मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Apr 1, 2025

हाइबनः तुम बहुत याद आओगे

  - प्रियंका गुप्ता

उस रात जाने क्यों मन थोडा उदास- सा था...अजीब सी बेचैनी। बहुत सारी बातें थी मन में; पर समझ नहीं आ रहा था कि बेचैनी थी आखिर किस बात पर। अजीब- सा अहसास। बहुत हद तक कारण अगले दिन समझ आ गया,जब शैडो के जाने की ख़बर मिली।

शैडो, कहने को किसी को जो हिकारत से कहा जाता है, वह था। यानी कि गली का कुत्ता, स्ट्रीट डॉग था वह। मेरी गली का एक वफादार बाशिंदा। बहुत सारे इंसानों से ज्यादा भावनाएँ मैंने उसमें देखी थी। इंसानी हिसाब से देखा जाए, तो वो एक दीर्घायु जीकर गया। तेरह साल की उम्र, जब कुत्तों की अधिकतम आयु शायद चौदह साल ही होती है।

अंतिम के तीन दिन, जब उसने खाना-पीना छोड़ा, उसके पहले तक वो सचमुच शैडो बनकर मेरे साथ चला। नाम उसका वैसे मोती था; पर जब वह इस मोहल्ले में आया था, जाने कैसे चुनमुन ने उसे `शैडो' बुलाना शुरू कर दिया था। वह अपने दोनों नाम पहचानता था, बातें समझता था। रात को मेरे गेट का ताला बंद होने से पहले अगर किसी दिन वो कहीं लापता होता और रोटी न खा पाता, तो दूसरे दिन सुबह गेट खोलते ही एक ख़ास अंदाज़ में शिकायत होती मुझसे और मेरे इतना कहते ही-हाँ-हाँ, समझ गए, कल खाना नहीं मिला था न, अभी देते हैं। बिलकुल शांत हो जाता था।

लम्बाई-चौडाई यूँ थी कि अपनी जवानी के दिनों में कि मजाल है कोई अनजान मोटरसाइकिल वाला भन्नाटे से सही सलामत गली से गुज़र सके। इसलिए बच्चों का लाडला था शैडो; क्योंकि गली क्रिकेट में फील्डिंग के साथ-साथ वो इस तरह के घुसपैठियों से भी सबको बचाता था।

एक वफादार साथी की तरह न जाने कितनी दूर तक वो अक्सर मेरे साथ चला है, एक बच्चे की तरह न जाने कितनी बार दो पैरों पर खड़े होकर गले लगा है और जाने कितनी बार किसी अनजान को मेरे दरवाज़े पर ऐंवेही फटकने से भी रोका था।

लोगो को अपनी भयानक आवाज़ से कँपा देने वाला शैडो हमारे झूठमूठ धमकाने पर यूँ दुबक जाता था कि बरबस हँसी आ जाती थी। जिसने उसे कुछ सालों पहले तक देखा था, वो उसे ‘गली का कुत्ता’ कहने की बजाय ‘गली का शेर’ ही कहते थे।

वह किसी एक का नहीं था, फिर भी सबका था। मौत को अपना बना वो तो अपने कष्टों से मुक्ति पा गया; पर आज भी जब मेरी ही तरह उसे इस गली के कई लोग याद करते हैं, तो ऐसे में मुझे उन लोगों पर तरस आता है, जो अपने कर्मों के कारण ऐसी याद से भी वंचित हैं, उस प्यार से वंचित हैं, जो एक ‘गली का कुत्ता’ पा गया।

शैडो के जाने के बाद उसकी विदाई में बस एक ही बात दिल में गूँजी थी- तुम बहुत याद आओगे, हमेशा याद आते रहोगे, हर उस पल में जब कोई साया साथ चलेगा।

वफ़ा की सीख

बेजुबान दे जाते

नेह से भरे।

कविताः बोलने से सब होता है

 





