मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 25, 2009

लोक- संगीत

बाँस गीत इस सुरीली तान को सहेजना होगा
- राजेश अग्रवाल
पहले गांवों की रात इतनी शांत होती थी कि चार कोस दूर तक लोगों को मन में झुनझुनी भर देता था। दूर किसी पगडंडी में चलने वाला राहगीर भी ठहर कर कानों पर बल देकर बांस सुनने के लिए ठहर जाता था।
००


रंगकर्मी हबीब तनवीर ने छत्तीसगढ़ की बोली और लोक विधाओं को छत्तीसगढ़ के बाहर देश-विदेश के मंचों पर रखा। उन्होंने शेक्सपियर के नाटक 'मिड समर नाइट स्ट्रीम' का हिन्दी रूपान्तर 'कामदेव का अपना वसंत ऋतु का सपना' तैयार किया, इसका मंचन अब तक केवल विदेशों में हो सका है।
निर्धनता के थपेड़ों से सूख चुके 70 साल के छेडूराम को आज की शाम भी चौकीदारी पर जाने के लिए देर हो रही थी। अपने पोपले मुंह से बार-बार उखड़ती सांसों पर जोर देते हुए उसने तकरीबन एक घंटे तक सुरीली तान छेड़ी फिर पूरे आदरभाव के साथ बांस को भितिया पर लटका दिया। अब ये कई-कई दिनों तक इसी तरह टंगा रहेगा।
छेडूराम को याद नहीं कि पिछली बार बांस उसने कब बजाया। छेडूराम कहते हैं- अब कौन पूछता है इसे... मैं क्या उम्मीद करूं कि मेरे नाती-पोते इसे साध पाएंगे। पूरी रात खत्म नहीं होगी, अगर मैं एक राजा महरी का ही किस्सा लेकर बैठ जाऊं। अब तो वह कोलाहल है कि मेरे बांस बजाने पर पड़ोसी को भी पता नहीं चलता, पहले गांवों की रात इतनी शांत होती थी कि चार कोस दूर तक यह लोगों को मन में झुनझुनी भर देता था। दूर किसी पगडंडी में चलने वाला राहगीर भी कानों पर बल देकर बांस सुनने के लिए ठहर जाता था। एक वह भी समय था जब छठी, बरही, गौना सब में बांस गीत गाने-बजाने वालों को बुलाया जाता था। राऊतों का तो कोई शुभ प्रसंग बांस गीत की बैठकी के बगैर अधूरा ही होता था।
अब इंस्टेन्ट का जमाना हैं। टेस्ट मैच की जगह ट्वेन्टी-20 पसंद किये जाते हैं। बांस गीत की मिठास को पूरी रात पहर-पहर भर धीरज के साथ सुनकर ही महसूस किया जा सकता है। इसके सुर बहुत धीमे-धीमे रगों में उतरते हैं, आरोह- अवरोह, पंचम, द्रुत सब इसमें मिलेंगे। जब स्वर तेज हो जाते हैं तो मन-मष्तिष्क का कोना-कोना झनकने लगता है। रात में जब भोजन-पानी के बाद बांसगीत की सभा चबूतरे पर बैठती है तो बांस कहार, गीत कहार, ठेही देने वाले रागी और हुंकारू भरने वाले के बीच सुरों की संगत बिठाई जाती है। इसके बाद मां शारदा की वंदना होती है फिर शुरू होता है किसी एक कथानक का बखान। यह सरवन की महिमा हो सकती है, गोवर्धन पूजा, कन्हाई, राजा जंगी ठेठवार या लेढ़वा राऊत का किस्सा हो सकता है। गांव के बाल-बच्चों से लेकर बड़े बूढ़े बारदाना, चारपाई, पैरा, चटाई लाकर बैठ जाते हैं और रात के आखिरी पहर तक रमे रहते हैं।
अहो बन मं गरजथे बनस्पतिया जइसे,
डिलवा मं गरजथे नाग हो
मड़वा में गरजथे मोर सातों सुवासिन गंगा,
सभा में गरजथे बांस हो।
राऊत जब जंगल की ओर गायों को लेकर गए होंगे तब बांस की झुरमुट से उन्हें हवाओं के टकराने से निकलते संगीत का आभास हुआ होगा। इसे कालान्तर में उन्होंने वाद्य यंत्र के रूप में परिष्कृत कर लिया। इसी का उन्नत स्वरूप बांसुरी के रूप में सामने आया। बांसुरी अपने आकार और वादन में बांस के अनुपात में ज्यादा सुविधाजनक होने के कारण सभी समुदायों में लोकप्रिय हो गया। बांस, जंगल-झाड़ी और पशुओं के साथ जन्म से मृत्यु तक का नाता रखने वाले यादवों ने बांस गीत को पोषित पल्लवित किया।
