मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 1, 2021

लघुकथाः महँगी धूप

   -रवि प्रभाकर

‘कम-से-कम अपने झुमके ही रख लेती’ सुनार की दुकान से बाहर निकलकर राकेश स्कूटर को किक मारते हुए शारदा से बोला

‘कोई बात नहीं जी। ऐसे वक़्त के लिए ही तो गहने बनवाए जाते हैं। वैसे भी कौन सी उम्र रही है गहने पहनने की, भगवान की दया से अब तो बच्चे बराबर के हो गए हैं। अपना घर बन जाए अब तो!‘ पर्स को कसकर पकड़ स्कूटर पर बैठती हुई शारदा ने कहा

अब तो हो ही जाएगा। पी.एफ., बेटियों की आर डी और अब ये गहने भी …! बेटियों की शादी कैसे करेंगे?‘ ठंडी साँस भरता राकेश धीरे-से बोला

‘आप चिंता मत करो जी! अभी उम्र ही क्या है बेटियों की! नीतू अगस्त में पंद्रहवें में लगेगी और मीतू दिसंबर में सत्रहवें में। उनकी शादी तक तो भगवान की कृपा से रोहन इंजीनियरिंग पूरी कर अच्छी नौकरी लग चुका होगा और आपकी रिटायरमेंट को तो अभी 11 साल बाक़ी हैं।’ शारदा अपना हाथ राकेश के कंधे पर रखते हुए आशा भरी आवाज़ में बोली

‘हाँ…। ख़ैर! अब तो घर में दम सा घुटने लगा है। तीन ही तो कमरे है और साथ में भाई साहिब की फैमिली। मैं तो किसी दफ्तर वाले को घर तक नहीं बुला सकता।’

‘सही कह रहे हो। दम तो वाक़ई घुटने लगा है। एक तो घर गली के आख़िरी कोने में है जहाँ न धूप न हवा। कभी छत पर चले ही जाओ तो जिठानी जी के माथे की त्यौरियाँ और उनके कमेंट्स…उफ़्फ़… बर्दाश्त के बाहर हो जाते हैं। मैं तो तरस गईं हूँ खुली धूप में बैठने को।’ राकेश ने मानो उसकी दुखती रग पर हाथ रख दिया हो।

‘आइए राकेश बाबू! आपका ही इंतज़ार था।’ निर्माणाधीन हाऊसिंग कॉलोनी के गेट पर मज़दूरों को काम समझाता हुआ मैनेजर राकेश को आता देख गर्मजोशी से उनकी ओर लपका। ‘स्कूटर उधर खड़ा कर दीजिए। बस कुछ ही दिनों की बात है पार्किंग भी तैयार हो जाएगी।’

‘ओए! ये सामान हटाओ यहाँ से’ मज़दूर को इशारा करते हुए मैनेजर बोला।

‘आइए ऑफ़िस में बैठकर फारमेलिटीज़ कंप्लीट कर लेते हैं… पेमेण्ट तो लाए हैं न…?’

‘हाँ हाँ पेमेंट तो लाया हूँ। एक नज़़र फ़्लैट तो दिखा दें; इसीलिए तो आज श्रीमती जी को साथ लाया हूँ।’

‘क्यों नहीं… क्यों नहीं! आइए उधर से चलते हैं। भाभी जी! ज़रा ध्यान से चढ़िएगा! बस कुछ ही दिनों में रेलिंग भी लग जाएगी।’ सीढ़ियाँ चढ़ते हुए मैनेजर बेफ़िक्री से बोला

‘फ़्लैट्स तो सारे बुक हो चुके हैं जी पर आपके जी.एम. साहिब के कहने पर यह फ़्लैट आपके लिए रिज़र्व रख दिया था। आप इत्मीनान से देखकर तसल्ली कर लें, मैं ठंडा मंगवाता हूँ।’ दो मंज़िल सीढ़ियाँ चढ़ कर आए राकेश और शारदा को हाँफता देख मैनेजर बोला।

‘राकेश! इधर देखें। ये किचन थोड़ा छोटा लग रहा है। ये बेडरूम… इसमें डबल बैड लगने के बाद जगह ही कहाँ बचेगी और ये आसपास की बिल्‍डिंग्ज़ तो लॉबी की सारी धूप और हवा रोक रही हैं।’ मैनेजर के जाते ही थकान भूल कर फ़्लैट का मुआयना करती हुई शारदा अधीरता से बोली

