मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 3, 2024

कविताः दे जाना उजास वसंत


 - निर्देश निधि

वसंत तुम्हें देखा है कई बार 

फूलों वाली बगिया में टहलते हुए  

सूनी टहनियों पर चुपचाप 

मासूम पत्तियाँ सिलते हुए 


अनमने हो गए जी को आशा की ऊर्जा पिलाते हुए 

बड़े प्यारे लगे मुझे तुम 

जोहड़ की ढाँग पर तैरती गुनगुनी धूप में 

घास के पोरुए सहलाते हुए 


मेहमान परिन्दों के कंठ से फूटते हो सुर सम्राट से 

पर सुनो वसंत 

इस बरस तुम सँवर जाना 

हमारे खेतों में बालियों का गहना बनकर 


वरना खाली रह जाएँगे कुठले अनाज के 

और माँ को लगभग हर साँझ ही भूख नहीं होगी 

और नहीं दे पाएगी एक चिंदिया (छोटी रोटी) भी 

मेरी धौली बछिया को 


तुम झूल जाना इस बरस 

आम के पेड़ों की फुनगियों पर ज़रूर 

जीजी के तय पड़े ब्याह की तारीख

पक्की कर जाना अगेती सी 

उसकी आँखों के इंतज़ार को हराकर 

तुम उनमें खिल उठना वसंत 

मत भूलना उसकी सुर्ख़ घघरिया पर टंक जाना, 

हजारों सितारे बन 


मेरे भैया के खाली बस्ते में ज़रूर कुलबुलाना वसंत 

नई - नई पोथियाँ बन 

सुनो वसंत 

सूखी धूप पी रही है कई बरसों से 

मेरे बाबू जी की पगड़ी का रंग 

बदरंग कर गई है उसे ग्रहण लगे चंद्रमा सी 

तुम खिले - खिले रंगों की एक पिचकारी 

उस पर ज़रूर मार जाना वसंत 


जब पिछले बरस तुम नहीं फिरे थे हमारे खेतों में 

तब मेरी दादी की खुली एड़ियों में चुभ गए थे 

कितने ही निर्मम गोखरू  

कितनी ही बार कसमसा दी थी चाची 

पड़ोसन की लटकती झुमकियों में उलझकर 

हो गया था चकनाचूर सपना चाचा का 

मशीन वाली साइकिल पर फर्राटा भरने का 


इस बरस मेरे दादू की बुझी - बुझी आँखों में 

दे जाना पली भर उजास 

वरना बेमाने होगा तुम्हारा धरती पर आना 

निर्मम होगा हमारे आँगन से बतियाए बगैर ही 

हमारे गलियारे से गुज़र जाना 


सुनो वसंत 

मैं थकने लगती हूँ साँझ पड़े 

महसूस कर चुपचाप अपने घर की थकन 

 

