मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jun 1, 2025

संस्मरणः मिट्टी का मोह

 - शशि पाधा 

वर्ष 1965 का भारत- पाकिस्तान के घमासान युद्ध के साथ अनेक सामरिक तथ्य और कहानियाँ जुड़ी हुई हैं। यह वो महत्वपूर्ण युद्ध है जब भारत की शूरवीर सेना ने पाकिस्तान के बहुत से इलाके जीत कर भारत की विजयभूमि के साथ जोड़ दिए थे। पाठकों के लिए इस युद्ध के पहले के इतिहास को जानना आवश्यक है।

भारत के उत्तर में स्थित जम्मू-कश्मीर राज्य सदैव ही पाकिस्तान के लिए आँख की किरकिरी सा चुभता रहता है। वर्ष 1947 जब जम्मू -कश्मीर राज्य का विशाल भारत के साथ विलय हुआ था, तब से ही पाकिस्तान की कुदृष्टि इस राज्य पर रही है। वहाँ के नेता एवं सेनाध्यक्ष येन केन प्रकारेण इस राज्य में अशांति फैलाने की योजनाएँ बनाते रहते हैं और इतिहास गवाह है कि हर बार असफलता उनका मुँह तोड़ जबाब देती रहती है। ऐसी ही एक योजना के अनुसार पाकिस्तान ने वर्ष 1965 में  ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ (Opretion Jibraltar)  आरम्भ किया था, जो पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की रणनीति का सांकेतिक नाम था (Code word)। 

इस अभियान की योजना के अनुसार  वर्ष 1965 के अगस्त के महीने में  पाकिस्तान ने अपनी नियमित सेना के सैनिकों के साथ लगभग 1500  घुसपैठियों को  मिलाकर कश्मीर घाटी में प्रवेश किया था। पाकिस्तान को यह भ्रम था कि यह लड़ाई केवल युद्ध विराम रेखा के अंदर ही रहेगी और भारत कभी भी अन्तर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर युद्ध नहीं छेड़ेगा। इसके सफल होने पर, पाकिस्तान को कश्मीर पर नियंत्रण हासिल करने की उम्मीद थी; लेकिन इस अभियान में उसे बड़ी विफलता का सामना करना पड़ा। (मैं अपने पाठकों को अवगत करा दूँ कि जम्मू-कश्मीर से सटी पाकिस्तान के सीमा क्षेत्र को ‘युद्ध विराम रेखा’ के नाम से जाना जाता है और पंजाब के बाद के सीमा क्षेत्र को ‘अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा’ के नाम से पहचाना जाता है।)

 जैसे ही भारत के राजनेताओं को ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ का पता चला, भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री ने बिना समय गँवाए अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर पाकिस्तान के विरुद्ध युद्ध के मोर्चे खोल दिए। विभाजन के बाद दो पड़ोसी देशों के बीच यह सब से पहला युद्ध था।  लगभग पाँच महीने तक चलने वाले इस युद्ध में दोनों देशों की बहुत हानि हुई, बहुत से वीरों को अपनी जान गँवानी पड़ी और सैंकड़ों घर, गाँव तबाही की चपेट में आ गए। इस युद्ध का अंत संयुक्त राष्ट्र के द्वारा युद्ध विराम की घोषणा के बाद ही हुआ।

इस भयानक युद्ध के दो महत्त्वपूर्ण मोर्चों पर दो नगर बसे हुए थे... भारत की सीमा से सटा अमृतसर, और पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ लाहौर। सामरिक महत्त्व के इन दोनों नगरों के बीच बड़ी शान्ति से बहती थी ‘इच्छोगिल नहर’।

  इच्छोगिल नहर के उस पार का भू भाग था पाकिस्तान और इस पार की धरती थी भारत। इसी नहर के किनारे पर बसा हुआ ‘बर्की गाँव’ लाहौर से लगभग 13/14 किलोमीटर दूर था। युद्ध के समय भारतीय सेना वहाँ तक पहुँच गई थी। अब यह क्षेत्र और इसके आस पास के क्षेत्र भारतीय सेना के अधीन थे। उस समय मेरे पति अपनी यूनिट के साथ इसी क्षेत्र में तैनात थे। जब युद्ध अपने पूरी तेज़ी पर था तो बर्की गाँव के निवासी अपनी सुरक्षा के लिए गाँव छोड़कर किन्हीं सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए थे; किन्तु कुछ बूढ़े, बीमार और असहाय लोग अपना गाँव छोड़कर नहीं जाना चाहते थे। 

