मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 13, 2008

अंग्रेजी सरकार की आंखों में धूल झोंकने वाली दुर्गा भाभी

 जन्म शताब्दी वर्ष
अंग्रेजी सरकार की आँखों में 
धूल झोंकने वाली दुर्गा भाभी
-आकांक्षा यादव
यह राष्ट्र के लिये गौरव का विषय है कि वर्ष 2007-08 दुर्गा देवी के साथ-साथ भगत सिंह और सुखदेव का भी जन्म-शताब्दी वर्ष है। बहुत कम ही लोगों को पता होगा कि एक ही वर्ष की विभिन्न तिथियों में जन्मतिथि पडऩे के बावजूद भगतसिंह अपना जन्मदिन दुर्गा देवी के जन्मदिन पर उन्हीं के साथ मनाते थे।
000

वर्ष 1927 का दौर। साइमन कमीशन का विरोध करने पर लाहौर में प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले शेरे-पंजाब लाला लाजपत राय पर पुलिस ने निर्ममतापूर्वक लाठी चार्ज किया, जिससे 17 नवम्बर 1928 को उनकी मौत हो गयी। राष्ट्रीय स्वतंत्रता आन्दोलन में यह एक गम्भीर क्षति थी। पूरे देश विशेषकर नौजवानों की पीढ़ी को इस घटना ने झकझोर कर रख दिया। लाला लाजपत राय की मौत को क्रान्तिकारियों ने राष्ट्रीय अपमान के रूप में लिया और उनके मासिक श्राद्ध पर लाठी चार्ज करने वाले लाहौर के सहायक पुलिस कप्तान साण्डर्स को 17 दिसम्बर 1928 को भगत सिंह, चन्द्रशेखर व राजगुरु ने खत्म कर दिया। यह घटना अंग्रेजी सरकार को सीधी चुनौती थी, सो पुलिस ने क्रान्तिकारियों पर अपना घेरा कसना आरम्भ कर दिया। ऐसे में भगत सिंह व राजगुरु को लाहौर से सुरक्षित बाहर निकालना क्रान्तिकारियों के लिये टेढ़ी खीर थी। ऐसे समय में एक क्रान्तिकारी महिला ने सुखदेव की सलाह पर भगतसिंह और राजगुरु को लाहौर से कलकत्ता बाहर निकालने की योजना बनायी और फलस्वरूप एक सुनियोजित रणनीति के तहत यूरोपीय अधिकारी के वेश में भगत सिंह पति, वह क्रान्तिकारी महिला अपने बच्चे को लेकर उनकी पत्नी और राजगुरु नौकर बनकर अंग्रेजी सरकार की आंखों में धूल झोंकते वहां से निकल लिये। यह क्रान्तिकारी महिला कोई और नहीं बल्कि चन्द्रशेखर आजाद के अनुरोध पर 'दि फिलासाफी आफ बम' दस्तावेज तैयार करने वाले क्रान्तिकारी भगवतीचरण वोहरा की पत्नी दुर्गा देवी वोहरा थीं, जो क्रान्तिकारियों में 'दुर्गा भाभीÓ के नाम से प्रसिद्ध थीं।

7 अक्टूबर 1907 को रिटायर्ड जज पं. बांके बिहारी लाल नागर की सुपुत्री रूप में इलाहाबाद में दुर्गा देवी का जन्म हुआ। कुछ समय पश्चात ही पिताजी सन्यासी हो गये और बचपन में ही मां भी गुजर गयीं। दुर्गा देवी का लालन-पालन उनकी चाची ने किया। जब दुर्गा देवी कक्षा 5वीं की छात्रा थीं तो मात्र 11 वर्ष की अल्पायु में ही उनका विवाह भगवतीचरण वोहरा से हो गया, जो कि लाहौर के पंडित शिवचरण लाल वोहरा के पुत्र थे। दुर्गा देवी के पति भगवतीचरण वोहरा 1921 के असहयोग आन्दोलन में काफी सक्रिय रहे और लगभग एक ही साथ भगतसिंह, धनवन्तरी और भगवतीचरण ने पढ़ाई बीच में ही छोडक़र देश सेवा में जुट जाने का संकल्प लिया। असहयोग आन्दोलन के दिनों में गांधी जी से प्रभावित होकर दुर्गा देवी और उनके पति स्वयं खादी के कपड़े पहनते और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करते। असहयोग आन्दोलन जब अपने चरम पर था, ऐसे में चौरी-चौरा काण्ड के बाद अकस्मात इसको वापस ले लिया जाना नौजवान क्रान्तिकारियों को उचित न लगा और वे स्वयं अपना संगठन बनाने की ओर प्रेरित हुये।

असहयोग आन्दोलन के बाद भगवतीचरण वोहरा ने लाला लाजपत राय द्वारा स्थापित नेशनल कालेज से 1923 में बी.ए. की परीक्षा उतीर्ण की। दुर्गा देवी ने इसी दौरान प्रभाकर की परीक्षा उतीर्ण की।

1924 में तमाम क्रान्तिकारी 'कानपुर सम्मेलनÓ के बहाने इक_ा हुये और भावी क्रान्तिकारी गतिविधियों की योजना बनायी। इसी के फलस्वरूप 1928 में 'हिन्दुस्तान रिपब्लिक एसोसिएशन' का गठन किया गया, जो कि बाद में 'हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिक एसोसिएशन' में परिवर्तित हो गया। भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल, राजगुरु, भगवतीचरण वोहरा, बटुकेश्वर दत्त, राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी, रोशन सिंह व अशफाक उल्ला खान, शचीन्द्र नाथ सान्याल जैसे तमाम क्रान्तिकारियों ने इस दौरान अपनी जान हथेली पर रखकर अंग्रेजी सरकार को कड़ी चुनौती दी। भगवतीचरण वोहरा के लगातार क्रान्तिकारी गतिविधियों में सक्रिय होने के साथ-साथ दुर्गा देवी भी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय रहीं। 3 दिसम्बर 1925 को अपने प्रथम व एकमात्र पुत्र के जन्म पर दुर्गा देवी ने उसका नाम प्रसिद्ध क्रान्तिकारी शचीन्द्रनाथ सान्याल के नाम पर शचीन्द्रनाथ वोहरा रखा।