- रमेश कुमार सोनी

बहुत बोलता है वह,

बोलते-बोलते उबल जाता है 

आग बबूला हो जाता है

उसे यह सब अच्छा लगता है 

क्योंकि उसके अनुसार तो 

यही उसका टोन है 

उसे नहीं मालूम कि 

कब,कहाँ उबलना है और क्यों

लोग उसे अब नजरंदाज करते हैं।


दूसरा बिलकुल ही नहीं बोलता

ख़ामोशी आदत हो चुकी है

बर्फ़ की मानिंद ठंडा

उकसाने पर भी चुप

कहता है जाने दे ना जी

उसे भी नहीं पता कि 

कब, कहाँ, कैसे और क्या बोलना है

लोग इसे भी नजरंदाज करते हैं।


एक वो हैं जिनके 

बोलने से फूल झरते हैं 

लोग उसके बोलने की प्रतीक्षा में हैं

वह अमूमन सिर्फ इशारों में 

जवाब देकर मुक्त हो जाती है

इसे भी बोलना नहीं आता कि 

कब, कहाँ, कैसे और क्या बोलना है

लोग इसे भी नज़रंदाज़ करते हैं।


बोलना चाहिए गूँगे को भी

अन्याय और शोषण के विरुद्ध 

चीखना चाहिए आसमान सिर उठाकर 

ज़िगर के साथ,नज़र मिलाकर

सीना ठोंककर बोलें

पीठ पीछे तो कोई भी बोलता है।


बोलना सिर्फ विरोध में क्यों?

कभी प्रशंसा के बोल भी बोलें

इन दिनों कोई भी, कुछ भी 

कहीं भी बोलकर चला जाता है और 

लोग हैं कि लकीरें पीट रहे हैं

बोलना यानी आंदोलन और 

चुप रहना यानी 

मौन जुलूस कतई नहीं है।

 

बोलने के लिए साहस चाहिए 

यह शक्ति हमें हमारी एकता देती है

कभी किसी से बोलकर तो देखिए

मेरे पिताजी कहते थे 

ज़बान पर शहद लगाकर बोलो 

कि पत्थर दिल भी मोम हो जाए

इन दिनों सही को सही और 

ग़लत को ग़लत बोलने वाला ढूँढ रहा हूँ मैं।

व्यंग्य कथाः आराम में भी राम...

  - डॉ. कुँवर दिनेश सिंह 

प्रभु राम में अपनी पूरी आस्था है। लेकिन जब ऐसे लोगों को फलते-फूलते देखता हूँ जो हराम की खाते-पीते हैं, तो कदाचित् यह सोचने को मजबूर- सा हो जाता हूँ कि क्या ऐसे लोगों के सिर पर भी राम का वरदहस्त रहता है?

प्रोफेसर रामभरोसे जब मरेंगे, तो उनके चित्र पर माला चढ़ाई जाएगी, इस बात को याद करने के लिए कि ये एक मात्र ऐसे प्रोफेसर थे जिन्हें कुछ भी न करने के लिए तनख़्वाह मिलती थी। प्रोफेसर रामभरोसे का रिकॉर्ड है वे कभी क्लास में पढ़ाने को नहीं गए। साल में एक या दो बार ही क्लास में जाते हैं, बस छात्रों को अपनी जीवन-शैली के बारे में कुछ बातें बताने के लिए और कॉलेज- लाइफ सम्बन्धी हिदायतें देने के लिए।

कई बार तो कुछ छात्र एकत्र हो उनकी शिकायत लेकर प्राचार्य के पास पहुँचे। प्रोफेसर भी प्राचार्य के पास ही मौजूद थे, जैसा कि वे अक्सर किया करते थे। इस सम्बन्ध में वे कहा करते, "नियर टू चेयर, नियर टू गॉड" यानी जो कुर्सी के नजदीक, वह ईश्वर के नजदीक। छात्रों ने प्राचार्य को बताया कि बहुत दिन हुए उनकी इतिहास विषय की कोई क्लास नहीं लगी है। प्राचार्य ने पूछा कि कौन प्रोफेसर पढ़ाते हैं? वे बोले यह भी तो मालूम नहीं कि टीचर कौन हैं?  उनका नाम भी तो मालूम नहीं।

