मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 17, 2010

बर्फीली मेहमाननवाजी


- बिमल श्रीवास्तव
बचपन में हम लोग भूगोल की पाठ्य पुस्तकों में पढ़ा करते थे कि उत्तरी ध्रुव के आसपास रहने वाले एस्कीमो लोग बर्फ के मैदानों में रहते हैं, रेनडियर (बारहसिंघे जैसा दिखने वाला एक प्रकार का हिरण) पालते हैं तथा बर्फ से बने घरों में रहते हैं जिन्हें इग्लू कहा जाता है। यह भी पढ़ा था कि बर्फ से बने इन इग्लू के बाहर तो इतनी ठंडक रहती है कि पानी जम कर बर्फ बन जाता है किन्तु घरों के अन्दर का भाग अच्छा खासा गर्म रहता है, जिसके कारण एस्कीमो वहां अपने कपड़े तक उतार देते हैं। उस समय हम सोचते थे कि काश हम भी इस प्रकार के बर्फ के घरों में रह पाते।
तो अब यह कामना काफी हद तक पूरी की जा सकती है, क्योंकि अब योरप तथा अमरीका के अनेक भागों में ऐसे होटल बन गए हैं जो केवल बर्फ के बने हैं। उन होटलों में बर्फ की दीवारें, बर्फ की छतें, बर्फ के खंभे और बर्फ के फर्श तो हैं ही, साथ ही बर्फ के बिस्तर (जिन पर फोम के गद्दे हैं), बर्फ के सिनेमा घर, बर्फ के चर्च और यहां तक कि कुर्सियां, मे$ज, कप, प्लेट, मदिरा पान के गिलास और बर्तन तक बर्फ के बने हैं। ओढऩे के लिए वहां रेनडियर की खाल तथा विशेष रूप से तैयार किए गए खोल का उपयोग किया जाता है। जहां तक मदिरा का सवाल है तो अत्यधिक ठंडक के कारण यहां पर बीयर जम कर ठोस हो जाती है, इसीलिए वोडका या वोडका आधारित पेय उपयोग में लाए जाते हैं। कुछ पर्यटक यहां केवल शीत कालीन विवाह के प्रयोजन से आते हैं, जिसके लिए बर्फ के बने चर्च उपयोग में लाए जाते हैं।
आश्चर्य की बात तो यह है कि बर्फ तथा हिम (स्नो) से बनाए गए ये होटल केवल सर्दियों में बनते हैं तथा तीन चार महीनों तक उपयोग के बाद उन्हें तोड़ कर दुबारा पानी के रूप में नदियों में बहा दिया जाता है। अगली सर्दियों में नई ताजी बर्फ से एक बार फिर से बिलकुल नए सिरे से एक नया होटल तैयार किया जाता है, नई डिजाइन, नई वास्तुकला, नए आकार तथा नई सुविधाओं के साथ।
बर्फ से बना सबसे पहला होटल 1990 में उत्तरी स्वीडन के किरुना नगर के यूकसयार्वी नामक स्थान पर बनाया गया था। यह स्थान उत्तर ध्रुवीय क्षेत्र में स्थित आकर्टिक वृत्त से भी 200 किलोमीटर उत्तर में स्थित है, जहां भयंकर शीत लहर का प्रकोप होता है। यह काफी खूबसूरत जगह है, जो अपने घने ध्रुवीय जंगलों, जमी हुई झीलों तथा उत्तर ध्रुवीय क्षेत्रों में दिखाई देने वाले रहस्यमयी -उत्तरी प्रकाश- के लिए प्रसिद्घ है। यहां पर परिवहन के लिए कुत्तों द्वारा खींची जाने वाली स्लेज गाडियां अथवा स्नो मोबाइल वाहन ही उपयोग में आते हैं तथा यहां अधिकतर पर्यटक गर्मियों में ध्रुवीय क्षेत्रों के पर्यटन का आनन्द लेने के लिए आते थे। किन्तु सर्दियों के आते-आते यह क्षेत्र कड़ाके की ठंड तथा घनघोर अंधेरे से जूझने लगता था तथा वहां बहने वाली टार्ने नदी जम कर ठोस बन जाती थी।
