मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

May 16, 2014

बाल एकांकी

मोहनदास का साहस
-डॉ.  बलराम अग्रवाल
 


महात्मा गाँधी- वयोवृद्ध अवस्था
मोहनदास- महात्मा गाँधी के बचपन की भूमिका, उम्र 13-14 साल
बालक 1- वयोवृद्ध गाँधी जी की लाठी पकड़कर आगे चलने वाला बालक। उम्र 8-9 साल
बालक 2 व 3- वयोवृद्ध गाँधी जी के पीछे-पीछे चलने वाले बालक। प्रत्येक की उम्र 8-9 साल
मिस्टर जाइल्स - अंग्रेज इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल्स, (यह पात्र अंग्रेज होने के नाते 'ब’को 'भ’, 'क’को 'ख’, 'ग’को 'घ’, 'ट’को 'ठ’तथा 'त’को 'ट’जैसा बोलता है।)
अध्यापक- मोहनदास की कक्षा का अध्यापक
कक्षा में बैठाने के लिए समान आयु-वर्ग के अन्य बालक आवश्यकतानुसार।
नोट- गाँधी जी के बचपन के समय में सहशिक्षा का चलन सामान्यत: नहीं था ;इसलिए एकांकी निर्देशक गाँधी जी की कक्षा या स्कूल में छात्राओं या अध्यापिकाओं की उपस्थिति न दिखाएँ तो बेहतर रहेगा।                       
स्थान-स्कूल की एक कक्षा
मंच पर धीरे-धीरे प्रकाश फैलना शुरू होता है। मंद प्रकाश में छोटे बालकों की एक कक्षा का दृश्य दिखाई देता है, जिसमें कुछ बच्चे चार पंक्तियों में बैठे कुछ लिख या चुपचाप कुछ पढ़ रहे हैं। अध्यापक पंक्तियों के बीच वाली खाली जगह में आगे से पीछे, पीछे से आगे चक्कर लगा रहा है। तभी, बूढ़े गाँधी जी की लाठी का एक सिरा हाथ में पकड़े आठ-नौ साल का एक बालक मंच के बायीं ओर से दायीं ओर को चलता दिखाई देता है। उसी उम्र के दो एक अन्य बालक उनके पीछे भी चल रहे हैं। उनका प्रवेश होते ही कक्षा में बैठे छात्र और अध्यापक भी, फ्रीज हो जाते हैं।
गाँधी जी (आगे चल रहे बालक से)- बचपन की एक घटना याद आकर बार-बार मुझे हँसा रही है आज।
बालक 1- कौन-सी घटना बापू जी?
गाँधी जी- मैं उन दिनों नवीं कक्षा का छात्र था। परीक्षा के दिनों की बात है।
बालक 2- पढऩे-लिखने में तो आप बचपन से ही तेज़ रहे होंगे बापू जी!
बालक 3 (उसे फुसफुसाकर टोकते हुए)- बीच में मत टोको- बोलने दो।
गाँधी जी (चलते-चलते ही पूर्ववत् बोलते हैं)- आप भी उन्हें बीच में मत टोको, बोलने दो। गाँधी के पास से मन की बात मन में लेकर नहीं जाता है कोई भी।
बालक 3- माफी चाहता हूँ बापू जी (बालक 2 से) आपसे भी किशोरी भाई जी।
गाँधी जी  (चलते-चलते रुक जाते हैं और बालक 2 की बात का जवाब देते हैं)-  आपका यह अनुमान थोड़ा ग़लत है किशोरी बेटे। मैं पढ़ाई-लिखाई में तेज़ नहीं रहा। हाँ, सीधा और शर्मीला ज़रूर रहा। अपने साथ पढऩे वाले लड़कों के साथ या अपने अध्यापकों के साथ कभी भी शरारत नहीं करता था। स्कूल में अच्छे व्यवहार का प्रमाणपत्र हमेशा मेरे हिस्से में आता था। समय हो जाने पर तीर की तरह घर से स्कूल और छुट्टी हो जाने पर तीर की तरह ही स्कूल से घर बीच में किसी से कोई बात नहीं। किसी को दोस्त बनाते हुए बहुत डरता था। कोई अपनी ओर बुलाता तो सोचता था कि यह मज़ाक उड़ाएगा मेरा। जाता नहीं था उसके पास।
बालक 2 - अच्छे व्यवहार का प्रमाणपत्र!
गाँधी जी - हाँ। तो बचपन की जिस बात को याद करके बार-बार हँसी आ रही थी, वह सुनो-(इसी के साथ वे पूर्ववत्चलने लगते हैं और चलते-चलते ही बोलते हैं) उन दिनों हमारे इलाके के स्कूलों के इंस्पेक्टर होते थे मिस्टर जाइल्स। अंग्रेज थे। एक दिन वे मुआयना करने को स्कूल में आ गए। सारे स्कूल में घूम आने के बाद वे हमारी कक्षा में आए।