प्राचार्य ने प्रोफेसर रामभरोसे से पूछा कहीं यह क्लास उनकी तो नहीं? टाईमटेबल की जाँच के बाद मालूम हुआ, यह क्लास प्रोफेसर रामभरोसे की ही थी। बहुत क़रीबी होने की वजह से प्रोफेसर से प्राचार्य ने कुछ अधिक नहीं बस इतना ही आग्रह किया कि वे ज़रा छात्रों की जिज्ञासा को शान्त कर दें।

प्रोफेसर रामभरोसे को प्राचार्य की बात रखने के लिए उस दिन क्लास में जाना पड़ा। क्लास में जाते ही उनका प्रवचन शुरू हुआ - "देखो भाई लोगों, स्कूल की पढ़ाई और कॉलेज की पढ़ाई में बहुत फ़र्क़ होता है। कॉलेज होता है एक्सपोजर लेने के लिए। बंद कमरे की पढ़ाई से एक्सपोजर नहीं मिल सकता। किताबी कीड़े बने रहोगे, तो आज के समाज की, देश की वास्तविकताओं से रूबरू कैसे हो पाओगे? अब बड़े हो गए हो, समाज की हक़ीक़तों को समझो, प्रेक्टिकल बनो, और देश की समस्याओं को सुलझाने में अपना योगदान दो। इसलिए घूमो, फिरो और बाहर की दुनिया की भी सुध लो। एक्सपोजर मिलेगा, तो तुम्हारा व्यक्तित्व और निखरेगा; जीवन के संघर्ष को जानोगे, तो कभी हालात से हारोगे नहीं . . . और जहाँ तक इतिहास विषय का प्रश्न है, तो भला यह भी कोई पढ़ने-पढ़ाने का विषय है? बस पढ़ जाओ इतिहास की किताब को कहानी की तरह और जिन्हें ज़्यादा विस्तार और गहराई में विषय की जानकारी चाहिए वे छात्र मैडम संतोष की क्लास में जा सकते हैं। और बाकी छात्र वार्षिक परीक्षा के दस दिन पूर्व आकर मुझसे महत्त्वपूर्ण प्रश्न नोट कर लेना. . .।" चूँकि प्रश्न-पत्र बनाने वालों की सूची में भी प्रोफेसर रामभरोसे शामिल रहते, प्रश्न-पत्र में उनके बताए दस में से पाँच प्रश्न तो आ ही जाते हैं। आश्चर्य की बात नहीं, कैम्पस में छात्र उनके पैर छूते हुए नज़र आते हैं। और इस तरह प्रोफेसर ने छात्रों की जिज्ञासा शान्त कर दी।

दरअसल प्रोफेसर रामभरोसे का शौक़ है ठेकेदारी व ज़मीन-जायदाद आदि में दलाली का। और अपने इस शौक़ के लिए वे हमेशा दत्तचित्त रहे हैं। यहाँ ज़मीन बेची, वहाँ ख़रीदी; यहाँ कोई मकान बनवाया, वहाँ कोई मकान ख़रीदा, फिर बेचा . . . इसी तरह के काम हैं जिनमें उनकी रुचि भी है । ऐसे ही चौदह-पन्द्रह बरस निकल गए। कहीं ज़्यादा शिकायत हुई, तो बात हँसी-ठिठोली में टाल दी; और यदि फिर भी बात नहीं बनी, तो राजनीतिक सम्पर्क का फ़ायदा उठाकर अपना स्थानान्तरण करा लिया। राजनीतिक पार्टियों में भी उनकी सत्तासीन व विरोधी दोनों दलों में बराबर पैठ है।