वक्त के साथ दुर्गा देवी क्रान्तिकारियों की लगभग हर गुप्त बैठक का हिस्सा बनती गयीं। इसी दौरान वे तमाम क्रान्तिकारियों के सम्पर्क में आईं। कभी-कभी जब नौजवान क्रान्तिकारी किसी समस्या का हल नहीं ढूंढ़ पाते थे तो शान्तचित्त होकर उन्हें सुनने वाली दुर्गा देवी कोई नया आइडिया बताती थीं। यही कारण था कि वे क्रान्तिकारियों में बहुत लोकप्रिय और 'दुर्गा भाभी' के नाम से प्रसिद्ध थीं। महिला होने के चलते पुलिस उन पर जल्दी शक नहीं करती थी, सो वे गुप्त सूचनायें एकत्र करने से लेकर गोला-बारूद तथा क्रान्तिकारी साहित्य व पर्चे एक जगह से दूसरी जगह ले जाने हेतु क्रान्तिकारियों की काफी सहायता करती थीं। 1927 में लाला लाजपतराय की मौत का बदला लेने के लिये लाहौर में बुलायी गई बैठक की अध्यक्षता दुर्गा देवी ने ही की। बैठक में अंग्रेज पुलिस अधीक्षक जे.ए.स्काट को मारने का जिम्मा वे खुद लेना चाहती थीं, पर संगठन ने उन्हें यह जिम्मेदारी नहीं दी।

8 अप्रैल 1929 को सरदार भगत सिंह ने बटुकेश्वर दत्त के साथ आजादी की गूंज सुनाने के लिए दिल्ली में केन्द्रीय विधान सभा भवन में खाली बेंचों पर बम फेंका और कहा कि -'बधिरों को सुनाने के लिए अत्यधिक कोलाहल करना पड़ता है।' इस घटना से अंग्रेजी सरकार अन्दर तक हिल गयी और आनन-फानन में 'साण्डर्स हत्याकाण्ड' से भगत सिंह इत्यादि का नाम जोडक़र फांसी की सजा सुना दी। भगत सिंह को फांसी की सजा क्रान्तिकारी गतिविधियों के लिये बड़ा सदमा थी। अत: क्रान्तिकारियों ने भगत सिंह को छुड़ाने के लिये तमाम प्रयास किये। मई 1930 में इस हेतु सेन्ट्रल जेल लाहौर के पास बहावलपुर मार्ग पर एक घर किराये पर लिया गया, पर इन्हीं प्रयासों के दौरान लाहौर में रावी तट पर 28 मई 1930 को बम का परीक्षण करते समय दुर्गा देवी के पति भगवतीचरण वोहरा आकस्मिक विस्फोट से शहीद हो गये। इस घटना से दुर्गा देवी की जिन्दगी में अंधेरा सा छा गया, पर वे अपने पति और अन्य क्रान्तिकारियों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहती थीं। अत: इससे वे पुन: क्रान्तिकारी गतिविधियों में सक्रिय हो गईं।

लाहौर व दिल्ली षडयंत्र मामलों में पुलिस ने पहले से ही दुर्गा देवी के विरुद्ध वारण्ट जारी कर रखा था। ऐसे में जब क्रान्तिकारियों ने बम्बई के गवर्नर मेल्कम हेली को मारने की रणनीति बनायी, तो दुर्गा देवी अग्रिम पंक्ति में रहीं। 9 अक्टूबर 1930 को इस घटनाक्रम में हेली को मारने की रणनीति तो सफल नहीं हुयी पर लैमिग्टन रोड पर पुलिस स्टेशन के सामने अंग्रेज सार्जेन्ट टेलर को दुर्गा देवी ने अवश्य गोली चलाकर घायल कर दिया।

क्रान्तिकारी गतिविधियों से पहले से ही परेशान अंग्रेज सरकार ने इस केस में दुर्गा देवी सहित 15 लोगों के नाम वारण्ट जारी कर दिया, जिसमें 12 लोग गिरफ्तार हुये पर दुर्गा देवी, सुखदेव लाल व पृथ्वीसिंह फरार हो गये। अन्तत: अंग्रेजी सरकार ने मुख्य अभियुक्तों के पकड़ में न आने के कारण 4 मई 1931 को यह मुकदमा ही उठा लिया। मुकदमा उठते ही दुर्गा देवी पुन: सक्रिय हो गयीं और शायद अंग्रेजी सरकार को भी इसी का इन्तजार था।

अन्तत: 12 सितम्बर 1931 को लाहौर में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, पर उस समय तक लाहौर व दिल्ली षड्यंत्र मामले खत्म हो चुके थे और लैमिग्टन रोड केस भी उठाया जा चुका था, अत: कोई ठोस आधार न मिलने पर 15 दिन बाद मजिस्ट्रेट ने उन्हें रिहा करने के आदेश दे दिये। अंग्रेजी सरकार चूंकि दुर्गा देवी की क्रान्तिकारी गतिविधियों से वाकिफ थी, अत: उनकी गतिविधियों को निष्क्रिय करने के लिये रिहाई के तत्काल बाद उन्हें 6 माह और पुन: 6 माह हेतु नजरबंद कर दिया। दिसम्बर 1932 में अंग्रेजी सरकार ने पुन: उन्हें 3 साल तक लाहौर नगर की सीमा में नजरबंद रखा।

