मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 1, 2023

30 मार्चः रामनवमी- रामचरित मानस में पर्यावरण- संरक्षण

 - डॉ. लालचन्द गुप्त ‘मंगल’

परि़+आङ्+वृञ (वरणे) +ल्युट् (अन) = ‘पर्यावरण का अर्थ है- चारों ओर से आच्छादित करने वाला; जिससे हम आवृत्त है; जो हमारे चारों ओर विद्यमान है। पर्यावरण को पंचतत्त्व /पंचभूत (धरती, जल, तेज, वायु आकाश) द्वारा निर्मित प्राकृतिक जगत् भी कह सकते हैं। यह दुनिया, यह पर्यावरण, यह प्रकृति अन्योन्याश्रित एवं अविभाज्य अंग की तरह कार्य करती है। पर्यावरण का यह स्वरूप, संतुलित आकार-प्रकार हमारे अस्तित्व और विकास के लिए आवश्यक ही नहीं. अनिवार्य भी है। ध्यान रहे, जब इस पर्यावरण में असंतुलन उत्पन्न हो जाता है अथवा कर दिया जाता है, तो यह प्रदूषण का रूप धारण करके मानव-जीवन के लिए अनिष्टकारी हो उठता है। आज समूचा विश्व पर्यावरण-प्रदूषण की विभीषिका को भोगने के लिए अभिशप्त है, क्योंकि प्राकृतिक संसाधनों के अविवेकपूर्ण दोहन एवं दुरुपयोग से पर्यावरण-प्रदूषण एवं प्राकृतिक असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन, ग्लोबल वार्मिंग, ओज़ोन परत की क्षीणता तथा परमाणु हथियारों का प्रतिस्पर्धात्मक निर्माण एवं दुरुपयोग आदि इस पर्यावरण-प्रदूषण के मुख्य कारक है ।

यहीं यह बताना भी उचित रहेगा कि अतीतकालीन भारत में भी नारायणास्त्रों, पाशुपतास्त्रों और ब्रह्मास्त्रों आदि का प्रयोग होता रहा है, लेकिन, आज के हथियारों के सामने, इन्हें बाल-पतंग के समान माना गया है--फलस्वरूप उस काल में पर्यावरण- प्रदूषण की कोई गंभीर समस्या कभी दिखाई नहीं पड़ी।

स्मरण रहे विश्व-राजनेता चिन्ता करें, न करे, संवेदनशील साहित्यकार तो चिन्ता करता ही है। यही कारण है कि संसार में उपलब्ध प्राचीनतम ग्रन्थ ‘ऋग्वेद’ में भी शुद्ध पर्यावरण और उसके संरक्षण की मनोरम झाँकियाँ देखने को मिलती हैं। वस्तुतः, भारतीय वाङ्मय में, अनादिकाल से ही, प्रकृति की अर्चना-आराधना की अनवरत भावधारा बहती रही है। ‘सुजलाम्, सुफलाम्, शस्यश्यामलाम्’ वाली पृथ्वी से हमारे साहित्यकारों के आत्मीय सम्बन्ध रहे हैं। इस दृष्टि से गोस्वामी तुलसीदास का योगदान भी अप्रतिम माना जाएगा।

तुलसीदास ने मानव को शरीर और मन का संघात मानते हुए उसकी शारीरिक शुचिता और स्वास्थ्य पर उतना ही बल दिया है, जितना मानसिक पवित्रता और आचरण की मर्यादा पर। उन्होंने मानव-शरीर को सब जीवधारियों के शरीर से उत्कृष्ट माना है। काकभुशुण्डि के आश्रम में, सत्संग-लाभ के दिनों, गरुड़ ने उनसे जो सात प्रश्न पूछे थे, उनमें से पहला यही था कि संसार में सबसे दुर्लभ शरीर किसका है

? उत्तर में काकभुशुण्डि ने मानव-काया को सर्वोत्कृष्ट बताते हुए उसे, सभी चराचर प्राणियों के लिए स्पृहणीय बताया था; क्योंकि यह मानव-काया ही है, जो मंगलकारी ज्ञान, वैराग्य और भक्ति प्रदान करने वाली है तथा नरक, स्वर्ग और मोक्ष की सीढ़ी है -

नर तन सम नहि कवनिउ देही । जीव चराचर जाचत तेही ।।

नरक स्वर्ग अपवर्ग निसेनी । ग्यान विराग भगति सुभ देनी ।।

- मचरितमानस, 7/120 (ख)

तुलसी के अनुसार, जो लोग इस शरीर का दुरुपयोग करते हैं, वे पारसमणि को गँवाकर काँच के टुकड़े ही प्राप्त करते हैं--

काँच किरच बदले तें लेही । कर ते डारि परसमनि देहीं ।।

-रामचरितमानस, 7/120 (ख)

शारीरिक स्वास्थ्य की चरम परिणति मानसिक संतुलन में होती है । अंगरेज़ी की भी एक प्रसिद्ध कहावत है – ‘sound mind in a sound body’, यह तथ्य भी सर्वज्ञात ही है कि मनुष्य का समग्र व्यवहार मन द्वारा ही निर्धारित और संचालित होता है। तुलसी के अनुसार, जब परिवेश की विकृति मन को विकृत-कलुषित कर देती है, तो मनुष्य के वचन और कर्म में भी विकृति आ जाती है -

वचन विकास, करतबउ खुआर, मनु

विगत-विचार, कलिमल को निधानु है ।

- कवितावाली, 7/64

वास्तव में, वैचारिक विकृति ही समस्त विकृतियों की जड़ है। काम, क्रोध, मोह, मद आदि मनोरोगों से मानसिक विकृतियाँ उत्पन्न होती है, जो सारे भ्रष्टाचारों की जड़ है । कहना न होगा कि कलियुग में इनका प्राबल्य है-

साँची कहौ, कलिकाल कराल!