इस संवाद के साथ ही गाँधी जी तीनों बालकों सहित मंच के दाएँ दरवाजे से बाहर चले जाते हैं तथा मिस्टर जाइल्स मंच पर प्रवेश करते हैं। इसी के साथ कक्षा में बैठे बच्चे सक्रिय हो उठते हैं। अध्यापक भी घूमना शुरू कर देता है।
मिस्टर जाइल्स (कक्षा मे दरवाजे पर खड़े होकर) - हलो एव्री बडी!
उनकी आवाज़ सुनकर कक्षा में चक्कर काट रहा अध्यापक एकाएक रुककर हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करता है।
सभी बच्चे भी अपने स्थान पर खड़े होकर बोलते हैं - गुड मार्निंग सर!
मिस्टर जाइल्स (प्रफुल्लित स्वर में) - वेरी-वेरी-वेरी गुड मार्निंग ठु यू आल आप सब को सुबह का नमस्टे सिट डाउन प्लीज़ बइठ झाइए।
सभी बच्चे अपनी-अपनी जगह पर बैठ जाते हैं।
मिस्टर जाइल्स (अध्यापक से) -आपका ख़्लास ख़ैसा छल रहा हय मिस्ठर ठीचर?
अध्यापक- बहुत अच्छा चल रहा है सर। सभी बच्चे होशियार हैं सबक याद करके लाते हैं।
मिस्टर जाइल्स- ख्या में इनखा छोठा -सा एक ठेस्ठ ले सकटा हय?
अध्यापक- क्यों नहीं सर ज़रूर। (बच्चों को सम्बोधित करते हुए) सभी बच्चे अपने-अपने बस्ते से कॉपी-पेंसिल निकाल लें डिप्टी साहब आपका टेस्ट लेंगे।
मिस्टर जाइल्स- सुनो बच्चा लोग, अम फाइव वर्ड्स अंग्रेजी का बोलेगा और हर खरेक्ट वर्ड के लिए वन पाइंट देगा। स्फैलिंग घलट मीन्स वन पाइंट खलास एंड सॉरी मिस्ठर ठीचर ये ठेस्ठ बच्चा लोगों खा नईं आपखा है बच्चा लोगों खा पाइंट खम मीन्स आपखा पढ़ाने में खमजोरी ओ? खे??
अध्यापक- ओ? के? सर।
मिस्टर जाइल्स- शुरू खरें ?
अध्यापक (सभी बच्चों से)- सभी बच्चों ने अपनी-अपनी कॉपी-पेंसिल निकाल ली?
सभी छात्र- यस सर।
अध्यापक- डिप्टी साहब बोलना शुरू करें?
सभी छात्र- यस सर।
अध्यापक (मिस्टर जाइल्स से) - बच्चे तैयार हैं सर।
मिस्टर जाइल्स - सुनो बच्चा लोग, हर वर्ड खो ढ्यान से सुनेगा, सोछे-समझेगा, ठब लिखेगा। साफ-साफ और सही लिखेगा, ओ? खे??
(यों कहते हुए मिस्टर जाइल्स कुर्सी पर जाकर बैठ जाता है। अध्यापक बच्चों के बीच चक्कर लगाता उन्हें देखता रहता है।)
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- लिखिए खाइट आपखे याँ का फटंग या छील
सभी बच्चे लिखना शुरू करते हैं। अध्यापक हर बच्चे के निकट से गुजरता हुआ बड़े गौर से उसकी कॉपी को देखता-सा कक्षा में घूमता रहता है। मिस्टर जाइल्स द्वारा बोले गये शब्द को लिखकर छात्र सामने की ओर देखने लगते हैं। मिस्टर जाइल्स पूछता है।
मिस्टर जाइल्स- शब बच्चा लोगों ने लिख लिया?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- नेक्स्ट वर्ड बोला झाए?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- लिखिए खिछेन आपखे याँ का रशोई
(सभी बच्चे लिखना शुरू करते हैं। अध्यापक पहले की तरह ही हर बच्चे के निकट से गुजरता हुआ उसकी कॉपी को देखता-सा कक्षा में घूमना जारी रखता है। शब्द को लिखकर छात्र सामने की ओर देखने लगते हैं। मिस्टर जाइल्स पूछता है।)
मिस्टर जाइल्स- शब बच्चा लोगों ने लिख लिया?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- नेक्स्ट वर्ड बोला झाए?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- लिखिए खैटल आपखे याँ का छाय रखने का बरटन
