मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 23, 2008

बस्तर: धान्य देवी की महागाथा- लछमी जगार

बस्तर: धान्य देवी की महागाथा- लछमी जगार
- हरिहर वैष्णव
 प्राय: धान की फसल कटने के साथ ही शीत ऋतु में किसी भी समय आरम्भ हो कर अधिकतम 11 दिनों तक चलने वाला लोक महापर्व च्लछमी जगार ज् विभिन्न संस्कारों से आबद्घ अनुष्ठान है जो यद्यपि महिलाओं द्वारा पूरे किये जाते हैं, किन्तु पूरी तरह महिलाओं द्वारा कहा जाना समीचीन नहीं होगा। कारण, पुरुष भी इस आयोजन में सहभागी होते हैं और अपवाद स्वरूप जगार-गायक भी। यह आयोजन यों तो सप्ताह के किसी भी दिन आरम्भ हो सकता है किन्तु समाप्ति गुरुवार को ही होती है। इस दिन सारी रात गायन होता है। लोक महाकाव्य लछमी जगार का गायन इस महापर्व का प्रमुख आकर्षण होता है जिसे दो गुरुमायें गाती हैं।
जगार शब्द हिन्दी के जागरण (और संस्कृत के यज्ञ) शब्द से प्रादुर्भूत है। देवताओं को निद्रा से जगाना और अन्न की उपज इसके मूलभूत अभिप्राय हैं। यह आयोजन उत्सव-धर्मी होता है। विशेष रूप से अन्तिम दिन जब अनुष्ठान अपने चरम पर होता है और माहालखी यानी धान (महालक्ष्मी) का विवाह नरायन राजा के साथ सम्पन्न होता है। यह विवाह सांकेतिकता के साथ नहीं अपितु वास्तविकता के साथ सम्पन्न होता है। नृत्य और गायन की छटा देखते ही बनती है। लछमी जगार का आयोजन किसी समुदाय अथवा व्यक्ति विशेष के द्वारा भी हो सकता है। इसमें आयोजक अपनी पत्नी के साथ गाथा के अनुरूप पात्रों की भूमिका भी निभाते देखे गये हैं। इसके आयोजन के विषय में लोगों का कहना है कि यह प्राय: सुख-समृद्घि की कामना से आयोजित किया जाता है।
लछमी जगार का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रान्त के अन्तर्गत अविभाजित बस्तर जिले के जगदलपुर एवं कोंडागांव तहसील तथा नारायणपुर, दन्तेवाड़ा और बीजापुर तहसील के कुछ भागों में किया जाता है। यह अनुष्ठान बस्तर की मौखिक परम्पराओं का ही एक अंग है जिसमें अन्य चीजों के साथ ही वर्षा ऋ तु में सम्पन्न होने वाला एक अन्य मौखिक लोक महाकाव्य तीजा जगार (धनकुल) भी सम्मिलित है। इसी तरह पूर्व दिशा में, ओडि़सा प्रान्त में, हमें च्बाली जगारज् नामक एक मौखिक लोक महाकाव्य मिलता है जिसका आयोजन ग्रीष्म ऋ तु में होता है। हमने इसका आयोजन नवरंगपुर में होना पाया है। नृतत्वशास्त्री टीना ओटेन कोरापुट (ओडि़सा) में प्रचलित बाली जगार के एक भिन्न संस्करण की जानकारी देती हैं। यद्यपि इन लोक महाकाव्यों की कथा-वस्तु आदि में पर्याप्त भिन्नता है तथापि इनकी आपस में समानता का बिन्दु है इनका गायन महिलाओं द्वारा किया जाना, और धनकुल नामक वाद्य, जिसका वे वादन करती हैं। इस परम्परा का विस्तार दण्डकारण्य के प्राय: उस मैदानी भू-भाग में पाया जाता है जो इन्द्रावती नदी के तट पर है तथा जिसे दण्डकारण्य का हृदय-स्थल कहा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि धान और अन्य गौण अनाज इस भू-भाग की प्रमुख उपज हैं, और जैसा कि हम यहां देखेंगे, यह पूरा क्षेत्र धान-उत्पादक पूर्वी भारत तथा गौण अन्न-उत्पादक पचिमी भारत की सीमा पर स्थित है। न केवल यह अपितु दण्डकारण्य का यह विस्तृत पठार द्रविड़ भाषा-भाषी दक्षिण भारत एवं भारोपीय भाषा-भाषी उत्तर भारत की भी सीमा पर स्थित है, किन्तु सांस्कृतिक रूप से यह उतना अधिक महत्वपूर्ण नहीं दिखलायी पड़ता क्योंकि बाली जगार भारोपीय भाषाओं (ओडि़या एवं देसया) तथा द्रविड़ भाषा-परिवार की लोक-भाषा (पेंगो या जानी) में भी गाया जाता है।
बहरहाल, लछमी जगार ज् लोक महापर्व में गाये जाने वाले लोक महाकाव्य लछमी जगार का गायन प्रमुखत: महिलाओं द्वारा किया जाता है। प्रमुख गायिका पाट गुरुमायं कहलाती है। उसकी एक या दो सहायिकायें होती हैं, जिन्हें चेली गुरुमायं कहा जाता है। प्राय: पाट गुरुमायें दादी या नानी की उम्र की होती हैं जबकि चेली गुरुमायें मां की उम्र की। ये गुरुमायें प्राय: 30 वर्ष की आयु से, जब उनके बच्चे बड़े हो चुकते हैं तथा घर-गृहस्थी के उनके उत्तरदायित्व प्राय: कम हो जाया करते हैं, गायन सीखना आरम्भ करती हैं। यहां यह उल्लेख अनिवार्य होगा कि जगार-गायन किसी समुदाय या जाति विशेष की विशेषज्ञता नहीं होती। ये गायिकाएं किसी भी समुदाय या जाति से हो सकती हैं। उदाहरण के तौर पर: जगदलपुर क्षेत्र में धाकड़, मरार, केंवट, बैरागी और कलार, कोंडागांव क्षेत्र में गांडा, घड़वा, बैरागी, मरार, कलार आदि जातियों की गुरुमायें जगार गायन करती दिखलायी पड़ती हैं। इन गुरुमांओं को उनके गायन के लिये कोई धनराशि नहीं दी जाती अपितु उसकी जगह आयोजक द्वारा जगार की समाप्ति पर सामथ्र्यानुसार ससम्मान भेंट दी जाती है। यह भेंट कपड़ों एवं चावल-दाल आदि की शक्ल में होती है।
