मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 17, 2010

साहित्यकार के हसीन सपने



- काशीपुरी कुंदन
जब से भिड़ाऊरामजी पद्मश्री से विभूषित हुए हैं मेरा मन पद्मश्री की दुनिया में ठीक उसी तरह भटक रहा है जैसे कुर्सी विहीन नेता कुर्सी के लिए। भिड़ाऊराम द्वारा उच्चारित अनमोल वाणी मेरे कानों में आज भी दादाजी की सीख की तरह गूंज रही है। यदि आप पद्मश्री या पुरस्कार के मुंतजिर हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है, पुरस्कार बिकता है, दूल्हे जैसा। जो भी पुरस्कार लेना चाहते हैं या जिसके काबिल अपने आपको समझते हैं उसकी प्राप्ति सीमा में घुसिए और उसका आनंद उठाइए।
धीरे- धीरे मेरा मन छुटका चोर की तरह, जो छोटी- छोटी चोरियों के हुनर जानने- आजमाने के बाद डाका डालने की कला में महारत हासिल कर लेता है, उसी प्रकार छोटे- छोटे पुरस्कार हड़पने के गुर जानने से लेकर बड़े से बड़े पुरस्कार हथियाने के हसीन ख्वाब देखने लगा। इस हसीन ख्वाब का आनंद शुरू- शुरू में मैं रात्रि में लेता था। कहते हैं जिस किसी शरीफजादा को इसका चस्का लग जाए तो यह ड्रग से भी खतरनाक लत साबित होती है। इसीलिए मैं आजकल केजुअल लीव लेकर खूबसूरत सपने देखता हूं। फिर भी मन नहीं भरता है।
इसी सिलसिले में दिन के बारह बजे मुगेंरीलाल के हसीन सपने की तरह हम भी देखने लगे कि राष्ट्रपति भवन का सील लगा हुआ लिफाफा लिए डाकिया मेरे द्वार खड़ा है। उसके हाथ से लिफाफा मैं झटक लेता हूं, आनन फानन में उसके अन्दर चमकदार कागज में मुद्रित इबारत बांचते ही मेरे मुंह से अनायास सीटी बजने लगता है। सुरीली सीटी को सुनकर मेरी श्रीमती की निद्रा भंग हो जाती है, निद्रा भंग होने पर वह ऐसे गुर्राती है जैसे कोई मंत्री संसद भंग हो जाने पर। लेकिन मेरे हाथों में शानदार चमकदार लिफाफा देखकर अपने क्रोध को जब्त कर मुझे बच्चों सा भुलावा देकर लिफाफा मेरे हाथों से झटक लेती है। चूंकि धोखे से प्राथमिक ंिवद्यालय की शोभा बढ़ा चुकी है अस्तु वह ऐसे खुश होती है जैसे किसी कंजूस को रास्ते में पड़ा पैसा मिल जाए या कोई दावत का न्यौता दे जाए। बेचारी ने बमुश्किल रात बिताई। इतनी खुशी उसे मुझसे शादी करने पर नहीं हुई थी। तड़के चार बजे इस धमाकेदार समाचार को पड़ोस में प्रसारित करने के लिए वायरलेस को भी पीछे छोड़ गई। बच्चे औकात से लम्बी फेहरिस्त बनाने में मशगूल हो गए। कुन्दनजी पद्मश्री से विभूषित होने वाले हैं। खबर दावानल की तरह मुहल्ले से होते हुए समूचे शहर में फैल गई। तमाम शुभाशुभचिंतकों की हम तेरे हैं तेरे ही रहेंगे की मुद्रा में मेरे घर के सामने लम्बी लाइन लगने लगी। अखबार वाले जो मेरी रचनाओं को कूड़ेदान को सादर समर्पित कर देते हैं वे मोटे अक्षरों में प्रख्यात व्यंग्यकार कुन्दनजी पुरस्कृत मुख्यपृष्ठ पर छापकर गौरवान्वित होने लगे। इन्टरव्यू के लिए पत्रकार दल पहुंचने लगे। मेरे चित्र कई पोज में उतारी जाने लगी।
सबसे अनोखी बात यह हुई -उधारी वालों के डर से मैं सन्यास लेने की मानसिकता बना चुका था वे मेरी खुशामद करने लगे। पुन: उधारी देने के लिए मेरे घर के चक्कर मारने लगे। श्रीमती ने भी वक्त हाथ से नहीं जाने दिया और इस प्रकार के जितने भी हितैषी, सेवा- भावी विचारधारा के प्राणी थे सबको उन्होंने जी भर के अवसर दिया। नतीजा सभी हितैषियों ने उपहारों से घर को लबालब भर दिया।
