मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Feb 10, 2015

लघुकथाएँ

कागज की किश्तियाँ
चुनाव होने में अभी दो साल पड़े थे। राज्य में प्रौढ़- शिक्षा पर पांच सौ करोड़ रुपए का खर्च करने की मंजूरी मिली थी। जीपों का मुंह गांवों की तरफ मुड़ गया। अनुभव ने देहातियों को सिखा दिया है कि यहां मन्त्री और अफसर किन कारणों से आते हैं।
नए सिरे से अनपढ़ लोगों की सूचियां बनाई जाने लगीं। इनमें पिछली सूचियों में जोड़े गए कई नाम भी शामिल किए गए।
हमारे गांव बिज्जलपुर में भी ऐसा ही हुआ। जिस दिन प्रौढ़ों को पढ़ाने का सामान लाया गया, उस दिन बच्चों की आंखों में एक नई चमक आ गई। अधनंगे, नाक बहाते बच्चे जीप से कुछ दूर जमा होकर धीरे- धीरे बतियाने लगे।
सुबह का वक्त था। मर्द लोग खेतों में या शहर में निकल गए थे। चौधरी धर्मसिंह ही रह गया था। आवाज सुनकर वह लाठी टेकता, उनके चेहरे पढ़ता हुआ आ पहुंचा। जीप से सामान उतारा जा रहा था। चौधरी ने कहा- 'किस्मत सै रात नें पाणी बरस्या था। सब लोग खेत्तां नै गोडऩ खात्तर गए हैं।' फिर हाथ जोड़कर बोला- 'आप इन बालकां नै कुछ पढ़ा- लिखा दे तो इनकी जिंदगी बण जांदी।'
एक अधिकारी बोला- 'देख ताऊ, हमें बच्चों के लिए नहीं भेजा गया। यह पढऩे- लिखने का सामान रखा है, आने पर उन सबको दे देना।'
डयूटी पूरी करने के बाद ज्यों ही जीप स्टार्ट हुई, बच्चे सामान पर टूट पड़े। बीरू ने किताबों के पन्ने फाड़ते हुए कहा- 'चलो रै, जौहड़ में किश्तियां चलाएंगे।'
रिश्ते
वह आम बस थी और स्वरूप सिंह आम ड्राइवर था। सवारियों ने सोचा था कि भीड़- भाड़ से बाहर आकर बस तेज हो जाएगी। पर ऐसा नहीं हुआ स्वरूप सिंह के हाथ आज सख्त ही नहीं, मुलायम भी थे। भारी ही नहीं, हल्के भी थे। उसका दिल आज बहुत पिघल रहा था, वह
कभी बस को, कभी सवारियों को और कभी बाहर पेड़ों को देखने लगता, जैसे वहां कुछ खास बात को। कंडक्टर इस राज को जानता था। लेकिन सवारियां धीमी गति से परेशान हो उठीं।
'ड्राइवर साहब, जरा तेज चलाओ, आगे भी जाना है', एक ने तीखेपन से कहा।
स्वरूप सिंह ने मिठास घोलते हुए कहा, 'आज तक मेरी बस का एक्सीडेंट नहीं हुआ।'
इस पर सवारियां और उत्तेजित हो गईं। दो- चार ने आगे- पीछे कहा, 'इसका मतलब यह नहीं कि बीस- तीस पे ढीचम-ढीचम चलाओ।'
कोशिश करके भी स्वरूप सिंह बस तेज नहीं कर पा रहा था। उसने बढ़ते हुए शोर में बस रोक दी। अपना छलकता चेहरा घुमाकर बोला, 'बात यह है कि इस रास्ते से मेरा तीस सालों का रिश्ता है। आज मैं यह आखिरी बार बस चला रहा हूं। बस के मुकाम पर पहुंचते ही मैं रिटायर हो जाऊंगा, इसलिए।'