प्रमुख जगार गायिकाओं में से एक सुकदई गुरुमायं संगीतकार/ ग्राम प्रहरी (कोटवार) समुदाय से सम्बद्घ हैं और कोंडागांव कस्बे के सरगीपालपारा नामक मोहल्ले में रहती हैं। यह समुदाय यहां का मूल निवासी है। संगीत-साधना (वादन) इस समुदाय के पुरुषों को विरासत में मिली है और उन्हीं तक सीमित भी है। वे तीन से पांच के समूह में होते हैं तथा विवाह और अन्य र्धािमक अनुष्ठानों के अवसर पर वादन करते हैं। पहला व्यक्ति मोहरी (शहनाईनुमा वाद्य), दूसरा निसान या नगाड़ा, तीसरा टुड़बुड़ी (ताल वाद्य), चौथा ढोल तथा पांचवां ढपरा (ढपली) बजाता है। इस समुदाय के लोग, जैसा कि ऊपर कहा गया है, कोटवार तथा चरवाहे के रूप में भी अपनी सेवाएं समाज को देते आ रहे हैं। इस समुदाय के लोगों के पास अपनी कृषि-भूमि थी किन्तु धीरे-धीरे इनमें से अधिकांश लोगों ने अपनी भूमि बाहर से यहां आ बसे लोगों के हाथों बेच डाली। यह स्थिति प्राय: गंाव से कस्बे और शहरों में परिवर्तित होते स्थानों में, उदाहरण के तौर पर, कोंडागांव (सरगीपालपारा), जगदलपुर, नारायणपुर आदि में बनती गयी है। आज इनकी आजीविका का साधन दैनिक मजदूरी रह गयी है। जहां तक जगार गायन से जुडऩे का सवाल है, अपवाद स्वरूप ही सुकदई जैसी महिलाएं गायिकाएं बन पाती हैं। कारण, पितृसत्तात्मक समाज में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं कि महिलाएं अपने किसी ज्ञान या विज्ञान को धरोहर के रूप में आगे ले जा सकें। हां, विवाह में महिलायें अपने पति के कौटुम्बिक क्रिया-कलापों में अवश्य सहभागी होती हैं। सुकदई के परिवार में उनके पिता की बहिन दुआरी के पहले कोई भी जगार गायिका नहीं हुई थी। दुआरी ने जगार-गायन निकटस्थ गांव बम्हनी की पनका जाति की एक महिला से सीखा था। सुकदई और उनकी तीन चचेरी बहिनों ने दुआरी से। सुकदई की चाची आयती ने भी दुआरी से ही जगार-गायन की शिक्षा ली तथा अपनी बहिन की तीन बेटियों को सिखाया। इस तरह सुकदई और उनकी निकट सम्बंधी जगार गायिका बनीं। गुरुमायं सुकदई लछमी जगार एवं तीजा जगार (धनकुल) दोनों ही लोक महाकाव्यों का गायन करती हैं; साथ ही अनेकों लोक गीत और लोक गाथाएं भी गाती हैं, जिनका सम्बन्ध पूरी तरह मनोरंजन से है। वे कोंडागांव की शीर्षस्थ जगार-गायिकाओं में गिनी जाती हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से कोंडागांव की दर्जन भर से अधिक गुरुमांओं को जानता हूं, किन्तु संभवत: इनकी सही गणना कर पाना बहुत ही कठिन होगा। कारण, बस्तर के जन-जीवन में लोक गीत का गायन सहज एवं स्वाभाविक है और प्राय: प्रत्येक महिला किसी न किसी स्तर पर लोक गायिका है।
कोंडागांव एवं इसके आसपास धनकुल नामक इस वाद्य-यन्त्र के विभिन्न उपकरणों यथा, धनुष को धनकुल डांडी, डोरी को झिकन डोरी, बांस की कमची को छिरनी काड़ी, हण्डी को घुमरा हांडी, हण्डी के मुँह पर ढंके जाने वाले सूपा को ढाकन सुपा, हण्डी के आसन को आंयरा या बेंडरी तथा मचिया को माची कहा जाता है। घुमरा हांडी आंयरा या बेंडरी के ऊपर तिरछी रखी जाती है। आंयरा या बेंडरी धान के पैरा (पुआल) से बनी होती है। तिरछी रखी घुमरा हांडी के मुंह को ढाकन सुपा से ढंक दिया जाता है। इसी ढाकन सुपा के ऊपर धनकुल डांडी का एक सिरा टिका होता है तथा दूसरा सिरा जमीन पर। धनकुल डांडी की लम्बाई लगभग 2 मीटर होती है। इस के दाहिने भाग में लगभग 1. 5 मीटर पर 8 इंच की लम्बाई में हल्के खांचे बने होते हैं। गुरुमायें दाहिने हाथ में छिरनी काड़ी से धनकुल डांडी के इसी खांचे वाले भाग में घर्षण करती हैं तथा बायें हाथ से झिकन डोरी को हल्के-हल्के खींचती हैं। घर्षण से जहां छर-छर-छर-छर की ध्वनि नि:सृत होती है वहीं डोरी को खींचने पर घुम्म-घुम्म की ध्वनि घुमरा हांडी से निकलती है। इस तरह ताल वाद्य और तत वाद्य का सम्मिलित संगीत इस अद्भुत लोक वाद्य से प्रादुर्भूत होता है। यद्यपि इसके विपरीत ओडि़सा के नवरंगपुर जिले में प्रयुक्त धनकुल वाद्य का धनुष अपेक्षाकृत बड़ा होता है तथा इसके वादन में भी भिन्नता है, किन्तु यह अतिरंजित नहीं कि दण्डकारण्य के पठार में प्रचलित यह वाद्य अपने आप में मौलिक एवं अनूठा है।
दक्षिण तमिलनाडु में भी यद्यपि धनुर्संगीत का प्रचलन पाया जाता है किन्तु वहां इसका स्वरूप भिन्न है। भारत में धनुर्संगीत के अन्य रूपों की भी थोड़ी-बहुत जानकारी मिलती है किन्तु उदाहरण कम ही देखने में आये हैं।
प्रत्येक गायिका की अपनी अलग गायन-शैली है जिससे वे अलग से ही पहचानी जाती हैं। ऑस्ट्रेलियन नेानल यूनिवर्सिटी में संगीत विलेषक डॉ. पीटर टोनर सुकदई गुरुमायं के गायन की अलग-अलग दो पंक्तियों में चार प्रकार की लय पाते हैं। लम्बी लय-युक्त पंक्तियों में 40 थाप की समयावधि से युक्त लय तथा छोटी लय-युक्त पंक्तियों में 20 थाप की समयावधि से युक्त लय। एक अन्य प्रकार की पंक्ति में वे अन्तिम चार थापों को सुसुप्त पाते हैं। ये गीत-पंक्तियां सुनियोजित हैं। प्रत्येक 20 थाप से युक्त पंक्ति सुनियोजित छंद के एक चरण का आभास देती है जबकि 40 थाप-युक्त पंक्ति दो का। काव्यत्व की दृष्टि से इस लोक महाकाव्य में अनेक रुझानों की सहज ही पहचान की जा सकती है यथा : च्खिला कमल का फूल बाबा/ खिला कमल का फूलज् में सामान्य पुनरावृत्ति; च्जलराशि में है ओ बाबा/ क्षीर-समुद्र में हैज् में समतुल्यता तथा च्दोनों भाई हैं ओ बाबा/ दोनों को बाढ़ बहा ले जातीज् में प्रस्तुति अथवा कल्पना वैविध्य। इस गीत की काव्यात्मकता और संगीतात्मकता के कारण कथा का विकास अत्यंत मन्थर किन्तु रसमय गति से होता है।