मुझे बाजे गाजे के साथ स्थानीय रेल्वे प्लेटफार्म पर राष्ट्रपति भवन यानी दिल्ली जाने के लिए छोड़ा गया। इतने आत्मीय स्वागत को देखकर मेरा मूड फिर से शादी करने का बन रहा था कि श्रीमतीजी ने आदतन आदेश दिया- सुनो जी पुरस्कार का धन प्राप्त होते ही तत्काल बैंक ड्राफ्ट भेज देना, आजकल हमारे देश में चोर- उचक्कों की कमी नहीं है कब किसको कंगाल बना दे, दूसरी बात साथ में रूपये लेकर इतनी लम्बी यात्रा करना भी विश्वसनीय नहीं रह गया है। रेलों, बसों का भी कोई भरोसा नहीं रहा, कब किस नदी में समा जाएं। भगवान करे ऐसी-वैसी बात न हो मगर भविष्य को कौन जानता है। दूसरी बात आजकल मुआवजे में भी दम नहीं रह गया है। हवाई यात्रा करते तो कुछ और बात थी। श्रीमतीजी की बातों से मेरा विश्वास पुख्ता हो चला था कि उसे मेरे पुरस्कृत होने या मुझे मान- सम्मान मिलने की खुशी नहीं थी वरन पुरस्कार की धन राशि प्राप्त होने पर थी, जिससे वह अपनी मनपंसद की वस्तुएं खरीद सके।
खैर साहब भारतीय रेल का सुख भोगते कभी प्रभु को याद करते और कभी हनुमान चालीसा पढ़ते हुए दिल्ली का सुहाना सफर तय करने लगे। स्टेशन के स्वास्थ्यवर्धक छोले-भटुरे गटकने के साथ ही मुफ्त में हिचकोले खाते, व्यायाम करते हम रेल परम्परानुसार सिर्फ तीन घंटे विलम्ब से दिल्ली प्लेटफार्म पर उतरने की गरज से सर्वसुविधा युक्त रेलगाड़ी को छोडऩे का मूड बनाने लगे। गजगामिनी सी रेगती हुई रेल प्लेटफार्म पर खड़ी हो गई। सहयात्रीगण एक- एक कर अतिक्रमण किए सीटों को छोडऩे लगे गोया अतिक्रमण हटाओ शुरू हो गया हो। हमने भी अपने समान की सुध ली कि हमारे होश उड़ गए, घिग्घी बंध गई, किस्मत फूटी निकली, उठाईगिरी से खानदानी ताल्लुकात रखने वाले जरूरतमंद चोर भाई ने मित्रो से काम चलाऊ सरकार की तरह उधार ली गई अटैची सहित कपड़े, बटुए राष्ट्रपति भवन का आमंत्रण पत्र आदि पर हाथ साफ कर दिया था। मेरे पास रेल पटरियों पर लेटकर राष्ट्रपति भवन जाने के बदले मुफ्त में स्वर्ग जाने के अलावा और कोई चारा नहीं था परंतु एक टिकिट कलेक्टर यमराज की तरह सामने ही खड़ा था। लाख स्पष्टीकरण देने के बावजूद टी.टी.आई ने मेरी एक न सुनी और मुझे बिना टिकिट यात्रा करने के जुर्म में रेलयात्री से जेलयात्री होने का सुअवसर प्रदान कर दिया ।
सलाखों के बीच पद्मश्री से अंलकृत होने के हसीन सपने देखने के बदले हकीकत के आंसू बहाने लगा। दिमाग में अनेक विचार आने- जाने लगे, उसी तरह जैसे कर्ज लेने बाद नहीं पटाने पर कर्जदारों का आना-जाना जारी हो जाता है। कभी मन ही मन डाक वालों को कोसने लगता कि डाक परम्परानुसार डाक के डाकू इस लिफाफे को भी डकार गए होते तो आज चुल्लू भर पानी में डूबने की नौबत नहीं आती। दूसरी जब तक लार्ड डलहौजी के वंशज, साहित्य के मठाधीश व्यवस्था पर कुडंली मारे हुए बैठे रहेंगे तब तक प्रतिभाओं की हत्या होती रहेगी और हमारे जैसे प्रतिभा सम्पन्न निरीह साहित्यकार सिर्फ हसीन सपने देखते और बेचते रहेंगे जैसे पुख्ता विचार जोर मारने ही वाला था कि मेरे सात वर्षीय बालक ने यह कहते हुए मुझे जगा दिया कि पापा उठो फीस नहीं भरने के कारण मेरा नाम स्कूल से कट गया है।
संपर्क- मातृछाया, मेला मैदान राजिम,
जिला-रायपुर (छ.ग.) पिन -493885
मो.नं.-9893788109
व्यंग्यकार के बारे में ...