छत्तीसगढ़ की जिन लोक विधाओं पर आज संकट मंडरा रहा है, बांस गीत उनमें से एक है। रंगकर्मी हबीब तनवीर ने छत्तीसगढ़ की बोली और लोक विधाओं को छत्तीसगढ़ के बाहर देश-विदेश के मंचों पर रखा। उन्होंने शेक्सपियर के नाटक 'मिड समर नाइट स्ट्रीम' का हिन्दी रूपान्तर 'कामदेव का अपना वसंत ऋ तु का सपना' तैयार किया, इसका मंचन अब तक केवल विदेशों में हो सका है। जानकर हैरत हो सकती है कि नाटक का पूरा कथानक बांस गीतों के जरिए ही आगे बढ़ता है, बांस न हो तो इस नाटक का दृश्य परिवर्तन अधूरा लगेगा।
राजनांदगांव के विक्रम यादव ने बांस की धुनों से पूरे नाटक में जादुई माहौल पैदा किया है। विक्रम ने बनारस के घाट पर हुए सन् 2007 के संगीत नाटक अकादमी के वार्षिक समारोह में भी प्रस्तुति दी। सार्क फेस्टिवल 2007 के विज्ञापनों और निमंत्रण पत्रों में बांस गीत गायक खैरागढ़ के नकुल यादव की तस्वीर को ही उभारा गया था।
आकाशवाणी रायपुर में बांस गीतों के लिए हर सोमवार का एक समय निर्धारित था। यदा-कदा कला महोत्सवों में भी बांस गीत के कलाकारों को शामिल किया जाता है।
छत्तीसगढ़ के हर उस गांव में जहां यादव हैं, बांस गीत जरूर होता रहा है। यह बस्तर तक भी फैला हुआ है। बस्तर कोंडागांव के खेड़ी खेपड़ा गांव में यादवों का एक समूह बांस गीत को बड़ी रूचि से बजाते हैं।
बांसुरी से लम्बी किन्तु बांस से पतली और छोटी, मुरली भी बजाने की परम्परा यादवों में रही है। मुरली बजाने वाला एक परिवार बिलासपुर के समीप सीपत में मिल जाएगा। यादव दो मुंह वाला अलगोजना और नगडेवना भी बजाते रहे हैं, जो काफी कुछ सपेरों के बीन से मिलता- जुलता वाद्य यंत्र है, यह खोज-बीन का मसला है कि कहां कहां बांस या उससे मिलते जुलते वाद्य यंत्र अब बजाये जा रहे हैं।
बांस गीतों का सिमटते जाने के कुछ कारणों को समझा जा सकता है। बांस गीत में वाद्य बांस ही प्रमुख है। गीत-संगीत की अन्य लोक विधाओं की तरह इसके साजों में बदलाव नहीं किया जा सकता। यादवों के अलावा भी कुछ अन्य लोगों ने बांस गीत सीखा पर इसके अधिकांश कथानक यादवों के शौर्य पर ही आधारित हैं। सभी कथा-प्रसंग लम्बे हैं, जिसके श्रोता अब कम मिलते हैं। पंडवानी, भरथरी में कथा प्रसंगों के एक अंश की प्रस्तुति कर उसे छोटा किया जा सकता है, पर बांस गीत में इसके लिए गुंजाइश कम ही है। हिन्दी फिल्मों की फूहड़ नकल से साथ फिल्मांकन कर छत्तीसगढ़ी लोक गीतों का सर्वनाश करने वालों को बांस गीतों में प्रयोग करने का कोई रास्ता नहीं दिखाई देता। अब तेजी से जंगल खत्म हो रहे हैं, गांवों में बड़ी मुश्किल से चराई के लिए दैहान मिल पाता है। ऐसे में कच्चे बांस के जंगल कहां मिलेंगे। वे पेड़ नहीं मिलते, गाय चराते हुए जिस पर टिककर बांस या बांसुरी बजाई जा सके। यादवों के एक बड़े वर्ग से उनका गाय चराने का परम्परागत व्यवसाय छिन चुका है। छैड़ूराम, नकुल या विक्रम में से किसी का भी परिवार अब गाय नहीं चराता है। बांस गीत से इनका लगाव अपनी परम्परा और संगीत बचाये रखने की ललक की वजह से ही है।
रंगकर्मी अनूप रंजन पाण्डेय पिछले कई सालों से छत्तीसगढ़ की लुप्त होती लोक विधाओं और वाद्य यंत्रों को सहेजने के लिए काम कर रहे हैं। उनका मामना है कि लोक विधाओं को संरक्षण देने के नाम पर सरकार या तो कलाकारों को खुद या सांस्कृतिक संगठनों के माध्यम से बढ़ावा देती है, लेकिन बांस गीत जैसी लोक विधाओं की बात अलग है, इसे 15-20 मिनट के लिए मंच देकर बचाया नहीं जा सकता, बांस गीत तब तक नहीं बचेगा, जब तक इसे सीखने वालों की नई पीढ़ी तैयार न की जाए। बांस गीत जैसी विधाओं के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाना चाहिये, जिनमें गुरू शिष्य परम्परा को ध्यान में रखा जाए और दोनों को मानदेय मिले।
000

