मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Dec 14, 2013

दो कविताएँ


- रेखा मैत्र

बेनाम रिश्ते


लो कर दिए अब रिश्ते
नामों की क़ैद से आज़ाद मैंने
उडऩे लगे वे खुले आसमान में
अपने खूबसूरत पंख फ़ड़फ़ड़ाते।
 देर तक इन्हें पिंजरों में
हिफाज़त से बंद रखा था
बाहर जीव-जंतुओं का
खतरा जो बहुत था।
जब पिंजरों के सीखचों से
सर पटकते पाया इन्हें
इनके लहूलुहान माथों ने
समझाया मुझे
कि  बाहर के
खुले आसमान में
ज़ख्म तो इन्हें
लगेंगे ही
पर, वे भरेंगे भी
रूह तो ज़ख्मी नहीं होगी!!

उँगलियों की फितरत

रेत  पर लिखी हुई
तहरीर मिट ही जायेगी
वक्त के समंदर का
एक तेज़ ज्वार जो आएगा
साहिल की सारी इबारतें
समेटता चला जाएगा!
यह और बात है
कि लिखना
उँगलियों की फितरत है।
मिटने के डर से
उँगलियाँ कहाँ थमती हैं ?
उन्हें रोशनाई मयस्सर न हो
तो भी वे लिखती हैं
लिखना उनकी फितरत जो है!

