मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 3, 2024

कविताः बसन्त की अगवानी

 – नागार्जुन

दूर कहीं पर अमराई में कोयल बोली

परत लगी चढ़ने झींगुर की शहनाई पर

वृद्ध वनस्पतियों की ठूँठी शाखाओं में

पोर-पोर टहनी-टहनी का लगा दहकने

टूसे निकले, मुकुलों के गुच्छे गदराए

अलसी के नीले पुष्पों पर नभ मु्स्काया

मुखर हुई बाँसुरी, उँगलियाँ लगीं थिरकने

पिचके गालों तक पर है कुंकुम न्यौछावर

टूट पड़े भौंरे रसाल की मंजरियों पर

मुरक न जाएँ सहजन की ये तुनुक टहनियाँ

मधुमक्खी के झुंड भिड़े हैं डाल-डाल में

जौ-गेहूँ की हरी-हरी वालों पर छाई

स्मित-भास्वर कुसुमाकर की आशीष रंगीली

 

शीत समीर, गुलाबी जाड़ा, धूप सुनहली

जग वसंत की अगवानी में बाहर निकला

माँ सरस्वती ठौर-ठौर पर पड़ी दिखाई

प्रज्ञा की उस देवी का अभिवादन करने

आस्तिक-नास्तिक सभी झुक गए, माँ मुस्काई

बोली--बेटे, लक्ष्मी का अपमान न करना

जैसी मैं हूँ, वह भी वैसी माँ है तेरी

धूर्तों ने झगड़े की बातें फैलाई हैं

हम दोनों ही मिल-जुलकर संसार चलातीं

बुद्धि और वैभव दोनों यदि साथ रहेंगे

जन-जीवन का यान तभी आगे निकलेगा

इतना कहकर मौन शारदा हुई तिरोहित

दूर कहीं पर कोयल फिर-फिर रही कूकती

झींगुर की शहनाई बिल्कुल बंद हो गई


खान- पानः सब्ज़ियाँ अब उतनी पौष्टिक नहीं रहीं

तंदुरुस्त बने रहने के लिए जंक फूड, तला-भुना खाने की बजाय अक्सर फल, सलाद, सब्ज़ियों को भोजन में
शामिल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन हम शायद इस बात से अनभिज्ञ हैं कि पिछले सत्तर सालों में इन ‘सेहतमंद’ चीज़ों में भी पोषक तत्वों की मात्रा घट गई है।

वर्ष 2004 में जर्नल ऑफ दी अमेरिकन कॉलेज ऑफ न्यूट्रिशन में एक अध्ययन में 1950 से 1999 के बीच प्रकाशित यूएस कृषि विभाग के डैटा के आधार पर बताया गया था कि 43 फसलों में प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, आयरन, राइबोफ्लेविन, विटामिन सी जैसे 13 पोषक तत्वों में परिवर्तन दिखे थे। कमी कितनी हुई यह हर पोषक तत्व और फल-सब्ज़ी के प्रकार पर निर्भर है। लेकिन सामान्यत: प्रोटीन में 6 प्रतिशत से लेकर राइबोफ्लेविन में 38 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई है। खासकर ब्रोकली, केल (एक तरह की गोभी) और सरसों के साग में कैल्शियम में सबसे अधिक कमी आई है। वहीं चार्ड, खीरे और शलजम में आयरन की मात्रा में काफी कमी हुई है। शतावरी, कोलार्ड (एक अन्य तरह की गोभी), सरसों का साग और शलजम के पत्तों में विटामिन सी काफी कम हो गया है। इसके बाद हुए अन्य अध्ययनों में भी इसी तरह के परिणाम देखने को मिले हैं।

अनाजों में भी इसी तरह की कमी देखने को मिली है। 2020 में साइंटिफिक रिपोर्ट्स में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया था कि 1955 से 2016 के बीच गेहूंँ में प्रोटीन की मात्रा 23 प्रतिशत कम हो गई है, साथ ही आयरन, मैंग्नीज़, जस्ता और मैग्नीशियम भी घटे हैं।

मांसाहारी भी कम पोषक तत्व वाले भोजन की समस्या से अछूते नहीं हैं। पशु अब कम पौष्टिक घास और अनाज खा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप मांस और अन्य पशु उत्पाद अब पहले की तुलना में कम पौष्टिक हो गए हैं।

वाशिंगटन विश्वविद्यालय के भू-आकृति विज्ञानी डेविड आर. मॉन्टगोमेरी और जलवायु परिवर्तन एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ क्रिस्टी एबी बताते हैं कि इस समस्या के लिए कई कारक ज़िम्मेदार हैं। इनमें एक है फसल की पैदावार बढ़ाने के लिए अपनाई गईं आधुनिक कृषि पद्धतियां।

पौधों को शीघ्र और बड़ा उगाने के लिए अपनाए गए तरीके में पौधे मिट्टी से पर्याप्त पोषक तत्व नहीं सोख पाते या उन्हें संश्लेषित नहीं कर पाते हैं।

फिर अधिक उपज से यह भी होता है कि मिट्टी से अवशोषित पोषक तत्व अधिक फलों में बंट जाते हैं, नतीजतन फल-सब्ज़ियों में पोषक तत्व कम होते हैं।

उच्च पैदावर के कारण होने वाली मृदा की क्षति भी इस समस्या का एक कारण है। गेहूँ, मक्का, चावल, सोयाबीन, आलू, केला, रतालू और सन सभी फसलों की जड़ें कवक के साथ साझेदारी करती हैं जिससे पौधों द्वारा मिट्टी से पोषक तत्व और पानी लेने की क्षमता बढ़ती है। उच्च पैदावार वाली खेती से मिट्टी खराब हो जाती है जिससे कुछ हद तक कवक और पौधों की साझेदारी प्रभावित होती है।

कार्बन डाईऑक्साइड का बढ़ता स्तर भी हमारे खाद्य पदार्थों की पौष्टिकता कम कर रहा है। पौधे वायुमंडल से कार्बन डाईऑक्साइड लेते हैं, और वृद्धि के लिए इसके कार्बन का उपयोग करते हैं। लेकिन जब गेहूँ, चावल, जौं और आलू समेत बाकी फसलों को उच्च कार्बन डाईऑक्साइड मिलती है तो उनमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बढ़ जाती है। इसके अलावा, जब पौधों में कार्बन डाईऑक्साइड अधिक मात्रा में होती है तो ये मिट्टी से कम पानी खींचते हैं, जिसका अर्थ है कि वे मिट्टी से सूक्ष्म पोषक तत्व भी कम ले रहे हैं।