मैं ढारो-बिगारो तिहारो कहा है।

काम को, कोह को, लोभ को मोह को

मोहि सों आनि प्रपंच रहा है ।।

-कवितावली, 7/101

लोभ मोह काम कोह कलिमल घेरे है। - कवितावली. 7/174

इस प्रकार, विचार और आचार के विकृति विस्तार को देखकर तुलसी युग को मलयुग तक कह डाला है -

नाम- ओट अब लगि बच्यो, मलयुग जग जेरो ।

- विनयपत्रिका, 146/4

तुलसीदास ने मानसिक और शारीरिक विकृतियों में परस्पर घनिष्ठ सम्बन्ध माना है। मानसिक विकृति से बुद्धि-बल का तो क्षय होता ही है, शारीरिक तेजस्विता भी क्षरित हो जाती है।

इमि कुपथ पग देत खगेसा । रहन तेज तन बुधि बल लेसा ।।

- रामचरितमानस, 3/27

तुलसी का व्यक्तित्व मांगलिक तत्त्वों से विनिर्मित है, इसलिए वे अमंगलकारी तत्त्वों के सहज विरोधी है। फलस्वरूप रामचरितमानस के प्रथम श्लोक में ही उन्होंने वर्णों, अर्थों रसों, छन्दों और मंगलों की सृष्टि करने वाली वाणी और विनायक की स्तुति करके अपना जीवन-दर्शन स्पष्ट कर दिया है -

वर्णानामर्थ संधानां रसानां छन्दसामपि ।

मंगलानां च कर्त्तारौ वन्दे वाणीविनायकौ ।। 

   - रामचरितमानस, 1/1

तुलसी के राम मंगल के भवन और अमंगल का परिहार करने वाले हैं -

मंगल भवन अमंगल हारी । द्रवउ सो दसरथ अजिर बिहारी ।।

- रामचरितमानस 1/111(2)

इसीलिए तुलसीदास -

होइहहि रामचरन अनुरागी कलिमल रहित सुमंगल भागी ।।

- रामचरितमानस, 1/14 (6)

इन राम के राज्य में निवास करने वाले लोगों की शारीरिक, मानसिक और आचारिक स्थिति का वर्णन तुलसीदास ने इस प्रकार किया है-

बरनाश्रम निज निज धरम निरत बेद पथ लोग ।

चलहिं सदा पावहि सुखहि नहिं भय सोक न रोग ।।

- रामचरितमानस, 7/20

दैहिक दैविक भौतिक तापा । राम राज नहिं काहुहि व्यापा ।।

- रामचरितमानस, 7 /20 (1)

अल्प मृत्यु नहिं कवनिउ पीरा। सब सुन्दर सब विरुज सरीरा ।।

 - रामचरितमानस 7/20 (3)

इसका कारण क्या है? इसका कारण है. यहाँ विद्यमान स्वच्छ-स्वस्थ परिवेश, निर्मल-उज्ज्वल वातावरण और गुणकारी सुखकारी पर्यावरण उदाहरण स्वरूप, तुलसी साहित्य में प्राकृतिक शक्तियों, पर्वतों, वनों वृक्षों, आश्रमों, जलाशयों और तीर्थों आदि के प्रति गहन आत्मीयता और पूजा भावना के दर्शन होते हैं। गंगा, यमुना, सरयू आदि नदियों, चित्रकूट पर्वत प्रयागराज तीर्थ काशी और अयोध्या आदि नगरीय तीर्थों की स्तुतियाँ गाई गई हैं। दैहिक, दैविक, भौतिक ताप हरने वाली देवनदी गंगा को तो जगन्माता तक कहा गया है-

तो बिनु जगदम्ब गंग, कलिजुग का करित ?

- विनयपत्रिका. 19 (3)

वस्तुतः, प्राकृतिक जीवन की यह सकारात्मक योजना मानस में यत्र-तत्र सर्वत्र उपलब्ध है। यहाँ कंद, मूल, फल का सेवन तो होता ही है, यथावसर दूध, दही, शहद और अंकुरित अन्न आदि भी प्रयोग में लाए जाते हैं । तुलसी के राम जहाँ भी विश्राम करते हैं, वहाँ पर्णकुटी का निर्माण अवश्य करते हैं और कुशा तथा कोमल पत्तियों की सौंधरी (शय्या बिछाते हैं। उनके मार्ग में पढ़ने वाला शायद ही कोई ऐसा जलाशय, नदी या सरोवर हो, जिसमें उन्होंने सीता-लक्ष्मण सहित, स्नान न किया हो । राम-लक्ष्मण द्वारा वटवृक्ष के दूध से जटाएँ बनाने का उल्लेख भी मिलता है -

सकल सौच करि राम नहावा । सुचि सुजान बट छीर मगावा ।।

अनुज सहित सिर जटा बनाए। देखि सुमंत्र नयन जल छाए ।।

- रामचरितमानस, 2/93 (2)

सीता को, राम के साथ, प्राकृतिक परिवेश कितना पारिवारिक और आत्मीय लगता है, उसका भव्य चित्रण मानस में उपलब्ध है, देखिए -

परनकुटी प्रिय प्रियतम संगा । प्रिय पिरवार कुरंग विहंगा ।।

सास ससुर सम मुनितय मुनिवर । असनु अमिय सम कद मूल फर।।

नाथ साथ सौंधरी सुहाई। मयन सयन सय सम सुखदाई ।।

- रामचरितमानस, 2/139 (3)

