मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 10, 2015

लघुकथाएँ


सदुपयोग

वह एक बड़ा व्यापारी था। चीजों के हद दर्जे तक सदुपयोग के लिए विख्यात या कुख्यात- जो चाहे कह लें- था। एक बार ग्यारह बजे रात को दुकान से वापस आया, तो अपनी खांसी के लिए दवा खोजते- खोजते उसकी नजर एक मलहम की ट्यूब पर पड़ी। जलने पर काम आने वाला मलहम था और अंकित एक्सपाइरी डेट के मुताबिक अगले महीने तक खराब हो जाने वाला था।
उसे खुद पर गुस्सा आया कि उसने पहले ध्यान क्यों नहीं दिया, फिर वह सोचने लगा कि उसका उपयोग कैसे किया जाए।
मालिक, पांच दिन की छुट्टी चाहिए, गांव जाना है, मां बहुत बीमार है। घरेलू नौकर की आवाज ने उसका ध्यान भंग किया।
हूं... तुमको मालूम है कि मैं नियम का बिल्कुल पक्का हूं। और तुम इस साल की सभी छुट्टियां ले चुके हो।
मालिक, मां बहुत बीमार है, चल-फिर नहीं सकती- ऐसा गांव का आदमी बता रहा था। मां घर में बिल्कुल अकेली रहती है। मेरा जाना बहुत जरूरी है। नौकर ने उसके पैर दबाते हुए कहा।
अच्छा, ला, बीड़ी- माचिस दे और दो मिनट सोचने दे।
बीड़ी के दो-तीन कश लेने के बाद उसने अचानक अपने नौकर से कहा, ला, अपनी बाईं हथेली दिखा।
नौकर ने हथेली सामने की और उसने उसकी पांचों उंगलियों पर जलती हुई बीड़ी को एक-एक बार रख दिया।
नौकर दर्द से कराह उठा।
मालिक ने मलहम की वही ट्यूब देते हुए उससे कहा, इसको लगा लेना। चार-पांच दिनों में बिलकुल ठीक हो जाएगा। तब तक तेरी छुट्टी। जा...।

समय चक्र


सुधा अपनी नौकरानी और पास- पड़ोस की महिलाओं को अक्सर यह बताती थी कि जमाना बदल गया है... बकरी, गाय, कुतिया जैसे जानवर ही अपने बच्चों को दूध पिलाते हैं। सुविधा, व्यवस्था और पैसा हो तो बच्चे को अपना दूध पिलाकर कमजोर क्यों हों और फिगर भी क्यों खराब करें!
25 वर्ष बाद बच्चा सोच रहा था कि खून खरीदने को पैसा हो, तो अपना खून मम्मी को देकर कौन कमजोरी मोल ले!
पैसा था, सुविधा भी थी, पर मुश्किल यह हुई कि काफी खोजने के बाद भी जरूरत का खून नहीं मिला। और इस बीच...

सम्पर्क: डा. बख्शी मार्ग, खैरागढ़-491881, जिला: राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) मो. 08815241149 Email- ggbalkrishna@gmail.com  