अन्य मौखिक महाकाव्यों की बुनावट में जहां हम घटनात्मकता पाते हैं वहीं लछमी जगार की बुनावट में अनूठी विवरणात्मकता और इतिवृत्तात्मकता। गुरुमायं सुकदई द्वारा गाया गया च्लछमी जगारज् चार स्पष्ट खण्डों में संयोजित है। पहला खण्ड आरम्भिक है (अध्याय 1) जिसमें सृष्टि की उत्पत्ति की कथा है। अन्य दो खण्ड कथा-वस्तु को सामने रखते हैं। इन दोनों खण्डों में मूल कथा प्रवाहित एवं व्याख्यायित होती है। खण्ड 2 (अध्याय 2 से 12) में मेंगइन रानी की कथा है जबकि खण्ड 3 (अध्याय 13 से 16) में पारबती रानी की। अन्तिम खण्ड (खण्ड 4: अध्याय 17 से 36) में कथा-वस्तु का विकास, चरमोत्कर्ष, निर्गति तथा परिणाम या फलागम सम्मिलित हैं। इन्हें संक्षेप में इस तरह देखा जा सकता है:
1. व्याख्या : मेंगराजा (शाब्दिक अर्थ मेघ) अपनी पत्नी मेंगइन रानी के हठ के कारण मेंगइन रानी के साथ अपने लोक उपरपुर (ऊध्र्व लोक) से मंजपुर (मत्र्य लोक) अर्थात् धरती पर आते हैं। यहां आने पर धरती के लोग न केवल उनका सम्मान करते हैं अपितु उन्हें अपना राजा-रानी भी बनाते और उनके लिये प्रासाद का भी निर्माण करते हैं। इसी समय कैलासपुर नामक एक अन्य नगर में माहादेव (महादेव, शिव) अपनी पत्नी पारबती (पार्वती) के हठ के वाशीभूत हो कृषि-कार्य में संलग्न होते हैं और धान बोते हैं। किन्तु एक भ्रान्ति के कारण वे सारी की सारी फसल में आग लगा देते हैं। फसल में लगी आग का धुआं जब ऊपर उठ कर ऊध्र्व लोक तक जा पहुंचता है तब देव गण आ कर उसे बुझाते हैं। आग बुझाने पर जो धान बचा रह जाता है उसी से धान की अनेक किस्में बन जाती हैं।
2. विकास : मेंगइन रानी सन्तान-प्राप्ति के लिये आतुर हो कर अपने पति मेंगराजा को माहादेव के पास आम के लिये भेजती हैं। माहादेव मेंगराजा को इस शर्त के साथ कि यदि उनके यहां पुत्री का जन्म होता है तो वे उसका विवाह उनके छोटे भाई नरायन के साथ करेंगे, मेंगराजा को आम का फल देते हैं। मेंगराजा उनकी शर्त मान कर घर वापस होते हैं और फल रोप देते हैं। कालान्तर में फल अंकुरित हो कर पेड़ होता है और यथा समय उसमें फल आता है। मेंगइन रानी उस फल का सेवन करती हैं और इसके फलस्वरूप उन्हें गर्भाधान होता है। यथा समय एक कन्या का जन्म होता है, जिसे माहालखी (लछमी, लखी और हिन्दी में लक्ष्मी या महालक्ष्मी) नाम दिया जाता है। माहालखी युवावस्था को प्राप्त होने पर मंजपुर से गोपपुर चली जाती हैं और वहीं रहने लगती हैं।
3.चरमोत्कर्ष: नरायन, जिनकी पहले से ही इक्कीस रानियां हैं, माहालखी से विवाह करने की जिद ठान बैठते हैं। माहालखी नरायन से विवाह करने की इच्छुक नहीं होतीं। कारण, उन्हें भय है कि नरायन राजा की इक्कीस रानियां उन्हें दु:ख देंगी। किन्तु मेंगराजा माहालखी को विवाह के लिये सहमत करते हैं और यह निश्चित होता है कि विवाह के बाद नरायन राजा और माहालखी इक्कीस रानियों से अलग माहादेव और पारबती के साथ कैलासपुर में रहेंगे।
4. निर्गति : नरायन अपनी नयी पत्नी माहालखी के साथ अपने बड़े भाई माहादेव के घर (कैलासपुर) में रहने लगते हैं किन्तु कुछ ही समय बाद वे अपनी शेष पत्नियों का अभाव महसूस करने लगते हैं। तब वे उनके पास वापस लौट आते हैं किन्तु पुन: उन्हें माहालखी का अभाव खटकता है और वे एक रात उन्हें उठा कर ले आते हैं। वे उन्हें अपनी आंखों से एक पल के लिये भी ओझल नहीं होने देते। इस प्रकार वे सभी सुख पूर्वक रहने लगते हैं। कुछ ही समय पश्चात् जब नरायन को इस बात का निश्चय हो जाता है कि अब उनकी इक्कीस रानियां माहालखी को किसी प्रकार का कष्ट नहीं देंगी, वे अपने राज-काज की ओर ध्यान देने लगते हैं। किन्तु थोड़े ही समय बाद इक्कीस रानियां माहालखी को तरह-तरह के कठिन कार्य करने को कह कष्ट देने लगती हैं। माहालखी उन कठिन कार्यों को पशु-पक्षियों की सहायता से पूरा करती हैं। फिर उन्हें भोजन पकाने का काम सौंपा जाता है। जब वे भोजन तैयार कर रही होती हैं तब उनकी सौतनें भोजन में तरह-तरह के अखाद्य डाल देती हैं, जिससे नरायन माहालखी पर कुपित हो जाते हैं और उन्हें प्रताडि़त करते हैं। माहालखी उन प्रताडऩाओं को सहन कर लेती हैं किन्तु जब नरायन उन पर पाद-प्रहार करने लगते हैं तब माहालखी बहुत अधिक दुखी और अपमानित महसूस करती हैं और चूहे द्वारा खोदी गयी सुरंग के रास्ते नरायन राजा का घर छोड़ कर इन्दरपुर चली जाती हैं।
5. फलागम : माहालखी द्वारा घर छोड़ जाने के बाद नरायन के परिवार पर दुखों के पहाड़ टूट पड़ते हैं। वे और उनकी इक्कीस रानियां भूख से व्याकुल हो जाती हैं। तब राजा माहालखी की खोज में जाते हैं और अनेक प्रयासों के बाद माहालखी को खोज कर घर वापस लाते हैं। इक्कीस रानियां अपनी भूल पर पश्चात्ताप करती हुई माहालखी की सेवा करती हैं। माहालखी अपने पति और इक्कीस सौतनों के साथ सुखपूर्वक जीवन व्यतीत करती है।
चूंकि कथा की भाव-भूमि का सम्बन्ध धान उत्पादन-प्रक्रिया के विस्तारित प्रसंग से है अत: इसका गठन उसी के अनुरूप अद्भुत है। मेंग का अर्थ वर्षा है तो माहालखी हैं धान और इक्कीस रानियां हैं कोदो, कोसरा, उड़द, मूंग, अरहर, चना, मटर, सरसों, तिल, राई, बदई, कांदुल, मंडिया आदि विभिन्न दलहनी-तिलहनी और अन्य गौण अनाज। इस कथा के नायक नरायन की तुल्यता सूर्य से की जा सकती है जबकि माहादेव (शिव) को बीज-पुरुष के रूप में देखना चाहिये।