तुलसी का बिरवा

तुलसी का बिरवा

- स्मृति जोशी

छोटा-सा तुलसी बिरवा। नन्ही-सी हरी कच एक नाजुक पत्ती। जब रोपा तो एक साथ कई स्वर उठे- नहीं पनपेगा, जड़ नहीं पकड़ेगा। मन का प्रबल विश्वास- चेतेगा, पनपेगा, जरूर पनपेगा। आत्मा की हर भावुक लहर से उसे सिंचित किया। सम्पूर्ण एकाग्रता से पोषित किया। बिरवे की आत्मा तक पहुँचने की कोमल कोशिश की। कब मिट्टी पलटना है, तपन भी जरूरी है। गोबर के उपले की खाद हाथों से बनाई.... और जिस दिन नर्म मुलायम पत्ती ने शरमाकर हल्का-सा सिर ऊँचा किया- आत्मा के सुप्त तारों में एक साथ कई रागिनियाँ बज उठीं रोम-रोम छनन...छुम थिरक उठा। यह है सृजन सुख।
एक ऐसा विलक्षण गुलाबी सुख जिसे कभी शब्दश: अभिव्यक्त नहीं किया जा सकता। एक बेहद खूबसूरत-सा भाव जिसे सिर्फ अंतर की गहराइयों में अनुभूत किया जा सकता है। आज तुलसी हुलसकर मुस्कुरा रही है और एक नहीं बल्कि चार-चार गमलों में।
इससे पहले मैंने कभी ऐसा सुकोमल सुख अनुभूत नहीं किया था। बचपन से माँ को प्रकृति से प्यार करते पाया। हम भाई-बहन के अतिरिक्त माँ के चरणों के चार बच्चे और हैं- मनीप्लांट, तुलसी, बिल्वपत्र और हारसिंगार।
 इन चारों बच्चों से जुड़ी यूँ तो माँ के पास कई कहानियाँ हैं, लेकिन जो मैंने प्रत्यक्ष अनुभूत किया। वह निश्चित रूप से उल्लेखनीय है। माँ ने अपने लड्डूगोपाल के लिए हारसिंगार लगाया। दिन में उससे बड़ा सुंदर संप्रेषित करती। सुखद आश्चर्य कि केसरिया-बादामी संयोजन के साथ पहली बार हारसिंगार मुस्कुराया जन्माष्टमी के दिन। वह जन्माष्टमी आज भी माँ की स्मृति- मंजूषा में वैसी ही रखी है।
ऐसे ही भोलेनाथ शिवजी के लिए बिल्वपत्र लगाने के वर्षों प्रयास चले। हर बार कोई न कोई रुकावट आड़े आ जाती है। पिछले वर्ष शिवरात्रि की सुहानी सुबह उनकी साधना सफल रही। तीन गुलाबी ललछौंही स्निग्ध पत्तियाँ कुछ गुथी हुई, कुछ खुलती ऐसी प्रतीत हुई मानो किसी कोमलांगी की नृत्यभंगिमा हो या अभिवादन को उठे किसी षोडशी के हाथ।
एक बार परिवार की अनुपस्थिति में किसी ने मनीप्लांट चुराने के इरादे से काट दी। माँ लौटीं और सदमे में पंद्रह दिन बीमार रहीं। अनुभूति के स्तर पर वह उच्चावस्था में प्राप्त नहीं कर सकी थी कि किसी लता के कट जाने से व्यथित हो पाती। किन्तु आज मेरी तुलसी का एक पत्ता भी कुम्हलाता है ,तो मन जाने कैसा-कैसा हो जाता है।
तुलसी पनपने के उपरांत मेरे समक्ष सृजन के कितने आयाम खुले। माँ से बढ़कर सृजनकर्ता इस पृथ्वी पर कोई नहीं। इसलिए कहा जाता है कि माँ नहीं बने तो माँ को नहीं समझ सकते। सृजन किया नहीं तो सृजन की महत्ता से कैसे अवगत हो सकते हैं?
माता-पिता के लिए उनका सृजन अनमोल होता है। पल-पल उनका मन, मस्तिष्क और आँखें उस पर लगी होती हैं। मन उसे स्नेहपोषित करता है। उसकी सुरक्षा और सफलता की कामना में लगा रहता है। मस्तिष्क उसके व्यक्तित्व, परिवेश, संगत और प्रवृत्तियों का मूल्यांकन करता है। आँखें कहती हैं कि एक क्षण भी ओझल न हो। नीड़ के पंछी मजबूत होते ही उडऩे लगते हैं आबोदाना ढूँढने के लिए। सृजन की नन्ही कोपलें जब धीरे-धीरे पल्लवित होती हैं, उसकी उपलब्धियों और उत्कर्ष की एक-एक पाँखुरी खिलती है; तब शिराओं में उल्लास की दिव्य तरंग उठती है।
एक विशिष्ट महक आत्मा को खुशनुमा बनाए रखती है। जब यही सृजन जैसा चाहा वैसा न बनकर भटकाव की दिशा में बढ़ता है तब सृजनकर्ता के कष्टों का पारावार नहीं रहता। वस्तुत- सृजन कोई भी हो नन्हा बिरवा, कोमल शिशु, कोई कलाकृति, साहित्यिक रचना या कोई शिल्प, पूर्णता के पायदान पर चरम सुख की अनुभूति कराता है। एक अनूठा संतोष, प्रखर विश्वास और? निपुणता विकसित होती है।
यह हमारी रचना है। हमारे शुभ प्रयासों का प्रतिफल है। ईश्वर ने इस पवित्र सुख से हम सबको नवाजा है। हर व्यक्ति जीवन में किसी न किसी सृजन प्रक्रिया से अवश्य गुजरता है और निर्माण के पश्चात् अलौकिक सुख-संतोष में भर उठता है। सृजन-सुख परिभाषित नहीं किया जा सकता, यदि संसार में इस अनोखे सुख का मीठा नशा नहीं होता तो आदिम युग तकनीकी युग तक का सफर इंसान तय नहीं कर पाता।
सृजन मन को शक्ति देता है। कुछ तो है जो हम कर सकते हैं, चाहे किसी की पसंद न बन सके मन का चरम परितोष क्या कम उपलब्धि है? साहित्यकार, मूर्तिकार, चित्रकार, काष्ठकार जैस कितने कार हैं जो इस सुख को बार-बार पी लेना चाहते हैं, पीते हैं और अतृप्त बने रहते हैं। हर बार कुछ नया, कुछ अलग करने की त्वरा उन्हें स्वप्न और संकल्प, कल्पना और कोशिश एवं ऊर्जा और उमंग से सराबोर रखती है।
हम सभी स्वयं किसी का सृजन हैं जिस माटी ने हमको सिरजा है उसका कर्ज है हम पर। वह हमें प्रेरणा के चमकते दीप बने देखना चाहती है, प्रगल्भ और प्रगतिशील एवं सफल और सुवासित, ताकि सृजन की ईश्वरीय परंपरा में हम सहभागी हो सकें।
रहिमन यों सुख होत है
बढ़त देखि निज गोत
ज्यो बडऱी अखियाँ निरखि
 आँखिन को सुख होत।