तीन कविताएं

- डॉ. रत्ना वर्मा
डायरी के पृष्ठ
डायरी के पृष्ठों पर
मैंने जानबूझ कर छोड़ दी थी
कुछ खाली लकीरें,
इन लकीरों में
तुम थे।
गुलाब की पत्तियां
सहेज रखी थी
इन पृष्ठों पर
पत्तियों में
लिख दिया था
मैंने तुम्हारा नाम।
जिस दिन
यह पत्तियां सूख जायेंगी
इन पत्तियों से तुम्हारा नाम
आहिस्ता से उठा कर
डायरी के पृष्ठों की
खाली लकीरों पर लिख दूंगी
और यह कविता पूरी हो जायेगी।
एक शब्द कोश है तुम्हारी यादें
इस शब्द कोश से
एक-एक शब्द
बीन कर लिखी है मैंने
यह कविता
तुम्हारे नाम
जब भी तुम्हारी याद आती है
पढ़ लेती हूं यह कविता।
धूप का टुकड़ा
अपनी हथेली पर
मुटिठ्यों में बंद कर लेना चाहती हूं
टूटी हुई छत की खपरैल से
मेरे कमरे में आते हुए
इस धूप के टुकड़े को
वह हर बार
सरक जाता है
साबुन की गीली टिकिया की तरह
खिडक़ी से आती हवा
छोड़ जाती है
दीवार पर टंगी तिथियां
अब भी खुली हैं मेरी मुटिठ्यां
और फुदक रहा है धूप का टुकड़ा
मेरे कमरे में
बहुत कुछ सीखना चाहती हूं
धूप के टुकड़े से
लेकिन हर बार
जिंदगी का यह केलेंडर
मेरे बीच में आ जाता है।
बासंती खत
उतरती ठंड के हाथों
मौसम ने फिर
भेज दिया
एक बासंती खत
गुलाब की कलियों के नाम
अब
सुर्ख हो जाएंगी पंखुरियां
सुबह की गुनगुनी धूप
उतर कर
आ गई आंगन में
अब
सिलसिला शुरू होगा मनुहार का
धूप तापने बैठ जाएंगी क्यारियां
शाम की हवा
गूंजती है कानों में
मेंहदी हसन की $गज़लों की तरह
लौट रहे हैं चहकते हुए
नर-मादा के जोड़े
अपने पंखों से हवा को काटते हुए
अब
बजेंगी कहीं मधुर संबंधों की सारंगियां
मौसम ने फिर
भेज दिया
एक बासंती खत।
0000