यहां यह जानना भी आवश्यक होगा कि दण्डकारण्य का पठार धान उत्पादक पूर्व एवं गौण अन्न उत्पादक पश्चिम की सीमा पर स्थित है। गौण अन्न का उत्पादन पहाड़ी भूमि पर तो किया जा सकता है किन्तु धान के उत्पादन के लिये सम एवं सिंचित भू-भाग का होना आवयक है। इसलिये धान उत्पादन ने अपने आप को मुख्य भूमि में स्थापित किया जबकि गौण अन्न गांव की सीमा पर चले गये। नरायन का विवाह पहले गौण खाद्यान्नों (इक्कीस रानियों) के साथ हुआ और उसके बाद धान (माहालखी) के साथ। मिथकीय दृष्टि से यह कथा इस क्षेत्र का जनपदीय इतिहास सिद्घ होती है। और जैसे ही हम कथा के इस बिन्दु को आत्मसात् कर लेते हैं वैसे ही इस कथा में आये पत्नी-पीडक़ प्रसंगों और धान की मिजाई के प्रसंग के बीच के अन्तर्सम्बन्धों को भी पकडऩे में सफल हो सकते हैं।
यह कथा इस की गायिकाओं के जीवन-मूल्यों का उद्घोष करती है किन्तु इन मूल्यों को उनकी सम्पूर्णता में जानने के लिये मूल संस्करण का विश्लेषण अत्यन्त आवश्यक है। इस महाकाव्य में स्त्री एवं भूमि की फलदायकता (उत्पादकता) एवं फलहीनता या अनुत्पादकता (बांझपन) के बीच का संघर्ष केन्द्रीय मूल्य के रूप में उभर कर सामने आया है। ये मूल्य कुछ एक स्थितियों में अखिल भारतीय परिदृश्य पर देवी लक्ष्मी के साथ जुड़े मूल्यों से भिन्न प्रतीत होते हैं। प्रमुख भिन्नता तो यही है कि इस महाकाव्य का आकार ही असाधारण रूप से बड़ा है तथा दूसरा यह कि इसे महिलाओं द्वारा गाया जाता है।
यह जानना अत्यन्त महत्वपूर्ण होगा कि इस महाकाव्य का आयोजन बस्तर की महिलाओं के लिये एक पवित्र अनुष्ठान है। वस्तुत: लछमी जगार चर्चा की नहीं अपितु महसूस करने की ची$ज है। यह महसूसना इसके भीतर के विभिन्न संस्कारों और उनसे जुड़े विश्वास; जो विभिन्न संस्कारों में सन्निहित भिन्न-भिन्न भूमिकाओं में देखे जा सकते हैं, के साथ एकात्म हो कर सहभागी होने में है। कथा में वणर््िात कुछ एक घटनाओं का सजीव चित्रण उनकी साभिनय प्रस्तुति के साथ किया जाता है, जिन की मुख्य भूमिकाओं में स्वयं आयोजक ही होते हैं। इन अनुष्ठानों/ संस्कारों को मुख्य एवं गौण, दो श्रेणियों में बांट कर देखा जा सकता है। भिमा-विवाह (अध्याय 14), आम-विवाह (अध्याय 19) एवं माहालखी का विवाह (अध्याय 30) इस महाकाव्य की प्रमुख घटनाएं हैं जो विपुल जन समुदाय को आकर्षित करती हैं। परवर्ती एवं अन्तिम अनुष्ठान होता है माहालखी का विवाह, जो इस सम्पूर्ण अनुष्ठान का चरम है। यह अनुष्ठान सर्वान्तिम दिन होता है, जो सदैव गुरुवार होता है। अन्य घटनाओं में माहादेव द्वारा भूमि की सफाई (अध्याय 13) और माहालखी के जन्म (अध्याय 22) को रखा जा सकता है। ये घटनाएं भी कुछ लोगों द्वारा अभिनीत की जाती हैं। उदाहरण के लिये, माहादेव द्वारा काटे जाने वाले वृक्ष के प्रतीक-स्वरूप एक छोटी सी लकड़ी तथा नवजात माहालखी के प्रतीक के रूप में केला का उपयोग किया जाता है।
चरित्र के अनुरूप उनकी पहचान हो, इसके लिये अभिनेता/ अभिनेत्री के पहचान-माध्यम अलग-अलग होते हैं। जहां कुछ संस्कारों में लोग सामान्यत: आनन्द लेते हैं वहीं कुछ चरित्रों की भूमिकाओं में अभिनेता/ अभिनेत्री पर सम्बन्धित चरित्र की आत्मा का प्रभाव भी दिखलायी पड़ता है। उदाहरणार्थ, जब गायिकाएं गुरुमांओं के आगमन का प्रसंग (अध्याय 11) गा रही होती हैं तब प्रमुख गायिका एवं कई बार उसकी सहायिकाओं पर भी उन गुरुमांओं की आत्मा का प्रभाव होने लगता है, जिनका वे आह्वान कर रही होती हैं। एक अन्य उदाहरण मेंगइन रानी और माहालखी का भी देखने में आता है। जगार-गायन की अवधि में कुछ महिलाएं ऐसे प्रभाव में दिखलायी पड़ती हैं किन्तु माहालखी के विवाह के दिन तो यह प्रभाव विभिन्न आयु-वर्ग की बहुत सी महिलाओं पर दिखलायी पड़ता है।
इस आयोजन के सभी संस्कारों में प्राय: महिलाएं ही सहभागी होती हैं। पुरुष संगीतकार, पुजारी और केन्द्रीय भूमिका निभाने वाले पात्रों के रूप में सहभागी होते हैं। इनमें से कुछ विवाह-संस्कार के समय देवी के प्रभाव में आते देखे जाते हैं।
बस्तर के धनकुल गीत
हरिहर वैष्णव की पुस्तक बस्तर के धनकुल गीत का प्रकाशन संस्कृति मन्त्रालय, भारत सरकार के नागपुर स्थित दक्षिण-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा किया गया है। यह पुस्तक बस्तर के लोक चित्रकार तथा छायाकार खेम वैष्णव के 32 रंगीन छायाचित्रों से सुसज्जित है। पुस्तक में धनकुल लोक वाद्य एवं इसकी संगत में गाये जाने वाले विभिन्न गीतों के बारे में भी विस्तृत जानकारी है। उल्लेखनीय है कि धनकुल नामक लोक वाद्य की संगत में बस्तर में चार महाकाव्यों का गायन किया जाता है। लछमी जगार, आठे जगार, बाली जगार और तीजा जगार। उल्लेखनीय है कि हरिहर वैष्णव बस्तर अंचल की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत के संरक्षण, उन्नयन की दिशा में पिछले कई वर्षों से प्रयासरत हैं तथा इस संदर्भ में उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

