मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 14, 2013

कब तक पहुँचेगी परिवर्तन की किरण

ब्रजवासी महिलाएँ

कब तक पहुँचेगी परिवर्तन की किरण

- देवेन्द्र प्रकाश मिश्र

इक्कीसवीं सदी की कल्पना वाले आजाद भारत में महिला सशक्तीकरण और उनके उत्थान के लिये चल रही तमाम योजनाओं के बावजूद उत्तर प्रदेश मूल की ब्रजवासी जाति की महिलाएँ समाज में उपेक्षित है ही साथ में औरतों व लड़कियों की खरीद-फरोख्त की परम्परा भी इस जाति में बदस्तूर जारी है। इस कारण नाच-गाकर लोगो के मनोरंजन का साधन बनी ब्रजवासी महिलाएँ अशिक्षा व रूढ़वादिता की अँधेरी सुरंग में जागरूकता के अभाव के कारण घुट-घुट कर जिन्दा रहने को विवश हैं। उत्तर प्रदेश में ही नहीं पूरे भारत में इस जाति की बेबश महिलाओं की दयनीय स्थिति महिला उत्थान एवं महिला सशक्तीकरण के दावों की पोल खोल रही है। हिन्दुस्तान के पुरूष प्रधान समाज में महिलाओं को पुरूषों के समान बराबर का दर्जा दिलाने के लिये सरकारी तौर पर तमाम कार्यक्रम चलाये जा रहें हैं साथ ही साथ अनेक सामाजिक, स्वैच्छिक व महिला संगठन प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं को अधिकार और सम्मान दिलाने के लिये संघर्ष काम कर रहे हैं;लेकिन इनके क्रियाकलापों को अगर यथार्थ के आइने में देखा जाए तो इनके द्वारा किये जा रहे तमाम प्रयास ब्रजवासी जाति की महिलाओं के लिये बेमानी और खोखले होकर रह गये हैं। परिवार को आजीविका चलने में अहम व महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद भी इस जाति की महिलाओं को 'दोयम दर्जा’ मिला ही है साथ में पति की प्रताड़ना और अत्याचार तथा सभ्य समाज की गालियाँ सुनना इनके किस्मत की नियति बन गई है। ब्रजवासी जाति और समाज से संबन्धित की गई खोजबीन के बाद जो कहानी उभरकर सामने आई है उसमें महिलाओं की दशा काफी दयनीय, निरीह एवं अबला नारी वाली नजर आती है। मजे की बात तो यह है कि इनकी स्थिति में परिवर्तन की किरण भी दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है। प्राचीन परम्परा को अपने भाग्य से जोड़कर जीवन यापन करने वाली ब्रजवासी जाति की महिलाएँ 'कठपुतली’बनी पुरूषों की अँगुलियों के इशारे पर नाचने को विवश है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोकुल (ब्रज) क्षेत्र के निवासी होने के कारण कालान्तर में 'ग्वाल’ जाति परिवर्तन के कई दौरों से गुजरने के बाद यह ग्वालजाति पूर्वजों की मातृभूमि के नाम पर 'ब्रजवासी' जाति में तब्दील हो गई। यह 'ब्रजवासी ग्वाल’ प्राचीनकाल से ही नाच-गाना के द्वारा उस समय जमीदारों और धनवान परिवारों में होने वाले मांगलिक कार्यों और उत्सवों में महिलाएँ नाच-गाकर लोगों का मनोरंजन किया करती थीं। बदलते परिवेश के साथ ही गरीब होने के कारण ब्रजवासियों ने नाच-गाना को आजीविका से जोड़कर वर्षो पूर्व समाज में अन्य लोगों का मनोरंजन करना शुरू कर दिया था। ब्रिटिश शासन काल में इनका विखराव शुरू हुआ तो यह लोग गोकुल से अपना-अपना परिवार लेकर अलग-अलग स्थानों पर 'ब्रजवासी जाति’ के नाम पर आबाद होते चले गये। चूँकि जीविका का कोई अन्य साधन नहीं था;इसलिए इनकी महिलाओं ने नाच-गाने को पेशा बनाकर कर लोगो का मनोरंजन करने लगी। इस तरह होने वाली आमदनी से परिवार को जीवन-पोषण का जरिया बन गया। वर्तमान में यह स्थिति हो गई है कि प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा जिला होगा जहाँ इस जाति के परिवार न रहते हों और इस जाति की महिलाएँ आज भी नाच-गाकर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। गाँवों में निर्धनता और अभावों की जिन्दगी गुजारने के बाद भी ब्रजवासी समाज 'अनैतिकता’ के दलदल में धँसने से बचा हुआ है; लेकिन आधुनिक युग में आवागमन और संचार के साधनों के बढ़ने के साथ गाँव और शहर में जब धीरे-धीरे नाटक एवं नौटंकी का क्रेज कम होने लगा तब जीविका की तलाश में गाँव की ब्रजवासी महिलाओं ने देश के महानगरों की तरफ  का रुख किया और वहाँ पर चलने वाले बार में डांसर का काम करने लगी हैं। महानगरों की चकाचौंध का असर उनपर भी पड़ा और शार्टकट से अमीर बनने के लिए अब ब्रजवासी महिलाएँ अब अपने समाज की वर्जनाओं को तोडऩे में परहेज नहीं करती हैं।
हिन्दू धर्म के सभी देवी देवताओं की पूजा-अर्जना करना तथा हिन्दुओं के रीति-रिवाज व त्योहारों को मानने वाले ब्रजवासी समाज में लड़कों की अपेक्षा लड़की के जन्म पर आज भी ज्यादा खुशी मनाई जाती है; किन्तु लड़के को खानदान में बाप का नाम आगे बढ़ाने वाले 'घर के चिराग’ के रूप में मान्यता मिली हुई है। ब्रजवासियों को अपनी बोलचाल की एक अलग भाषा 'ग्वाली’  (फारसी) है जिसको केवल इसी जाति के लोग बोल और समझ सकते हैं ।इसका इन्हें मुसीबत के समय काफी फायदा भी मिलता है। ब्रजवासी समाज में प्रचलित परम्परा के अनुसार वह अपने बच्चों का बाल विवाह तो नहीं करते हैं , वरन् इस जाति के लोग अमूमन पन्द्रह वर्ष की आयु पूर्ण करने से पहले ही लड़के-लड़की का विवाह रस्मोरिवाज से कर देते हैं। ब्रजवासी जाति में दो प्रकार से शादियाँ धर्म विवाह एवं संविदा (कान्ट्रेक्ट) विवाह प्रचलित है। धर्म विवाह में दहेज देने की प्रथा है और इस रीति से हुई शादी के बाद लड़की नाच-गाने का पेशा अपनाने के बजाय घर-गृहस्थी का कार्य करती हैं। अलबत्ता इनसे होने वाली औलादों को भविष्य में नाच-गाना का पेशा अपनाने की पूरी आजादी रहती है। इस रीति के विपरीत संविदा विवाह में वर पक्ष के लोग प्रथा के अनुसार तयसुदा धन लड़की के परिजनों को देकर विवाह की रस्म पूरी की जाती है। धर्म विवाह में जहाँ छुटौती (तलाक) की गुजांइश काफी कम होती है वही संविदा रीति से किए गए विवाह