सभी बच्चे लिखना शुरू करते हैं। अध्यापक पहले की तरह ही हर बच्चे के निकट से गुज़रता हुआ एकाएक मोहनदास के निकट ठिठक-सा जाता है। चोरी छुपे से, गरदन घुमाकर एक बार मिस्टर जाइल्स की ओर देखकर वह मोहनदास के पैर में अपना पैर मारता है। मोहनदास उसकी इस हरकत पर ध्यान देने की बजाय लिखने के काम में लगा रहता है। अध्यापक आगे बढ़ जाता है और पंक्ति में एक अन्य बच्चे के पैर पर पैर मारता है। बच्चा नजरें उठाकर अध्यापक की ओर देखता है। अध्यापक उसे इशारा करता है कि वह बगल वाले लड़के की कॉपी देखकर हिज्जे ठीक कर ले। इस तरह मिस्टर जाइल्स से नजर बचाकर अध्यापक कई बच्चों को ऐसा इशारा करता है। कक्षा का पूरा चक्कर लगाकर वापस घूमता है। वह पुन: मोहनदास के पैर में अपना पैर मारता है। इस बार मोहनदास गरदन उठाकर उसकी ओर देखता है। अध्यापक हाथ की उँगलियों के इशारे से उसे बताता है कि इस शब्द के हिज्जे उसने ग़लत लिखे हैं, वह उसके सही हिज्जे पड़ोस में बैठे लड़के की कॉपी से देखकर ठीक कर ले; लेकिन मोहनदास उसका इशारा जैसे समझ ही नहीं पाता। वह जाइल्स  की ओर देखने लगता है। मिस्टर जाइल्स पूछता है।
मिस्टर जाइल्स- शब बच्चा लोगों ने लिख लिया?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- नेक्स्ट वर्ड बोला झाए?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- लिखिए खी आपखे याँ का छाबी टाले में लगाने वाला खी
बच्चे लिखना शुरू करते हैं लेकिन अध्यापक इस बार मोहनदास वाली पंक्ति में ही वापस लौटता है और उसके पैर में अपना पैर मारता है। मोहनदास द्वारा उसकी ओर देखने पर पहले की तरह ही इशारा करता है कि वह पड़ोसी छात्र की कॉपी से अपने तीसरे शब्द के हिज्जे चैक कर ले; लेकिन मोहनदास उसकी बात को नज़र अन्दाज़ करके अगले शब्द के इंतज़ार में मिस्टर जाइल्स की ओर देखने लगता है। मिस्टर जाइल्स पूछता है।
मिस्टर जाइल्स- शब बच्चा लोगों ने लिख लिया?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- नेक्स्ट वर्ड बोला झाए?
सभी छात्र- यस सर।
मिस्टर जाइल्स- लिखिए खिंगढम यानी खे राजढानी
(बच्चे लिखना शुरू करते हैं और अध्यापक एक बार पुन: मोहनदास के पैर में अपना पैर मारकर इशारा करता है कि वह कैटल के हिज्जे अपने पड़ोसी छात्र के हिज्जों से नकल करके ठीक कर ले; लेकिन मोहनदास अध्यापक की ओर से नीरस ही बना रहता है और पड़ोसी बच्चे की ओर देखता भी नहीं है।)
मिस्टर जाइल्स (अध्यापक से)- मिस्टर ठीचर!
अध्यापक- यस सर!
मिस्टर जाइल्स- सभी बच्चा लोगों से अफना-अफना खॉफी लेखर बारी-बारी इदर आने को बोलो।
अध्यापक- यस सर! (अपने आप से) मोहनदास बायीं कतार में बैठा है और इसका नम्बर कुछ ही बच्चों के बाद आ जाएगा। ऐसा करता हूँ कि दाईं कतार के बच्चे को मिस्टर जाइल्स के पास भेजना शुरू करता हूँ। (दाईं कतार के सभी बच्चों से) आप सब अपनी-अपनी कॉपी लेकर खड़े हो जाइये और बारी-बारी से डिप्टी साहब के पास जाइए।
सभी बच्चे अध्यापक की आज्ञा का पालन करते हुए मिस्टर जाइल्स के पास जाते हैं। मिस्टर जाइल्स सभी बच्चों की कॉपी चेक करता हुआ 'व्हेरी घुड’व्हेरी घुड’बोलता रहता है। पहली कतार के बाद अध्यापक दूसरी कतार के बच्चों को खड़ा करता है और उसके बाद तीसरी व चौथी कतार के बच्चों को। इस तरह मोहनदास सबसे अन्त में अपनी कॉपी लेकर मिस्टर जाइल्स के सामने पहुँचता है। अध्यापक उसके जाते ही शर्म से दूसरी ओर मुँह करके खड़ा हो जाता है।