छत्तीसगढ़ में धमतरी और राजिम दो ऐसे कस्बे रहे हैं जहां साहित्यिक सरगरमियां खूब रही हैं। राजिम में पुरुषोत्तम अनासक्त जैसे व्यंग्य कथाओं के गंभीर लेखक हुए हैं। पिछले तीन दशकों से वहां काशीपुरी कुंदन सक्रिय हैं। जो अनासक्त के ठीक विपरीत ध्रुवांत के लेखक हैं। वे मंचों के प्रसिद्घ हास्य कवि हैं। साथ ही गद्य व्यंग्य भी वे लिखते हैं। अभी अभी उनका व्यंग्य संग्रह 'भ्रष्टाचार के शलाका पुरुष' छप कर आया है। काशीपुरी कुंदन की रचनाओं में 'विट' है। वे व्यंग्य के साथ हास्य को पिरोना जानते हैं। इसलिए उनकी व्यंग्य रचनाएं हास्य की तरफदारी करती हैं। यहां प्रस्तुत उनकी रचना 'साहित्यकार के हसीन सपने' उनकी लेखन प्रकृति का एक प्रमाण है। आज राजनेताओं की तरह साहित्यकार भी समीकरण बाज हो गए हैं और पुरस्कार हथियाने के लिए वे किस तरह के गणित बिठाते हैं और कैसे कैसे गठजोड़ करते हैं। कुछ ऐसी ही प्रवृत्तियों की ओर यहां लेखक का इशारा है।
- विनोद साव

रामी


- डॉ. दीप्ति गुप्ता
देवयानी की नींद निगलती हुई दूर से लहराती घडिय़ाल की टन टन टन टन। सुबह के चार बजे थे। सहसा उंघता हुआ चौकीदार शेरसिंह कड़ाके की सर्दी में अपने बरसों पुराने फौजी ओवरकोट से चिपटता हुआ लालटेन और लाठी सम्भाल कर कालेज के निकट ही कुछ ऊंचाई पर टीचर्स हॉस्टल के नीचे वाले क्वार्टर की ओर चला। शेर सिंह की उम्र साठ के लगभग है लेकिन जीवन के प्रति जीवंत दृष्टिकोण के कारण उसका हंसता हुआ चेहरा उसकी उम्र से दस वर्ष कम दिखता है। उम्र के इस थके मोड़ पर पहुंचने वाले, इस चौकीदार की चिलगोज़े जैसी आंखों से अभी भी मसखरी और चुस्ती टपकती है। क्वार्टर में पहुंचते ही शेरसिंह ने सबसे पहले दड़बे में फडफ़ड़ाती, चहकती मुर्गियों को दाना पानी दिया, फिर फटे टाट के पर्दे को हटाकर बरामदे में घुसते ही उसकी नजर उस कोने की ओर गई, जो जगह की कमी के कारण एक छोटे से रसोईघर में परिवर्तित कर दिया गया था। अधबुझे चूल्हे के पास उसकी पत्नी रामी अपने चीथड़ों में दुबकी बैठी थी। उसने शेरसिंह के लिए चाय का गिलास तैयार कर रखा था। शेर सिंह ने गर्माहट पाने के लिए पास पड़ी एक छोटी सी लकड़ी से राख को कुरेदते हुए कहीं-कहीं चमक पडऩे वाले अंगारों को देखकर चूल्हे में एक दो बार फूंक मारी और चाय का गिलास थामकर बैठ गया। दोनों पति-पत्नी कबूतर और कबूतरी की तरह पास बैठे हुए धीरे- धीरे चाय सुड़कने लगे।
शेर सिंह से एकदम विपरीत रामी के चेहरे पर समय ने दु:ख और विषाद की अमिट रेखाएं खींच दी हैं। पिछले चार वर्षों से जैसे वह एकाएक मौन में चली गई है। तब से आज तक देवयानी ने रामी को कभी भी किसी से एक शब्द भी बोलते नहीं देखा। देवयानी को लगता, या तो रामी के शब्द चुक गए हैं या उसकी बोलने की इच्छा मर गई है। उसके उस अस्वाभाविक मौन तथा चेहरे पर गहरा आई रूग्ण उदासी के कारण कोई उसे विक्षिप्त तो कोई प्रेताभिभूत बताता है। कई बार शेरसिंह के कमरे से आवाजें आती, जो रात भर देवयानी का पीछा करती रहतीं। आज तक कोई डाक्टर व वैद्य रामी की सलोनी मुखाकृति की उन बीमार रेखाओं को स्वस्थ नहीं कर पाया।
देवयानी सोचती कि रामी के जीवन में आए उस बदलाव का क्या कारण होगा? उसकी मोटी पपोटों वाली छोटी आंखों में उठता गिरता भावों का ज्वार-भाटा, रामी के अन्तस में घुमड़ते किसी तूफान का स्पष्ट संकेत देता, लेकिन शब्दों की अभिव्यक्ति के बिना उसे समझ पाना कठिन था। देवयानी ने रामी के उस अटूट मौन को अक्सर एक दर्द भरे कुमांऊनी गीत में टूटते देखा था। रामी के दर्दीले स्वर में रचा बसा यह गीत 'म्यारा मैता का देस ना बासा, घुघूति रूमझूम' देवयानी के भीतर दूर-दूर तक विचारों और नए- नए अनुमानों के ऐसे विकट झाड़ झंखाड़ खड़े कर देता जिनमें रामी के दु:ख को जान लेने के लिए उसका व्याकुल मन उलझकर रह जाता। देवयानी ने कितनी बार एक कुशल मनोविश्लेषक की भांति मीठे, तीखे और कड़वे प्रसंगों द्वारा रामी के अन्तस को झकझोर कर उसे मन की व्यथा उगल देने को मजबूर कर देना चाहा, किन्तु हठयोगी की तरह रामी ने कभी भी अपनी मौन समाधि को न तोड़ा। एक बार न जाने कैसे रामी, देवयानी के बहुत कहने पर एक लोक गीत 'बेडू पाको बारहमासा, काफल पाको चैता मेरी छैला' को उच्च स्वर में गा उठी थी, लेकिन उसके दर्द भरे स्वर ने उस थिरकते गीत को जैसे एक साथ कई पतझड़ों से लाद दिया था।