में पुरुष को तलाक देने की छूट होती है। पति-पत्नी के बीच विवाद होने की स्थिति में छुटौती (तलाक) करने पर पति द्वारा शादी से पूर्व पत्नी के परिजनों को दी गई रकम व शादी में लिया गया दहेज पत्नी को वापस करना पड़ता है। किन्तु इस मध्य हुए बच्चे पिता के संरक्षण में दे दिए जाते हैं। यह कार्य बिना किसी लिखा-पढ़ी के पंचायत द्वारा किया जाता है। तलाकसुदा महिला से पुनर्विवाह करने वाला व्यक्ति उस महिला की तय की गई 'रकम’ उसके परिवारजनों को अदा करके खानापूर्ति के तौर पर साधारण समारोह करके ब्याह कर अपने घर लाता है। इस तरह खरीद कर लायी गई औरत को ताजिन्दगी नाच-गाने का पेशा करना पड़ता है और इसके द्वारा कमाई गई रकम से वह व्यक्ति उसके परिजनों को दी गई रकम की भरपाई करने के साथ ही परिवार का खर्चा भी चलता है। इस जाति की सबसे खास बात यह है कि कुँवारी लड़कियों से नाच-गाने का पेशा नही कराया जाता है और न ही उनको नाच-गाना की तालीम दिलाई जाती है। केवल संविदा रीति से ब्याही गई किशोर लड़कियाँ अपनी ससुराल में ही तालीम हासिल कर नाच-गाना का पेशा अपनाती हैं।
आजाद भारत में ब्रजवासी समाज के भीतर औरतों की खरीद-फरोख्त की प्राचीन परम्परा को अगर नज़र अन्दाज़ कर दिया जाए तो भी इस समाज में और भी तमाम कुरीतियाँ मौजूद हैं जिसके कारण महिलाओं की स्थिति काफी दयनीय व भयावह बनी हुई है। लड़कियों की किशोरावस्था में ही शादी हो जाने के कारण वह कम उम्र में ही माँ भी बन जाती हैं, इसके कारण वह कुपोषण का शिकार बनकर अन्य तमाम बीमारियों से ताउम्र ग्रस्त रहती हैं। परम्पराओं और रूढ़ियों के बीच पली बढ़ी इस समाज की अधिकतर लड़कियाँ व महिलाएँ अशिक्षित 'अंगूठाछाप’ हैं। इस कारण वे न जागरूक हैं और न ही अपने अधिकारों से परिचित हैं और न ही वे महिला संरक्षण के कानूनों को जानती हैं। परिणामस्वरूप वे आज भी उपेक्षित और शोषित की जा रही हैं। जबकि अशिक्षा के चलते पुरुष शराब आदि मादक पदार्थो के चंगुल में फँसे हुए हैं। इस कारण पति-पत्नी में मारपीट, पारिवारिक कलह एवं अन्य लड़ाई-झगड़े करना इन ब्रजवासियों में रोजमर्रा की जिन्दगी में शामिल हो गया है। पेट की आग को शान्त करने के लिए दूसरों का मनोरंजन कर पैसे कमाने की होड़ में शामिल ब्रजवासी समाज के परिवार बच्चों की परवरिश वाजिब ढग़ से नही कर पाते हैं। इसके कारण ब्रजवासियों के बच्चे बाल उम्र में पढऩे-लिखने के बजाय बचपन से ही कुसंगतियों में फँसकर अपना भविष्य अंधकारमय बना लेते हैं। बचपन से ही पान, बीड़ी, सिगरेट, शराब पीने की आदत पड़ जाने से तरह-तरह की बीमारियाँ इन्हें पूरी जिन्दगी परेशान करती रहती हैं। कमोवेश यही स्थिति लड़कियों की भी रहती है। शासन, प्रशासन व समाज से उपेक्षा पाने के कारण सरकार द्वारा बाल विकास व उत्थान के लिए चलाये जा रहे तमाम योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ ब्रजवासियों के बच्चों को नही मिल रहा है; जिसके कारण यह बच्चे नाच-गाने के उसी माहौल में बचपन से रम जाते हैं और बढ़ती उम्र के साथ पुश्तैनी धन्धा अपनाकर आजीविका चलाने लगते है। नाच-गाने का पुश्तैनी धंधा अपनाये ब्रजवासी औरतों के लिए इसे उनके भाग्य की विडम्बना ही कही जायेगी कि मांगलिक अवसर हो या फिर नाटक-नौटंकी अथवा डांस पार्टियाँ या अन्य कोई सुखद अवसर ,सभी में इन औरतों द्वारा दु:खों को बनावटी मुस्कान के पीछे छिपाकर नाच-गाना आदि के कार्यक्रम पेश किये जाते हैं, और इन कार्यक्रमों में शामिल होने वाले सभ्य समाज के 'कुलीन व्यक्ति’ इनसे बिजली की चकाचौंध रोशनी में भरपूर मनोरंजन करते हैं। मजे की बात तो यह है कि समाज के इन्ही 'कुलीन व्यक्तियों’ ने ही ब्रजवासी महिलाओं को 'बार डांसर' और 'तवायफ’आदि जैसे हिकारत वाले अपमानजनक नाम दिए हैं। जिसके कारण यह महिलाएँ आज भी 'सभ्य समाज’में गिरी दृष्टि से देखी जाती हैं। इसके विपरीत सभ्य कहे जाने वाले समाज को यथार्थ और हकीकत के आइने में देखा जाये तो उच्च जातियों की लड़कियाँ एवं महिलाएँ स्टेज शो अथवा आर्केस्ट्रा ग्रुपों के माध्यम से जो डांस व गानों के कार्यक्रम पेश करती हैं उनमें काम करने वाली लड़कियाँ इन ब्रजवासी औरतों की अपेक्षाकृत ज्यादा ही खुला प्रदर्शन कर वाहवाही लूटती है, इनको 'कलाकार’जैसे शब्द से नवाजा गया है। बातचीत में समाज द्वारा स्थापित किए गए दोहरे मापदण्ड पर आक्रोश ज़ाहिर करते श्रीमती श्रद्धादेवी कहती हैं कि हम ब्रजवासिनी एक सीमित दायरे में रहकर लोगों का दूर से नाच-गाकर अपनी कला का प्रदर्शन करके मनोरंजन करते हैं। किन्तु कुलीन महिला कलाकारों ने तो सभी सीमाएँ तोड़ देती हैं और फिल्मी कलाकारों की दुनिया तो हम लोगों के समाज से ज्यादा काली है। फिर यह सम्य कहा जाने वाला समाज हम लोगो के साथ ऐसा दोहरा बर्ताव क्यों कर रहा है? इस कटाक्षपूर्ण अनुत्तरित प्रश्नों पर महिला उत्थान की दिशा में काम करने वाली सामाजिक संस्थाओं एवं महिला संगठनों को एक बार फिर गहराई से मनन और विचार करके सार्थक प्रयास भी करने होगें तभी ब्रजवासी जाति की दबी-कुचली महिलाओं को उनका हक, न्याय एवं समाज में इज्जत और सम्मान के साथ जीने का मौका मिल पायेगा। बहरहाल दीन दुनिया की तरक्की से बेखबर और समाज से उपेक्षित रहते हुए भी भाग्य की नियति मानकर जीवन यापन करने वाली ब्रजवासी परिवार की महिलाएँ समाज की गालियाँ, पति की प्रताडऩाऐं खुशी-खुशी सहन करती ही हैं और अपने गम और अत्याचार को भुलाकर कठपुतली की तरह पुरूषों की अँगुलियों के इशारे पर नाच-गाकर लोगों का मनोरंजन करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहीं हैं।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार और टिप्पणीकार है)
       