मिस्टर जाइल्स- ओफ व्हेरी सेड। ख्या नाम है टुमारा?
मोहनदास- जी मो मोनिया
मिस्टर जाइल्स- मोनिया!
मोहनदास- नो नो सर यह मेरा घर का नाम है
मिस्टर जाइल्स- घर का नाम!
मोहनदास- यस सर। स्कूल का नाम मोहनदास करमचंद गाँधी।
मिस्टर जाइल्स- घुड नेम। व्हेरी घुड नेम। मोहनडास, पूरा ख्लास ने फाँचों वर्ड्स का स्फेलिंग ठीक लिखा हय। खेवल आफका एक स्फेलिंग घलट हय। 'खेटल’का स्फेलिंग आफने खे, ई, ढबल ठी, ई, एल लिखा हय; लास्ट में ई, एल नहीं होटा बल्खि एल, ई होटा हय अण्डरस्टैंड?
मोहनदास - यस यस सर।
मिस्टर जाइल्स - फूरा ख्लास को फाइव आउट ऑफ फाइव फॉइंट मिला हय और आफखो फोर आउट ऑफ फाइव। गो, ठेक खेयर इन फ्यूछर। (यों कहता हुआ मिस्टर जाइल्स खड़ा हो जाता है और अध्यापक से कहता है) ओ? खे? मिस्ठर ठीचर एक खे अलावा सब अच्छा हय, घुड फरफार्मेंस।
अध्यापक- थैंक्यू सर। मैं उस पर भी मेहनत करूँगा।
मिस्टर जाइल्स चला जाता है। अध्यापक अपनी कुर्सी पर जाकर बैठ जाता है और क्रोधपूर्वक मोहनदास को पुकारता है।
अध्यापक- मोहनदास! इधर आ, इधर आ।
मोहनदास अपनी जगह से उठकर बिना झिझक या डर अध्यापक के निकट आ खड़ा होता है।
अध्यापक- तेरी तरह कूड़-मगज़ होती तो आधी क्लास ज़ीरो ही ला पाती आज। अरे गोबर गणेश रिस्क लेकर मैंने कितनी बार तुझे इशारा किया और तू है कि एक बार भी मेरा इशारा नहीं समझ सका।
मोहनदास- सॉरी सर, आपका इशारा तो मैं समझ गया था; लेकिन
अध्यापक- (डाँटने के अंदाज़ में) क्या लेकिन?
मोहनदास- प्रार्थना-सभा के बाद रोज़ाना हमें आप ईमानदार रहने का, झूठ न बोलने का, किसी की कोई चीज़ न चुराने का, परीक्षा में नकल न करने का प्रवचन देते हो। मैंने जीवनभर आपकी शिक्षा पर ही चलने की कसम खाई  है ; इसीलिए आपके बार-बार टोकने के मतलब को समझकर भी नकल के लिए इधर-उधर देखना उचित नहीं समझा।
मोहनदास की यह बात सुनकर अध्यापक उसकी ओर देखता रह जाता है। काफी देर तक वह उसकी ओर देखता रहता है, फिर भावविभोर हो उठता है। मोहनदास को खींचकर गले से लगा लेता है।
अध्यापक- शाब्बास मेरे बच्चे! तूने मेरी आँखें खोल दीं आज। थोड़ी देर के लिए मैं डर गया था कि इंस्पेक्टर साहब के सामने बेइज़ती न हो जाए। मैं यह भूल गया था कि गुरु और माता-पिता की असली बेइज़ती तो विद्यालयों और घरों में अपने अहंकार की अपनी पोजीशन की रक्षा के लिए बेईमान, झूठे, मक्कार और चोर बच्चों का विकास करना है। तू और तेरा यह साहस मुझे जीवनभर याद रहेगा। असल में, सबसे ज्यादा पाइंट आज तुझे ही मिले हैं मोहनदास मेरा आशीर्वाद!
(अध्यापक के आशीर्वचन के साथ ही प्रकाश सिमटकर स्पॉट लाइट के रूप में मात्र इन दोनों पर सिमट आता है। सामने से वयोवृद्ध गाँधी जी की लाठी का सिरा थामे बालक-1 और उनके पीछे बालक-2 व बालक-3 मंच के दायें छोर से बायें छोर की ओर निकल जाते हैं। नेपथ्य से भजन सुनाई देता है-)
एकल पुरुष स्वर- ईश्वर अल्ला तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान।
स्त्री-पुरुषों का
सम्मिलित स्वर- ईश्वर अल्ला तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान।
यह भजन दोहराया जाता रहता है। मंच पर धीरे-धीरे प्रकाश मंद होता जाकर अंधकार हो जाता है।