उत्तर ध्रुवीय क्षेत्रों में गर्मियों में पर्यटन के उद्देश्य से भ्रमण सेवाएं चलाने वाली कम्पनी 'यूकस' (जिसका नाम अब 'आइस होटल' हो गया है) को तब यह विचार आया कि इस शीत रूपी प्रकोप का कुछ लाभ उठाया जाए तथा पर्यटकों के लिए आकर्षण की सामग्री बनाई जाए। परीक्षण के तौर पर उस कम्पनी ने जमी हुई टार्ने नदी पर 60 वर्ग मीटर का इग्लू घर बनवाया तथा उसमें फ्रेंच कलाकार की कला प्रदर्शनी लगाई। यह प्रयास काफी लोकप्रिय रहा। उसके बाद कुछ उत्साही युवकों ने उस इग्लू घर में रात बिताने की योजना बनाई। वे रेनडियर की खाल तथा स्लीपिंग बैग लेकर इग्लू में सफलतापूर्वक रात बिताकर सुबह वापस आ गए। और वहीं से बर्फ के होटल की नींव पड़ी।
वर्ष 1990 में जन्मे 60 वर्ग मीटर वाले उस 'आइस होटल' का आकार अब बढ़ कर 5000 वर्ग मीटर हो गया है, उसमें अब 60 कमरे हैं, 25 सुइट्स हैं, बर्फ का बना सिनेमा हाल, बार, बर्फ की कला दीर्घा तथा इस प्रकार के अन्य कई आकर्षण हैं। होटल का एक कमरा तो ऐसा है जहां ठहरने पर 'उत्तर ध्रुवीय प्रकाश' भी देखा जा सकता है। इसके लिए कमरे की छत में एक खिड़की बनाई गई है, जिससे आकाश का दृश्य दिखता है। (वैसे होटल से बाहर निकलने पर 'उत्तर ध्रुवीय प्रकाश' स्वत: ही दिख जाता है।)
इस होटल में प्रतिदिन 14,000 पर्यटक रात्रि में तथा 37,000 दिन में ठहरते हैं। होटल के अन्दर का तापमान लगभग शून्य से चार से नौ डिग्री सेल्सियस कम बना रहता है, जबकि बाहर का तापमान शून्य से चालीस डिग्री नीचे या उससे भी कम रहता है। आश्चर्य की बात तो यह है कि इस बर्फीले होटल में रेफ्रीजरेटर भी उपलब्ध हैं, किन्तु उनका काम ची$जों को ठंडा रखना नहीं, बल्कि गर्म रखना है, क्योंकि वस्तुओं को ठंडा करने के लिए उन्हें बाहर रख देना ही पर्याप्त होता है। इन होटलों के कमरों में प्रकाश के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल अथवा मोमबत्तियों की व्यवस्था की जाती है, क्योंकि यहां विद्युत की सप्लाई नहीं होती है।
बर्फीले क्षेत्रों में बर्फ से होटल बनाना सुनने में सरल लगता हो किन्तु यह वास्तव में अत्यंत पेचीदा, खर्चीला एवं इंजीनियरिंग तकनीक से भरपूर कार्य है। निर्माण कार्य प्रति वर्ष अक्टूबर माह में आरम्भ होता है तथा दिसम्बर तक होटल तैयार हो जाता है। निर्माण के उपयोग में आने वाली बर्फ टार्ने नदी से निकाली गई कठोर बर्फ होती है, जिसे आरी से काट- काट कर उनकी लगभग दो- दो टन की बड़ी- बड़ी सिल्लियां तैयार की जाती हैं। (यह कार्य तो मार्च में ही आरंभ हो जाता है तथा सिल्लियों को शीत गृहों में रखा जाता है)। नदी के शुद्घ प्रवाहित जल के उपयोग के कारण ये बर्फ की सिल्लियां साफ व पारदर्शी होती हैं। फिर इन सिल्लियों को निर्माण स्थल तक पहुंचाया जाता है, जहां इनसे होटल की दीवारें, छत आदि बनाई जाती हैं। कठोर बर्फ के अतिरिक्त निर्माण के लिए नदी से निकाले गए बर्फ के चूरे का भी उपयोग किया जाता है, जिसे कुशल इंजीनियरों द्वारा सांचों में भर कर (अथवा तोपनुमा शक्तिशाली मशीनों द्वारा तीव्र गति से हिम के बर्फीले कणों की बौछार कर के) वांछित आकार प्रदान किया जाता है, जिससे छत का भार सहन करने वाले खम्भे तथा होटल के अन्य आवश्यक ढाचों का निर्माण किया जाता है। पूरे होटल को बनाने में लगभग 30,000 टन हिम तथा 4000 टन बर्फ लग जाती है। यह सारी बर्फ जमी हुई टार्ने नदी से उधार के तौर पर लाई जाती है तथा गर्मियां आने पर टार्ने नदी को सधन्यवाद वापस कर दी जाती है।