नक्सल समस्या

दीवार पर महज एक पोस्टर चिपकाने से किस तरह अधिकार के लिए लडऩे वालों के भीतर चेतना का संचार होने लगता है यह हम इस नाटक में देखते हैं।
००
छत्तीसगढ़ में जमीनें रोज बिक रही है। नई राजधानी नहीं बनी है मगर संभावना की जमीनों पर बाहरी शक्तियों का अधिकार सर्वत्र बन गया है। प्रलोभन, मजबूरी, दिवास्वस्न और नासमझी के कारण छत्तीसगढ़ी किसान जमीन दे रहे हैं।
000
नक्सल समस्या, भू-माफिया संकट और कारखानेदारों का आतंक, यह तीन तरह का ताप यहां के लोगों को झुलसा रहा है। समय अब भी है। कम से कम मैदानी क्षेत्रों को तो अब भी बचाया जा सकता है।
नक्सल समस्या भू-माफिया की दबिश और गांव की खेती योग्य जमीन पर फैलते पसरते कारखानों के खौफ के बीच जीते आमजन और छत्तीसगढ़ी बुद्धिजीवियों को डॉ. शंकर शेष का नाटक पोस्टर याद आता है।
डॉ. शंकर शेष ने छत्तीसगढ़ी भाषा के लिए वंदनीय शोध कार्य किया था। छत्तीसगढ़ की लोक कथाओं को हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी में एक साथ एक ही पुस्तक में संग्रहित कर उन्होंने प्रस्तुत किया। मुख्य रूप से वे एक चर्चित नाटककार थे। पोस्टर उनका बहुचर्चित नाटक था। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध रंगकर्मी स्व. सुब्रत बोस इस नाटक को लेकर देश के भिन्न-भिन्न हिस्सों में गये। उन्हें इस नाटक की प्रस्तुति के लिए खूब सराहना मिली। सुब्रत बोस की प्रस्तुतियों में इस नाटक को शीर्ष स्थान प्राप्त रहा। सुब्रत के सपूत अनुराग आज देश के चर्चित फिल्म निर्देशक है।
पोस्टर में प्रतीक के माध्यम से परिवर्तनकारी बिंदु का महत्वपूर्ण विस्तार दर्शाया गया है। दीवार पर महज एक पोस्टर चिपकाने से किस तरह अधिकार के लिए लडऩे वालों के भीतर चेतना का संचार होने लगता है यह हम इस नाटक में देखते हैं।
वैचारिक उग्रता के लिए लगातार निंदित हो रहे नक्सली जिस तरह मासूम वनवासियों को नृशंसतापूर्वक कत्ल कर रहे हैं उससे उनकी रही सही साख भी खत्म हो रही है। सलवा जुडूम अभियान की निंदा करने वाले भी कम नहीं है, किंतु सलवा जुडूम वस्तुत: पोस्टर ही है, प्रतिरोध की एक कोशिश मात्र। यह साधनहीन वनवासियों की असहमति का ऐलान भर तो है। न उनके पास पर्याप्त हथियार है न ही संगठन की जुझारु शक्ति। वे केवल अपने स्वतंत्र जीवन के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्हें यह पसंद नहीं कि कोई अपने हिसाब से अपनी योजनाओं के तहत उन्हें हांके। चाहे नक्सली हो या सरकारी तंत्र। स्वतंत्रचेता आदिवासियों ने दमन और तानाशाही का विरोध सदैव किया और इसकी भरपूर कीमत भी उन्होंने समय-समय पर चुकाई।
सलवा जुडूम के समर्थन में क्या हो रहा है या इसका विरोध क्या रंग लायेगा यह महत्वपूर्ण नहीं है, महत्वपूर्ण यह संदेश है कि विरोध का शालीन स्वर संगठित बंदूकधारी नक्सलियों को भी किस तरह वैचारिकता का नकली नकाब उतारने के लिए मजबूर कर देता है।
डॉ. शंकर शेष का नाटक 'पोस्टर' इसीलिए याद हो आता है।
बस्तर में किस तरह नक्सली गतिविधियां धीरे-धीरे अपने असली रंग में आई इसे सभी जानते हैं। मासूम आदिवासी सरकारी अति के शिकार तो थे ही, सरकारी तंत्र के दमन से हताश जंगल ने अनजाने ही नक्सलियों को अपना हितैषी समझ लिया। धीरे-धीरे नक्सली आग से जंगल जलने लगा। ऐसी गफलत को ही छत्तीसगढ़ में 'आंजत आंजत कानी' करना कहते हैं। नक्सली गतिविधियां जारी थीं कि सलवा जुडूम का पोस्टर चिपक गया। लेकिन चिपका बहुत देर से। सलवा जुडूम रूपी यह पोस्टर भी नक्सलियों को डरा रहा है। वे हड़बड़ा गये हैं। अभी नक्सल समस्या से छत्तीसगढ़ जूझ ही रहा था कि, नये ढंग के शिकारी छत्तीसगढ़ के मैदानी गांवों में फांदा फटिका लेकर घूमने लगे। ये जमीन के सौदागर हैं। जो बुद्धिजीवी छत्तीसगढ़ के गांवों से जुड़े हैं वे ग्रामीणों के भीतर पसर रहे भय को बहुत करीब से देख पा रहे हैं। जमीन के ये नये सौदागर छत्तीसगढ़ में लगभग नक्सलियों के जुड़वा भाई बनकर उतरे हैं। इनका रंग भी एक दशक बाद छत्तीसगढ़ देखेगा। अभी तो वे चुग्गा डालकर संत्री, तंत्री, आला अफसर और दलालों को फांस रहे हैं। इक्का-दुक्का किसानों को हलाक कर रहे हैं। मगर वह दिन दूर नहीं जब ये जाल में समेटकर सारी चिडिय़ों को नष्टï कर देंगे। तब कोई युक्ति काम न आयेगी। जाल लेकर उडऩे वाली चिडिय़ों का किस्सा पढऩे-सुनने के लिए