स्पष्ट है कि तुलसी ने सारे जग को सीता- राममय मानकर ही मानस की रचना की है ‘सिय राममय सब जग जानी’ वाले संसार में किसी भी प्रकार की विकृति की कल्पना नहीं की जा सकती। ऐसे जगत् में तो विकृति नहीं, संस्कृति ही बसती है । तुलसी का रामकाव्य इसका ज्वलंत प्रमाण है ।

अन्त में, यह अवश्य कहना चाहूँगा कि प्रकृति और पर्यावरण की तन-मन-धन से पूजा-अर्चना करने वाला मेरा यह देश आज दुर्भाग्य से, पर्यावरण प्रदूषण की भयावह परिस्थितियों से घिरा हुआ है। हम भूल चुके हैं कि पंचभूतों के संतुलित चक्र से ही यह ब्रह्माण्ड संचालित है और जितने दिनों तक यह पृथ्वी बचेगी उतने दिनों तक ही हम और हमारी भावी पीढ़ियाँ बचेंगी। जब तक मन रूपी हाथी, विषय-रूपी दावानल में जलता रहेगा, तब तक जन-कल्याण संभव नहीं है। इसलिए वाह्य एवं आंतरिक पर्यावरण की सुरक्षा, सात्विकता, महत्ता और उपयोगिता को जानने-समझने के लिए रामचरितमानस रूपी सरोवर में गोते लगाना ही श्रेयस्कर रहेगा -

मनकरि, विषय-अनल बन जरई ।

होइ सुखी जौं एहि सर परई ।।

- रामचरितमानस, 1/34(4)

सम्पर्कः डॉ. लालचन्द गुप्त ‘मंगल’, मंगल भवन, 1218/13, शहरी सम्पदा, कुरुक्षेत्र-136 118 (हरियाणा). 01744-225374, 227236, 09896707075

यात्रा वृत्तान्तः स्मृतियों में बैंगलोर जैसे बाग- बगीचों के झुरमुट में झाँकना...

 - विनोद साव

अपनी स्मृतियों में बैंगलोर को खंगालना वैसे ही है जैसे बाग-बगीचों के झुरमुट में उसे झाँकना। हम यहाँ तीसरी बार आए थे, पहली बार 1982 में 18 दिनों की सम्पूर्ण दक्षिण भारत यात्रा में एक विशेष बस से आए थे। रात हमारे टूरिस्ट एजेंट ने हमें एक साफ-सुथरे गुरुद्वारे में रुकवा दिया था। गुरुद्वारा प्रबंधक ने कहा था कि “यहाँ दाढ़ी बनाना मना है।”

रात हम यहाँ सो गए थे। जब मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर निकले तब हम इस अनूठे शहर को देखते रह गए थे जैसे हम किसी शहर में नहीं किसी सुन्दर उपवन में विचरण कर रहे हों। हर घर और उनकी दीवारें सुन्दर- सुन्दर फूलों, बेल-बूटों से ढकी हुई थी। उनके मकान मकानों की तरह नहीं किसी हरियाली से सजे आधुनिक रिसोर्ट या कॉटेज की तरह लगते। ऐसे लगता जैसे हम किसी शहर में नहीं किसी विशाल उद्यान में चले जा रहे हों जिसके मार्ग चौराहे सब फूलों-फ़व्वारों से भरे हुए हैं। तब जाना कि ऐसे ही नहीं इस शहर को ‘गार्डन सीटी’ कहा गया है। यहाँ वनस्पति उद्यानों का विशाल बगीचा ‘लालबाग’ है। बाहर ठेलों में इस बाग के फल फूल बिकते हैं। चालीस साल पहले तब एक रुपये बोतल में अंगूर के मीठे ताजे रस मिल गए थे। जब पीने बैठे तब कई बोतलें खाली हो गईं।

अपने शीतल सदाबहार मौसम और हर किस्म की सुविधाओं के कारण सेवानिवृति के बाद रहने बसने के लिए यह हमेशा उपयुक्त शहर रहा है इसलिए इसे पेंशनर्स पैराडाइज़ कहते हैं। यहाँ के बाजारों और शहरी इलाकों के मकान देश के अन्य हिस्सों के मुकाबले कहीं अधिक सुन्दर और कलात्मक हैं। अब भले ही यह ऑटोमोबाइल प्रदूषण के कारण कम शीतल होता जा रहा है जैसे पुणे पहले हो चुका है। ट्रैफिक जाम एक बड़ी समस्या हो गई है। अब हम लोग व्हाइटफील्ड में रुकते हैं। इस इलाके का  नाम यूरोपीय और एंग्लो इंडियन एसोसिएशन के संस्थापक डी.एस. व्हाइट के नाम पर है। यह आई.टी.हब है और यहाँ रियल एस्टेट का बड़ा कारोबार है।

तब बैंगलोर के सिनेमाहॉल बड़े भव्य और खूबसूरत थे। बैंगलोर के इतिहासकार सुरेश मूना कहते हैं - ‘कभी यहाँ डेढ़-सौ सिनेमाहाल थे। हमने वहाँ के सबसे भव्य टाकीज ‘राज-राजेश्वरी’ को देखा था जहाँ एशिया का पहला 70- एम एम पर्दा लगा था। दिलीपकुमार-अमिताभ बच्चन दो दिग्गज अभिनेताओं के शक्ति प्रदर्शन से भरी फिल्म ‘शक्ति’ हमने देखी। हम फिल्म ‘कुली’ की बहुचर्चित अमिताभी दुर्घटना के बाद पहुँचे थे। बैंगलोर रेलवे स्टेशन में ‘कुली’ की शूटिंग हुई थी। जिसके बाद इंदिरा गाँधी भी उस घायल हीरो को देखने बैंगलोर के अस्पताल आ पहुँची थीं। तब हाथ जोड़ते हुए उन्होंने कागज में लिखकर इंदिराजी को दिया “आई कान्ट स्पीक” तब इंदिरा जी ने उनके माथे को अपने स्नेहसिक्त हाथों से छूते हुए कहा था “बट आई कैन स्पीक माय चाइल्ड।”