यह जान कर आश्चर्य होता है कि इतनी सारी बर्फ के बीच खड़ा हुआ होटल अन्दर से गर्म कैसे रह पाता है। इसका कारण यह है कि बर्फ वास्तव में ताप का कुचालक है, अर्थात न तो यह कमरों के अन्दर की गर्मी को बाहर जाने देता है और ना ही बाहर की ठंडक को अन्दर आने देता है। इसी कारण बाहर की कड़क ठंड के बावजूद इन होटलों के यात्रियों के लिए कमरे के अन्दर आरामदायी तापमान बना रहता है।
स्वीडन के 'आइस होटल' की तर्ज पर अब कई देशों में बर्फ के होटल खुल चुके हैं तथा खुलते जा रहे हैं। जैसे बर्फीले देश ग्रीनलैण्ड में होटल इग्लू तथा होटल आकर्टिक बने हैं। नॉर्वे का बर्फ का होटल 'आइस लॉज' समुद्र सतह से 1250 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है इसलिए वह गर्मियों में भी कई महीनों तक बना रहता है। फिनलैण्ड का आल्ता इग्लू होटल भी स्वीडन के 'आइस होटल' की तरह ही अति विकसित होटल है तथा उसमें भी तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं। रोमानिया का बर्फ का होटल वहां की बैलिया नामक झील पर बना है, जो समुद्र सतह से 2034 मीटर की ऊंचाई पर फैगारास पर्वत पर स्थित है। इसे वर्ष 2006 में बनाया गया था।
कनाडा में वर्ष 2000 में क्यूबेक नगर के पास पहला बर्फ का होटल बनाया गया था जो दिसम्बर से अप्रैल तक रहता है। इसमें बर्फ के बने 85 बिस्तर हैं, जिन पर हिरन के फर के अस्तर लगे हैं। इस होटल के निर्माण में 4750 टन बर्फ का उपयोग होता है। इसी प्रकार संयुक्त राज्य अमरीका ने वर्ष 2004 में अलास्का राज्य में ऑरारा आइस होटल नामक बर्फ का होटल बनाया। सबसे आश्चर्य की बात यह थी कि इस होटल को एक वर्ष तक खोले जाने की अनुमति इसलिए नहीं दी गई थी क्योंकि उसमें आग लग जाने की अवस्था में उसे बुझाने के समुचित प्रबंध उपलब्ध नहीं थे। प्रश्न यह उठाया जा रहा था कि क्या बर्फ के बने उस होटल में आग लग सकती थी। किन्तु नियम तो नियम ही होते हैं। इसलिए अग्नि शमन के प्रबंध के बाद वर्ष 2005 में वह होटल खुल पाया।
बर्फ के होटलों की तरह ही कुछ देशों में बर्फ के किले (या महल) भी बनाए जाते हैं, जो सर्दियों में बनते हैं तथा गर्मियों में समाप्त हो जाते हैं। बर्फ का प्रथम ज्ञात किला लगभग पौने दो सौ वर्ष पूर्व रूस के सेंट पीटर्सबर्ग नगर में वहां की तत्कालीन महारानी अन्ना द्वारा बनवाया गया था। वर्ष 2005 से प्रति वर्ष उस स्थान पर बर्फ के किले की अनुकृति बनाई जाती है। इसी प्रकार अन्य कई देशों में बर्फ के किले पर्यटक आकर्षण, मनोरजन या खेलकूद के उद्देश्य से या अन्य कारणों से बनाए जाते हैं। बर्फ के होटल लोकप्रिय होते जा रहे हैं तथा महंगे होने के बावजूद इनमें रहने वाले पर्यटकों की संख्या वर्ष प्रति वर्ष बढ़ती ही जाती है। (स्रोत फीचर्स)