 23 सितम्बर को युद्ध विराम की घोषणा भी हो गई थी। अब बरकी गाँव के बचे-खुचे निवासी भारतीय सेना के मेहमान थे। भारतीय सैनिक उनकी सेवा करते, उन्हें दवा-दारू देते और हर परिस्थिति में उनकी सहायता करते। रोज़-रोज़ मिलने के कारण भारतीय सैनिकों का पाकिस्तान के गाँवों में बसे उन लोगों से भावनात्मक सम्बन्ध जुड़ गया था। आखिर मनुष्य तो मनुष्य का शत्रु नहीं होता है। युद्ध तो कराते हैं राजनेता, जिन्हें अपनी पदवी की स्थिरता के डाँवाडोल होने का सदैव भय ही रहता है।

   इसी गाँव में रहने वाले एक वृद्ध दम्पती किसी भी हालत में अपना गाँव छोड़कर नहीं जाना चाहते थे। वृद्ध पुरुष का नाम था चिरागदीन। उनकी पत्नी काफी अस्वस्थ थीं और वो कहीं जाने में असमर्थ थीं। उन्हें शायद शान्ति की आशा भी थी। उनकी कमज़ोर और असहाय परिस्थिति को देखकर हमारे सैनिक नियमित रूप से उनके लिए भोजन ले जाते थे। उनके साथ समय बिताकर कई पुरानी कहानियों का आदान- प्रदान होता था। वे विभाजन से पहले की बहुत सी यादें हमारे सैनिकों के साथ बाँटते और भावुक हो जाते थे।

एक दिन मेरे पति इस दम्पती से मिलने इनके घर गए, तो बातचीत के दौरान चिरागदीन ने इन्हें बताया कि उसका जन्म पंजाब के जालन्धर जिले के किसी गाँव में हुआ था और उसे अपने जन्मस्थान की, अपने बचपन के घर की बहुत याद सताती रहती थी। यह बात कहते हुए मेरे पति ने देखा कि उस वृद्ध की आँखें अश्रुपूर्ण थी। उस दिन की मुलाक़ात के बाद मेरे पति ने जब चिरागदीन से पूछा कि क्या उन्हें किसी चीज़ की ज़रुरत है, तो उसने हाथ जोड़कर कहा, “ साहब जी! इस उम्र में अब किसी चीज़ की क्या ज़रुरत है। वैसे भी आपके सैनिक हमारी हर प्रकार से सहायता कर ही रहे है।” 

उनसे विदा लेते हुए मेरे पति को ऐसा आभास हो रहा था कि वे इससे अधिक और भी कुछ कहना चाहते हैं और कहने में सकुचा रहे हैं। इन्होंने बड़े आदर से चिरागदीन से कहा, “ बाबा! कुछ है मन में तो बताइए, झिझकिए मत।”

इनके सांत्वना और आत्मीयता से भीगे शब्द सुनकर चिरागदीन की आँखों में एक चमक- सी आ गई। उन्होंने बड़ी आशा के साथ इनसे कहा, “ साहब जी! आप मुझे एक बार मेरे गाँव में ले जाइए। मैं मरने से पहले अपना जन्म स्थान देखना  चाहता हूँ ।” और वह बड़ी आस भरी दृष्टि से इनकी ओर देखता रहा।

 उसकी इच्छा पूरी करने में कुछ कठिनाइयाँ तो थी; किन्तु मेरे सहृदय पति ने एक दिन उसे एक फौजी जेकेट पहनाई, गाड़ी में बिठाया और ले गए उसे उसके गाँव जो पंजाब के जालन्धर नगर के आस-पास कहीं पर था। अपने गाँव को देखकर चिरागदीन बहुत भावुक हो गया। वह गाड़ी से नीचे उतर कर कितनी देर तक गाँव की गलियों में घूमता रहा। उस समय उसकी चाल में बच्चों जैसी उत्सुकता थी। बहुत से पुराने लोगों से वह अपने घर का पता पूछता रहा। उसकी पीढ़ी का शायद कोई नहीं बचा था उस गाँव में। उसे अपना घर तो नहीं मिला; लेकिन घर के आस-पास के पुराने वृक्षों में वह अपना बचपन ढूँढता रहा। 

मेरे पति ने परिहास में उससे कहा, “ बाबा! आराम से खेलिए इन गलियों में। यहाँ से कोई आपको बंदी बनाके नहीं ले जा सकता। आपने जितना समय यहाँ बिताना है, बिताइए।”

वहाँ कितना समय बीता, यह तो उस गाँव की गलियाँ और पुराने पेड़ ही बता सकते हैं। इस भावुक दृश्य के या तो वही गवाह थे और या थे मेरे पति। जैसे ही वापिस आने का समय हुआ, चिरागदीन ने अपने पैतृक गाँव की मिट्टी अपने दोनों हाथों में भर ली. उस मिट्टी को आँखों से लगाते हुए चिरागदीन ने भीगे हुए स्वरों में कहा, “ साहब जी! अगर देश का बँटवारा नहीं होता, तो आज मैं इसी धरती पर खड़ा होता और अंत समय पर इसी मिट्टी में ही समा जाता।” 