तीन साल की लम्बी नजर बन्दी के बाद जब दुर्गा देवी रिहा हुयीं तो 1936 में दिल्ली से सटे गाजियाबाद के प्यारेलाल गल्र्स स्कूल में लगभग एक वर्ष तक अध्यापिका की नौकरी की। 1937 में वे जबरदस्त रूप से बीमार पड़ी और दिल्ली की हरिजन बस्ती में स्थित सैनीटोरियम में उन्होंने अपनी बीमारी का इलाज कराया। उस समय तक विभिन्न प्रान्तों में कांग्रेस की सरकार बन चुकी थी और इसी दौरान 1937 में ही दुर्गा देवी ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर राजनीति में अपनी सक्रियता पुन: आरम्भ की। अंग्रेज अफसर टेलर को मारने के बाद फरार रहने के दौरान ही उनकी मुलाकात महात्मा गांधी से हो चुकी थी। 1937 में वे प्रान्तीय कांग्रेस कमेटी दिल्ली की अध्यक्षा चुनी गयीं एवं 1938 में कांग्रेस द्वारा आयोजित हड़ताल में भाग लेने के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा। 1938 के अन्त में उन्होंने अपना ठिकाना लखनऊ में बनाया और अपनी कांग्रेस सदस्यता उत्तर प्रदेश स्थानान्तरित कराकर यहां सक्रिय हुईं। सुभाषचन्द्र बोस की अध्यक्षता में आयोजित जनवरी 1939 के त्रिपुरी (मध्यप्रदेश) के कांग्रेस अधिवेशन में दुर्गा देवी ने पूर्वांचल स्थित आजमगढ़ जनपद की प्रतिनिधि के रूप में भाग लिया।
दुर्गा देवी का झुकाव राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा और अध्यापन की ओर भी था। 1939 में उन्होंने अड्यार, मद्रास में मांटेसरी शिक्षा पद्धति का प्रशिक्षण ग्रहण किया और लखनऊ आकर जुलाई 1940 में शहर के प्रथम मांटेसरी स्कूल की स्थापना की, जो वर्तमान में इण्टर कालेज के रूप में तब्दील हो चुका है। मांटेसरी स्कूल, लखनऊ की प्रबन्ध समिति में तो आचार्य नरेन्द्र देव, रफी अहमद किदवई व चन्द्रभानु गुप्ता जैसे दिग्गज शामिल रहे। 1940 के बाद दुर्गा देवी ने राजनीति से किनारा कर लिया पर समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को काफी सराहा गया।
दुर्गा देवी ने सदैव से क्रान्तिकारियों के साथ कार्य किया था और उनके पति की दर्दनाक मौत भी एक क्रान्तिकारी गतिविधि का ही परिणाम थी। क्रान्तिकारियों के तेवरों से परे उनके दुख-दर्द और कठिनाइयों को नजदीक से देखने व महसूस करने वाली दुर्गा देवी ने जीवन के अन्तिम वर्षों में अपने निवास को 'शहीद स्मारक शोध केन्द्रÓ में तब्दील कर दिया। इस केन्द्र में उन शहीदों के चित्र, विवरण व साहित्य मौजूद हैं, जिन्होंने राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुये या तो अपने को कुर्बान कर दिया अथवा राष्ट्रभक्ति के समक्ष अपने हितों को तिलांजलि दे दी। एक तरह से दुर्गा देवी की यह शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि थी तो आगामी पीढिय़ों को आजादी की यादों से जोडऩे का सत्साहस भरा जुनून भी। पारिवारिक गतिविधियों से लेकर क्रान्तिकारी, कांग्रेसी, शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में आजीवन सक्रिय दुर्गा देवी 92 साल की आयु में 14 अक्टूबर 1999 को इस संसार को अलविदा कह गयीं।
दुर्गा देवी उन विरले लोगों में से थीं जिन्होंने गांधीजी के दौर से लेकर क्रान्तिकारी गतिविधियों तक को नजदीक से देखा, पराधीन भारत को स्वाधीन होते देखा, राष्ट्र की प्रगति व विकास को स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के दौर के साथ देखा...। आज दुर्गा देवी हमारे बीच नहीं हैं, पर वर्ष 2007-08 उनकी जन्म-शताब्दी का वर्ष है और हमें उनके सपनों, मूल्यों और जज्बातों का अहसास करा रहा है। आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में तमाम महिलायें अपनी गतिविधियों से नाम कमा रही हैं, पर दुर्गा देवी ने तो उस दौर में अलख जगाई जब महिलाओं की भूमिका प्राय: घर की चारदीवारियों तक ही सीमित थी। यह राष्ट्र के लिये गौरव का विषय है कि वर्ष 2007-08 दुर्गा देवी के साथ-साथ भगत सिंह और सुखदेव का भी जन्म-शताब्दी वर्ष है।
बहुत कम ही लोगों को पता होगा कि एक ही वर्ष की विभिन्न तिथियों में जन्मतिथि पडऩे के बावजूद भगतसिंह अपना जन्मदिन दुर्गा देवी के जन्मदिन पर उन्हीं के साथ मनाते थे और उनके पति भगवतीचरण वोहरा सहित तमाम क्रान्तिकारी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते थे। ऐसे वीरों की शहादत को शत्-शत् नमन.....

धरोहर

हिमाचल की पहाडिय़ों में भी है एक एलोरा
-प्रिया आनंद


चट्टान काट कर मंदिरों का आकार देना एक विलक्षण शिल्प है और इस तरह की कारीगरी बहुत कम दिखती है। ऐसे मंदिरों का चलन पल्लव शासकों के समय सातवीं शताब्दी के आस- पास आरंभ हुआ।
०००

कांगड़ा घाटी की रत्न मंजूशा का सबसे कीमती रत्न मसरूर मंदिर हैं। मसरूर मंदिर शिव को समर्पित है, मुख्य मंदिर के बाईं ओर सीढिय़ां हैं, जो ऊपर तक जाती हैं। ऊपर पहुंच कर ही हमें इन मंदिरों की वास्तविक सुंदरता देखने को मिलती है। यहां से आप पूरी कांगड़ा घाटी देख सकते हैं।
०००

मसरूर के मंदिरों की दीवारों पर चित्रित तथा गवाक्षों में स्थापित मुर्तियां शिव, विष्णु, बैकुंठ, ब्रम्हा, इंद्र तथा गणेश की हैं। इनके अतिररिक्त इंद्राणी , माहेश्वरी, वैष्णवी, वाराही, चामुंडा और महालक्ष्मी की मूर्तियां हैं। इस वृहदाकार मंदिर की खूबसूरती का पूरा परिचय हमें मंदिर के ऊपर ही जा कर मिलता है। मंदिर की छत से कांगड़ा घाटी की मनोरम रूप दिखाई देता है। मसरूर मंदिर कांगड़ा के गौरवशाली भव्य वास्तुशिल्प का ज्वलंत उदाहरण है।
०००
हिमाचल को अगर मंदिरों का घर कहा जाए तो गलत न होगा। इस राज्य में 6000 मंदिर हैं एक से एक मंदिर जो पहाड़ी वास्तु शिल्प के सुंदर उदाहरण हैं।