भारतीय मसालों का जवाब नहीं


भारतीय सब्जी में करी का अपना विशेष महत्व है। परिवार में जब किसी खास अवसर जैसे तीज त्योहार या किसी खास मौके पर भोजन बनता है या मेहमान भोजन पर आमंत्रित किए जाते हैं तब भोजन में करी की सब्जी को जरूर शामिल किया जाता है। अब आप कहेंगे कि करी ही की क्यों, ऐसे अवसरों पर तो और भी कई लज़ीज पकवान बनाए जाते हैं। आज करी की बात करने के पीछे कुछ खास बात है-
करी खाते वक्त भले ही हम मात्र इसे एक स्वाद के रुप में अपने भोजन में शामिल करते हैं परंतु स्वाद के साथ- साथ यह करी औषधि का भी काम करता है, इसकी जानकारी बहुत कम लोगों को होगी। आज दुनिया भर में जिस बीमारी ने सबको भयभीत कर रखा है वह है स्वाइन फ्लू और डॉक्टरों ने इस जानलेवा बीमारी में भारतीय करी खाने की सलाह दी है तो जाहिर है कि करी में कुछ तो खास होगा ही। तो आइए जानते हैं कि करी और भारतीय भोजन में उपयोग किए जाने वाले मसाले कैसे हमारे शरीर में औषधि के रुप में काम करते हैं।
भारत और चीन में लंबे समय से अदरक का उपयोग दवाई के तौर पर किया जाता है। खांसी, कफ, सरदर्द और मसूड़ों के दर्द के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। भारत के घर- घर में इस्तेमाल की जाने वाली हल्दी रसोईघर का मुख्य हिस्सा है जिसे दाल या सब्जी में डालकर उबाला जाता है। हल्दी की ख़ासियत है कि ऊंचे तापमान पर गर्म करने पर भी इसके औषधीय गुण नष्ट नहीं होते। सैकड़ों सालों से हल्दी को सौन्दर्य प्रसाधन के अलावा सर्दी खांसी के लिए भी उपयोग किया जाता है। हल्दी में अनिवार्य तेल, वसीय तेल, कम मात्रा में सूक्ष्म पोषक तत्व और हल्दी को रंग देने वाला पदार्थ करक्युमिन होता है। करक्युमिन में कई औषधीय गुण होते हैं। भारतीय सब्जियों और दालों में डाली गई हल्दी, जीरा, प्याज और अदरक के औषधीय गुण आपके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
मसालों के इन सभी गुणों को देखते हुए ही रूस के डॉक्टरों ने भी सलाह दी है कि स्वाइन फ्लू और खांसी जुकाम से बचने के लिए भारतीय मसालेदार करी उपयोगी साबित हो सकता है अत: स्वाइन फ्लू से बचना हो तो करी खाइए और फ्लू को दूर भगाइए। डॉक्टरों का कहना है कि मसालेदार सब्जी व दाल के औषधीय गुण स्वाइन फ्लू से बचने के लिए बाजार में मिलने वाली किसी भी दवा से कम नहीं है। मॉस्को में महामारी से बचाव के लिए गठित कमेटी के एक अधिकारी के अनुसार जीरा, हल्दी और अदरक जैसे मसालों से बने दालों और करियों में औषधीय गुण बीमारियों से रक्षा करते हैं। मसालेदार खाने के अलावा लोगों को ज़्यादा मात्रा में कच्चा प्याज और लहसुन का सेवन करने के लिए भी कहा जाता है। माना जाता है कि प्याज और लहसुन में भी रोगों से बचने के एंटी वॉयरल गुण होते हैं। यही कारण है कि डॉक्टर मौसमी नजला जुकाम और स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए हर देसी उपाय पर जोर दे रहे हैं। जिनमें अब भारतीय मसालों का नाम भी जुड़ गया है। भारत वासियों को खुश होना चाहिए कि वे तो इनका इस्तेमाल प्रतिदिन करते हैं अत: उन्हें स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी होने की संभावना भी बहुत कम होगी।
