसरा हुआ है, जिसे कोहरा या स्मॉग भी कहते हैं। देखने में तो बड़ा अच्छा लगा, मानो जाड़े के दिनों का कुहासा हो। परन्तु साँस में धूल-कण जाने लगे और आँखों में जलन होने लगी। शाम 5 बजे भी यही स्थिति रही। इस कोहरे में कहीं बाहर निकलने का अर्थ है श्वसन तंत्र और आँखों को कष्ट पहुँचाना। परन्तु कोई घर में कब तक छुपा रह सकता है। अपने कार्य एवं व्यवसाय के लिए बाहर जाना आवश्यक है। घर से बाहर भले मास्क पहनकर जाएँ, पर प्रदूषण के प्रभाव से बच नहीं सकते। घर के दरवाज़े व खिड़कियाँ भले बन्द हों, पर वायु प्रदूषण से बचाव सम्भव नहीं है। फेफड़े परेशान हैं और आँखें लाल। 

यों तो पूरा देश वायु प्रदूषण की चपेट में है; परन्तु दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति बदतर हो गई है। ऐसा महसूस होता है जैसे साँस लेने पर आपातकाल लग गया हो। जो व्यक्ति श्वास से सम्बन्धित बीमारी से पीड़ित हैं, उनकी स्थिति बेहद गम्भीर हो चुकी है। स्वस्थ व्यक्ति भी आँखों में जलन, सिर दर्द और साँस लेने में परेशानी का अनुभव कर रहा है। सरकार लगातार प्रदूषण के बचाव के लिए कार्य कर रही है; परन्तु स्थिति बदतर होती जा रही है है। वायु प्रदूषण से आँखों में जलन व चुभन, साँस लेने में कठिनाई, गले में ख़राश, शरीर पर एलर्जी, वाहन चालकों को सड़क ठीक से न दिखना इत्यादि समस्या हो रही है। इससे दमा, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक जैसी बीमारी का ख़तरा बढ़ता है।  

दिल्ली के इस प्रदूषण पर सरकार और विपक्ष में तकरार जारी है। दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मानो इनमें से किसी ने बोरी में भरकर प्रदूषण लाया और पूरी दिल्ली पर छिड़काव कर दिया। विपक्ष का कहना है कि आम जनता के लिए दिल्ली गैस चेंबर बन चुकी है। किन्तु यहाँ सिर्फ़ आम जनता नहीं रहती, देश का राजा अपने मंत्रियों के साथ रहता है, जिसे आरोप लगाने का पूर्ण अधिकार है; समस्या के समाधान का कोई दायित्व नहीं। सत्ता और विपक्ष को किसी भी कठिन समय में आरोप-प्रत्यारोप से बाहर आकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होना चाहिए। 

सबसे अहम प्रश्न यह है कि क्या यह प्रदूषण दिल्ली सरकार फैला रही है? क्या आम जनता अपने कर्त्तव्य का पालन कर रही है? क्या केन्द्र सरकार और दिल्ली सरकार एक साथ मिलकर कोई ठोस क़दम उठा रही है? निःसन्देह सरकार से हमें उम्मीद होती है; परन्तु हम जनता को भी अपने कर्तव्यों के प्रति सचेत होना आवश्यक है। यदि जनता सचेत रहती, तो वायु प्रदूषण या अन्य कोई भी प्रदूषण नहीं होता। 

सरकार ने पटाखों पर पाबन्दी लगाई; परन्तु जनता ने ग़ैरकानूनी तरीक़े से पटाखे ख़रीदे। पराली जलाने पर पाबन्दी लगाई गई; परन्तु हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश इत्यादि राज्यों ने ख़ूब परली जलाई। दिल्ली में गाड़ियों की रैली मानो हर दिन होती रहती है। सभी पैसे वालों के पास कई-कई गाड़ियाँ हैं। वे बड़ी-सी गाड़ी में अकेले बैठकर चलना अपनी शान समझते हैं। वे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे तो उनकी प्रतिष्ठा दाँव पर लग जाएगी। इन दिनों निम्न आय वर्ग का व्यक्ति भी दोपहिया वाहन चलाता है। जबकि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था देश के किसी भी हिस्से से बेहतरीन है। मेट्रो और बस की सुविधा दिल्ली के लिए वरदान है। दूर जाने के लिए समय और संसाधन के बचाव का सर्वोत्तम विकल्प मेट्रो है; हालाँकि अधिकतर निम्न व मध्यम आय वर्ग के लोग मेट्रो का उपयोग करते हैं। 

बढ़ती गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण के कारण जब दिल्ली सरकार ने ऑड-इवेन का फ़ॉर्मूला लागू किया तो अधिकतर लोगों को इससे परेशानी हो रही थी; जबकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ है। वाहन चालन के ऑड-इवेन की व्यवस्था के बाद शहर में गाड़ियों की भीड़ और प्रदूषण दोनों कम हो गया था। ऐसा लगता था मानो दिल्ली की हवा भी स्वच्छ हवा में साँसें ले रही हो। परन्तु यह फ़ॉर्मूला ज़्यादा दिन चल न सका। दिल्ली सरकार को चाहिए कि ऑड-इवेन फ़ॉर्मूला हमेशा के लिए दिल्ली में लागू करे, ताकि सड़क पर गाड़ियों का दबाव कम हो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग हो, जिससे प्रदूषण पर लगाम लगे। 