लघुकथाएँ

एक सच्ची रिपोर्ट
हमारे यहां के वीडियो हॉल में चलती हुई नीली फिल्मों की शिकायत लोगो ने पुलिस को की। एस.पी. साहब ने थानेदार को तुरंत जांच के आदेश देते हुए लिखा- तुरंत छापा मारो और मालिक को गिरफ्तार कर लो।
थानेदार साहब दो आरक्षकों के साथ पहुंचे। अंदर फिल्म चल रही थी। कुछ देर उन्होंने सेक्स के दृश्य देखे और फिर मालिक को बुलवाया।
वीडियो हॉल के साथ लगे हुए आफिस में आकर बैठ गए। नौकर तुरंत ठंडे की चार बोतलें ले आया। तब तक मालिक भी आ गए।
मालिक ने कहा - आपने क्यों कष्ट किया साहब... हमको बुलावा लिया होता।
थानेदार बोले - नगर में आपके खिलाफ बड़ी शिकायतें हैं... आज एसपी साहब ने छापे का आदेश दे दिया तो आना पड़ा। जब्ती तो बनाना ही पड़ेगी।
मालिक ने पूछा - फिल्म बंद करवा दूं?
थानेदार बोले - नहीं चलने दो... चार नीली फिल्मों के कैसेट निकाल दो... हम जब्ती बना देते हैं... और आप तो आराम करो... मैनेजर को थाने भेज दो... उसकी गिरफ्तारी दिखा देते हैं... बड़े साहब का आदेश है तो कुछ तो करना ही होगा... और हां, एक जमानतदार भी भेज देना... तुरंत मैनेजर को छोड़ दूंगा।
थोड़ी देर इधर- उधर की बातें करने के बाद थानेदार बोले - यह तो बताओ कि ऐसे कैसेट कहां छिपाकर रखते हो?
मालिक ने मैनेजर को बुलाया और कहा - साहब को चार कैसेट अच्छे वाले दे दो।
आफिस की दीवार पर एड्स से बचने के लिए बहुत बड़ी फोटो लगी थी। उसके पीछे से मैनेजर ने चार कैसेट निकालकर दे दिए।
मालिक ने कहा - एकदम लेटेस्ट हैं... इन दिनों खूब चल रहे हैं... और हां, इस बार जरा लेट हो गया...मुख्यमंत्री जी ने बुलवा लिया था... एड्स के खिलाफ बहुत बड़ा शिविर लगाने की योजना शासन की है... जिम्मेदारी मुझ पर ही डाल दी। इसलिए आपका हिस्सा भिजवाने में जरा देर हो गई... लीजिए, रख लीजिए।
सभी पुलिसकर्मी प्रसन्नमुद्रा में बाहर निकले। थानेदार ने बड़े साहब को रिपोर्ट दी -
श्रीमानजी,
आपके आदेशानुसार वीडियो हॉल में छापा मारा गया। मालिक को चेतावनी दी गई और मैनेजर को गिरफ्तार कर उचित कार्यवाही की जा रही है। आपके अवलोकन के लिए दो कैसेट रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत हैं। वीडियो मालिक राजधानी गए थे इसलिए मैनेजर को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में नीली फिल्मों का प्रदर्शन वीडियो हाल में न करे।
भूकंप पीडि़त
सेठजी भूकंप में बे-घरबार होने वाले लोगों के लिए बड़े चिंतित थे।
मैंने पूछा- सेठजी, आपने भूकंप पीडि़तों के लिए अब तक क्या किया है?
वह बोले- बहुत किया जी... पांच हजार का चेक तो आज ही भिजवाया... माल और बिकेगा तो फिर भेजेंगे... हमने तो पहले से ही स्टाक भर लिया था ... जानते थे कि माल की कीमतें भूकंप के बाद बढ़ेगी... इसलिए उधर भूकंप आया और इधर हमने डबल रेट में माल निकाल दिया। इस कमाई में दस परसेंट का हक तो भूकंप वालों को जाना ही चाहिए।