हाल ही में एक चमत्कार हुआ। यह चमत्कार ही था, जब समाचार पत्रों में छपा कि कुछ प्राध्यापक पदोन्नत हो गए और बहुत-से प्राध्यापकों को पीछे कर प्राचार्य बन गए हैं - जिनमें प्रोफेसर रामभरोसे का नाम प्रथम स्थान पर था। और उन्हीं के जैसे कुछ अन्य भी उस सूची में शामिल थे। उनकी बेफिक्री व आरामपरस्त  जीवन-शैली को देखते हुए जब कभी कोई प्रोफेसर साहब से कहता कि ज़्यादा आराम भी अच्छा नहीं होता, तो वे तपाक् से कहते - अरे भई, आराम में भी राम हैं. . ." यह सच है कि प्रोफेसर रामभरोसे ने हमेशा आराम की खाई। लेकिन जिसे वे आराम कहते, वह असल में हराम है। 

लघुकथाः आदतें

  - सारिका भूषण

"साहब! मिसरी या गुड़ कुछ थोड़ा- सा मिलेगा क्या? आज रोटी नहीं ला पाया। घर पहुँचने में घंटा भर से ऊपर लग जाएगा।"- ठेकेदार के जाते ही, घर की मामूली मरम्मत का काम करने आया वह दिहाड़ी मजदूर, घर के मालिक को बाहर आते देखकर बोला।

"हाँ ... हाँ । क्यों नहीं ... दो मिनट रुको। अभी लाता हूँ।"- रमेश बाबू उसकी धँसी हुई आँखों और सूखे होंठ से नज़रें हटाकर बोले।

दोपहर का भोजन रमेश बाबू कर चुके थे; इसीलिए डाइनिंग टेबल पर रखे कैसरोल खाली हो चुके थे। बाई से उन्होंने आज ही फ्रिज की सफ़ाई करवाई थी; नहीं तो कुछ बासी खाना तो ज़रूर मिल जाता।

"चलो सत्तू ही चार चम्मच घोलकर दे देता हूँ, उस बेचारे को।" - रमेश बाबू ने नमक, मिर्च और नींबू डालकर बड़े प्यार से एक गिलास सत्तू का घोल तैयार कर दिया। उनके हाथ से स्टील का गिलास लेकर वह मज़दूर एक साँस में सत्तू गटक गया। फिर एक मटमैली बोतल से अपनी तृप्त होती आत्मा को झकझोरते हुए, पानी कंठ से उतार लिया।

रमेश बाबू एकटक देखे जा रहे थे।

"ठीक है साहब, चलता हूँ। कल सुबह 8 बजे तक आ जाऊँगा। हाँ! रोटी लेकर आऊँगा। घरवाली को भगवान ने जल्दी बुला लिया साहब! अभी आदत नहीं हुई है, उसके बिना रहने की!"- वह मज़दूर भारी आवाज़ में बोलता हुआ, हाथ जोड़कर निकल गया।

रमेश बाबू को ध्यान आया कि सत्तू के डब्बे का ढक्कन उनके हाथ में हैं। वे झटपट रसोई में गए और ढक्कन लगाकर डब्बे को ऊपर वाली शेल्फ में रखने लगे। अचानक उन्हें डब्बे पर बीवी की हाथों से लिखा हुआ धुँधला शब्द 'बेसन' दिखा और वे कुछ देर के लिए सन्न हो गए।

उनके सामने दो चेहरे थे- एक तो बेसन को सत्तू समझकर पीने वाला वह भूखा मजदूर, जिसको ग़रीबी की आदत लग चुकी थी और दूसरा चेहरा अपनी बीवी का, जिसको भगवान ने कुछ महीने पहले ही अपने पास बुला लिया था, जिसके बिना रहने की आदत अभी तक उन्हें नहीं लग पाई थी। 