पराली, पठाखा व परिवहन के अलावा निर्माण कार्य से होने वाला प्रदूषण भी वायु को दूषित कर रहा है। दिल्ली में ऊँची-ऊँची इमारतें, सड़क, या अन्य निर्माण कार्य बिना उचित प्रबंधन के होता है, जिससे हवा में धूल-कण पसरते हैं। पाबन्दी के बावजूद लकड़ी जलाए जाते हैं, कूड़ा जलाए जाते हैं। पेड़ बेवज़ह काटे जा रहे हैं। कचरा प्रबंधन सही नहीं है। मलबा का निस्तारण सही नहीं हो रहा है। रासायनिक कचरा और कल-कारखाने का धुआँ वातावरण को दूषित करता है। इस प्रकार के कई कार्य हैं, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। यह सब आम जनता कर रही है, न कि सरकार; परन्तु दोष सरकार को देते हैं। हम अधिकार की बात करते हैं, लेकिन देश के प्रति अपने कर्तव्यों को भूल जाते हैं। जब-जब जो प्रतिबन्ध सरकार लगाती है, उसे ईमानदारी से जनता निभाए और स्वहित छोड़कर राष्ट्रहित की बात सोचे, तो हर एक व्यक्ति देश की समस्या के निदान में अपना हाथ बँटा सकता है।   

हर आम जनता का कर्त्तव्य है कि देश पर से कुछ भार काम करे। जनसंख्या नियंत्रण, प्राकृतिक जीवन शैली अपनाना, कारपूलिंग का प्रयोग, संयम, अनुशासन, करुणा, धन-सत्ता के लोभ का त्याग, अहंकार पर नियंत्रण, प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सरकार का सहयोग, स्व-चेतन व तार्किक चिन्तन इत्यादि को अपने जीवन में उतारकर किसी भी समस्या और समाधान पर पहल करें तो निश्चित हो सफल हुआ जा सकता है। चाहे वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, भोजन प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण हो या स्वास्थ्य प्रदूषण। ■

पर्व - संस्कृतिः लोहड़ी- जीने की उमंग जगाते ये त्यौहार

  - बलविन्दर बालम

छोटी- छोटी खुशियों का संग्रह है ज़िंदगी। खुशियों का पूरा गगन किसी के भी पास नहीं है कि मनुष्य जब चाहे खुशी का सितारा तोड़कर ज़िन्दगी को श्रृंगार ले। मनुष्य ने मौसम, दिन, वातावरण, रीति रिवाज़, रिश्ते-नाते, मोहब्बत, प्रेम, लगाव तथा परम्पराओं इत्यादि को मद्देनज़र रखते हुए हर्ष, चाव इत्यादि को ढूँढने के लिए मेलों, त्योहारों को अस्तित्व में लाया गया। अगर मनुष्य की ज़िंदगी से मेले-त्योहार तथा महत्त्वपूर्ण दिनों को मनफी कर दिया जाए तो समस्त ज़िंदगी नीरस सी, फीकी एंव बे-स्वाद सी होकर रह जाए। मनुष्य की ज़िंदगी में खूबसूरती, सुन्दरता, सौन्दर्य, जीने की उमंग, एक ललक तथा एक इच्छा पैदा करते हैं ये मेले एंव त्योहार।

लोहड़ी शब्द लोही से बना जिस का अभिप्राय है -वर्षा होना, फसलों का फूटना। एक लोकोक्ति है अगर लोहड़ी के समय वर्षा न हो, तो कृषि का नुक्सान होता है। परम्परा के गुलशन से ही जन्म लेता है- लोहड़ी का त्योहार। यह त्योहार मौसम के परिवर्तन, फसलों का बढ़ना तथा कई ऐतिहासिक तथा मिथ्यहासिक दन्त कथाओं से जुड़ा हुआ है। मुख्य तौर पर भारत का प्रसिद्ध राज्य पंजाब कृषि प्रधान राज्य है। इसी वजह से किसानों, जिमींदारों एंव मज़दूरों की मेहनत का पर्यायवाची है लोहड़ी का त्योहार। हर्ष तथा सद्भावना यह त्योहार समस्त मज़हबों, धर्मों के लिए एकता का प्रतीक तथा सांस्कृति का एक भव्य उपहार है।

लोहड़ी माघ महीने की सक्रांति से पहली रात को मनाई जाती है। किसान सर्द ऋतु की फसलें बोकर आराम फरमाता है। जिस घर में लड़का पैदा हुआ हो उसकी शगुन एंव हर्ष से लोहड़ी पाई जाती है। बैंड-बाजे बजाए जाते हैं। बाज़ीगरनें एंव भंड रिश्ते-नातों के गीत सुनाकर हास्य-व्यंग्य के विनोद गायन सुनाकर अपने बनती लोहड़ी (बधाई) बटोरकर ले जाते हैं। इस दिन प्रत्येक घर में मुँगफली, रेवड़ियों, चिरवड़े, गच्चक, भुग्गा, तिलचौली, मक्की के दाने, गुड़, फल इत्यादि लोहड़ी बाँटने के लिए रखे जाते हैं। गन्ने के रस की खीर बनाई जाती है। दही के साथ इसका स्वाद निराला ही होता है। जिस नवजन्मे बच्चे के लिए लोहड़ी पाई जाती है उसके रिश्तेदार उसके लिए सुन्दर वस्त्र, खिलौने तथा जेवरात इत्यादि बनवाकर लाते हैं।

आजकल तो लड़कियों की लोहड़ी भी खुशी एंव उमंग से पाई जाती है। विकसित परिवारों में लड़की की लोहड़ी का चाव लड़के से कम नहीं करते। रिश्तेदार लड़की को आभूषण एंव सुन्दर वस्त्र देते हैं। खास कर लोहड़ी वाली लड़की को पाजेबें देना शुभ शगुन समझते हैं। इस खड़ी लकड़ियों के ढ़ेर बनाकर या उपलों का ढ़ेर बनाकर उसकी अग्नि से सेंक का लुत्फ लिया जाता है। चारों और बिखरी सर्दी तथा रूईं की भान्ति फैली धुंध में अग्नि के सेंक का अपना ही आनंद होता है। इस अग्नि में तिल इत्यादि फैंकते हैं। घरों में समस्त परिवार बैठकर हर्ष की अभिव्यक्ति के लिए गीत गायन करते हैं। देर रात तक ढोलक की आवाज़, ढोल के फड़कते ताल, गिद्दों-भंगड़ों की धमक तथा गीतों की आवाज़ सुनाई देती रहती है। रिश्तों की सुरभि, तथा प्यार का नज़ारा चारों ओर देखने को मिलता है। एक सम्पूर्ण खुशी का आलम।