सम्पर्क: एम-70, नवीन शाहदरा, दिल्ली-110032, मो.0918826499115

बालकथा,

नन्हा गुरु

- प्रियंका गुप्ता

दिसम्बर की वह एक सर्द सुबह थी। दस वर्षीय शंकर सुबह से बड़ी बोरियत महसूस कर रहा था। उसकी जाड़े की छुट्टियाँ शुरू हो चुकी थी और मम्मी थी कि उसे खेलने ही नहीं जाने दे रही थी। उनका बस हमेशा की तरह एक ही बहाना था, इतनी सर्दी है...। मौसम देखा है, कैसा कोहरा हो रहा है...। अगर सर्दी-जुकाम हो गया तो बस, फिर मना लेना छुट्टी...बुखार में...।
अब इसके बाद शंकर के पास कुछ भी नहीं बचता था कहने के लिए...। सच ही तो कहती थी मम्मी...उसे सर्दी-जुकाम बहुत जल्दी होता था। पर वह भी क्या करे? अगर खेले न तो घर में रहकर करने के लिए बचता ही क्या था? अगर मम्मी उसे बाहर नहीं निकलने देती तो पापा भी उसके ज़्यादा टी.वी देखने या कम्प्यूटर को देर तक चलाने के सख़्त ख़िलाफ़ थे। उन्हें तो बस किताबों से लगाव था। वे अक्सर शंकर को समझाया करते, बेटा, अपनी कोर्स की किताबों के अलावा रोज़ाना कम-से-कम दस पन्ने किसी भी किताब के पढ़ा करो...जो भी तुम्हें रुचिकर लगें...। किताबें हमारा मन तो बहलाती ही हैं, हमें सहीग़लत का फ़र्क भी सिखाती हैं...। वे हमारी सच्ची दोस्त होती हैं...।
शंकर पापा का विरोध करने की हिम्मत तो रखता नहीं था, पर पापा की बातें न उसे समझ आती थी, न पसन्द...। भला कोई किताबों के साथ दोस्ती कैसे कर सकता है। बस एक जगह चुपचाप बैठ जाओ और पढ़ो...। यह भी कोई बात हुई...? शंकर का अगर वश चलता तो वह दुनिया भर की किताबों को एक कमरे में बंद करके चाभी समन्दर में फेंक देता...। यही नहीं, बल्कि वह तो सारे स्कूल भी बन्द करवा देता...। शंकर को स्कूल जाना और पढऩा, दोनो ही नापसन्द थे। उसे तो दोस्तों के साथ खेलना, गप्पें मारना और घूमना पसन्द था। पर क्या करे, दुनिया उसकी मर्ज़ी से थोड़े न चलती है...।
 शंकर बैठा अपनी छुट्टियों को मज़ेदार तरीके से बिताने के लिए योजना बना रहा था कि तभी दरवाज़े पर हुई दस्तक से उसका ध्यान भंग हुआ। मम्मी रसोई में व्यस्त थी, सो उसे ही दरवाज़ा खोलने जाना पड़ा। दरवाज़ा खोलने पर जैसे वह पल भर को सन्न रह गया। उसके सामने लगभग उसकी ही उम्र का एक अधनंगा-सा बच्चा खड़ा था। उसे देख कर ही कोई बता सकता था जैसे उसने महीनों से कुछ न खाया हो...। उसे देख कर शंकर को आश्चर्य हो रहा था, इतनी सर्दी में कोई पूरे गर्म कपड़ों के बगैर कैसे रह सकता था? वह ऐसे ही खड़ा रहता कि तभी उस बच्चे के खाना माँगने पर जैसे उसका ध्यान भंग हुआ। शंकर ने तेज़ी से भाग कर अपनी मम्मी को उस आए हुए बच्चे के बारे में बताया तो मम्मी भी सारे काम छोड़, खाना और शंकर का एक पुराना कपड़ा और कोट लेकर ज़ल्दी से बाहर आ गई।
 जितनी देर वह बच्चा खाना खाता रहा, शंकर मम्मी के पीछे छुपकर उसे अचरज़ के साथ निहारता ही रहा। गर्म कपड़े पहन कर और भरपेट खाना खाकर बच्चा बेहद सन्तुष्ट नज़र आ रहा था।