Email- reetu.sarika@gmail.com

कहानीः बालमन

 - डॉ. कनक लता मिश्रा 

बचपन बड़ा ही मासूम होता है, बहुत ही सुंदर, कोमल, नव कोपलों के समान ताजगी से भरा हुआ। सारे ही भावों का शुभारंभ यहीं से होता है। इसे हम यों भी कह सकते हैं कि सारे भावों की जड़े यही से प्रारंभ होती हैं और इसलिए भावों की गुणवत्ता का निर्धारण भी यहीं से होता है और यह इस बात पर निर्भर है कि उसमें किस प्रकार का खाद पानी मिलाया जा रहा है, कितनी धूप, कितनी तपिश, कितनी हवा, कितनी शीतलता मिल रही है। मिट्टी भी बहुत महत्त्वपूर्ण स्थान रखती है। यही कारण है, जिस तरह से हमारे शरीर का रूप, रंग व हमारे शरीर की आकृति दूसरों से भिन्न होती है उसी तरह से हमारे मन का भी रूप रंग और आकार सबसे भिन्न होता है और सबसे अलग अस्तित्व लिए रहता है।

हाँ , तो हम बचपन की बात कर रहे थे। उस बचपन की, जिससे होकर हर कोई गुजरता है। 

  एक छोटी- सी बच्ची रत्ना, जो अब बच्ची नहीं, एक प्रौढ़ा हो चुकी है।  बात उस वक्त की है, जब रत्ना केवल सात वर्ष की थी और मोहल्ले के ही एक शिशु मंदिर की दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। उन दिनों बच्चे सुनियोजित जीवन जीने के आदी नहीं होते थे और ना ही बच्चे समाजीकरण की प्रक्रिया को सोशल मीडिया से सीखते थे; बल्कि वास्तविक समाज का अवलोकन करते हुए अपने खेल खिलौनों के माध्यम से सीखते थे। तब वीडियो गेम्स नहीं होते थे और ना ही बच्चों के पास कार्टून चैनल बदलने का विकल्प हुआ करता था। टीवी पर कुछ चुने हुए कार्टून आते थे और वह भी एक निश्चित समय पर और फिर सबसे बड़ी बात तो यह थी कि टीवी भी गिने-चुने घरों में हुआ करते थे। रत्ना के घर में भी नहीं था, हालाँकि रत्ना कभी - कभार माँ से मिन्नत- मशक्कत करके इजाजत ले लेती थी और मोहल्ले की एक चाची के घर जाकर टीवी देख आती थी । पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए घरवाले इतना जोर नहीं दिया करते थे। हाँ, स्कूल जाना और रात के समय जब तक माँ खाना ना दें, तब तक किताब लेकर जोर-जोर से पढ़ने का कार्य किया जाता था। दोपहरी तो घर वालों को चकमा देकर सहेलियों के साथ खेलने का समय हुआ करता था । कभी साइकिल चलाना, कभी आम की कैरी तोड़कर किसी एक के घर में इकट्ठा होकर कैरी को छीलकर, काटकर नमक डालकर चटखारे लेकर खाना और किसी - किसी दिन माँ को खुश करने के लिए कैरी लाकर माँ को देना और कहना- माँ चटनी बनाने के लिए लाई हूँ । एक और भी बहुत सुंदर परंपरा थी उन दिनों की और वह यह कि दिवाली के दो एक दिन पहले हर छोटे बड़े घरों में आँगन जो कि उस समय घर का अहम हिस्सा हुआ करता था, छोटा या बड़ा कैसा भी और हाँ खुला हुआ। उसी आँगन के एक कोने में एक बहुत छोटा- सा घर बनाया जाता था, जिसे बच्चे ही मिलकर बनाया करते थे बारी - बारी से सबके घरों में जाकर। किसी किसी परिवार में बड़े भी जिसमें ज्यादातर बड़े भाई- बहन भी रुचि लेते थे और घर को बनाने से लेकर सजाने सँवारने तक में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। घर का रंग- रोगन भी किया जाता था, कभी चावल के आटे से तो कभी हल्दी मिलाकर या कभी चूने से। कुछ पुराने कपड़ों से तथा लकड़ियों से गुड़िया- गुड्डा भी बना करते थे और ये गुड़िया -गुड्डा और उनका परिवार इन्हीं घरों में रहा करते थे। इस घर में वे अपनी संपूर्ण साज़ो-सामान के साथ रहा करते थे। एक दिवाली से दूसरी दिवाली तक का समय अर्थात एक वर्ष का समय अंतराल उनका संपूर्ण जीवन काल होता था इसी एक वर्ष में यह युगल एवं इनका परिवार जीवन के सभी पखवारे जी लिया करते थे।