पगोडा, शिकर, गुंबदों और समतल छतों वाले मंदिर। मंदिरों की इस शृंखला में आते हैं मसरुर मंदिर समूह ... आठवीं शताब्दी के बने इन मंदिरों को देखते ही आप समझ जाएंगे कि आप पर्यटन के दुर्लभ खजाने तक आ पहुंचे हैं। एक ही चट्टान को काट कर ताराशे गए ये मंदिर जादुई प्रभाव रखते हैं। इंडो- आर्यन स्टाइल में इन पंद्रह मोनोलिथिक रॉक कट टेम्पल्स की खूबसूरती यह है कि इन पर बेहद खूबसूरत नक्काशी की गई है... समंदर, कमल फूल, पत्ते, गंधर्व, यक्षणियां इन पत्थरों में जीवंत हैं। एकल चट्टान को तराश कर बनाया गया उत्तरी भारत का यह अकेला मंदिर है। इस पूरे क्षेत्र में ऐसी संरचना देखने में नहीं आती। चट्टान काट कर मंदिरों का आकार देना एक विलक्षण शिल्प है और इस तरह की कारीगरी बहुत कम दिखती है। ऐसे मंदिरों का चलन पल्लव शासकों के समय सातवीं शताब्दी के आस-पास आरंभ हुआ। कैलाश मंदिर के बनने तक यह कला चरमोत्कर्ण पर पहुंच चुकी थी। दक्षिण में इस तरह के मंदिर सामान्य बात हैं और ऐसे मंदिर पुरातत्व शास्त्रियों के लिए हमेशा से ही दिलचस्पी का विषय रहे हैं।

रोचक बात यह है कि ऐसे मंदिर पूरे भारत में सिर्फ चार जगहों पर पाए गए हैं। महाबलिपुरम के रथ मंदिर, एलोहा कैलाश मंदिर, राजस्थान में धमनार के मंदिर और कांगड़ा का मसरूर मंदिर। रथ मंदिर और कैलाश मंदिर द्रविड़ स्थापत्य में बने हुए हैं तथा मसरूर व धमनार के मंदिर नागर शैली में बने हैं। अगर तुलना करें तो मसरूर मंदर अपने प्रतिद्वंदी से श्रेष्ठ ठहरता है।

मसरूर मंदिर समूह 15 मंदिरों का गौरव रखता है जबकि धमनार में 8 मंदिर ही हैं। इसकी लंबाई-चौड़ाई भी धमनार की अपेक्षा अधिक है और सज्जा में भी यह श्रेष्ठ है। धमनार जहां निचली भूमि पर स्थित है, वहीं मसरूर का यह भव्य संसार 2500 फुट की ऊंची पर्वत श्रृंखला पर स्थित है।

यहां एक और रोचकता है कि एलोरा का कैलाश मंदिर भी 100 फुट के गहरे गड्ढे में ही बना हुआ है। जो भी हो कैलाश मंदिर सर्वश्रेष्ठ है और इसे विश्व के आश्चर्यों में गिना जाता है।

सातवीं- आठवीं शताब्दी की यह प्रस्तर शिल्प शैली और इसका वास्तु देख कर यही लगता है कि यह मानवीय हाथों की रचना नहीं, इसे किसी दूसरी दुनिया के लोगों ने बनाया है। कांगड़ा से 15 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित यह मंदिर समूह पहाड़ी श्रृंखलाओं पर स्थित है। एलोरा के बारे में तो लगभग सभी लोग जानते हैं, पर बहुत कम लोगों ने मसरूर के बारे में जाना होगा। यह एक बेहद खूबसूरत लैंडस्कैप पर किसी चित्र की तरह लगता है। आयताकार काम्पलेक्स के एक तरफ पहाड़ी चट्टानें हैं और दूसरी तरफ बर्फ से ढकी धौलाधार की पहाडिय़ां नजर आती हैं।
समरूर मंदिर की वास्तु शैली अपने आप में अद्भुत है। 1905 के भूकंप में भले ही यह सुंदर मंदिर तबाह हो गया पर खंडहर अपनी बुलंदी की कहानी खुद बताते हैं। कांगड़ा घाटी की रत्न मंजूशा का सबसे कीमती रत्न मसरूर मंदिर हैं। मसरूर मंदिर शिव को समर्पित है, मुख्य मंदिर के बाईं ओर सीढिय़ां हैं, जो ऊपर तक जाती हैं। ऊपर पहुंच कर ही हमें इन मंदिरों की वास्तविक सुंदरता देखने को मिलती है। यहां से आप पूरी कांगड़ा घाटी देख सकते हैं। केंद्रीय परिसर 160 फुट लंबा और 150 फुट चौड़ा है तथा मुख्य मंदिर के साथ आठ मंदिर हैं। दोनों तरफ चार-चार मंदिरों का निर्माण किया गया है। ये सभी मंदिर सैंड स्टोन को काट कर बनाए गए हैं बाकी के 6 मंदिर भी इसी के साथ हैं। किसी समय अपनी पूरी भव्यता के साथ खड़े अलंकृत स्तंभ टूट कर गिर गए हैं। इन पर सजी चित्र रचना आपूर्व है। कितने ही ऐसे फ्रेम हैं, जिनमें हिंदू देवी- देवताओं की मूर्तियां बनी हैं, इतनी सुंदर और जीवंत कि देखने वाला बंध कर रह जाता है। एलोरा की ही तरह यहां नृत्यांगनाओं की पंक्ति दिखाई देती है। सुंदर देहयष्टि, पतली कमर, कमान जैसी भावें और होंठों की मधुर मुस्कान। सिर से पांव तक आभूषणों से सजी अप्सराएं.... और गंधर्व जिनके खड़े होने में भी लय-ताल की झलक दिखाई देती है। उनकी नृत्य भंगिमाएं अद्भुत हैं।

दुर्भाग्य से 1905 में यहां आए भूकंप से यह मंदिर तबाह हो गया, ज्यादातर हिस्सा ध्वस्त हो चुका है, पर जितना भी अंश बाकी है, कलात्मकता की दृष्टि से अद्वितीय है। गहन प्रचुर खुदाई से अलंकृत ये मंदिर बड़ी तीव्रता से आकर्षित करते हैं।