उस समय बैंगलोर का गाइड हमें घुमाते हुए बोल उठा था “लेडिज एंड जेंटलमैन.. बैंगलोर सिटी का पापुलेशन 35 लाख है, जैसे अमिताभ का एक फिल्म के लिए रेट 35 लाख है।”

हम घूमते हुए एक तीस मंजिली इमारत में पहुँच गए थे जिसके 29वें और 30वे माले पर अमज़द खान का “टॉप कॉपी’ रेस्तराँ था।

इस बार भी हम यशवंतपुर से पहले एलंका स्टेशन में उतरकर जब व्हाइटफील्ड जा रहे थे, तब रास्ते में एक मूर्तिकार कन्नड़ फिल्मों के दिवंगत सुपरस्टार डॉ. राजकुमार और उनके बेटे की मूर्ति बना रहे थे। उन्हें किसी सार्वजनिक स्थल में स्थापित करने के लिए। यहाँ फिल्मों के अभिनेता समाजसेवाओं से जुड़े रहे और इसलिए राजनीति में उन्होंने सफलता पाई।

बैंगलोर बम्बई की तरह का दूसरा शहर है। यहाँ एक बॉम्बे ग्रांट रोड भी है। इस शहर ने बम्बई (मुंबई) की तरह डिजिटल और सॉफ्टवेयर उद्योग, फैशन, सिनेमा और क्रिकेट में बड़ी रुचि ली और बैंगलोर को देश का ऐसा रोजगारपरक केंद्र बना दिया है कि इधर युवाओं की दौड़ देखते बनती है। नौजवान मानते हैं - “यह एक ऐसा शहर जहाँ मस्ती भरी छुट्टियों के लिए सारी सुविधाएँ मौजूद हैं। इसके प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ आधुनिक जीवन शैली का मिलन दुर्लभ है।” यद्यपि बैंगलोर की भीड़ को देखने से वह ग्लैमर दिखाई नहीं देता जो मुंबई-पुणे या दक्षिण के दूसरे बड़े शहरों में दिखाई देता है। आम कन्नड़  भद्रजन, सीधे सरल व बनाव-शृंगार से दूर दिखाई देते हैं लेकिन उनका शहर बैंगलोर तो पूरी तरह चकाचक और खूबसूरत है। उन्नति की दौड़ में कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद को पीछे छोड़ रहा है।

जब यह मैसूर राज्य था तब यहाँ के मुख्य सचिव वैज्ञानिक विश्वेश्वरैया थे उन्होंने इस शहर में ऐसी वैज्ञानिक चेतना भर दी कि हर नए विज्ञान और अन्वेषण की दृष्टि से यह नगर अपने विकास और उन्नति को तय कर रहा है। देश की अग्रणी सूचना प्रौद्योगिकी (IT) निर्यातक के रूप में अपनी भूमिका के कारण बैंगलोर को व्यापक रूप से भारत की सिलिकॉन-वैली या भारत की आई टी राजधानी के रूप में माना जाता है।

विश्वेश्वरैया ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को लेकर एक म्यूजियम बनाया था  जिसे चार दशकों पहले जब देखा था इसमें चार खंड थे। प्रत्येक खंड में प्रदर्शित चीजों के सामने एक स्विच लगा था और उनका नाम एक पट्टिका पर अंकित किया गया था। स्विच दबाने पर मशीन का हर भाग काम करने लगता। इसके बिजली वाले खंड में एक गुड़िया थी। जो नाचती रहती थे और जब कोई उसे पकड़ने की कोशिश करता था वह गायब हो जाती थी। एक बेसिन में पानी का टैब लगा था जिसमें एक छेद से रोशनी पड़ती थी। रोशनी को हाथ से रोक देने पर पानी आने लगता था। बच्चों से लेकर बड़ों-बूढ़ों तक की रुचि की बहुत-सी चीजें यहाँ गिनीं नहीं जा सकती थीं, जिनके आकर्षण और काम अद्वितीय थे। सिनेमा, मशीन, टेलीफोन, टेलीग्राफ, कोयले की खानें, कागज बनाने के ढंग, दूरबीनें, माइक्रोस्कोप सब यहाँ प्रदर्शित थे। आज यह वैज्ञानिकता बैंगलोर में लोगों के जीवन में कदम कदम पर है और उद्योग-कारोबारों में एकदम हाइटेक है।

पिछले समय हम इसके एयरपोर्ट से रायपुर गए थे। इसका केम्पेगौड़ा हवाई अड्डा भारत का तीसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।  विजयनगर साम्राज्य के सामन्त केम्पेगौडा ने इस क्षेत्र में मिट्टी से बने क़िले का निर्माण कर बेंगलुरु शहर की नींव डाली थी। फिर हैदरअली और टीपू सुल्तान ने लकड़ी का महल बनवाया। टीपू के एक समर पैलेस को हमने चामराजपेट में देखा।

इस बार राजधानी एक्सप्रेस से नागपुर निकले तो बैंगलोर के के.एस.आर.रेलवे स्टेशन से हमने ट्रेन पकड़ी। KSR- क्रांतिवीर संगोल्ली रायन्ना एक बहादुर देशभक्त स्वतंत्रता सेनानी थे जिनके नाम से रेलवे स्टेशन है। स्वाधीनता संग्राम के समय दुश्मनों ने उन्हें बरगद के पेड़ में लटकाकर मारा गया था।