      रत्ना के छोटे से घर में भी एक बड़ा- सा आँगन, जिसके कोने में हर साल एक छोटा- सा घर बना करता था, जिसमें माता पिता के लिए चाचा चाची के लिए दादा दादी के लिए और अतिथियों के लिए अलग-अलग कमरे हुआ करते थे बच्चों का अस्तित्व माता पिता के होने से हुआ करता था; इसलिए बच्चों के लिए अलग से कमरे नहीं होते थे। पूजा और धार्मिक कार्यों हेतु अलग से स्थान हुआ करता था। उस समय इसके लिए अलग कमरे नहीं होते थे और इसी के साथ घर के एक कोने में सामूहिक रसोईघर होता; क्योंकि यही परंपरा मान्य थी; अतः इस छोटे से गुड़िया गुड्डे के घर में भी यही परंपरा निभाई जाती है। मिट्टी के छोटे छोटे खिलौने वाले बर्तन भी होते थे।

रत्ना ज़्यादातर दादी के साथ सोया करती थी। इसका एक महत्त्वपूर्ण कारण भी था और वह यह था कि दादी सोते समय कहानी तो सुनाती ही थी, साथ ही जब तक रत्ना सो ना जाए, तब तक बालों में हाथ फिराती थी। एक रोज़ रत्ना को देर रात तक नींद नहीं आई। उस रात भी रत्ना दादी के साथ ही सोई थी। उस रात दादी कहानी सुनाते सुनाते सो गई; पर रत्ना देर तक नहीं सो पाई। वृद्ध लोग थोड़ी थोड़ी देर में नींद से जगते रहते हैं, सो दादी भी जगी और जागते ही उनका ध्यान रत्ना पर गया और उन्होंने देखा कि वो अभी तक सोई नहीं, तब उन्होंने पूछा कि बिटिया तुम अभी तक सोई क्यों नहीं? तब रत्ना ने बड़े ही भारी मन से कहा, “माई मुझे चिंता है।” (रत्ना दादी को माई कहती थी)

 माई ने पूछा, “भला किस बात की तुम्हे चिंता हो गई?”

 रत्ना ने बड़े ही रुँधी हुई आवाज़ में जवाब दिया- “माई कल मेरी गुड़िया की शादी है और मेरे पास बर्तन नहीं हैं, जो दीवाली पे लिया था वह सारे टूट गए । मुझे चिंता है, मैं शादी में आने वाले मेहमानों को किस में खाना खिलाऊँगी ?” 

 माई ने बड़े ही प्यार से कहा, “हाँ, यह तो चिंता की बात है; पर अभी सो जाओ। मै कल देख लूँगी और सारी व्यवस्था कर दूँगी।”

 चिंता बाल मन की थी, सो भरोसा आसानी से हो गया और फिर माई ने जैसे ही प्यार से सिर पर हाथ फिराया रत्ना कुछ ही पल में बेसुध होकर सो गई। अगली सुबह चिंता फुर्र हो चुकी थी। सुबह उठते ही स्कूल के लिए तैयार हुई  और मस्ती में स्कूल चली गई। स्कूल में ज्यादातर मोहल्ले की सहेलियाँ ही साथ में पढ़ा करती थीं। उन्हें देखकर रत्ना की चिंता की लकीरें फिर से खींचने लगीं; पर फिर यह सोचकर कि माई सब ठीक कर देगी, वह सबको निमंत्रण देने लगी। सब ने बड़ी उत्सुकता से निमंत्रण स्वीकार किया। रत्ना घर आते ही सबसे पहले माई के पास गई। माई के चेहरे पर एक बहुत ही प्यारी- सी मुस्कान दिखाई दी सुमन को । रत्ना ने माई से कुछ नहीं पूछा बस गले में हाथ डाल कर झूल गई । माई ने स्नेह और रुदन- मिश्रित आवाज में कहा, “छोड़ दे बिटिया, तेरी बूढ़ी माई की हड्डियाँ कमजोर हो गई हैं , टूट जाएँगी, तो फिर शाम को तेरी गुड़िया की शादी कैसे देखने जा पाएगी।”