लघुकथाएँ

 भूकंप
बेटा सोलह वर्ष का हुआ तो वह उसे भी अपने साथ ले जाने लगा।
'कैसे हाथ- पाँव टेढ़े- मेढ़े कर चौक के कोने में बैठना है, आदमी देख कैसे ढीला-सा मुँह बनाना है। लोगों को बुद्धू बनाने के लिए तरस का पात्र बनकर कैसे अपनी ओर आकर्षित करना है। ऐसे बन जाओ कि सामने से गुजर रहे आदमी का दिल पिघल जाए और सिक्का उछलकर तुम्हारे कटोरे में आ गिरे।'
वह सीखता रहा और जैसा पिता कहता वैसा बनने की कोशिश भी करता रहा। फिर एक दिन पिता ने पुत्र से कहा, 'जा, अब तू खुद ही भीख माँगा कर।'
पुत्र शाम को घर लौटा। आते ही उसने अपनी जेब से रुपये निकाल कर पिता की ओर बढ़ाए, 'ले बापू, मेरी पहली कमाई।'
'हैं! कंजर पहले दिन ही सौ रुपये! इतने तो कभी मैं आज तक नहीं कमा कर ला सका, तुझे कहाँ से मिल गए?'
'बस ऐसे ही बापू, मैं तुझसे आगे निकल गया।'
'अरे कहीं किसी की जेब तो नहीं काट ली?'
'नहीं, बिलकुल नहीं।'
'अरे आजकल तो लोग बड़ी फटकार लगाकर भी आठ आने- रुपया बड़ी मुश्किल से देते हैं, तुझ पर किस देवता की मेहर हो गई?'
'बापू, अगर ढंग से माँगो तो लोग आप ही खुश हो कर पैसे दे देते हैं।'
'तू कौन से नए ढंग की बात करता है, कंजर! पहेलियाँ न बुझा।
पुलिस की मार खुद भी खाएगा और हमें भी मरवाएगा। बेटा, अगर भीख माँग कर गुजारा हो जाए तो चोरी-चकारी की क्या जरूरत है। पल भर की आँखों की शर्म है, हमारे पुरखे भी यही कुछ करते रहे हैं, हमें भी यही करना है। हमारी नसों में भिखारियों वाला खानदानी खून है हमारा तो यही रोजगार है, यही कारोबार है। ये खानदानी रिवायतें कभी बदली हैं? तू आदमी बन जा। '
'बापू, आदमी बन गया हूँ, तभी कह रहा हूँ। मैंने पुरानी रिवायतें तोड़ दी हैं। मैं आज राज मिस्त्री के साथ दिहाड़ी कर के आया हूँ। एक कालोनी में किसी का मकान बन रहा है। उन्होंने शाम को मुझे सौ रुपये दिए। सरदार कह रहा था, रोज आ जाया कर, सौ रुपये मिल जाया करेंगे।'
पिता हैरान हुआ कभी बेटे की ओर देखता, कभी रुपयों की ओर। यह लड़का कैसी बातें कर रहा है! आज उसकी खानदानी रियासत में भूकंप आ गया था, जिसने सब कुछ उलट- पलट दिया था।

बाहर का मोह

वह ससुरी कहाँ मानने वाली थी। उसके सिर पर तो बाहर का भूत सवार था। कैनेडा रहते पति ने फोन पर कहा, 'तू जिद न कर। घर पर माँ-बाउजी व बच्चों को सँभालने की जिम्मेदारी तेरी है। मैंने लौट ही आना है साल बाद। बाहर सैर- सपाटा नहीं है। यहाँ तो सिर खुजलाने तक का वक्त नहीं मिलता। यहाँ बेकार की कोई रोटी नहीं देता। हाँ, गर तू वहाँ नहीं रह सकती तो तुझे कोई न कोई कोर्स करना पड़ेगा। फिर ही तुझे यहाँ आने का फायदा है।'
वह शहर जाने लगी। सुबह तैयार हो, सज- संवर कर चल पड़ती। पीछे बूढ़े सास- ससुर, बहू की डाँट से डरते चूल्हा- चौका भी करते और उसके बच्चों को भी सँभालते।
'यार! यह संत सिंह की बहू रोज सज- संवर कर किधर जाती है? घर पर सास- ससुर को तो कुत्ते-बिल्ली समझती है।' एक दिन बहू को गली में जाते देख एक आदमी ने दूसरे से कहा।
'कहते हैं, शहर जाती है वहाँ कोई कोर्स-कूर्स करती है, कहते हैं फिर बाहर जाकर काम आसानी से मिल जाता है।'
'कोर्स! अब? दो बच्चों की माँ होकर कौनसा कोर्स करने चली है? घर तो ठीक- ठाक है, खाने-पीने को सब कुछ है, बाहर से घरवाला काफी पैसे भेज रहा है, सौ सुविधाएँ हैं।'
'सुना है कोई नैनी का कोर्स कर रही है।'
'नैनी! यह क्या बला हुई?'
'अरे तुझे नहीं पता! उधर कैनेडा में सभी लोग अपने काम पर चले जाते हैं। पीछे उनके बूढ़े और बच्चों के नाक- मुँह पोंछा करेगी, सेवा सँभाल करेगी और क्या।'
'अच्छा यह कोर्स इसलिए होता है दुर फिटे- मुँह हमारे लोगों के। यहाँ से जाकर गोरों के बच्चे-बूढ़े सँभालते हैं। इससे तो अच्छा है कि अपने बच्चों और सास- ससुर को सँभाल ले ससुरी कैनेडा की।'
सम्पर्क: गुरबख्श सिंह मैमोरियल अस्पताल, नडाला,
जिला- कपूरथला (पंजाब) 144 624,  मो. 9815186532
Email-  karamjitnadala@gmail.com