जरा सोचें - वक्त की पाबंदी
रोज वक्त पर आने की कोशिश करने के बावजूद देर से आना। यह एक ऐसी बुरी आदत है जो आपकी नौकरी भी छीन सकती है। आप इसलिए देर से आते हैं कि रात को पसंदीदा फिल्म या सीरियल के चक्कर में लेट सोए और सुबह उठ नहीं सके। लेकिन जनाब इससे आपके दफ्तर वालों को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्हें तो आपकी 8 घंटे की ड्यूटी चाहिए। इसलिए वक्त की पाबंदी को अपने टाइम-टेबल में जरूर डाल लें।

बूंद नहीं तो समुद्र भी नहीं


जवाहरलाल नेहरू को लिखा महात्मा गांधी का पत्र
05 अक्टूबर, 1945

चि. जवाहरलाल,
तुमको लिखने को तो कई दिनों से इरादा किया था, लेकिन आज ही उसका अमल कर सकता हूं। अंग्रेजी में लिखूं या हिन्दुस्तानी में यह भी मेरे सामने सवाल रहा था। आखिर में मैंने हिन्दुस्तानी में ही लिखने का पसंद किया।
पहली बात तो हमारे बीच में जो बड़ा मतभेद हुआ है उसकी है। अगर वह भेद सचमुच है तो लोगों को भी जानना चाहिए। क्योंकि उनको अंधेरे में रखने से हमारा स्वराज का काम रुकता है। मैंने कहा है कि 'हिन्द स्वराज' में मैंने लिखा है उस राज्य पद्धति पर मैं बिलकुल कायम हूं। यह सिर्फ कहने की बात नहीं है, लेकिन जो चीज मैंने सन् 1909 में लिखी है उसी चीज का सत्य मैंने अनुभव से आज तक पाया है। आखिर में एक ही उसे मानने वाला रह जाऊं, उसका मुझको जरा-सा भी दु:ख न होगा। क्योंकि मैं जैसे सत्य पाता हूं उसका मैं साक्षी बन सकता हूं। 'हिन्द स्वराज' मेरे सामने नहीं है। अच्छा है कि मैं उसी चित्र को आज अपनी भाषा में खेंचू। पीछे वह चित्र सन् 1909 जैसा ही है या नहीं, उसकी मुझे दरकार न रहेगी, न तुम्हें रहनी चाहिए। आखिर में तो मैंने पहले क्या कहा था, उसे सिद्ध करना नहीं है, आज मैं क्या कहता हूं वही जानना आवश्यक है। मैं यह मानता हूं कि अगर हिन्दुस्तान को कल देहातों में ही रहना होगा, झोपडिय़ों में, महलों में नहीं। कई अरब आदमी शहरों और महलों में सुख से और शांति से कभी रह नहीं सकते, न एक-दूसरों का खून करके- मायने हिंसा से, न झूठ से यानी असत्य से। सिवाय इस जोड़ी के (यानी सत्य और अहिंसा) मनुष्य जाति का नाश ही है, उसमें मुझे जरा-सा भी शक नहीं है। उस सत्य और अहिंसा का दर्शन केवल देहातों की सादगी में ही कर सकते हैं। वह सादगी चर्खा में और चर्खा में जो चीज भरी है उसी पर निर्भर है। मुझे कोई डर नहीं है कि दुनिया उल्टी ओर ही जा रही दिखती है। यों तो पतंगा जब अपने नाश की ओर जाता है तब सबसे ज्यादा चक्कर खाता है और चक्कर खाते-खाते जल जाता है। हो सकता है कि हिन्दुस्तान इस पतंगे के चक्कर में से न बच सके। मेरा फर्ज है कि आखिर दम तक उसमें से उसे और उसके मारफत जगत को बचाने की कोशिश करूं। मेरे कहने का निचोड़ यह है कि मनुष्य जीवन के लिए जितनी जरूरत की चीज है, उस पर निजी काबू रहना ही चाहिए- अगर न रहे तो व्यक्ति बच ही नहीं सकता है। आखिर तो जगत व्यक्तियों का ही बना है। बूंद नहीं है तो समुद्र नहीं है। यह तो मैंने मोटी बात ही कहीं- कोई नई बात नहीं की।