2018 में साइंस एडवांसेज़ में प्रकाशित नतीजे बताते हैं कि उच्च कार्बन डाईऑक्साइड के कारण 18 किस्म की धान में प्रोटीन, आयरन, ज़िंक और कई बी विटामिन कम पाए गए थे।

यदि इन पोषक तत्वों में और कमी आई तो पोषक तत्वों की कमी से होने वाले रोगों का खतरा बढ़ सकता है या जीर्ण रोगों के प्रति जोखिमग्रस्त हो सकते हैं। और इसका असर उन लोगों पर, खासकर निम्न और मध्यम आय वाले लोगों पर, अधिक होगा जो ऊर्जा और पोषण के लिए मुख्यत: चावल- गेहूँ जैसे अनाजों पर निर्भर हैं और पोषण के अन्य स्रोतों का खर्च वहन नहीं कर सकते।

यह तो सुनने में आता रहता है कि अब सब्ज़ियों या फलों में वो स्वाद नहीं रहा। देखा गया है कि कई सारे पोषक तत्व फल-सब्ज़ियों और अनाज के स्वाद में इजाफा करते हैं। इनकी कमी फल-सब्ज़ियों के स्वाद को भी प्रभावित करेंगे।

बुरी खबर यह है कि कई अनुमान मॉडलों का कहना है कि आगे भी आलू, चावल, गेहूंँ और जौं के प्रोटीन में 6 से 14 प्रतिशत की कमी आ सकती है। नतीजतन भारत समेत 18 देशों के आहार से 5 प्रतिशत प्रोटीन घट जाएगा।

तो इस समस्या से कैसे निपटा जाए? मिट्टी में सुधार के लिए एक तरीका है संपोषी खेती। पीअरजे: लाइफ एंड एनवायरनमेंट पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन बताता है कि संपोषी खेती से फसलों में कुछ विटामिन, खनिज और पादप-रसायनों का स्तर बढ़ता है, मिट्टी का जैविक स्वास्थ्य बेहतर होता है। इसके लिए पहला कदम यह है कि जितना संभव हो सके मिट्टी को खाली छोड़ दिया जाए और जुताई कम कर दी जाए। मिट्टी को ढंकने वाली तिपतिया घास, राई घास, या वेच लगाकर मिट्टी का कटाव और खरपतवार की वृद्धि रोकी जा सकती है। और खेत में बदल-बदल कर फसलें लगाने से पोषक तत्व में फायदा हो सकता है।

लेकिन जब तक पैदावार में पोषण बहाल नहीं होता तब तक क्या करें? 

पहले तो इस खबर से घबराकर लोग फल-सब्जियाँ खाना छोड़ या कम कर पोषण पूरकों का रुख न करें। बल्कि इससे वाकिफ रहें कि उनका भोजन कैसे उगाया जा रहा है। हम क्या खा रहे हैं यह पता होना जितना महत्त्वपूर्ण है उतना ही महत्त्वपूर्ण यह जानना भी है कि हम जो खा रहे हैं वह कैसे उगाया जा रहा है। और पोषक तत्वों की कमी की पूर्ति के लिए अलग-अलग तरह और रंग की फल-सब्जियाँ आहार में शामिल करें। पृथ्वी पर मौजूदा सबसे स्वास्थ्यवर्धक खाद्य फल, सब्जियाँ और अनाज ही हैं। (स्रोत फीचर्स)

विकासः फैशन को टीकाऊ बनाना होगा

 - अपर्णा विश्वनाथ

मनुष्यों ने अपनी बेहिसाब जरूरतों की आपूर्ति और बाकी सुख-सुविधाएँ भी पृथ्वी से प्राप्त की, न कि अन्य ग्रहों से। ऐसा इसलिए भी कि नौ ग्रहों में पृथ्वी ही एकमात्र ऐसा ग्रह है, जिसमें जीवन जीने के लिए सभी कारक मौजूद हैं।  

माता भूमि पुत्रोहं पृथिव्या: अर्थात् ‘पृथ्वी मेरी माता है और मैं उसका पुत्र हूँ।’

‘Earth is my mother I am her son’

अथर्ववेद में वर्णित भूमि सूक्तों में यह एक है। जहाँ कहा गया कि पृथ्वी हमारी माँ और हम उनके बच्चे हैं। पृथ्वी को माता के रूप में कहा गया है। हम पृथ्वी की वंदना करते हैं; लेकिन यह सूक्ति आज के समय में सिर्फ सूक्ति बनकर रह गई है। क्यों और कैसे का जवाब हम सभी के जानते हैं।

अति उपभोक्तावाद की प्रवृत्ति से आज हम धरती की रक्षक की जगह भक्षक बन गए हैं। ज़रूरत से ज़्यादा खाना, पानी, जमीन-जायदाद और अब तो कपड़ा भी; पर हक़ जताने की होड़ में हमने दूसरे के हिस्से के हक़ को छीनना प्रारंभ कर दिया है। मनुष्य ही नहीं बल्कि पृथ्वी पर लाखों ऐसी प्रजातियाँ हैं जो किसी ना किसी रूप में हम मनुष्यों के अति उपभोग का शिकार हो रहे हैं।

मनुष्य हजारों वर्षों से इसी धरती पर रह कर रोटी कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की नींव रखते हुए अपनी सभ्यता और संस्कृति के विकास की निरंतर यात्रा में चल रहा है। विकास की यात्रा ने मनुष्य की अति महत्वाकांक्षी, समाज में व्यक्तिगत प्रतिष्ठा, नवपरिवर्तन की चाह और खोजी प्रवृत्तियों ने विलासिता को भी जन्म दिया।

समयान्तर में विकास की संस्कृति उपभोगवादी और बाजारवादी की संस्कृति में तब्दील होती चली गई। 

दिखावे और विलासिता की होड़ इस कदर हावी हुई कि मनुष्यों ने प्रकृति से छीनना प्रारंभ कर दिया। अंततोगत्वा प्रकृति और पर्यावरण का दोहन करना आदत में शुमार होता चला गया। 

विस्फोटक, विकराल रूप ले चुकी जनसंख्या की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अनेक क्रान्ति जैसे हरित क्रांति, औद्योगिक क्रांति, श्वेत क्रांति के अलावा समय समय पर अनेकों क्रान्ति हुए। बेशक जिसकी वजह से हम आर्थिक रूप से सुदृढ़ भी हुए हैं। इन्हीं में से एक कपड़ा उद्योग का क्रान्ति भी है।