सोशल नेटवर्किंग पर समय बिताने का झटका

सोशल नेटवर्किंग पर
समय बिताने का झटका

अगर आप फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट पर बहुत ज़्यादा समय बिताते हैं तो तब आपको बहुत बुरा लग सकता है जब आपको बिजली का झटका लगेगा। पॉवलोव पॉक इसमें आपकी मदद कर सकते हैं।
यह सिस्टम एक मज़ाक के तौर पर डिज़ाइन किया गया था, लेकिन यह बहुत ही गंभीर संदेश भी है कि हम बहुत ज़्यादा समय इंटरनेट पर बिताते हैं और यदि आप एक ही वेबसाइट या एप्लिकेशन पर बहुत ज़्यादा समय तक रहते हैं ,तब यह सिस्टम आपको की-बोर्ड की मदद से छोटा-सा इलेक्ट्रिक शॉक दे सकता है। यह झटका नुकसानदेह नहीं है ;लेकिन आपको चेताने के लिए काफी है।
कुछ शोधकर्ताओं का दावा है कि सोशल मीडिया साइट की लत सिगरेट और एल्कोहल की तरह ही है। फेसबुक व अन्य बिजनेस मॉडल्स की डिज़ाइन ही इस तरह बनाई गई है कि आपको इनकी लत लग जाती है।
मैसाच्यूसेट इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी के पीएच.डी. छात्र रॉबर्ट मॉरिस और डेन मैकडफ कहते हैं कि इन सोशल मीडिया साइट्स पर बहुत ज़्यादा समय बरबाद होता है और समय रहते शॉक देने का सिस्टम हमारे लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है।


यह सेटअप सॉफ्टवेयर की मदद से निगरानी करता है कि कौन-सा एप्लीकेशन चल रहा है। एक ही एप्लीकेशन पर टिके रहने पर यह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइज़ को संकेत भेजता है और की-बोर्ड के मेटल पैड पर करंट आ जाता है। यदि व्यक्ति के हाथ उस पैड पर आराम फरमा रहे हैं, तो उसे एक झटका लगता है। (स्रोत फीचर्स)

प्रेरक

आखरी सफ़र

(अमरीकन लेखक केंट नेर्बर्न ने आध्यात्मिक विषयों और नेटिव अमरीकन थीम पर कई पुस्तकें लिखीं हैं। नीचे दिया गया प्रसंग उनकी एक पुस्तक से लिया गया है)