सम्पर्कः 1882, सेक्टर 13, करनाल-132001 (हरियाणा),                             फोन- 0184 2201202 मोबा. 9416152100 
Email-  ashokbhatiakarnal@gmail.com

लघुकथाएँ

1.  भूख

बाबा पोटली में एक मोटी रोटी लेकर रोज खेत की ओर निकल पड़ते। यह उनकी सुबह की शुरुआत होती। इस सिलसिले में परिवर्तन आया। वे एक की बजाय दो रोटी लेकर जाने लगे। बहुओं ने सोचा- बाबा की भूख बढ़ गई है। काम भी ज्यादा करने लगे होंगे। कुछ दिनों के बाद बाबा तीन रोटियां लेकर खेत की ओर निकलते। बहुओं में कानाफूसी हुई-'बाबा की भूख बढ़ते जा रही है। कोई ऐसी वैसी बात तो नहीं।' बहुओं की बातें बेटों तक पहुंची।
बेटों ने सोचा- 'इस उम्र में बाबा इतना काम क्यों करते हैं? तीन- तीन मोटी रोटियां पचा लेते हैं। इन्हें तो आराम से रहना चाहिए। घर में साधन है, सम्पन्नता है।' छोटे बेटे की जिज्ञासा बढ़ी। एक दिन वह अपने बाबा के पीछे हो लिया।
बाबा पोटली लेकर घर से निकले। स्कूल के पास गुजरते हुए पेड़ के नीचे रुके। उन्हें रुका देखकर चार लड़के दौड़ कर आए। बाबा ने अपनी पोटली से दो रोटियां निकाली। उसके चार टुकड़े किए। चारों को बांट दिए। बच्चे रोटियां लेकर स्कूल की ओर दौड़े। यह उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था।
बस्ती के  बाहर एक छोटी सी बस्ती है। चारों के मां बाप खदान में गिट्टी तोड़ते हैं। अल सुबह घर छोड़ देते हैं। बच्चों को बाबा की रोटी का ही सहारा रहता है।
छोटे बेटे ने महसूस किया- 'बाबा की भूख पहले से बढ़ गई है। इसके पीछे श्रम नहीं संस्कार हैं।'

2 . मिट्टी तेल और मेरिट

खेल मैदान में वह फूट- फूट कर रो रहा था। एक लड़के ने आकर मुझे सूचना दी। थोड़ी देर पहले रिजल्ट सुनाया गया था। रोने वाला कबीर था। आठवीं की बोर्ड परीक्षा में वह मेरिट में आया था। जिले में उसका नम्बर पांचवा था। वहीं दिनेश आठवें क्रमांक पर था। स्कूल से दो छात्र मेरिट में थे। मैंने पास जाकर रोने का कारण जानना चाहा। मुझे आते देखकर उसने चुप होने की कोशिश की। फिर भी वह जोर - जोर से सुबक रहा था। मैंने उसे जैसे- तैसे शांत किया और रोने का कारण पूछा।
सुबकते- सुबकते उसने कहा- रिजल्ट देते समय बार- बार यही बताया गया कि मैं गरीब हूं। मेरे पिताजी हॉकर हैं। मिट्टी तेल बेचते हैं। मिट्टी तेल बेचकर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं। मेरी पढ़ाई और मेरिट में आने की तारीफ कम की गई। दिनेश का नम्बर मेरिट में आठवां है। उसके पिताजी की कोई बात नहीं की गई। प्रशंसा भी मुझसे ज्यादा हुई। सर क्या गरीब होना अपराध है। मिट्टी तेल बेचना जुर्म है। वह एक ही सांस में यह सब कह गया। यह कहते हुए उसकी आंखों में चमक और चेहरे पर आक्रोश था। मैं क्षणभर निरुत्तर रहा। फिर हमेशा की तरह उसका हौसला बढ़ाते हुए कहा- समाज रोने से नहीं आक्रोश से सुधरता है, कबीर।
सम्पर्कः  मकान नम्बर 20/बी, सड़क-30, सेक्टर- 10, भिलाई नगर 490006,  मो. 09300547033