मंदिर के साथ ही आयताकार तालाब है जो इस धारण को बल देता है कि मंदिर के साथ किसी जलाशय का होना अनिवार्य है। निश्चय ही इतने सुंदर और विस्तार से बनाए गए मंदिर को ठाकुर द्वार कहा जाता है। इस मंदिर की छत बहुत ऊंची है तथा भरपूर खुदाई से चित्रित है। निश्चय ही इतने सुंदर और विस्तार से बनाए गए मंदिर की योजना राज परिवार की ओर से ही की गई होगी। यहां के गांव वालों का कहना है कि इसे बनाने में शिल्पकारों को 80 वर्ष लगे थे।

भले ही इतना समय न लगा हो, पर यह तो सच है कि मंदिर को बनाने में पूरी योग्यता और समय का इस्तेमाल किया गया है। ठाकुर द्वार में स्थापित मुर्तियां राम- सीता व लक्ष्मण की हैं, पर यह मंदिर विष्णु को समर्पित है। इसके सबसे एक अलग तथ्य यह भी है कि इसकी संरचना तथा अलंकरण इसे भगवान शिव का मंदिर घोषित करते हैं। वास्तव में यह शिव मंदिर ही है, क्योंकि 19वीं शताब्दी में एक यूरोपीय यात्री जो यहां तक आया था उसने अपने रिकार्ड में इसे शिव मंदिर ही लिखा है। यहां के मंदिरों की दीवारों पर चित्रित तथा गवाक्षों में स्थापित मुर्तियां शिव, विष्णु, बैकुंठ, ब्रम्हा, इंद्र तथा गणेश की हैं। इनके अतिरिक्त इंद्राणी, माहेश्वरी, वैष्णवी, वाराही, चामुंडा और महालक्ष्मी की मूर्तियां हैं। इस वृहदाकार मंदिर की खूबसूरती का पूरा परिचय हमें मंदिर के ऊपर ही जा कर मिलता है। मंदिर की छत से कांगड़ा घाटी की मनोरम रूप दिखाई देता है। भूकंप के कारण यह भव्य मंदिर खंड- खंड हो गया, पर आज भी जो कुछ यहां देखने को मिलता है, उसी से इसके महत्व और ऐतिहासिकता का पता चल जाता है। मसरूर मंदिर कांगड़ा के गौरवशाली भव्य वास्तुशिल्प का ज्वलंत उदाहरण है।

इसमें कोई संदेह नहीं कि मसरूर मंदिर अपनी भव्यता सुंदरता से भारी पर्यटन खींच सकते हैं, पर ऐसा तभी संभव है जब मंदिर तक पहुंचने का साधन सुलभ और आम पर्यटक की जेब के अनुकूल हो। ऐसा कोई प्रबंध नजर नहीं आता क्योंकि मंदिर तक बसों का लगातार आवागमन नहीं है। इसलिए अगर एक बार बस वहां तक आपको पहुंचा देती है, तो यह भी संभव है कि वापसी में आपको पैदल चल कर एक लंबा रास्ता तय करना पड़े, तब जाकर आप कोई कांगड़ा की तरफ आती बस पा सकें। कहना न होगा कि वापसी में पैदल चलने की सतह मजबूरी किसी भी पर्यटक का उत्साह खत्म करने को काफी है। इसके लिए जरूरी है कि इस लिंक रोड पर चलने के लिए कम से कम दो ऐसे टेम्पो या टैक्सियां होनी जरूरी हैं जो कम किराया लेकर पर्यटकों को गंतव्य तक पहुंचा सके । परिवहन मंत्री का कहना है कि जो भी बाहरी पर्यटक आता है, वह अपनी गाड़ी ले कर आता है और अगर पर्यटक बढ़ जाते हैं तो टेम्पों वाले खुद ही वहां पहुंच जाएंगें। हां ऐसे में अगर लाइसेंस की समस्या आती है तो उसकी सुविधा देने को मैं तैयार हूं। मसरूर मंदिर के सौंदर्यीकरण के बारे में उनका कहना था कि इसके लिए पूरे 20 लाख का फंड रखा हुआ है, वह भी होगा। डेवलप कर रहे हैं, हो जाएगा।

मौसम जैसे-जैसे बदल रहा है , पर्यटक पहाड़ का रूख करने लगे हैं। इनमें सभी गाड़ी वाले नहीं होते.... बहुत ऐसे भी होते हैं जो जागरूक हैं ऐसी जगहों को देखना चाहते हैं पर सुविधाहीनता की समस्या उन्हें मसरूर तक जाने से रोकती है। ऐसे में यहां का पर्यटन कैसे बढ़ेगा? और जब तक पर्यटन बढ़ेगा नहीं तो इतनी भव्य विरासत विश्व पटल पर कैसे आ सकेगी। जाहिर है हिमाचल के पास आपार पुरातात्विक संपदा है पर उसका सही दोहन न होने से स्थिति जैसी की तैसी है। इस छोटी सी बात को हम कब समझ पाएंगे...?

विमर्श- जिम्मेदार मीडिया का गढ़ छत्तीसगढ़

विमर्श
जिम्मेदार मीडिया का गढ़ छत्तीसगढ़
- जयराम दास



खारून में भले ही काफी पानी न बहा हो लेकिन रायपुर तो मैट्रो जनित रफ्तार से चल पड़ा है । साथ ही शहर का मीडिया भी उसी रफ्तार से कदमताल करने लगा, तेजी से विकसित होते इस अवसरों के शहर के साथ।

००
विचारधारा के प्रति अति आग्रह, संगठनों के प्रेस विज्ञप्ति पर अत्यधिक निर्भरता, कस्बायी संस्करणों की बाढ़ के बावजूद गांव-मड़ई की खबरों का कम होते जाना दुखद हैं जिस पर ध्यान देने की ज़रूरत है।
००
बात 25 जुलाई 2004 की है। पत्रकारिता की डिग्री प्राप्त एक युवक एक राजनीतिक पार्टी के मीडिया में काम करने का नियुक्ति पत्र लिये रायपुर स्टेशन पर उतरा। साथ में एक झोला लिए, एक ऐसा झोला जिसमें निम्न मध्य वर्गीय परिवार के सपने बंद थे और थे दो जोड़ी कपड़े तथा अपने लिखे और प्रकाशित कुछ आलेख। अपने इसी बैसाखी की दौलत वो दिल्ली से आकर एक नये राज्य की नयी राजधानी और नये लोगों के बीच पांव जमाने की फिराक में था।
कुछ इस तरह की करने चला था पार समंदर को आज वो, लेकिन वो हाथ में लिए कागज की नाव था।
उस समय का रायपुर एक कस्बेनुमा उंघता-अनमना अलसाया सा शहर लेकिन जिस पर जल्द से जल्द राजधानी जैसा बन जाने का भूत सवार था, तो उस युवक को भी मीडिया पर्सन बन जाने का। आज जब इस अनजाने से युवक की आंखों से रायपुर को देखा जाय तो अद्भुत अलौकिक चमत्कारिक परिवर्तनों का शहर जान पड़ता है यह तो। तब से खारून में भले ही काफी पानी न बहा हो लेकिन रायपुर तो मैट्रो जनित रफ्तार से चल पड़ा है। साथ ही शहर का मीडिया भी उसी रफ्तार से कदमताल करने लगा, तेजी से विकसित होते इस अवसरों के शहर के साथ। कहते हैं हर क्रिया के समान एवं विपरीत प्रतिक्रिया होती है। निश्चय ही शहर के इस विकास के समानुपाती रूप में ही अच्छी और बुरी चीजें भी मीडिया में साफ-साफ दिखने लगीं।