बैंगलोर का शिक्षा और विज्ञान इनके धर्म आश्रमों को दिशा देता है। जहाँ इनके गुरु स्वामी महाराज कल्याणकारी सेवाओं में जुटे हुए हैं। उत्तर भारत के आश्रम गुरुओं की तरह नहीं जो अपनी करनी से जेल में जा बैठे हैं और आजीवन कारावास भुगत रहे हैं। यहाँ के ज्यादतर आश्रम स्कूल, अस्पताल की स्थापना के साथ कौशल कुटीर केन्द्रों में रोजगारपरक प्रशिक्षण दे रहे हैं। यह शहर केवल सूचना तकनीक ही निर्यात नहीं करता बल्कि भोजन खिलाने में भी टेक्नोलॉजी का सहारा ले रहा है।

हम इंदिरा नगर बैंगलोर के एक ऐसे रेस्तराँ में आ बैठे हैं जहाँ खाना रोबोट परोस रहे हैं। यहां पाँच रोबोट और तीन खिलौना ट्रेन है जिसमें ग्राहकों के आदेश के हिसाब से खाना परोसा जाता है। बैठक व्यवस्था के बीचोंबीच ट्रैक है जिसमें रोबोट चलते हैं। कभी कभी इसके पाँचों रोबोट एक के पीछे एक निकलते हैं। कभी कोई अपने ग्राहक को अकेला परोसने आ जाता है। यहाँ महिलाओं के साथ बच्चे बड़े उत्साह से आते हैं। वे खाना लेकर खड़े रोबोट के साथ अपनी सेल्फी लेते हैं। ये रोबोट महिलाओं की पोशाक में हैं। हमने थाई क्विजिन का आइटम ऑर्डर किया था जिसे लेकर आने वाली रोबोट का नाम ‘किटी’ था। रेस्तरां में बैठे हुए लोग उसे वैव करते हुए पुकार उठे थे ‘हाय किटी’।

सम्पर्कः मुक्तनगर, दुर्ग, मो। 9009884014

कविताः 8 मार्च महिला दिवस- सोई हुई औरतें

 - डॉ. शिप्रा मिश्रा

सोई हुई औरतें

मधुमक्खियों की तरह

शहद भी रखती हैं

और डंक भी

कभी भूल कर भी मत देखना

उनकी दहलीज पर

बहुत फर्क है

तुममें और उनमें

तुम खड़े रहते हो

अपने चौगान पर

लेकिन रख नहीं पाते

उसे सुरक्षित

औरतें घर की अँधेरी

सुराखों से भी

परख लेती हैं

किसी की लोलुप निगाहें

इन्हें बहुत भाती हैं

टहटह लाल सेंदूर

इन्हें लुभाती हैं

रंग- बिरंगी चूडियाँ

पर..

भूलना मत

इनकी आँखों में

एक आग भी होती है

जो जला सकती है

पल भर में

तुम्हारा वजूद

ललित लेखः चिठ्ठी आई है...

 - प्रियंका गुप्ता

अभी दो-चार दिन पहले दरवाज़े पर दस्तक हुई, जाकर देखा तो डाकिया था। सोचा, शायद रजिस्ट्री से कोई पुस्तक आई हो, पर नहीं, डाकिया तो हाथों में एक लिफ़ाफ़ा लिए खड़ा था। ‘लिफ़ाफा देख के मजमून भाँपने’ के ज़माने तो कब के चले गए, फिर भी इतना अन्दाज़ा तो लग ही गया कि वो कोई किताब या मैगज़ीन नहीं, एक ख़त था।

ख़त और इस ज़माने में...? जितनी हैरानी मुझे हुई यह सोच कर कि ऐसा कौन है जो अब भी कागज़-क़लम लेकर पत्र लिखने बैठा होगा, उतना ही हल्का-फुल्का अचरज़ डाकिया के चेहरे पर भी दिखा। जाने क्यों पत्र हाथ में लेकर एक अनजानी-अनचीन्ही खुशी भी महसूस हुई। एक झटके से जैसे पुरानी यादें दिमाग़ में रील की तरह चल गई। बचपन की यादें...किशोरावस्था की यादें...और कुछ साल पहले तक की भी यादें...। चिठ्ठियों का आना और जाना...राह चलते डाकिया के मिल जाने पर पूछना...भैया, कोई चिठ्ठी है हमारी...? और उसका ‘इंकार’ में गर्दन हिलाते हुए आगे बढ़ जाने पर थोड़ा मायूस हो जाना। बिना किसी खास इंतज़ार के भी वो बार-बार जाकर लेटर-बॉक्स खोल कर देखना...सब जैसे सदियों पुरानी बातें लगती हैं। याद नहीं पड़ता, पिछला ख़त कब और किसने लिखा था मुझे। सच कहूँ, तो कागज़-क़लम लेकर मैंने आखिरी ख़त कब और किसको लिखा, मुझे खुद भी यह याद नहीं।

ज़रा याद कीजिए वो पहले के भूले-बिसरे पल...दीवाली हो या फिर नया साल...न केवल ग्रीटिंग कॉर्ड खरीदने या बनाने का शौक परवान चढ़ता था, बल्कि कुछ अपनों को हम महज ग्रीटिंग से ही नहीं, वरन अपने पत्रों से अपनी उपस्थिति जताने के ख़्वाहिशमन्द रहा करते थे। घरवालों के लिए मेरी पूरी कोशिश रहती थी कि उनको मैं अपने हाथ से बना हुआ कॉर्ड दूँ। यह आदत मैंने एक लम्बे समय तक चुनमुन (प्रांजल) के अन्दर भी बरकरार रखी। वैसे भी वह ड्राइंग-पेण्टिंग का इतना शौकीन था कि खुशी-खुशी इस काम को अंजाम देता था। हाँ, कॉर्ड के अन्दर हर व्यक्ति के हिसाब से चुन-चुन के कुछ लिखने का काम तब भी मेरा ही होता था। कारण सिर्फ़ दो हुआ करते थे, पहला यह कि मेरी लिखावट में काटा-पीटी नहीं हुआ करती थी...और दूसरे, चुनमुन के बहाने ही सही, पर मैं भी अपना बचपन एक बार फिर जी लिया करती थी।