खलल

खलल
संतो के प्रवचन सुनने का उन्हें शौक था। नियमित प्रवचन सुनते। कोई संत नगर में आता तो रोज सुनने जाते। अब तो ऊपर वाले ने उनकी सुन ली थी। टेलीविजन पर रोज प्रवचन आने लगे। वे सुबह से ले कर शाम तक अपने समय के खाली हिस्सों को इन्हीं प्रवचनों से भरते। उनकी इस भक्ति भावना को देखते हुए उन्हें धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति समझा जाने लगा था।
एक दिन वे टेलीविजन पर प्रवचन सुन रहे थे। संत कह रहे थे- बुजुर्गों की सेवा में ही जीवन का सार है। जिसने अपने बुजुर्गों की उपेक्षा की, उसका जीवन नर्क के समान है।


वे प्रवचन में खो चुके थे। संत वाणी को सुन उनकी ऑंखों से अश्रुधारा बह रही थी। तभी खट्-खट् की आवाज से उनका ध्यान भंग हुआ। पीछे के द्वार पर बूढ़े पिता दस्तक दे रहे थे। वे उठे और उनके पास पहुँचे। लगभग चिल्लाते हुए बोले, क्या है? सभी कुछ तो धर दिया है आपके कमरे में। अब तो चैन से रहने दो। यह कहते हुए वे पिता को घसीटते हुए उनके कमरे में छोड़ आए। आते वक्त उन्होंने पिता के कक्ष के द्वार की साँकल बाहर से जड़ दी। अब प्रवचन सुनने में कोई खलल नहीं होगा। यह सोचते हुए वे पुन: टेलीविजन के सामने बैठ गए।

सम्पर्क- 39, नागर वास, रतलाम (म.प्र.) 457001, मो. 098270-84966, Email- ashish.dashottar@yahoo.com

लघुकथाएँ

मानव धर्म
पिछले दिनों मुरादाबाद के दंगों के बाद हमारे शहर में भी तनाव का वातावरण चल रहा था। उन्हीं दिनों एक बार मैं अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सिनेमा देखने गया था।
जैसे ही सिनेमा हाल से हम बाहर आए, तो देखा कि सड़क पर भगदड़ मची थी। सभी फुर्ती के साथ भागे जा रहे थे। मैंने मुश्किल से पता लगाया तो मालूम हुआ कि शहर में दंगा-फसाद हो रहा है।
सुनकर मेरी पत्नी और बच्चे भयभीत हो गए। हमारा घर शहर से काफी दूर था। कोई रिक्शा-तांगा नहीं था।
तभी एक युवक हमारे पास आया और हमारी समस्या जानकर हमें अपनी कार से हमारे घर तक छोडऩे को राजी हो गया।
रास्ते भर मेरी पत्नी मुसलमानों को भला-बुरा कहकर कोसती रही।
वह व्यक्ति सुनकर मुस्कुराता रहा।
रास्ते में पत्थर- वर्षा से कार का पिछला कांच फूट गया। खैर, हम सकुशल घर पहुंच गए।
मैंने सौ रुपए का नोट निकाल कर उस युवक को देते हुए आभार व्यक्त किया। उसने रूपया लेने से इंकार करते हुए कहा- 'क्या मानव धर्म की कोई कीमत होती है, भाई साहब?'
मेरी पत्नी ने उसका परिचय पूछा तो मुस्कुराते हुए उसने अपना नाम बताया, 'नजमल हुसैन।
और हमारे मुंह पर धुंआ छोड़ते कार चली गई।
दीया तले
एक मंत्रीजी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, 'सरकार बालकों के कल्याण के लिए बहुत कुछ करना चाहती है। आप लोग ध्यान रखें कि होटलों, दुकानों, कारखानों आदि में कम उम्र के बालकों से काम नहीं लिया जाए। यह कानून के खिलाफ भी है। इसे पूरी शक्ति के साथ रोककर सरकार को सहयोग करें।'
सभी अधिकारियों ने सहमति प्रकट की। मीटिंग समाप्ति के बाद उन्होंने चपरासी को चाय लाने को कहा।
थोड़ी देर बाद एक बारह वर्ष के दुबले- पतले, फटेहाल मासूम बच्चे ने सब के सामने चाय के कप रख दिए।

सम्पर्क: 235, क्लर्क कॉलोनी, इन्दौर, मो. 09926080810