यदि अच्छी चीजों की बात करें तो प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या नक्सलवाद के विरोध में-कुछेक अपवादों को छोडक़र-जिस तरह का रूख यहां के अखबारों ने दिखाया उसकी जितनी तारीफ की जाय वह कम है। कम से कम कुछ संवेदनशील मुद्दे पर तो इसने राष्ट्रीय कहे जाने वाले मीडिया को भी आईना दिखाया है। आपको याद होगा जब देश के सारे इलेक्ट्रानिक चैनल आरूषि को न्याय दिलाने में व्यस्त थे। जिस समय सारे समाचार माध्यम उस पीडि़त परिवार के हर रात लेखा जोखा मांगने की ''पुनीत'' जिम्मेदारी निभा रहा था तब रायपुर अपने 26 लाख बस्तरिया भाई-बहनों को नक्सली ब्लैक आउट से मुक्त करने के प्रयास में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा था।
यह भी याद रखने योग्य है कि जब कथित मराठी-राज ठाकरे मुम्बई को अपनी बपौती साबित करने की जद्दोजहद में लगा था और बार-बार फटकारे जाने के बाद भी हिंदी मीडिया स्थानीय टीवी चैनलों से फुटेज ले-ले कर उसे प्रसारित करने में व्यस्त था वहां रायपुर का एक अखबार धमतरी निवासी एक दूसरे ठाकरे, राजू ठाकरे की खबर मुख्यता से प्रकाशित कर रहा था। इस ठाकरे ने रंभा इंगोले नाम की एक वृद्धा की मृत्यु हो जाने पर उन्हें अपनी मां बनाकर उनका अंतिम संस्कार एवं श्राद्ध कर्म अपने हाथों से किया था। तो ये जो राज ठाकरे और राजू ठाकरे में फर्क है, आदमीयत और भलमनसाहत का। कमोवेश रायपुर के समाचार माध्यम ने कथित राष्ट्रीय मीडिया से वही फर्क कायम रखा है।
यहां के मीडिया की एक और सबसे बड़ी सफलता जो कही जाएगी वो है छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का सम्मान दिलवाना। कोई लाख कुछ कह ले लेकिन वह कथित आंदोलन केवल और केवल अखबारों के माध्यम से ही चलाया गया। बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के मुठ्ठीभर बुद्धिजीवियों द्वारा शुरू किये गये उस दोस्ताना संघर्ष को, मुखर लेकिन मूक जनभावनाओं की नब्ज जिस तरह से अखबार ने पकड़ी और जितनी जल्दी सरकार का ध्यान आकृष्ट करने में सफल रही, वैसी सफलता तो टीआरपीवादी मीडिया सपने में भी नहीं सोच सकती है। इसके अलावे जब-जब किसी समूह विशेष या कुछ मीडिया द्वारा प्रदेश की अस्मिता के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास किया गया, छत्तीसगढ़ ने उसे मुंहतोड़ जवाब देने में पल भर की देरी नहीं की। याद कीजिए एक कुंठित लेखक ने दिल्ली से प्रकाशित एक साहित्यिक पत्रिका में बस्तर- बालाओं का अपमान किया था, सारे के सारे अखबारों ने एक स्वर में उस असभ्य पत्रिका की बखिया उधेड़ कर रख दी थी। या एक खूबसूरत, लोकप्रिय नेत्री को ''स्टोरी'' के माध्यम से बेइज्जत करने का प्रयास एक राष्ट्रीय चैनल के स्थानीय संवाददाता द्वारा किया गया तो उसे भी दुत्कारने में स्तंभ लेखकों ने कोई कसर बाकी नहीं रखी। एक अखबार ने उसके कैमरे की तुलना बंदर के हाथ में उस्तरा तक से कर दी थी।
महान ऐतिहासिक आदिवासी आंदोलन सलवा जुडूम की चर्चा किये बिना मीडिया विमर्श संभव ही नहीं है। इस महान आंदोलन का दुष्प्रचार जिस तरह जाने या अनजाने में गैर छत्तीसगढ़ी मीडिया ने किया है, नक्शा में देखकर भी मुश्किल से एर्राबोर और रानीबोदली को पहचान सकने की अक्षमता के बावजूद दिल्ली में रहने वाले भाई लोगों ने सुनी-सुनायी बात या दुष्प्रचार के आधार पर जितनी भड़ास निकाली, जिस तरह से बिना मतलब प्रदेश को बदनाम किया, सैकड़ों आदिवासियों के मारे जाने, लाखों गरीबों के अंधकार में झोंक देने पर ऊफ तक न करने वाले, नोटिस तक नहीं लेने वाले भाई लोगों ने जिस तरह किसी नक्सली की सामान्य गिरफ्तारी पर भी हायतौबा मचायी उसके लिए इतिहास उन लोगों को कभी माफ नहीं करेगा। कई बार तो इस मामले में ऐसी हास्यास्पद, लज्जास्पद स्थिति आयी कि एक ही अखबार में एक ही दिन में जिस घटना की स्थानीय संपादक द्वारा तारीफ की गई उसी अखबार के दूसरे पन्ने पर दिल्ली के भाई लोगों द्वारा उसी समाचार की भत्र्सना भी की गई।
लब्बोलुबाब यह कि यहां के समाचार माध्यमों ने अपने सामाजिक सरोकारों का परिचय देकर अपनी जिम्मेदार रिपोर्टिंग द्वारा निश्चय ही सप्रे जी की परंपरा को आगे ही बढ़ाया है। उनकी पुनीत आत्मा को गौरवान्वित होने का अवसर दिया है। साथ ही रायपुर द्वारा दिल्ली को आईना दिखाने का काम भी किया गया है। बावजूद इसके कुछ विसंगतियां है। खासकर विज्ञापन और समाचार में फासला निरंतर कम होते जाना, या समाचारों का संबंध डायरेक्टली विज्ञापनों से जोड़ देना, आंख मूंदकर विरोध या समर्थन, विचारधारा के प्रति अति आग्रह, संगठनों के प्रेस विज्ञप्ति पर अत्यधिक निर्भरता, कस्बायी संस्करणों की बाढ़ के बावजूद गांव-मड़ई की खबरों का कम होते जाना दुखद हैं जिसपर ध्यान देने की ज़रूरत है।
खैर, जब उपरोक्त वर्णित वह युवक अपनी झोला उठाये किसी अन्य पड़ाव तक जाने को उद्यत होगा तो उस थैले में ये ढेर सारी अच्छी यादें भी होंगी और होगा इस समूचे यात्रा में गिलहरी समान स्वयं के भी भागीदार होने का आत्मसंतोष भी।