बचपन में जब भी किसी भी अवसर पर मुझे ग्रीटिंग कॉर्ड्स मिला करते थे, मुझे उन्हें अपनी नज़रों के सामने रखना बहुत भाता था। जाने क्यों उन सबसे एक अपनेपन की खुशबू सी आती थी। अब टेबिल या कमरे की अलमारी पर तो इक्का-दुक्का कॉर्ड ही जगह पा सकते थे न...? (और वैसे भी उस ज़माने में हम दो कमरों के किराए के मकान में हुआ करते थे) तो फिर बाकी के कॉर्ड्स...? इसका एक बहुत बढ़िया हल निकाल लिया था मैंने...एक मोटे कॉर्डबोर्ड पर उनका एक कोलाज़ जैसा बना लेती थी। बाकायदा वेल्वेट पेपर, रंगीन टेप, सितारों और शीशों से उस कोलाज़ को सजाती और फिर एक खूबसूरत कलाकृति तैयार हो जाती। एक अर्सा बीत जाने पर जब नए कोलाज़ का वक़्त आता, तो बड़े सम्हाल कर उन पुराने कॉर्ड्स को निकाल कर अपने ख़ज़ाने का हिस्सा बना लेती। जाने कितने बरसों तक यह सिलसिला चलता रहा, पर जब किराए के मकान से निकल कर अपने मकान में कदम रखा, तो कई दिनों में धीरे-धीरे सैटिल होने के बाद भी जब मुझे अपना ख़ज़ाना नहीं मिल पाया, तब जाकर यक़ीन हुआ कि मकान बदलने की आपाधापी में मेरा वो अनमोल यादों का पिटारा अब सिर्फ़ यादों में ही रह गया था। उसके बाद पता नहीं क्यों, मन कुछ ऐसा उचटा कि कॉर्ड्स हर साल भले सम्हाल के रखती रही, पर उनका कोलाज़ फिर कभी नहीं बना पाई। कभी-कभी बचपन का वो बीता हुआ वक़्त...वो कोलाज़...और वो लम्हें, सब बड़ी शिद्दत से याद आते हैं। पर सच कहूँ...यादों का कोलाज़ तो आज भी सजता है मेरे मन की किसी दीवार पर...और कभी किन्हीं फ़ुर्सत के लम्हों में उन्हें ताक मैं आज भी मुस्करा देती हूँ।

मेरी पीढ़ी के लोग शायद इस धरती पर आखिरी होंगे जिन्होंने चिठ्ठियाँ लिखी होंगी। आठ-दस लाइनों में लिखे जाने वाले पोस्टकार्ड से लेकर एक छोटी-मोटी कहानी जितने पन्नों वाली चिट्ठियाँ भी...। फिर उन चिट्ठियों को डाक में डालने के बाद उनके जवाब का जो एक बेसब्र इंतज़ार का वक़्त होता था, उसकी मीठी कसक की बात ही कुछ और थी। पत्र का जवाब मिलने पर चेहरे का खिल जाना...घर के दूसरे सदस्यों को इकट्ठा कर के उस चिट्ठी को ज़ोर-ज़ोर से बाँचना...फिर उस पर सबकी टीका-टिप्पणी...आज की पीढ़ी कहाँ जानती है ये सब...?

आज के बच्चों ने शायद ही चिट्ठी में बसी उस गंध को महसूस किया हो...एक ही ख़त को बारम्बार पढ़ने का सुख जाना हो। कभी पुराने कागज़ों को टटोलते वक़्त उनके बीच दबे किसी अपने के ख़त के मिल जाने पर होने वाली खुशी को महसूसा हो।

आज कम्प्यूटर-मोबाइल के चटपट-फटाफट मैसेज से हर पल ‘कनेक्टेड’ रहने वाली बेसब्र हो चुकी है और बहुत हद तक सम्बन्धों की गर्माहट के प्रति बेपरवाह भी...। दिनों-हफ़्तों-महीनों किसी अपने के जवाब का इंतज़ार करने का धैर्य नहीं बचा आज ‘टू मिनट्स नूडल्स’ से झट से पेट भरने वाली पीढ़ी के अन्दर। आज मल्टीटास्किंग के युग में रिश्ते निभाना भी बस एक टॉस्क ही रह गया है। यहाँ उँगलियों की जुम्बिश से पट से रिश्ते बनते हैं और चट से टूट भी जाते हैं।

आज मशीन पर लिखे जाने वाले संदेशे भी मानो मशीनी हो गए हैं। हम स्माइली बनाते हैं, पर मुस्कराते नहीं। हम दिल भेजते हैं, पर पत्थर के...। एक ईमेल या मैसेज में हम सब कुछ दर्शा सकते हैं। सुख-दुःख... हँसना-रोना... प्यार-गुस्सा... शायद हर एक भाव...पर फिर भी भावना-रहित...। इनमें फूल ही नहीं, गुलदस्ते भी हैं, पर खुश्बू नही। हँसी है, पर खिलखिलाहट नहीं...रोना है, पर आँसुओं से भीगते पन्ने नहीं...दिल है, पर प्यार नहीं...। हम सिर्फ़ कनेक्टेड हैं, पर हममें जुड़ाव नहीं।