ठीक साढ़े नौ बजे तैयार होकर देवयानी जैसे ही हास्टल की सीढिय़ों से नीचे उतरने लगी तो एकाएक चिडिय़ा कि तरह फुदकती 'नौनी' ने तश्तरी से ढके कटोरे में कुछ लिए, देवयानी का रास्ता रोक लिया, और बोली -
'दीदी, मां ने आपके लिए अरसा भेजा है।'
रामी का वो स्नेह, ममता भरा अपनत्व देवयानी के दिमाग में फिर विचारों के अनगिनत बुलबुले उठाने लगा। कैसी प्रेममयी है यह विक्षिप्त, भूली- भटकी रामी, या प्रेताभिभूत नारी? देवयानी को लगता कि या तो रामी के विषय में लोगों की धारणाएं सरासर गलत हैं, और यदि सही है तो उसे संतुलित व्यक्ति की भांति उसकी पसंद की चीज भेजना कैसे याद रहता है। देवयानी के लिए दिल की अतल गहराइयों में डूबकर कुछ सोचने के लिए मजबूर कर देने वाला आश्चर्य थी रामी। देवयानी ने प्यार से नौनी के हलके से चपत जड़ते हुए कहा- 'जा रसोई में मेरी जाली की अलमारी में रख आ। अभी उप्रेती दीदी कमरे में ही हैं।' मिनट भर प्रतीक्षा भरी मुद्रा में खड़ी देवयानी ने नौनी के कमरे से लौट आने पर खट- खट सीढिय़ां उतर कर कॉलेज का रास्ता पकड़ लिया। रामी कैसी भी हो, वह अभी भी नियमित रूप से स्कूल की सभी अध्यापिकाओं को पानी पिलाने की ड्यूटी पूरी निष्ठा से निभाती है। हाथ में पानी से भरे गिलासों की ट्रे थामे, एक पैर पर कुछ अधिक जोर देकर धीरे-धीरे सपाट चाल चलती रामी कभी- कभी तो एकदम रोबोट नजऱ आती है।
आज रविवार है। लेकिन रवि तो पिछले एक सप्ताह से ईद का चांद बना हुआ है। आज भी सघन कोहरे की मोटी चादर ओढ़े जैसे अटूट निद्रा में सोया हुआ है। हवा के स्पर्श से ऊंचे- ऊंचे चीड़ के पेड़ों की संगीतमयी झनझनाहट, लिहाफ में लिपटे होने पर भी शरीर में एक सर्द सिहरन तरंगायित कर रहीं है। कोहरे ने समूचे परिवेश को इतना उबाऊ और शिथिल बना दिया है कि परिन्दे भी अपने घोंसलों में निस्पन्द पड़े हैं। दूर बादलों से घिरी पहाडिय़ां मुंह निकालकर झांकती हुई, अलसाई सी नजऱ आ रही हैं।
तभी बरामदे में कोई गम्भीर स्वर गूंजा। देवयानी ने देखा कि शेरसिंह हांफता हुआ प्रिंसिपल मिस जंगपांगी से कह रहा है-'बहनजी, रामी इडर आया क्या ओ सबेरे चार बजे से गायब है। शब जगह देख आया, मिलता ही नहीं।Ó इससे पहले कि उसकी बात खत्म होती, देवयानी लपककर शेरसिंह के क्वार्टर में नौनी के पास पहुंच गई। नौनी रूआंसी, खामोश खड़ी थी। देवयानी का दिल किसी दुर्भागी आशंका से भर उठा। दिमाग में एक साथ बुरे ख्यालों के हजारों कैक्टस उग आये। देवयानी झटपट नौनी को साथ लेकर ठण्डी सड़क से होती हुई टिफिन टॉप की ओर चल पड़ी, जिधर- जिधर मन ने कहा, उधर ही वे दोनों चलते गये। लगभग सभी ओर उनकी आंखें हर- एक दरख्त, हर- एक पत्ते को भेदकर रामी को खोज लेने आतुर हो रही थीं।
रामी को खोजने में अभी दो घण्टे से अधिक समय नहीं बीता था, लेकिन देवयानी को लगा जैसे दो युग बीत गए और इस एहसास ने उसके दिल में निराशा की सर्द परतें जमानी शुरू कर दीं। आस पास कहीं भी जरा सी भी आहट होती तो वे दोनों सजग हो, आशा भरी दृष्टि से उधर ही दौड़ पड़तीं। कोहरे की धुन्ध में एक फुट दूर की वस्तु भी साफ नजर नहीं आ रही थी। कभी कोई जंगली चूहा ढालानों पर पड़े सूखे पत्तों को खडख़ड़ाता निकल जाता तो कभी कोई गिलहरी पेड़ों के झुरमुट से सरसराती हुई तेजी से गुजर जाती।
एक पल के लिए सुस्ताने को खड़ी हुई देवयानी, जमीन पर पड़े बेडूफल को चुगती हुई नौनी को शून्य दृष्टि से निहारने लगी कि तभी रामी का चिरपरिचित स्वर कहीं से अंधेरे में आशा की रूपहली किरण की तरह उभरा। देवयानी के हृदय में जैसे हजारों सुर्ख बुरांस एक साथ खिल उठे। सधे स्वर में उठती गिरती रामी की मधुर आवाज... कितनी मिठास...कितना दर्द है उसके गाने में। देवयानी और नौनी उस आवाज के सहारे चिकने स्लेटी पत्थरों पर सावधानी से कदम रखती हुईं आगे बढ़ीं और कुछ ही दूरी पर चीड़ के पेड़ों के नीचे से निकल कर धीरे- धीरे चलती रामी को आगे जाते हुए देखा।