मम्मी, क्या मैं थोड़ी देर इससे बात कर सकता हूँ...। शंकर को उस बच्चे के बारे में जानने की बहुत इच्छा हो रही थी, सो उसने मम्मी से इजाज़त माँगी। मम्मी भी शायद उसका अकेलापन समझ गई थी; सो उन्होंने भी 'हाँ’कह दी। शंकर बहुत खुश हुआ...चलो कोई तो मिला उसे अपनी बोरियत मिटाने को...।
उस बच्चे से पूछने पर शंकर को मालूम हुआ कि उसका नाम छोटू था और वह पास ही की एक मलिन बस्ती में अपनी विधवा माँ और एक छोटी बहन के साथ रहता था। उसके पिता की दो साल पहले एक गंभीर बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी तथा उसकी माँ आसपास के इलाके में बर्तन माँजकर उसका और उसकी बहन का पालन-पोषण कर रही थी। शंकर को यह जान कर और भी आश्चर्य हुआ कि गरीब होने के बावजूद छोटू पास के एक सरकारी स्कूल में पढ़ता भी था। शंकर समझ नहीं पा रहा था कि आखिर छोटू को पढऩे की क्या ज़रूरत थी, जबकि वह तो बड़ी आसानी से अपनी गरीबी का बहाना लेकर स्कूल जाने से बच सकता था।
शंकर को छोटू ने यह भी बताया कि वह बड़ा होकर एक डॉक्टर बनना चाहता है ताकि वह अपनी माँ और छोटी बहन को जीवन के वे सारे सुख और आराम दे सके जो उन्हें कभी नहीं मिले।
जानते हैं भैया, जब मैं डॉक्टर बन जाऊँगा जो सिर्फ पैसे से ही इलाज नहीं करूँगा, बल्कि मु$फ्त में भी करूँगा ताकि मेरे बापू की तरह पैसे की कमी के कारण कोई और न बिना इलाज के मरे...। कहते हुए छोटू की आवाज़ में एक निश्चय की झलक थी।
शंकर अब भी उसे अचरज़ से देखे जा रहा था। किस मिट्टी का बना है यह...? अभी वह कुछ और सोचता कि तभी छोटू ने कुछ चिरौरी-सी करते हुए शंकर से पूछा,  भैया, क्या आप मुझे अपनी पिछली कक्षा की कुछ पुरानी किताबें और एक-दो कहानियों की किताबें भी दे सकते हैं...? दरअसल मैं चाहता हूँ कि मैं अधिक-से-अधिक सीखूँ...तभी तो मैं अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होऊँगा...।
अपनी ओर अब भी चुपचाप ताकते शंकर को देख कर छोटू को लगा, वह आवश्यकता से अधिक माँग रहा है। किसी की आत्मीयता और प्यार के चलते इतना भी नहीं माँगना चाहिए कि देने वाला दुत्कार दे...इसी भय से छोटू वापस जाने के लिए मुड़ा ही था कि शंकर ने लपक कर उसका हाथ पकड़ लिया। छोटू ने देखा, शंकर की आँखों में एक अनजानी-सी चमक थी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, शंकर ने कसकर उसे गले लगा लिया और तेज़ी से अंदर की ओर भाग गया, अपने इस नए और अनजाने से नन्हें दोस्त के लिए किताबें लाने...।
शंकर के स्कूल खुल चुके थे। अबकी बार शंकर पहले जैसा नहीं रहा था...स्कूल और किताबों से दूर भागने वाला...। मम्मी, पापा, उसके दोस्तों...सब को सुखद आश्चर्य हो रहा था उसमें आए इस बदलाव को देख कर...। पर जब भी कोई इस परिवर्तन का कारण जानना चाहता, शंकर की आँखों में वही अनजानी-सी चमक लौट आती। एक रहस्यमयी मुस्कान के साथ उसका जवाब होता, इसका श्रेय तो मेरे गुरु जी को जाता है...।