लघुकथाएँः


अमंगल
जनवरी की ठिठुरती ठंड में दो दिन से रुक- रुक कर कुत्ते के रोने की आवाज सुनाई पड़ रही थी। जिस घर के दर के पास जाकर कुत्ता रोने लगता, घर का मालिक डंडा दिखाकर उसे वहाँ से भगा देता। कुत्ते का रोना पूरी गली में चर्चा का विषय बन गया था।
एक ने कहा, 'कुत्ते का रोना अशुभ संकेत है। बाईस नंबर वालों के यहाँ रामेश्वर जी बीमार हैं, कहीं?'
दूसरे ने पहले की बात का समर्थन करते हुए कहा, 'सुना है कुत्ते को यम के दूत दिखाई दे जाते हैं। राम भला करे!'
तीसरे ने कहा, 'कल गली के नुक्कड़ पर कार और स्कूटर का एक्सीडेंट हुआ था। स्कूटर वाले लड़के को बहुत चोट लगी थी। भगवान उसकी रक्षा करे!'
चौथा कहाँ चुप रहने वाला था, तुरंत बोला, 'लगता है किसी आदमी की आत्मा इसमें प्रवेश कर गई है। तभी तो यह आदमी की तरह रो रहा है।'
पाँचवाँ जो चुपचाप सबकी बातें सुन रहा था, क्षोभ से भरकर बोला, 'वह कुत्ता अब मेरे घर में है। उसके पाँव में काँच का टुकड़ा गड़ा हुआ था, जिससे उसे बहुत कष्ट हो रहा था। किसी ने भी उसके दर्द को समझने की कोशिश नहीं की। सभी उसके रोने को अपशकुन समझ कर उसे भगाते रहे।'

बीस जोड़ी आँखें

'रीमा, तुम्हारी सहेली पूजा का फोन था। आज उनके यहाँ किटी-पार्टी है। तुम जरूर जाना। थोड़ा माहौल बदलेगा तो मूड ठीक हो जाएगा।' सुकेश ने ऑफिस जाते हुए पत्नी से कहा।
पिछले दिनों हृदयगति रुक जाने से रीमा के पिता जी का देहांत हो गया था। बहुत समझाने के बावजूद भी वह इस सदमे से उबर नहीं पा रही थी।
जैसे ही रीमा किटी पार्टी में पहुँची, बीस जोड़ी आँखें उसे घूरने लगीं। वहाँ आई औरतों के बीच खुसुर- फुसुर होने लगी। कुछ वाक्य रीमा के कानों में पिघले शीशे की तरह पड़े।
'ऐसी भी क्या जल्दी थी किटी में आने की। बाप को मरे सवा महीना भी नहीं हुआ।'
'देख तो, माथे पर बिंदिया सजा कर आई है!'
'हमें तो इसके यहाँ शोक प्रकट करने जाना था। अब कैसा शोक? यह महारानी तो यहाँ ही आई हुई है।'
'चलो अच्छा है, हम सहानुभूति के दो शब्द कहकर औपचारिकता यहीं पूरी कर लेते हैं। इतनी दूर इनके घर कहाँ जाएँगे।'
एक के बाद एक संवाद रीमा के कानों तक पहुँच रहे थे। उसकी डबडबाई आँखें वहाँ सच्ची सहानुभूति खोज रही थीं।