'रामी, ओ रामी रूको'। देवयानी की पुकार से रामी के पांव ठिठक गये। रामी ने पलटकर सूनी आंखों से देवयानी को देखा और अभिवादन में हाथ जोड़कर खड़ी हो गई। नौनी दौड़ कर उससे लिपट गई और बोली - 'माजी, तू कख गए छे। पिताजी, ई दीदी तिते खुजाणा छै। घोर चल। मिथे भूख लगणी छे।' और रामी यंत्रवत सी देवयानी के साथ नौनी का हाथ थामें हुए लौट पड़ी। रामी की नासिका में झूलता बुलाक देवयानी के ऊपरी होंठ पर एक अस्वभाविक सी खुजली का आभास देने लगा। उसके गले में पड़ी लाल मूंगे व काली चरेऊ की माला देवयानी की जुबान तक आने वाले अनेक प्रश्नों को उसके गले में ही घोंटने लगी। देवयानी का मन हुआ कि रामी को डांटे, या धीरे से धमकाए। आखिर उसने सुबह से सबको इस तरह परेशान क्यूं कर डाला। लेकिन उससे कुछ कहना तो जंगल में रोने जैसा है। दूर-दूर तक भटक कर थका देवयानी का मन कुछ भी समझ पाने में असमर्थ सा, एक अजीब से दमघोटू एहसास को पीने लगा। विचार के ताने बाने में उलझी देवयानी रामी को लेकर हॉस्टल पहुंच चुकी थी। कई जोड़ी आंखे इधर- उधर से रामी को देखने के लिए उठी और एकाएक गायब हो गई। रामी एक अपराधी की सी चाल से रेंगती हुई नौनी के साथ क्वार्टर की ओर चली गई।
गहरी नींद में सोई देवयानी एकाएक किसी की दर्दनाक चीख से उठ बैठी। घड़ी में देखा तो रात के 12.30 बजे थे। बाहर कहीं दूर गीदड़ों की 'हुंआ हुंआ' वातावरण को मनहूस बना रही थी। रात के सन्नाटे में झींगुरों की झनझनाहट भरी संगीतमयी चिकमिक ने उस परिवेश को अधिक रहस्यमय बना दिया था। तभी एक भयावह चीख रात की नीरवता को पार करती हुई, देवयानी के हृदय में कहीं गहराई से धंसती चली गई। देवयानी को समझते देर नहीं लगी - नि:सन्देह वह रामी की ही आवाज थी। वही ओझा की झाड़ फूंक और दर्द से छटपटाती रामी! उसका मन हुआ कि तुरन्त नीचे जाकर रामी को अपनी बाहों में समेट कर अभय दान दे दे। देवयानी किसी द्वन्द्व में उलझी बहुत समय तक वैसे ही बैठी रही। फिर निढाल सी बिस्तर पे पसर गई। उसे नहीं मालूम कि कब उसकी आंख लगी।
सवेरा हुआ तो रामी का चेहरा अनायास ही देवयानी की आंखों के सामने नाचने लगा। बिजली की गति से बिस्तर छोड़कर, शाल लपेटती हुई वह सम्मोहित सी शेरसिंह के क्वार्टर की ओर लपकी। इससे पहले कि वह रामी के करीब पहुंच पाती, बाहर ही उसे शेरसिंह और नौनी का करूण विलाप सुनाई पड़ा। धड़कते दिल से वह कमरे में पहुंची तो देखा रामी चिर निद्रा में सोई थी। उसके चेहरे की उदास रेखाओं में पहले से भी अधिक दु:ख और पीड़ा घुली थी। मरने से पूर्व उसने ओझा की झाड़- फूंक की जिस पीड़ा को भोगा था, शायद वही उसके मुख पर उभर आयी थी।
देवयानी के भीतर घुमड़ती घनीभूत पीड़ा, ओझा और शेरसिंह के प्रति क्रोध का ज्वालामुखी बनने लगी। किन्तु उस विदा के क्षण पथराये वातावरण में कुछ भी कर पाने में असमर्थ देवयानी का नपुंसक क्रोध आंखों से आंसू बनकर बह निकला। देवयानी को लगा कि रामी का दर्द भरा स्वर 'म्यार मैता का देस ना बासा घुघूति रूमझूम' चारों दिशाओं में चीख-चीख कर रो रहा है। शेरसिंह के अंधविश्वास के कारण प्रेताभिभूत समझी जाने वाली रामी ओझा की झाड़ फूंक की बलि चढ़ चुकी थी। उसकी मौत मुक्ति नहीं वरन एक प्रश्न-चिन्ह बनकर समाज के मस्तक पर चिपक गई थी!!!

खेलने के दिन


- कमल चोपड़ा
स्टोर खिलौनों से भर गया था। पत्नी का विचार था कि उन्हें किसी कबाड़ी के हाथों बेच दिया जाए और जगह खाली कर ली जाए, क्योंकि बच्चे बड़े हो गए हैं और अब उन खिलौनों की तरफ देखते भी नहीं थे। कुछ को छोड़कर ज्यादातर खिलौने नए जैसे ही थे। वह झुंझलाकर बोला था 'हर साल बच्चों का बर्थ-डे मनाते रहे और जब ढेर खिलौने आते रहे, तब भी दूसरों के बर्थ-डे पर बाजार से खरीद खरीदकर नए देते रहे....ढेर तो लगना ही था। कबाड़ी क्या देगा....सौ-पचास?'