पता: सरगीपालपारा, कोंडागांव 494226, बस्तर- छत्तीसगढ़
दूरभाष : 07786- 242693, 243406, 242907
ईमेल : lakhijag@sancharnet.in

हवा कुछ कहती नहीं है....

हवा कुछ कहती नहीं है....
-आशा भाटी


हवा कुछ कहती नहीं है

ये देखती है सुनती है नि:शब्द चली जाती है

कहने को बहुत कुछ है पर ये कहती नहीं है



आंगन में सोई हैं कुछ लड़कियां

कुछ बातें की हैं उन्होंने भावी जीवन की

कुछ मीठे सपने संजोये हैं अभी- अभी

ये आती है, उन्हें हौले से छूती है

गुजर जाती है, पर कुछ कहती नहीं है

किसी का इन्तजार करती प्रिया को देखती है

सहेली बन कर कुछ देर रुकती है

प्रिय का कुछ संदेश ले जाना चाहती है

पर कुछ कहती नहीं है



किसी सोये हुए शिशु के पास जाती है

कभी हौले से देती है थपकियां, कोई लोरी

कोई परियों की कहानी सुनाना चाहती है

पर कुछ कहती नहीं है।


पता: शताक्षी, 13/ 89 इन्दिरा नगर, लखनऊ 226016

किसी को पहल तो करनी होगी

मुझे भी आता है गुस्सा
यह तो हुई राह चलते हार्न बजा- बजा कर शोर प्रदूषण फैलाने वालों के प्रति नाराजगी। इसी तरह ऐसे बहुत से अनुभव से हम लगभग रोज ही गुजरते हैं, जिन पर हमारा बस नहीं चलता पर मन ही मन हम सब उसके ऊपर ट्रक नहीं बल्कि बुलडोजर चलाने के बारे में सोचने लगते हैं।


यदि आपको भी आता है गुस्सा तो आइए उस गुस्से को उदंती.comके इस पृष्ठ पर लिख कर उतारने की कोशिश करें। क्योंकि बड़े- बुजुर्ग कहते हैं कि गुस्से को मन में नहीं रखना चाहिए उसे बाहर निकाल देेने से गुस्सा कम हो जाता है, तो यदि हम लिखकर आपस में उसे बांट लें तो गुस्सा कम तो होगा ही साथ ही इसके माध्यम से एक अभियान चला कर इन सबके प्रति कुछ तो जागरुक कर ही सकते हैं।

किसी को पहल तो करनी होगी

क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि आप अपनी गाड़ी से, चाहे वह दुपहिया वाहन हो या चारपहिया, अपने रास्ते चले जा रहे हैं और अचनाक पीछे से आती गाड़ी आपके पीछे आकर इतने जोर से हार्न बजाती है कि आप चौंक पड़ते हैं और सोचने लगते हैं कि इस पीछे वाले सज्जन को जरूर बहुत जरूरी काम से जाना होगा तभी यह इतनी जोर जोर से हार्न बजा रहा है। पर आप उसके लिए कुछ नहीं कर सकते क्योंकि आगे गाडिय़ों की लाईन लगी है और जब तक वह क्लीयर नहीं हो जाती आप उन सज्जन को राहत नहीं पंहुचा सकते।
तब आप विनम्रता से उसे कहते हैं कि धैर्य रखिए जल्दी ही आपके लिए रास्ता बन जाएगा। आपका यह कहना था कि बाईक पर बैठे वे दोनों युवा जोर से हंस पड़ते हैं और हार्न के ऊपर अपनी हथेली रखकर और भी ज्यादा शोर करते हुए लगातार हार्न बजाने लग जाते हैं। आपका मन होता है कि कहें कि पढ़े लिखे लगते हो, अच्छे घर और किसी अच्छे खानदान के भी नजर आते हो, माता- पिता ने जरुर कहीं नौकरी करके या कोई और काम करके तुम्हें बहुत ही प्यार से पाला- पोसा होगा, और अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी दिए होंगे ताकि तुम उनका नाम रोशन करो। पर आप यह सब बिल्कुल भी कह नहीं पाते। राह चलते यह सब कहना मुमकिन भी नहीं है।
जिन युवाओं को हम देश का भविष्य कहते हैं, जिनके कंधे पर देश का भार रख देते हैं उनमें से ही कुछ युवाओं को जब इस तरह की हरकत करते देखते है तो जाहिर है गुस्सा आता है और आपकी विनम्रता क्रोध में बदल जाती है। आप झल्ला पड़ते हैं और उन दोनों लडक़ों से कहते हैं कि आपके इस तरह हार्न बजाने से रास्ता तो साफ नहीं हो जाएगा, जब तक कि आगे कि गाडिय़ां आगे नहीं बढ़ेंगी आपको खड़े रहना पड़ेगा? पर उन पर आपकी बातों का बिल्कुल असर नहीं होता वे हार्न बजा- बजा कर आपका कान लगभग फोड़ ही डालना चाहते हैं। और जैसे ही उन्हें अपनी बाईक निकालने लायक जगह मिलती है वे आड़ी तिरछी बाईक करते हुए आगे बढ़ते चले जाते हैं, हम सब खड़े हुए उनका मुंह ताकते रह जाते हैं पर करते कुछ भी नहीं। यह सच है कि युवाओं में जोश होता है और वे इस उम्र में होश खो कर रास्ते पर चलते हैं।
पर हम क्यों कुछ नहीं कर पाते? सामने वाला कुछ भी करता रहे आप चुपचाप क्यों सहने को बाध्य हैं? इस तरह नियम तोडऩे वाले के विरूद्ध हम शिकायत तो कर ही सकते हैं। एक ओर तो हम कहते हैं कि पश्चिम की अंधी दौड़ ने आज के युवाओं को बर्बाद करके रख दिया है। पर पश्चिम की अच्छाईयों को अपनाने के बारे में भी हम क्यों नहीं सोचते। यह तो हम सभी जानते हैं कि पश्चिम में ट्रेफिक नियम बहुत कड़े हैं और उसे तोडऩे वाले पर जुर्माना लगता है। हार्न बजाकर आगे निकलने की कोशिश को वहां बत्तीमीजी मानी जाती है। हार्न तभी बजाया जाता है जब सामने वाला गलती कर रहा हो, हार्न बजाकर सामने वाले को एलर्ट किया जाता है कि जनाब सही तरीके से गाड़ी चलाइए। तकनीकी रुप से सक्षम विकसित देशों में हर जगह कैमरे फिट हैं, आपसे जरा सी चूक हुई नहीं कि नोटिस हाजिर। फिर आप भरिए भारी जुर्माना।
हमारे देश में भले ही हम तकनीकी रूप से इतने सक्षम नहीं हुए हैं कि सडक़ पर चलने वाली सभी गाडिय़ों पर नजर रख सकें पर जो आंखों के सामने हो रहा है उस पर तो निगरानी रख सकते हैं। आप कहेंगे कौन मुसीबत मोल ले। गुंडे मवालियों के साथ क्यों उलझ कर अपना समय खराब करें? फिर हम ही पहल क्यों करें , यहां और भी तो इतने लोग खड़े हैं वे आगे क्यों नहीं आते? कह तो आप बिल्कुल सच रहे हैं क्योंकि समय बहुत खराब है और किसी से उलझ कर शायद हम अपना समय ही बर्बाद करेंगे। फिर सबसे पहले हम ही क्यों?
पर जरा गंभीरता से सोचिए क्या आप जो सोच रहे हैं वह सही है? नहीं ना। क्योंकि किसी न किसी को पहल तो करनी ही होगी चाहे वह ट्रेफ़िक के नियम तोडऩे वाले के खिलाफ हो या रास्ता जाम होने के बाद भी हार्न बजाकर शोर करने वाले के खिलाफ हो। (उदंती फीचर्स )