मिसाल

'रामदीन, एक साथ बीस हजार रुपए निकलवा रहे हो, क्या करोगे? बैंक कर्मी ने पैसे निकलवाने आए चपरासी से पूछा।
'बहुत दिनों से मन में इच्छा थी, स्कूल में वाटर- कूलर लगवाना है।'
'स्कूल में वाटर- कूलर! क्यों? अब तुम रिटायर हो गए हो। तुम्हारे अकाऊंट में बस पचास हजार रुपये ही जमा हैं। कभी भी हारी- बीमारी में जरूरत पड़ सकती है।' बैंक कर्मी ने पड़ोसी होने के नाते उसे समझाया।
'हाँ सब जानता हूँ। इतने साल स्कूल में नौकरी की है। प्रिंसिपल और अध्यापकों के लिए आधा किलोमीटर दूर अस्पताल में लगे वाटर- कूलर से फील्टर का ठंडा पानी लाता रहा। बच्चे बेचारे काई लगी पुरानी टंकी से गर्म पानी पीते हैं। मैंने मन में ठान रखा था कि रिटायरमेंट पर जो पैसै मिलेंगे, उससे स्कूल में बच्चों के लिए वाटर- कूलर जरूर लगवाना है।' रामदीन का चेहरा दमक रहा था।
सम्पर्कः  मेजर हाउस-17, सैक्टर-20, हुड्डा, सिरसा (हरियाणा)-125055, मो. 9416847107

लघुकथाएँ


फीस
अचानक ही मेरी नजर 'डेली वेजेज' पर बैंक में काम कर रहे चपरासी कनवाल पर पड़ी। देखा -वह स्टूल पर बैठा अंग्रेजी अखबार बड़ी तन्मयता से पढ़ रहा है। समसायायिक घटनाओं को पढऩे के बाद कई तरह के भाव उसके चेहरे पर आ- जा रहे हैं।
कनवाल और अंग्रेजी का अखबार। मुझे आश्चर्य हुआ। यह लंच टाइम था और इस समय बैंक में अन्य कोई मौजूद नहीं था। मैंने कनवाल को अपने पास बुलाया और कहा।
'क्यों कनवाल, अखबार तो बड़ी तन्मयता से पढ़ रहे हो। ऐसा लगता है कि तुम्हें अंग्रेजी का अच्छा ज्ञान है। कहां तक पढ़े हो?'
वह कहने लगा, 'साहब मैं तो नवीं फेल हूं।'
मैंने कहा, 'सच-सच बताओ। मुझसे तो झूठ न बोलो। जिस तन्मयता से तुम अंग्रेजी का अखबार पढ़ रहे हो, उससे तो नहीं लगता है कि तुम सिर्फ नवीं तक पढ़े हो।'
वह सकपका गया और बोला, 'नहीं साहब, गलती हो गई। अब से नहीं पढ़ूंगा अंग्रेजी का अखबार। हिन्दी का ही पढ़ूंगा। वैसे मैं नवीं फेल हूं।'
मैंने उसे धमकाया, 'सच-सच बताओ वरना कल से हम 'डेली वेजेज' पर दूसरा चपरासी रख लेंगे।'
इस पर वह बोला, 'नहीं साहब, नहीं। ऐसा न कीजिएगा साहब। मैं सच-सच बता देता हूं। वैसे तो मैं बीए पास हूं। मगर मैनेजर साहब ने कहा था कि अगर कोई पूछे तो नवीं फेल ही बताना। चूंकि इससे ज्यादा पढ़े- लिखे को नियमानुसार डेली वेजेज पर बैंक में चपरासी नहीं रखा जा सकता। अब मेरी असली योग्यता जानने के बाद यदि आप लोगों ने मुझे इस काम से हटवा दिया तो मैं बड़ी नौकरी के कम्पटीशन में बैठने के लिए फीस की राशि कहां से जुटा पाऊंगा साहब?'
बड़ा होने पर
'तू... तूने हमारे बापू का फावड़ा बिना पूछे उठा लिया। ...चोर है तू!' धनुआ के बेटे ने मुझसे कहा। मैंने उसके पिता की झोंपड़ी के दरवाजे पर रखा फावड़ा उठा लिया था और अपने आंगन में बनी फुलवारी में उग आई थोड़ी-सी घास को खुद ही छीलने लगा था। फावड़ा लेने के लिए पूछने की आवश्यकता थी भी नहीं।
धनुआ हमारे खेतों में मजदूरी किया करता है। उसके पिता और पिता के पिता... और जाने कितनी पीढिय़ां हमारे पूर्वजों के खेतों में इसी तरह मजदूरी करती चली आ रही हैं। उनकी पुश्तैनी झोंपड़ी हमारे आंगन के पास ही लगी है।
'अरे, देता नहीं है तू हमारा फावड़ा। चोर! मैं, दरांती से तेरा हाथ काट दूंगा। अब से हमारी मढ़ैया (झोंपड़ी) से कुछ न उठाना।'
उस बच्चे ने आगे कहा।
मैं मुस्कराकर रह गया। चार- साढ़े बरस के उस बच्चे को भला क्या डांटता।
तभी चेहरे पर दीनता के भाव लिये हुए, धनुआ झोंपड़ी से बाहर निकला और एक झापड़ अपने बेटे को लगाता हुआ बोला, 'बाबूजी, यह तो अभी नासमझ बच्चा है। इसकी बात का बुरा न मानिएगा, हुजूर।......आप तो हमारे माई-बाप हैं। अन्नदाता हैं। बड़ा होने पर यह अपने आप समझदार हो जाएगा तो ऐसा नहीं बोलेगा।'
मैं सोचने लगा कि एक दिन धनुआ को भी उसके बापू ने इसी तरह डांटा होगा। बड़ा होने पर ये लोग खुद को कितना छोटा मानने को विवश हो जाते हैं।
सम्पर्कः प्रबंधक, नैनीताल बैंक लि. प्रधान कार्यालय,  सेवन ओक्स मल्लीताल, नैनीताल- 263 001,    
मोबा. 09897849737,  Email- palni_nainital@yahoo.in