बाबूजी ने सुझाया 'जो हुआ, सो हुआ। हमारे बच्चों का बचपन खिलौनों में बीता बस, यही संतोष की बात है। अब यह है कि अगर कहो, तो मैं ये खिलौने ले जाकर किन्हीं गरीब बच्चों में बांट आऊं? और कुछ नहीं, तो एक नेक काम ही सही....।'
वे कुछ नहीं बोल पाए थे। बाबूजी इसे दोनों की सहमति समझकर सभी खिलौने लेकर चल दिए।
बड़े उत्साह के साथ वे इंडस्ट्री एरिया के पीछे बनी झुग्गियों की ओर चल दिए। कितने खुश होंगे वे बच्चे इन खिलौनों को पाकर। रोटी तो जैसे-तैसे वे बच्चे खा ही लेते हैं। तन ढंकने के लिए कपड़े भी मांग तांगकर पहन ही लेते हैं, पर खिलौने उन बेचारों के नसीब में कहां? उनके चेहरे खिल उठेंगे, आंखें चमक जाएंगी खिलौने देखकर....उन्हें खुश होता देखकर मुझे कितनी खुशी होगी। इससे बड़ा काम तो कोई हो ही नहीं सकता...।
झुग्गियों के पास पहुंचकर उन्होंने देखा मैले फटे कपड़े पहने दो बच्चे सामने से चले आ रहे हैं। उन्हें पास बुलाकर उन्होंने कहा 'बच्चो, ये खिलौने मैं तुम लोगों के बीच बांटना चाहता हूं.....इनमें से तुम्हें जो पसंद हो, एक-एक खिलौना तुम ले लो.....बिल्कुल मुफ्त...।'
हैरान होकर बच्चों ने उनकी ओर देखा, फिर एक-दूसरे की तरफ देखा, फिर अथाह खुशी भरकर खिलौनों को उलट-पुलटकर देखने लगे। उन्हें खुश होता देखकर बाबूजी की खुशी का ठिकाना न रहा। कुछ ही क्षणों में बाबूजी ने देखा- दोनों बच्चे कुछ सोच में पड़ गए। उनके चेहरे बुझते से चले गए।
'क्या हुआ?' एक बच्चे ने खिलौने को वापस उनके झोले में डालते हुए कहा 'मैं नहीं ले सकता। मैं इसे घर ले जाऊंगा, तो मां-बाप समझेंगे कि मैने मालिक से ओवरटाइम के पैसे उन्हें बिना बताए ले लिये होंगे और उनका खिलौना ले आया होऊंगा... वे नहीं मानेंगे कि किसी ने मुफ्त में दिया होगा। शक में मेरी तो पिटाई हो जाएगी।'
दूसरा बच्चा खिलौनों से हाथ खींचता हुआ बोला, 'बाबूजी, खिलौने लेकर करेंगे क्या? मैं फैक्टरी में काम करता हूं। वहीं पर रहता हूं। सुबह मुंहअंधेरे से देर रात तक काम करता हूं। किस वक्त खेलूंगा? आप ये खिलौने किसी 'बच्चे' को दे देना।'

अनर्थ
चीख बहुत दूर- दूर तक सुनी थी लोगों ने। चीखने के बाद तिवारी जी बाकायदा चिल्लाने लगे थे अनर्थ....घोर अनर्थ.....महापाप...महापाप।
कुछ ही क्षणों में आ जुटी भीड़ को वहां ऐसा हौलनाक सा कुछ भी घटित हुआ नहीं दिख रहा था। क्या हुआ? हुआ क्या है?
कांपती काया और सूखते गले से बमुश्किल बोल पाए वह- यहां सामने की दुकान वाले ने भगवान जी की मूर्ति बीच सड़क पर दे मारी। टुकड़े-टुकड़े हुए पड़े हैं भगवान जी..... देखो।
फटे पुराने कैलेण्डर और कागज वगैरह को झाड़ू से बाहर करता हुआ सामने वाली दुकान का मालिक दुकान के बाहर लोगों को जुटा देखकर सहम गया था। पहले इस दुकान का मालिक कोई हिन्दू था जो दो दिन पहले अपनी दुकान दूसरे धर्म के इस दुकानदार को बेच गया था। नया दुकानदार आज आकर इसकी साफ सफाई कर रहा था।
फिर चीखे तिवारी जी वो देखो भगवान जी के कैलेंडर को झाड़ू मार रहा है ये विधर्मी..... इधर भगवान जी के टुकड़े पैरों के नीचे आने लगे हैं..... डरे सहमे दुकानदार ने कहा माफ कीजिये माफ कीजिए ... पैरों के नीचे कुछ नहीं आएगा.... मैं इस कचरे को इक_ा करके अग्नि के सुपुर्द कर दूंगा...