यह कहते हुए उसने उस मिट्टी को अपनी चादर के कोने में बाँध लिया। उस समय उसकी मानसिक परिस्थिति को मैं शब्द नहीं दे सकती। आप केवल उसे महसूस कर सकते हैं। वापिसी के सारे रास्ते पर चिरागदीन अपनी चादर के कोने में सुरक्षित बँधी मिट्टी को बार- बार छूता रहा। मानो अपने आपको भरोसा दे रहा हो कि उसकी सब से अमूल्य निधि उसके पास है। वापिस आकर जब मेरे पति ने उससे विदा ली, तो उसने दोनों हाथ आसमान की ओर उठाकर इन्हें दीर्घायु  होने का आशीर्वाद दिया और बड़ी आशा से इनसे पूछा, “ साहब जी!, क्या कभी ऐसा हो सकता है कि दोनों देश फिर से एक हो जाएँ?”

इस प्रश्न का उत्तर मेरे पति के पास भी नहीं था। इन्होने भी बस आकाश की ओर हाथ उठाकर विश्व शान्ति के लिए प्रार्थना ही की।

 लगभग छह महीनों के बाद ताशकंद समझौते के बाद भारतीय सेना को यह क्षेत्र पाकिस्तान को वापिस लौटाना था। मेरे पति इस वृद्ध दम्पती से मिलने गए। उन्होंने बड़े स्नेह से इन्हें गले लगाया, तस्वीर लेने को कहा और साथ में भेंट किया एक मिटटी का कटोरा और कुरान शरीफ की एक प्रति। विदा के समय दोनों की आँखें नम थीं। बँटवारा फिर से हो रहा था। सीमा रेखाएँ एक बार पुन: नक्शों पर खींची जा रहीं थी; किन्तु उस समय बर्की के उस छोटे से गाँव में केवल आपसी स्नेह, सद्भावना और मानवता की शीतल मंद हवा झूम रही थी। 

यह दोनों उपहार कितने वर्षों तक हमारे घर सामान के साथ बँधे घूमते रहे। अपने 40 वर्ष के सैनिक जीवन में हमने कितने घर बदले, कितन नगर घूमे, इसकी कोई गिनती नहीं कर सकती। कुछ चीज़ें कहाँ खो गईं, पता ही नहीं चला। किन्तु कुछ तस्वीरों में हमारा कल अभी भी सुरक्षित है और उसी पिटारी से आज कुछ तस्वीरें आपके साथ साझा करते हुए मैं स्वयं भावुक हो रही हूँ।

 अब आप ही बताएँ कि इस युद्ध में किसकी हार हुई और किसकी जीत ?????

ईमेल:  shashipadha@gmail.com

कविताः रणभेरी

  -  डॉ. सुरंगमा यादव


पल में क्या से क्या हो गया, समझ नहीं ये कुछ आया

खुशी रुदन में बदल गई थी, खूनी मंजर था छाया।

 


अभी सजा सिंदूर माँग में, मेंहदी का रंग गहराया

खुशियाँ सारी ढेर कर गया क्षण में आतंकी साया।

कायरता भी शर्मसार है, ऐसा कत्लेआम किया

सिंदूरी सपनों को पल में, अरथी पर है सुला दिया।

 

माँ का सूना आँचल कहता, लाल कहाँ तुम चले गए

वापस आए नहीं दुबारा किस पापी से छले गए ।

नाम धर्म का लेकर अपने धर्म को भी वे  लजाते हैं ।

खाने के लाले  हैं घर में, खैरात माँग इतराते हैं।

 

धर्म नहीं है उनको प्यारा, नफ़रत, हिंसा प्यारी हैं।

अपनी कौमों के माथे पर लिखते वे गद्दारी हैं ।

दहशतगर्दी फैलाना ही, धर्म जिन्होंने माना है

इंसानी जानों की कीमत, उनको क्या समझाना है।

 

शृगालों ने खुद ही आकर शेरों को ललकारा है।

उनका दण्डित करना ही अब पहला धर्म हमारा है।

प्रेम- अहिंसा धर्म हमारा, तब तक हमें सुहाता है

शत्रु हमारी ओर न जब तक  अपनी आँख उठाता है ।

 

दुष्ट- दलन के लिए कृष्ण को चक्र चलाना पड़ता है

मर्यादा पुरुषोत्तम को भी धनुष उठाना पड़ता है।

जिसको प्रेम- शांति की भाषा, अब तक  कभी नहीं भाई

उसे शस्त्र की भाषा  में  समझाने की अब बेला आई ।

 

जिसे ‘सीजफायर’ में भी बस ‘फायर’ याद ही रहता है

उसके इरादे ‘सीज़’ करें हम, बच्चा-  बच्चा कहता है।

धोखे का ही रक्त रगों में जिसकी बहता रहता है

उसकी क्रूर कुचालों की इतिहास सच्चाई कहता है।

 

सेना की रणभेरी ने अब ऐसा राग सुनाया है

दहशत फैलाने वाला ही, खुद दहशत में आया है ।

केवल ये ‘सिंदूर’ नहीं है, शिव का ताण्डव नर्तन है

वे भी बचा नहीं पाएँगे, जिनका मिला समर्थन है ।


दो कविताएँ

- स्वाति बरनवाल 

प्यारी लड़की

प्यारी लड़की!