भरोसा, मृत्यु प्रमाण पत्र


(1) भरोसा
- निशा भोसले

अपनी जवान बेटी को देर से घर लौटते देख पिता ने

टोकते हुए कहा-

कॉलेज से घर जल्दी लौट आया करो.....

बेटी ने पलट कर जवाब दिया-

पापा अब मैं बड़ी हो गई हूं,

क्या आपको मुझ पर भरोसा नहीं है.....?

पिता ने अखबार के पन्ने पलटते हुए कहा -

तुम पर है पर इस शहर पर नहीं है।

(2)  मृत्यु प्रमाण पत्र


क्या काम है ?

मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना है.....

किसका?

अपने पिता का.....

इसी वक्त बनवाना है तो दो सौ रुपए लगेंगे......

दफ्तर की कुर्सी पर बैठे बाबू ने कहा।

वह व्यक्ति लाल पीला होने लगा,

और कुर्सी पर बैठे बाबू से पूछ बैठा-

तुम अपने पिता का सौदा कितने रुपए में करोगे.....?

कुर्सी पर बैठा बाबू सन्न रह गया।


पता: शुभम विहार कालोनी, बिलासपुर, छत्तीसगढ़-495 001

भारत भक्त एक अंग्रेज महिला

 इतिहास के कुछ अनछुए पहलू

भारत भक्त एक अंग्रेज महिला- फैनी पार्कस 
(Fanny Parkes)