भगवान जी को कूड़ा कह रहा है? मारो साले को..... लोगों का गुस्सा दुकानदार पर उतरने लगा। लहुलुहान दुकानदार सड़क पर बिछा दिया गया। उसका लहू भगवान जी के टुकड़ों को भिगाने लगा था। उसकी दुकान को अग्नि के सुपुर्द कर दिया गया। आग फैलती जा रही थी। मामला धर्म का था। शटर गिरने लगे। भगदड़ मच गई।
दूसरे धर्म वालों के हत्थे न चढ़ जाए, सोचकर तिवारी जी भी उल्टे पांव घर की ओर दौड़ पड़े। पकड़ो मारो का शोरगुल और धर्म के जयकारे और शोरगुल उनका पीछा कर रहा था।
दूसरे धर्म वालों के नारे की आवाजें नजदीक आती लगी तो तिवारी जी और तेज दौडऩे लगे। टूटी हुई चप्पलें दौडऩे में रूकावट डालने लगीं तो उन्होंने चप्पल उतारकर फेंक दी और पूरा दम लगाकर नंगे पैर दौडऩे लगे।
अचानक उनके नंगे पैर में कोई चीज चुभी। तब तक वे घर के नजदीक पहुंच चुके थे। दर्द से बिलबिला उठे वे। झुककर उन्होंने वह चीज उठाई। किसी का गले में लटकने वाला बड़ा सा लॉकेट था जिस पर भगवान जी की तस्वीर थी। एक हाथ से उन्होंने अपने पैर को सहलाया। दूसरे हाथ से भगवान जी के चित्र वाला लॉकेट सड़क पर दे मारा। लॉकेट लुढ़कता हुआ नाली में जा गिरा। इस बार तिवारी जी की चीखें नहीं निकली।

इस अंक के लेखक


राहुल कुमार सिंह
जन्म - 21.11.1958 शिक्षा - स्वर्ण पदक सहित स्नातकोत्तर उपाधि (प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व), प्रावीण्यता सहित स्नातकोत्तर पत्रोपाधि। शोध- 'जांजगीर का विष्णु मंदिर' तथा 'भारतीय संग्रहालय के कार्य' अकादमिक शोध-लेखन। 1984 से शासकीय सेवा में। लेखन- छत्तीसगढ़ राज्य गठन के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग एवं म.प्र. हिन्दी ग्रथ अकादमी के समवेत उपक्रम की पत्रिका 'रचना' द्विमासिक नवंबर 2000 अंक में 'छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ी छत्तीसगढि़या' शीर्षक से मुख्य लेख प्रकाशित। प्रसिद्घ नाटक 'जसमा ओडऩ' का छत्तीसगढ़ी में अनुवाद। शोध पत्र, पत्रिकाओं, आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विषयों पर नियमित लेखन, वक्तव्य। 500 से भी अधिक ग्रामों का ग्रामवार पुरातत्वीय व सांस्कृतिक सर्वेक्षण। बिलासा सम्मान 2008 से सम्मानित।
सम्पर्क- संचालनालय, संस्कृति एवं पुरातत्व,
महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय,
सिविल लाइन्स, रायपुर, मोबाइल- 09425227484
Email- rahulks58@yahoo.co.in
डॉ. दीप्ति गुप्ता
आगरा विश्वविद्यालय से शिक्षा। अमृतलाल नागर के उपन्यासों पर पी.एच-डी.। क्रमश: रूहेलखंड विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली एवं पुणे विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अध्यापनरत। तीन वर्ष के लिए भारत सरकार व्दारा 'मानव संसाधन विकास मंत्रालय', नई दिल्ली में 'शैक्षिक सलाहकार' पद पर नियुक्त। समय से पूर्व रीडर पद से स्वैच्छिक अवकाश लेकर पूर्णतया रचनात्मक लेखन में संलग्न। राजभाषा विभाग, हिन्दी संस्थान, शिक्षा निदेशालय व शिक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली आदि अनेक सरकारी एवं गैर-सरकारी विख्यात संस्थानों में एक प्रतिष्ठित अनुवादक के रूप में सेवा। हिंदी और अंग्रेज़ी में कहानियां व कविताएं, सामाजिक सरोकारों के लेख व पत्र प्रसिद्ध साहित्यिक पत्रिकाओं में प्रकाशित। हिंदी में 'अंतर्यात्रा' और अंग्रेज़ी में 'ओसेन इन द आई' कविता संग्रह प्रकाशित। लेखन के अतिरिक्त 'चित्रकारी' में गहन रुचि।
सम्पर्क- 2 ए, आकाशदूत सोसायटी, 12 ए,
नॉर्थ एवेन्यू, जॉगर्स पार्क के सामने
कल्याणी नगर, पुणे - 411006,
मोबाइल - 098906 33582
Email- drdeepti25@yahoo.co.in
कमल चोपड़ा
सितम्बर 1955 पंजाब में जन्म। शिक्षा- चिकित्सा स्नातक। लेखन- लघुकथा, कहानी, बाल कहानी। लगभग सभी प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में कहानियां, लघुकथाएं व बाल कहानियां प्रकाशित। कृतियां- अतिक्रमण (कहानी संग्रह), अभिप्राय (लघुकथा संग्रह), फंगस (लघुकथा संग्रह),अन्यथा (लघुकथा संग्रह)। सम्पादन- 1.हालात 2.प्रतिवाद, 3.अपवाद, 4.आयुध, 5.अपरोक्ष, लघुकथा संग्रहों का सम्पादन व 'संरचनाÓ पत्रिका का संपादन। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन/ व्यवसाय।
सम्पर्क- 1600/114, त्रिनगर, दिल्ली- 110035,
फोन- 011-27381899.