लोहड़ी के त्योहार के साथ जुड़ी कई कथाएँ प्रचलित हैं- एक प्रसिद्ध डाकू दूल्हा भट्ठी ने एक निर्धन ब्राह्मण की दो बेटियों सुन्दरी एंव मुन्दरी को ज़ालिमों में छुड़ा का उनकी शादियाँ कीं तथा उन की झोली में शक्कर डाली। उन निर्धन बेटियों की शादियाँ कर के पिता के फर्ज़ निभाए। इस सम्बध में एक लोक गीत अब भी प्रचलित है जैसे: सुन्दर मुन्दरिए, हो, तेरा कौन बेचारा-होः दुल्ला भट्टी वाला-हो, दुल्ले ने धी बेआही-हो, सेर शक्कर पाई-होः कुढ़ी दे बोझे पाई-होः कुढ़ी दा लाल पटाका-होः कुढ़ी दा शालू पाटा-होः शालू कौन समेटे-होः चाचा गाली देसे होः चाचे चूरी कुट्टी होः सेर शक्कर पाई होः, ज़िमींदारां वहुटी-होः, ज़िमींदार सदाओ-होः गिन-गिन पोले लाओ-होः इक पोला घस गया, ज़िमींदार वहुई लै के नस्स गयाः हो-हो-हो-हो-हो-हो-हो-हो।

लोहड़ी के कई परम्परिक गीत प्रचलित हैं जैसेः लोहड़ी बई लोहड़ी, दिओ गुड़ दी रोड़ी, कलमदान विच घिओ, जीवे मुंडे दा पियो, कलमदान विच कांना, जीवे मुंडे दा नाना, कलमदान विच कांनी, जीवेम मुंडे दी नानी। लड़के-लड़कियाँ भी इस दिन लोहड़ी माँगते हैं। समूह बनाकर लोहड़ी  माँगने का अपना ही एक मज़ा होता है। बेशक लोहड़ी के गीत अलोप होते जा रहे हैं; परन्तु वृद्धजन को आज भी यह गीत जुबानी याद हैं -जैसे कोठी हेठ चाकू, गुड़ दऊ मुंडे दा बापू। कोठी उत्ते कां, गुड़ दऊ मुंडे दी मां। विवाहित जोड़ों (दम्पती) की भी लोहड़ी पाई जाती है। इस पर एक लोक गीत हैः टांडा नी लकड़ियों टांडा सी, इस टांडे नाल कलीरा सी, जुग जीवे नी बीबी तेरा वीरा सी, इस वीरे दी वेल वदाई सी, घर चूड़े ते बीढ़े वाली आई सी, चूड़ा बीढ़ा वज्जे नी, शरीकनियाँ नूं सद्दे नी, शरीकनियाँ मारे बोल, तरा निक्का जीवे, तेरा बड्डा जीवे, वड्डा वड़ेरा जीवे, गुड़ दी रोड़ी देवे, भाइयाँ दी जोड़ी जीवेम

लोहड़ी वाले घर से अगर जल्दी लोहड़ी न मिले तो लड़कियाँ यह गीत कहती हैं- साड़े पैरां हेठ रोढ़, सानूं छेती-छेती तोर, साड़े पैरां हेठ दहीं, असीं मिलना वी नईं, साड़े पैरां हेठ परात, सानूं उत्तों पै गई रात। 

लड़का पैदा होने पर लड़कियाँ व्यंग्य-विनोद में उस के परिवार को इस गीत से सम्बोधन करती हैं: गीगा लकड़ी दा शाबा, वे लड़ाका तेरा बाबा, गीगा तत्ता-तत्ता घिओ, वे लड़ाका तेरा पिओ, गीगा गोरी-गोरी गां, वे लड़ाकी तेरी माँ। इस तरह कुछ और गीत जैसेः कुपिए नीं कुपिए, असमान ते लुट्टिए, असमान पुराना, छिक् बन्ना ताना, लंगरी च दाल, मार मत्थे नाल, मत्था तेरा बड्डा, लेआ लकड़ियाँ दा गठ्ठा। लोहड़ी के दिन लड़के स्वांग बनकर नाचते गाते भी लोहड़ी माँगते हैं।

लोहड़ी के दूसरे दिन माघी का पवित्र त्योहार मनाया जाता है। माघ माह को शुभ समझा जाता है। इस माह में विवाह शुभ माने जाते हें। इसी माह में पुन्य दान करना, लड़कियों की शादी करना शुभ माना जाता है। इस माह ठिठुरती सर्दी में रजाई का आनन्द, गन्ने का रस, मूली- गाजर इत्यादि खाने का मजा भी आता है। चावल की खिचड़ी, सरसों का साग, मक्की की रोटी और मख्खन खाने का ज़ायका भी कमाल का होता है।

माघी का मेला देश भर में मनाया जाता है। सिक्खों के पांचवें गुरू श्री अर्जुन देव जी ने माघ माह की बारह माह बाणी में प्रशंसा की हैः माघ मंजन संग साधुआं धूढ़ी कर इस्नान इत्यादि। श्री कृष्ण भगवान ने गीता के आठवें अध्याय में भी माघ माह का अति सुन्दर वर्णन किया हैः- अग्नि ज्योंतिरह शुक्ल, वण्मासा उतरायणन। माघ से लेकर छह माह का समय उत्तरायणमय कहलाता है, जिसमें ब्रह्म को जानने वाले लोग प्राणों का त्याग कर मुक्त हो जाते हैं। प्रयाग तीर्थ में महात्मा प्रकल्प करते हैं। ■

सम्पर्कः ओंकार नगर गुरदासपुर (पंजाब), मो. 9815625409

लोक- साहित्यः गिरधर के काव्य में लोक-जीवन

  - रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु' 