-प्रताप सिंह राठौर

भारतीय इतिहास के बारे में अनेक विदेशी यात्रियों ने बहुत कुछ लिखा है, उन्हीं में से एक अंगे्रज लेखिका फैनी पाक्र्स ने भी भारत में रहते हुए अपने अनुभवों के माध्यम से भारतीय इतिहास के कुछ अनछुए पहलुओं को उजागर किया है।
अतीत में झांकना सदैव ही है एक लोमहर्षक अनुभव होता है। यही कारण है कि लोग नालंदा, अजंता, एलोरा, चितौडग़ढ़ इत्यादि की ओर आकर्षित होते हैं। संग्रहालयों में रखे प्राचीन अस्त्र-शस्त्र, वस्त्र, चित्र और बर्तन भी इसी कारण हमें आकर्षित करते हैं। प्राचीन काल के इन अवशेषों को देखकर हम अपनी कल्पना से उस काल के जीवन की अपने मन में संरचना करते हैं। लेकिन कहीं न कहीं इस सबको देखकर हमारे मन में अभिलाषा बनी रहती है कि यदि उस समय के जीवन का आंखों देखा हाल पढऩे को मिल जाता तो कितना अच्छा होता।
यही कारण है यात्रा विवरणों की पुस्तकें इतनी लोकप्रिय होती हैं और प्रामाणिक ऐतिहासिक दस्तावेजों के रूप में सम्मानित भी। फाहियान, हुयेत्सांग, मार्कोपोलो, इब्नबतूता और बर्नियर के यात्रा संस्मरण, शताब्दियों पहले के हमारे समाज की दुर्लभ झांकिया प्रस्तुत करते हैं।
अंग्रेजों के भारत में आने के बाद से ऐसी पुस्तकों में अच्छी खासी वृद्धि हुई जिसका मुख्य कारण था कि उस समय पुस्तक छपाई की मशीनों का आविष्कार हो चुका था। भारत में अंग्रेजी राज के समय में बड़ी संख्या में अंग्रेज स्त्री-पुरूष ने भारत में अपने जीवन के संस्मरण लिखे और छपवाये। ऐसे अधिकांश संस्मरण अंग्रेज सिविलियन और फौजी अफसरों द्वारा लिखे भी गये हैं। अत: उनमें अपनी निजी और अंग्रेज नस्ल की श्रेष्ठता जतलाने पर जोर दिया गया है। इसके विपरीत अंग्रेज स्त्रियों के संस्मरण कम संख्या में है परंतु वे भारतीय समाज के काफी विश्वसनीय चित्र प्रस्तुत करते हैं। अंग्रेज स्त्रियां अधिकांशत: पत्नियों के रूप में भारत में आती थीं। उनके सरोकार घर- बार से जुड़े रहते थे। अत: उनका दृष्टिïकोण काफी कुछ शासकीय अहंकार से मुक्त रहता था।
ऐसी ही एक अंग्रेज महिला थी फैनी पाक्र्स (Fanny Parkes)  जो एक अंग्रेज अधिकारी की पत्नी के रूप में भारत में 1822 में आई। फैनी एक अत्यंत साहसी और विलक्षण महिला थी। भारत के लिए प्रस्थान करते समय फैनी की मां ने फैनी से प्रण करवाया कि वह भारत में अपने अनुभवों को विस्तार से लिखकर उन्हें भेजती रहेगी। फैनी ने अपनी मां को दिया वादा पूरी निष्ठा से निभाया और अपने अनुभवों को प्रतिदिन डायरी के रूप में लिखा। फैनी पाक्र्स ने भारत में अपने 24 वर्षों के प्रवास की डायरी को 1850 में लंदन में Wanderings of a pilgrim in search of the Picturesque  (मनमोहक छबियों की तलाश में एक तीर्थयात्री की यायावरी) शीर्षक से आठ सौ से अधिक पृष्ठों की पुस्तक के रुप में प्रकाशित किया।
फैनी के प्रथम चार वर्ष कलकत्ता में बीते। भारत में पहुंचते ही इस देश ने फैनी का मनमोह लिया। फैनी लिखती है 'भारत एक बहुत आनंददायी देश है। ऐसे मनमोहक देश की सभ्यता, संस्कृति और प्राकृतिक सुषमा को निजी अनुभव से जानने और समझने का फैनी ने प्रण किया। याद रखना होगा कि 1822 में भारत में यातायात के साधन घोड़ा, पालकी, बग्घी और नाव थे। इनमें सबसे तीव्र और विश्वस्त साधन घोड़ा था। अतएव कलकत्ता में पहुंचते ही फैनी ने एक घोड़ा खरीदा और सुबह शाम घुड़सवारी करने लगी और निपुण घुड़सवार बन गई।
चार वर्ष बाद 1826 में फैनी के पति का तबादला कलकत्ता से इलाहाबाद हो गया। इससे फैनी को तो मन मांगी मुराद ही मिल गई। इलाहाबाद को फैनी इसके लोकप्रिय प्राचीन नाम प्रयाग से संबोधित करती हुई कहती है 'हमें बहुत प्रसन्नता हुई कि हमारा सौभाग्य हमें प्रयाग ले आया था।Ó
अपने भारतीय प्रवास को एक तीर्थयात्रा मानने वाली फैनी को इलाहाबाद के स्थान पर प्रयाग नाम अधिक प्रिय लगना उचित ही था। प्रयाग पहुंचने के साथ ही फैनी ने हिंदी और उर्दू भाषाएं सीखी और आराम से मुहावरेदार भाषा में बातचीत करने लगी। इस प्रकार हिंदी, उर्दू बोलने समझने में अभ्यस्त होकर फैनी उत्तर भारत की तीर्थयात्रा पर निकल पड़ी।
कानपुर में दिवाली की जगमगाहट देखकर फैनी मंत्रमुग्ध हो गई। फैनी ने लिखा 'दिवाली का असली आनंद पाने के लिए आपको रात के अंधेरे में गंगाजी पर नाव से (मंदिरों, घाटों की छटा के) दर्शन करना चाहिए। मुझे बहुत आनंद आया, ऐसा परी लोक जैसा भव्य दृश्य मैंने भारत आने के बाद आज से पहले कभी नहीं देखा था। न ही मैंने यह सोचा था कि वैसे नीरस दिखता कानपुर इतना सुंदर भी हो सकता है।
फैनी लखनऊ पहुंची और उन्हें वहां नवाब गाजिउद्दीन हैदर के हरम में भी झांकने का मौका लगा। फैनी बताती है कि हरम में पांच विवाहिता बेगमें है। पहली है दिल्ली के बादशाह अकबर शाह की भतीजी। इस 16 वर्षीय बेहद खूबसूरत बेगम से नवाब का विवाह पांच वर्ष पहले हुआ था। परंतु शुरू से ही नवाब ने उसकी उपेक्षा की है। किसी को उससे मिलने की इजाजत नहीं है और वह बेबसी में कैदी जैसा जीवन बिता रही है। दूसरी बेगम का खिताब है मलिका जमानी। पहले ये हाथी का चारा काटने वाले मुलाजिम रमजानी की बीवी थी। रमजानी घसियारे के घर से जल्दी ही ऊब गई और एक हज्जाम से इश्क लड़ा बैठी। उस इश्क की आंच ठंडी पड़ी तो मिर्जा जावेद अली बेग के घर में आठ आने महीने की तनख्वाह पर नौकरानी हो गई। वहां भी उसका मन न लगा तो वहां से भाग कर एक सराय में पिसनहारी हो गई। सराय में नित नये आशिक मिलते रहते थे। यहां उसने पहले एक लडक़े को जन्म दिया। इस लडक़े का नाम तिलुआ पड़ा। फिर उसने एक लडक़ी को जन्म दिया और इसी के बाद उसे नवाब के महल में एक नवजात बच्ची को दूध पिलाने (धाय मां) की नौकरी मिल गई। इस समय तक उसकी उम्र चालीस वर्ष की हो चुकी थी, उसका रंग काला था पर इसके बावजूद इस औरत ने नवाब पर ऐसा जादू डाला कि उन्होंने उसे बेगम बना लिया और मलिकाए जमानी का खिताब दे दिया।