दूसरा चेहरा

1-दूसरा चेहरा 
 - सुकेश साहनी



मिक्की की आंखों में नींद नहीं थी। वह पिल्ले को अपने पास नहीं रख पाएगा, सोच कर उसका मन बहुत उदास था। पिल्ले को लेकर ढेरों सपने बुने थे पर घर आते ही सब कुछ खत्म हो गया था। मां ने पिल्ले को देखते ही चिल्लाकर कहा था, ''अरे, यह क्या उठा लाया तू? तेरे पिता जी ने देख लिया तो किसी की भी खैर नहीं। उन्हें नफरत है इनसे। जा, इसे वापस छोड़ आ।  दादी मां ने बुरा सा मुंह बनाया था, ''राम राम! कुत्ता होई जो कुत्ता पाले। बाहर फेंक इसे।'' यह सब सुनकर उसे रोना आ गया था। कितनी खुशामद करने पर दोस्त पिल्ला देने को राजी हुआ था। चूंकि दोस्त का घर दूर था इसलिए एक रात के लिए उसे पिल्ले को घर में रखने की इजाजत मिली थी। पिता जी के आने से पहले ही उसने बरामदे के कोने में टाट बिछाकर उसे सुला दिया था।

कूं ... कूं की आवाज से वह चौंक पड़ा। बरामदे में स्ट्रीट लाइट की वजह से हल्की रोशनी थी। पिल्ले को ठंड लग रही थी और वह बरामदे में सो रही दादी की चारपाई पर चढऩे का प्रयास कर रहा था। वह घबरा गया... सोना तो दूर दादी अपना बिस्तर किसी को छूने भी नहीं देतीं... उनकी नींद खुल गई तो वे बहुत शोर करेंगी... पिता जी जाग गए तो पिल्ले को तिमंजिले से उठाकर नीचे फेंक देंगे... वह रजाई में पसीने-पसीने हो गया। सोते हुए मां ने एक हाथ उस पर रखा हुआ था, वह चाहकर भी उठ नहीं सकता था। पिल्ले की कूं कूं और पंजों से चारपाई को खरोंचने की आवाज रात के सन्नाटे में बहुत तेज मालूम दे

रही थी।

दादी की नींद उचट गई थी, वह करवटें बदल रही थीं। आखिर वह उठ कर बैठ गई।

आने वाली भयावह स्थिति की कल्पना से ही उसके रोंगटे खड़े हो गए। उसे लगा दादी पिल्ले को घूरे जा रही हैं।

...दादी ने दाएं-बाएं देखा...पिल्ले को उठाया और पायताने लिटा कर रजाई ओढ़ा दी।

2-मैं कैसे पढूं ?

पूरे घर में मुर्दनी छा गई थी। मां के कमरे के बाहर सिर पर हाथ रखकर बैठी उदास दाई मां ...रो-रोकर थक चुकी मां के पास चुपचाप बैठी गांव की औरतें । सफेद कपड़े में लिपटे गुड्डे के शव को हाथों में उठाए पिताजी को उसने पहली बार रोते देखा था....।

'शुचि!' टीचर की कठोर आवाज़ से मस्तिष्क में दौड़ रही घटनाओं की रील कट गई और वह हड़बड़ा कर खड़ी हो गई।

'तुम्हारा ध्यान किधर है? मैं क्या पढ़ा रही थी..... बोलो?' वह घबरा गई। पूरी क्लास में सभी उसे देख रहे थे।

'बोलो!' टीचर उसके बिल्कुल पास आ गई।

'भगवान ने बच्चा वापस ले लिया ...।' मारे डर के मुंह से बस इतना ही निकल सका ।

कुछ बच्चे खी-खी कर हंसने लगे। टीचर का गुस्सा सातवें आसमान को छूने लगा।

'स्टैंड अप आन द बैंच!'

वह चुपचाप बैंच पर खड़ी हो गई। उसने सोचा ...ये सब हंस क्यों रहे हैं, मां-पिताजी, सभी तो रोये थे-यहां तक कि दूध वाला और रिक्शेवाला भी बच्चे के बारे में सुनकर उदास हो गए थे और उससे कुछ अधिक ही प्यार से पेश आए थे। वह ब्लैक-बोर्ड पर टकटकी लगाए थी, जहां उसे मां के बगल में लेटा प्यारा-सा बच्चा दिखाई दे रहा था । हंसते हुए पिताजी ने गुड्डे को उसकी नन्हीं बांहों में दे दिया था। कितनी खुश थी वह!

'टू प्लस-फाइव-कितने हुए?' टीचर बच्चों से पूछ रही थी।

शुचि के जी में आया कि टीचर दीदी से पूछे जब भगवान ने गुडडे को वापस ही लेना था तो फिर दिया ही क्यों था? उसकी आंखें डबडबा गईं। सफेद कपड़े में लिपटा गुड्डे का शव उसकी आंखों के आगे घूम रहा था। इस दफा टीचर उसी से पूछ रही थी । उसने ध्यान से ब्लैक-बोर्ड की ओर देखा। उसे लगा ब्लैक-बोर्ड भी गुड्डे के शव पर लिपटे कपड़े की तरह सफेद रंग का हो गया है। उसे टीचर दीदी पर गुस्सा आया । सफेद बोर्ड पर सफेद चाक से लिखे को भला वह कैसे पढ़े?