'गिरधर के काव्य में लोक जीवन' विषय पर कुछ कहने से पहले 'लोक' शब्द पर विचार करना आवश्यक है। डॉ. विद्यानिवास मिश्र के अनुसार–'लोक का अर्थ व्यापक मानव-व्यवहार है अथवा मूल्यबोध से प्रेरित स्वीकृत व्यवहार या चेतना है।' न शास्त्र लोक विरुद्ध हो सकते हैं, न लोक शास्त्रों के विरुद्ध। लोक स्वीकृति ही शास्त्र का रूप ग्रहण करती है। इन सबके बीच में मर्यादा एक कड़ी है। कहीं वह लोक-मर्यादा के रूप में आती है, कहीं शास्त्र–मर्यादा के रूप में। चाहे वेद की ॠचाएँ हों, चाहे गीता के श्लोक, अपनी बात कहने के लिए लोक–जीवन को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हैं।

गिरधर कवि ने कुण्डलियों के माध्यम से अपने अनुभवों को समाज के समक्ष रखा है। सफल व्यक्ति बनने के लिए सफल जीवन जीने की कला आनी चाहिए. इस कला के लिए व्यापक मानव-व्यवहार का ज्ञान ज़रूरी है। धर्म, दर्शन, सामाजिक मूल्य खरे हैं या नहीं, लोक-जीवन ही इसका निर्णय करता है। 'लोकजीवन' ही वह निकष है, जिस पर हमारी आस्थाएँ, हमारी लोकनीति या व्यवहार परखे जाते हैं। हमारे चिन्तन, वचन और कर्म का सन्तुलन हमारे व्यवहार को सन्तुलित बनाता है। गिरिधर कवि के काव्य में यह लोकजीवन विभिन्न उक्तियों, अन्योक्तियों, सूक्तियों एवं चिन्तन- धारा के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। हमारा चिन्तन हमारी आस्थाओं का प्रतिबिम्ब है, तो हमारे कार्यकलाप हमारे वचन एवं कर्म का साक्षात् रूप है। कवि ने साधु की पहचान बताते हुए कहा है-

बहता पानी निर्मला, पड़ा गन्ध सो होय।

त्यों साधु रमता भला, दाग न लागै कोय॥

अर्थात् बहता पानी ही निर्मल है, रुका हुआ पानी गन्दा हो जाता है, उसी प्रकार विचरण करने वाला ही सच्चा साधु है। सच्चा साधु राग-द्वेष से दूर अनासक्त भाव से अपना जीवन–यापन करता है।

गिरिधर कवि मानते हैं कि पूर्व धारणाओं से ग्रस्त व्यक्ति सच्चा ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकता। सच्चा ज्ञान प्राप्त करने के लिए हमें खुले दिमाग़ से चिन्तन करना पड़ेगा। जब तक दिलो-दिमाग़ किसी मज़हब के पाश में जकड़ा रहेगा, तब तक हम निष्पक्ष भाव से चिन्तन नहीं कर सकते। किसी-किसी दायरे में बँधा चिन्तन हमें आत्मज्ञान से दूर ले जाता है। आज के सन्दर्भ में गिरिधर जी का यह कथन एकदम सटीक है-

पासी जब लग मज़हब की, तब लग होत न ज्ञान।

मजब-पासि टूटै जबै, पावै पद निर्वान॥

पाशबद्ध चिन्तन ही अविद्या है। यह अविद्या निरन्तर गड्ढे खोदने का काम करती है। शास्त्र और स्मृति ग्रन्थ पढ़ने वाले भी इन गड्ढों में गिरकर मग्न हैं। ये अन्धे बहरों की तरह आचरण करते हैं। ऐसे विवेक-शून्य लोगों के लिए कहा गया है-

गढ़े अविद्या ने रचे, हाथी डूब अनन्त।

जोइ गिरयो तिस खांत में, धँसग्यो कान प्रयन्त॥

अविद्या के गड्ढे में जो कानों तक डूब गया, उसका उबरना असम्भव है। कवि ने अविद्या से बचने का एकमात्र उपाय बताया है–ज्ञान। इस ज्ञान को प्राप्त करने के ले गुरु–कृपा अनिवार्य है, तभी चित्त स्थिर हो सकता है-

कह गिरिधर बिन ज्ञान चित्त, थिर होत न ऐसा

गुरु अनुग्रह बिना बोध, दृढ़ होत न जैसा॥

मित्रता का जीवन में बहुत महत्त्व है। साथ निभाने वाले व्यक्ति से ही मित्रता की जाए. जो व्यक्ति सुख-दु: ख सम्पत्ति-विपत्ति में साथ दे, वही सच्चा मित्र है-

यारी ता संग कीजिए, गहै हाथ सो हाथ।

दुख-सुख, सम्पत्ति-विपति में, छिन भर तजै न साथ। ।

कवि ने कभी काम न आने वाले मित्रों के लिए एक लोकोक्ति के माध्यम से कहा है-

जाना नहिं जिस गाँव में, कहा बूझनो नाम।

तिन सखान की क्या कथा, जिनसो नहिं कुछ काम॥

अर्थात् जिस गाँव में जाना नहीं, उस गाँव का नाम पूछने से क्या फ़ायदा। उन साथियों की क्या बात की जाए, जिनसे कोई मतलब नहीं, अर्थात् जो हमारे काम में सहायक न हों। उनसे दूर ही रहें।

जीवन में कर्म प्रधान है। निकम्मे व्यक्ति आज का काम कल पर टालते हैं। जबकि 'कल' कुछ होता ही नहीं-'घटका-घटका करके सिगरी आयु घट गई' अर्थात् घड़ी-घड़ी करके सारी आयु घटती जा रही है। इसीलिए चेतावनी देता है-'काल्ह काम करना जोऊ, सो तो कीजै आज।'

गिरधर कवि ने लोभ, रस अर्थात् जीभ का स्वाद तथा राग को जीवन के लिए अहितकर बताया है–

लोभ पाप का बीज है, रस व्याधी का बाप।

राग क़ैद का बीज, तज तीन सुखी हो आप॥

जीवन के एक कटु अनुभव को गिरधर कवि ने अपने काव्य में स्थान दिया है, वह है-भूख। आज के सन्दर्भ में भी कवि का यह कथन लोकजीवन के कटु यथार्थ को उद्घाटित करने में सक्षम है। इस भूख के निवारण के लिए मनुष्य को क्या-क्या पापड़ नहीं बेलने पड़ते। भूख सारे गुमान को चकनाचूर कर देती है। इसके लिए मनुष्य बहुत कुछ अकरणीय भी कर जाता है-

भूख विधाता ने रची, सबका हरे गुमान।

क्षुधा-निवारण के अरथ, क्या नहीं करै पुमान!