सम्पर्क: हिन्दुस्तान ऑफिस, नगर पालिका कॉम्प्लेक्स निकट सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पलिया कला, जिला- खिरी (उ.प्र) मो.०९४१५१६६१०३,                     
Email- dpmishra7@gmail.com

गज़ल़ें

- आशीष दशोत्तर

१. कतार में


सिमटा है सारा मुल्क ही कोठी या कार में,
आशीष तो खड़ा हुआ कब से कतार में।

बाज़ार दे रहा यहाँ ऑफर नए-नए,
ख्वाबों की मंजिलें यहाँ मिलती उधार में।

मिलते रहे हैं रोज ही यूँ तो हज़ार लोग,
मिलता नहीं है आदमी लेकिन हजार में।

पल भर में मंजिलें यहाँ हसरत की चढ़ गए,
सँभले कहाँ है आदमी अक्सर उतार में।

जिसने ज़मी के वास्ते अपना लहू दिया,
गुमनाम कर दिये गए जश्ने-बहार में।

छू कर हवा गुज़र गई परछाई आपकी,
खुशबू तमाम घुल गई कैसी बयार में।

जज़्बात को निगल लिया मैसेज ने यहाँ,
आती कहाँ है ख्वाहिशें चिट्ठी या तार में।

आशीष क्या अजीब है मेरे नगर के लोग,
अम्नो-अमा को ढूँढ़ते खँजर की धार में।


२. कश्तियाँ कागज की

लफ्ज़ आए होठ तक हम बोलने से रह गए,
इक अहम रिश्ते को हम यूँ जोडऩे से रह गए।

अब शिकारी आ गया बाज़ार के ऑफर लिये,
फिर परिन्दे अपने पर को खोलने से रह गए।

हर कहीं देखी निगाहें आँसुओं से तरबतर,
खुद के आँसू इसलिए हम पोंछने से रह गए।

बारिशें तो थीं मगर बस्ते का भारी बोझ था,
कश्तियाँ कागज की बच्चे छोड़ने से रह गए।

बेरहम दुनिया के जुल्मों की हदें ना पूछिए,
शाख पर वे फल बचे जो तोड़ने से रह गए।

आज फिर देखी किताबें-जि़न्दगी आशीष तो,
पृष्ठ कुछ ऐसे मिले जो मोड़ने से रह गए।


लेखक के बारे में: - जन्म -05 अक्टूबर 1972, शिक्षा - 1.एम.एस.सी. (भौतिक शास्त्र), एम.ए. (हिन्दी), एम.एल.बी., बी.एड, बी.जे.एम.सी., स्नातकोत्तर में हिन्दी पत्रकारिता पर विशेष अध्ययन। प्रकाशन - 1 मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा काव्य संग्रह-खुशियाँ कैद नहीं होती-का प्रकाशन।, ग़ज़ल संग्रह 'लकीरें, 3 भगतसिंह की पत्रकारिता पर केंद्रित पुस्तक-समर में शब्द-प्रकाशित 4 नवसाक्षर लेखन के तहतकहानी की पाँच पुस्तकें प्रकाशित आठ वृत्तचित्रों में संवाद लेखन एवं पार्श्वस्वर। अनेक पुरस्कार एवं सम्मान।सम्प्रति - आठ वर्षों तक पत्रकारिता के उपरान्त अब शासकीय सेवा में। सम्पर्क- 39, नागर वास, रतलाम (म.प्र.) 457001, मो.098270-84966,  Email- ashish.dashottar@yahoo.com