उफ... ये मौजा ही मौजा ...

उफ... ये मौजा ही मौजा ...
- डॉ. प्रतिमा चंद्राकर

यदि आपको भी आता है गुस्सा तो आइए उस गुस्से को उदंती.com के इस पृष्ठ पर लिख कर उतारने की कोशिश करें। क्योंकि बड़े- बुजूर्ग कहते हैं कि गुस्से को मन में नहीं रखना चाहिए, उसे बाहर निकाल देने से गुस्सा कम हो जाता है, तो यदि उस गुस्से को लिखकर आपस में बांट लें तो गुस्सा कम तो होगा ही साथ ही इसके माध्यम से एक अभियान चला कर संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित भी कर सकते हैं। साथ ही एक दूसरे की समस्या का समाधान निकालने का प्रयास।

आज सुबह जब मैं कॉलेज जाने के लिए गेट से बाहर निकली तो सामने वाले पड़ोसी के घर में हलचल देखकर एक अजीब सी दहशत और घबराहट होने लगी। शाम को लौटने पर गाडिय़ां और लाइट की सजावट देखकर सारा माजरा समझ में आ गया। मन गुस्से से भर गया यह सोच कर कि आज फिर रात की नींद हराम होगी।
मेरे पड़ोसी का घर बहुत बड़ा है, अपने हवेलीनुमा मकान को वे शादी, जन्म दिन आदि की पार्टी के लिए किराए पर देते हैं। मैं यहां आए दिन होने वाली शादी और पार्टियों से डरने लगी हूं। अरे ... पर यह कॉलम तो गुस्से का है, मैं डर के विषय में क्यों लिख रही हूं? दरअसल मेरा गुस्सा डर में बदल चुका है। मैं लिख रही हूं और मेरे कानों में full sound में मौजा ही मौजा... की आवाज़ गरम लावे की तरह पिघल रहा है। रात के साढ़े दस बज चुके हैं पर डिस्को की कान के पर्दे फोड़ देने वाली आवाज़.... उफ।

मैं और मेरे परिवार का सम्बन्ध पढ़ाई -लिखाई से है। शाम को और देर रात तक इस तरह कि आवाज़ से सभी परेशान रहते हैं। आप सोचते होंगे पढ़ा-लिखा परिवार और जागरूकता जऱा भी नहीं? तो मैं बता दूं तीन वर्ष पहले मैंने पुलिस को इसकी लिखित शिकायत दी थी, कि रहवासी इलाके में देर रात तक इस तरह के आयोजन हेतु कोई अपना घर कैसे किराए पर दे सकता है? पुलिस ने बताया कि उनके पास परमिशन है। ऐसी बात भी नहीं है कि इस कालोनी में अन्य जगरुक लोग नहीं रहते, यहां कई सरकारी अफसर भी रहते हैं पर शिकायत करने का कीड़ा मुझे ही काटा।
हां तो मैं बता रही थी कि जब शादी, जन्मदिन और डिस्को पार्टी का शोर शिकायत करने के बाद भी नहीं रुका तो नियमानुसार सही-सही जानकारी प्राप्त कर पुन: शिकायत पत्र लिखा परन्तु प्रशासन तो प्रशासन है चलेगी तो अपनी ही चाल से। भले ही आज हम चांद तक पहुंचने पर गर्व करें पर चलेंगे उसी बैल गाड़ी वाले युग की चाल।
आज भी स्थिति यह है कि जब तक थाने फ़ोन न करो, लाऊड स्पीकर कि आवाज़ धीमी नहीं होती। थक कर मैंने मानव अधिकार में भी इस सम्बन्ध में शिकायत की है। लेकिन शायद वहां भी उनकी अपनी सीमाएं हैं। देखते-देखते तीन साल बीत गए और दीपावाली के बाद से गर्मी कि छुट्टियों तक हम बारातियों का स्वागत करते भांगड़ा एवं पटाखे तथा गानों की गूंज में जीने के आदि हो गए।
जब-जब इस घर को किराए पर शादी या किसी और पार्टी के लिए दिया जाता है हमारी और हमारे बच्चों की पढ़ाई लिखाई तो प्रभावित होती ही है, यदि हम इस शोर से बचने के लिए घूमने निकल जाते हैं तो रात को लौटते पर अपनी गाड़ी अन्दर रखने हेतु पहले शादी घर जाकर सैकड़ों लोगों से पूछ -पूछ कर अपने गेट के सामने से गाड़ी हटवाते हैं या फिर अपनी गाड़ी सडक़ पर भगवान भरोसे छोडक़र कानों में रूई डालकर सभी दरवाज़े बंद कर सोने कि कोशिश करते हैं।
मेरे बच्चे बड़े हो गए हैं एक तो इसी शोर शराबे के बीच पढ़ते हुए बोर्ड पास कर दूसरे शहर पढऩे चली गई, दूसरी बोर्ड की तैयारी में है। इस तरह हम बरस- दर बरस अपने गुस्से के ग्राफ़ को ऊपर से नीचे करते हुए हार मान कर चुप- चाप बैठ गए हैं।
पर उदंती में गुस्से का यह कॉलम देखकर अपने आपको रोक नहीं पाई और मन छटपटा उठा। उदंती के पृष्ठों के लिए अपने दिल का गुबार निकाल कर मन हल्का तो हो गया लेकिन मेरी समस्या का समाधान मुझे नहीं मिल रहा है। मैंने अपने पढ़े- लिखे होने की जिम्मेदारी पूरी तरह निभाई है और पहल भी की है। लेकिन जब-जब सामने वाले इस घर में जब- जब पार्टी का आयोजन होता है, मेरे गुस्से का ग्राफ बढऩे लगता है। आज भी कुछ ऐसा ही हुआ है क्योंकि आज रात मुझे कानों में रुई डालकर सोने का प्रयास करना ही पड़ेगा, अन्यथा कल नौकरी पर कैसे जा पाऊंगी।