कपड़ा उद्योग का औद्योगिक क्रान्ति में अहम योगदान था।

हथकरघा की जगह मशीनों ने और हस्तकरघा गृह उद्योग की जगह कारखानों ने ले ली। लेकिन यहाँ भी सिक्के के दो पहलू है। आज हम फैशन की दुनिया के बेताज बादशाह बनने की होड़ में दौड़ तो रहे हैं; लेकिन यह प्रकृति और पर्यावरण पर किस कदर नुकसान पहुँचा रहा है शायद इस बात से अनभिज्ञ हैं।

तीन-चार दशक पहले अगर थोड़ा सा फ़्लैश बैक में हम देखेंगे हैं तो पाएँगे कि एक साधारण आयवर्ग वाले के यहाँ पूरे परिवार के लिए कपड़े रखने के लिए मात्र एक अलमारी हुआ करती थी। कहने का मतलब यह कि कपड़े सीमित मात्रा में हुआ करते थे। कुछ बाहर के लिए और कुछ शादी-ब्याह के लिए। कपड़ों की खरीदारी शादी-ब्याह या प्रमुख त्योहार पर ही होती थी। 

आज पर आते हैं। आज कपड़ों की खरीदारी किसी मौके की मोहताज नहीं है। आज चाहे कोई वर्ग के हो, आए दिन कुछ नया के नाम पर कपड़े खरीदते रहते हैं। आज परिवार के हर सदस्यों की अपनी अलमारी है। बड़ों की, बच्चों की अलग-अलग। तो आप कहेंगे कि यह आम बात है, इसमें कौन सी बड़ी बात है। बच्चे, महिलाएँ, पुरुष कोई भी पीछे नहीं इस दिखावे की होड़ में। 

कभी सीजन के कपड़े, कभी न्यू कलेक्शन तो कभी क्लियरेंस सेल, लुभावनी छूठ, तो कभी गिफ्ट के चक्कर में हम अनचाही सस्ते कपड़ों की खरीदारी करते हैं। कुछ समय पहनते हैं या कभी कभी तो बिना पहने ही छोड़ देते हैं।

लेकिन इस बार कपड़ों की खरीदारी करते वक्त थोड़ा ठहरिए और विचारिए कि -

★क्या हमारे कपड़ों की अलमारी पर्यावरण को प्रभावित कर रही है?

★क्या हम फास्ट फैशन के शिकार नहीं हो रहे हैं?

★फैशन की अंधाधुन्ध भागम-भाग में क्या हम प्रकृति का विनाश तो नहीं कर रहें हैं?

★क्या हम मनुष्य प्रकृति के सबसे बड़े दुश्मन तो नहीं बन रहें हैं?

आप कहेंगे क्यों भाई पैसा मेरा, क्रेडिट कार्ड मेरा। तो फैशन करना मेरी मर्जी और मेरा हक़ बनता है ना।

सही कहा, हम अपने अधिकारों में इस तरह उलझे हुए हैं कि कर्तव्यों के पीछे कभी सोचना क्या ध्यान भी नहीं जाता है। आज पूरी दुनिया ही गैरजरूरी फ़ैशन के पीछे पागलों की तरह सरपट दौड़ रही है। फैशन और शॉपिंग के नाम भारी संख्या में लोग रोज नई पोशाक खरीदते हैं और पुरानी फेंक देते हैं। धन का अनावश्यक अपचय तो है ही इसके अलावा इससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान हो रहा है।

अब आप कहेंगे कपड़ा फ़ैशन और सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। बीच में यह प्रकृति पर्यावरण और कर्तव्य से क्या लेना-देना। तो इकोवॉच की सुनिए - जो यूएस की एक न्यूज साइट है (यह पर्यावरण संबंधी मुद्दों के बारे में लोगों को जागरुक कर करती है ) ने तेल इंडस्ट्री के बाद गारमेंट इंडस्ट्री को प्रकृति के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक बताया है। क्योंकि फास्ट फैशन में बहुत ही फास्ट तरीके से हमारे प्राकृतिक जल स्त्रोतों, हवा और जमीं को खराब करना शुरू कर दिया है।

वैज्ञानिकों का भी कहना है कि हमारे फैशन और कपड़ों के चक्कर में दुनिया सबसे ज्यादा गंदी हो रही है। कुल मिलाकर जो कपड़े हमें खूबसूरत दिखाते हैं, वेअसल में दुनिया को गंदा बना रहे हैं।

कैसे...? 

‌फास्ट फैशन के नाम पर पूरी दुनिया में लगभग 100 अरब से ज़्यादा कपड़े तैयार होने लगे हैं। आज गारमेंट उद्योग, तेल उद्योग के बाद दूसरा बड़ा करोबार होता जा रहा है। हर देश में लगभग गारमेंट मिलें हैं। जिनमें हजारों तरह के रसायनों का इस्तेमाल होता है।

यह हमारे पर्यावरण को कैसे नुकसान पहुँचा रहा है, यह आप नीचे लिखे बातों से अनुमान लगा सकते हैं -

★दुनियाभर में लोग सबसे ज्यादा सूती (कॉटन) के कपड़े पसंद किए और पहने जाते हैं। इसके लिए कच्चा माल कपास प्राकृतिक तो है, लेकिन इसकी खेती पर्यावरण के लिए नुकसानदेय है। क्योंकि कपास की खेती के लिए तुलनात्मक रूप से ज्यादा पानी, ज्यादा खेती के लिए खाद, ज्यादा कीटनाशक और दूसरे हानिकारक रसायनों की भी बहुत ज़्यादा ज़रूरत होती है। इसके अलावा दूसरे कपास किसी भी फसल के मुक़ाबले धरती की उर्वरक क्षमता को कम करती हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक सूती की सिर्फ़ एक टी-शर्ट बनाने के लिए लगभग 2,700 लीटर पानी की खपत होती है। तो आप अनुमान लगा सकते हैं कि हम पर्यावरण को कैसे क्षति पहुँचा रहे हैं।

★कपड़ों को रंग-बिरंगे रासायनिक रंगों से डाइ किया जाता है। बचे हुए डाय नालों से होते नदी और समुद्र में मिलते हैं और साफ पानी को प्रदूषित करते हैं। इसके अलावा कपड़े बनने के प्रोसेस में जहरीले रसायन के अलावा कपड़ों के महीन रेशे कण भी पानी में जाकर विलय होते हैं। यह सभी जल में रहने वाले प्रजातियों के लिए जहर के समान है।