डॉ. गीता गुप्त
साहित्य की सभी विधाओं में देश भर की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं एवं आकाशवाणी में रचनाएं प्रकाशित एवं प्रसारित। आत्मकथ्य- सृजन धर्मिता मुझे जीने का संकल्प प्रदान करती है। लिखना मेरे लिए जीवन का पर्याय है और अस्तित्व का बोधक भी। सम्प्रति- उच्च शिक्षा सेवा में।
सम्पर्क- ई-182/2, प्रोफेसर्स कॉलोनी,
भोपाल 462002 (म.प्र.)
मोबाइल- 09424439324
बुधराम यादव
3 मई 1946 ग्राम खैरवार (खुर्द) लोरमी बिलासपुर जिले में जन्म। सिविल अभियांत्रिकी में पत्रोपाधि। 1965 से छत्तीसगढ़ी एवं हिन्दी में सृजन एवं प्रकाशन। प्रकाशित कृति - अंचरा के मया- छत्तीसगढ़ी गीत कविता संग्रह, संप्रति - सेवा निवृत्त अभियंता।
संपर्क - एम.आई.जी. 4/8 चंदेला नगर,
रिंग रोड क्र. 2 बिलासपुर (छ.ग.)
मोबाइल- 097551 41676

आपके पत्र

हिंदी भाषा
सटीक तर्कों और तथ्यों वाला शानदार आलेख। लेखक को साधुवाद कि उन्होंने छत्तीसगढ़ी को पर्याप्त महत्व देते हुए हिंदी की अनिवार्यता को साबित किया। व्यावहारिक और भावनात्मक, दोनों पहलुओं से। यह ध्यान देने वाली बात है कि हिंदी और छत्तीसगढ़ी में कोई विरोध ही नहीं है। हर छत्तीसगढिय़ा हिंदी से भी बराबर प्रेम करता है और उतना ही मान (या कहें कि कहीं ज़्यादा) देता है। हिंदी भाषा से बढ़कर राष्ट्रभाषा है और छत्तीसगढ़ी हमारी अपनी बोली है। एक को पाने के लिए दूसरे को छोडऩे की कोई आवश्यकता नहीं है, और इसलिए यह कोई मुद्दा ही नहीं है।
-विवेक गुप्ता, भोपाल, vivekbalkrishna@gmail.com
महंगाई भ्रष्टाचार का पौधा है
उदंती के पिछले दोनों अंक खास हैं। नवंबर अंक में लेव निकोलायेविच के बारे में जानकर बहुत अच्छा लगा। ऐसे ही महान लेखकों की दिनचर्या उर्जा और प्रेरणा देती है। महत्त्वाकांक्षी फूल बहुत ही सुंदर कहानी है। खलील जिब्रान जैसे दार्शनिक लेखक को बार -बार पढऩा अच्छा लगता है, जीवन यदु की ...पर मुझको खटना पड़ता है, कविता को मर-मर जीने में... बहुत अच्छी पंक्तियां। अनकही में भ्रष्टाचार और गरीबी का घातक गठबंधन बहुत ही विचारोत्तेजक लेख है - भ्रष्टाचार आज हर जगह व्याप्त है। छोटे से छोटा कर्मचारी हर बात के लिये पैसे की मांग करता है और हम भी अपना समय बरबाद न हो इसके लिए उसकी मांग पूरी करते हैं। आज भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। महंगाई भ्रष्टाचार का ही पौधा है। ... दिसंबर अंक में अनकही पढ़ कर यही कहूंगी कि जलसमस्या आज विकराल रुप धारण करने के कगार पर है । यदि हम अब भी नहीं चेते तो बड़ी देर हो जायेगी । केवल सरकार को ही नहीं हमें भी इस ओर कड़े कदम उठाने होंगे। कोंकण की खूबसूरत यात्रा वृत्तांत या फिर यूं कहें कि यात्रा करवाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।
सुमीता केशवा, मुम्बई, sumitakeshwa@yahoo.com
सुंदर अंक
उदंती का दिसम्बर अंक पढ़ा। मन्टो की कहानी, दीपाली की लघुकथाएं, समोसा माट साब और मुक्तादास के बारे में एक सांस में ही पढ़ गया। सुंदर अंक के लिए बधाई स्वीकारें।
- राजेश उत्साही, बैंगलोर, utsahi@gmail.com
सड़क चिंतन
सुरेश कांत जी हमारे समय के महत्वपूर्ण व्यंग्यकार हैं। उनकी शैली, जैसा कि आपने 21 वीं सदी के व्यंग्यकार में प्रकाशित सड़क चिंतन पर टिप्पणी करते हुए उनके व्यक्तित्व का आंकलन उन्हें बहुत सहज-सरल कहा है। यही विशेषता उन्हें अन्यों से अलग करती है ।
-जवाहर चौधरी, 16 कौशल्यापुरी, चितावद रोड, इन्दौर, jc.indore@gmail.com
कोकण यात्रा
प्रकृति मन को ताजगी और ऊर्जा से भर देते हैं। उदंती में आप समय समय पर हमें विभिन्न पर्यटन एवं पुरातत्व स्थलों के बारे में जानकारी देती हैं, जो पढऩे वालों को भी प्रकृति के करीब जाने और उन स्थलों की सैर के लिए उकसाते हैं। अभिषेक ओझा की पहाडिय़ों पर बसा कोंकण संस्मरण पढ़ते हुए यात्रा का अहसास तो हुआ ही साथ में दिये चित्रों से उन सुरम्य वादियों में घुमने की इच्छा और बलवती हो गई।
- लतिका शर्मा, दुर्ग