आकाश में उड़ो

धरती पे उछलो

सपनों में रंग भरो।

 

प्यारी लड़की!

फूलों- सी महको

हवा- सी इतराओ

तितली की मानिंद 

मस्त रहो!

 

किताबों पर विश्वास और

खुद में हौसला रखो।

 

प्यारी लड़की।

थोड़ी- सी जिद्दी,

थोड़ी- सी अड़ियल

थोड़ी- सी दुराग्रही

और थोड़ी- सी मतांध बनो।

 

प्यारी लड़की!

इस मतलबी दुनिया में

तुमको ढेर सारे स्वार्थी,

चापलूस और खुदगर्ज लोग मिलेंगे

तुम्हारा उनसे भी सामना होगा।

 

प्यारी लड़की!

इस दुनिया में तुम 

किसी विशेष उद्देश्य से आई हो।

इससे पहले कि यह दुनिया तुम्हें 

अपने उसूलों के साथ जीना सिखा दे..

तुम दुनिया पलट दो।

2. तेईस के तजुर्बे

गिरी तो रोई, उठी तो लड़खड़ाई

चलने लगी तो फिर

ठोकर खाई

गिरी, उठी, सँभली

फिर चलने लगी।

 

वक्त- बेवक्त चंचलता जाती रही

और गंभीरता आती रही

यूँ कि थोड़ी देर रुक जाने से

जीने में आ जाती कोताही

और माथे मढ़ देती लापरवाही

का तमगा।

 

यूँ कि

उसके पहले ही

अपने ऊपर चढ़ा लिया जाए

कोई ठोस आवरण

और बचा जा सके

उम्र की हर सर्दी,

गर्मी और बरसात से

जिससे कभी होती थी

पैरों में थिरकन

बढ़ जाती थी दिल की धड़कन

और देह में सिहरन!

 

अब जब भी

गिरने को होती हूँ

तजुर्बा हाथ थाम

गिरने से बचा लेता है

बार बार, हर बार।

आलेखः परमाणु हथियार - सुरक्षा के लिए पाकिस्तान हुआ शरणागत

 - प्रमोद भार्गव

आपरेशन सिंदूर के दौरान जब पाकिस्तान के परमाणु संस्थान और आयुध भारतीय मिसाइलों की मार के दायरे में आ गए तो पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए और अमेरिका, चीन व इस्लामिक देशों की मदद से संघर्ष विराम कराने में सफल हो गया। इस हेतु अमेरिका और चीन ने कूटनीतिक चालें चलीं और उन्होंने अपेक्षित मंशा पूरी कर ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तो इतने बड़े बोल, बोल गए कि उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि मैंने दोनों देशों को धौंस देकर युद्ध विराम कराया है। यदि परमाणु युद्ध हो जाता, तो लाखों लोग बेमौत मारे जाते। यह मानवता के लिए बड़ा संकट होता। यानी ट्रंप ने दादागिरी जताते हुए धमकी भी दे दी और दो देशों के लोगों को बड़ी मानव त्रासदी से बचाने का कथित श्रेय भी ले लिया। हालाँकि अगले दिन ही प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए वैश्विक शक्तियों को जता दिया कि भारत ने अपनी सैन्य सामर्थ्य दिखा दी और युद्ध के नियमों का पालन करते हुए पर्याप्त संयम भी बरता। साथ ही यह चेतावनी भी दे डाली कि भारत किसी भी स्तर पर न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग अर्थात् परमाणु भयादोहन नहीं सहेगा। साफ है, यदि अब पाकिस्तान ने किसी भी प्रकार की आतंकी घटना को अंजाम दिया, तो पाकिस्तान को परमाणु भंडार समेत मिट्टी में मिला दिया जाएगा।