आज भी मुझे कभी चिट्ठियों की याद आती है तो उनसे जुड़े चेहरे याद आते हैं। उसमें लिखी कितनी बातें अब भी दिमाग़ में उतनी ही शिद्दत से ताज़ा हैं। लेकिन आप कभी किसी ईमेल या मैसेज के बारे में सोच कर देखिए...क्या लिखा था, याद भी है आपको? अपनी लिखी चिट्ठियों से मुझे वो अपने याद आते हैं जो वक़्त के बहाव में जाने कहाँ चले गए। अपनी दुनिया में मस्त-मगन...पर फिर भी शायद किन्ही पलों में सिर्फ़ चिट्ठी की वजह से वो भी मुझे याद करते होंगे।

अपनी एक ऐसी ही बिछुड़ी, लगभग हम‍उम्र मौसेरी बहन से लगभग पन्द्रह साल बाद मिली मैं...राह चलते...(राह चलते इस लिए क्योंकि दुनिया की तमाम फ़सादातों की तीन वजहों में से एक के कारण उनसे हमारा रिश्ता ख़तम हो चुका है) तो पुराने सगे रिश्तों की ख़ातिर हम दोनों ही पूरी गर्मजोशी से मिल लिए। हम दोनों ने बरसों एक-दूसरे को लम्बे-लम्बे ख़त लिखे थे। ख़तों के माध्यम से ही हम न जाने कितनी बातें शेयर करते थे। दस मिनट की इस मुलाक़ात में एक बार फिर बिछड़ते वक़्त उनके शब्द यही थे, “तुम्हें याद है...हम लोग खर्रा (लम्बी चिट्टी) लिखा करते थे एक-दूसरे को...। कितने अच्छे दिन थे न वो...?" पल भर के लिए सिर्फ़ इस एक याद से हम दोनो वही पुरानी सहेलियों-सी बहनें हो गई थी...‘आँखों में नमी, हँसी लबों पे...’ वाली स्टाइल में...।

उनसे उस दिन बिछड़ने के बाद शायद हम दोनों फिर कभी न मिल सकें...पर एक सवाल अब भी मेरे मन में आता है। अगर ख़तो-किताबत का सिलसिला हम दोनो के दरमियाँ कायम रहता तो क्या मेरी चिठ्ठियों पर गिरकर सूख चुके मेरे आँसू हमारे रिश्ते को सूखने से बचा लेते...?

आपके उत्तर की प्रतीक्षा तो रहेगी ही न...।

सम्पर्कः एम.आई.जी-292, कैलाश विहार, आवास विकास योजना संख्या- एक, कल्याणपुर, कानपुर-208017 (उ.प्र), ईमेल:  priyanka.gupta.knpr@gmail.com, ब्लॉग: www.priyankakedastavez.co.in

वैश्विक पुनर्चक्रण दिवस 18 मार्चः प्लास्टिक प्रदूषण के समाधान के लिए वैश्विक संधि

पिछले कुछ वर्षों से प्लास्टिक उत्पादन में काफी तेज़ी से वृद्धि हुई है। वर्ष 2050 तक इसका उत्पादन प्रति वर्ष एक अरब टन होने की संभावना है। इसके चलते प्लास्टिक प्रदूषण में वृद्धि निश्चित है। इस समस्या से निपटने के लिए उरुग्वे में 150 से अधिक देशों के बीच एक बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

गौरतलब है कि गत वर्ष मार्च में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा ने निर्णय किया था कि प्लास्टिक कचरे को नियंत्रित करने के लिए एक बाध्यकारी संधि लाई जाए। इस संधि में प्लास्टिक उत्पादन से लेकर उसके निपटारे तक के संपूर्ण जीवनचक्र को शामिल किया जाएगा। इस संधि को 2024 तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। इस अवधि में राष्ट्रों को मिलकर प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नियम और रणनीतियाँ तैयार करने का चुनौतीपूर्ण कार्य करना होगा। नेचर पत्रिका के एक संपादकीय के मुताबिक इस संदर्भ में तीन प्रमुख मुद्दों को संबोधित करना होगा और इनसे निपटने की दृष्टि से कुछ सुझाव भी दिए गए हैं।

प्रदूषण-

तमाम समुद्री कचरे में से लगभग 85 प्रतिशत तो प्लास्टिक कचरा है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) का अनुमान है कि समुद्रों में प्रति वर्ष लगभग 2.3-3.7 करोड़ टन कचरा पहुँचेगा और वर्ष 2040 तक समुद्र में प्लास्टिक कचरे की मात्रा तिगुनी हो जाएगी। दरअसल, अधिकांश प्लास्टिक कचरा उत्पन्न तो भूमि पर होता है लेकिन नदियों से होते हुए अंतत: समुद्रों में पहुँच जाता है।

ऑस्ट्रेलिया स्थित मिंडेरू फाउंडेशन के अनुसार समाज के लिए प्लास्टिक प्रदूषण की लागत प्रति वर्ष 100 अरब डॉलर से अधिक होती है जिसमें पर्यावरण की सफाई और पारिस्थितिक क्षति शामिल हैं। यह लागत प्लास्टिक प्रदूषण को संबोधित न करने की वजह से पैदा होती है।

इस सम्बंध में दक्षिण अफ्रीका स्थित काउंसिल फॉर साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च की प्रमुख वैज्ञानिक लिंडा गॉडफ्रे के अनुसार संधि वार्ताकारों को प्लास्टिक प्रदूषण समस्या हल करने सम्बंधी विभिन्न प्रतिस्पर्धी विचारों से निपटना होगा। जैसे गैर-सरकारी संगठन और कार्यकर्ता एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने और सुरक्षित विकल्प खोजने पर ज़ोर देते हैं। दूसरी ओर, प्लास्टिक उद्योग का मत है कि कचरे के बेहतर संग्रहण के माध्यम से प्रदूषण से निपटा जा सकता है। इन दोनों से अलग, अपशिष्ट प्रबंधन और पुनर्चक्रण उद्योग अधिक से अधिक पुनर्चक्रण की वकालत करते हैं।