सम्पर्क: एमआईजी-292, कैलास विहार, आवास विकास योजना संख्या- एक, कल्याणपुर, कानपुर- 208017 Email- priyanka.gupta.knpr@gmail.com

दो बाल कविताएँ

1. वर्षा की पहली फुहार

- नवनीत वैष्णव

वर्षा की पहली फुहार
कर रही है पुकार
देखो वर्षा आयी है
ढेरों खुशियाँ लायी है।

वर्षा में ही रक्षाबन्धन
वर्षा में हरियाली
वर्षा से ही तो आती है
दुनिया में खुशहाली।

2. होली के रंग

होली के दिन सभी लोग थे,
रंगों से सराबोर
एक-दूजे को रंग लगाते
और मचाते शोर।
बच्चों ने रंग घोला था
एक बड़े से हौज में
इनकी तो तुम बात छोड़ दो
बूढ़े भी थे मौज में।

मारें भर-भर कर पिचकारी
और मारें गुब्बारे
जो थे दुश्मन सालों से
वे गले मिले थे सारे।

होली का तो पर्व ही ऐसा
जोड़े सबका नाता
इसीलिए तो सब लोगों के 
मन को है यह भाता।

बालकथा

पानी का घर
- सुकेश साहनी
 




   


‘विनय गाँव आकर कैसा लग रहा है?’’ प्रसाद जी ने पूछा।
     विनय ने कोई उत्तर नहीं दिया। वह जमीन में गड़े लेाहे के पाइप की ओर एकटक देखे जा रहा था, जिसके मुँह से पानी की मोटी धार निकल रही थी। वह पहली बार गाँव आया था। इससे पहले उसने कभी जमीन से इस तरह पानी निकलते नहीं देखा था।
     ‘‘विनय!’’ प्रसाद जी ने फिर पुकारा।
     ‘‘जी?’’ इस बार चौंककर उसने अपने पिता की ओर देखा।
     ‘‘क्या सोच रहे थे?’’ उन्होंने उससे पूछा।
     ‘‘पिताजी, मैं सोच रहा था कि अगर हमारे पैरों के नीचे की जमीन एकाएक टूट जाए तो हम सीधे पानी में जा गिरेंगे। क्या ज़मीन के नीचे पानी का तालाब या टैंक होता है?’’
     ‘‘नहीं विनय, ‘‘प्रसाद जी को हँसी आ गई,’’ धरती के नीचे पानी उस तरह नहीं होता है, जैसे तुम कल्पना कर रहे हो। जमीन के नीचे पानी मिट्टी की विभिन्न परतों में पाया जाता है।’’
     ‘‘मिट्टी की परते?’’ विनय ने देाहराया।
     ‘‘हाँ,’’ प्रसाद जी ने समझाया, ‘‘यदि जमीन की खुदाई की जाए तो हम पाएँगे कि मिट्टी हर कहीं अपनी बनावट में एक-सी नहीं होती है। अलग-अलग मोटाई की परतें जैसे-चिकनी मिट्टी, मिट्टी-कंकड़, मिट्टी बालू, बारीक बालू, मोटी बालू आदि जमीन के नीचे मिलती हैं। जमीन के नीचे पानी इन्हीं बालू वाली परतों में पाया जाता है।’’
     ‘‘पिताजी, जमीन के नीचे ये परतें कैसे बन जाती हैं?’’-विनय ने पूछा।
     ‘‘वर्षों पहले जब धरती बन रही थी, बड़ी-बड़ी नदियों द्वारा इन परतों का निर्माण हुआ। चट्टानी इलाकों में ये परतें भिन्न प्रकार की होती हैं।’’
     ‘‘कमाल है।’’ विनय बुदबुदाया।
     वे दोनों ट्यूबवैल के नजदीक आ गए थे। डीजल इंजन के चलने से  तेज शोर हो रहा था।
     ‘‘जमीन के नीचे से पानी उठाने या खींचने के लिए पम्प की जरूरत होती है।’’ प्रसाद जी ने विनय को बतलाया, ‘‘यहाँ पम्प को इस डीजल इंजन की सहायता से चलाया जा रहा है। जहाँ बिजली उपलब्ध होती है, वहाँ पम्प सीधे बिजली की सहायता से चलाया जा सकता है।’’
     ‘‘बिना पम्प के जमीन में से पानी नहीं निकाला जा सकता?’’ विनय ने पूछा।
     ‘‘लोगों को बिना पम्प के जमीन से पानी निकालते हुए तुमने अक्सर देखा होगा। इसके लिए कुओं, रहट हैंडपम्प आदि का प्रयोग किया जाता है।’’
     विनय गहरी सोच में डूब गया था।
     ‘‘पिताजी’’ -एकाएक उसने उत्सुकता से पूछा, ‘‘महाभारत के टी.वी. सीरियल में अर्जुन धरती में तीर मारकर पानी निकाल देते हैं और पानी जमीन से फव्वारे की तरह निकलने लगता है। बिना पम्प के पानी कैसे निकलने लगता है?’’
     प्रसाद जी ने प्रशंसा भरी दृष्टि से विनय की ओर देखा।
     ‘मुझे खुशी है कि तुमने अपना पूरा ध्यान विषय पर केन्द्रित कर रखा है,’’ प्रसाद जी ने खुश होते हुए कहा, ‘‘टी.वी. में दिखाई जाने वाली बहुत-सी बातें ठीक उस रूप में नहीं होती है, जैसे दिखाई देती है। फिर भी अर्जुन के गांडीव धनुष से धरती छेदने वाली घटना से तुमने मेरा ध्यान पाताल तोड़कूप ( उत्स्रुत कूप ) की ओर आकृष्ट कराया है, जिनसे पानी बिना किसी मदद के अपने आप जमीन पर बहता रहता है। इस तरह के कूप हर जगह नहीं बनाए जा सकते है।’’
     ‘‘इनके निर्माण के लिए जमीन के नीचे मिट्टी की परतों एवं पानी की एक विशेष प्रकार की दशा या स्थिति होना अनिवार्य हैं।’’
     ‘‘अपने आप बहने वाले कूप के लिए जमीन के नीचे मिट्टी की दो सख्त परतों के बीच पानी वाली परत का होना ज़रूरी है-ठीक किसी सैंडविच की तरह। ये मिट्टी की परतें अभेद्य होती हैं। यानी पानी इनके आर-पार नहीं आ जा सकता। इन परतों के बीच पानी अत्यधिक दबाव में रहता है और यदि जमीन से पानी की परत तक छेद किया जाए तो पानी दबाव के कारण धरती की सतह तक चढ़कर बहने लगता है, इसे ‘आर्टीज़न वेल’ या स्वतः बहने वाला कूप भी कहते हैं।’’
     ‘‘पानी फव्वारे के रूप में जमीन से कैसे निकलने लगता है?’’-विनय ने पूछा।
     ‘‘मिट्टी की दो सख्त परतों के बीच दबाव के कारण। इसे समझने के लिए तुम एक गुब्बारा लो, उसे बिना फुलाए उसमें सुई से सावधानपूर्वक एक छेद कर दो, फिर उसमें पानी भर दो। क्या होगा?’’ प्रसाद जी ने पूछा।
     ‘‘पानी इस छेद से फव्वारे के रूप में निकलने लगेगा।’’
     ‘‘बिल्कुल ठीक!’’-प्रसाद जी ने कहा, ‘‘इस प्रयोग में गुब्बारे की झिल्ली के कारण उसके भीतर का पानी दबाव में रहता है। जमीन में सख्त मोटी मिट्टी की परतों के कारण ऐसा होता है।’’
     ‘‘समझ गया...बिल्कुल समझ गया!’’ विनय ने कहा।
     नई जानकारी के कारण उसकी आँखें खुशी से चमक रही थीं।