कालजयी कहानियाँ

एक छोटा- सा मज़ाक

- अन्तोन चेखव, अनुवाद - अनिल जनविजय



सरदियों की खूबसूरत दोपहर... सर्दी बहुत तेज़ है। नाद्या ने मेरी बाँह पकड़ रखी है। उसके घुंघराले बालों में बर्फ़ इस तरह जम गई है कि वे चाँदनी की तरह झलकने लगे हैं। होंठों के ऊपर भी बर्फ़की एक लकीर-सी दिखाई देने लगी है। हम एक पहाड़ी पर खड़े हुए हैं। हमारे पैरों के नीचे मैदान पर एक ढलान पसरी हुई है जिसमें सूरज की रोशनी? से चमक रही है जैसे उसकी परछाई शीशे में पड़ रही हो। हमारे पैरों के पास ही एक स्लेज पड़ी हुई है जिसकी गद्दी पर लाल कपड़ा लगा हुआ है।
चलो नाद्या, एक बार फिसलें! मैंने नाद्या से कहा- सिर्फ़एक बार! घबराओ नहीं, हमें कुछ नहीं होगा, हम ठीक-ठाक नीचे पहुँच जाएँगे।
लेकिन नाद्या डर रही है। यहाँ से, पहाड़ी के कगार से, नीचे मैदान तक का रास्ता उसे बेहद लम्बा लग रहा है। वह भय से पीली पड़ गई है। जब वह ऊपर से नीचे की ओर झाँकती है और जब मैं उससे स्लेज पर बैठने को कहता हूँ तो जैसे उसका दम निकल जाता है। मैं सोचता हूँ- लेकिन तब क्या होगा, जब वह नीचे फिसलने का ख़तरा उठा लेगी! वह तो भय से मर ही जाएगी या पागल ही हो जाएगी।
मेरी बात मान लो! मैंने उससे कहा- नहीं-नहीं, डरो नहीं, तुममें हिम्मत की कमी है क्या?
आख़िरकार वह मान जाती है। और मैं उसके चेहरे के भावों को पढ़ता हूँ। ऐसा लगता है जैसे मौत का ख़तरा मोल लेकर ही उसने मेरी यह बात मानी है। वह भय से सफ़ेद पड़ चुकी है और काँप रही है। मैं उसे स्लेज पर बैठाकर, उसके कंधों पर अपना हाथ रखकर उसके पीछे बैठ जाता हूँ। हम उस अथाह गहराई की ओर फिसलने लगते हैं। स्लेज गोली की तरह बड़ी तेज़ी से नीचे जा रही है। बेहद ठंडी हवा हमारे चेहरों पर चोट कर रही है। हवा ऐसे चिंघाड़ रही है कि लगता है, मानों कोई तेज़ सीटी बजा रहा हो। हवा जैसे गुस्से से हमारे बदनों को चीर रही है, वह हमारे सिर उतार लेना चाहती है। हवा इतनी तेज़ है कि साँस लेना भी मुश्किल है। लगता है, मानों शैतान हमें अपने पंजों में जकड़कर गरजते हुए नरक की ओर खींच रहा है। आस-पास की सारी चीज़ें जैसे एक तेज़ी से भागती हुई लकीर में बदल गई हैं। ऐसा महसूस होता है कि आने वाले पल में ही हम मर जाएँगे।
मैं तुम से प्यार करता हूँ, नाद्या!- मैं धीमे से कहता हूँ।
स्लेज की गति धीरे-धीरे कम हो जाती है। हवा का गरजना और स्लेज का गूँजना अब इतना भयानक नहीं लगता। हमारे दम में दम आता है और आख़िरकार हम नीचे पहुँच जाते हैं। नाद्या अधमरी-सी हो रही है। वह सफ़ेद पड़ गई है। उसकी साँसें बहुत धीमी-धीमी चल रही हैं... मैं उसकी स्लेज से उठने में मदद करता हूँ।
अब चाहे जो भी हो जाए मै कभी नहीं फिसलूँगी, हरगिज़ नहीं! आज तो मैं मरते-मरते बची हूँ। मेरी ओर देखते हुए उसने कहा। उसकी बड़ी-बड़ी आँखों में ख़ौफ़ का साया दिखाई दे रहा है। पर थोड़ी ही देर बाद वह सहज हो गई और मेरी ओर सवालिया निगाहों से देखने लगी। क्या उसने सचमुच वे शब्द सुने थे या उसे ऐसा बस महसूस हुआ था, सिर्फ़ हवा की गरज थी वह? मैं नाद्या के पास ही खड़ा हूँ, मैं सिगरेट पी रहा हूँ और अपने दस्ताने को ध्यान से देख रहा हूँ।
नाद्या मेरा हाथ अपने हाथ में ले लेती है और हम देर तक पहाड़ी के आस-पास घूमते रहते हैं। यह पहेली उसको परेशान कर रही है। वे शब्द जो उसने पहाड़ी से नीचे फिसलते हुए सुने थे, सच में कहे गए थे या नहीं? यह बात वास्तव में हुई या नहीं। यह सच है या झूठ? अब यह सवाल उसके लिए स्वाभिमान का सवाल हो गया है. उसकी इज्ज़त का सवाल हो गया है। जैसे उसकी जि़न्दगी और उसके जीवन की खुशी इस बात पर निर्भर करती है। यह बात उसके लिए महत्त्वपूर्ण है, दुनिया में शायद सर्वाधिक महहत्त्वपूर्ण। नाद्या मुझे अपनी अधीरता भरी उदास नज़रों से ताकती है, मानों मेरे अन्दर की बात भाँपना चाहती हो। मेरे सवालों का वह