परमाणु भयादोहन का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय फलक पर क्यों उठा? और वैश्विक ताकतों की चूलें क्यों हिल गईं, इसे भारतीय सेना के पराक्रम से समझ लेते हैं। दरअसल हमारी सेना द्वारा दागी गईं  मिसाइलों की अचूक मारक क्षमता के दायरे में पाकिस्तान के परमाणु भंडार और संयंत्र आ गए थे। इससे न केवल पाक के पसीने छूट गए; बल्कि अमेरिका, चीन और तुर्किये भी बेचैन हो गए। चीन और तुर्किये के हथियारों की साख पर भी सवाल उठ खड़े हुए कि वे कितने उपयोगी हैं ? पाकिस्तानी सेना का मुख्यालय रावलपिंडी में है। इसी के निकट चकलाता में नूर खान एयरबेस के पास परमाणु कमान केंद्र है। पाक के पंजाब में सरगोधा हवाई पट्टी के पास परमाणु आदान-प्रदान केंद्र है। भारतीय वायुसेना ने ब्रह्मोस मिसाइलें सटीक निशाने पर दाग कर नूर खान और सरगोधा की हवाई पट्टियाँ पूरी तरह ध्वस्त कर दी थीं। हमारी मिसाइलें मछली की आँख पर अर्जुन के तीर की तरह लक्षित निशाने पर सटीक बैठीं। वस्तुतः नूर खान एवं सरगोधा हवाई अड्डों को भारी तबाही झेलनी पड़ी। 

 इन अचूक हमलों से पाकिस्तान के सेना अध्यक्ष जनरल असीम मुनीर और उनके अधीन सेना को दिन में तारे दिखाई देने लगे। सेना समेत पाक के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। जिस परमाणु शक्ति के बूते पाक के जिन बुजदिल नायकों को अपनी परमाणु शक्ति पर गर्व था और इसी ताकत के बूते ये भारत पर परमाणु हमला कर देने की धमकियाँ दिया करते थे, उन्हें अहसास हो गया कि उनके परमाणु हथियार भारतीय मिसाइलों के निशाने पर हैं। मसलन पाक ने समझ लिया कि भारत ने हमले नहीं रोके, तो उसके परमाणु हथियार एक-दो दिन के भीतर नेस्तनाबूद कर दिए जाएँगे। इस आशंका से भयभीत पाकिस्तान के लाचारी में आए आका अमेरिका के आगे नतमस्तक हुए और गिड़गिड़ाकर गुहार लगाई कि हर हाल में भारत के हमलों को रुकवाएँ। दरअसल, चौतरफा मात खाया पाकिस्तान चाहता था कि तत्काल संघर्ष विराम हो ? 

 कुल मिलकर युद्ध विराम से तत्काल तो अमेरिका, चीन और पाकिस्तान के मंसूबे सध गए, लेकिन भारत के मंसूबे पाक घोषित आतंक को पूरा सबक सिखाने से अधूरे रह गए।

  बावजूद आपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री मोदी और उनके सहयोगियों के नेतृत्व व हमारी तीनों सेनाओं के पराक्रम से जिस सीमा तक पहुँच गया था, उससे एक तो पाकिस्तान का यह मिथक टूट गया कि वह परमाणु हमला करने में सक्षम है ? दूसरे चीन और तुर्किये के हथियारों की औकात दुनिया के सामने आ गई कि वे कितने थोथे और अविश्वसनीय हैं। अतएव कालांतर में भारत की फौज से कोई भी प्रत्यक्ष युद्ध की स्थिति में सामना करने से कतरएगा; क्योंकि इस लड़ाई में चीन के जेट विमानों और वायु सुरक्षा प्रणाली की पोल खुल गई है। अब तक पाकिस्तानी संसद में भारत को यह कहते हुए धमकाया जाता रहा है कि हमारे परमाणु बम नुमाइश के लिए नहीं हैं। इसी धमकी को जम्मू- कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती भी दोहराती रही हैं कि पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार दिखावे के लिए नहीं रखे हुए हैं। कुछ कांग्रेसी नेता भी इस भय को जताकर आतंकवाद का पोषण और मुस्लिम तुष्टीकरण करने में लगे रहे हैं। आपरेशन सिंदूर के तहत हमारी तीनों सेनाओं के संयुक्त अभियान ने पाक की कथित शक्ति को तिनकों की तरह बिखेर कर, इस झूठ का ही पर्दाफाश कर दिया कि पाक के पास भारत से प्रत्यक्ष लड़ाई लड़ने का न तो कोई मनोबल है और न ही दृष्टि है।