पर तुम किसी से कहना मत वसंत 

वरना माँ जल उठेगी चिंता में

जीजी की तरह मेरे भी सयानी हो जाने की । 

email-  nirdesh.nidhi@gmail.com

कविताः मुझमें हो तुम






 - सांत्वना श्रीकांत

जब लौट जाते हो

तो आखिर में थोड़ा

बच जाते हो तुम मुझमें।


मेरी आँखों की चमक

और नरम हथेलियों के

गुलाबीपन में

या निहारती हुई

अपनी आँखें में

छोड़ जाते हो मुझमें

बहुत कुछ-

जो एकटक तकती रहती हैं

मेरे होठों के नीचे के तिल को।


कभी श्यामल, कभी श्वेत,

तो कभी लाल रंग तुम्हारा,

रह-रह कर रंग देता है

मेरी रूह को।

आँखें मूँदकर भी

तुम्हारी छुअन ही टटोलती है

मेरे अंतस को,

जाते-जाते आखिर में तुम

थोड़ा बच जाते हो मुझमें।


ये सिर्फ तुम हो

मैं तुम्हें शब्दों में

नहीं समेट सकती,

एक आकार ले चुके हो तुम

उस ब्रह्म का-

जिसे मैं हमेशा से पाना चाहती हूँ,

समझा नहीं पाती तुम्हें

कि-

अपने स्वप्न को छोड़कर

यथार्थ जीने का द्वंद्व

सच में कितना भयावह है।


नकार भी देती हूँ

सामाजिकता और सांसारिकता,

आस्तिक से नास्तिक की ओर

करवट लेती हूँ,

फिर भी-

तुम्हारा आकार नहीं ले पाती।

वृहद या सूक्ष्म होकर तुम

सागर बनते हो तो कभी सूर्य,

कभी बुद्ध तो कभी शिव।


और हाँ,

कभी-कभी तो

हवा बन चलते हो साथ और

सहला देते हो मेरे गाल,

ये सिर्फ तुम हो।


तब अनायास ही मैं

अंकुरित हो जाती हूँ

तुम में वृक्ष बन जाती हूँ,

मेरी जड़ें छितरी हैं

तुम्हारी धमनियों तक।


तुम्हारा होना ही प्रेम की

निष्कलंक परिभाषा है,

जिसे गढ़ा है तुमने

और जिसे जीती हूँ

मैं खुद में हर पल।


व्यंग्यः गुरु और शिष्य की कहानी

  - अख़्तर अली

जब भी कोई खस्ता हाल आदमी दिखे,  जो उजड़ा हुआ चमन- सा महसूस हो तो समझ जाना ये बहुत से कामयाब चेलों का गुरु है और जब भी किसी आलीशान बंगले में और खूबसूरत कार में महँगे लिबास वाला कोई शख्स दिखे, तो समझ जाना यह उसी गुरु का चेला है । गुरु और चेले की यही दास्ताँ है कि गुरु, गुरु रहे और चेले जुमा हो गए ।

जो सफ़ल चेला है, हकीकत में वह पैदाइशी गुरु होता है। 

वह तो बस शिष्य होने का अभिनय करता है । किसी को अपने रास्ते से हटाने के जो बहुत से उपाय है उसमें एक यह भी है कि उसे अपना गुरु घोषित कर दो । यह समय चेलों का समय है । चेलों का भविष्य उज्ज्वल है और गुरुओं के लिए कोई संभावना नहीं है ।

सफ़ल व्यक्ति जब अपनी सफ़लता का श्रेय अपने गुरु को देता है, तब गुरु सोच में पड़ जाता है कि मैंने तो उसे यह ज्ञान नहीं दिया था । आज हर क्षेत्र में चेलों का ही बोलबाला है, गुरुओं की कहीं कोई पूछ नही है । बहुत से गुरु होने की काबलियत रखने वाले लोग, अब घर से निकलने में डरने लगे है कि कही कोई पीछे से आकर अपना गुरु न बना ले ।

गुरुओं के लिये कोई ठोस आर्थिक नीति नहीं है । कृषक के लोन माफ़ हो रहे हैं और गुरुओं को कोई कर्ज़ देने को तैयार नहीं । सभी किस्म की व्यवस्था जिनके हाथ में है, उन्होंने गुरुओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं की । आज के चेले गुरु को गुरु मानते है लेकिन गुरु की एक नहीं मानते है। चेलों के चैनल है, लेकिन गुरु ख़बर में नहीं है । गुरु लेने वालों की लाइन में खड़े हैं और शिष्य देने के लिये मंच पर विराजमान है मगर अनजान बने । चेलों की भव्य  बर्थडे पार्टी होती है और गुरुओं की शोक सभा । जिसे कभी कोई बधाई और शुभकामनाएँ देने नहीं जाता; लेकिन श्रद्धांजली देने के लिए लोग उमड़ पड़े उसे गुरु कहते हैं ।

आज के शागिर्द अपने बच्चो को अपने ही उस्ताद के पास ज्ञान लेने भेजते है और अपने बच्चो को समझाते है कि गुरु जी की बाते ध्यान से सुनो और अपने दिमाग में फिट कर लो; क्योकि ये वो बाते है, जिन्हें कभी अपनाना नहीं, वरना कहीं के नहीं रहोगे । यह समय किसी के बताए रास्ते पर चलने का समय नहीं है; बल्कि मनमानी करने का समय है । जो मनमानी करते हैं उन्हीं के मन की मानी जाती है ।