   रत्ना का भोला मन उछल पड़ा और बड़े ही स्नेहिल भाव से माई को देखने लगी और फिर बोली “माई तुम कितनी अच्छी हो, तुम सारे नए बर्तन ले आई ना? अच्छा माई तुम कौन- सी साड़ी पहनकर आओगी? वही वाली पहनना, जो तुमने छोटे काका की शादी पर पहना था । आओगी ना माई? घर में सबको कहो ना माई, तुम कहोगी, तो सब आएँगे - माँ, दीदी, भइया सब.. सब आएँगे। माई सबसे कह देना कि सब लोग अच्छे कपड़े पहनकर आएँगे। अच्छा माई, तुम बताओ मैं कौन सी वाली फ्रॉक पहनूँ?”

 दादी बड़े ही लाड़ से बोलती हैं, “तू कोई सी भी फ्रॉक पहने तू पुतरी ही लगेगी मेरी बच्ची, जा अब तैयारी कर ले वरना सब मेहमान आ जाएँगे और तू काम में हीं लगी रहेगी।”

 रत्ना ने कहा, “हाँ माई, मैं जा रही हूँ अभी तो बहुत काम बचा है।” और फिर रत्ना ने जल्दी से माँ से खाना लेकर किसी तरह से खत्म किया और फिर तुरंत ही अपनी गुड़िया के उस छोटे से घर में गई। जाकर देखा, तो देखती ही रह गई । घर सफेद रंग से रँगा हुआ है।  बूढ़ी उँगलियों से उस घर की हर ई़ट के किनारे को हल्दी के पीले रंग से किनारी रूप में सजाया गया है। मुख्य द्वार से बाहर छोटी- छोटी ईटों से घेरा बनाया गया। घेरे के अंदर आटे और हल्दी के मिश्रित पाउडर से स्वस्तिक भी बनाया गया है। रत्ना घेरे के अंदर स्वस्तिक को बचाते हुए धीरे- से बैठी। और अब कॉपी के गत्ते से बनाए घर के दरवाज़े को खोला। सभी छोटे- छोटे कमरों में छोटे- बड़े सभी तरह के मिट्टी के बर्तन करीने से सजाए गए हैं। एक कमरे में गुड़िया को नए कपड़े पहनाए गए हैं और उसे छोटी-छोटी मोतियों की नथ और टीके, हार और कर्णफूल भी पहनाएँ गए हैं । यह सब देखकर रत्ना के पैर ज़मीन पर नहीं थे, वह खुशी से फूली नहीं समा रही थी। वह तुरंत माई के पास गई है और मारे ख़ुशी के माई की गोद में अपना सर छुपा लिया। माई भी बड़े प्यार से रत्ना के माथे पर आई हुई लटों को सँवारने लगी।

लेखक के बारे में-  जन्मतिथि- 5 अक्टूबर, 1978, शिक्षा- M.Sc., Ph.D, संप्रति- प्रोफेसर, गृह विज्ञान, सेंट जोसेफ कॉलेज फॉर वुमेन, सिविल लाइंस, गोरखपुर, विधाएँ- कहानी, कविता, उपन्यास, ग़ज़ल, समीक्षा, प्रकाशन- कहानी संग्रह- डेढ़ पाव ज़िन्दगी…पुल भर मन, असंरचित क्षेत्रों में महिलाओं की सामाजिक आर्थिक स्थिति, पत्र पत्रिकाओं में रचना प्रकाशित, संप्रति- प्रोफेसर, गृह विज्ञान, सेंट जोसेफ कॉलेज फॉर वुमेन, सिविल लाइंस, गोरखपुर, Email- kanaklata1802@gmail.com