नवाब की पांचवी सबसे पसंदीदा बेगम का जीवन चरित्र भी काफी दिलचस्प है। नवाब के वजीर हकीम मेंहदी को लगा कि नवाब साहब उनके प्रति बेरूखी दिखा रहे हैं। हकीम मेंहदी ने सोचा कि नवाब साहब को खुश करने के लिए कुछ करना चाहिए उन दिनों नवाब साहब की निगाह दरबार में नाचने वाली एक तवायफ पर थी। हकीम मेंहदी ने उस तवायफ को गोद लेकर अपनी बेटी बना लिया और नवाब साहब से उसका ब्याह करा दिया। तो यही है नवाब साहब की पसंदीदा पांचवीं सबसे नयी बेगम।
फैनी तत्कालीन मुगल बादशाह अकबर शाह के दिल्ली के लाल किले स्थित हरम के अंदर जाने में भी सफल हुई । वह बताती है कि गद्दी नशीन बादशाह से पहले के बादशाहों की बेगमें तथा शहजादे, शहजादियां बेहद गरीबी और गंदगी के वातावरण में दिन काट रहे थे। फैनी ने बादशाह और नवाब के हरमों से पर्दा उठाकर एक पुरानी कहावत दूर के ढोल सुहावने होते हैं की सच्चाई को साबित किया है। दिलचस्प बात यह है कि फैनी ने अपनी पुस्तक में हिंदी मुहावरों का काफी प्रयोग किया है।
फैनी एक जीवट महिला थीं। उसमें आत्मबल कूट - कूट कर भरा था, उसने पूर्णतया निडर होकर लंबी-लंबी यात्रायें अकेले घोड़े से की। उसने यमुना पर नाव से इलाहाबाद से आगरा और दिल्ली की यात्रा की। इस यात्रा में आठ दस मल्लाहों और नौकरों के बीच वह अकेली महिला थी। फैनी भारत में 24 वर्ष रही और उसने अधिकांश यात्राएं इसी प्रकार अकेले ही की। फैनी को भारत की हर चीज, पेड़-पौधे, पशु पक्षी, नदी पहाड़, वस्त्र, गहने, स्थापत्य सभी कुछ से प्यार था। उसने अपनी यात्राओं में इन सब चीजों के नमूने इक_ïे किये।
एक मेले में भारतीय स्त्री-पुरुषों के रंग-बिरंगे वस्त्रों की तारीफ करती हुई फैनी कहती है कि इनकी तुलना में अंग्रेज स्त्री-पुरुषों के वस्त्र बेहद भद्दे और कुरूचिपूर्ण हैं।
ताजमहल को देखकर फैनी मंत्रमुग्ध हो गई और तारीफ में एक पूरा अध्याय ही लिख डाला। अंत में ताजमहल के साथ अंग्रेजों के बेहूदे आचरण पर फैनी तीखे शब्दों में अपनी वेदना प्रगट करते हुए लिखती है 'क्या आप इससे भी अधिक घृणित बात सोच सकते हैं? अंग्रेज स्त्री-पुरुष (ताजमहल के) संगमरमर के चबूतरे पर बैंड बजवा कर इस मकबरे के सामने नाचते गाते हैं।
अंगे्रज स्त्री-पुरुषों की वेशभूषा तथा आचार व्यवहार की तुलना फैनी भारतीय स्त्री-पुरुषों की वेशभूषा और आचार व्यवहार से बार-बार करती है। अंग्रेज स्त्रियों की कलफ लगी ड्रेस और विचित्र प्रकार के हैटों को वे बदरंग और भद्दे बताती है। माथे पर बिंदी लगाये और साड़ी पहने भारतीय स्त्रियां फैनी को बेहद खूबसूरत लगती हैं। फैनी को भारतीय स्त्रियों के आभूषण भी बहुत ही उत्तम और आकर्षक लगते थे।
अंग्रेज अधिकारियों द्वारा भारत के बेजोड़ ऐतिहासिक स्मारकों के दुरूपयोग से भी फैनी बहुत क्षुब्ध हुई। आगरा के किले में संगमरमर में बेजोड़ पच्चीकारी से युक्त नूरजहां बुर्ज के साथ अंग्रेजों की बदतमीजी देखकर फैनी कहती है 'कुछ बेहद पतित अंग्रेज अफसरों (भगवान करें वे नरक में जाये) ने इस खूबसूरत कोठे (नूरजहां बुर्ज) को किचन बना दिया। इसलिए छत और बाकी सब रंग-बिरंगे पत्थरों से जड़ा संगमरमर कालिख की परतों में ढंककर विकृत हो गया।
स्पष्टï है कि फैनी को भारत की कला और संस्कृति के प्रति बहुत ही आदर एवं श्रद्धा थी। फैनी ने भारतीय इतिहास का भी गहन अध्ययन किया था। फैनी ने लिखा है, मुुसलमानों के आने के पहले हिन्दू स्त्रियां पर्दा नहीं करती थीं मुसलमान विजेताओं के प्रभाव में हिन्दू स्त्रियां, मुस्लिम स्त्रियों की तरह पर्दा करने को बाध्य हुईं। ज्यादा संभावना यह है कि बिना घूंघट के निकलने पर बेइज्जती होने के कारण हिन्दू स्त्रियां भी पर्दा करने लगीं।
फैनी की ग्वालियर की रानी बैजाबाई से भेंट हुई और वे रानी की घनिष्ठ मित्र बन गईं। अंग्रेज स्त्रियों की सामाजिक स्थिति की चर्चा होने पर फैनी ने बैजाबाई को बताया कि स्त्रियों और खरबूजे की किस्मत एक जैसी होती है। चाहे खरबूजा चाकू पर गिरे या चाकू खरबूजे पर हर हालत में यातना खरबूजे को हो मिलती है। इंग्लैंड के कानून के मुताबिक अंग्रेज पत्नी अपने पति की गुलाम होती है और इस स्थिति से मुक्ति मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
भारत में 24 वर्ष के प्रवास में एक बार मां की बीमारी की खबर पाकर फैनी को कुछ दिन के लिए इंग्लैंड जाना पड़ा। तब तक फैनी भारत में 17 वर्ष रह चुकी थी। इंग्लैंड की धरती पर पांव रखते ही फैनी अपने मन में आये विचार बताती है (जहाज से उतरते ही) सब कुछ कितना घटिया लगता है खासतौर पर मकान जो स्लेट पत्थर के बने हैं ... सर्दी और अंधेरा.... क्या ताज्जुब कि पहुंचते ही मुझे वितृष्णा हुई। भारत की तुलना में फैनी को इंग्लैंड हर तरह से बहुत तुच्छ लगा।
इस प्रकार फैनी ने अपने संस्मरणों में भारतीय समाज की संस्कृति, कला, रीति रिवाज, इतिहास और प्राकृतिक वैभव का इतना विस्तृत वर्णन किया है कि उनकी पुस्तक पढऩे से यह सिद्ध होता है कि साहित्य समाज का दर्पण होता है। फैनी की पुस्तक पढ़ते हुए पाठक को ऐसा महसूस होता है कि वह स्वयं ही तत्कालीन भारत में भ्रमण कर रहा है। उन्होंने अपनी पुस्तक को भारत के प्रति भक्ति और श्रद्धा के भाव से लिखा है और अपने भारतीय प्रवास को अपनी तीर्थयात्रा कहा है। फैनी ने अपने भक्तिभाव का प्रमाण अपनी पुस्तक के प्रथम पृष्ठ पर गणेश वंदना लिख कर किया है। वंदना के ऊपर संस्कृत में 'श्रीÓ लिखा, फिर गणेश वंदना अंग्रेजी में और अंत में दस्तखत उर्दू में कि या है। कुल मिला कर फैनी की पुस्तक बहुमूल्य और अत्यंत रोचक ऐतिहासिक दस्तावेज है।
पता: बी. 403, सुमधुर II, अपार्टमेंट्स, अहमदाबाद-380015, , mo. 9428813277