ऐसा बिलकुल भी नही माना जाए कि शिष्य अपने गुरु की चिंता नही करते हैं। बहुत चिंता करते है । गुरु को ऊँचा पद देकर उनके उपर ज़िम्मेदारी का बोझ नहीं लादते है , उन्हें सुविधाएँ प्रदान कर उनका संघर्ष खत्म नहीं करते , गुरु दक्षिणा में बड़ी राशि देकर वे गुरु की चैन की नींद नहीं छीनते । गुरु जी की जर्जर ढाँचा परियोजना ही गुरु के प्रति उनकी श्रद्धा है। अब चेलों ने अपने मकान बदल लिये है और गुरुओं का पता आज भी वही है; इसलिए कहा जाता है गुरु वहीं के वहीं रहे और चेले कहाँ  से कहाँ पहुँच गए । आज गुरु के सीने से भाप निकल रही है, जिसे देखने वाला कोई चेला उनके पास नहीं है । हर गुरु अकेलापन भोगने के लिए अभिशप्त है ।

कामयाब  चेलों के गुरु अपने ही घर में घिर गए है । अब बच्चे बड़े हो गए हैं और पूछ रहे हैं – पापा आप गुरु क्यों हुए, काश आप भी चेले होते, तो हमें ये बुरे दिन तो न देखने पड़ते। आप झोंपड़ी की रात और वो जंगल की सुबह है।

जब शिष्य पूर्णतया प्रशिक्षित हो जाता है, तब सब से पहले वह गुरु की नाव में सुराख़ करता है । ये नये ज़माने के शिष्य है, जो उस्ताद की तरफ़ आँख उठाकर नहीं देखते सीधे, कंधे पर उठाने वाले दिन आते है । चेला काटने वाला कीड़ा और गुरु सहने वाली पीड़ा है । शिष्य की बेवफ़ाई पर गुरु आँसू नहीं बहाते है: क्योंकि वह गुरु है उसे मालूम है कि उसके आँसुओं से यह सूखा जंगल हरा नहीं हो जाएगा, उसे आँसू की हकीकत मालूम है कि वह आँख से होकर गाल भिगोकर मिट्टी में मिल जाएगा।

सम्पर्कः निकट मेडी हेल्थ हास्पिटल , आमानाका , रायपुर ( छत्तीसगढ़ ), मो.न. 9826126781


ग़ज़लः1. नादाँ हूँ... 2. सूरज बन कर

  - विज्ञान व्रत







1. नादाँ हूँ...


क्या   तस्वीर   बनाई  थी

क्या  तस्वीर   दिखाई  दी


क्या    पूछो    बीनाई   की

तू   ही   तू   दिखलाई  दी


मैंने    लाख     दुहाई    दी

उसने  कब   सुनवाई   की


उसने आकर  महफ़िल  में

मंज़र    को    रानाई     दी


नादाँ   हूँ   क्या    समझूँगा 

ये      बातें    दानाई     की                                 


2. सूरज बन कर...