‘लीजिए ठंडा पीजिए!’ खाली फ़्लैट में मैनेजर की गूँजती आवाज़ से दोनों एकदम चौंक गए।

‘भाई साहिब! टैरेस…।’ गिलास पकड़ते हुए शारदा ने पूछा

‘भाभी जी! टैरेस तो कॉमन है सभी फ़्लैट्स के लिए।’

‘सभी के लिए कॉमन! ये तो वही बात हो गई! राकेश धीरे-से शारदा के कान में फुसफुसाया।

‘पार्क के पीछे वाली कॉलोनी भी हमारी ही कंपनी बना रही है। वहाँ कारपेट एरिया तो इससे अधिक है ही साथ ही एंटरी और टैरेस भी इंडीपैंडेंट है। आप वहाँ देख लीजिए।’ स्थिति भाँपते हुए मैनेजर ने तीर छोड़ा

‘उसका प्राइस?’ शारदा ने सकुचाते हुए पूछा

‘अजी प्राइस तो बहुत कम है जी। कंपनी तो आपकी सेवा के लिए ही है। बस इस फ़्लैट से सिर्फ़ आठ लाख ही अधिक देने होंगे।’ खीसें निपोरता मैनेजर बोला

‘मैनेजर सॉबऽऽ! गुप्ता जी आपको नीचे ऑफ़िस में बुला रहे हैं। ‘नीचे से कुछ सामान उठाकर आ रहे एक मज़दूर ने मैनेजर को कहा।

‘मैं नीचे ऑफ़िस में ही हूँ, जो भी आपकी सलाह हो बता दीजिएगा।’ बाहर निकलते हुए मैनेजर बोला

‘आठ लाख! इतना तो हो ही नहीं पाएगा। तो अब क्या करें।’ राकेश की आवाज़ मानो बहुत गहरे कुएँ से आ रही थी

‘फ़्लैट बेशक छोटा है; पर अपने घर से छोटा तो नहीं है न। छत पर जाने से किसी के साथ कोई चख-चख भी नहीं। यहाँ तुम अपने किसी भी दफ्तर वाले को बड़े आराम से बुला सकते हो।’

‘पर तुम्हारी वो खुली धूप में बैठने की इच्छा…।’

‘अजी, मेरा तो आधा दिन स्कूल में ही निकल जाता है। उसके बाद सेंटर पर ट्यूशन। नीतू, मीतू भी मेरे साथ चार बजे के बाद ही घर आती हैं और तुम शाम को छह बजे के बाद। समय ही कहाँ मिलता है धूप में बैठने का।’