बीस साल पहले मैं आजीविका के लिए टैक्सी चलाने का काम करता था। घुमंतू जीवन था, सर पर हुक्म चलाने वाला कोई बॉस भी नहीं था।
इस पेशे से जुड़ी जो बात मुझे बहुत बाद में समझ आई वह यह है कि जाने-अनजाने मैं चर्च के पादरी की भूमिका में भी आ जाता था। मैं रात में टैक्सी चलाता था इसलिए मेरी टैक्सी कन्फेशन रूम बन जाती थी। अनजान सवारियाँ टैक्सी में पीछे बैठतीं और मुझसे अपनी जि़ंदगी का हाल बयान करने लगतीं। मुझे बहुत से लोग मिले; जिन्होंने मुझे आश्चर्यचकित किया, बेहतर होने का अहसास दिलाया, मुझे हँसाया, कभी रुलाया भी।
इन सारे वाकयों में से मुझे जिसने सबसे ज्यादा प्रभावित किया  ,वह मैं आपको बताता हूँ। एक बार मुझे देर रात शहर के एक शांत और संभ्रांत इलाके से एक महिला का फोन आया। हमेशा की तरह मुझे लगा कि मुझे किन्हीं पार्टीबाज, झगड़ालू पति-पत्नी-प्रेमिका, या रात की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी को लिवाने जाना है।
रात के ढाई बजे मैं एक छोटी बिल्डिंग के सामने पहुँचा, जिसके सिर्फ ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे की बत्ती जल रही थी। ऐसे समय पर ज्यादातर टैक्सी ड्राइवर दो-तीन बार हॉर्न बजाकर कुछ मिनट इंतज़ार करते हैं, फिर लौट जाते हैं; लेकिन मैंने बहुत से ज़रूरतमंद देखे थे, जो रात के इस पहर में टैक्सी पर ही निर्भर रहते हैं; इसलिए मैं रुका रहा।
यदि कोई खतरे की बात न हो तो मैं यात्री के दरवाजे पर पहुँच जाता हूँ। शायद यात्री को मेरी मदद चाहिए, मैंने सोचा।
मैंने दरवाजे को खटखटाकर आहट की। बस एक मिनट- भीतर से किसी कमज़ोर वृद्ध की आवाज़ आई। कमरे से किसी चीज़ को खिसकाने की आवाज़ आ रही थी।
लम्बी ख़ामोशी के बाद दरवाज़ा खुला। लगभग अस्सी साल की एक छोटी- सी वृद्धा मेरे सामने खड़ी थी। उसने चालीस के दशक से मिलती-जुलती पोशाक पहनी हुई थी। उसके पैरों के पास एक छोटा सूटकेस रखा था।
घर को देखकर यह लग रहा था जैसे वहाँ सालों से कोई नहीं रहा है। फर्नीचर को चादरों से ढाँका हुआ था। दीवार पर कोई घड़ी नहीं थी, कोई सजावटी सामान या बर्तन आदि भी नहीं थे। एक कोने में रखे हुए खोखे में पुराने फोटो और काँच का सामान रखा हुआ था।
'क्या तुम मेरा बैग कार में रख दोगे?’ - वृद्धा ने कहा।
सूटकेस कार में रखने के बाद मैं वृद्धा की सहायता के लिए पहुँचा। मेरी बाँह थामकर वह धीमे-धीमे कार तक गई। उसने मुझे मदद के लिए धन्यवाद दिया।
'कोई बात नहीं’ - मैंने कहा- 'मैंने आपकी सहायता उसी तरह की, जैसे मैं अपनी माँ की मदद करता।’
'तुम बहुत अच्छे आदमी हो’- उसने कहा और टैक्सी में मुझे एक पता देकर कहा- 'क्या तुम डाउनटाउन की तरफ से चल सकते हो?’
'लेकिन वह तो लम्बा रास्ता है?’ - मैंने फौरन कहा।
'मुझे कोई जल्दी नहीं है’- वृद्धा ने कहा- 'मैं होस्पिस जा रही हूँ’। (होस्पिस में मरणासन्न बूढ़े और रोगी व्यक्ति अपने अंतिम दिन काटते हैं।)
मैंने रियर-व्यू-मिरर में देखा। उसकी गीली आँखें चमक रहीं थीं।
'मेरा इस दुनिया में कोई नहीं है’- उसने कहा- 'डॉक्टर कहते हैं कि मेरा समय निकट है’।
मैंने मीटर बंद करके कहा- 'आप जिस रास्ते से जाना चाहें मुझे बताते जाइए।’
अगले दो घंटे तक हम शहर की भूलभुलैया से गुज़रते रहे। उसने मुझे वह बिल्डिंग दिखाई; जहाँ वह बहुत पहले लिफ्ट ऑपरेटर का काम करती थी। हम उस मोहल्ले से गुज़रे; जहाँ वह अपने पति के साथ नव-ब्याहता बनकर आई थी। मुझे एक फर्नीचर शोरूम दिखाकर बताया कि दसियों साल पहले वहाँ एक बालरूम था जहाँ वह डांस करने जाती थी। कभी-कभी वह मुझे किसी ख़ास बिल्डिंग के सामने गाड़ी रोकने को कहती और अपनी नम आँखों से चुपचाप उस बिल्डिंग को निहारते रहती।
सुबह की लाली आसमान में छाने लगी। उसने अचानक कहा- 'बस, अब और नहीं। मैं थक गयी हूँ। सीधे पते तक चलो।’
हम दोनों खामोश बैठे हुए उस पते तक चलते रहे ,जो उसने मुझे दिया था। यह पुराने टाइप की बिल्डिंग थी; जिसमें ड्राइव-वे पोर्टिको तक जाता था। कार के वहाँ पहुँचते ही दो अर्दली आ गए। वे शायद हमारी प्रतीक्षा कर रहे थे। मैंने ट्रंक खोलकर सूटकेस निकाला और उन्हें दे दिया। महिला तब तक व्हीलचेयर में बैठ चुकी थी।
'कितने रुपये हुए’- वृद्धा ने पर्स खोलते हुए पूछा।
'कुछ नहीं’- मैंने कहा।
'तुम्हारा कुछ तो बनता है’- वह बोली।
'सवारियाँ मिलती रहती हैं’- मैं बोला।
अनायास ही पता नहीं क्या हुआ और मैंने आगे बढ़कर वृद्धा को गले से लगा लिया। उन्होंने मुझे हौले से थाम लिया।
'तुमने एक अनजान वृद्धा को बिन माँगे ही थोड़ी सी खुशी दे दी’  -उसने कहा- 'धन्यवाद’।
मैंने उनसे हाथ मिलाया और सुबह की मद्धम रोशनी में बाहर आ गया। मेरे पीछे एक दरवाज़ा बंद हुआ और उसके साथ ही एक जि़ंदगी भी ख़ामोशी में गुम हो गई।
उस दिन मैंने कोई और सवारी नहीं ली। विचारों में खोया हुआ मैं निरुद्देश्य-सा फिरता रहा। मैं दिन भर चुप रहा और सोचता रहा कि मेरी जगह यदि कोई बेसब्र या झुँझलाने वाला ड्राईवर होता तो क्या होता? क्या होता अगर मैं बाहर से ही लौट जाता और उसके दरवाज़े तक नहीं जाता?
आज मैं उस घटनाक्रम पर निगाह डालता हूँ तो मुझे लगता है कि मैंने अपनी जि़ंदगी में उससे ज्यादा ज़रूरी और महत्त्वपूर्ण कोई दूसरा काम नहीं किया है।