  यहाँ भी समझने की जरूरत है कि परमाणु हमला कोई बंदूक का ट्रिगर नहीं है कि दबाया और गोली छूट गई। परमाणु हमले के लिए इसकी अलग-अलग स्थलों पर रखी इकाइयों को एक जगह लाकर जोड़ना होता है। इस प्रक्रिया में कम से कम आठ-दस घंटे लगते हैं। शत्रु देश यदि इस प्रक्रिया को अंजाम तक पहुँचाने के प्रयास में आता है, तो यह गतिविधि तुरंत अंतरिक्ष में स्थापित हमारे युद्ध संबंधी उपग्रहों की पकड़ में आ जाएँगे और सेना कमांड स्टेशनों को इस हरकत की खबर लग जाएगी। हम अपनी मिसाइलों की निशानदेही इस युद्ध में देख चुके हैं। इसके मायने हैं कि यदि पाक परमाणु हमले का प्रयास करता है तो उसके कथित मंसूबे पर अविलंब पानी फेर दिया जाएगा। इस समय हमारे पास थल, जल और वायु से मार करने वाली कई प्रकार की मिसाइलें उपलब्ध हैं। अतएव यह जानना भी जरूरी है कि परमाणु बम बनाना एक बार आसान है, लेकिन उसे चलाना उतना ही कठिन है। वरना अब तक रूस यूक्रेन पर और इजरायल फिलिस्तीन पर परमाणु हमले कर चुके होते ? हालांकि इजरायल को आमतौर पर परमाणु शक्ति संपन्न देश तो माना जाता है, परंतु इजराइल इस सच्चाई को न तो स्वीकारता है और न ही नकारता है। इजराइल की यह रणनीतिक अस्पष्टता उसकी ताकत को पुख्ता किए हुए है।

    भारत ने पहला परमाणु परीक्षण 1974 में किया था। इस समय देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं और देश आपातकाल के दौर से गुजर रहा था। इसके बाद प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में 1998 में दूसरा परमाणु परीक्षण हुआ था। इसे आपरेशन ‘शक्ति’ नाम दिया था, जबकि पहले परीक्षण को ‘बुद्ध मुस्कराए’ (स्माइलिंग बुद्धा) नाम दिया गया था। इन प्रतीकार्थों के अर्थ हैं, शक्ति से ही मानवता मुस्कुरा सकती है। ये दोनों ही परीक्षण राजस्थान के पोखरण क्षेत्र में किए गए थे। दूसरे परीक्षण के बाद दुनिया ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न देश मान लिया था। भारत के पहले परमाणु परीक्षण के बाद ही पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जुल्फिकार अली भुट्टो ने परमाणु बम बनाने का निश्चय करते हुए कहा था, ‘हम घास खा लेंगे, भूखे रह लेंगे, परंतु परमाणु बम अवश्य बनाएँगे।’ भुट्टो ने इसे मुसलमानों के लिए एक सुरक्षा कवच के रूप में प्रस्तुत किया। और फिर भौतिक एवं धातु विज्ञानी अब्दुल कादिर खान की मदद से परमाणु शक्ति संपन्न देश बना। कालांतर में 28 मई 1998 को बलूचिस्तान के चगाई जिले की रसकोह पहाड़ी पर चगाई-1 भूमिगत परमाणु परीक्षण किया। इसमें चीन ने भी मदद की थी। लेकिन आतंकवाद के पोशक पाकिस्तान को यह परमाणु क्षमता अपनी बौद्धिक कौशल दक्षता से कहीं ज्यादा यूरेनियम की चोरी से प्राप्त हुई थी। बहरहाल पाकिस्तान के पास इस वक्त 170 परमाणु हथियार होने के अनुमान हैं। इसी के समतुल्य भारत के पास 172 परमाणु हथियार बताए जाते हैं। यानी पाक  अपनी अनैतिकता की आदत से कभी बाज नहीं आया; इसीलिए एक बार फिर मोदी ने साफ किया है कि हमने ऑपरेशन सिंदूर रोका नहीं है, केवल स्थगित किया है। साफ है, पाक ने अब दोगली हरकत की तो पाक के परमाणु ठिकानों पर ही भारत की अचूक मिसाइलें गरजकर गिरेंगी।  उसके कथित परमाणु मुखौटे का मिथक भी उजागर हो गया है।

पर्यावरणः विरासत को संजोकर रखने वाला अनूठा गाँव पिपलांत्री !

  - सुनील कुमार महला

पेड़ हमारे पर्यावरण, हमारे पारिस्थितिकी तंत्र, मानव व धरती के समस्त प्राणियों, वनस्पतियों को बनाए रखने के लिए बहुत आवश्यक है। कहना ग़लत नहीं होगा कि पेड़ जीवन का मुख्य आधार हैं। यही कारण भी है कि हमारी सनातन भारतीय संस्कृति में पेड़ों को युगों -युगों से बहुत ही अहम् और महत्त्वपूर्ण स्थान दिया गया है। यहाँ तक कि हमारे यहाँ तो पेड़ों की पूजा करने तक का प्रावधान रहा है। हिंदू धर्म में तो पीपल, बरगद, केला, और नीम जैसे पेड़ों को अत्यंत पवित्र माना गया है।

 हमारी सनातन भारतीय संस्कृति में तो यहाँ तक माना जाता है कि पेड़ों में मनुष्यों के समान चेतना होती है। सच तो यह है कि भारतीय संस्कृति में पेड़ों को अपने पुत्रों से बढ़कर माना गया है। पाठकों को बताता चलूँ कि भारतीय संस्कृति को अरण्य अर्थात वृक्ष की संस्कृति भी कहा जाता है। बहरहाल, आज जंगल कम हो रहे हैं। वृक्षों की अंधाधुंध कटाई हो रही है। विकास के नाम पर, शहरीकरण और औद्योगिकीकरण के नाम पर वनों का अतिक्रमण हो रहा है।