दोनों धीरे-धीरे सीढ़ियाँ उतर ऑफ़िस की तरफ़ बढ़ने लगे।

बाल कविताएँ

1. ताऊ जी की बुक स्टाल


-चक्रधर शुक्ल

ताऊ जी की बुक स्टाल

जेब में रखते चार रूमाल ।

एक रूमाल से मुँह को पोंछे

टाफी खाएँ फिर कुछ सोचें

मेज को साफ़ करें  दूजे से

फाइल छेद करें  सूजे से ।

तभी वहाँ  पर आ गई टोली

तुतली तुतली भाषा बोली

ताऊ जी ने बाल सँवारा

बच्चे माँग रहे गुब्बारा ।

इक बच्चे के लगी चपेट

वहाँ  तीसरा दिया लपेट

बच्चों की टोली मुस्काई

हँसकर सबने दौड़ लगाई ।

शीशा साफ़ करें  चौथी से

भक्ति भाव उपजे पोथी से

बच्चे बुक स्टाल में आएँ

फ्री में  गुब्बारा ले जाएँ।

2. स्वच्छ भारत 

कूड़ा -करकट मत फैलाओ

वसुन्धरा को स्वर्ग बनाओ ।

तन-मन अपना रखना स्वस्थ

हँसो ,हँसाओ  रहना मस्त  ।

जल-जंगल को बन्धु  बचाना

देश को अपने  स्वच्छ  बनाना ।

जन्मदिवस पर पेड़ लगाओ

जीवन की बगिया  महकाओ ।

जूट का थैला ले कर जाओ

पालीथीन में कुछ ना लाओ ।

मेरा सबसे है यह कहना

अच्छे,सच्चे बच्चे बनना ।

सम्पर्कः एल आई जी-1 सिंगल स्टोरी , बर्रा-6 कानपुर-208027 , मो-9455512337

किताबेंः जीवन के अनुभवों की सीख बाँटते ताँका

 -रमेश कुमार सोनी

कृष्णा वर्मा द्वारा रचित हिन्दी का प्रथम प्रवासी ताँका संग्रह मुझे पढ़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस जीवन ने वर्तमान दौर में अपने विविध रंग दिखाए हैं; इसे कौन किस तरह से देखता है और उसे कैसे शब्दांकित करता है ये उसकी संवेदना और चेतना पर निर्भर करता है। यहाँ पर कृष्णा वर्मा जी ने अपने भोगे हुए सभी पलों को ताँका की एक डोरी में पिरोया है। यह संग्रह विविधवर्णी होने के साथ ही अपने आप में किसी शिक्षक की भाँति सीख बाँटते हुए दिखायी देता है, यही इसका केन्द्रीय भाव भी है।

जीवन का हर पहलू हमें कुछ खट्टे तो कुछ मीठे अनुभवों से गुज़ारता है इनकी संवेदनाओं को समेटना सदैव से चुनौती भरा रहा है। सच और झूठ की इस ढोंग भरी दुनिया में आपके साहस के अलावा कोई दूसरा आपका साथी हो भी नहीं सकता जबकि आपका अनुभव ही यहाँ सबसे बड़ा शिक्षक भी होता है। यहाँ प्रत्येक जीतने की उम्मीद से आता है लेकिन विजयश्री किसी-किसी को ही मिलती है जिसे लोग किस्मत / भाग्य का नाम देकर अक्सर अपनी असफलता को छिपाने की नाकाम कोशिश करते हुए नज़र आते हैं।

-बुझाना नहीं / उजास की प्यास को / तम से घिरी / ज़िन्दगी घुट रही / उठ छाँट अँधेरे। 17

-हार न देख / हार के पीछे छिपी / जीत को देख / क़ायम रख बन्दे / उम्मीदों के उजाले। 129

-जीने की तुम / सीखो कला जनाब / हँसके जियो / कीचड़ में कमल / ज्यों काँटों में गुलाब।332

प्रकृति अपने सबसे सुन्दर दृश्यों का प्रकटीकरण करती है जिससे समय-समय पर हम विस्मित / मुग्ध होते रहे हैं। यहाँ बगीचों में पुष्पों, भौरों / तितलियों की क्रीडाएँ लुभाती हैं, नशीला मौसम, धुन्ध, चाँद, वर्षा, साँझ, परिंदे और …पल्लवों का असीम सौन्दर्य इसमें भरा पड़ा है। इन ताँका में कहीं भी प्रकृति का रोष, प्रदूषण का दंश जैसी नकारात्मकता नहीं है। ये वक़्त इसे सँवारने का है ऐसा ही संकेत करते हुए ये यहाँ प्रकट हुए हैं आइए देखें—

-हुए नशीले / मौसम के नयन / ख़ुश बहार / पत्ते बजाएँ ताली / हवा गाए मल्हार। 45

-बाँधे घुँघरू / मलय पवन ने / होठों पर राग / मेघों ने ढोल पीटे / बुँदियों की बारात। 49

-चंचल धूप / दिन में कूदे-फाँदे / दीवारों पर / साँझ ढले लजाए / छुई-मुई हो जाए। 318

-कुनमुनाए / शाखा पर पल्लव / जागी जो भोर / पंछी का कलरव / हवा हुई विभोर। 338

         चार दिन की इस ज़िंदगी में घर-परिवार, समाज-गाँव और देश भी शामिल होते हैं। इन सबके साथ हमारा सम्बन्ध हमें एक महीन धागे से जोड़ता है जिसे हम लोग रिश्तों के नाम से जानते हैं जो सदैव से त्याग और समर्पण पर टिके होते हैं। जब भी कोई इस पर अपने स्वार्थ का मुलम्मा चढ़ाने की कोशिश करता है उसी वक़्त इसमें गाँठें पड़नी शुरू हो जाती हैं। कृष्णा जी के ताँका का एक बड़ा भाग इससे भरा हुआ है—

मुट्ठी में बंद / हमारी लकीरों से / फिसल गए / कैसे हमारे रिश्ते / रेत के तो नहीं थे। 16

-हैं अनमोल / यह खून के रिश्ते / अपना हिस्सा / देके उन्हें रोक लो / आँगन में दीवार। 159