हम लोगों में से अधिकतर लोग यह सोचते हैं कि हमारी जि़ंदगी बहुत बड़ी-बड़ी बातों से चलती है; लेकिन ऐसे बहुत से छोटे दिखने वाले असाधारण लम्हे भी हैं जो हमें खूबसूरती और खामोशी से अपने आगोश में ले लेते हैं। (हिन्दी ज़ेन से) 

आपके पत्र

मौलिकता का अहसास

उदंती के वेब संस्करण के माध्यम से पिछले कुछ अंकों पर नज़र डालने का मौका मिला। प्रकाशन सामग्री व गेटअप, मुद्रण आदि सभी दृष्टिकोणों से पत्रिका ने प्रभावित किया। अनकही, लोकपर्व, कलाकार, परम्परा, प्रेरक, पूजापर्व जैसे स्तंभों के अंतर्गत प्रकाशित रचनाएँ मौलिकता का अहसास कराती हैं। सभी अंकों पर संपादक की पकड़ और मेहनत साफ झलकती है। पत्रिका के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ।
 - किशोर श्रीवास्तव, नई दिल्ली , kishorsemilen@gmail.com

बसंत साहू की कला को नमन

उदंती के अक्टूबर नवम्बर अंक में प्रकाशित बसंत साहू के सभी चित्र बहुत ही सुंदर हैं!  इस अनूठे कलाकार के साहस तथा उनकी लगन को नमन! उनके साथ हुए हादसे के बारे में पढ़कर जितना दु:ख हुआ उतनी ही प्रसन्नता उनके द्वारा बनाए गये चित्रों को देखकर हुई! दुख व कठिनाइयों- भरे दुर्गम रास्ते में आगे क़दम बढ़ाकर अपनी मंजि़ल तक पहुँचने का नाम ही असली मायनों में 'जीना’कहलाता है... इसका जीता-जागता प्रमाण बसंत साहू हैं! उनका परिचय कराने व उनके बनाए चित्रों को साझा करने का आभार! 
इसी अंक में विजयादशमी पर कृष्ण कुमार यादव का लेख 'जहाँ होती रावण की पूजा’ में इतनी उपयोगी तथा रोचक जानकारी देने के लिए धन्यवाद। हिमांशु जी की सभी कविताएँ बहुत ही सुंदर संदेश लिये हुए दिल में उतर गईं! काश! ऐसा हर कोई सोच ले तो किसी की देहरी पर, किसी के दिल में कभी अँधेरे टिक न पाएँगे! हर दिल में बस उजियारा ही उजियारा होगा!

पूरा जीवन दर्शन

दीपावली पर हिमांशुजी की चार कविताएँ जिसमें-
उम्र भर रहते नहीं हैं, संग में सबके उजाले।
दूर उजालों की बस्ती है, पथ में भी अंधियार बहुत है।
अँधियारे से आगे देखो सूरज है उजियार बहुत है।
नहीं गगन छू पाए तो क्या मन का ही विस्तार बहुत है।
आदमी है आदमी तब, जब अंधेरों से लड़े।
सब एक से बढ़कर एक। ये भाव, ये पंक्तियाँ अपने में पूरा जीवन दर्शन समाए हुए हैं। बस जरुरत है तो इसे समझ कर इसको अमल में लाने की....
                                                                         -मंजु मिश्रा

अलग तरह की पत्रिका

पत्रिका प्राप्त हुई बहुत ही अच्छी है। हमारे छत्तीसगढ़ के त्योहार के विषय में आपने बहुत अच्छी जानकारी दी है। यह अपने आप में अलग तरह की पत्रिका हैं। आपने मेरे भावों को बहुत ही सुंदर ढंग से अपने लोगो तक पहुँचाया है। इसके लिए धन्यवाद एवं शुभकामनाएँ । आप इसी तरह अपने लेखन कार्य को आगे बढ़ाते रहें ताकि समाज को सही दिशा मिले।

                     -बसंत साहू, basantartist@gmail.com