ठीक है। जो शिकारी छत्तीसगढ़ में उतरे हैं, वे किसी झांसे में नहीं आने वाले। वे समूचा मैदानी इलाका लील कर छत्तीसगढ़ की पहचान मिटा देंगे। चातर क्षेत्रों के गांवों में दहशत है। गांवों में किसानों को पाठ पढ़ाने के लिए एक नया खेल खेला जा रहा है। सरकारी विभाग द्वारा वृक्षारोपण ठीक वहीं किया जाता है जहां से किसानों का गाड़ा खेत में जाता था। खेत जाने का रास्ता बंद कर विकल्प के तौर पर बहुत दूर का ऐसा रास्ता सुझाया जाता है जहां आवाजाही नहीं हो सकती। अब किसान जिले के अफसरों के आगे पीछे घूमें या खेती बाड़ी सब बेच-बांच कर मजूर हो जाएं। भू-माफिया की शातिर योजना के क्रियान्वयन से यह नई परेशानी खड़ी हुई।
छत्तीसगढ़ के गांवों में बाहर से आये जमीनखोरों ने बहुतेरे किसानों की जमीन खरीद लिया है। अब उन्हें शेष किसानों की जमीन चाहिए इसलिए शासकीय लोगों से मिलकर वह कुछ ऐसा कर रहे हैं जो कभी किसी ने नहीं किया। इस तरह शुरू हो रही है दमन की नई कारगर योजना। जिस तरह वनवासियों को नक्सलियों के चंगुल में जाते देखकर भी प्रशासन प्रारंभिक दौर में सतर्क नहीं हुआ ठीक उसी तरह भू-माफिया के कसते शिकंजे के प्रति भी शासन आज असावधान हैं। छत्तीसगढ़ में जमीनें रोज बिक रही है। नई राजधानी नहीं बनी है मगर संभावना की जमीनों पर बाहरी शक्तियों का अधिकार सर्वत्र बन गया है। प्रलोभन, मजबूरी, दिवास्वस्न और नासमझी के कारण छत्तीसगढ़ी किसान जमीन दे रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के किसानों को घेरकर मारने की घटनाएं भी हो रही है। छत्तीसगढ़ में बाहर से आकर लोग रास्ता बंद कर रहे हैं और जिन पर राह बनाये रखने की जिम्मेदारी है वे मायावश आंखें मूंदे बैठे हैं। किसान हताश होकर आखिर में भू-माफिया की शरण में जाने पर मजबूर हो जायेगा और कालांतर में मैदानी इलाका भी बस्तर की तरह लहुलूहान होगा।
बंद कमरे में घिर जाने पर जिस तरह बिल्ली कूद कर गले को पकड़ लेती है उसी तरह घिरे वनवासी प्रतिरोध की मुद्रा में आ गये। मैदानी क्षेत्र के गांवों में अचानक- ही ये खतरनाक भू-माफिया नहीं आये।
लगभग विगत बीस वर्षों से यह प्रयास भीतर ही भीतर जारी था। सडक़ों के किनारे की दूर-दूर तक जमीनें अब छत्तीसगढ़ी व्यक्ति के पास नहीं है। चंदूलाल चंद्राकर से जब भी बड़े पुलों के निर्माण का आग्रह किया जाता था तब वे कहते थे कि पुल बना कि जमीन छत्तीसगढिय़ों के हाथ से निकल जायेंगी। एक का दस देकर बाहरी लोग यहां पसर जायेंगे।
दूरदृष्टा चंदूलाल जी को तब लोग विकास विरोधी कहते थे। आज समझ में आ रहा है कि जिस तरह भिलाई इस्पात संयंत्र खुलने से पहले छत्तीसगढ़ी लोगों को तकनीकी शिक्षा देकर कारखाने के लायक बनाया जाना जरुरी था उसी तरह छत्तीसगढ़ में जागृति के बाद ही पुल-पुलियों का विकास वे चाहते थे। पर छत्तीसढिय़ों के जागने से पहले ही पुल बन गये। उन पुलों से चलकर दमनकारियों का हथियारबंद हरावल दस्ता सर पर चढ़ आया और बेबस छत्तीसगढ़ केवल हाय-हाय करता रह गया।
वन क्षेत्रों में सलवा जुडूम का पोस्टर नक्सलियों को भयभीत करता है। लेकिन मैदानी क्षेत्रों में अभी विरोध की सुगबुगाहट शुरू नहीं हुई है। स्थानीय किसान गरीब, असंगठित और भयग्रस्त है। अब भू-माफिया के साथ छत्तीसगढ़ के गांवों में प्रदूषण फैलाने वाले कारखानों के मालिक भी दमन कर रहे हैं। अचानक गांव के मैदानों में शेड लगने शुरू हो जाते हैं। गांव के लोग भी अब जान गये हैं कि ये कारखाने रात भर जहरीला धुआं और कालिख उगलते हैं। इसीलिए वे चिंतित है। थरथराते हुए इक्के-दुक्के स्थानीय जनप्रतिनिधि अपने स्तर पर विरोध का तीर भी चलाते हैं मगर कारखाने के मालिकों की शक्ति असीमित है। इसलिए वे अट्टहास करते हुए छोटी चिमनियों से कालिख का विराट गोला अपने हिसाब से दागने लगते हैं।
छत्तीसगढ़ के हित में सोचने और लिखने की शालीन शैली में प्रवीण लोगों के इक्के-दुक्के आलेख इधर इन विषयों पर छपे भी हैं लेकिन बीमारी महामारी का रूप धारण कर रही है। ऐसे दौर में छिटपुट टीकाकरण से कोई लाभ नहीं होगा। जरूरत है छत्तीसगढ़ हितैषी सभी लोग एक स्वर में इसे बचाने के लिए हुंकारें। आध्यात्मिक गुरुओं ने मनुष्य के जीवन में दैहिक दैविक भौतिक त्रिताप का वर्णन किया है। गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा है...
'दैहिक दैविक भौतिक तापा,