कोई असंगत-सा उत्तर देती है। वह इस इन्तज़ार में है कि मैं उससे फिर वही बात शुरू करूँ। मैं उसके चेहरे को ध्यान से देखता हूँ- अरे, उसके प्यारे चेहरे पर ये कैसे भाव हैं? मैं देखता हूँ कि वह अपने आप से लड़ रही है, उसे मुझ से कुछ कहना है, वह कुछ पूछना चाहती है। लेकिन वह अपने ख्य़ालों को, अपनी भावनाओं को शब्दों के रूप में प्रकट नहीं कर पाती। वह झेंप रही है, वह डर रही है, उसकी अपनी ही खुशी उसे तंग कर रही है...। सुनिए! मुझ से मुँह चुराते हुए वह कहती है। क्या? मैं पूछता हूँ। चलिए, एक बार फिर फिसलें।
हम फिर से पहाड़ी के ऊपर चढ़ जाते हैं। मैं फिर से भय से सफ़ेद पड़ चुकी और काँपती हुई नाद्या को स्लेज पर बैठाता हूँ। हम फिर से भयानक गहराई की ओर फिसलते हैं। फिर से हवा की गरज़ और स्लेज की गूँज हमारे कानों को फाड़ती है और फिर जब शोर सबसे अधिक था मैं धीमी आवाज़ में कहता हूँ -मैं तुम से प्यार करता हूँ, नाद्या।
नीचे पहुँचकर जब स्लेज रुक जाती है तो नाद्या एक नज़र पहले ऊपर की तरफ़ढलान को देखती है जिससे हम अभी-अभी नीचे फिसले हैं, फिर दूसरी नज़र मेरे चेहरे पर डालती है। वह ध्यान से मेरी बेपरवाह और भावहीन आवाज़ को सुनती है। उसके चेहरे पर हैरानी है। न सिर्फ़चेहरे पर बल्कि उसके सारे हाव-भाव से हैरानी झलकती है। वह चकित है और जैसे उसके चेहरे पर यह लिखा है- क्या बात है? वे शब्द किसने कहे थे? शायद इसी ने? या हो सकता है मुझे बस? सा लगा हो, बस? से ही वे शब्द सुनाई दिए हों?
उसकी परेशानी बढ़ जाती है कि वह इस सच्चाई से अनभिज्ञ है। यह अनभिज्ञता उसकी अधीरता को बढ़ाती है। मुझे उस पर तरस आ रहा है। बेचारी लड़की! वह मेरे प्रश्नों का कोई उत्तर नहीं देती और नाक-भौंह चढ़ा लेती है। लगता है वह रोने ही वाली है। घर चलें?  मैं पूछता हूँ। लेकिन मुझे... मुझे तो यहाँ फिसलने में खूब मज़ा आ रहा है। वह शर्म से लाल होकर कहती है और फिर मुझ से अनुरोध करती है- और क्यों न हम एक बार फिर फिसलें?
हुम... तो उसे यह फिसलना 'अच्छा लगता है’। पर स्लेज पर बैठते हुए तो वह पहले की तरह ही भय से सफ़ेद दिखाई दे रही है और काँप रही है। उसे साँस लेना भी मुश्किल हो रहा है। लेकिन मैं अपने होंठों को रुमाल से पोंछकर धीरे से खाँसता हूँ और जब फिर से नीचे फिसलते हुए हम आधे रास्ते में पहुँच जाते हैं तो मैं एक बार फिर कहता हूँ- मैं तुम से प्यार करता हूँ, नाद्या!
और यह पहेली पहेली ही रह जाती है। नाद्या चुप रहती है, वह कुछ सोचती है... मैं उसे उसके घर तक छोडऩे जाता हूँ। वह धीमे-धीमे क़दमों से चल रही है और इन्तज़ार कर रही है कि शायद मैं उससे कुछ कहूँगा। मैं यह नोट करता हूँ कि उसका दिल कैसे तड़प रहा है। लेकिन वह चुप रहने की कोशिश कर रही है और अपने मन की बात को अपने दिल में ही रखे हुए है। शायद वह सोच रही है।
दूसरे दिन मुझे उसका एक रुक्का मिलता है  'आज जब आप पहाड़ी पर फिसलने के लिए जाएँ तो मुझे अपने साथ ले लें। नाद्या।’उस दिन से हम दोनों रोज़ फिसलने के लिए पहाड़ी पर जाते हैं और स्लेज पर नीचे फिसलते हुए हर बार मैं धीमी आवाज़ में वे ही शब्द कहता हूँ- मैं तुम से प्यार करता हूँ, नाद्या!
जल्दी ही नाद्या को इन शब्दों का नशा-सा हो जाता है, वैसा ही नशा जैसा शराब या मार्फ़ीन का नशा होता है। वह अब इन शब्दों की खुमारी में रहने लगी है। हालाँकि उसे पहाड़ी से नीचे फिसलने में पहले की तरह डर लगता है लेकिन अब भय और ख़तरा मौहब्बत से भरे उन शब्दों में एक नया स्वाद पैदा करते हैं जो पहले की तरह उसके लिए एक पहेली बने हुए हैं और उसके दिल को तड़पाते हैं। उसका शक हम दो ही लोगों पर है- मुझ पर और हवा पर। हम दोनों में से कौन उसके सामने अपनी भावना का इज़हार करता है, उसे पता नहीं। पर अब उसे इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता। शराब चाहे किसी भी बर्तन से क्यों न पी जाए- नशा तो वह उतना ही देती है। अचानक एक दिन दोपहर के समय मैं अकेला ही उस पहाड़ी पर जा पहुँचा। भीड़ के पीछे से मैंने देखा कि नाद्या उस ढलान के पास खड़ी है, उसकी आँखें मुझे ही तलाश रही हैं। फिर वह धीरे-धीरे पहाड़ी पर चढ़ने लगती है ...