जीवन के सारे सत्य हम स्वयं अनुभव करके नहीं जानते, वरन् लोक-जीवन से होकर बहती चली आई अनुभव-धारा ही हमें बहुत कुछ सिखाती है। गिरिधर कवि कहते हैं कि गुरु, विद्वान्, कवि, मित्र, पुत, पत्नी, द्वारपाल, पुरोहित, राजमन्त्री, ब्राह्मण, पड़ोसी, वैद्य और रसोइया इन तेरह से कभी बैर न करें। भाई से मधुर सम्बन्ध रखने पर और भी अधिक बल दिया है-

साँई अपने भ्रात को, कबहूँ न दीजै त्रास।

पलक दूर नहीं कीजिए, सदा राखिए पास॥

उधार लेने वाले मीठे वचन बोलकर उधार तो ले लेंगे, परन्तु फिर चुकाएँगे नहीं। आजकल बहुत से विवाद उधार के लेन-देन से पैदा होते हैं। कवि ने इस कटु यथार्थ से सचेत किया है-

झूठा मीठे वचन कहि, ॠण उधार ले जाय

लेत परम सुख उपजै, लैके दियो न जाय॥

सचेत करने का मुख्य कारण है यह है कि यह संसार मतलबपरस्त है। जब पैसा नहीं रहेगा, तब मित्र भी साथ छोड़ जाएँगे। पैसा पास होने पर ही मित्र साथ में रहते हैं-

साँई सब संसार में, मतलब का व्यवहार।

जब लगि पैसा गाँठ में, तब लगि ताको यार॥

फिर भी कवि धन पर कुण्डली मारकर बैठने की सलाह नहीं देता। उदारतापूर्वक ख़र्च करने में ही धन की शोभा है-

पानी बाढ़ों नाव में, घर में बाढ़े दाम।

दोनों हाथ उलीचिए, यही सयानो काम॥

अगर ऐसा नहीं करेंगे तो पानी भरने से नाव डूब जाएगी, ख़र्च न करने पर, दौलत भी नहीं बचेगी। इस सन्देश से पूँजीपतियों को शिक्षा लेनी चाहिए। कवि विवेकपूर्वक कार्य करने की सलाह देता है; क्योंकि

बिना विचारे जो करै, सो पाछै पछताय।

काम बिगारै आपनो, जग में होत हसाय॥

जीवन में अगर भूल हो जाए, तो उसे सुधार लेना चाहिए. निराश-हताश होकर बैठे रहना, अतीत की भूलों पर आँसू बहाने से कोई फ़ायदा नहीं। गिरिधर कवि की यह उक्ति आज भी लाखों हताश–निराश लोगों में आशावादिता का संचार करती है-

बीती ताहि बिसारि दै, आगे की सुधि लेइ।

जो बनि आवै सहज में, ताही में चित देइ॥

गिरिधर कवि अनपढ़-गँवाँर से लेकर विद्वानों तक जुड़े हैं। इसका मुख्य कारण है–उनके काव्य का जनमानस के निकट होना। योग्य व्यक्ति उपेक्षित हो जाते हैं और अयोग्य व्यक्ति अपनी तिकड़मों से हर युग में अपना स्थान बना लेते हैं। जहाँ ऐसी अँधेरगर्दी हो, वहाँ से दूर चले जाना ही ठीक है। घोड़े, बाज और गधे, कौए के प्रतीक द्वार कवि ने कहा है-

साँई घोड़े अछतहीं, गदहन आयो राज।

कौआ कीजै हाथ में, दूर कीजिए बाज॥

जहाँ ऐसी अराजकता हो वहाँ नहीं रुकना चाहिए सुबह का इन्तज़ार किए बगैर वहाँ से साँझ को ही प्रस्थान कर देन चाहिए–

तहाँ न कीजै भोर, साँझ उठि चलिए साईं।

कवि ने अन्य स्थलों पर भी समझदार व्यक्ति को अन्योक्ति के माध्यम से सचेत किया है–

हंसा ह्याँ रहिए नहीं, सरवर गए सुखाय।

काल्हि हमारि पीठ पै, बगुला धरि हैं पाँय॥

सरोवर जब सूख जाए, तो हंसों को वहाँ नहीं रहना चाहिए। सम्भव है किसी दिन बगुला ही पीठ पर सवार हो जाए। हंस और बगुले के माध्यम से अच्छे लोगों के प्रति, ओछे लोगों के मन में आए अवज्ञाभाव का संकेत किया गया है।

कवि ने लोकजीवन के कुछ ऐसे सूत्र भी बताए हैं, जो युग–सत्य कहे जा सकते हैं। यथा-कृतघ्न व्यक्ति से दूर रहना, अपने मन की बात को सबके सामने प्रकट न करना। कृतघ्न व्यक्ति कभी मित्र या शत्रु में भेद नहीं करता। उसे स्वार्थ पूरा करने से मतलब है। सर्वस्व लुटाने पर भी, वह कभी किसी का हो ही नहीं सकता–

कृतघन कबहुँ न मानहीं, कोटि करै जो कोय।

सर्वस आगै राखिए, तऊ न अपनो होय॥

इसीलिए कवि कहता है कि बड़े और उदार व्यक्ति से ही अपना सम्बन्ध रखना चाहिए कायर क्रूर और कुपुत्र तो मझधार में डुबो देंगे–