लेकिन 'हिन्द स्वराज' में भी मैंने यह बात नहीं की है। आधुनिक शास्त्र की कदर करते हुए पुरानी बात को मैं आधुनिक शास्त्र की निगाह से देखता हूं तो पुरानी बात इस नए लिबास में मुझे बहुत मीठी लगती है। अगर ऐसा समझोगे कि मैं आज के देहातों की बात करता हूं तो मेरी बात नहीं समझोगे। मेरे देहात आज मेरी कल्पना में ही हैं। आखिर में तो हर एक मनुष्य अपनी कल्पना की दुनिया में ही रहता है। इस काल्पनिक देहात में देहाती जड़ नहीं होगा- शुद्ध चैतन्य होगा। वह गंदगी में, अंधेरे कमरे में जानवर की जिन्दगी बसर नहीं करेगा, मर्द और औरत दोनों आजादी से रहेंगे और सारे जगत के साथ मुकाबला करने को तैयार रहेंगे। वहां न हैजा होगा, न मरकी (प्लेग) होगी, न चेचक होंगे। कोई आलस्य में रह नहीं सकता है, न कोई ऐश-आराम में रहेगा।
सबको शारीरिक मेहनत करनी होगी। इतनी चीज होते हुए मैं ऐसी बहुत-सी चीज का ख्याल करा सकता हूं जो बड़े पैमाने पर बनेगी। शायद रेलवे भी होगी, डाकघर, तारघर भी होंगे। क्या होगा, क्या नहीं उसका मुझे पता नहीं। न मुझको उसकी फिकर है। असली बात को मैं कायम कर सकूं तो बाकी आने की और रहने की खूबी रहेगी और असली बात को छोड़ दूं तो सब छोड़ देता हूं।
उस रोज जब हम आखिर के दिन वर्किंग कमेटी में बैठे थे तो ऐसा कुछ फैसला हुआ था कि इसी चीज को साफ करने लिए वर्किंग कमेटी 2-3 दिन के लिए बैठेगी। बैठेगी तो मुझे अच्छा लगेगा, लेकिन न बैठे तब भी मैं चाहता हूं कि हम दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ लें। उसके दो सबब हैं। हमारा संबंध सिर्फ राज कारण का नहीं है। उससे कई दरजे गहरा है। उस गहराई का मेरे पास कोई नाप नहीं है। वह संबंध टूट भी नहीं सकता। इसलिए मैं चाहूंगा कि हम दोनों में से एक भी अपने को निकम्मा नहीं समझते हैं। हम दोनों हिन्दुस्तान की आजादी के लिए ही जिन्दा रहते हैं, और उसी आजादी के लिए हमको मरना भी अच्छा लगेगा। हमें किसी की तारीफ की दरकार नहीं है। तारीफ हो या गालियां- एक ही चीज हैं। खिदमत में उसे कोई जगह ही नहीं है। अगर मैं 125 वर्ष तक सेवा करते-करते जिन्दा रहने की इच्छा करता हूं तब भी मैं आखिर में बूढ़ा हूं और तुम मुकाबले में जवान हो। इसी कारण मैंने कहा है कि मेरे वारिस तुम हो। कम से कम उस वारिस को मैं समझ लूं और मैं क्या हूं वह भी वारिस समझ ले तो अच्छा ही है और मुझे चैन रहेगा।
और एक बात। मैंने तुमको कस्तूरबा ट्रस्ट के बारे में और हिन्दुस्तानी के बारे में लिखा था। तुमने सोचकर लिखने को कहा था। मैं पाता हूं कि हिन्दुस्तानी सभा में तो तुम्हारा नाम है ही। नाणावटी ने मुझको याद दिलाया कि तुम्हारे पास और मौलाना साहब के पास वह पहुंच गया था और तुमने अपने दस्तखत दे दिए हैं। वह तो सन् 1942 में था। वह जमाना गुजर गया। आज हिन्दुस्तानी कहां है उसे जानते हो। उसी दस्तखत पर कायम हो तो मैं उस बारे में तुमसे काम लेना चाहता हूं। दौड़-धूप की जरूरत नहीं रहेगी, लेकिन थोड़ा काम करने की जरूरत रहेगी।