मुझको  अपने  पास  बुलाकर

तू  भी  अपने   साथ   रहाकर


अपनी   ही   तस्वीर   बनाकर 

देख  न  पाया  आँख  उठाकर


बे - उन्वान       रहेंगी        वर्ना 

तहरीरों  पर   नाम   लिखाकर 


सिर्फ़    ढलूँगा    औज़ारों      में

देखो   तो  मुझको  पिघलाकर


सूरज  बन  कर   देख  लिया ना 

अब  सूरज-सा   रोज़  जलाकर


चर्चाः यात्रावृत्तांत पर पहला विमर्श

विनोद साव, डॉ. साधना अग्रवाल,जीवन यदु,
छगनलाल सोनी, विनय शरण सिंह व माझी अनंत


 - विनोद साव

खैरागढ़ गोलबाजार के बाफना भवन में हम पहुँच गए थे। हमने सभागार का दरवाजा जैसे ही खोला, तो सामने मंच सजा हुआ था जिस पर प्रसिद्ध गीतकार जीवन यदु विराजमान थे। वे देखते ही खड़े होकर भाव-विह्वल हो बोल उठे कि “हमारे अगले सत्र के मुख्य अतिथि आ गए हैं व्यंग्यकार भाई विनोद साव।” खैरागढ़ जैसे कस्बे में भी एक चमक -धमक वाला एक निजी सुन्दर सभागार बन गया है। यहाँ छत्तीसगढ़ प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन ने चार दिवसीय युवा रचना शिविर लगाया था। इस शिविर में छत्तीसगढ़ से आए महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, शोधार्थियों से लेकर चालीस वर्ष की उम्र तक के रचनाकार शामिल हुए थे, जो भिन्न विधाओं के कलमकार थे। इसके पहले अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन, धमतरी द्वारा संचालित ऐसा ही एक शिविर था जहाँ व्यंग्य पाठ के लिए आमंत्रित हुआ था। तब सम्मलेन के अध्यक्ष ललित सुरजन जी थे। अब उनकी आत्मीय यादें शेष हैं। अब ये जिम्मेदारियाँ वर्तमान अध्यक्ष रवि श्रीवास्तव और प्रबंध मंत्री राजेंद्र चांडक जी पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं। राजेंद्र जी भारतीय सांस्कृतिक निधि रायपुर अध्याय के संयोजक भी हैं।

मुझे यहाँ दो सत्रों के लिए आमंत्रित किया गया था जिसमें एक व्यंग्य का सत्र था और दूसरा यात्रा- वृत्तान्त का। व्यंग्य से कम समय में मुझे यात्रा-वृत्तान्त के लेखक के रूप में मान्यता मिल गई है। ऐसा लगा कि इन दोनों सत्रों का आयोजन कहीं मेरी स्थापना के कारण तो संभव नहीं हो गया। मेरी जानकारी में यह पहला अवसर था, जब हिंदी साहित्य में कथेतर गद्य की एक महत्त्वपूर्ण विधा ‘यात्रा-वृत्तान्त’ पर किसी संस्था द्वारा कोई विमर्श रखा गया हो... और इस संस्था द्वारा व्यंग्य पर एक सत्र का भी पहली बार कोई आयोजन रखा गया था। यह किसी भी साहित्यिक संस्था द्वारा परम्परागत आयोजनों से आगे बढ़कर साहित्य के नवोन्मेष को स्वीकारने की एक अच्छी पहल है। 

दोनों सत्रों के युवा रचनाकार बड़े उत्साहित थे, क्योंकि उन्हें भी इन सत्रों में भाग लेने के अवसर कभी मिले नहीं थे, इसलिए इस नवोन्मेष के प्रति उनकी जिज्ञासा भी बढ़ी थी। मेरा परिचय देकर मुझे प्रस्तुत करते समय जीवन यदु ने मुझे अपने यात्रा- वृत्तान्त के कुछ अंश पढने की हिदायत भी दे दी थी। सत्र की आरंभिक भूमिका इसकी संचालिका डॉ. साधना अग्रवाल ने बाँध दी थी। अंत में आभार प्रदर्शन प्रो. देवमाईत मिंज ने करते हुए बताया कि वे देव लकरा के नाम से मेरी फेसबुक फ्रेंड हैं और मेरे यात्रा- वृत्तान्तों को खूब पढ़ती हैं।

जिस तरह हमारे साहित्य संसार में कहानी की चर्चा प्रेमचंद के बिना और व्यंग्य की चर्चा परसाई के बिना पूरी नहीं होती, वैसे ही यात्रा वृत्तांत की चर्चा हो और बुद्धिष्ट यायावर राहुल सांकृत्यायन की चर्चा न हो यह संभव नहीं है। वे अक्सर यात्रा के महत्त्व को बताने के लिए 18 वीं सदी के दिल्ली के एक सूफ़ी शायर ख्वाजा मीर दर्द का ये शेर फ़रमाया करते थे जो आज भी लोगों की जुबान पर है:

“सैर कर दुनिया की गाफिल जिंदगानी फिर कहाँ

जिन्दगी गर कुछ रही तो ये जवानी फिर कहाँ...