आवरण चित्र:

       राघव वर्मा  

उदंती के आवरण पृष्ठ पर प्रकाशित वॉटर कलर से बनी यह पेंटिंग 10 वर्षीय राघव वर्मा ने बनाई है। एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल रायपुर (छत्तीसगढ़) में, क्लास 6 में पढऩे वाले छात्र राघव तीन साल की उम्र से ही चित्रकारी करते आ रहे हैं और कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। 
स्कूल में होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी राघव लगातार भाग लेते हैं। पिछले वर्ष स्कूल के वार्षिकोत्सव में मुंशी प्रेमचंद्र की प्रसिद्ध कहानी ‘ईदगाह’ पर खेले गए नाटक में राघव ने ‘हामिद’ की प्रमुख भूमिका निभा कर वाहवाही बटोरी थी। 
 राघव को कहानियाँ पढऩे का भी बहुत शौक है। अब तक उसने 100 से भी अधिक किताबें पढ़ ली हैं। राघव की पसंदीदा पुस्तकें और लेखक हैं- Roald Dahl, Enid Blyton, Yukichi Yamamatsu's graphic books, R.J. Palacio, Jeff Kinney and many others.
यही नहीं राघव कहानियाँ और कविताएँ भी लिखते हैं। कई कहानियाँ और लघु उपन्यास लिख चुके हैं। हॉबी के रूप में पिछले तीन साल से फोटोग्राफी भी कर रहे हैं। 
इन सबके साथ राघव को जिसमें सबसे ज्यादा मजा आता है वह है क्रिकेट और फुटबॉल। उसे नेशनल इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी खिलाडिय़ों के खेल- तकनीक के बारे में अच्छी पहचान है; कौन सी टीम में कौन-कौन खिलाड़ी खेल रहा है, कौन अच्छा बॉलर है, कौन अच्छा बैट्समैन, इसकी जानकारी रखते हैं। रायपुर के खेले गए दो इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों में राघव सबसे कम उम्र के बॉल ब्वाय के रूप में शामिल हो चुके हैं।