इसके अलावा भी अनगिनत नुकसान सीधे प्रकृति और पर्यावरण को झेलना पड़ता है। कपड़ा बनने, इस्तेमाल करने से लेकर फेंकने तक के सफ़र में हर बार और बार-बार हम प्रकृति को प्रदूषित करते हैं। 

★ Indiatimes.com के एक आलेख में के अनुसार 1 किग्रा. कपड़ा बनने में 23 किग्रा. ग्रीनहाउस गैस का उत्पादन होता है। ये समझना होगा कि जितनी जरूरत है उतनी ही खरीदे ताकि प्रकृति पर अनावश्यक बोझ न पड़े और प्रकृति बची रहे।

★सस्टेनेबल / इको-फैशन

धरती पर कपड़ों के अनावश्यक बोझ तथा इससे होने वाले अन्य नुकसानों को कम करने के लिए सबसे पहले कपड़ा उद्योग को ही सामने आकर कठोर कदम उठाने होंगे और सस्ते फैशनेबल कपड़ों की जगह *सस्टेनेबल (टिकाऊ/ स्थायी) जिसे *इको-फैशन* भी कहा जाता है,कपड़ों के उत्पादन को बढ़ावा देना होगा।

हम हर वर्ष  *विश्व पृथ्वी दिवस (World Earth Day) और विश्व पर्यावरण (World Environment Day) मनाते है। पृथ्वी दिवस को मनाने के अनेक उद्देश्यों में एक उद्देश्य मानव निर्मित कपड़ों से प्रकृति को होने वाले नुकसानों से बचाने के लिए उपायों पर विचार को भी अमल में लाया जाना चाहिए। नहीं तो हमारे फैशन की कीमत पृथ्वी को चुकानी पड़ेगी।

इसलिए हमारे पृथ्वी ग्रह तथा पर्यावरण के प्रति दृष्टिकोण में हमें सस्टेनेबिलिटी (टिकाउपन) के मुद्दे पर चर्चाएँ करनी होंगी।

संस्मरणः एक खूबसूरत तस्वीर

 - देवी नागरानी

बचपन की यादों में शामिल है उस कॉन्वेंट स्कूल के दिन, जहाँ क्रिश्चियन माहौल में चारों ओर शिक्षिकाओं के स्थान पर वहाँ स्थापित मठवासिनी महिलाएँ हमें दो तीन बार गिरिजाघर ले जातीं, जहाँ हम स्कूल के कार्यक्रम के बीच प्रतिदिन दो बार घुटने टेककर, सभी दिशाओं में हाथों को माथे और छाती से लगाते हुए प्रार्थना करते। यह आदत दिल में इस कदर समा गई कि बाद में यह दिल की धड़कन के साथ घुलमिल गई। 

आज 6 अप्रैल 2018 को, ‘होली नेम’ अस्पताल के cardiac थेरेपी सेंटर की ओर से मुझे ले जाने वाली गाड़ी की मेडिकल एस्कॉर्ट ड्राइवर ने वही किया, जब हम एक चर्च को पार कर रहे थे। उसकी आँखों की चमकीली नज़र और गाड़ी चलाते समय शांतिपूर्ण हावभाव ने मेरा ध्यान खींचा और मैं उसके साथ बातचीत करने के लिए लालायित हो उठी।  मैं उसकी ड्राइविंग सीट के बगल में बैठी थी। 

‘क्या मैं आपका नाम जान सकती हूँ?’ मैंने गुफ्तगू का आगाज़ किया। 

इडेलका ... मुस्कुराते हुए उसने मेरी तरफ देखा।

यह एक भारतीय नाम ‘अलका’ की तरह लगता है’ ... मैंने बातचीत को लंबा करने के इरादे से कहा।

ओह, आप भारत से हैं। आप अच्छी अंग्रेजी बोल लेती हैं’। उसने मेरी ओर देखते हुए कहा। 

ओह धन्यवाद। इतना कहकर मैं कुछ देर चुप रही।

  cardic थेरेपी सेंटर का रास्ता करीब 18 मिनट का था। इसलिए मेरे पास उस महिला से बात करने और उसके बारे में और जानने का समय था। मौन के छोटे से अंतराल को तोड़ते हुए मैंने एक प्रश्न के साथ शुरुआत की….

‘आपको गाड़ी चलाना, लोगों को अलग- अलग जगहों से लेना, फिर उन्हें वापस छोड़ना, कभी-कभी उनकी मदद करने का यह काम कैसा लगता है? इस ठंड के मौसम में यह आसान नहीं है?’

‘हाँ मुझे पता है। मेरे पास एक पूर्णकालिक नौकरी है और यह मेरी अंशकालिक नौकरी है, सप्ताह में तीन बार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार। इसका मुझे अच्छा भुगतान मिल जाता है, इसलिए…’

‘फिर तो आप यकीनन घर देर से पहुँचती होंगी?’ मैंने अचानक यह अनुमान लगाना बंद कर दिया कि वह घुसपैठ करना पसंद नहीं कर सकती। 

‘जी सच कहा’,  पर हम परिवार के सब लोग मिलजुलकर सँभाल लेते हैं।  

मैंने महसूस किया कि इस देश में सबको व्यस्त रहना अच्छा है,  क्योंकि यह एक मजबूत वित्तीय स्थिति, अनुभव और नई चीजें सीखने के अवसर भी देता है।

‘क्या एक नौकरी से काम नहीं चल पाता?’ मैंने सवालिया नज़रों से उसकी ओर देखा। 

‘जी नहीं, मुझे अपने परिवार और बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, इसलिए यह पार्ट टाइम कार्य कर रही हूँ।’

‘आपके कितने बच्चे हैं?’ मैंने एक तरह से माँ के दिल को छुआ।

‘छह बेटियाँ' और वह रहस्यमय ढंग से मुस्कुराई।

‘छह बेटियाँ...1’ मेरी प्रतिक्रिया पर उसने गर्दन मोड़कर मेरी ओर देखा।

‘हाँ... तीन अपनी और तीन गोद ली हुई ...’

‘दिलचस्प है... गोद ली हुई बेटियाँ?’  मैंने आँखों में तैरते कई सवालों के साथ उसकी ओर देखा। मेरी हैरान करने वाली प्रतिक्रिया को एक स्पष्ट पारदर्शी जवाब मिला, जब उसने कहा- “बस उन लड़कियों को अपनाना चाहती थी, जो अनाथ थीं या फिर जिनके सौतेले पिता थे।’

मेरा दिमाग पूरी तरह से असमंजस में था, उसके स्पष्ट जवाबों के बावजूद भी सीधे सोच नहीं पाई।

‘यह निर्णय आपका रहा या अपके पति का?’