-वक़्त निकाल / करलो स्वजन से / दो मीठी बातें / रहेगा मलाल जो / टँग गए दीवाल। 282

जीवन का सबसे सुखद अहसास उसकी  शृंगारिकता का पक्ष होता है जहाँ ढाई आखर के प्रेम के आस-पास ही सब सिमटा हुआ है। इस रस में संयोग और वियोग के दोनों पहलुओं का दर्शन यहाँ मिलेगा; इसमें भी यही शर्त है कि आपको पाने से ज़्यादा त्यागना होगा तभी ये संवारा-निखारा जा सकेगा। -

-हुआ बेरंग / जीवन बिन तेरे / टूटी है आस / पनघट पर बैठी / प्यासी की प्यासी प्यास। 219

-टूटा संयम / रचा उत्सव फाग / प्रीत है अंध / साँसों-बसी कस्तूरी / नाचे केसर गंध। 353

इस क्रम में कृष्णा जी ने प्रकृति और शृंगार का अद्भुत समन्वय रचा है इससे ये ताँका बहुत अच्छे बन पड़े हैं -

ऋतु शैतान / कली की हथेली पर / लिखे शृंगार / भृंग टोलियाँ करें / आ, न्यौछावर प्यार। 351

-डूबा प्यार में / बेख़बर है चाँद / भूल जाता है / चकोर की प्यास को / निहारता चाँदनी। 362

भारतीय साहित्य बिना भक्ति और आध्यामिकता के पूर्ण नहीं माना जा सकता ,क्योंकि यहाँ के जनमानस में प्रभु रचे-बसे हुए हैं। भारत से मीलों दूर रहने के बाद भी कृष्णा जी का मन अपने प्रभु में रमा हुआ है; भक्त और भगवान को एक-दूसरे से अलग नहीं किया जा सकता -

उसका चाक / है माटी भी उसी की / जैसा जी चाहे / रचे सृजनहार / है कुशल कुम्हार। 153

-कैसी बावरी / साँवरे की बाँसुरी / नेह लगाया / होठों से लगने को / सीना भी छिदवाया। 393

बीती हुई ज़िन्दगी का पिटारा जब भी खुलता है उनमें से यादों के सुन्दर मोतियों के साथ अश्रुओं का सीलन भरा तकिया और उनींदी रातों का हिसाब भी भरा हुआ मिलता है। ये यादें जीवन भर हमारे ज़ेहन में चिपकी रहती हैं -

तुम्हारे बिना / ख़ाली-ख़ाली रहता / मन का कोना / उग आती हैं यादें / निगूढ़ ख़ामोशी में।58

-सावनी झूले / आँसू की डोरी थाम / झूलती साँसें / याद आएँ सखियाँ / बचपन की प्यारी।302

इस दुनिया के अपने कायदे-कानून हैं इन्हीं के साथ जीना-मरना है इसकी कसक और शिकायतों का दामन थामे। जीवन चलते जाने का नाम है कभी जो गिरे स्वयं ही उठना-चलना होगा;

-बड़ी कठिन / ज़िन्दगी की किताब / पढ़ें तो कैसे / पल-पल बदलती / ये अपने मिजाज़। 296

-जीवन लगे / कोई गहरा मर्म / उम्र पर्यंत / चाह के ना सुलझी / गुत्थी है जो उलझी। 289

यह संग्रह अब हिन्दी साहित्य की एक थाती बन चुका है जो शोधार्थियों के लिए मार्गदर्शन करेगा। इस संग्रह के लिए आपको बधाई की आपने हिन्दी साहित्य का मान विदेश में भी बढ़ाया।

पुस्तकः बरसी सुगंध (ताँका संग्रह) -कृष्णा वर्मा, प्रकाशक-अयन प्रकाशन महरौली, नई दिल्ली-110030, मूल्य-180 /-रु., पृष्ठ-88

दो मुक्तक


-गुंजन अग्रवाल 

1.

हो न कठपुतली न केवल वोट वाला यन्त्र हो।

आदमी हो आदमी सद्भाव इसका मन्त्र हो।

गूँज वन्देमातरं की  गूँजती हरपल रहे-

तब सफल सच मायनों में ये दिवस गणतंत्र हो।

2.

अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन इतना ध्यान रखो।

भारत माँ की आन-बान और सबसे ऊपर शान रखो।

तू- तू ,मैं- मैं हाथापाई आपस में कर लो जितना-

भारत में गर रहना तुमको संविधान का मान रखो।

जीवन दर्शन- गृहिणी की गरिमा

 -विजय जोशी (पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक, भेल , भोपाल)

सृष्टि नहीं नारी बिना यही जगत आधार

नारी के हर रूप की महिमा बड़ी अपार     

पुरुष प्रधान समाज में एक ओर जहाँ उसका योगदान सदैव चर्चा का विषय बना रहता है, वहीं नारी का अपेक्षाकृत कहीं अधिक योगदान नींव के पत्थर के माफिक दबा तथा अचर्चित रहता है। याद रखिये आदमी एक बार में केवल एक जीवन जीता है यानी पुरुष का, वहीं दूसरी ओर नारी अनेक रूपों में एक साथ प्रवाहित होते हुए सदैव समर्पित सेवा में रत रहती है। फिर भले ही वह रूप हो माँ, पत्नी या बहन, बेटी का। इतने रोल एक साथ निभा पाना किसी नट की कार्य कुशलता से भी कई गुना ऊपर है। पर हममें से कितने लोग जीवन में इसका सही मूल्यांकन कर पाते हैं। इस संदर्भ में मेरे एक मित्र ने बहुत ही सुंदर प्रसंग से हाल ही में मेरा साक्षात्कार करवाया।      

एक बार अपनी सेवा का मूल्यांकन तथा उसमें अभिवृद्धि के उद्देश्य से एक पत्नी ने पति से निवेदन किया कि वह उन्हें कम से कम छ: कमियाँ बताने का कष्ट करे ताकि वह अपनी आदतों में और  सुधार कर एक बेहतर पत्नी बन सके।     

यह सुनकर पति आश्चर्यचकित होते हुए असमंजस में पड़ गया। उसने सोचा कि वह बड़ी आसानी से अनेक कमियाँ गिना सकता है, जिनमें सुधार संभव है। पर फिर उसने गहराई से सोचा तो पाया कि उसकी पत्नी भी तो उसकी अनगिनत खामियों की सूची थमा सकती है। पूरे मनन तथा चिंतन के बाद पति ने पत्नी से कहा कि तुम मुझे सोचने के लिये कुछ समय दो। कल तक मैं इसका उत्तर दे दूँगा। अगली सुबह पति जल्दी आफिस गया और फूलवाले से एक सुंदर सा गुलाब का गुलदस्ता तैयार करवाया तथा एक चिट्ठी के साथ घर भिजवा दिया। चिट्ठी का मजमून था – मुझे न तो तुम्हारी कमियाँ मालूम हैं और न ही जानने की इच्छा है। जैसी भी हो मुझे सबसे अधिक अच्छी लगती हो। 

और शाम को जब पति घर लौटा तो देखा कि पत्नी घर की देहरी पर ही उसकी प्रतीक्षा कर रही थी। उसकी आँखें आँसुओं से आप्लावित थीं और अब यह कहने की जरूरत ही नहीं थी कि जीवन की मिठास कई गुना बढ़ गई थी। पति भी पत्नी को प्रसन्न पाकर खुश हो गया।     

मित्रों बात बहुत छोटी सी है पर भाव बहुत गहरा है। अंग्रेजी की एक कहावत है “कर्टसी बीगेट्स कर्टसी।” सुख देने से सुख मिलता है और दुख से दुख।

स्वर्ग नरक किसने देखा है

पाप पुण्य का क्या लेखा है

सुख देने से सुख मिलता है

दुख से दुख मिलता है

अतएव अच्छे कार्य की सराहना में कभी कंजूसी न करें। ऐसी बात चट्टान पर लिखें ताकि आने जाने वाले भी देख सकें तथा सदा याद रख सकें। कोई कभी न भूले। अच्छाई के प्रति लोगों की आस्था बढ़े। समाज में सकारात्मकता का सृजन हो। बुरी बात रेत पर लिखें ताकि हवा के बहाव में उड़ जाए। अनावश्यक रूप से याद रख न तो मन को बोझिल रखें और न ही समाज को नकारात्मकता का संदेश दें। अनावश्यक एवं अनर्थक आलोचना से बचकर रहने में ही समझदारी है।  

ज़िंदगी में ये हुनर भी आजमाना चाहिए

जंग गर अपनों से हो तो हार जाना चाहिए

सम्पर्क: 8/ सेक्टर-2, शांति निकेतन (चेतक सेतु के पास), भोपाल-462023, मो. 09826042641, E-mail- v.joshi415@gmail.com