अकेले फिसलने में हालाँकि उसे डर लगता है, बहुत ज़्यादा डर! वह बर्फ़की तरह सफ़ेद पड़ चुकी है, वह काँप रही है, जैसे उसे फाँसी पर चढ़ाया जा रहा हो। पर वह आगे ही आगे बढ़ती जा रही है, बिना झिझके, बिना रुके। शायद आख़िर उसने फ़ैसला कर ही लिया कि वह इस बार अकेली नीचे फिसल कर देखेगी कि 'जब मैं अकेली होऊँगी तो क्या मुझे वे मीठे शब्द सुनाई देंगे या नहीं?’ मैं देखता हूँ कि वह बेहद घबराई हुई भय से मुँह खोलकर स्लेज पर बैठ जाती है। वह अपनी आँखें बंद कर लेती है और जैसे जीवन से विदा लेकर नीचे की ओर फिसल पड़ती है... स्लेज के फिसलने की गूँज सुनाई पड़ रही है। नाद्या को वे शब्द सुनाई दिए या नहीं- मुझे नहीं मालूम... मैं बस यह देखता हूँ कि वह बेहद थकी हुई और कमज़ोर-सी स्लेज से उठती है। मैं उसके चेहरे पर यह पढ़ सकता हूँ कि वह खुद नहीं जानती कि उसे कुछ सुनाई दिया या नहीं। नीचे फिसलते हुए उसे इतना डर लगा कि उसके लिए कुछ भी सुनना या समझना मुश्किल था।
फिर कुछ ही समय बाद वसन्त का मौसम आ गया। मार्च का महीना है... सूरज की किरणें पहले से अधिक गरम हो गई हैं। हमारी बर्फ़ से ढकी वह सफ़ेद पहाड़ी भी काली पड़ गई है, उसकी चमक खत्म हो गई है। धीरे-धीरे सारी बर्फ़ पिघल जाती है। हमारा फिसलना बंद हो गया है और अब नाद्या उन शब्दों को नहीं सुन पाएँगी। उससे वे शब्द कहने वाला भी अब कोई नहीं है: हवा ख़ामोश हो गई है और मैं यह शहर छोड़कर पितेरबुर्ग जाने वाला हूँ- हो सकता है कि मैं हमेशा के लिए वहाँ चला जाऊँगा।
मेरे पितेरबुर्ग रवाना होने से शायद दो दिन पहले की बात है। संध्या समय मैं बगीचे में बैठा था। जिस मकान में नाद्या रहती है यह बगीचा उससे जुड़ा हुआ था और एक ऊँची बाड़ ही नाद्या के मकान को उस बगीचे से अलग करती थी। अभी भी मौसम में काफ़ी ठंड है, कहीं-कहीं बर्फ़ पड़ी दिखाई देती है, हरियाली अभी नहीं है लेकिन वसन्त की सुगन्ध महसूस होने लगी है। शाम को पक्षियों की चहचहाट सुनाई देने लगी है। मैं बाड़ के पास आ जाता हूँ और एक दरार में से नाद्या के घर की तरफ़ देखता हूँ। नाद्या बरामदे में खड़ी है और उदास नज़रों से आसमान की ओर ताक रही है। बसन्ती हवा उसके उदास फीके चेहरे को सहला रही है। यह हवा उसे उस हवा की याद दिलाती है जो तब पहाड़ी पर गरजा करती थी जब उसने वे शब्द सुने थे। उसका चेहरा और उदास हो जाता है, गाल पर आँसू ढुलकने लगते हैं... और बेचारी लड़की अपने हाथ इस तरह से आगे बढ़ाती है मानो वह उस हवा से यह प्रार्थना कर रही होकि वह एक बार फिर से उसके लिए वे शब्द दोहराए। और जब हवा का एक झोंका आता है तो मैं फिर धीमी आवाज़ में कहता हूँ- मैं तुम से प्यार करता हूँ, नाद्या!
अचानक न जाने नाद्या को क्या हुआ! वह चौंककर मुस्कराने लगती है और हवा की ओर हाथ बढ़ाती है। वह बेहद खुश है, बेहद सुखी, बेहद सुन्दर।
और मैं अपना सामान बाँधने के लिए घर लौट आता हूँ...।
यह बहुत पहले की बात है। अब नाद्या की शादी हो चुकी है। उसने खुद शादी का फ़ैसला किया या नहीं- इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता। उसका पति- एक बड़ा अफसर है और उनके तीन बच्चे हैं। वह उस समय को आज भी नहीं भूल पाई है, जब हम फिसलने के लिए पहाड़ी पर जाया करते थे। हवा के वे शब्द उसे आज भी याद हैं, यह उसके जीवन की सबसे सुखद, हृदयस्पर्शी और खूबसूरत याद है।
और अब, जब मैं प्रौढ़ हो चुका हूँ, मैं यह नहीं समझ पाता हूँ कि मैंने उससे वे शब्द क्यों कहे थे, किसलिए मैंने उसके साथ ऐसा मज़ाक किया था!...                      