‘मेरा…।’

‘उनका रिएक्शन क्या रहा उस समय?’ 

‘वे बिल्कुल भी तैयार नहीं थे, इस तथ्य के साथ कि हमारी अपनी बेटियाँ हैं, गोद क्यों लें? इसके अलावा वह इस कारण से बहुत अनिच्छुक थे कि इससे उनके खर्च और बच्चों की ज़रूरत से जुड़ी हर चीज़ की माँग बढ़ जाएगी।’

‘फिर...’

‘मैं अडिग थी और कुछ समय में हमने मिलकर तीन लड़कियों को अपनाया। पहले कुछ मुश्किल हुआ; लेकिन बाद में उन्होंने मुझे उन सभी कामों में मदद करनी शुरू कर दी, जो एक पिता को करनी चाहिए । 

‘वाह…. मुझे विश्वास नहीं हो रहा था कि आज की दुनिया में, जब अपने चार या अधिकतम पाँच लोगों के परिवार का पालन-पोषण करते हुए हम थक से जाते हैं, इस जोड़े ने स्वेच्छा से यह जिम्मेदारी अपने कँधों पर ले ली।’ 

‘आपकी उम्र क्या है?’

‘मैं चालीस साल की हूँ और मेरे पति बयालीस साल के हैं।‘

‘और अब आप छह बेटियों की माँ हैं... अविश्वसनीय... फिर भी विश्वास करना पड़ता है।’ 

‘थैंक्यू…. वह शान से बड़बड़ाई।’

‘इसलिए आप उनकी देखभाल, उन्हें स्कूल भेजने और घर के काम के अलावा ये दो नौकरियाँ कर लेतीं हैं। आफरीन है आपको।’

‘हाँ बिलकुल सही। मैं कड़ी मेहनत करती हूँ, दो काम करती हूँ।’ वह मेरी तरफ मुड़ी और मेरी आँखों में झाँका, शायद मेरी प्रतिक्रिया देखना चाहती थी। अपनी बात जारी रखते हुए उसने कहा- ‘मैं सुबह पाँच बजे उठती हूँ और वह सभी काम करती हूँ ,जो मुझे करने की जरूरत है और फिर आठ बजे अपनी पूर्णकालिक नौकरी के लिए जाती हूँ।’

‘माई गॉड, आप यह सब कैसे मैनेज कर लेती हैं?’ मैं हैरान होते हुए अपने भाव प्रकट किए। 

‘मेरे पति के सहयोग से, जो स्थिति के अनुरूप बन पाया है। वह रात में काम करता है और दिन में लड़कियों को स्कूल से लाता है, कभी-कभी खाना बनाता है… और कुछ अन्य काम जैसे खरीदारी, कपड़े धोने का काम भी करता है।’

‘आपकी बेटियाँ कितने साल की हैं?’

‘मेरी सबसे बड़ी दत्तक पुत्री अब 19 वर्ष की है, कॉलेज जा रही है। शाम को जब मैं घर लौटती हूँ, तो सभी मेरी मदद करने की कोशिश करतीं हैं। 

‘मुझे उनके सभी कार्य करते हुए देखकर वे सभी भी मेरा हाथ बँटाते हैं, मुझे प्यार करते हैं, मेरी देखभाल करते हैं, जैसे कोई अन्य बच्चा करता है।

‘ वाह अति उत्तम ...कार्य ...-कहकर मैं मुस्कराई।

‘हाँ….’ और वो बिना मेरी ओर देखे ही मुस्कुरा दी।

‘अविश्वसनीय... क्या मैं आपका फोन नंबर ले सकती हूँ और अगर मैं आपकी बेटियों और आपके परिवार के संबंधों के तथ्यों के बारे में अधिक जानना चाहूँ तो क्या मैं आपको कॉल कर सकती हूँ?

ओह ज़रूर... इतना कहकर उसने अपना नंबर मुझे बताया।

मैंने एक कागज के टुकड़े पर लिखा

Idelka, फोन: 201 354 8501 (6 अप्रैल 2018)

मैं तब चुप थी, आधुनिक दिनों में इस तरह के महान कार्य के सभी आयामों और संभावनाओं के बारे में सोचकर अपने विचारों में खो गई ...

‘मेरे तीन बच्चे हैं और तीन गोद लिए हैं।”

 एक झटके में कई सवाल उठ खड़े हुए कि उसने एक लड़के को गोद क्यों नहीं लिया, जैसा कि आम भारतीय मानसिकता वाले जोड़े करते हैं। लेकिन छह कन्याओं का विचार ही अब कृपा के सार का प्रसार कर रहा था, विचार की पवित्रता से दुनिया को और सुंदर बना रहा था, अनाथों को और सौतेले पिता के कुव्यवहार से एक महफूज़ छत के तले आश्रय देना... मैं बस चुपचाप इडेलका को देखने लगी। 

‘क्या मैं आपसे एक और सवाल पूछ सकती हूँ इडेलका?’ मैं और अधिक अनौपचारिक हो गई । यह एक माँ की दूसरी माँ के बीच की की बात थी। 

ज़रूर..

‘बेटा गोद लेने के बारे में क्यों नहीं सोचा...’

‘अरे नहीं, बिलकुल नहीं… आप जानती हैं, इसका मतलब यही है, कि लड़कियों के साथ लड़कियाँ सुरक्षित रह पाती हैं।’ 

मैं मन ही मन उसके विचारों की पारदर्शिता व बातों की शालीनता की प्रशंसा करती रही।  तुरंत ही उसकी शिष्टता ने मुझे मदर टेरेसा से जोड़ दिया, जिन्होंने ऐसे कई बच्चों, अनाथों, बीमार बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी अपनी कन्धों पर ले ली थी और कुछ शहरों के विभिन्न हिस्सों में ऐसी कैथोलिक संस्थाएँ स्थापित करते हुए सेवाएँ देने के केंद्र खोले थे। मैं एक दो बार मुंबई के ‘विले पार्ले’ में स्थित एक केंद्र में एक दोस्त के साथ जा चुकी हूँ, जो एक बच्चा गोद लेना चाहती थी।