राम राज्य काहुंहि नहिं ब्यापा।'
राम की दुहाई देते हुए सत्ता में काबिज होने वाली सरकार छत्तीसगढ़ में है। नक्सल समस्या, भू-माफिया संकट और कारखानेदारों का आतंक, यह तीन तरह का ताप यहां के लोगों को झुलसा रहा है। समय अब भी है। कम से कम मैदानी क्षेत्रों को तो अब भी बचाया जा सकता है। स्थिति बिगड़ रही है। तीनों ओर से छत्तीसगढ़ को घेरा जा रहा है। वन क्षेत्रों में नक्सलियों का आतंक है। शहरों में छत्तीसगढ़ी व्यक्ति पूछ रहा है कि उसका घर कहां है और खेतों तथा मैदानों में भू-माफिया तथा कारखानेदारों की दबिश है।
ऐसे दारूण दौर में वह किसे पुकारे और किससे रक्षा की गुहार करे यह छत्तीसगढ़ समझ नहीं पा रहा।
आदिवासी फोटो साभार - indiamike.com

सास गारी देवे, देवरजी समझा लेवे...

रहमान के संगीत निर्देशन में गूंजी छत्तीसगढ़ की ददरिया
पिछले दिनों राकेश ओमप्रकाश मेहरा की नई फिल्म दिल्ली 6 का म्यूजिक एलबम जैसे ही बाजार में आया वैसे ही इसमें शामिल एक लोग गीत को सुनते ही छत्तीसगढ़ के लोग चौक गए, क्योंकि इस फिल्म में ए आर रहमान ने छत्तीगढ़ के एक बहुत ही प्रसिद्ध और चर्चित लोक गीत- सास गारी देवे, ननद मुंह लेवे, देवर बाबू मोर .... को अपनी जादुई संगीत से सजाया है। जाहिर है रहमान के संंगीत में सजा यह लोक गीत कानों में रस घोलता ही है, यद्यपि इस गीत के बोल हूबहू वैसे नहीं हैं जैसा कि यहां के लोक गीत में उसे गाया जाता है।
इस छत्तीसगढ़ी लोक गीत के बारे में रायपुर आकाशवाणी में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारी सहायक केन्द्र निदेशक श्रीमती ममता चंद्राकर से हमने कुछ खास जानकारी हासिल की है। ममता जो स्वयं छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका हैं और उन्होंने लोक संगीत के क्षेत्र में अपना एक विशेष मुकाम बनाया है। उन्होंने सास गारी देवे... गीत के बारे में बताया कि 1965-70 के दौर में इस गीत ने छत्तीसगढ़ में खूब धूम मचाई थी। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए एच. एम. वी. ने इसका रिकार्ड प्लेयर भी बनाया था। आज यह रिकार्ड प्लेयर किसी के पास होगा यह मेरी जानकारी में नहीं है। बाद में इसकी कॉपी करके सुनहरे पल नाम से सीडी बनी। मूल रुप में इस गीत के बोल ददरिया के हैं। प्रसिद्ध नाट्य कर्मी हबीब तनवीर जी अपने नाचा में इस लोक गीत का प्रयोग करते थे। उनके नाचा में छत्तीसगढ़ की कलाकार और लोक गीतकार बरसन बाई इसे गाया करती थीं। उनका यह गीत आकाशवाणी रायपुर में खूब बजता था, तथा संगीत प्रेमी इसकी फरमाईश किया करते थे। (ममता के पास से प्राप्त छत्तीसगढ़ के इस लोक गीत की सीडी में बरसन बाई और चम्पा की आवाज के साथ स्वयं हबीब तनवीर ने भी अपनी आवाज दी है। बाद में उनकी नाट्य मंडली में छत्तीसगढ़ की एक और प्रसिद्ध अदाकारा फिदा बाई उनके कई नाचा कार्यक्रमों में इसे गाया करती थीं। फिदा बाई हबीब तनवीर के नाट्य संस्था की वह अदाकारा हैं जिन्होंने उनके कई प्रसिद्ध नाटकों जैसे चरनदास चोर, बहादुर कलारिन, आगरा बाजार, मिट्टी की गाड़ी तथा गांव के नाव ससुराल मोर नाव दमाद आदि में बेहतरीन अदाकारी की मिसाल पेश कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
दिल्ली 6 में शामिल इस लोक गीत को कुछ लोग राजस्थान का लोक गीत भी कह रहे हैं, यदि वहां भी इस तरह के बोल के गीत गाए जाते हों तो कोई आश्चर्य नहीं, परंतु रहमान की धुन से सजे दिल्ली 6 के इस गीत को सुनने के बाद तो यही लगता है कि इसकी धुन भी छत्तीसगढ़ की है। क्योंकि ममता से प्राप्त सीडी में जो गीत उपलब्ध है उसमें उसकी धुन मिलती जुलती है। गीत के बोल जरुर अलग अलग है पर दिल्ली 6 में इस लोकगीत को रहमान ने बहुत ही मधुर संगीत से सजाया है। जो कर्णप्रिय है।
ममता चन्द्राकर के पास से प्राप्त सीडी
में इस गीत के बोल -
सास गारी देवे, ननंद मुंह लेवे, देवर बाबू मोर
सैंया गारी देवे, परोसी गम लेवे, करार गोंदा फूल
अरे... केरा बारी म डेरा देबो चले के बेरा हो ऽऽऽ (2)
आये ब्यापारी गाड़ी में चढ़ीके,
तोला आरती उतारंव थारी में धरीके हो
करार गोंदा फूल
सास गारी देवे....
चितरी ले पइसा ल बीरी ले रीतेंव
मोर साइकल के चढैय़ा ला चिन्ही ले रीतेंव ग
करार गोंदा फूल
सास गारी देवे...
राम धरे बर्छी लखन धरे बाण
सीतामाई के खोजन बर
निकलगे हनुमान ग करार गोंदा फूल
सास गारी देवे ...