हाल ही में आई केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 13,056 वर्ग किमी वन क्षेत्र पर अतिक्रमण हुआ है, जो दिल्ली के कुल क्षेत्रफल से भी अधिक है, यह चिंताजनक है। जानकारी मिलती है कि मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 5,460.9 वर्ग किमी वन भूमि पर कब्जा है, जबकि 409 वर्ग किमी भूमि अतिक्रमण मुक्त की जा चुकी है।

कहना ग़लत नहीं होगा कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय हरित अधिकरण को सौंपी गई रिपोर्ट कहीं न कहीं देश में वनों के अतिक्रमण की भयावह स्थिति को उजागर करती है; लेकिन वहीं देश में कुछ ऐसे भी स्थान हैं,जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में देश और समाज के समक्ष एक मिसाल प्रस्तुत करते हैं। पाठकों को बताता चलूँ कि राजस्थान के राजसमंद ज़िले का पिपलांत्री गाँव,  पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ ही लड़कियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है। जानकारी के अनुसार यहाँ हर नवजात बेटी के जन्म पर 111 पौधे लगाए जाते हैं और इस अनोखी पहल की वजह से यह गाँव हमारे देश में ही नहीं अपितु पूरी दुनिया में मशहूर है।

गाँव की खास बात यह है कि इस गाँव में हर तरफ हरियाली नजर आती है तथा यह पहाड़ियों से घिरा हुआ है। बहुत कम ही लोगों को यह जानकारी होगी कि गौचर भूमि संरक्षण,जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में इस गाँव का स्थान विश्व में प्रमुखता से लिया जाता है। इस गाँव में हजारों पेड़ लगाए गए हैं और यहाँ आप पक्षियों की चहचहाहट सुन सकते हैं। इस गाँव में पेड़ों को भाई मानकर पेड़ों के राखी बांधने की परंपरा आज भी कायम है। कहना ग़लत नहीं होगा कि पिपलांत्री मॉडल हमारे देश व समाज ही नहीं अपितु पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल है।

वास्तव में यह बालिकाओं को बचाने और हमारे पर्यावरण व पारिस्थितिकी की रक्षा की नींव पर निर्मित यह पर्यावरण-नारीवाद मॉडल कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राजस्थान के इस गाँव की कहानी वर्ष 2005 में राजस्थान के इस गाँव के सरपंच (पिपलांत्री गाँव के पूर्व सरपंच/पंचायत प्रमुख) श्री  श्याम सुंदर पालीवाल के साथ शुरू हुई। उन्होंने बालिकाओं को बचाने,जल संरक्षण करने तथा पेड़ लगाने का बीड़ा उठाया। 

उपलब्ध जानकारी के अनुसार वर्ष 2000 से पहले, पिपलांत्री गाँव में संगमरमर की खदानों और खदानों की भरमार थी, जैसा कि राजसमंद इनके लिए प्रसिद्ध रहा है। यहाँ पानी का स्तर 700- 800 फीट तक नीचे चला गया था और पीने तक के लिए पानी नहीं बचा था। गाँव में सामान्य बुनियादी ढांचे (बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर) जैसे कि सड़क, सिंचाई और कृषि का अभाव था। श्री पालीवाल को वर्ष 2007 में निर्जलीकरण(डिहाइड्रेशन) के कारण अपनी 17 वर्षीय बेटी किरण की मृत्यु का सामना करना पड़ा। इससे पिपलांत्री को बदलने का उनका जुनून और बढ़ गया। अपनी बेटी किरण की मृत्यु के बाद, उन्होंने अपनी बेटी किरण की याद में पहला पेड़ लगाया।

इससे पिपलांत्री गाँव में क्रांति का विचार आया। पालीवाल इस बात से वाकिफ थे कि किस प्रकार से एक लड़की को जन्म से पहले ही मार दिया जाता था, श्री पालीवाल ने बेटी जन्म पर एक पेड़ लगाने के विचार को बढ़ाकर 111 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा, इससे एक सामाजिक बदलाव की शुरुआत हुई। उनकी इस पहल के कारण अब तक 3 लाख से अधिक पेड़ लगाए गए हैं और 700-800 फीट से नीचे का जल स्तर मात्र 5 वर्षों में 15 फीट ऊपर उठ गया है। इतना ही नहीं,पेड़ों को दीमक से बचाने और फलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए उनके चारों ओर 2.5 मिलियन से अधिक एलोवेरा के पौधे भी लगाए गए हैं। एलोवेरा उत्पादों से आर्थिक बदलाव भी आएँ हैं, लोगों को रोजगार मिला है।