  बच्चों को पालने में देखना वास्तव में दिल में सवालों के समंदर में गोते खाने वाला परिदृश्य है, जो मन को झकझोरने लगता है कि वे बच्चे वहाँ क्यों है जब उन्हें अपने माता-पिता की नर्म गोद में सुरक्षित और अपने घर के प्यार भरे वातावरण में उनसे लोरी सुनना चाहिए । 

ऐसा क्यों है कि उन्हें अस्वीकार कर दिया जाता है और कभी-कभी अनाथालय केंद्रों के दरवाजे पर, कचरे के डिब्बे के पास, या किसी बगीचे के एकांत कोने में बेंच पर छोड़ दिया जाता है। ये अज्ञात बच्चे रोते हैं, चीखते हैं, पर जन्म देनी वाली माएँ उन आवाजों को अनसुना कर देती हैं। मानवता का निर्मम चेहरा! एक माता-पिता बच्चे को खुले क्षेत्र में छोड़ने के लिए इतने पत्थर-दिल कैसे हो सकते हैं, कि वह उन्हें  मातृत्व के प्यार से, देखभाल से एवं गोद की आनंदमय पनाह से वंचित कर दे।

‘आपका नाम क्या है ?’  इडेलका की आवाज ने अचानक मुझे मेरे विचारों के जाल से बाहर निकाल दिया...

‘देवी’…..मैंने कहा

अच्छा नाम है, याद रखने में आसान।

‘थैंक्सस इडेलका। मुझे खुशी है कि मैं तुमसे मिली और खुश हूँ सब जानकर। अगर मैं आपको किसी दिन फोन करूं तो चौंकना मत।

आपका स्वागत है देवीजी। 

और एक कोमल झटके के साथ उसने वैन को चिकित्सा केंद्र के मुख्य द्वार के सामने रोक दिया। उसने मेरे लिए दरवाजा खोला और मुझे सुरक्षित उतारने में मदद की और प्रवेश द्वार तक ला छोड़ा। 

थैंक्सस इडेलका ..मैंने हाथ मिलाया और एक बार फिर उससे किसी दिन उससे बात करने की अनुमति माँगी।

ओह ज़रूर लेकिन 7-30 के बाद। आपसे बात करके खुशी होगी।

मैं फिर भौतिक चिकित्सा के लिए नियत कमरे की ओर चल पड़ी।                                                

                                    21 दिसंबर 2021

आज 6 अप्रैल 2018 के साढ़े तीन साल के लंबे अंतराल के बाद, मैंने उसके फोन नंबर के साथ इडेल्का के बारे में कुछ पुराने कागजात देखे। एक फ्लैश में यादें ताज़ा हो गयीं। और छह बढ़ती लड़कियों के बारे में और जानने की मेरी उत्सुकता हर दिन की कार्य सूची में सर्वोच्च प्राथमिकता पा गई। 

शाम को मैंने उसे फोन करने की कोशिश की। उसने फोन तो उठाया लेकिन नामालूम नंबर समझ कर डिस्कनेक्ट कर दिया। मेरे अगले प्रयास में उसने 'हैलो' कहा और मैंने उससे जुड़ने के लिए तुरंत ही कहा- क्या मैं इडेल्का से बात कर सकती हूँ?

‘बोल रही हूँ...’

‘हाय इडेलका, मैं देवी बोल रही हूँ। याद है आपने मुझे ‘होली नेम’ अस्पताल के कार्डियक थेरेपी सेंटर में जाते हुए नंबर दिया था। बहुत समय पहले की बात है। हमने आपके परिवार और आपकी छह लड़कियों के बारे में बात की, जिनमें से तीन आपने में गोद ली थी। भगवान का शुक्र है कि इसने मुझे आपसे जोड़ा। क्या तुम्हें याद है?

ओह, एक मिनट रुको, मैं याद करने की कोशिश कर रही हूँ। हाँ मुझे याद है। क्या हाल है? बहुत दिनों बाद आपकी आवाज़ सुनकर बहुत अच्छा लगा देवीजी। 

मैं ठीक हूँ, इलाज के बाद मेरा दिल अच्छी तरह से काम कर रहा है और अब मैं न्यू जर्सी से न्यूयॉर्क आकर बसी हूँ। 

ओह....

‘कैसी हैं आपकी बेटियाँ? लड़कियों के बारे में और जानना चाहता थी। मुझे लगता है कि वे अब तक 19 से 22-23 की उम्र के बीच की हुई होंगी। कृपया मुझे उनके बारे में और बताएँ।’

 ‘हाँ, वे ठीक हैं और सब खुश हैं। दो की पिछले साल शादी हुई, एक की अरेंज मैरिज और दूसरी की लव मैरिज। दो लड़कियाँ कार्यरत हैं और अन्य दो हाईस्कूल में हैं। मेरे पति को भी काम पर पदोन्नति मिली है; इसलिए सभी ने मुझे अपनी अंशकालिक अस्पताल की नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया है। अब मैं हास्पिटल का काम नहीं करती।’

‘इडेलका मेरा एक अनुरोध है, क्या आप मुझे लड़कियों के साथ अपनी फैमिली फोटो भेज सकती हैं। यदि आप बुरा न मानें, तो इस लेखन में संलग्न करना चाहती हूँ।’

‘अरे! कोई दिक्कत नही। मैं तुम्हें कल भेजूँगी; बल्कि मैं अपनी बड़ी बेटी को भेजने के लिए कहूँगी, क्योंकि वह तकनीकी रूप से अधिक कुशल है।’

‘धन्यवाद इडेलका। मेरे साथ सब साझा करने और मेरे कॉल का जवाब देने के लिए धन्यवाद। भगवान आपको परिवार सहित खुश रखे। शुभ रात्रि !’ 

‘सुश्री देवी जी आपको भी शुभ रात्रि !’

एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देते हुए संवाद सम्पूर्ण करना एक सुखद अहसास था।

उसने मुझे ग्रुप फोटो भेजा, लेकिन इसे प्रकाशन न करने का अनुरोध भी किया। और मैं उसके प्रति ईमानदार होने के लिए बाध्य हूँ। 

दिल के आईने में एक खूबसूरत तस्वीर अब भी निखर आती है। 

6, अप्रैल 2022

email- dnangrani@gmail.com  


कालजयी कहानीः बट बाबा


 - फणवीश्वरनाथ रेणु

गाँव से सटे, सड़क के किनारे का वह पुराना वट-वृक्ष।

इस बार पतझ्ड़ में उसके पत्ते जो झड़े, तो लाल-लाल कोमल पत्तियों को कौन कहे, कोंपल भी नहीं लगे। धीरे-धीरे वह सूखता गया और एकदम सूख गया-खड़ा ही खड़ा।

शाम को निरधन साहु की दुकान पर इसी पेड़ की चर्चा छिड़ी हुई थी।

जब से इस गाँव के खुशहाल किसान ‘मुखिया अनन्त मंडर' की दुनिया बिगड़ गई, उनका बैठकखाना उजड़ गया, तभी से निरधन साहु की दुकान पर ही गाँव के लोगों की मंडली शाम को बैठती। दिन-भर के थके-माँदे किसान, खेतिहर मजदूर नोन-तेल, चावल-दाल लेने अथवा यों ही थोड़ी देर बैठकर चिलम पीने, सुख-दुख की कहानी कहने-सुनने चले आते। शाम को थोड़ी देर बैठकर बातें करने का यही एकमात्र सहारा था। हाँ  तो, उस शाम को वहाँ पर इसी पेड़ की चर्चा छिड़ी हुई थी। आठ-दस व्यक्ति बैठे हुए थे। फरजन मियाँ ने कहा-“अरे! क्या पूछते हैं, हमारे दादा कहते थे कि उनके बाप के बचपन में भी यह ऐसा ही बूढ़ा था।...ओह !”

बैठे हुए लोगों में से प्रत्येक ने इसी प्रकार की कुछ-न-कुछ बातें कहीं। बूढ़ा निरधन साहु का शरीर काला ज्वर से कंकाल मात्र रह गया था, तिस पर खाँसी, कुछ बोलते ही ‘खाँय-खाँय’ करने लगता था। उसकी अठारह वर्ष की बेटी लछमनिया दुकान चलाती थी, बुढ़िया वसूल-तगादा करती और शहर से सिर पर ‘सौदा-पत्तर’ ले आती थी। बूढ़ा बैठा-बैठा दिन गिन रहा था। अभी जो उसने पेड़ के सूखने की बात सुनी, तो खाँसता और कराहता हुआ घर से बाहर निकल आया। बोला-“बड़कवा बाबा सूख गइले का?”

बैठी हुई मंडली ने एक स्वर में कहा-“हाँ!”

“अब दुनिया ना रही”-कहकर वह जो खाँसने लगा, तो बीस मिनट तक खाँसता ही रहा। खाँसी शान्त होने पर, भर्राए स्वर में, लम्बी निःश्वास लेता हुआ बोला-““अब ना बचब हो राम!”

हिमालय और भारतवर्ष का जो सम्बन्ध है, वही सम्बन्ध उस वृद्ध पेड़ और गाँव का था। वह उन्नत-मस्तक विशाल पेड़ प्रतिदिन सबेरे मटमैले अन्धकार में, गाँव के आँगन-आँगन में दृष्टि दौड़ाकर क्षितिज पर न जाने क्या देखकर एक बार सिहरता. -सिसकता, फिर टप-टप आँसू बहाकर शान्त हो जाता, सोता हुआ गाँव जब अँगड़ाई लेकर उठता, तो उसकी जटाएँ हिलती-डुलती रहतीं। पेड़ पर पक्षियों का कलरव होता रहता।

जाड़े का दिन हो या गर्मी का मौसम, चाहे वर्षा की ही झड़ी क्‍यों न लगी हो, सुबह से शाम तक उसके नीचे औरत, बूढ़े, बच्चे, जवान, गाय-मैंस-बैलों की छोटी-सी टोली बैठी ही रहती थी।

चैत्र-वैशाख की दोपहरी में तो सारा गाँव ही उसकी शीतल छाया का सहारा लेता। गाँव का लुहार यहीं बैठकर हल वगैरह की मरम्मत करता, घर बनानेवाले मजदूर बाँस यहीं बैठकर फाड़ते-छीलते। औरतों का ओखल-मूसल चलता रहता, बच्चों का घरौंदा खेल, जटाओं को बाँधकर झूला-झूलना, बूढ़ों की अनुभव अभिमान-मिश्रित बातें तथा नौजवानों की नजर बचाकर-नववधुओं और भाभियों की छेड़छाड़ भी चलती रहती। पेड़ की एक तरफ की जमीन में अनेक खुदे हुए काले चूल्हे, उसके पास जली-अधजली लकड़ियाँ सदा बिखरी रहतीं। रात में व्यापारी गाड़ीवानों का यही रैन बसेरा था। इसके अतिरिक्त कभी बारात तो कभी डोली, कभी गाजे-बाजे, हाथी-घोड़ा थोड़ी देर तक यहीं बैठकर सुस्ताते, गाँववालों का मनोरंजन कर चले जाते। डोलियाँ रुकतीं, किशोरी बालिकाएँ, बाल-वृद्ध ‘लाल डोली, लाल डोली, लाल कन्ने है?’ रटते दौड़ते, डोली की खिड़की खुलती, सब आश्चर्य से देखते।

किशोरी लड़कियाँ मन-ही-मन अरमान सजाने लगतीं, हौंसले-भरे छोटे-छोटे लड़के दौड़कर माँ से कहते-'मैं भी ऐछी ही दुलहन लूँगा।

एक जमाना था, जब प्रत्येक शाम को उसके नीचे 'दिवाली' की बहार रहती थी। प्रत्येक घर से घी से भरा-पूरा एक-एक दीप जाता था। सारी रात जगमग-जगमग... !! किन्तु इधर कई वर्षों से तो बस सहुआइन का दीपक ही थोड़ी देर तक टिमटिमाकर बुझ जाता, जुगनू की चकमक सारी रात होती रहती।

एकादशी, पूर्णिमा आदि एवं त्योहारों पर उसकी पूजा भी होती-सिन्दूर-चन्दन, अक्षत, बेलपत्र, धूप-दीप, पान-सुपारी से। वह देवता” था हिन्दुओं का भी, मुस्लिमों का भी। इधर कई वर्षों से मुसलमानों ने पूजा-पत्तर छोड़ दिया है। मौलवी साहब एक आए थे, उन्हीं के कहने से। पर ‘बट बाबा’ को छोड़कर किसी दूसरे नाम से सम्बोधित करने की हिम्मत अब भी उन लोगों की नहीं हुई । बट बाबा कितने मानतों के आरजू-मिननत को सुनते आए थे। जो उससे निराश होते, सदा के लिए निराश हो जाते। जिनकी मनोकामना पूरी होती, वे निहाल हो जाते।