पहिरे ल पनही खाए ल बीरा पान
मोर रायपुर के रहईया चल दिस पाकिस्तान ग
करार गोंदा फूल
केरा बारी म डेरा देबो चले के बेरा हो ऽऽऽ
सास गारी देवे....
तथा फिल्म दिल्ली 6 में गाए गए
गीत के बोल-
ओय होय ओय होय-
होय होय होय होय होय होय .....(4)
सैंया छेड़ देवें, ननद चुटकी लेवे ससुराल गेंदा फूल
सास गारी देवे, देवरजी समझा लेवे, ससुराल गेंदा फूल
छोड़ा बाबुल का अंगना, भावे डेरा पिया का हो
सास गारी देवे, देवरजी समझा लेवे ससुराल गेंदा फूल...


सैंया है व्यापारी, चले है परदेश
सुरतिया निहारूं जियरा भारी होवे, ससुराल गेंदा फूल....
सास गारी देवे देवरजी समझा लेवे, ससुराल गेंदा फूल
सैंया छेड़ देवे, ननद चुटकी लेवे, ससुराल गेंदा फूल...


छोड़ा बाबुल का अंगना भावे डेरा पिया का हो !
बुशर्ट पहिने खाईके बीड़ा पान, पूरे रायपुर से अलग है
सैंया...जी की शान ससुराल गेंदा फूल ....