चूहों से पंगे लेना संगीन अपराध

   चूहों से पंगे लेना संगीन अपराध

        - अविनाश वाचस्पति

 देख चुनावों का असर, चूहे मस्त दिखाई दे रहे हैं। अब उन्हें नहीं,उनकी वजह से इंसान को जान के लाले पड़े हुए हैं। आप सोच रहे होंगे कि इसमें लाल रंग की कौन-सी बात है। सातवें वेतन आयोग का गठन देर-सवेर तो होना ही था, सरकार ने देर नहीं की और सवेरे ही कर दिया। पर इससे चूहे क्यों खुश होने लगे। दरअसल चूहों की अँगड़ाई की वजह सातवें वेतन आयोग की घोषणा नहीं है, यह झुनझुना तो बजना ही था, सो बजने लग गया है। सभी सरकारी कर्मचारी रात के अंधेरे में भी उल्लुओं की माफिक अँधेरे में भी नज़रें गड़ाए उलटे लटक कर स्वहित को सर्वोपरि स्वीकारते हुए उल्लू धर्म का निर्वाह कर रहे होते हैं।
मैं यहाँ पर चुनावों की वजह से चूहों को मिलने वाली खुशी की बात कर रहा हूँ। आप सोच रहे होंगे कि भला चुनावों से चूहे क्यों खुश होने लगे। कुतरने का मौका तो उन्हें यूँ ही खूब मिलता रहता है फिर भी चाहकर वे नेताओं को कुतर नहीं पाते हैं। चूहे नेताओं की जेबों में बलात् घुसकर कुतरने की मंशा पालते हैं, पर सुरक्षा घेरे के कारण सफल नहीं हो पाते। वैसे भी कुत्ते, बिल्ली पालने के लिए सब तैयार रहते हैं और चूहों को पालने से सब परहेज करते हैं।
आपने पढ़ी है या नहीं पर मैंने खूब ध्यान से पढ़ी है कि चूहों को पकडऩे पर जेल हो सकती है; जबकि बलात्कारियों पर सरकार अभी तक इतनी सख्ती नहीं कर पाई है। मैं अपने लैपटॉप को गतिशील रखने के लिए माउस नामधारी चूहे पर भरोसा करता हूँ; क्योंकि मुझे उँगली या अँगूठा करना कभी पसंद नहीं रहा है, विसंगतियों को भी मैं सीधी उँगली से ही ट्रीट करता हूँ वहाँ भी टेढ़ी उँगली करना मुझे अच्छा नहीं लगता। खबर के मुताबिक चूहों को पकडऩे के लिए 'वन्यजीव संरक्षण संशोधित कानून, 2013 में दंड का प्रावधान कर दिया गया है, जिसके तहत आवारा पशु भी वन्य जीव की श्रेणी में शुमार किए जाएँगे। उन्हें जान से मारने और डराने की बात अपने दिमाग से निकाल दीजिए। यह घोषणा ऐन चुनावों के वक्त पर की गई है जिससे चूहों में जश्नी खुमार तारी हो गया है। मैंने खुद अपने घर में लैपटाप और डेस्कटाप के माउस रसोईघर के चूहों से इस बाबत मंत्रणा करते देखा है पर उन्हें टोकने की मेरी हिम्मत नहीं हुई कि खफा होकर वे न जाने किस दफा में मेरे खिलाफ़ एफ़आईआर पुलिस में दर्ज करवा दें।
चाहे उन्हें वोट डालने का हक नहीं मिला पर इंसान द्वारा उन्हें पकड़ने, छेड़ने और मारने और तो और पिंजरा दिखलाने के अधिकार तक पर रोक लगा दी गई है। इससे अधिक चूहों के लिए खुशी की बात और क्या हो सकती है। अभी तक तो वे सिर्फ साहसी थे, पर अब उन्हें दुस्साहसी बनने से कोई नहीं रोक सकेगा। अब तक केवल महिलाओं की ही चूहे को देखते ही घिग्घी बंध जाया करती थी ; पर अब पुरुष और नेताओं में भी इनके कारण भय का माहौल व्याप्त हो गया है। वजह साफ है कि अब वे नेताओं के कुर्ते में घुसकर उधम मचाने से बाज नहीं आएँगे और उनकी तूती वहाँ पर भी बोला करेगी।
श्रीगणेश जी जैसे देवता तक उन्हें सम्मान देते आए हैं। कम्प्यूटर के जनक ने उन्हें कम्प्यूटर के साथ जोड़कर इनके रुतबे में जो बढ़ोतरी की थी, रही सही कसर इस अध्यादेश से पूरी हो गई है। इसी वजह से पिंजरे की बिक्री, इन्हें मारने और भगाने वाली दवाई की सेल में घनघोर गिरावट आई है। ऐसे में जबकि देश आर्थिक संकट के दौर में है, इससे देश की अर्थव्यवस्था पर संकट बढ़ गया है। चूहों की आज़ादी में खलल डालना अपराध की श्रेणी में जुड़ गया है; इसलिए सावधान रहिएगा और कोई गलती अनजाने में भी मत कर बैठिएगा, वरना इसका खमियाजा ताउम्र भुगतते रहेंगे आप। इस पूरे मामले पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है,नि:संकोच लिखिएगा।

सम्पर्क: साहित्यकार सदन, 195 पहली मंजिल, सन्त नगर, नियरईस्ट ऑफ कैलाश,नई दिल्ली - 110065     Email-nukkadh@gmail.com

चार लघुकथाएँ


- ऋता शेखर'मधु’

1. माँ

आज मैं अपनी सहेली को लेकर अस्पताल गई थी। मैटरनिटी वार्ड में उसे भर्ती किया। सहेली की माँ या सास में कोई पहुँच नहीं पाई थीं इसलिए मैं ही लेकर गई थी। मैं वहीं बाहर बैठी थी। तभी वहीँ एक फैमिली आई। उनके घर भी नया मेहमान आने वाला था। लड़की कम उम्र की ही थी। बातों से लग रहा था कि लड़की के मैके और ससुराल, दोनों ही तरफ यह प्रथम सन्तान थी।
लड़की के साथ दो महिलाएँ आई थीं। दोनों के ही चेहरे पर चिन्ता की रेखाएँ साफ़ झलक रही थीं। लड़की जब अन्दर जाने लगी तो दोनों ने ही उसे प्यार किया। लड़की दोनों को माँ कहकर सम्बोधित कर रही थी। जब वह अन्दर चली गई तो दोनों महिलाएँ वहीं बैठ गईं।
मैं यह तय नहीं कर पा रही थी कि उनमें लड़की की माँ कौन है और सास कौन है। करीब एक घंटे के बाद पता चला कि लड़की ने बेटे को जन्म दिया था। दोनों महिलाओं ने गर्मजोशी से एक दूसरे को बधाइयाँ दीं। मैं अभी भी उलझन में थी कि कौन माँ है और कौन सास। तभी जच्चा और बच्चा दोनों ही बाहर आए। बच्चा नर्स की गोद में था। एक महिला दौड़कर नर्स के पास पहुँची और बच्चे को गोद में ले लिया। उसकी खुशी छुपाए नहीं छुप रही थी।
दूसरी महिला लड़की के पास गई और इस कष्ट से उबरने के लिए उसे प्यार करने लगी। एक झटके में ही मेरी समझ में आ गया कि लड़की की माँ कौन थी।