कस्तूरबा स्मारक का काम पेचिदा है। ऊपर जो मैंने लिखा है वह अगर तुमको चुभेगा या चुभता है तो कस्तूरबा स्मारक में भी आकर तुमको चैन नहीं रह सकेगा, यह मैं समझता हूं।
आखिर की बात शरत बाबू के साथ जो- कुछ चिनगारियां फूटी हैं वह है। इससे मुझे दर्द हुआ है। उसकी जड़ मैं नहीं समझ सका। तुमको जो कहा है इतना ही है बाकी कुछ नहीं रहा है तो मुझे कुछ पूछना नहीं है। लेकिन कुछ समझाने जैसा है तो मुझको समझने की दरकार है।
इस सबके बारे में अगर हमें मिलना ही चाहिए तो हमारे मिलने का वख्त निकालना चाहिए।
तुम बहुत काम कर रहे हो, स्वास्थ्य अच्छा रहता होगा। इन्दु ठीक होगी।

बापू के आशीर्वाद

वाह भई वाह


ओवरटाइम
टिंगू: पहले तो सिर्फ रात को ही मच्छर काटते थे, अब तो दिन में भी काटने लगे हैं।
मिंकू: तूने ये रिसेशन के बारे में नहीं सुना क्या? पूरे वर्ल्ड में मंदी की मार ऐसी है कि इंसान तो क्या, अब मच्छरों को भी दिन-रात काम करना पड़ रहा है।
रिस्टार्ट
एक दिन एक मेकेनिकल इंजीनियर, इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर, केमिकल इंजीनियर और एक कंप्यूटर इंजीनियर एक ही कार में शहर में घूम रहे थे, अचानक ही कार कुछ टूटने की आवाज़ के साथ बंद हो गई।
मेकेनिकल इंजीनियर ने कहा 'मुझे लगता हैं चेचिस राड टूट गई हैं '
केमिकल इंजीनियर ने कुछ सोचकर कहा 'मुझे लगता हैं, इंजन को पर्याप्त गैस नहीं मिल पा रही है।
'इलेक्ट्रिक इंजीनियर बोला' कहीं स्पार्क हुआ होगा, कुछ गड़बड़ लगती है गाड़ी के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में।
'तीनों मुड़े पीछे बैठे कम्प्यूटर इंजीनियर की तरफ, और उससे पूछा- तुमको क्या लगता हैं।'
तो कंप्यूटर इंजीनियर ने कहा 'मुझे लगता हैं कि हम सभी को गाड़ी से बाहर निकल कर दोबारा अन्दर बैठ जाना चाहिऐ, ताकि गाड़ी रिस्टार्ट हो सके'

जीवन- शैली


जल बिच मीन पियासी रे...
- अरुण कुमार शिवपुरी
आजकल की जीवनशैली फ़ास्ट ट्रैक पर चलती है। हर कोई दौड़ता नजर आता है। वे होशियार भी हैं और अपने में केंद्रित भी। उसे अपनों से कम ही मतलब होता है। यही वजह है कि आज का आदमी जीवन की सुन्दरता व सुख शान्ति से काफी हद तक महरूम हो गया है। संबंध और रिश्ते ऊपरी हो गए हैं और मतलब पर टिके हैं। इंसान अब धन कमाने व बटोरने में उम्र भर लगा रहता है। इसके अलावा जीवन में होता ही क्या है? यह बात और है कि लक्ष्मी चलायमान होती है कहीं भी सदा टिकी नहीं रहती। सरस्वती का वास अलग होता है।
अब घर और समाज के वातावरण में नैतिक मूल्यों का शायद ही कोई स्थान हो। कोचिंग और गाइड बुक्स के सहारे बच्चे जीवन की सीढ़ी पर चढ़ते हैं। पं. बालकृष्ण भट्ट, पं. प्रताप नारायण मिश्र के निबंधों, लेखों और मुंशी प्रेमचंद की कहानियों व उपन्यासों को पढऩे की किसको जरूरत है। मीरा के पद, कबीर व रहीम के दोहे और रसखान का कृष्ण प्रेम उनसे कोसों दूर है।