कल की बच्चियाँ जवान होतीं, बट-सावित्री पूजने आतीं, कुछ दिनों के बाद उसके बेटे की भी छठी पूजी जाती, मुंडन-उत्सव होता, फिर शादी में जब वह वर का आभूषण पहनकर प्रणाम करने आती, तो उसकी जटाएँ सदा की तरह हिलती रहतीं। गुड़िया-सी दुलहिन आती, सोने-चाँदी के जेवरों से झमझमाती-गाती-बजाती औरतों की टोली उसे ले आती, प्रणाम कराकर ले जाती, वह खड़ा-खड़ा न जाने कितने वर्षों से यह सब देखता आया था, वर-यात्रा, शवयात्रा, भरी लाल माँग, धुली माँग, फूल-सा कोमल बच्चे का माँ की गोद में किलकारी भरना और चिरननिद्रा- में मगन, एक ही दिन, गाँव में दस-दस नवागत शिशुओं का “सोहर' गाती तथा एक ही साथ पन्द्रह- पन्द्रह अर्थियाँ इत्यादि देखते-देखते वह स्थितप्रज्ञ हो गया था।

इस बार वह खड़ा-खड़ा ही सूख गया। प्रतिवर्ष की भाँति वैशाख की दोपहरी आई। कड़कड़ाती धूप से आग की वर्षा होने लगी और इस बार गाँव के पशु-पक्षियों में भी कुहराम मच गया। आने-जानेवाले राही-बटोही, गाड़ीवान एक निराशापूर्ण दृष्टि से पेड़ की ओर देखकर आपस में कुछ बोलते-चालते चले जाते।

गाँव के बाहर, सड़क के किनारे अज्ञात काल से वह खड़ा था। ऐसा मालूम होता था, मानो भय से हार्ट-फेल करके मरे हुए विकराल राक्षस के कंकाल को खड़ा कर दिया गया है। मुँह और आँखें भय से विस्फारित, दोनों हाथ उठाए हुए कंकाल की तरह!

वह सूख गया, किन्तु गाँववालों की उस पर श्रद्धा और भक्ति की धारा और भी तीव्र हो गई। यों तो ‘आपत-विपद’ में उसकी मिन्‍नतें और पूजा पहले भी होती थी, पर जब से पेड़ धीरे-धीरे सूखने लगा ‘पूजा और भिन्न्तों’ का ताँता-सा लग गया।

लोगों की यह धारणा थी कि बाबा जाने के समय सबों की मनोकामना पूरी करेंगे। जिस पर ढल जाएँ, वह मालामाल हो जाए। अभी उस दिन अनन्त मंडल की पतोहू चार आने का बताशा मान आई थी कि उसका पति जो भारत-रक्षा कानून के अन्तर्गत ढाई वर्षों से जेल में नजरबन्द है और टी.बी. का शिकार हो चुका है-छूट जाए। रोग भी छूट जाए और वह भी। जिस दिन पहली बार ससुराल आई थी, बनारसी साड़ी, गहनों तथा शिक्षित पति के घमंड में वह बोली थी-मैं पेड़-पत्थर की पूजा नहीं करती । लोग कहते हैं और वह भी मानने लगी है कि यह दुर्दिन उसी घमंड का कुफल है।

उस दिन वह जो गई तो शरीर पर सिर्फ एक फटी साड़ी थी, जिसमें पाँच-सात पैबन्द लगे थे, चार-पाँच साड़ी के टुकड़ों की पट्टियाँ लगी थीं, दो-ढाई हाथ कंट्रोल की साड़ी, सुहाग की साड़ी का एक टुकड़ा तथा अन्य साड़ियों के टुकड़ों की पट्टियों से - बनी एक पंचरंगी' साड़ी से अपनी लाज ढँकते, आँसू पोंछते वह बोली थी, “बाबा! अब इससे बढ़कर और कौन-सी सजा दोगे?” और वह फूट-फूटकर रो पड़ी थी।

निरधन साहु की बेटी ‘लछमनिया’ रो आई थी-“बाबा! गाँव-मुहल्ला, टोला-पड़ोस तथा जाति-बिरादरी के लोग हैंस रहे हैं। मैं इतनी बड़ी हो गई, कोई दूल्हे का बाप एक हजार से नीचे तिलक की बात ही नहीं करता है। बाबू और घर की दशा तुमसे छिपी नहीं है। दुनिया के लिए तुम सूख गए हो, पर तुम्हारा प्रताप तो नहीं सूखा है।

बाबा! यदि किसी दूल्हे के बाप का मन फेर दो तो मैं आठ आने की मिठाई, सवा हाथ लँगोट और प्रत्येक रविवार को नया दीया और नई बत्ती जला दूँ। कलरू महता पर जमींदार की कुर्की आनेवाली थी। टहलू पासवान का बेटा फौज में था, भजू धानुक की स्त्री बीमार थी। सब अपने-अपने धन-माल-जान के लिए 'मनौती' मना रहे थे।

आज प्रातःकाल ही जमींदार के अमले-सिपाही चालीस-पचास मजदूर लेकर आए, गाँव के मजदूर भी बेगार में पकड़े गए। लड़ाई का जमाना है, जलावन की भारी कमी। जमींदार साहब का हुक्म है कि पेड़ काटा जाएगा।

लोग आपस में कानाफूसी कर बातें करने लगे। एक ही साथ पेड़ के सूखे तने पर साठ-साठ कुल्हाड़ों का वार हुआ- 'घड़-धड़ खड़-खड़-खड़ाक...” गाय-बैल, घोड़े-बकरे चौंककर गाँव से भागे, कुत्ते भौंकने लगे, भयभीत पक्षियों ने कलरव आरम्भ कर दिया। छोटे-छोटे बच्चे डरकर माँ की छाती से चिपट गए। गाँव के अर्धनग्न नर-नारियों तथा शिशुओं के कंकालों की कतार...एकटक से देख रही थी। कोई-कोई मर्द भी फूट-फूटकर रो रहा था, मानो सबों के कलेजे पर ही कुल्हाड़े चलाए जा रहे हैं।

धड़-धड़-धड़-धड़ाम...आर्तनाद कर पेड़ गिरा, फिर गाँव में भारी कोलाहल...!!

निरधन साहु कल से बेहोश था। बोलने और सुनने की शक्ति शायद जाती रही थी। अन्तिम घड़ियाँ गिन रह्म था। पेड़ गिरने के धमाके से वह भी चिहुँका, अस्फुट स्वरों में बोला-“असमान से...का गिरल रें लछमनि...! अरे बाप!!”

लछमनिया खिड़की से देख रही थी, और खड़ी-खड़ी सिसक रही थी।