गॉडफ्रे को उम्मीद है कि संधि में इन सारे उपायों का समावेश होगा। वैसे प्रत्येक उपाय का अनुपात हरेक देश के लिए भिन्न हो सकता है। उनका मत है कि उच्च आय वाले देशों से निम्न आय वाले देशों में प्लास्टिक कचरे के स्थानांतरण पर प्रतिबंध लगाने से भी प्रदूषण काफी कम किया जा सकता है।        

गॉडफ्रे यह भी चाहती हैं कि इस संधि के माध्यम से प्लास्टिक निर्माता उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों के संग्रहण, छंटाई और पुनर्चक्रण की भी ज़िम्मेदारी व खर्च उठाएँ। इससे लैंडफिल में प्लास्टिक प्रदूषण में कमी आएगी और स्थानीय निकायों पर अपशिष्ट प्रबंधन का वित्तीय बोझ भी कम होगा। इसके साथ ही समुद्रों में प्लास्टिक की मात्रा को कम करने के लिए संधि में यह भी शामिल होना चाहिए कि विभिन्न देश अपने द्वारा उपयोग किए जाने वाले प्लास्टिक की मात्रा को कम करने का लक्ष्य एक समय सीमा में निर्धारित करें।

पुनर्चक्रण -

वर्तमान में केवल 9 प्रतिशत प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण किया जा रहा है क्योंकि इस कचरे का मूल्य बहुत कम है। यदि इसका मूल्य अधिक होता तो अधिक से अधिक प्लास्टिक का पुन:उपयोग किया जाता, पर्यावरण में यह कम मात्रा में पहुँचता और नए प्लास्टिक उत्पादन की ज़रूरत भी कम होती। इसे वर्तुल अर्थव्यवस्था कहा जाता है।

प्लास्टिक क्षेत्र में वर्तुल अर्थव्यवस्था के लिए ऑस्ट्रेलिया के अरबपति व मिंडेरू फाउंडेशन के अध्यक्ष एंड्रयू फॉरेस्ट ने इस संधि के माध्यम से पॉलीमर (प्लास्टिक निर्माण के बुनियादी घटक) के निर्माण पर अधिभार लगाने का प्रस्ताव दिया है। इससे प्राप्त राशि का उपयोग पुनर्चक्रण के लिए किया जा सकता है।

इसके अलावा वे प्लास्टिक उत्पाद बेचने वाले खुदरा विक्रेताओं से प्लास्टिक कचरा वापस खरीदने और इसका पुन: उपयोग करने के तरीके खोजने का भी सुझाव देते हैं। हालांकि खुदरा विक्रेताओं पर पड़ने वाली अतिरिक्त लागत का प्रभाव सीधे तौर पर उपभोक्ताओं पर पड़ेगा लेकिन फॉरेस्ट को उम्मीद है कि उपभोक्ता उन उत्पादों के लिए अधिक भुगतान करने को तैयार होंगे जिससे पर्यावरण में पहुँचने वाले प्लास्टिक की मात्रा कम होती है। इस विचार को अपनाने से ऐसे प्लास्टिक का उत्पादन बंद हो जाएगा जिसका पुन: उपयोग या पुनर्चक्रण नहीं किया जा सकता क्योंकि उन्हें पुन: खरीदने वाला कोई नहीं होगा।

फॉरेस्ट चाहते हैं कि इस संधि के माध्यम से अगले पाँच वर्षों में एक ऐसी प्रणाली विकसित हो जिसके तहत प्लास्टिक प्रदूषण करने वाली कंपनियों को दंडित किया जा सके। ऐसा होने पर कंपनियाँ अपने वर्तमान तौर-तरीकों को बदलेंगी।

हालांकि गॉडफ्रे प्लास्टिक में वर्तुल अर्थव्यवस्था को लेकर शंका में हैं क्योंकि अभी तक पुनर्चक्रित प्लास्टिक से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में बहुत कम जानकारी है। कहीं ऐसा न हो कि हम पर्यावरण बचाने के चक्कर में स्वास्थ्य जोखिम बढ़ा दें।

सामाजिक और स्वास्थ्य प्रभाव-

पूरे विश्व और विशेष रूप से एशिया में प्लास्टिक कचरे को जला दिया जाता है। इससे काफी कम समय में कचरा कम हो जाता है और यह बैक्टीरिया, वायरस और मच्छरों का प्रजनन स्थल नहीं बन पाता। लेकिन प्लास्टिक के जलने से भारी वायु प्रदूषण होता है। बाहरी वायु प्रदूषण मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। कई क्षेत्रों में तो प्लास्टिक भूदृश्य का एक हिस्सा बन चुका है और स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ है। यह मिट्टी में रच-बस गया है और इसे हटाना एक बड़ी चुनौती होगी।

कई अध्ययनों से पता चला है कि माइक्रोप्लास्टिक सांस, भोजन और पानी के माध्यम से शरीर में प्रवेश कर सकता है। नैनोप्लास्टिक से मानव त्वचा और फेफड़े की कोशिकाओं में क्षति और सूजन पैदा करने के भी साक्ष्य मिले हैं। प्लास्टिक में बिसफेनॉल-ए, थेलेट्स और पीसीबी जैसे पदार्थ मिलाए जाते हैं जो अंतःस्रावी गड़बड़ी और प्रजनन सम्बंधी विकारों का कारण बन सकते हैं। इस सम्बंध में कई विशेषज्ञ इस संधि के माध्यम से प्लास्टिक में उपयोग किए जाने वाले रसायनों पर प्रतिबंध लगाने या उसको चरणबद्ध तरीके से खत्म करने का सुझाव देते हैं। (स्रोत फीचर्स)