प्रीति कीजिए बड़ेन सो, समया लावै पार।

कायर, कूर, कपूत हैं, बोरि देत मझधार॥

कवि ने एक व्यावहारिक सलाह और भी दी है, जो आज की परिस्थितियों में अवश्य ध्यान में रखनी चाहिए–

राजा के दरबार में, जैसो समया पाय।

साईं तहाँ न बैठिए, जहँ कोउ देय उठाय॥

कवि की दृष्टि जीवन के हर पक्ष पर गई है। वे साधारण से साधारण वस्तु में भी सार्थकता ढूँढ लेते हैं। जैसे–

लाठी में गुन बहुत हैं, सदा राखिए संग।

गहिरि नदी नारा जहाँ, तहाँ बचावै अंग॥

सुखमय जीवन के लिए व्यवहार-कला के गुण ही मनुष्य को लोकप्रिय बनाते हैं-

गुन के गाहक सहस नर, बिन गुन लहै न कोय।

जैसे कागा, कोकिला, शब्द सुनै सब कोय॥

गिरिधर कवि ने अपने जीवन में जो देखा, जो समाज के लिए, लोक के लिए ग्राह्य है, उसे सरल, सहज, सुबोध भाषा में पिरोकर प्रस्तुत कर दिया। गिरिधर के काव्य में कविता के शास्त्रीय गुणों की ऊँचाई भले ही न हो; परन्तु जन-मन में घर कर लेने वाली शक्ति ज़रूर है, जो आज सैंकड़ों वर्षों के बाद भी जनमानस में उनकी कुण्डलियों को जीवित किए हुए हैं। गिरिधर की ये कुण्डलियाँ उन कविताओं की तरह नहीं हैं, जो आज लिखी जाती हैं और कल मर जाती हैं। इन कुण्डलियों की जीवन्तता का एक मात्र कारण है-लोक जीवन से अन्तरंगता। शिलालेख किसी को जीवित नहीं रखते। वह शक्ति केवल जनमानस को मिली है। जनमानस में केवल वही सुरक्षित रहता है, जो शाश्वत होता है, जो समय की धारा के साथ प्रवाहित हो सकता है।■

जिन्हें हम भूल गएः दो जागरण गीत

 -  पं. वंशीधर शुक्ल

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी- अवधी सम्राट- पं. वंशीधर शुक्ल, जन्म- वसंत पंचमी, सन् 1904 ई., जन्म स्थान- ग्राम मन्यौरा, लखीमपुर, पिता- पं0.छेदीलाल, रचनाएँ -मेला घुमनी, चुगल चंडालिका,कृषक विलाप, मतवाली गज़ल, राष्ट्रीय गान आदि , उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा उनकी समग्र रचनाओं का संकलन ‘ वंशीधर शुक्ल रचनावली’ शीर्षक से प्रकाशित किया गया है

1. सवेरा हुआ है,

                       उठो सोने वालों! सवेरा हुआ है;

                      वतन के फकीरों का फेरा हुआ है।

जगो अब निराशा- निशा खो रही है,

सुनहली- सी पूरब दिशा हो रही है;

ऊषा की किरण कालिमा धो रही है,

न अब  कौम कोई कहीं सो रही है;

             तुम्हे किसलिए मोह घेरा हुआ है।

              उठो सोने वालों! सबेरा हुआ है।

जवानों! जगो, कौम की जान जागो,

पड़े किसलिए देश की शान जागो;

गुलामी मिटे देश उत्थान जागो,

शहीदों की सच्ची सुसंतान जागो;

         हटा दूर आलस- अँधेरा हुआ है।

         उठो सोने वालो ! सवेरा हुआ है।

उठो देवियो ! वक्त खोने न देना,

  कहीं फूट के बीज बोने न देना;

जगें जो, उन्हें फिर से सोने न देना,

कभी राष्ट्र अपमान होने न देना;

        घड़ी शुभ मुहूरत का डेरा हुआ है।

         उठो सोने वालों सबेरा हुआ है।

नई रोशनी मुल्क में उग रही है,

युगों बाद फिर हिन्द- माँ जग रही है;

खुमारी बचा प्राण को भग रही है,

दिलों में निराली लगन लग रही है;

            मुसीबत से अब तो निबेरा हुआ है।

             उठो सोने वालों सवेरा हुआ है।

हवा क्रान्ति की झूमती डाली- डाली,

बदल जाने वाली है शासन- प्रणाली;

जगो देख लो कैसी रौनक- निराली,

सितारे गए, आ गया अंशुमाली;

                 घरों में, दिलों में उजेरा हुआ है।

                  उठो सोने वालो! सवेरा हुआ है।

  ( 1930 ई.)

2. उठ जाग मुसाफिर

उठ जाग मुसाफ़िर भोर भई
अब रैन कहा जो सोवत है
जो सोवत है सो खोवत है
जो जागत है सो पावत है
उठ जाग मुसाफ़िर भोर भई
अब रैन कहा जो सोवत है
टुक नींद से अंखियाँ खोल जरा
पल अपने प्रभु से ध्यान लगा
यह प्रीति करन की रीति नहीं
जग जागत है तू सोवत है
तू जाग जगत की देख उडन,
जग जागा तेरे बंद नयन
यह जन जाग्रति की बेला है
तू नींद की गठरी ढोवत है
लड़ना वीरों का पेशा है
इसमे कुछ भी न अंदेशा है
तू किस गफ़लत में पड़ा - पड़ा 
आलस में जीवन खोवत है
है आज़ादी ही लक्ष्य तेरा
उसमें अब देर लगा न जरा
जब सारी दुनिया जाग उठी
तू सिर खुजलावत रोवत है।

विज्ञान राउंड अपः वर्ष 2024 अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान जगत - चक्रेश जैन

  - चक्रेश जैन

साल 2024 में कृत्रिम बुद्धि यानी एआई के उपयोग का दायरा बढ़ता रहा - मौलिक कविता लेखन से लेकर चुनाव में मतदाताओं को लुभाने तक इसका इस्तेमाल हुआ। कहना मुश्किल है कि यह विस्तार कहाँ पहुँचकर थमेगा। 