राहुल जी की यात्राएँ कोई भौगोलिक दूरियों को तय करने वाली यात्राएँ नहीं थीं। उन्होंने उस भूखंड के इतिहास को देखने के अलावा उसकी स्थानीयता से संवाद करना सिखाया था, जो इन यात्राओं की आत्मा होती है। ये बातें मैं खैरागढ़ में कह रहा था। तब बरबस ही मुझे यहाँ के रहवासी इंदिरा विश्वविद्यालय के प्रो.गोरेलाल चंदेल याद आ गए, जिन्होंने मेरे यात्रावृत्त ‘मेनलैंड का आदमी’ की समीक्षा करते हुए लिखा है कि “यात्रा -वृत्तांत लेखन की दृष्टि स्थान विशेष की भौगोलिकता के साथ सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को पकड़ने में कामयाब होती है और उस स्थान की धड़कन की एक एक गति को अपने संस्मरण का हिस्सा बनाने में यह दृष्टि सफल होती है। यात्रा- संस्मरण की भाषा नीरसता, उबाऊपन, एक पैनी दृष्टि, गहन निरीक्षण आत्मीयता का भाव और भारत को धर्म, जाति, भाषा परे से समग्रता में देखने की कोशिश होती है।”

ललित सुरजन, सतीश जायसवाल, उर्मिला शुक्ल यात्रा- वृत्तान्तों के अच्छे लेखक हैं। ललित जी का एक संग्रह है ‘शरणार्थी शिविर में विवाह गीत।’ वे लिखते हैं कि “एक दिन ग्रीस में कार्यरत फिलिस्तीनी श्रमिकों के संघ के प्रतिनिधि मुझसे मिलने आए। उन्होंने मुझे फिलिस्तीनी विवाह गीतों की एक सीडी भेंट की और आग्रह किया कि इसकी प्रतियाँ मैं भारत लौटकर अपने मित्रों को भेंट दूं और बताऊँ कि साठ साल से अधिक समय तक लगातार शरणार्थी जीवन जीते हुए, हर पल इजराइली हमलों की आशंका के बीच साँस लेते हुए, हजारों बेकसूरों की मौत के बाद भी किस तरह फिलिस्तीन की जनता ने अपनी जिजीविषा को बचा रखा है, कि मौत के साये में दिन गुजारते हुए वे अपने संगीत से, गीतों से ताकत पाते हैं।” मेरे संग्रह का ‘ब्लर्ब’ लिखते हुए ललित जी ने ‘Tourist और ‘traveler पर्यटक और सैलानी’ को अलग अलग नज़रिए से देखा है और मुझे सही अर्थों में ‘सैलानी’ माना है। यात्रा-संस्मरणों में इन दोनों शब्दों की बड़ी भूमिका है। टूरिस्ट जहाँ दूर खड़े होकर स्थान विशेष को देखता है वहीं सैलानी स्थानीय ज़िंदगी के साथ जुडकर सब कुछ देखता है। टूरिस्ट की नज़र स्थान विशेष पर, टूरिस्ट प्लेस की ओर होती है। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्त्व के स्थानों पर प्रभावी दृष्टि टिकी होती है, जबकि सैलानी स्थानीय ज़िंदगी को, स्थानीय संस्कृति और खान-पान, पहनावे और वेशभूषा को, बाज़ार और हाट को, रिक्शा और ऑटो को, सबको देखता है ओर उसके भीतर ज़िंदगी की तलाश करता है। ज़िंदगी की धड़कन को सुनने का प्रयास करता है।”

डेढ़ घंटे के इस सत्र में उपस्थित युवाओं ने कई प्रश्न किए, जिनसे उनकी उत्साहजनक भागीदारी प्रमाणित हुई।

सम्पर्कः मुक्तनगर, दुर्ग छत्तीसगढ़ 491001,  ई-मेल: vinod.sao1955@gmail.com, मो. 9009884014