सम्पर्क: 193/ 21 , सिविल लाइन्स बरेली, 243001

प्रेरक

कार्यक्षमता
 एक नवयुवक और कुछ बुजुर्ग लकड़हारे जंगल में पेड़ काट रहे थे। युवक बहुत मेहनती था। वह बिना रुके लगातार काम कर रहा था। बाकी लकड़हारे कुछ देर काम करने के बाद थोड़ी देर सुस्ताते और बात करते थे। यह देखकर युवक को लगता था कि वे समय की बर्बादी कर रहे हैं।
जैसे-जैसे दिन बीतता गया, युवक ने यह देखा कि बाकी लकड़हारे उसकी तुलना में अधिक पेड़ काट पा रहे थे जबकि वे बीच-बीच में काम रोक भी देते थे। यह देखकर युवक ने और अधिक तेजी से काम करना शुरु कर दिया, लेकिन वह अभी भी दूसरों की तुलना में कम ही लकड़ी काट पा रहा था।
अगले दिन उम्रवार लकड़हारों ने युवक को काम के बीच में अपने पास चाय पीने के लिए बुलाया। युवक ने उन्हें यह कहकर मना कर दिया कि इससे समय व्यर्थ होगा।
एक बूढ़े लकड़हारे ने लड़के से मुस्कुराते हुए कहा, तुम लंबे समय से अपनी कुल्हाड़ी में धार किए बिना लकड़ी काटने की कोशिश कर रहे हो और तुम्हारी सारी मेहनत बेकार जा रही है। कुछ समय के बाद तुम्हारी सारी शक्ति चुक जाएगी और तुम्हें काम बंद करना पड़ेगा।
युवक को यह अहसास हुआ कि आराम करने के दौरान बाकी लकड़हारे चाय पीने और गपशप करने का साथ-साथ अपनी कुल्हाडिय़ों पर भी धार करते थे। वे वाकई अकलमंद थे. उनकी कुल्हाडिय़ाँ लकड़ी तो बेहतर काट पा रही थी।
बूढ़े लकड़हारे ने युवक को हिदायत देते हुए कहा, हमें अपनी बुद्धि का प्रयोग करके अपने कौशल और क्षमता को बढ़ाते रहना चाहिए। तभी हमें अपनी पसंद के दूसरे कार्यों को करने के लिए समय मिल पाएगा। पर्याप्त विश्राम के बिना कोई भी अपना काम कुशलतापूर्वक नहीं कर सकता। कुछ समय के लिए काम को रोककर आराम करने से शक्ति का संचार होता है और अन्य किसी दृष्टिकोण से अपने कार्य का आकलन करके रणनीति बनाने का अवसर मिलता है। (हिन्दी ज़ेन से)