यह वही वर्ष है, जब जनरेटिव एआई से सृजित लार्ज लैंग्वैज मॉडल द्वारा शोध पत्रों की समकक्ष समीक्षा (पीयर रिव्यू) ने नए सवालों को जन्म दिया। 2024 के भौतिकी और रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कारों ने एआई आधारित अनुसंधान कार्य को मुहर अचंभित कर दिया।

इस वर्ष पेरिस में आयोजित ओलंपिक खेलों में एआई का जलवा दिखा। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण से लेकर कार्यक्रमों के प्रसारण में एआई शामिल रहा। वर्जीनिया युनिवर्सिटी के गणितज्ञ केन ओनो ने गणितीय मॉडलिंग के ज़रिए अमेरिकी तैराकों को इस लायक बनाया कि वे शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक बटोरने में कामयाब रहे।

वर्ष 2024 में जापान ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में दो ऐतिहासिक सफलताएँ हासिल कीं। 20 जनवरी को वह चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का पाँचवा देश बन गया। 5 नवंबर को लकड़ी से बना उपग्रह अंतरिक्ष में भेजकर इतिहास रचा। ऐसा कर जापान ने इको फ्रेंडली उपग्रहों का मार्ग प्रशस्त किया है। इस उपग्रह को ‘लिगनोसैट’ नाम दिया गया है। 

इसी वर्ष साइंस एडवांसेज़ में प्रकाशित एक अध्ययन में यह खुलासा किया गया कि मंगल ग्रह पर अरबों साल पहले पानी मौजूद था। सच तो यह है कि काफी समय से यह माना जाता रहा है कि मंगल ग्रह के आरंभिक इतिहास में पानी की अहम भूमिका रही है।

साल की शुरुआत में ही नासा ने आर्टिमिस चंद्र मिशन कार्यक्रम एक वर्ष के लिए स्थगित कर दिया। इस मिशन का उद्देश्य अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर पुन: उतारना है।

वर्ष 2024 में अंतरिक्ष में पहली बार एक निजी कंपनी ने अपने शक्तिशाली रॉकेट से एक केला भेजा, इसका उद्देश्य अंतरिक्ष में शून्य गुरुत्वाकर्षण के प्रभाव का अध्ययन करना है।

इसी वर्ष चीन का अंतरिक्ष यान चांग-ए-6 यान 53 दिनों की यात्रा पूरी कर चंद्रमा के सुदूर क्षेत्र से मिट्टी और चट्टानों के नमूने एकत्र करके पृथ्वी पर लौट आया है। चीन को इस दिशा में पहली बार बड़ी सफलता मिली है। अमेरिका और सोवियत संघ पहले ही चंद्रमा के निकटस्थ भाग से नमूने ला चुके हैं।

विदा हो चुके वर्ष 2024 में पहली बार प्रतिपदार्थ (एंटी मैटर) को प्रयोगशाला से बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। इस असाधारण उपलब्धि के लिए सर्न प्रयोगशाला के अनुसंधानकर्ताओं की दो टीमों में होड़ जारी रही। हर पदार्थ-कण का एक प्रतिपदार्थ होता है। भौतिकशास्त्र के अध्येताओं का मानना है कि बिग बैंग के दौरान प्रतिपदार्थ और पदार्थ समान मात्रा में बने थे। प्रतिपदार्थ को पृथ्वी पर सबसे महँगा पदार्थ माना जाता है। एक ग्राम प्रतिपदार्थ बनाने की लागत खरबों डॉलर आएगी।

इसी वर्ष अनुसंधानकर्ताओं ने एक फोटॉन से दुनिया का सबसे छोटा क्वांटम कंप्यूटर बनाने में सफलता हासिल की। क्वांटम कंप्यूटर क्वांटम यांत्रिकी सिद्धांत पर आधारित होते हैं।

साल 2024 में पहली बार मनुष्य में जेनेटिक रूप से संशोधित सुअर के गुर्दे का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया। अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में इसे बड़ी उपलब्धि कहा जा सकता है।

वर्ष 2024 में जीवविज्ञान की सबसे महत्त्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी परियोजना मानव कोशिका एटलस का पहला मसौदा जारी किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य मनुष्य की प्रत्येक कोशिका का जेनेटिक मानचित्र तैयार करना है। फिलहाल इसमें 620 लाख मानव कोशिकाओं का डैटा है। इस अनुसंधान से आगे चलकर गंभीर बीमारियों के बारे में सटीक जानकारियां उपलब्ध हो सकेंगी। ‘विकिपीडिया फॉर सेल्स’ नाम की इस परियोजना की शुरुआत 2016 में हुई थी। दस वर्षीय परियोजना पूरी होने की दहलीज पर है। इसमें 102 देशों ने सहभागिता की है।

नेचर के अनुसार पहली बार माइटोकॉन्ड्रिया के दो प्रकारों का पता चला। माइटोकॉन्ड्रिया को कोशिका का ऊर्जा भण्डार कहा जाता है। वहीं अनुसंधानकर्ताओं ने टमाटर में से दो जीन हटाकर मीठे टमाटर का सृजन किया, जिसका उपयोग मधुमेह रोग से लड़ने में हो सकता है।

नेचर पत्रिका के अनुसार पहली बार एक महिला वैज्ञानिक ने प्रयोगशाला में वायरस का सृजन कर अपने कैंसर का इलाज किया। यह अपने ढंग का अनूठा और चुनौतीपूर्ण प्रयोग था।

इसी साल जनवरी में कंपनी न्यूरालिंक ने पहली बार किसी मनुष्य में इलेक्ट्रॉनिक चिप प्रत्यारोपित किया। यह पहला मानव परीक्षण था। 