चाल्र्स लैम्ब, रॉबर्ट लुई स्टीवेन्सन का लेखन, फैज़ अहमद 'फैज़' और रघुपति सहाय 'फिराक' गोरखपुरी की कविता, शायरी से भी वे शायद ही वाकिफ हों। आप टीवी चैनल्स व आजकल के गायकों को देख-सुनकर समझते होंगे कि उच्चारण को कितनी अहमियत दी जाती है। जूथिका राय के भजनों व जगमोहन (मित्रा) के गीतों को सुनने का अब किसके पास समय व रूझान है। गान्धार मूर्तिकला की क्या $खासियतें हैं और उस पर किस विदेशी कला का प्रभाव है, इसको जानकर आज की युवा पीढ़ी क्या करेगी।
स्कूलों में बच्चों को जो शिक्षक मिलते हैं, उनमें पहले जैसा समर्पण, सच्चाई व आदर्श व्यक्तित्व कम ही झलकता है। बाकी रही सही कसर टीवी, फिल्में, समाज और घर का वातावरण पूरी कर देते हैं।
युवा होते ही लोगों का जीवन उद्देश्य मात्र धन इकट्ठा करना रह जाता है, जो कि आजकल की कमरतोड़ महंगाई में सही माना जाता है। गाड़ी, बंगला, मोबाइल, इसप्लिट एसी, एलसीडी टीवी जुटाने व हांगकांग, बॉस्टन की यात्रा में उसका जीवन निकल जाता है। फिर भी मानव की स्थिति 'जल बिच मीन पियासी रे, मोहे देखत आवे हांसी' जैसी दिखती है। जीवन में सार्थकता की कमी खलती रहती है। जीवन- मूल्यों को छोडऩे पर आदमी जीवन की राह पर अकेला होता जाता है। सब कुछ हासिल करके भी उसके अन्दर खालीपन बना रहता है। तुलसीदास की 'ठुमक चलत रामचंद्र बाजत पैंजनियां' की सुख सुन्दरता से वह वंचित रहता है।
महाराजा टीकमगढ़ ने अयोध्या में संगमरमर का कनक भवन बनवाया है, जहां रामजन्म स्तुति अति सुन्दर होती है। 'भये प्रकट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी। हर्षित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप निहारी।' यह संस्कार बच्चों को अब कम ही सिखाये जाते हैं।
आजकल तरह- तरह के डे (दिन) मनाये जाते हैं
मदर्स डे, फादर्स डे, जाय ऑफ गिविंग वीक। पर इन अवसरों पर लोग तस्वीरें खिंचवाकर नुमाइश ज्यादा करते हैं। यह एक औपचारिकता है जो निभाई जाती है। माता-पिता और जरुरतमंदों की स्थिति जस की तस रहती है।
अब अब्दुर रहीम खाने खाना जैसे लोग आपको ढूंढे नहीं मिलेंगे। अकबर के नौ रतन, मनसबदार, विद्वान व दानी थे, तुलसीदास के पूछने पर उन्होंने जवाब दिया था 'देनहार कोई और है, भेजत है दिन रैन। लोग भरम हम पर करें, तासों नीचे नैन।' दान देते वक्त वो निगाहें नीचे कर लेते थे, ताकि दान लेने वाले के मन में हीन भावना न आए तथा उनके स्वयं के मन में दम्भ न आने पाए।
फै•ज ने जीवन का वर्णन कुछ यूं किया है-
'जिंदगी क्या किसी मु$फलिस की कबा है,
जिसमें हर घड़ी दर्द के पैबंद लगे जाते हैं।'

बढ़ती उम्र में हम इंतजार करते है कि कोई उसके पास आये, कोई पाती आये, लोगों में अपनेपन को तलाशते हैं। मिर्जा गालिब ने इस स्थिति को यूं दर्शाया है -
'शमा जलती है हर रंग में सहर होने तक।'
अब आपको बनावट नजर आयेगी, संबंधों में कोई गहरापन नहीं मिलेगा। अपनत्व, आदर भाव, लिहाज, समर्पण, नैतिक सत्मार्ग अतीत के हो गये हैं।
'झीनी-झीनी रे बीनी चदरिया
काहे का ताना काहे की भरनी...
दास कबीर जतन से ओढयो'
ज्यों कि त्यों धर दीनी चदरिया'

इसको समझने वाले आपको कम ही मिलेंगे।
संपर्क - ई-1 /172, अरेरा कॉलोनी, भोपाल - 462016, मोबाइल - 09425687444