सैंया छेड़ देवे, ननद चुटकी लेवे ससुराल गेंदा फूल ...
सास गारी देवे, देवरजी समझा लेवे ससुराल गेंदा फूल
छोड़ा बाबुल का अंगना ,भावे डेरा पिया का हो ....
ओय होय ओय होय-
होय होय होय होय होय होय .....(4)
इस गीत को रेखा भारद्वाज, श्रद्धा पंडित और सुजाता मजुमदार ने बेहद सुरीली आवाज में मिठास के साथ गाया है। रहमान ने इसमें छत्तीसगढ़ के बांस गीत की धुन का इस्तेमाल भी किया है ऐसा बताया जा रहा है, इसमें कितनी सच्चाई है पता लगाना बाकी है। फिल्म में इस गीत के दृश्य में अभिनेता अभिषेक बच्चन ने तो अपनी खास अदा में नृत्य किया ही हैं साथ ही अपने समय की प्रसिद्ध अभिनेत्री और नृत्यांगना वहीदा रहमान ने भी ठुमके लगाए हैं।
फिल्म के गीत और छत्तीसगढ़ के इस मूल गीत को सुनने के बाद महसूस हुआ कि दिल्ली 6 के निर्माता, निर्देशक, गीतकार और संगीतकार यदि इस बात की पुष्टि कर लेते कि इस गीत के वास्तविक बोल क्या हैं, तो गीत को और भी अधिक सुंदर बनाया जा सकता था।
इसके बाद भी हम छत्तीसगढ़ वासियों को खुश होना चाहिए कि उनके क्षेत्र का एक लोक गीत अब पूरे देश में लोगों की जुबान पर होगा, इससे छत्तीसगढ़ को एक विशेष पहचान तो मिलेगी ही साथ ही यहां का लोकसंगीत भी राजस्थान के लोक संगीत की तरह दुनिया के अन्य कोने में भी अपनी पहचान कायम कर पाएगा। रहमान का नाम यूं भी इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छाया हुआ है, वे ऑस्कर के हकदार माने जा रहे हैं। ऐसे में उनके संगीत निर्देशन में छत्तीसगढ़ के लोक धुन और लोक गीत पर संगीत देना बड़ी बात है। खासकर एक ऐसे दौर में जब हम अपनी लोक कलाओं को सहेजने की दिशा में विशेष प्रयत्नशील नजर नहीं आते।
(उदंती फीचर्स)

क्या खूब कही

फुटबाल प्रेमी तोता
वाद विवाद के चलते मैच में बाधा पडऩा आम बात है लेकिन तोते की आवाज के चलते मैच रूक जाना आश्चर्य की बात है।
इरीन केरिगन नामक महिला अपने तोते मे-तू को लेकर हर्टफोर्डशायर रेंजर्स व हटफील्ड टाउन के बीच हुआ फुटबाल मैच देखने गईं। मैच देखने के लिए उसने ग्राउंड के बेहद करीब का सीट चुनी। जैसे ही रेफरी की सीटी बजती, मे-तू भी बिल्कुल उसी तरह सीटी बजा देता था। खिलाड़ी रेफरी की तरह बजने वाली सीटी की आवाज सुन खेल बंद कर खड़े हो जाते थे। ऐसा कई बार हुआ।
रैफरी गैरी बेली ने कहा कि मैं तो आश्चर्यचकित था मैंने पहले कभी नहीं देखा। महिला ग्राउंड के नजदीक ही बैठी हुई थी। जैसे ही मैं सीटी बजाता, तोता भी हू-ब-बू वैसी ही आवाज निकालता और खिलाड़ी रुक जाते। इतना ही नहीं मे-तू खिलाडिय़ों के अच्छे प्रदर्शन पर उन्हें प्रेटी ब्वाय कहकर उत्साहित भी करता था। केरिगन का कहना है कि उसे फुटबाल काफी पसंद है जिसका वह भरपूर लुत्फ उठाता है। हारकर मुझे उस महिला को तोते को बाहर ले जाने के लिए कहना पड़ा।
तैरने वाली कार में फिशिंग
अक्सर आपने लोगों को नाव में बैठकर मछली पकड़ते देखा होगा। लेकिन अगर कोई शख्स तैरने वाली कार पर बैठ कर झील या नदी के बीच में जाकर मछली मारता है तो आपको सुनने में अजीब जरूर लग सकता है। चीन में एक शख्स ऐसा है जिसने फिशिंग के लिए खास तौर पर तैरने वाली एक कार ही बना डाली है।
हेबे प्रांत के क्विनान शहर के वांग होंगजुन ने तेरह वर्ष में इस कार को तैयार किया है। कुल एक लाख पौंड में यह कार तैयार भी हो गई। वांग की कार पानी के अलावा सडक़ पर भी सरपट दौड़ती है। लेकिन वांग अपने इस आविष्कार को खुद तक सीमित नहीं रखना चाहते। इसलिए वांग कार की मार्केटिंग के लिए निवेशक खोज रहे हैं ताकि वो इसे लोगों तक पहुंचा सके। वांग ने बताया कि वह अक्सर इस कार से मछली पकडऩे जाते हैं। वह इस कार से अपने बेटे के साथ दस मील तक की समुद्री यात्रा भी कर चुके हैं।
पानी और जमीन पर चलने वाली वांग की एम्फी कार रिमोट का बटन दबाते ही वाटरप्रूफ हो जाती है। कार आराम से पानी में तैर सके इसके लिए इसमें विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि वांग ने इस खास तकनीक और कार की मशीनी संरचना को उजागर करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि कार का एक-एक हिस्सा उनके हाथ का बना है।