पुरस्कार व समारोह

साल 2024 के विज्ञान के नोबेल पुरस्कारों के लिए सात वैज्ञानिकों का चयन किया गया। चिकित्सा विज्ञान के नोबेल पुरस्कार के लिए विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रूवकुन को संयुक्त रूप से चुना गया। दोनों वैज्ञानिकों को यह सम्मान माइक्रो आरएनए पर अनुसंधान के लिए दिया गया है। 

भौतिकशास्त्र में नोबेल सम्मान जेफ्री हिंटन और जॉन हाॅपफील्ड को मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने के लिए मिला है। वस्तुत: दोनों अनुसंधानकर्ताओं ने आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क को प्रशिक्षित किया है ताकि वह मनुष्यों की भांति सोच सके और सीख सके। 

इस साल का रसायन विज्ञान का नोबेल सम्मान डेविड बेकर, डेमिस हस्साबिस और जॉन जम्पर को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया है। जहां डेविड बेकर ने कंप्यूटेशनल प्रोटीन डिज़ाइन पर अनुसंधान किया है, वहीं डेमिस हस्साबिस और जॉन जम्पर ने प्रोटीन संरचना की भविष्यवाणी को लेकर शोधकार्य किया है। 

ब्रिटिश भौतिकीविद सर रिचर्ड हेनरी फ्रेंड को अर्द्ध चालक पदार्थों के क्षेत्र में शोध के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ फिज़िक्स द्वारा आइज़ैक न्यूटन मेडल से पुरस्कृत किया गया।

साल 2024 का बुनियादी चिकित्सा अल्बर्ट लास्कर पुरस्कार चीनी-अमेरिकी जैव रसायनविद ज़िजियान जेम्स चेन को दिया गया है। इस वर्ष का लास्कर ब्लूमबर्ग लोकसेवा पुरस्कार कुरैशा अब्दुल करीम और सलीम अब्दुल करीम को संयुक्त रूप से दिया गया है। दोनों ही अध्येता कोलंबिया युनिवर्सिटी में रोग प्रसार विज्ञान के विशेषज्ञ हैं।

साल 2024 का एबेल पुरस्कार फ्रांसीसी गणितज्ञ मिशेल पियरे टैलाग्रेंड को दिया गया है। उन्हें यह सम्मान गणितीय भौतिकी और सांख्यिकी में संभाव्यता सिद्धांत व कार्यात्मक विश्लेषण में विशेष योगदान के लिए मिला है।

अजरबैजान की राजधानी बाकू में 29वाँ संयुक्त राष्ट्र वार्षिक शिखर सम्मेलन हुआ। इसमें जलवायु परिवर्तन के लिए उत्तरदायी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सबसे ज़्यादा ज़ोर जलवायु वित्त पोषण पर रहा। सम्मेलन को दी फाइनेंस कॉप नाम दिया गया है। सम्मेलन में विकसित और विकासशील देशों के बीच गहरे मतभेदों के कारण प्रमुख मुद्दों पर प्रगति अवरुद्ध रही।

वर्ष 2024 ‘इंटरनेशनल ईयर ऑफ कैमेलिड्स’ के रूप में मनाया गया। संयुक्त राष्ट्र के आव्हान पर अंतर्राष्ट्रीय ऊँट वर्ष मनाने का मुख्य उद्देश्य पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण, खाद्य सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में ऊँट की अहम भूमिका उजागर करना था। 

इस वर्ष अमेरिकन केमिकल सोसायटी द्वारा प्रकाशित पत्रिका केमिकल रिव्यूज़ के सौ साल पूरे हुए। यह रसायन विज्ञान का शीर्षस्थ जर्नल है, जिसका प्रकाशन 1924 में शुरू हुआ था।

इसी साल 25 नवंबर को दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित संयुक्त राष्ट्र वैश्विक प्लास्टिक संधि पर आयोजित वार्ता में दुनिया भर के देशों के प्रतिनिधि जुटे। इस बार कुछ प्रस्तावों पर सहमति दिखाई दी, लेकिन महत्त्वपूर्ण मुद्दे नहीं सुलझे और वार्ता बिखर गई।

इसी साल मेक्सिको में चुनाव संपन्न हुए, जिसमें देशवासियों ने पहली बार महिला वैज्ञानिक क्लॉडिया शीनबॉम को राष्ट्रपति चुना। उन्होंने वैज्ञानिक से राष्ट्रपति पद तक पहुंचने के सफर में कई चुनौतियों का सामना किया है।

स्मृतिशेष

साल 2024 में हमने कई नोबेल पुरस्कार विजेताओं को खो दिया। 8 अप्रैल को ब्रिटिश भौतिकशास्त्री और तथाकथित गॉड पार्टिकल के खोजकर्ता पीटर हिग्ज़ का निधन हो गया। उन्हें 2013 में भौतिकशास्त्र के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

अतिचालकता सिद्धांत के अनुसंधानकर्ता लियान कूपर का 23 अक्टूबर को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें इस क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए 1972 में नोबेल सम्मान मिला था।

इसी वर्ष 4 अगस्त को विख्यात भौतिकीविद प्रोफेसर त्संग दाओ ली का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें 1957 में भौतिकी का नोबेल सम्मान मिला था। वे सबसे कम उम्र में नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गए दूसरे वैज्ञानिक थे। उन्होंने कण भौतिकी में विशेष योगदान दिया था। 

स्वीडिश जैव रसायनज्ञ बेंग्ट सैमुएलसन की 5 जुलाई और जे. रॉबिन वारेन की 23 जुलाई को मृत्यु हो गई। दोनों वैज्ञानिकों को चिकित्सा विज्ञान के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया था।

17 अक्टूबर को चिकित्सा विज्ञान में नोबेल विजेता एंड्रयू वी. स्काली का देहांत हो गया। उन्होंने दो दशकों तक मस्तिष्क में मौजूद हारमोन की भूमिका पर अनुसंधान किया था। उन्हें इस शोधकार्य के लिए 1975 में अल्बर्ट लास्कर पुरस्कार और 1977 में चिकित्सा विज्ञान का नोबेल सम्मान प्रदान किया गया था। (स्रोत फीचर्स)