पाठकों को बताता चलूं कि गाँव में ‘किरण निधि’ योजना की शुरुआत की गई, जिसमें पंचायत द्वारा बालिका के नाम पर बैंक खाता खोला जाता था और उसमें 21,000 रुपये की शुरुआती राशि जमा की जाती थी। माता-पिता (जो शेष 11000 रुपये का योगदान करते हैं) को एक हलफनामे पर हस्ताक्षर करना होता है, जिसमें वादा किया जाता है कि वे कन्या- भ्रूण हत्या नहीं करेंगे या अपनी बेटी की शादी 18 वर्ष की आयु से पहले नहीं करेंगे, और वे उसे शिक्षित करेंगे। इससे यह सुनिश्चित होता है कि कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे और उसके पास अपने भविष्य के लिए पर्याप्त धन हो।

इतना ही नहीं, श्री पालीवाल ने खदान प्रबंधन का मुद्दा अपने हाथों में ले लिया, क्योंकि मार्बल का फेंका गया कचरा एक बड़ी समस्या के रूप में उभर रहा था और इससे गाँव की जमीनें बंजर हो रहीं थीं। श्री पालीवाल को निर्मल ग्राम पंचायत पुरस्कार मिला और पुरस्कार स्वरूप 5 लाख रुपये  मिले। श्री पालीवाल के कारण आज पिपलांत्री अपने प्राकृतिक संसाधनों पर एक आत्मनिर्भर और समृद्ध गाँव है। इतना ही नहीं, महिला व्यवसाय और शिक्षा के विकास से बालिका सशक्तीकरण का मुख्य लक्ष्य पूरा हुआ है। वन्य जीवन में वृद्धि देखी गई है, जल संरक्षण हुआ है और गाँव के लोग समृद्ध और खुशहाल हैं। श्री पालीवाल की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें वर्ष 2021 में प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

बहरहाल, कहना ग़लत नहीं होगा कि बेटी के जन्म को इस गाँव में एक बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाता है। आज भी बेटी के जन्म पर यहाँ 111 पौधे लगाने की परंपरा जारी है। कहना ग़लत नहीं होगा कि राजस्थान के राजसमंद जिले का यह गाँव लैंगिक समानता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामुदायिक भागीदारी का एक अनोखा, नायाब व खूबसूरत मॉडल प्रस्तुत कर रहा है।

सच तो यह है कि इस गाँव की यह परंपरा महज एक रस्म नहीं; बल्कि आज एक सामाजिक आंदोलन बन चुकी है, जो समाज की मानसिकता को बदलने का कार्य कर रही है। गाँव में हर नवजात बेटी के जन्म के साथ 111 पौधे लगाए जाते हैं, जो यह दर्शाता है कि यदि संकल्प सच्चा हो, तो इस दुनिया में कोई भी कार्य असंभव नहीं है। वास्तव में, गाँव की यह अनूठी प्रथा न सिर्फ़ जीवन के उत्सव का प्रतीक है; बल्कि पर्यावरण और लड़कियों दोनों के पोषण और सुरक्षा की शपथ भी है।

आज पौधारोपण के संकल्प से पूरे गाँव की बयार बदल चुकी है। हर तरफ हरितिमा का आवरण आज नजर आता है। आज गाँव में नीम, शीशम, आम और आँवला समेत अनेक प्रजातियाँ विद्यमान हैं। जल संरक्षण, वनस्पतियों का संरक्षण और साथ ही बेटियों की रक्षा का अनूठा संगम इसी गाँव में देखने को मिलता है। मुहिम का असर इस कदर हुआ है कि आज बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि गौरव का प्रतीक माना जाने लगा है। बहरहाल, कहना चाहूंगा कि पिपलांत्री का यह मॉडल लैंगिक समानता, जलवायु अनुकूलन, जैव-विविधता और टिकाऊ विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) का अनूठा प्रतीक बन चुका है।

वास्तव में, पर्यावरण संरक्षण और लैंगिक समानता के प्रति गाँव के ऐसे समग्र दृष्टिकोण ने गाँव को सामाजिक, आर्थिक व सांस्कृतिक प्रगति के प्रतीक में बदल दिया है। अंत में, यही कहूंगा कि राजस्थान के राजसमंद के पिपलांत्री की यह कहानी महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जमीनी पहल को दिखाती है। हमें यह चाहिए कि हम राजसमंद के इस गाँव से प्रेरणा लें और अपनी युवा पीढ़ी को इसके बारे में जानकारी दें ताकि वे पर्यावरण संरक्षण के साथ ही जल संरक्षण और बेटियों की सुरक्षा व संरक्षण के प्रति कृतसंकल्पित हों सकें। (indiaclimatechange से साभार)