2. युग परिवर्तन


'माँ, आप क्या लिख रही हैं।‘
'बेटे, मेरे मन में कुछ विचार हैं,जिन्हें मैं
कलमबद्ध करना चाहती हूँ।‘
'तो कागज पर क्यों लिख रही हो।‘
'फिर कहाँ लिखूँ।‘
'लैपटाप पर लिखो।‘
'मुझे तो नहीं आती हमारे जमाने में कम्प्यूटर नहीं था न,
हमने तो कागज पर लिख कर ही पढ़ई की है।‘
'अब सीख लो।‘
'मुझसे नहीं हो पाएगा।‘
'ऐसा नहीं है। मैं आपको सिखाऊँगा।‘
बेटे ने माँ की उँगली पकड़ की-बोर्ड पर दौड़ानी शुरू की। स्क्रीन पर अक्षर के मोती उभरने लगे। माँ की आँखें बरबस ही गीली हो गईं।
उसे बसंत पंचमी का वह दिन याद आ गया जब उसने बेटे के हाथों में स्लेट पकड़ाईथी और उसकी उँगली पकड़कर प्रथम अक्षर लिखवाया था।
उस दिन मदर्स डे था और इससे अच्छा कोई उपहार हो ही नहीं सकता था।
अब हाथों में लेखनी की जगह की-बोर्ड और कागज़ की जगह स्क्रीन है। न स्याहियाँ खत्म होती हैं और न कागज़ फटते हैं। अच्छी हैंन्डराइटिंग के लिए कान भी नहीं मरोड़े जाते हैं।
यह युग परिवर्तन ही तो है।

3. मासूम अपराध

छोटा- सा एक बालक, भूख से व्याकुल, निरीह आँखों से ताकता, ललचाई नजरों से सड़क के किनारे स्टाल पर सजे चटपटे समोसों को देखता है। चटखारे भर खाते लोग तिरछी निगाहों से देख मुँह फेर लेते हैं। नन्हा बालक अपनी छोटी-छोटी हथेलियाँ फैला पैसे माँगता है।
मिलती है झिड़की,
'अबे! तेरे पढ़ऩे की उम्र है। भीख माँगता है, जा भाग।‘
बेचारा बालक अपना सा मुँह लिए हथेलियाँ समेट लेता है। पेट की ज्वाला बढ़ती जाती है।
एकाएक वह झपट्टा मार एक समोसा लेकर भागता है।
'अबे! तेरे पढऩे की उम्र है,चोरी करता है।‘
दो चार थप्पड़ गालों पर पड़ते हैं। समोसा जमीन पर गिर जाता है।
बेचारा बालक देखता रह जाता है और एक कुत्ता उसे ले भागता है।
रोता हुआ बालक स्टाल पर गंदी प्लेटें साफ करने लगता है।
दुकानदार चुपचाप देखता हुआ सोचता है, कुछ काम कर दे .फिरसमोसे दे दूँगा।
तभी एक जीप आती है। एक अधिकारी उतरता है और बाल श्रम के लिए दुकानदार को खरी खोटी सुनाता है।
बालक भूखा ही रह जाता है।
नन्हा बालक नहीं जानता है कि भीख माँगना अपराध है,चोरी करना अपराध है,बाल श्रम अपराध है। उसे तो सिर्फ भूख लगी थी।

4. प्रथम स्वेटर

बात उन दिनों की है जब मैं विद्यालय में पढ़ती थी। हम लोग सरकारी क्वार्टर में रहते थे।
हमारा घर मेन रोड के किनारे था। मेरे घर से कुछ दूरी पर सैनिक छावनी थी।
प्रतिदिन सवेरे सवेरे राइफल से गोलियाँ चलने की आवाज़ें आती थीं। उसके बाद सारे सैनिक ऊँचे-ऊँचे घोड़ों पर सवार होकर एक कतार में मेन रोड से निकलते थे। उन्हें देखने का लोभ मैं सँवरण नहीं कर पाती थी और तब तक देखती रहती थी जब तक अन्तिम सैनिक न चले जाएँ।
उन्हीं दिनों उन्नीस सौ इकहत्तर में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध छिड़ गया था। सैनिक छावनी से भी सैनिकों को मोर्चे पर जाना था। एक दिन हम लोग विद्यालय में ही थे तभी प्रचार्या महोदया की ओर से संदेश आया कि सभी छात्राओं को मोर्चे पर जाने वाले सैनिकों को विदाई देनी है। हम सब, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं सहित स्कूल की छत पर चले गए। उधर से सैनिकों से भरी छह या सात खुली बसें गुजरीं। हमने हाथ हिला-हिला कर उनका अभिवादन किया। बस में से सैनिकों ने भी उत्त्साहपूर्वक शोर मचाते हुए अभिवादन स्वीकार किया। हम सभी की आँखें नम थीं क्योंकि इनमें से कितने लौट कर आने वाले थे, यह किसी को पता नहीं था।
एक सप्ताह के बाद यह खबर आई कि सैनिकों के लिए मोर्चे पर भेजने के लिए स्वेटर, अचार या उपयोग की अन्य वस्तुएँ स्कूल में जमा करनी थीं। मैंने घर आकर अपनी दादी से अचार बनाने को कहा। स्वेटर मैं खुद बुनना चाहती थी;किन्तु उस समय मुझे स्वेटर बुनना नहीं आता था। फिर भी जि़द करके मैंने ऊन मँगवाईऔर दिन रात एक करके स्वेटर बुनने लगी। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत मैंने स्वेटर तैयार कर ही लिया। यह बात मुझमें बहुत रोमांच पैदा कर रही थी कि मैं उनके लिए कुछ कर रही हूँ; जो हमारे लिए कड़ाके की ठंड में मोर्चे पर डटे हैं। आज भी मैं बुनती हूँ तो उस प्रथम स्वेटर को अवश्य याद करती हूँ।


सम्पर्क: 206, Skylark Topaz,5th Main, Jagdish Nagar,Near BEML Hospital,New Thippasandra Post Bangaluru- 560075